फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी की प्रमुख खबरें: सड़क हादसे में बैंक मैनेजर की पत्नी की मौत, 56 लाख की ठगी का आरोपी गिरफ्तार

Wed, 08 Jul 2026 04:55 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में एक दर्दनाक हादसे में बैंक मैनेजर की पत्नी की मौत हो गई। वहीं 56 लाख की ठगी और आत्महत्या मामले में नामजद आरोपी गिरफ्तार किया गया। पढ़ें- वाराणसी की अन्य प्रमुख खबरें
विज्ञापन
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बेटी को स्कूल छोड़कर घर लौट रही आकांक्षा श्रीवास्तव (36) को शुद्धिपुर में बस ने रौंद दिया। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद बस को बीच सड़क छोड़कर चालक भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। 

विज्ञापन


आकांक्षा के पति राहुल श्रीवास्तव यूनियन बैंक में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं क्रेन से बस को हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया। न्यू अशोक विहार कॉलोनी निवासी आकांक्षा श्रीवास्तव मंगलवार की सुबह साढ़े सात बजे अपनी सात साल की बेटी प्रियांगी को संत अतुलानंद स्कूल छोड़ने गई थीं। वापसी के दौरान शुद्धिपुर स्थित होटल आद्रिका के सामने सड़क पार करते समय जौनपुर की ओर जा रही निजी बस ने उन्हें कुचल दिया। महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। आसपास के लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस महिला को जिला अस्पताल लेकर आई। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

पति की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दुर्घटना के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने क्रेन बुलाकर बस को सड़क से हटवाया। इसके बाद आवागमन सामान्य कराया जा सका। वाहन के दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आकांक्षा अपने पीछे पति राहुल श्रीवास्तव और एक बेटी को छोड़ गई हैं। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि चालक की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
विज्ञापन


इसे भी पढ़ें; बुझ गया घर का इकलौता चिराग: दोस्त की बहन की शादी में गए युवक की पीट-पीटकर हत्या, साथी की हालत गंभीर
 
56 लाख की ठगी और आत्महत्या मामले में नामजद आरोपी गिरफ्तार
कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया में निवेश के नाम पर 56 लाख रुपये की कथित ठगी और महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को आरोपी सतीश कुमार भारती को फुलवरिया घोसियाना से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल को रोहनिया निवासी नीलम यादव की तहरीर पर कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। आरोप है कि पांच लोगों ने उनकी बहन नूतन यादव को मुनाफे का झांसा देकर करीब 56 लाख रुपये की ठगी की। जब नूतन ने रकम मांगी तो आरोपियों ने ब्लैकमेल किया। तनाव के चलते नूतन यादव ने आत्महत्या कर ली। जांच के दौरान कैंट पुलिस ने सतीश कुमार भारती (33), पुत्र श्याम सुंदर भारती, निवासी बदुआपुरा, सुंदरपुर, थाना चितईपुर को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी राज किशोर पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। 

अदालत में जिरह बाद सीने में दर्द उठा, अस्पताल ले जाते वक्त अधिवक्ता ने तोड़ा दम
कचहरी परिसर में मंगलवार को फौजदारी के वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद यादव (75) की अदालत में जिरह के बाद मौत हो गई। वह करीब 80 वर्ष के थे। राजेंद्र प्रसाद यादव (75) विशेष न्यायाधीश (आवश्यक वस्तु अधिनियम) की अदालत में रामनगर क्षेत्र के एक हत्या के मुकदमे में गवाह से जिरह कर रहे थे। दोपहर करीब पौने एक बजे उन्हें सीने में दर्द महसूस हुआ। वह अपनी कुर्सी पर बैठ गए। उनके जूनियर अधिवक्ता उन्हें कोर्ट से लिफ्ट की ओर लेकर नीचे ला रहे थे। इसी दौरान बेहोश होकर गिर पड़े। अधिवक्ताओं ने उन्हें तत्काल उठाकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिवक्ता के निधन की सूचना मिलते ही कचहरी परिसर में शोक की लहर फैल गई। राजेंद्र प्रसाद यादव पहड़िया गणपत नगर में रहते थे। बेटा बंगलूरू और बेटी कनाडा में रहती थी। सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम ने बताया कि अधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद यादव के निधन से सभी अधिवक्ता मर्माहत हैं।
 
स्कूल बस पर गिरे दो जर्जर खंभे, 22 बच्चे बचे
शिवपुर के लक्ष्मणपुर स्थित प्रताप नगर कॉलोनी में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) की बस पर अचानक दो जर्जर बिजली के खंभे गिर गए। जिस समय यह घटना हुई, उस समय बस में 22 बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि हादसे से ठीक 20 मिनट पहले बिजली निगम ने क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद की थी, जिससे करंट नहीं फैला और सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। कॉलोनी में कुछ देर पहले ही एक ट्रांसफार्मर में करंट उतरने से एक बछड़े की मौत हो गई थी। इसके बाद एहतियातन बिजली काट दी गई थी। पार्षद संदीप रघुवंशी ने बताया कि जर्जर खंभों की शिकायत कई बार बिजली निगम से की गई थी, लेकिन उन्हें बदला नहीं गया। बछड़े की मौत के कारण काटी गई बिजली ने 22 मासूम बच्चों की जिंदगी बचा ली। 

घरेलू विवाद में घर में घुसकर मारपीट, सगे साले पर प्राथमिकी दर्ज
जंसा थाना क्षेत्र के कुण्डरिया गांव में घरेलू विवाद के चलते घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने सुनील गिरि की तहरीर पर सगे साले के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। कुण्डरिया निवासी सुनील गिरि ने आरोप लगाया कि सोमवार रात करीब आठ बजे उसके साले शिवम उर्फ हरदुम किशन और पन्नू, निवासी रमगढ़वा थाना मिर्जापुर, चार पहिया वाहन से उसके घर पहुंचे। दोनों ने धारदार हथियार और लाठी से हमला कर उसे घायल कर दिया। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।  

श्रद्धालुओं की कार पिकअप से भिड़ी, पांच लोग घायल
मार्कंडेय महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार मंगलवार दोपहर चंद्रावती पेट्रोल पंप के कट पर पिकअप से टकरा गई। हादसे में कार सवार सुनील तिवारी (40), उनकी पत्नी विभा देवी (38), मां आरती देवी (60) निवासी हड़ियाडीह, चौबेपुर, ललिता देवी (55) निवासी महगांव, सिंधोरा और चालक पिंटू (28) घायल हो गए। सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि हादसे में सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

25 हजार हजार रुपये का इनामी 44 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार
आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) सेक्टर वाराणसी की टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी आकाश कुमार को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर 44 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। ईओडब्ल्यू के अनुसार आरोपी आकाश कुमार मूल निवासी मनईटाड़, धनबाद (झारखंड) और वर्तमान निवासी मालवीय नगर, नई दिल्ली का है। वह शराब कारोबार के लिए पंजीकृत मेसर्स एसआरजी पॉलीपेट कंपनी का निदेशक था। जांच अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 2017 में चंदौली के मुगलसराय थाने में दर्ज प्राथमिकी में आरोपी और उसके सहयोगियों पर वादी को कंपनी में निदेशक बनाने तथा अधिक लाभ दिलाने का लालच देकर करीब 44 लाख रुपये हड़पने का आरोप है। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि टीम ने मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे नई दिल्ली से आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे साकेत स्थित न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया। अब उसे चंदौली लाकर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया जाएगा, जहां आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

नगर निगम के सुपरवाइजर समेत तीन पर मारपीट की प्राथमिकी
भेलूपुर थाना क्षेत्र में प्रहलाद कुमार गुप्ता से मारपीट के आरोप में नगर निगम के सुपरवाइजर और दो सफाईकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रहलाद कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि रविवार रात वह नगर निगम की गाड़ी में कूड़ा डाल रहे थे। सफाईकर्मी करन और बबलू पैसे मांगने लगे। विरोध करने पर सुपरवाइजर अखिलेश समेत अन्य लोगों ने मारपीट की। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर रही है। 

मारपीट के दौरान महिला की चेन छीनने का आरोप
लंका थाना क्षेत्र के डाफी स्थित अशोकपुरम कॉलोनी निवासी पूजा सिंह ने मारपीट और चेन छीनने का आरोप लगाते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता पूजा सिंह का आरोप है कि सोमवार रात परिवार के साथ बच्चे का जन्मदिन मनाने होटल जा रही थीं। सीर गेट से सिंहद्वार की ओर बढ़ते समय कुछ युवकों ने उनकी कार रोककर चालक के साथ मारपीट की। मामला शांत होने के बाद हमलावर उनके घर पहुंच कर फिर मारपीट की और सोने की चेन छीन ली। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

जेब काटने का प्रयास कर रहे आरोपी को पकड़ा
चौबेपुर थाना क्षेत्र के संदहा गांव के पास जेब काटने का प्रयास कर रहे मोनू राजभर उर्फ बॉबी को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। आरोपी मोनू राजभर उर्फ बॉबी निवासी रघुनाथपुर थाना सारनाथ के पास से ब्लेड और पेपर कटर बरामद हुआ। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ब्लेड से जेब काटकर नकदी उड़ा देता था। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।  
 
70 लाख के गबन में आरोपी की डिफॉल्ट जमानत अर्जी खारिज
सुविधा साड़ी फर्म में 70 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी और गबन के मामले में आरोपी सौरभ गुप्ता की अपर जिला जज (षष्ठम) आलोक कुमार की अदालत ने सुनवाई के बाद डिफॉल्ट जमानत अर्जी खारिज कर दी। अभियोजन के अनुसार अर्दली बाजार निवासी व्यवसायी देवानंद सेवारमानी (सप्पू) ने कैंट थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बताया था कि उनकी साड़ी फर्म में 26 जनवरी 2020 से सौरभ गुप्ता मैनेजर एवं अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत था। आरोप है कि उसने फर्म के चार्टर्ड अकाउंटेंट संजय गुप्ता के साथ मिलकर तीन फर्जी फर्मों ग्रीन सॉल्यूशन, स्काई लाइन वेव सॉल्यूशन और स्प्रिंट एशिया के खातों में करीब 70 लाख रुपये स्थानांतरित कर दिए। वादी का इन फर्मों से कोई व्यावसायिक संबंध नहीं था। बैंक स्टेटमेंट की जांच में गड़बड़ी सामने आने पर पूछताछ की गई तो सौरभ गुप्ता टालमटोल करने लगा। 

कादीपुर खुर्द उपकेंद्र से एएनएम को हटाया, स्वास्थ्य टीम ने की जांच
चिरईगांव के कादीपुर खुर्द में तीन बच्चों को गलत टीका लगाने के आरोप में तैनात एएनएम को हटाकर दूसरे उपकेंद्र पर भेजा गया है। इनकी जगह दूसरी एएनएम को तैनात किया गया। इस मामले की जांच के लिए मंगलवार को गांव में चार सदस्यीय टीम पहुंची। टीम ने मृत बच्ची के परिजनों से जानकारी ली। साथ ही दो अन्य बच्चों की जांच की। पीएचसी प्रभारी ने कहा कि टीका लगने के बाद मौत नहीं हुई है। कादीपुर खुर्द में एएनएम ने तीन बच्चों को टीका लगाया था। परिजनों का आरोप है कि टीका लगने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। इसमें एक बच्चे की मौत हो गई। 

चिरईगांव पीएचसी प्रभारी डॉ. राजनाथ राम के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम मातृ-शिशु कल्याण उपकेंद्र कादीपुर खुर्द पर पहुंची। टीम ने मृत शिशु के परिजनों के साथ दोनों बीमार बच्चों के परिजनों से जानकारी ली। टीम ने कादीपुर खुर्द गांव स्थित मातृ-शिशु कल्याण उपकेंद्र का भी निरीक्षण किया। पीएचसी प्रभारी ने गांव की आशाओं के माध्यम से कुछ लाभार्थियों को बुलवाया और उन्हें टीकाकरण के प्रभाव की जानकारी दी। 

बच्चों व महिलाओं का नियमित टीकाकरण कराने का अनुरोध किया। लेकिन गांव के लोगों ने टीके लगवाने से इन्कार कर दिया। पीएचसी प्रभारी डॉ. राजनाथ राम ने बताया टीकाकरण की डायरी में तीनों शिशुओं को बीसीजी वैक्सीन लगाने का जिक्र है। वैक्सीन लगाने के बाद उसके प्रभाव से मौत संभव नहीं है, लेकिन शिशु की मौत गंभीर प्रकरण है। इसकी गहराई से जांच की जाएगी। जांच टीम में एचईओ डॉ. मानसी गुप्ता, एआरओ काव्या सिंह, बीपीएम सरिता रहीं। 
 
टायर फटने से पीआरवी डिवाइडर पर चढ़ी, सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित
सिगरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को महिला पीआरवी का टायर अचानक पंचर हो जाने से वाहन अनियंत्रित होकर महमूरगंज-रथयात्रा मार्ग पर एएसजी नेत्रालय के सामने डिवाइडर पर चढ़ गया। घटना के समय वाहन में मौजूद सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे और किसी को कोई चोट नहीं आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से डिवाइडर से हटाकर सड़क किनारे खड़ा कराया गया। इसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से संचालित कराया गया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि हादसा टायर पंचर होने के कारण हुआ और इसमें किसी प्रकार की जनहानि या अन्य वाहन को नुकसान नहीं पहुंचा। 
विज्ञापन

फ्लाईओवर के नीचे बनेंगे गेमिंग और वेंडिंग जोन
फ्लाईओवर के नीचे के अनुपयोगी स्थानों को अब उपयोगी और आकर्षक बनाया जाएगा। एयरपोर्ट रोड स्थित तरना क्षेत्र में फ्लाईओवर के नीचे आधुनिक गेमिंग और वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा। पार्किंग की सुविधा भी विकसित की जाएगी, जिससे ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। स्मार्ट सिटी की ओर से इसका विकास किया जाएगा। स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी ने बताया कि यहां बनने वाले गेमिंग जोन में इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, पिकल बॉल और स्केटिंग जैसे विभिन्न इंडोर खेलों की व्यवस्था होगी। इससे युवाओं-बच्चों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में खेलकूद का अवसर मिलेगा। वेंडिंग जोन में स्थानीय विक्रेताओं को स्थान दिया जाएगा। यहां फूड कोर्ट भी बनाया जाएगा। यह पहल छोटे व्यापारियों और स्ट्रीट वेंडर्स के लिए आजीविका के नए रास्ते खोलेगी।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें