वाराणसी से थाईलैंड की राजधानी बैंकाक के लिए शनिवार से सीधी विमान सेवा शुरू हो गई। बैंकाक के स्वर्ण भूमि एयरपोर्ट से इंडिगो एयरलाइंस का विमान 71 यात्रियों को लेकर सुबह आठ बजे उड़ान भरी। वह निर्धारित समय 10:50 बजे से आधा घंटा की देरी से 11:20 बजे बाबकपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पहुंचा तो उसे वाटर कैनन से सैल्यूट किया गया।
यही बोइंग 320 विमान 06 ई 97 बनकर 179 यात्रियों को लेकर दोपहर 12:15 बजे वाराणसी से रवाना हुआ। यह विमान 189 सीटर है और बेसिक किराया लगभग 6000-7000 के बीच है। थाईलैंड जाने के लिए जरूरी कागजात में सिर्फ पासपोर्ट की जरूरत होती है, वीजा ऑन एराइवल मिल जाता है। पूर्वांचल से दर्जनों लोग बैंकाक की यात्रा करते हैं। गोरखपुर और बलिया के ज्यादातर लोग नौकरी के सिलसिले में बैंकाक जाते हैं।
एयरपोर्ट निदेशक अनिल कुमार राय ने बताया कि वाराणसी को देश के लगभग हर कोने से विमान सेवा से जोड़ दिया गया है। इंडिगो के स्थानीय मैनेजर अभिजीत ने बताया कि पहले ही दिन विमान लगभग फुल रहा। हालांकि बैंकाक के लिए थाई स्माइल की सीजनल विमान सेवा पहले से ही संचालित है, लेकिन इसका किराया ज्यादा है। स्पाइस जेट ने कोलकाता से बैंकाक को जोड़ा है, जिसका बेस फेयर 7500-8000 के बीच है। साथ ही समय भी अधिक लगता था।