लोक निर्माण विभाग की ओर से कचहरी से संदहा और पांडेयपुर से आजमगढ़ रिंग रोड के चौड़ीकरण की वजह से पोल, तार की शिफ्टिंग सोमवार को कराई जानी है। इस कारण सोयपुर, लालपुर उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में चार घंटे बिजली गुल रहेगी। अधीक्षण अभियंता कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, उपकेंद्र के सोयेपुर, दैत्रावीर बाबा मंदिर, लालपुर मस्जिद, लालपुर उपकेंद्र के लालपुर-पांडेयपुर, दरिया आश्रम, पाल बस्ती, पहड़िया आदि इलाकों में सुबह 11 बजे से 3 बजे तक बिजली नहीं आएगी।
आठों जोन में 12 से 4 बजे के बीच स्प्रिंकलर से होगा पानी का छिड़काव
बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखकर नगर निगम की ओर से आठों जोन के प्रमुख मार्गाें में पानी के छिड़काव की कार्ययोजना बनाई गई है। इसके लिए नगर आयुक्त अक्षत वर्मा की ओर से निर्देश दिया गया है। शहर के मुख्य मार्गों व भीड़भाड़ वाले इलाकों में दोपहर 12 से 4 बजे के बीच पानी का छिड़काव कराया जाएगा। लू को ध्यान में रखकर नगर विकास विभाग की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। जिसके बाद सभी को एलर्ट किया गया है।
ई-आफिस से हो रहे वीडीए के काम
वीडीए में ई-ऑफिस क्रियान्वयन के जरिये काम किए जा रहे हैं। सभी पत्रावलियों का डिजिटल रखरखाव हो रहा है। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार सरकार के डिजिटल इंडिया अभियान के तहत सुशासन को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम के जरिये फाइलों की स्थिति की रियल-टाइम निगरानी संभव हो रही है। ई-ऑफिस प्रणाली के तहत वीडीए ने 1881 फाइलें ई फाइलें क्रियेट की हैं। 14346 फाइलों को मूव किया है। 3351 फाइलें ई मेल से प्राप्त हुई हैं। 31705 फाइलों को प्रस्तावित किया गया है।
2.68 करोड़ से बनेगा 600 मीटर लंबा नाला
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने रविवार को मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत 2.68 करोड़ की लागत से 600 मीटर लंबे नाला निर्माण का शिलान्यास किया। इसके निर्माण से 50 हजार की आबादी को फायदा होगा। इससे रोहनिया विधानसभा के वार्ड 57 छित्तूपुर खास में वैष्णो नगर कॉलोनी में जल निकासी की सुविधा होगी। इसके तहत भूगर्भ नाला एवं सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा। इसमें विभिन्न स्थानों पर 600, 900, 1200 एमएम साइज की पाइप डाली जाएगी। शिलान्यास के दौरान पार्षद अंजनी पटेल, सुरेश पटेल, अमित सिंह, श्याम भूषण शर्मा मौजूद रहे।
वेंडर्स को दिए जाएंगे पहचान पत्र
अतिक्रमण को ध्यान में रखकर नगर निगम की ओर से वेंडर्स को पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। इससे वेंडिंग जोन में कारोबार करने वाले वेंडर्स की आसानी से पहचान होगी। राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक निगम ने कहा कि वैध और अवैध वेंडर्स की पहचान नहीं हो पाती है। लंबे समय से हम लोग आईकार्ड जारी करने की मांग कर रहे हैं। शहर में 63 वेंडिंग जोन हैं। इनमें करीब 8000 वैध वेंडर्स अपना कारोबार करते हैं। जबकि शहर में 60 हजार से अधिक वेंडर्स हैं।