गेम डाउनलोड करने के चक्कर में खाते से 1.56 लाख उड़ाए
मोबाइल गेम डाउनलोड करने के चक्कर में मिर्जामुराद क्षेत्र के एक युवक के साथ 1.56 लाख की साइबर ठगी हो गई। मंगलवार को पीड़ित ने मिर्जामुराद थाने में केस दर्ज कराया। गौर गांव निवासी रक्षक विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि 15 अगस्त को मोबाइल में गेम डाउनलोड करने के लिए यूपीआई से 300 रुपये का भुगतान किया। इसके बाद खाते से सात किस्त में 1.56 लाख कट गए। तुरंत बैंक और साइबर सेल को सूचना देकर खाता सीज कराया। रक्षक विश्वकर्मा ने मिर्जामुराद थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
रेलवे ट्रैक पर मिला संविदाकर्मी का शव
कैंट रेलवे स्टेशन के आगे फुलवरिया फुटओवर ब्रिज के पास रेलवे ट्रैक पर एक संविदा कर्मी का शव मिली। आरपीएफ ने जेब से मिले दस्तावेज से परिजनों को सूचना दी। कैंट आरपीएफ प्रभारी संदीप यादव ने बताया कि मौके पर पहुंचे बेटे ने शव की शिनाख्त अपने पिता भिटारी निवासी रामजी शर्मा (65) के रूप में की।
मृतक के परिजनों से मिला सपा का प्रतिनिधिमंडल
सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के जोगापुर गांव में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मृतक वशिष्ठ नारायण गौड़ के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही घटना की पूरी जानकारी ली। मृतक के पुत्र, पत्नी और गांव के लोगों ने बताया कि ग्राम समाज की जमीन पर बहुत लोगों ने कब्जा किया है। वहीं तहसील के अधिकारियों और कर्मचारियों ने केवल मृतक वशिष्ठ नारायण पर चार लाख 32 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और बेदखली की नोटिस दिया। इससे आहत होकर वशिष्ठ नारायण ने राजातालाब तहसील परिसर में अपने जीवन को समाप्त कर लिया। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले की जांच केंद्रीय अनुसूचित जाति जनजाति आयोग से कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में शामिल स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने मौके से जिलाधिकारी से फोन इस मामले की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल में आशुतोष सिन्हा के अलावा प्रदेश महासचिव/पूर्व मंत्री शिवप्रकाश उर्फ लल्लन राय, पूर्व विधायक महेंद्र सिंह पटेल, महिला सभा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रीबू श्रीवास्तव, जिला महासचिव आनंद मौर्या, जिला प्रवक्ता संतोष यादव आदि शामिल रहे।
पति समेत 7 पर केस दर्ज
विवाहिता ने पति समेत सात लोगों पर दहेज उत्पीड़न और अन्य आरोपों में बड़ागांव थाने में सोमवार को केस दर्ज कराया। इंदरपुर गांव की पूजा देवी ने पुलिस को बताया कि पति सोनू गोड़, सास मनोरमा देवी, देवर अनिल, चचिया ससुर दिनेश, दिलीप गोड़, जेठ राजेंद्र गोड़, जेठानी पूजा दहेज में एक लाख नकद और एक बाइक की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हैं। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। उधर, बड़ागांव थाना क्षेत्र की विवाहिता ने पति पर पिटाई और घर से निकालने के मामले में मंगलवार को केस दर्ज किया गया। थाना क्षेत्र के पलिया शंभुपुर निवासी पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मिर्जापुर के तुकीहा गांव निवासी पति अरविंद उसका उत्पीड़न करता है।
तीन अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर का केस दर्ज
चितईपुर पुलिस ने तीन अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर के तहत मुकदमा दर्ज किया है। चितईपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि रवि गांगुली उर्फ मंटू उर्फ अनुराग गांगुली निवासी अंबेडकर नगर करौंदी, पिंटू केसरी के मकान में चितईपुर में किराये पर रहता है। इंद्रजीत निवासी करौंदी और रितिक गुप्ता निवासी बबुरी चंदौली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जनवरी में तीनों ने इंदिरा नगर कॉलोनी में चोरी की थी।
किशोरी को अगवा करने के मामले में केस दर्ज
शिवपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी के अगवा करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को केस दर्ज किया। पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया कि 29 अगस्त की शाम बेटी घर से लापता थी। आसपास के लोगों ने बताया कि दोपहर में बेटी घर से निकली और वापस नहीं लौटी।
अपहरणकर्ता गिरफ्तार, दूसरी बार जेल गया
किशोरी को अगवा करने के आरोपी रौनक अहमद को मिर्जामुराद पुलिस ने मंगलवार को मेंहदीगंज अंडरपास से गिरफ्तार किया। साथ ही किशोरी को बरामद किया। आरोपी को कोर्ट ने जेल भेज दिया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि 17 अगस्त को किशोरी को बड़ागांव थाना क्षेत्र के रसुलपुर गांव निवासी रौनक ने अगवा किया था। पिता की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी रौनक अहमद पूर्व में भी किशोरी के अपहरण मामले में जेल जा चुका है, जेल से छूटने के बाद उसने दूसरी बार अपहरण किया। संवाद
महिला से छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार
महिला से छेड़खानी के आरोपी आकाश कुमार उर्फ भोलू निवासी मलहिया टोला को रामनगर पुलिस ने मंगलवार को बंधा रोड से गिरफ्तार किया। पीड़ित ने बताया कि पहले से परिचित भोलू उसके घर सोमवार रात में रुका और पत्नी से छेड़खानी की। डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि छेड़खानी के आरोपी आकाश कुमार उर्फ भोलू को गिरफ्तार किया गया है।
एसबीआई योनो अपडेट के नाम पर छह लाख की साइबर ठगी
साइबर जालसाजों ने एसबीआई योनो को अपडेट करने के बहाने सुशील राय के बैंक खाते से छह लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी की। व्हाट्सएप पर आए एपीके फाइल पर जैसे ही पीड़ित ने क्लिक किया मोबाइल हैंग हो गया। इसके बाद खाते से 6,04,703 रुपये निकल गए। 30 अगस्त को साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया। रोहनिया थाना क्षेत्र के हरिहरपुर एनआईपी राज रेजिडेंसी निवासी सुशील कुमार राय ने साइबर क्राइम थाने की पुलिस को बताया कि 29 जुलाई को व्हाट्सएप पर मैसेज आया था। छह लाख की धोखाधड़ी के कारण प्रार्थना पत्र को साइबर क्राइम थाने में ट्रांसफर किया गया। साइबर क्राइम पुलिस ने बताया कि सुशील राय के मुकदमे की विवेचना की जा रही है।
जमीन विवाद में धोखाधड़ी का केस दर्ज
कूटरचित दस्तावेज से जमीन हड़पने के मामले में पीड़ित राजेश पांडेय ने कैंट थाने में मंगलवार को पांच के खिलाफ केस दर्ज कराया।जौनपुर के नेवढि़या थाना क्षेत्र के करमउवा निवासी राजेश पांडेय ने पुलिस को बताया कि सिगरा के शिवपुरवा में एक मकान 1971 में 75,000 रुपये में खरीदा था। हीरामनी देवी, सुशीला देवी और अमरावती देवी का बराबर-बराबर का हिस्सा था। सुशीला और अमरावती की मृत्यु के बाद उनका हिस्सा वारिसों के नाम दर्ज हुआ। बुजुर्ग रामनारायण पांडेय को प्रभाव में लेकर उनके पुत्र कृष्ण ने पत्नी इंदुबाला पांडेय के पक्ष में भूमि का दानपत्र करवा दिया, जबकि हकीकत में रामनारायण का हिस्सा कम था। दान पत्र फर्जी तरीके से 21 जुलाई 2025 को उप निबंधक तृतीय कार्यालय में तैयार कराया गया। कर्मचारियों की मिलीभगत भी सामने आई है। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत ने बताया कि इस मामले में कृष्ण कुमार पांडेय, इंदुबाला पांडेय, रामनारायण पांडेय, यामिनाथ चौहान, सौरभ उपाध्याय समेत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।