बीएचयू के प्राक्टोरियल बोर्ड के सिक्योरिटी गार्ड्स की खाकी वर्दी का रंग मंगलवार शाम पांच बजे तक नही बदला गया तो विधिक कार्रवाई की जाएगी। बीएचयू बवाल के बाद सोमवार को एसएसपी ने यह चेतावनी बीएचयू के कुलसचिव को दी है। दो टूक कहा है कि पत्र को गंभीरता से न लेने पर विवश होकर हमें विधिक कार्रवाई के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
जिला पुलिस के अनुसार 23 सितंबर की रात वीसी आवास के सामने छात्र-छात्राओं पर बीएचयू के सिक्योरिटी गार्ड्स लाठीचार्ज न करते तो माहौल अराजक न होता। इसके मद्देनजर एसएसपी आरके भारद्वाज ने बीएचयू कुलसचिव को पत्र भेजकर सिक्योरिटी गार्ड्स की खाकी वर्दी का रंग तत्काल बदलने को कहा है।
एसएसपी ने कहा कि बीएचयू के सिक्योरिटी गार्ड्स अनुचित तरीके से यूपी पुलिस की तरह वर्दी और बैज पहन कर आमजन से दुर्व्यवहार करते हैं। छात्रों और सिक्योरिटी गार्ड्स के बीच आए दिन झड़प होती हैए उस दौरान भी वर्दी पहनकर गलत तरीके से पेश आते हैं।
इससे यूपी पुलिस की छवि धूमिल होती है। साथ हीए यह प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसीज एक्ट 2005 का उल्लंघन है। इस संबंध में बीएचयू प्रशासन को पहले भी कई बार कहा गया लेकिन मामले को गंभीरता से नही लिया गया।
अब आखिरी बार ताकीद की जा रही है कि मंगलवार शाम पांच बजे तक हर हाल में प्राक्टोरियल बोर्ड के सिक्योरिटी गार्ड्स की वर्दी का रंग और बैज बदल दिया जाए। ध्यान दिया जाए कि गार्ड्स की वर्दी और बैज पुलिस की वर्दी और बैज जैसे बिल्कुल भी न प्रतीत हो।
अन्यथा की स्थिति में पुलिस अपनी ओर से विधिक कार्रवाई करेगी।बता दें कि बीएचयू में हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बीएचयू प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। हालांकि कैंपस में भारी मात्रा में फोर्स तैनात है।
छात्र अभी भी धरने पर बैठे हैं। सैंकड़ों सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा शहर के कई हिस्सों में बीएचयू वीसी का पुतला दहन किया गया है।