पॉक्सो मामले में दोषी को तीन साल की सजा, 10 हजार रुपये अर्थदंड
पॉक्सो एक्ट के मामले में विशेष न्यायाधीश पॉक्सो न्यायालय ने दोषी राजबली को तीन साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 10 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि अर्थदंड का भुगतान न करने पर दोषी को छह महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। लोहता के भट्ठी निवासी राजबली पर 2020 में नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में पॉक्सो की प्राथमिकी दर्ज हुई थी। थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि प्रभावी पैरवी की वजह से दोषी को सजा मिली है।
फर्जी आधार से साइबर ठगी के आरोपी की जमानत अर्जी खारिज
अपर सत्र न्यायाधीश आलोक कुमार की कोर्ट ने साइबर ठगी के आरोपी अनिल कुमार की जमानत अर्जी खारिज कर दी। फर्जी आधार कार्ड से बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम मंगाने के मामले में आरोपी अनिल कुमार की पहली जमानत अर्जी छह अगस्त को खारिज हुई। अनिल के खाते में साइबर ठगी के 6.01 लाख रुपये पहुंचने का आरोप है। सिगरा पुलिस ने साइबर ठगी गिरोह का खुलासा 26 जुलाई को किया था। कानपुर निवासी कौत्स्य पांडेय से जूडियो फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर कुल 25.07 लाख रुपये की ठगी हुई थी। इस रकम में से 6.01 लाख रुपये चार बार में सिगरा के छित्तूपुर निवासी अनिल कुमार के खाते में पहुंचे।
इसे भी पढ़ें; काशी विश्वनाथ मदिर: शृंगार गौरी केस से जुड़ी वादिनी महिलाओं ने किया जलाभिषेक, ज्ञानवापी मुक्ति की लगाई गुहार
जांच में सामने आया कि खाते में दर्ज पता अनिल के वास्तविक पते से अलग था। अनिल ने पूछताछ में बताया कि उसकी परिचित आरती ने आधार कार्ड में उसका स्थायी पता बदलकर वाराणसी का फर्जी पता दर्ज कराया था। उसे खाते खुलवाने के एवज में प्रति खाता पांच हजार रुपये दिए गए थे। अदालत ने कहा कि ठगी की रकम उसके खाते में पहुंचना सामने आया है। विवेचना अभी लंबित है और रकम के अन्य अपराधों से संबंध और बरामदगी की जांच जारी है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए अनिल की प्रथम जमानत अर्जी निरस्त की जाती है।
क्रिकेट विवाद में युवक पर हमला, प्राथमिकी दर्ज
चौबेपुर थाना क्षेत्र के लेढ़ूपुर में शुक्रवार दोपहर क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद में विजय राम की पिटाई कर दी गई। सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पिता मोहन राम ने पुलिस को बताया कि बड़े बेटे का गांव के कुछ युवकों से क्रिकेट को लेकर विवाद हुआ था। अगले दिन गांव के युवकों ने बाहरी लड़कों को बुलाया। इन लोगों ने उनके छोटे बेटे विजय को लेढ़ूपुर में रोक लिया। आरोपियों ने लात-मुक्कों और डंडे से विजय की पिटाई की। मोहन राम के अनुसार, मारपीट के दौरान विजय को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने गांव के रामजी, पन्ना, विक्की और शेखर समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
चोरी की बाइक बरामद, आरोपी गिरफ्तार
चोरी की बाइक के साथ आरोपी विकास स्वप्निल को सारनाथ पुलिस ने 24 घंटे में बृहस्पतिवार देर रात हवेलिया रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रामनगर थाना क्षेत्र के गोलाघाट का निवासी है। गिरफ्तार विकास का आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में आठ मामले दर्ज हैं। चोरी, लूट, एनडीपीएस अधिनियम और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। पीड़ित ने 6 अगस्त को सारनाथ थाने में बाइक चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
एक किलोमीटर लंबी ऑप्टिकल फाइबर केबल चोरी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में सड़क परियोजना के तहत बिछाई गई एक किलोमीटर लंबी ऑप्टिकल फाइबर केबल चोरी हो गई है। सिम्स कंपनी के कर्मचारी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कंपनी में आरपीओ हरिओम चौबे ने पुलिस को बताया कि पांच अगस्त की रात निरीक्षण के दौरान केबल गायब मिली। यह केबल चेनज 776.000 से 777.000 के बीच सड़क परियोजना क्षेत्र से चोरी हुई। अज्ञात चोरों ने केबल को काटा। इसके बाद वे उसे अपने साथ ले गए। चोरी से कंपनी को आर्थिक नुकसान हुआ है। साथ ही, सड़क परियोजना का कार्य भी प्रभावित हुआ है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
बकाया मांगने पर मजदूर की पिटाई, दो भाइयों पर प्राथमिकी दर्ज
बकाया मजदूरी मांगने पर मजदूर की दो भाइयों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में मजदूर का सिर फट गया। कैंट पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भदोही के औराई थाना क्षेत्र के भंजईपुर खमरिया निवासी अश्वनी यादव ने पुलिस को बताया कि वह फतेह खान के यहां मजदूरी करते थे। काम पूरा होने के बाद उन्होंने बकाया मजदूरी मांगी। 30 जुलाई की शाम 6.30 बजे फतेह खान और उसके भाई सद्दाम ने गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने लात-घूंसों से हमला कर दिया। आरोप लगाया है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि पीड़ित अश्वनी यादव की तहरीर पर फतेह खान और सद्दाम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
युवती से दुष्कर्म और ब्लैकमेल का आरोपी गिरफ्तार
युवती से दुष्कर्म, अश्लील सामग्री भेजने और ब्लैकमेल कर पैसे लेने के आरोपी संदीप कुमार मौर्या को लोहता पुलिस ने शुक्रवार को मुढैला तिराहे से गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मिर्जापुर के कछवा थाना क्षेत्र के कनक सराय गांव का निवासी है। पीड़िता ने पांच अगस्त को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मोबाइल पर अश्लील सामग्री भेजी और जान से मारने की धमकी दी। ब्लैकमेल कर पैसे भी लेता था।
छह लाख रुपये के साथ किशोरी लापता, युवक पर आरोप
एक गांव से किशोरी घर से 6 लाख रुपये लेकर लापता हो गई है। पिता ने शुक्रवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। गांव के ही एक युवक पर बेटी को साथ ले जाने का आरोप लगाया है। पिता ने पुलिस को बताया कि 2 अगस्त को दोपहर डेढ़ बजे विक्की राजभर बेटी को साथ लेकर चला गया। किशोरी अपने साथ घर में जमीन बेचकर रखे गए 6 लाख रुपये भी ले गई है। युवक के घर पूछताछ करने पहुंचे तो परिजनों ने गालीगलौज की। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। किशोरी की बरामदगी के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है।
प्रेम प्रसंग में चचेरे भाई को तेजाब से झुलसाने का आरोपी गिरफ्तार
प्रेम प्रसंग के चक्कर में भाई पर अपने ही चचेरे भाई चंद्रेश पटेल पर एसिड फेंकने का आरोप लगा है। आरोपी अशोक कुमार पटेल को राजातालाब पुलिस ने बृहस्पतिवार रात वीरभानपुर गांव से गिरफ्तार किया। राजातालाब थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि पूछताछ में अशोक ने कबूला कि वह और चंद्रेश एक ही युवती से बात करना चाहते थे। युवती मुझसे बात नहीं करती थी, जिससे वह चंद्रेश से नाराज था। नाराजगी में उसने कदम उठाया। घटना की रात उसने घर में रखे शौचालय साफ करने वाले एसिड को रात में सोते समय चंद्रेश पर फेंक दिया। इस दौरान कुछ बूंदें उसके शरीर पर भी गिरीं, जिससे वह भी झुलसा था। पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को कमलेश पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी। बताया कि रात में अज्ञात व्यक्ति ने उनके भाई चंद्रेश पटेल पर रासायनिक पदार्थ डाल दिया था। इससे चंद्रेश का चेहरा और शरीर के अन्य हिस्से बुरी तरह झुलस गए थे। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
खेत में मारपीट, पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
बेटावर गांव में बृहस्पतिवार शाम खेत में चरी काट रहे राजकुमार बिंद के साथ पांच लोगों ने मारपीट की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। राजकुमार बिंद ने पुलिस को बताया कि वह खेत में चरी काट रहा था। मनोज, प्रमोद, संदीप, प्रदीप और विनोद बिंद ने गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला किया। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
सब्जी विक्रेता पर हमला, लाठी-डंडों से पीटकर घायल किया
हासापुर के एक सब्जी विक्रेता को नकाईन में कुछ लोगों ने बृहस्पतिवार को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। हमलावरों ने उसकी बाइक और मोबाइल भी तोड़ दिए। पीड़ित संतोष कुमार बिंद ने पुलिस को बताया कि वह हासापुर से सब्जी लेकर सुंदरपुर बेचने जा रहा था। नकाइन पहुंचते ही अजय पटेल, बंटी गिरी और एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे रोक लिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाले तीन युवक गिरफ्तार
फूलपुर थाना क्षेत्र के दबेथुआ गांव इंटर कॉलेज के पास शुक्रवार को छात्राओं से छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणी के आरोपी तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। फूलपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी जौनपुर के नेवढि़या थाना क्षेत्र के भटवार गांव निवासी सोनू गौतम, हर्ष गौतम और गोविंद गौतम है। थाने में छेड़छाड़ के मामले में प्राथमिकी दर्ज है।
रंगदारी न देने पर युवक को पीटा, पूर्व हिस्ट्रीशीटर पर प्राथमिकी दर्ज
रंगदारी न देने पर एक युवक को बुरी तरह पीटा गया। आरोप है कि पूर्व हिस्ट्रीशीटर नितेश कुमार यादव उर्फ लड्डू यादव ने अपने आठ-दस साथियों के साथ इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ शुक्रवार को रोहनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। भीमचंडी निवासी पीड़ित ऋषभ सिंह ने पुलिस बताया कि वह बृहस्पतिवार शाम को अपने घर से मोहनसराय की ओर जा रहे थे। मातलदेई पुल के बाद नितेश यादव और उसके अज्ञात साथियों ने रोक लिया। मोहनसराय क्षेत्र में काम करने के लिए लगातार पैसे देने की मांग की। नितेश पहले भी धमकी देकर पैसे लेता रहा है। इस बार आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए पैसे देने से इन्कार कर दिया। मना करने पर नितेश और उसके साथियों ने लात-घूसों और डंडों से पीटा। जान से मारने की धमकी भी दी। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
''तू आजा मेरी गाड़ी में बैठ जा'' गाने पर फब्तियां कसने वाला गिरफ्तार
राह चलती महिलाओं और युवतियों पर अभद्र टिप्पणियां करने के आरोपी रोशन राजभर को पुलिस ने शुक्रवार को टिकरा मोड़ से गिरफ्तार किया। वह ''तू आजा मेरी गाड़ी में बैठ जा'' गाना गुनगुनाकर फब्तियां कस रहा था। थाना प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सिंधोरा थाना क्षेत्र के खड़गपुर का निवासी है। 5 अगस्त की शाम शिव मंदिर के पास सूचना मिली कि एक युवक महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां कर रहा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पड़ोसी पर बाउंड्री वॉल तोड़ने का आरोप, प्राथमिकी
लंका थाना क्षेत्र के डाफी में एक पड़ोसी पर जबरन बाउंड्री वॉल तोड़ने और डराने-धमकाने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सुरेंद्र नारायण उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार सुबह 10.30 बजे ''गुरु कृपा लॉन'' का मालिक राकेश यादव अपने पांच-छह साथियों के साथ आया। मकान की नौ फीट ऊंची बाउंड्री वॉल तोड़नी शुरू कर दी। बेटे अवनीश ने छत से विरोध किया तो आरोपियों ने उसे धमकाया। डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने तक आरोपी दीवार का एक-तिहाई हिस्सा तोड़ चुके थे। राकेश यादव अपने लॉन का पानी पीड़ित के परिसर में बहाने का दबाव बना रहा था। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर और वीडियो सबूतों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।