फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi Top News: हेड कांस्टेबल की पत्नी से छिनैती, दुष्कर्म का आरोपी अरेस्ट, पढ़ें- दिनभर की प्रमुख खबरें

Sat, 28 Sep 2024 05:56 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी जिले में पिछले 24 घंटे में कई खबरें दिनभर चर्चा में बनी रहीं। इनमें शनिवार की तड़के हेड कांस्टेबल की पत्नी से छिनैती समेत कई खबरों ने दिनभर सुर्खियां बटोरीं। 
विज्ञापन
मौके पर छानबीन करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महिला के गले से चेन छीनकर फरार हुआ नकाबपोश बदमाश   

विज्ञापन

वाराणसी जिले के मंडुवाडीह में शनिवार को तड़के टहलने के लिए निकली महिला से बाइक सवार बदमाश ने गले से चेन छीन लिया और भाग निकले। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

यह है मामला
जानकारी के अनुसार मंडुवाडीह के ताड़केश्वर नगर निवासी प्रयागराज में तैनात हेड कांस्टेबल सुभाष कुमार की 40 वर्षीय पत्नी मनीषा कुमारी सुबह टहलने निकली थीं। मंडुवाडीह चौराहे के पास सड़क किनारे पहुंची थी कि मनीषा के बगल से गुजरे बाइक पर सवार नकाबपोश ने उनके गले से चेन खींच लिया और ककरमत्ता की तरफ भाग गया। बदमाश द्वारा चेन खींचने से मनीषा गिर कर घायल हो गईं। 
विज्ञापन




मामला पुलिस विभाग से जुड़ा होने के कारण सूचना पाकर डीसीपी चंद्रकांत मीणा, एसीपी टी सरवणन, एसीपी संजीव शर्मा, मंडुवाडीह थाना प्रभारी भरत उपाध्याय मौके पर पहुंचे। डीसीपी ने थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय व मंडुवाडीह चौकी इंचार्ज को उनके क्षेत्र में बढ़ते अपराध को लेकर कड़ी फटकार लगाई। जल्द खुलासा नहीं होने पर कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा। मंडुवाडीह पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

धार्मिक पहचान छिपा कर दोस्ती और दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार
धार्मिक पहचान छिपा कर युवती से दोस्ती कर दुष्कर्म करने के आरोपी बिरदोपुर, महमूरगंज निवासी साहिल खान को दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से साहिल खान और कौशल मिश्रा के नाम से दो अलग-अलग आधार कार्ड बरामद हुआ है।



साहिल खान के खिलाफ जंगमबाड़ी क्षेत्र की एक युवती की मां ने बृहस्पतिवार की रात दशाश्वमेध थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। युवती की मां का आरोप है कि साहिल के दुष्कर्म के बाद उनकी पुत्री ने बेटी को जन्म दिया। इस पर उनकी बेटी ने खुद को कौशल मिश्रा बताने वाले से शादी के लिए कहा। तब जाकर उसने कहा कि वह मुस्लिम है और अगर शादी करनी है तो इस्लाम कबूल करना होगा। साहिल की प्रताड़ना से आजिज आकर उनकी बेटी मुंबई चली गई तो अब वह उन्हें, उनकी एक अन्य बेटी और बेटे को जान से मारने की धमकी देता है।

25 हजार का इनामी पशु तस्कर गिरफ्तार
जैतपुरा थाने की पुलिस ने 25 हजार के इनामी पशु तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिहार के कैमूर (भभुआ) जिले के दुर्गावती थाना के नुआंव (महमूगंज) निवासी रामानंद शर्मा उर्फ अंकित के रूप में हुई है। चौकाघाट क्षेत्र में गत 31 जुलाई को पुलिस की चेकिंग देख कर तस्कर मालवाहक में आठ संरक्षित पशु छोड़ कर भाग गए थे। थानाध्यक्ष जैतपुरा बृजेश कुमार मिश्र ने बताया कि वाहन के चेसिस नंबर की मदद से उसका रजिस्ट्रेशन नंबर पता कर रामानंद शर्मा को चिह्नित किया गया। शुक्रवार को नक्खी घाट क्षेत्र से दरोगा श्याम लाल सरोज और सुधीर कुमार त्रिपाठी ने उसे गिरफ्तार किया। शनिवार को उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। 
  
भतीजी के अपहरण के आरोप में गिरफ्तार
भतीजी के अपहरण के आरोप में एक शख्स को रामनगर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर 16 वर्षीय किशोरी बरामद कर ली गई है। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के परोरवा गांव की किशोरी रामनगर क्षेत्र स्थित अपनी रिश्तेदारी में आई थी। गत 25 अगस्त को वह लापता हो गई थी। दो सितंबर को उसके पिता ने रामनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रामनगर थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी और किशोरी की तलाश शुरू की गई। सर्विलांस की मदद से दोनों के मोबाइल की लोकेशन के आधार पर उन्हें विश्व सुंदरी पुल के पास से पकड़ा गया। आरोपी लोहता थाना क्षेत्र के अकेलवा सजोई का रहने वाला राहुल कुमार पटेल है। राहुल की शादी लगभग छह वर्ष पूर्व हुई थी और वह दो वर्ष के बेटे का पिता है।

भीटी पुलिस चौकी के पास मिला शव
भीटी पुलिस चौकी के समीप शनिवार को एक व्यक्ति का शव मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर रामनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। शव के समीप ही साइकिल भी गिरी पड़ी थी। पुलिस के अनुसार जान गंवाने वाले व्यक्ति की उम्र लगभग 50 वर्ष प्रतीत हुई है। वह चेकदार शर्ट और चेकदार लुंगी पहने हुआ था। 
 
भांग की दुकान पर बेच रहा था गांजा, सेल्समैन गिरफ्तार
चौबेपुर क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव में सरकारी भांग की दुकान पर गांजा बिक्री के आरोपी सेल्समैन को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया। पुलिस और आबकारी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपी सेल्समैन की पहचान विकास राजभर निवासी तिरनयी मौलाराय थाना भीमपुरा बलिया के रूप में हुई है। आबकारी निरीक्षक रमेश यादव ने बताया की भांग की दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
 
ट्रेन में नशीला पदार्थ खिलाकर लैपटॉप नकदी लूटने का आरोप
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव स्थित अंडरपास के समीप नंदी फाउंडेशन के ट्रेनर को नशीला पदार्थ सुंघाकर लैपटॉप, नकदी और मोबाइल लूटने का आरोप है। शुक्रवार की रात की घटना को पुलिस संदिग्ध मान रही है। प्रयागराज निवासी गगन त्रिपाठी के अनुसार एक व्यक्ति ने रुमाल सुंघाकर बैग छीन लिया।
 
पुलिस चौकी के समीप साइकिल सवार कबाड़ी की मौत
रामनगर क्षेत्र के भीटी पुलिस चौकी के समीप शनिवार की सुबह कबाड़ी की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पश्चिम बंगाल के बीरभूम स्थित डूमूर निवासी राहुल शेख उर्फ रूहुल आमीन आदमपुर थाने क्षेत्र के गंगानगर कालोनी में सपरिवार रह रहा था। भीटी पुलिस चौकी के समीप साइकिल किनारे खड़ी कर दी और जमीन पर लेट गया। इसके बाद दम तोड़ दिया।

मासूम के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार
मासूम के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने शनिवार को पुरानापुल क्षेत्र से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी परमहंस गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान दनियालपुर निवासी रामबाबू के रूप में हुई है। 20 सितंबर को चार वर्षीय मासूम के साथ घिनौना कृत्य करने पर परिजनों ने 27 सितंबर को मुकदमा दर्ज कराया था।  
 
अश्लील वीडियो भेजने मामले में मुकदमा दर्ज
पिछले कुछ दिनों से गाली गलौज और अश्लील वीडियो, मैसेज भेजने मामले में फूलपुर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। फूलपुर थाने क्षेत्र के मिराशाह निवासी राहुल सोनी का आरोप है कि मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा बार-बार फोन पर गाली-गलौज कर रहा है और अश्लील वीडियो और मैसेज भेज परेशान किया जा रहा है।  
 
जेल में निरुद्ध महिलाओं में वितरित हुआ सेनेटरी पैड
जिला कारागार में बंदी महिलाओं के बीच शनिवार को सेनेटरी पैड का वितरण हुआ। मानव कल्याण सोसायटी गाजियाबाद की अध्यक्ष ललिता चौधरी ने 100 से अधिक महिला बंदियों को सेनेटरी पैड वितरित किया। इस दौरान कारागार के अधीक्षक आचार्य डॉ. उमेश सिंह, जेलर राजेश कुमार आदि रहे।  
 
पहड़िया मंडी में आढ़ती की पिटाई
पहड़िया मंडी के आढ़ती व्यापारी हाजी इमरान पर शनिवार की शाम मनबढ़ों ने हमला कर दिया। आढ़ती ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में दो नामजद के खिलाफ तहरीर दी। आढ़ती हाजी इमरान के अनुसार शाम के समय आढ़त पर लहसुन उतारने का काम चल रहा था। इसी दौरान पूर्व कर्मचारी और एक अन्य युवक ने पिटाई की। 
 
नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी में पांच पर केस दर्ज
नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर पैसा ऐंठने मामले में कोर्ट के आदेश पर कैंट पुलिस ने पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। चौबेपुर के धरहरा निवासी रीतू यादव और आजमगढ़ के लहुआ निवासी पूजा सिंह की तहरीर के आधार पर दीपक कुमार समेत पांच के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया।  

छेड़खानी मामले में मुकदमा दर्ज
महिला से छेड़खानी मामले में आरोपी के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। नवलपुर बसही की रहने वाली महिला का आरोप है कि सिगरा क्षेत्र मकान में राजगीर का काम चुके युवक ने 26 सितंबर को नवलपुर नटीनिया दाई मंदिर के मोड़ के आगे रोक लिया और चाकू से आतंकित कर बाइक पर जबरन बैठाया और सुनसान स्थल पर लेकर जाकर अश्लील हरकत की। 

पति समेत तीन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
विवाहिता ने पति समेत तीन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया। तरना की रहने वाली साक्षी मिश्रा के अनुसार पति धनंजय मिश्रा, सास-ससुर दहेज में 10 लाख की नकदी की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हैं। 16 अगस्त को पति ने बेरहमी से मारा पीटा और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। अगले दिन सुबह मायके पहुंचा दिए।  

सपा की बैठक में हंगामा, महानगर अध्यक्ष की कार्यशैली पर उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी की मंडुवाडीह स्थित एक होटल में शनिवार को आयोजित समीक्षा बैठक में नेताओं ने हंगामा किया। प्रदेश महासचिव श्रीप्रकाश राय के सामने ही पूर्व पार्षद शंकर बीस्नानी समेत कई नेताओं ने सपा के महानगर अध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाया। कहा कि सपा के महानगर को पुलिस प्रशासन के अधिकारी तक नहीं जानते। कार्यकर्ताओं की बात तक नहीं सुनी जाती है। प्रदेश महासचिव ने समझाकर सभी को शांत कराया।

बैठक में मुख्य अतिथि श्रीप्रकाश उर्फ लल्लन राय ने कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए बूथ लेवल पर पार्टी से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा। वोट फीसदी बढ़ाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ लेवल पर मेहनत करें। बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिलीप डे ने कहा कि कार्यकर्ता पिछली गलतियों से सीख लेकर आगामी चुनाव की तैयारी करें। महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं का उत्पीड़न बढ़ गया है। पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा है। बैठक में पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल, मनोज राय धूपचंडी, अखिलेश मिश्रा, ओपी सिंह, आरती यादव और शशि यादव, विष्णु शर्मा और रितेश केशरी मौजूद रहे।  
 
बुजुर्गों को आयुष्मान का वरदान, पहले दिन बने 500 के कार्ड
आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 साल और उससे अधिक आयु वाले लोगों के गोल्डेन कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई। वृद्धाश्रम सहित अन्य जगहों पर अभियान चलाकर पहले दिन 500 से अधिक लोगों के कार्ड बनाए गए। कमिश्नरी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने बुजुर्गों को कार्ड सौंपा।

आयुष्मान कार्ड से पांच लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज मिलेगा। राज्यमंत्री ने समारोह में केदार पांडेय, सीताबलम सिंह, गौरी सेन गुप्ता को आयुष्मान कार्ड दिए। राज्यमंत्री ने कहा कि अभियान चलाकर सभी का कार्ड बनवाए जाएंगे। पिंडरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने आयुष्मान कार्ड वितरित किए। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि सभी पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। आयुष्मान कार्ड से पांच लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज मिलेगा।
  
बेसमेंट में संचालित रेस्टोरेंट को वीडीए ने किया सील
सिगरा स्थित भवन के बेसमेंट में संचालित रेस्टोरेंट को वीडीए के अधिकारियों ने शनिवार को सील किया। वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने बेसमेंट का निरीक्षण करते हुए रेस्टोरेंट को सील किराया। इस दौरान उन्होंने बेसमेंट का उपयोग पार्किंग के लिए करने के लिए कहा। मौके पर जोनल अधिकारी सौरभ देव प्रजापति, अवर अभियंता रविन्द्र प्रकाश व प्रवर्तन दल आदि रहे।  

बहन की अश्लील फोटो भाई को भेजा, मांगे पांच लाख
इंटरमीडिएट की एक छात्रा की अश्लील फोटो उसके भाई के व्हाट्स एप नंबर पर भेजी गई। कहा गया कि पांच लाख रुपये नहीं दोगे तो तुम्हारी बहन की अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। प्रकरण को लेकर मूड़ादेव क्षेत्र निवासी एक युवक ने रोहनिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। फोटो भेजने और और कॉल करने का आरोप युवक ने चचेरे भाई पर लगाया है। युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन ने पूछताछ में कहा कि जब वह हाईस्कूल में पढ़ रही थी तो उस समय एक आयुर्वेदिक कंपनी में पार्ट टाइम काम करती थी। खुद को अयोध्या निवासी बताने वाले पवन राजपूत से इंस्टॉग्राम पर उसकी बात होती थी। जिस नंबर से फोटो और कॉल आई थी, पुलिस सर्विलांस की मदद से जांच कर रही है।
 
मंडलायुक्त सहित अन्य अधिकारियों पर अभद्र टिप्पणी की, गिरफ्तार
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा सहित अन्य अफसरों पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में भेलूपुर थाने की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अस्सी घाट निवासी सूरज मिश्रा के रूप में हुई है। एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया गया था। उसमें कौशल मंडलायुक्त सहित अन्य अफसरों पर अभद्र टिप्पणी करता हुआ दिखा। शुक्रवार की सुबह पुलिस सक्रिय हुई और सूरज को चिह्नित कर गिरफ्तार कर ली।
 
मोबाइल लूट मामले में मुकदमा दर्ज
बीएचयू शास्त्री छात्र रजनीश मिश्रा से मोबाइल लूट मामले में लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। परिसर में टहलते समय बाइक सवार बदमाश मोबाइल लूट फरार हो गए। 12 सितंबर की घटना है। वहीं, सामनेघाट शिवाजी नगर कॉलोनी निवासी विशाल सिंह का नरिया के पास बाइक सवार बदमाशों ने 22 सितंबर को मोबाइल छीन लिया था। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया।

मनबढ़ों ने फल विक्रेता को पीटा
बड़ागांव क्षेत्र के चिलबिला गांव में गुरुवार की रात फल विक्रेता को मनबढ़ों ने पीट दिया। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित संतोष मोर्या के अनुसार कूड़ी निवासी बिरु राजभर व कुंभापुर निवासी गोलू राजभर अपने दो साथियों के साथ लोहे के राड से जानलेवा हमला किया।

टैंकर और ट्रक में टक्कर, चालक घायल
मिर्जामुराद क्षेत्र के भिखीपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप हाईवे पर शुक्रवार को टैंकर और ट्रक में टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक छपरा निवासी राजा यादव घायल हो गया। पुलिस ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। वहीं, टैंकर चालक वाहन समेत फरार हो गया।

वीडीए सचिव ने समीक्षा की, 10 दिनों में जारी करें नोटिस
वीडीए सभागार में सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने मानचित्र निस्तारण, बकाया जमा, शिकायत निस्तारण, प्रवर्तन कार्यवाही आदि की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सील भवनों में हो रहे निर्माण कार्य को बंद कराने के साथ मुकदमा दर्ज कराएं। 10 दिन के अंदर अभिलेख प्रस्तुत नहीं करने पर नोटिस जारी करें।

बताया कि जोन-3 से कुल 14 मानचित्र स्वीकृत हुए, जिसके अंतर्गत 6 लाख 19 हजार 726 रुपये जमा कराया गए हैं। जोन-4 से 2 मानचित्र स्वीकृत किए गए, जिसके अंतर्गत 15 लाख 95 हजार 82 रुपये जमा कराए गए हैं। जोन-5 से 2 मानचित्र स्वीकृत किए गए। बैठक में संयुक्त सचिव परमानंद यादव, जोनल अधिकारी सौरभ देव प्रजापति, जोनल अधिकारी प्रमोद कुमार तिवारी, जोनल अधिकारी प्रकाश कुमार आदि रहे। उधर, वीडीए वीसी पुलकित गर्ग ने सारनाथ वार्ड के तिलमापुर में व्यवसायिक भवन के नक्शे की जांच की।  
 
आईटीआई में 30 सितंबर को अप्रेंटिसशिप मेला लगेगा
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में सोमवार सुबह 10 बजे अप्रेंटिसशिप मेला लगेगा। इसमें राजकीय और निजी अधिष्ठान शामिल होंगे। मेला में 150 अप्रेंटिस की वैकेंसी है। आईटीआई में उत्तीर्ण विद्यार्थी अप्रेंटिस में शामिल हो सकते हैं। अभ्यर्थी भारत सरकार के पोर्टल www.apprenticeshipindia.org पर पंजीकरण कर प्रोफाइल की प्रति Login ID और Password बना सकते हैं। जो पंजीकरण नहीं करा सके हैं, वह सोमवार को संस्थान में ही आकर पंजीकरण करा लें। 

बॉक्सिंग में दम दिखाएंगे तीन राज्यों के 170 स्कूलों के 850 बॉक्सर
ग्राम पंचायत गौरा कला के हरिबंधु इंटरनेशनल कॉलेज में पांच दिवसीय सीबीएसई ईस्ट जोन बॉक्सिंग में तीन राज्यों के 170 स्कूलों के 850 खिलाड़ी खेलेंगे। हरिबंधु इंटरनेशनल कॉलेज के चेयरमैन डॉ. एसएन यादव ने बताया कि प्रतियोगिता 30 सितंबर से पांच अक्तूबर तक होगी। वाराणसी के 200 खिलाड़ी बालक-बालिका वर्ग में खेलेंगे। ओपनिंग सेरेमनी एक अक्तूबर को सुबह 11 बजे होगी। प्रतियोगिता को 20 मैच ऑफिशियल कराएंगे। रहने व खाने का प्रबंध विद्यालय परिसर में किया गया है। शुभारंभ भारतीय बॉक्सिंग महासंघ के सदस्य व कोच त्रिदेव पांडेय करेंगे।

जिलाध्यक्ष बने मौलाना अब्दुल्लाह नासिर, अध्यक्ष बने मुफ्ती अब्दुल अजीज
जमीयत उलमा का चुनाव शनिवार को संपन्न हुआ। इसमें जिला, शहर और लोहता यूनिट के अध्यक्षों का चुनाव हुआ। चुनावी सभा जमीयत के संरक्षक मुफ्ती-ए-बनारस मौलाना अब्दुल बातिन नोमानी की मौजूदगी में जिला कार्यालय मदनपुरा में हुई।

चुनाव सभा में सर्वसम्मति से मौलाना अब्दुल्लाह नासिर कासमी को जमीयत उलमा जिला बनारस का अध्यक्ष और हाजी जावेद इकबाल को महासचिव चुना गया। मुफ्ती अब्दुल अजीज मजाहिरी शहर बनारस के अध्यक्ष और मुफ्ती जियाउल इस्लाम कासमी महासचिव चुने गए। अमीनुद्दीन लोहता यूनिट के अध्यक्ष और मौलाना जैनुल आबिदीन महासचिव चुने गए। जिला बनारस के पदाधिकारियों में हाजी अब्दुल अजीज व हाजी सलीम अख्तर उपाध्यक्ष, इशरत उस्मानी व मौलाना अब्दुल जाहिर कासमी सचिव, हाजी शाहिद अजीजी कोषाध्यक्ष, अब्दुल्लाह फैसल प्रभारी प्रकाशन एवं प्रचार प्रसार समिति, इस्तकबाल कुरैशी प्रभारी कानूनी समिति चुने गए। सदस्यों में हाजी जहीर, हाजी राशिद जमाल, हाजी मंजूर आफाक, हाजी शरफुद्दीन, हाजी इकबाल सुहैल, हाजी महरुद्दीन, हाजी सलमान रागिब, हाजी असलम जमाल, हाफिज अबूजर, मौलाना अरशद महमूद, हाफिज मोहम्मद तल्हा, अबू सुफियान को चुना गया। कार्यक्रम का आगाज मौलाना अब्दुल जाहिर की तिलावत से हुआ। संचालन इशरत उस्मानी और धन्यवाद ज्ञापन हाजी जावेद इकबाल ने किया।

बच्चों को सिविल सेवा के बारे में बताया, चॉकलेट दी, साथ किया भोजन
कंपोजिट विद्यालय महमूरगंज का शनिवार को बेसिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव एमके शनमुगा सुंदरम ने दौरा किया। बच्चों से बातचीत की और प्रश्न पूछे। एमके शनमुगा सुंदरम ने सातवीं की बच्ची अंशु से पूछा कि तुम बड़ी होकर क्या बनना चाहती हो। इस पर अंशु ने बताया कि वह आईपीएस बनना चाहती है, उसे क्या करना होगा। प्रमुख सचिव ने बताया कि शुरू से मेहनत करनी होगी और लक्ष्य निर्धारित कर घंटों पढ़ाई करनी होगी। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और ग्रेजुएशन के बाद सिविल सेवा की तैयारी करनी होगी। प्री मेंस की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद इंटरव्यू होगा। फिर जाकर सलेक्शन होगा। 6वीं की छात्रा वैष्णवी ने आईएएस बनने की इच्छा जाहिर की। प्रमुख सचिव ने बच्चों से उत्तर प्रदेश से संबंधित प्रश्न पूछे व सही जवाब देने पर तारीफ की। सुंदरम ने बच्चों को चॉकलेट देकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन भी किया। भोजन करते समय अपने जीवन की कहानी बच्चों को बताई। किस प्रकार वह स्कूल के दिनों में टिफिन नहीं खाते थे, लेकिन एक घटना के बाद उन्होंने कभी भोजन व्यर्थ नहीं होने दिया। बच्चों को भी अन्न बर्बाद न करने की सीख दी। इस दौरान बीएसए डॉ. अरविंद कुमार पाठक, स्टाफ मौजूद रहे।

बिना आईडी के कमरा देने पर गेस्ट हाउस संचालक गिरफ्तार
सारनाथ क्षेत्र में नाबालिगों को बिना आईडी प्रूफ के कमरा देने मामले में गेस्ट हाउस संचालक को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी परमहंस गुप्ता ने बताया कि गेस्ट हाउस संचालक की पहचान गोपाल मौर्य निवासी गंज के रूप में हुई है। आरोप है कि किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी सोनातालाब के गजब नगर कॉलोनी निवासी आयुष सेठ को गोपाल ने बिना आईडी के कमरा मुहैया कराया था। बिना नाम का संचालित यह गेस्ट हाउस चौखंडी स्तूप के सामने गली में स्थित है, जिसका कोई रजिस्ट्रेशन भी नहीं है। 

गैंगस्टर एक्ट के तहत दोषी अभियुक्त को तीन वर्ष की कैद
गैंगस्टर एक्ट में अदालत ने एक अभियुक्त को दंडित किया है। विशेष न्यायाधीश (गैंगस्टर एक्ट) मनोज कुमार सिंह की अदालत ने सरायबेना, फूलपुर निवासी अभियुक्त संतोष पांडेय को दोषी पाने पर तीन वर्ष के कठोर कारावास और पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष के अनुसार फूलपुर थानाध्यक्ष सनवर अली ने फूलपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि वह क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। उसी दौरान जानकारी मिली कि अभियुक्त संतोष पांडेय और बृजेश पांडेय शातिर किस्म के अपराधी हैं। दोनों गिरोह बनाकर क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं। उनके खिलाफ विभिन्न कई मामले दर्ज है। इनके भय से जनता का कोई व्यक्ति इनके खिलाफ गवाही नहीं देता है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
 
दुष्कर्म का आरोप साबित नही हुआ, 3 आरोपी दोषमुक्त
कैंट थाना क्षेत्र की एक दलित किशोरी के साथ दुष्कर्म का आरोप साबित न होने पर विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) अजय कुमार की अदालत ने तीन आरोपियों अभिषेक सिंह, अमित यादव और सरोज देवी को दोषमुक्त कर दिया। पीड़िता तीनों के खिलाफ 24 जनवरी 2020 को मुकदमा दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप था कि उसके दोस्त ने भगवानपुर, लंका निवासी अमित यादव से परिचय कराया था। अमित ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब वह गर्भवती हो गई तो 14 मार्च 2019 को आरोपियों ने आपस में मिलीभगत कर मार-पीट कर उसका गर्भपात करा दिया।
 
चोरी के जेवर और नकदी के साथ तीन गिरफ्तार
जंसा, कपसेठी और मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में घरों और दुकानों से चोरी करने के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कपसेठी थाने की पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की पहचान रसूलपुर के गोलू सिंह, घोषिला के बुद्धिराम बनवासी और बिहार के कैमूर जिले के भभुआ थाना के डुमरइथ गांव के मनोज कुमार के रूप में हुई है। डीसीपी गोमती जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि तीनों के पास लगभग चार लाख पच्चीस हजार रुपये मूल्य के गहने और 14150 रुपये बरामद हुए हैं।  
विज्ञापन

पुलिस को देख मैजिक छोड़ कर भागा, 3 संरक्षित पशु बरामद
पीएसी तिराहा के समीप बृहस्पतिवार की रात लगभग सवा बजे रामनगर थानाध्यक्ष की जीप देख कर मैजिक खड़ी कर चालक भाग निकला। थानाध्यक्ष अपनी टीम के साथ मैजिक के पास पहुंचे तो उसमें तीन संरक्षित पशु रस्से से कस कर बांधे हुए मिले। रामनगर थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि मैजिक के रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से आरोपी चालक को चिह्नित कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। संवाद
 
ऑटो से बकरियां चुरा कर भाग रहे दो पकड़े गए
चौबेपुर बाजार में स्टेशन रोड पर छट्ठू गुप्ता की दुकान के सामने बंधी दो बकरियां शुक्रवार की सुबह तीन लोग ऑटो में लाद कर भागने लगे। छट्ठू गुप्ता की नजर पड़ी तो वह शोर मचाते हुए पीछा किए। यह देख बाजार के अन्य लोग भी पीछे हो लिए। कादीपुर रेलवे स्टेशन का फाटक बंद होने की वजह से ऑटो सवार दो लोग पकड़े गए, जबकि एक भाग निकला। छट्ठू गुप्ता की तहरीर पर एक किशोर और तोफापुर के सुरेंद्र चौहान और एक अज्ञात के खिलाफ चौबेपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। सवांद

जिला अस्पताल के कर्मी सहित चार पर धोखाधड़ी के आरोप में केस
प्रेमचंद नगर कॉलोनी निवासी अभिमन्यु सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर अस्पताल कर्मी पर नौकरी दिलाने और जन औषधि केंद्र खोलने के नाम पर तीन लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। अदालत के आदेश पर कैंट थाने की पुलिस ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कर्मी समेत चार नामजद के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है।

पीड़ित के अनुसार, आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत सत्या सिंह ने भरोसा दिलाया था कि वह उनके बेटे को वाराणसी के ईएसआई अस्पताल में नौकरी दिला सकते हैं। इसके बदले 80,000 रुपये मांगे थे। इसके अलावा जन औषधि केंद्र खोलने के लिए 50,000 रुपये का खर्च बताया गया। अभिमन्यु सिंह ने सत्या सिंह की बातों पर विश्वास करते हुए सच्चिदानंद सिंह, दीपक कुमार और वी पवन राव के खाते में अलग-अलग तिथियों में तीन लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। जब न नौकरी मिली और न जन औषधि केंद्र का लाइसेंस मिला तो उन्होंने सत्या सिंह से अपना पैसा वापस मांगा। अभिमन्यु सिंह ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर उन्होंने अदालत की शरण ली।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें