काशी में अब सैलानी हवाई सैर कर सकेंगे। हेलीकॉप्टर से गंगा दर्शन की योजना को मूर्त रूप देने के लिए एरियल सर्वे कराया गया है। हेली गंगा दर्शन योजना के तहत काशी से तीर्थराज प्रयाग यह सेवा सुलभ होगी।
जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि काशी में उत्तरवाहिनी गंगा से लेकर प्रयाग में संगम तक के दर्शन की योजना जल्द मूर्त रूप ले लेगी। विश्व पर्यटन के मानचित्र पर आस्था का केंद्र बनी काशी से लेकर संगम नगरी तक हेली प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो गया है।
प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार इस दर्शन यात्रा को खास बनाने जा रही है। काशी में पर्यटक अब हेलीकॉप्टर से गंगा घाटों का नजारा ले सकेंगे। अस्सी से दशाश्वमेध-राजघाट होते हुए संगम की सैर कराई जाएगी। यूपी पर्यटन मंत्रालय ने इसके लिए योजना तैयार कर ली है।
जल्द ही यह योजना सतह पर आ जाएगी हेली काशी दर्शन और संगम दर्शन के लिए सर्वे का काम पूरा कर लिया गया है। इसके लिए सारनाथ के हेलीपैड का इस्तेमाल किया जाएगा। बीएचयू के हेलीपैड से भी इस योजना का संचालन कराने के लिए पर्यटन विभाग प्रयासरत है।
देश -दुनिया से आने वाले पर्यटकों को एक साथ गंगा के घाटों से लेकर प्रयाग में संगम तक का दर्शन कराया जाएगा। इसके लिए पवन हंस हैलिकॉप्टर्स लिमिटेड से बात कर ली गई है।