अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत, 20 मिनट तक हाईवे जाम
रोहनिया थाना क्षेत्र के लठिया बाईपास पर रविवार को सड़क पार कर घर जा रही सुघरा देवी (52) को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की ट्राॅमा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब 20 मिनट तक आवागमन बाधित रहा। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।लठिया निवासी सुघरा देवी पत्नी घूरेलाल खेत में धान काटने गई थीं। काम खत्म करने के बाद वह घर लौट रही थीं। लठिया बाईपास पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए ट्राॅमा सेंटर भेजा, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने चालक की गिरफ्तारी और मृतका के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया।एसीपी अवधेश विश्वकर्मा बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है।
छात्र की पिटाई के आरोप में दो शिक्षकों पर प्राथमिकी
कपसेठी थाना क्षेत्र के बाराडीह गांव स्थित सिल्वर ग्रो स्कूल में 12वीं के छात्र की पिटाई के मामले में पुलिस ने दो शिक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। आरोप है कि शिक्षकों ने छात्र की पिटाई करने के साथ ही घर पर शिकायत करने पर जान से मारने और भविष्य खराब करने की धमकी भी दी थी। बाराडीह निवासी विकास माली ने 19 नवंबर को कपसेठी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनका 17 वर्षीय बेटा सिल्वर ग्रो स्कूल में कक्षा 12 का छात्र है। बृहस्पतिवार को स्कूल में खेल-खेल में किसी बात को लेकर शिक्षक अभिषेक जायसवाल और खेल शिक्षक अजय ने उसकी पिटाई कर दी। थाना प्रभारी अनिकेत श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर दोनों नामजद शिक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सारनाथ में महिला का डेबिट कार्ड बदलकर 75 हजार उड़ाए
सारनाथ थाना क्षेत्र में एक महिला का डेबिट कार्ड बदलकर उसके खाते से 75 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़िता की शिकायत पर सारनाथ पुलिस ने रविवार को अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सारनाथ के आशापुर बलुआ रोड स्थित जय श्रीकृष्णा कॉलोनी निवासी पीड़िता समलेश देवी ने पुलिस को बताया कि वह 17 नवंबर को पंचकोशी स्थित यूनियन बैंक में नया एटीएम कार्ड बनवाने गई थीं। बैंक में प्रवेश करते ही एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया। उसने उनका एटीएम कार्ड ले लिया। उसने मौका पाकर कार्ड बदल दिया। आरोपी ने कई बार में उनके खाते से कुल 75 हजार रुपये निकाल लिए थे। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
चोरी का आरोपी गिरफ्तार
बैग चोरी करने के आरोपी अभिषेक गुप्ता को लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने रविवार को ऐढे रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान और 7600 रुपये नकदी बरामद की गई है। लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मढ़वा लमही का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से दो सोने की अंगूठी, दो सोने की बाली, एक पेनड्राइव, एक आधार कार्ड और एक हरे रंग का मेट्रो कंपनी का बैग बरामद किया। 20 नवंबर को महिला का बैग चोरी हुआ था।
15 वर्षीय लापता किशोरी बरामद
लापता 15 वर्षीय किशोरी को कपसेठी पुलिस ने रविवार को बिहार के गया रेलवे स्टेशन से बरामद किया। कपसेठी थाना प्रभारी अनिकेत श्रीवास्तव ने बताया कि 20 नवंबर को सुबह स्कूल की पोशाक पहनकर घर से निकली थी। वापस नहीं आने पर परिजनों ने काफी तलाश की। कोई जानकारी न मिलने पर गुमशुदगी दर्ज कराई। अथक प्रयासों के बाद पुलिस ने किशोरी को गया रेलवे स्टेशन से ढूंढ निकाला। परिजनों को सुपुर्द किया गया।
मोबाइल हैक कर सैलून संचालक के खाते से 49,992 रुपये उड़ाए
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवांरोड बाजार में सैलून संचालक साइबर ठगी का शिकार हो गया। जालसाजों ने उसका मोबाइल हैक कर बैंक खाते से तीन-चार बार में 49,992 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने ऑनलाइन और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। भदोही जिले के झौवा गांव निवासी धीरज शर्मा कछवांरोड चौराहे पर सैलून चलाते हैं। उनका कछवांरोड स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में खाता है। धीरज के मुताबिक, 18 नवंबर को उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उनके बैंक खाते से अलग-अलग किस्तों में कुल 49,992 रुपये निकाल लिए गए। खाते से रकम निकलने की जानकारी होने पर उन्होंने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामला साइबर अपराध से जुड़ा है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
बैंक ऑफ बड़ौदा में 8 लाख रुपये की धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज पर लिया लोन
विशेश्वरगंज स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में फर्जी दस्तावेज के आधार पर आठ लाख रुपये का व्यक्तिगत कर्ज लेकर ठगी की गई। बैंक अधिकारियों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने पहले कार्रवाई नहीं की थी। अब न्यायालय (अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-1) के आदेश पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
चंदौली के किदवई नगर निवासी संजू ने 31 जनवरी 2024 को बैंक ऑफ बड़ौदा की विशेश्वरगंज शाखा से आठ लाख रुपये का व्यक्तिगत कर्ज लिया था। बैंक के उप-क्षेत्रीय प्रबंधक आनंद लखमानी ने इस संबंध में तहरीर दी। पुलिस को बताया कि संजू ने अपनी असली पहचान छिपाई थी। उसने किसी अन्य व्यक्ति की नौकरी के फर्जी कागजात तैयार कराए। आरोपी ने संबंधित विभाग का फर्जी सत्यापन भी दिखाकर बैंक को गुमराह किया। इस तरह उसने कर्ज स्वीकृत करा लिया। आरोपी ने कर्ज की पूरी रकम निकालकर खर्च कर दी। उसने कर्ज की किस्तें नहीं चुकाईं। समय पर भुगतान न होने के कारण 10 अप्रैल को यह खाता गैर-निष्पादित परिसंपत्ति घोषित हो गया।
बैंक की आंतरिक जांच और आरोपी के घर पता लगाने पर इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। बैंक ने कई बार संपर्क करने का प्रयास किया और 17 जुलाई 2026 को विधिक नोटिस भी भेजा। इसके बावजूद आरोपी फरार रहा और बकाया राशि जमा नहीं की। वर्तमान में बैंक का मूलधन और ब्याज मिलाकर 7.24 लाख रुपये से अधिक बकाया है। बैंक प्रबंधक ने 27 जुलाई को कोतवाली थाने में शिकायत दी थी। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर संजू के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राहुल गुप्ता को सौंपी गई है।
बनारस स्मार्ट सिटी योजना में प्लॉट दिलाने के नाम पर महिला से 5.65 लाख की ठगी
चंदौली के मुगलसराय स्थित खजूरगांव में बनारस स्मार्ट सिटी योजना के तहत प्लॉट दिलाने के नाम पर महिला से 5.65 लाख की ठगी हुई। पीड़िता की तहरीर के आधार पर उन्नत इन्फ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड के प्रतिनिधि रजनीश सिंह और धर्मराज सिंह के खिलाफ आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट आदिकेशव मंदिर निवासी पीड़िता सुषमा त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि एक मध्यस्थ के जरिये उनका परिचय रजनीश सिंह और धर्मराज सिंह से हुआ था। यह दोनों दौलतपुर स्थित उन्नत इन्फ्रा प्रोजेक्ट प्रा.लि. के प्रतिनिधि हैं। आरोपियों ने बनारस स्मार्ट सिटी योजना के तहत चंदौली के खजूरगांव में 1000 वर्गफीट जमीन दिलाने का सौदा 10.20 लाख रुपये में तय किया। वह अपने बेटे गौतम त्रिपाठी के बैंक खाते से किस्तों में कुल 5,65,000 रुपये कंपनी के खाते में भेजे। दो वर्ष बीतने के बाद भी आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं की और लगातार टालमटोल करते रहे।
दबाव बनाने पर आरोपियों ने 16 सितंबर 2026 को 5.65 लाख रुपये का चेक दिया। यह चेक हस्ताक्षर में अंतर के कारण बैंक से वापस हो गया। शिकायत करने पर आरोपियों ने फोन पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आदमपुर इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि रजनीश सिंह और धर्मराज सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार पांडेय को सौंपी गई है।
मकान के कब्जे को लेकर भिड़े दो सगे भाई, एक-दूसरे पर दर्ज कराई प्राथमिकी
कैंट थाना क्षेत्र के विकास नगर टकटकपुर में मकान पर कब्जे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच मारपीट हुई। दोनों भाइयों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। विकास नगर टकटकपुर निवासी इन्द्रभान सिंह ने अपने भाई उदयभान सिंह, नीलम सिंह और पुष्पलता सिंह को नामजद किया है। आरोप है कि तीनों ने उनके साथ ही बेटे रोहित सिंह और घर के नौकर के साथ मारपीट कर चोट पहुंचाई। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए धमकी भी दी। इन्द्रभान का कहना है कि विवादित मकान की रजिस्ट्री उनकी मां ने उनकी पत्नी के नाम की है। वहीं, उदयभान सिंह ने अपने भाई इन्द्रभान सिंह, रक्षित सिंह और नौकर गुड्डू को आरोपी बनाया है। उनका आरोप है कि इन लोगों ने उनके साथ ही पत्नी पुष्पलता सिंह और बहन नीलम सिंह के साथ मारपीट की। गाली-गलौज करने के साथ धमकी भी दी। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
अतिक्रमण करने वालों को मंडुवाडीह पुलिस की चेतावनी, तीन इलाकों में चला अभियान
सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए मंडुवाडीह पुलिस ने रविवार को अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण को हटवाने के साथ ही दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि दोबारा कब्जा करने पर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में कस्बा और लहरतारा चौकी की संयुक्त टीम ने बनारस रेलवे स्टेशन से शिवदासपुर तक मुख्य मार्ग के दोनों तरफ और फुटपाथ से अतिक्रमण हटवाया। वहीं, मड़ौली चौकी प्रभारी की टीम ने चांदपुर चौराहे से रोहनिया की तरफ मुख्य मार्ग की सर्विस लेन पर किए गए कब्जे हटवाए। बरेका चौकी प्रभारी की टीम ने ककरमत्ता फ्लाईओवर से चितईपुर की तरफ मुख्य मार्ग और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया।
थाना प्रभारी प्रशांत पांडेय ने बताया कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होने के साथ जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी। लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए अभियान चलाया गया है। अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
चलती ट्रेन से यात्री का लैपटॉप-आईफोन चोरी
पटना से बरेली जा रहे यात्री का वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचने से पहले चलती ट्रेन के एसी कोच से करीब 40 हजार रुपये का सामान चोरी हो गया। चोरी हुए सामान में लैपटॉप और आईफोन हैं। जीआरपी कैंट ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रविवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पटना निवासी जसप्रीत सिंह जग्गी अपने परिवार के साथ ट्रेन संख्या 04511 के एसी-2 कोच में यात्रा कर रहे थे। 14 नवंबर की सुबह करीब 9.45 बजे ट्रेन वाराणसी कैंट जंक्शन पहुंचने वाली थी। तभी पता चला कि उनका काले रंग का लैपटॉप बैग गायब है। बैग में एक लेनोवो थिंकपैड लैपटॉप, एक आईफोन-12, तीन मोबाइल चार्जर, लैपटॉप चार्जर, तीन पेन ड्राइव और उनकी कार की चाबी थी। कैंट जीआरपी थाना प्रभारी राजोल नागर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
नमो घाट पर दो दुकानों में चोरी
नमो घाट पर चोरों ने नमो घाट फूड प्लाजा स्थित विनय श्रीवास्तव की कॉफी शॉप को निशाना बनाया। पीछे के रास्ते से दुकान में घुसे चोर तीन मिक्सी, एक सैंडविच मशीन और चार हजार रुपये नकद समेत हजारों रुपये का सामान उठा ले गए। रविवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे विनय को चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने इसकी सूचना स्मार्ट सिटी और पुलिस को दी। दुकानदारों के मुताबिक, कुछ दिन पहले चोरों ने कॉफी शॉप के बगल वाली दुकान में भी चोरी की थी। वहां से हजारों रुपये का सामान समेट ले गए थे। लगातार हो रही घटनाओं से दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता है। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि चोरी के मामले की जांच की जा रही है।
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में महिला संग दुर्व्यवहार मामले में कार्रवाई की मांग
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में पिछले सप्ताह एक महिला के साथ दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल होने के मामले में अधिवक्ता संतोष कुमार त्रिपाठी ने प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। संतोष ने राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री कार्यालय, महिला आयोग और मानवाधिकार आयोग को पत्र भेजकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया है कि ट्रॉमा सेंटर में अपने मरीज का उपचार कराने पहुंची एक महिला के साथ जिस तरह सुरक्षाकर्मी ने दुर्व्यवहार किया, वह निंदनीय है।
बहू ने बुजुर्ग दंपती को घर से निकाला, डीसीपी से लगाई गुहार
लेढ़ूपुर स्थित जानकी विहार कॉलोनी में एक बुजुर्ग दंपती को उनकी बहू ने घर से जबरन बाहर निकाल दिया है। पीड़ित देव प्रभाकर ने पुलिस आयुक्त, डीसीपी वरुणा समेत अन्य अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित देव प्रभाकर ने अपनी बहू पिंकी पर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि पिंकी चार-पांच लोगों के साथ उनके घर आई थी। बहू ने उन्हें और उनकी पत्नी को जबरन घर से बाहर निकालकर मकान पर कब्जा कर लिया। देव प्रभाकर और उनकी पत्नी इस समय पड़ोस के घर में शरण लिए हुए हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि उन्हें अपने ही घर में रहने दिया जाए। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाया जा रहा है। दोनों पक्ष का मामला कोर्ट में भी चल रहा है।