पूर्व एमएलसी के निर्माणाधीन मकान से आठ लाख का सामान चोरी
चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित महामनापुरी कॉलोनी में पूर्व एमएलसी डॉ. वीणा पांडेय के निर्माणाधीन मकान में चोरी हो गई। चोर यहां से करीब आठ लाख रुपये का सामान उठा ले गए। चोर बाउंड्री फांदकर मकान के भीतर घुसे थे। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। डॉ. वीणा पांडेय के अनुसार, लेन नंबर-9 स्थित निर्माणाधीन मकान के ग्राउंड फ्लोर में लगे सभी बोर्ड और पैनल से करीब 35 किलो तार निकाल लिया गया। वहीं, प्रथम तल के स्टोर रूम का ताला तोड़कर चोर 12 बंडल कॉपर वायर, 20 हेवी ड्यूटी पैनल, केमिकल मिक्सर मशीन, भरा हुआ गैस सिलेंडर तथा प्लंबर का अन्य सामान उठा ले गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये है। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की पहचान की जा रही है।
अंतिम संस्कार को लेकर विवाद, प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ मामला
पैगंबरपुर निवासी लल्लन बिंद की पत्नी के अंतिम संस्कार को लेकर रविवार को विवाद हो गया। पति द्वारा अंतिम संस्कार से इन्कार करने पर बेटे-बेटी ने विरोध जताया। विवाद बढ़ता देख पड़ोसियों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर पति से अंतिम संस्कार की रस्म पूरी कराई, तब जाकर मामला शांत हुआ।
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि मृतका ऊषा देवी (52) की शादी पैगंबरपुर निवासी लल्लन उर्फ मल्ली बिंद से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं, बेटा अवधेश (34) और बेटी अर्चना (32)। शादी के कुछ समय बाद लल्लन ने दूसरी शादी कर ली। इसके बाद ऊषा देवी अपने दोनों बच्चों को लेकर पड़ोस में किराये के मकान में रहकर उनका भरण-पोषण करने लगीं। वहीं, लल्लन अपनी दूसरी पत्नी के साथ रहने लगा, जिससे उसके तीन बच्चे हैं।
बीते शनिवार रात ऊषा देवी की तबीयत खराब हो गई। उनका इलाज रामनगर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। घर से अस्पताल ले जाते समय उनकी मृत्यु हो गई। मां की मौत के बाद अवधेश और अर्चना शव को लेकर अपने पिता के घर पहुंचे और अंतिम संस्कार करने की बात कही, लेकिन पिता इस बात पर राजी नहीं हो रहे थे। विवाद बढ़ता देख पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी कराई। मृतका को मुखाग्नि बेटे अवधेश ने दी।
पड़ोसी पर मारपीट का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
फूलवरिया स्थित कैंट थाना क्षेत्र में एक महिला ने पड़ोसी पर मारपीट का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता निर्मला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका 10 वर्षीय नाती लकी मोहल्ले के बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोसी रामजी शराब के नशे में वहां पहुंचा और बच्चे के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उनके बेटे प्रिंस के साथ हाथापाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बेटी सावित्री पर आरोपी ने डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में चोट आई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में आरोपी ने खुद को भी ईंट से चोट पहुंचाई और परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
सारनाथ थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में आरोपी आशू राजभर को शनिवार को सथवा चौराहा से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल को पीड़िता के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान 16 मई 2026 को किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
थाना क्षेत्र में अतिक्रमण मिला तो संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी होंगे जिम्मेदार: पुलिस आयुक्त
शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए शनिवार को पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले 792 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 94 वाहनों को सीज कर कुल 18.58 लाख रुपये का शमन शुल्क लगाया गया। खुद पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल चेकिंग के लिए सड़क पर उतरे। उन्होंने कहा कि जिस थाना क्षेत्र में अतिक्रमण मिलेगा, उसकी जिम्मेदारी संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी की होगी।
पुलिस आयुक्त ने आंध्रापुल से इंग्लिशिया लाइन और कैंट रेलवे स्टेशन तक गश्त कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अवैध पार्किंग, सड़क अतिक्रमण और यातायात बाधित करने वाले स्थानों को चिह्नित किया गया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि संबंधित थाना क्षेत्र में अतिक्रमण मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी जवाबदेह होंगे।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, त्रुटिपूर्ण नंबर प्लेट और अवैध रूप से मॉडिफाई किए गए नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग की गई। वहीं, रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस आयुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने अवैध ऑटो रिक्शा स्टैंड हटाने और सड़क किनारे ठेला-खुमचा लगाकर जाम की स्थिति पैदा करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और प्रमुख मार्गों के आसपास संदिग्ध एवं अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एडीसीपी वैभव बांगर समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
पॉक्सो एक्ट का आरोपी गिरफ्तार
पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामले में मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के आरोपी मुहम्मद समसुद्दीन उर्फ समसु को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि उसने चोरी-छिपे मोबाइल फोन से वीडियो भी बना लिया था। आरोपी कथित तौर पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किशोरी का शारीरिक शोषण करता रहा। गिरफ्तारी के डर से आरोपी ने मोबाइल फोन तोड़कर नदी में फेंक दिया था। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है।
ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
कपसेठी थाना क्षेत्र के नेवादा निवासी सन्तराम ने अपनी पुत्री सुनीता को दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है। सन्तराम के अनुसार करीब एक वर्ष पूर्व सुनीता की शादी नहवानीपुर निवासी रवि नट से हुई थी। विवाह के बाद से ही पति रवि, ससुर हमीद, सास भीरा देवी और देवर साहिद दहेज में गाड़ी की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते हैं। आरोप है कि 15 मई को सुनीता को घर से निकालकर उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित पिता ने बताया कि वह शारीरिक रूप से विकलांग हैं। थाना प्रभारी विकास मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर घायल, ट्रॉमा सेंटर रेफर
कपसेठी थाना क्षेत्र स्थित नेवादा गांव के सामने वाराणसी-भदोही मार्ग पर रविवार दोपहर स्कूटी सवार 22 वर्षीय अभिषेक कुमार शर्मा को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में ऊपरवार निवासी अभिषेक कुमार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस की मदद से उसे एंबुलेंस से सीएचसी हाथी बाजार भेजा गया, जहां हालत नाजुक होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। अभिषेक किसी काम से कपसेठी थाने जा रहा था। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग निकला। घायल की बहन ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा थाने बुलाकर परेशान किए जाने के कारण यह दुर्घटना हुई। थाना प्रभारी विकास मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
कम्पोजिट मदिरा दुकान पर छापेमारी, नकली शराब का कारोबार पकड़ा गया
जंसा थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सेवापुरी के हाथी बाजार स्थित एक कम्पोजिट मदिरा दुकान पर छापेमारी कर नकली शराब के कारोबार का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई में मुनारी निवासी बृजेश (33) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से रॉयल स्टैग, आइकोनिक व्हाइट और स्टर्लिंग रिजर्व वी-7 ब्रांड की नकली क्यूआर कोड लगी बोतलें तथा 14.515 बल्क लीटर अपमिश्रित शराब बरामद हुई। जांच में शराब की मात्रा मानक से कम पाई गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अनुज्ञापी नंद किशोर और साथी त्रिलोकी जायसवाल के साथ पुरानी बोतलों में शराब में पानी मिलाकर नकली ढक्कन और क्यूआर कोड लगाकर बेचता था। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद
हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष पर हमला और वाहन में तोड़फोड़, सुरक्षा की मांग
हिंदू युवा वाहिनी के पूर्वी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार उपाध्याय उर्फ राजा भैया पर जानलेवा हमला और वाहन में तोड़फोड़ के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। सनातन बोर्ड की मांग को लेकर पदयात्रा निकाल रहे राजकुमार ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन रात में अंधेरा होने के कारण ठोस साक्ष्य हाथ नहीं लग सके हैं।
मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के बड़गवां कजहठ निवासी राजकुमार उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि वह हिंदू युवा वाहिनी के पूर्वी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष हैं। सनातन बोर्ड के गठन की मांग को लेकर वह भटौली दुर्गा माता मंदिर से अयोध्या तक पदयात्रा पर थे। शनिवार शाम जब वह दुर्गा मंदिर में दर्शन करने के बाद निकलने वाले थे, तभी भटौली पेट्रोल पंप के पास पहले से घात लगाकर बैठे कुछ अराजक तत्वों ने उनके वाहन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने वाहन को घेरकर अभद्रता और गाली-गलौज की। इसके बाद गाड़ी पर पथराव किया गया। हमले में वह बाल-बाल बच गए।
पीड़ित ने आशंका जताई है कि चुनावी रंजिश और उनकी पदयात्रा की सफलता से बौखलाकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। इस संबंध में प्रशिक्षु आईपीएस मानसी दहिया ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। उधर, सुरक्षा का पूरा भरोसा दिए जाने के बाद रविवार को भटौली स्थित दुर्गा माता मंदिर में सकुशल पूजन-अर्चन संपन्न हुआ। इसके बाद राजकुमार उपाध्याय के नेतृत्व में पदयात्रा सुरक्षा व्यवस्था के बीच आगे गंतव्य की ओर रवाना हो गई।
एटीएम से डेबिट कार्ड बदलकर 1.20 लाख की ठगी
शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जालसाज ने 74 वर्षीय बुजुर्ग को बातों में उलझाकर एटीएम में उनका डेबिट कार्ड बदल लिया और खाते से 1.20 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र निवासी बुजुर्ग के बेटे अशोक पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता 14 मई 2026 की शाम करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच भरलाई स्थित एटीएम बूथ पर पैसे निकालने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात युवक ने मदद करने के बहाने उन्हें बातों में उलझा लिया। आरोपी ने चालाकी से उनका कार्ड बदल दिया और 1.20 लाख रुपये निकाल लिए। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि एटीएम बूथ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।
शेयर ट्रेडिंग में निवेश के बहाने 5.70 लाख की साइबर ठगी
शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर 5.70 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई। पीड़ित ने शनिवार रात चेतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। चेतगंज थाना क्षेत्र के जियापुरा निवासी कृष गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 20 अप्रैल को इंस्टाग्राम पर ट्रेडिंग एक्सपर्ट के नाम से एक अकाउंट से मैसेज आया। खुद को पंकज भारद्वाज बताने वाले युवक का फिर कॉल आया।
पंकज ने कहा कि शेयर बाजार में पैसा लगाओ और करोड़पति बना दूंगा। झांसे में आकर 20 अप्रैल से 28 अप्रैल के बीच 5.70 लाख रुपये शेयर बाजार में निवेश कर दिए। बाद में मालूम चला कि वह साइबर जालसाजों के जाल में फंस गया है। कृष गुप्ता ने बताया कि जब पंकज से पैसे निकालने की बात कही गई तो वह टालमटोल करने लगा। बाद में उसने मोबाइल नंबर बंद कर लिया और अब उससे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि साइबर विशेषज्ञों से भी मामले की जानकारी साझा की गई है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
इंटरनेट बैंकिंग का झांसा देकर 70 हजार रुपये उड़ाए
पीएनबी बैंक का फॉर्म भरवाने के नाम पर 70 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने शनिवार को चेतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़ित वीरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस को बताया कि 30 मार्च की सुबह एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि वह पीएनबी इंटरनेट बैंकिंग के लिए फॉर्म भरवा रहा है। इसके बाद उसने फोन पर ही फॉर्म भरवाना शुरू किया। इस दौरान अकाउंट नंबर, डेबिट कार्ड नंबर समेत अन्य जानकारियां भरवाईं और करीब 45 मिनट तक फोन पर निर्देश देता रहा। इसी बीच खाते से दो बार में 80 हजार रुपये और डेबिट कार्ड से 19 हजार रुपये निकाल लिए गए। बैंक में शिकायत करने पर 30 हजार रुपये होल्ड करा दिए गए, जो बाद में वापस मिल गए। चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।