Varanasi News: एथलेटिक्स स्पर्धा में सेवापुरी की श्वेता ने लंबी छलांग लगाई और शिवपुर के ऋषभ सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज की मेजबानी में खेली जा रही दो दिवसीय जिलास्तरीय प्रतियोगिता का समापन शनिवार को होगा।
माध्यमिक स्कूली खेल प्रतियोगिता की एथलेटिक्स स्पर्धा शुक्रवार को लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में हुई। इस प्रतियोगिता में जिले के दस जोन के 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
विज्ञापन
लंबी कूद में सेवापुरी की श्वेता और शिवपुर जोन के ऋषभ सिंह ने स्वर्ण पदक जीत मंडलीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया। हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज की मेजबानी में खेली जा रही दो दिवसीय जिलास्तरीय प्रतियोगिता का समापन शनिवार को होगा। उद्घाटन मुख्य अतिथि एमएलसी धर्मेंद्र राय ने किया।
स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. उमेश सिंह ने किया। संचालन भारतीय शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. चारुचंद्र त्रिपाठी ने किया। प्रमाणपत्रों की जांच अरुणिमा शास्त्री, प्रीति जायसवाल, प्रिया मिश्र, आभा सिंह, ममता दुबे ने की। इस मौके पर अजय त्रिपाठी, अक्षय अग्रवाल, अनीस विश्वकर्मा, अतुल विश्वकर्मा, शैलेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
Trending Videos
विश्वविद्यालय एथलेटिक्स में निहाल को तीन वर्गों में स्वर्ण पदक
काशी संसद खेलकूद प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता शुक्रवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में हुई। एथलेटिक्स की तीन स्पर्धाओं में निहाल चौहान ने स्वर्ण पदक जीते। प्रतियोगिता का शुभारंभ कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने किया। निहाल चौहान ने चक्का फेंक, गोला फेंक और 100 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, पुशअप में सोनू गुप्ता, 200 मीटर में आनंद पाठक, 400 मीटर दौड़ में शिवम तिवारी, 800 मीटर दौड़ में डूंगर शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया।
संचालन खेल प्रशिक्षक आदित्य कुमार ने किया। काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के तहत शुक्रवार को गुरु नानक इंग्लिश स्कूल शिवपुर में जनपद स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता हुई। इसमें तुषार सारस्वत और महिला वर्ग में यशस्वी पटेल पहले स्थान पर रहीं। चौबेपुर में कंपोजिट विद्यालय उकथी में कबड्डी प्रतियोगिता हुई। इसमें कंपोजिट विद्यालय सोनबरसा की कबड्डी टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बर्थरा कला को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, खो-खो प्रतियोगिता में उकथी की छात्राओं ने जीत दर्ज की।
जिला जिम्नास्टिक संघ की ओर से अंतर स्कूल जिम्नास्टिक प्रतियोगिता महमूरगंज के पाणिनि कन्या महाविद्यालय में खेली गई। इसके तीन वर्ग में आठ विद्यालयों के 75 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि अजीत श्रीवास्तव ने किया। प्रतियोगिता के विजेता प्रयागराज में एक से तीन नवंबर तक आयोजित होने वाले प्रादेशिक मुकाबले में खेलेंगे। यह प्रतियोगिता सचिव अखिलेश रावत की देखरेख में खेला गया।
84 रेफरी को दी वॉलीबॉल के नियमों की जानकारी
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद बीएचयू की ओर से वॉलीबॉल के नियम, व्याख्या और रेफरी कौशल विकास विषयक राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें खेल के 84 रेफरी को खेल के तकनीकी पक्ष की जानकारी दी गई। शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रो. अभिमन्यु सिंह ने प्रतिभागियों को वॉलीबॉल कोचिंग की बारीकियां बताईं। आयोजन सचिव डॉ. रॉबिन कुमार सिंह राज्य स्तरीय रेफरी परीक्षा संपन्न कराई। इस मौके पर प्रो. बीसी कापरी, प्रो. विक्रम सिंह, डॉ. अखिल मल्होत्रा, प्रो. टी ओनीमा रेड्डी आदि मौजूद रहे।
प्रादेशिक हैंडबॉल के फाइनल में पहुंचा वाराणसी मंडल
खेल विभाग और जिला हैंडबॉल संघ की ओर से समन्वय हैंडबॉल प्रतियोगिता का क्वार्टर और सेमीफाइनल शुक्रवार को सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेला गया। सेमीफाइनल में वाराणसी मंडल की टीम ने लखनऊ मंडल को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहले सेमीफाइनल में वाराणसी ने लखनऊ मंडल को 15-14 के स्कोर से और दूसरे सेमीफाइनल में गोरखपुर ने मेरठ मंडल को 27-26 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे से गोरखपुर और वाराणसी मंडल के बीच होगा। इससे पूर्व क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। पहले क्वार्टर फाइनल में लखनऊ मंडल ने बरेली मंडल को 22-9 से, दूसरे मैच में वाराणसी मंडल ने आजमगढ़ को 11-7 से, तीसरे में मेरठ ने अयोध्या को 24-20 से और चौथे मुकाबले में गोरखपुर ने बस्ती को 25-16 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस मौके पर जिला हैंडबॉल संघ के सचिव शम्स तबरेज शंपू, आरएसओ विमला सिंह, विजय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
अलीगढ़ को 65 रन पर समेट वाराणसी राष्ट्रीय स्कूली क्रिकेट के लिए क्वालिफाई
प्रादेशिक माध्यमिक स्कूली क्रिकेट प्रतियोगिता कानपुर में खेली गई। इस प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल ने अलीगढ़ की टीम को 65 रन पर समेट कर प्रतियोगिता पर अपना कब्जा किया। अब वाराणसी मंडल की टीम राष्ट्रीय स्कूली क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलेगी। इससे पहले वाराणसी की टीम ने प्री क्वार्टर में लखनऊ खेल छत्रावास, क्वार्टर फाइनल में प्रयागराज, सेमीफाइनल में मेरठ और फाइनल में अलीगढ़ को हराया।
टीम मैनेजर सोहन सिंह ने बताया कि टॉस जीतकर वाराणसी मंडल की टीम ने बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी वाराणसी मंडल की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 117 रन बनाए और विपक्षी अलीगढ़ की टीम को 118 रन का लक्ष्य दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अलीगढ़ की टीम 15 ओवर में 65 रन पर सिमट गई और मैच वाराणसी मंडल ने 52 रन से जीत लिया। इसमें वाराणसी टीम की ऑल राउंड प्रियंका चौरसिया, मुस्कान विश्किर्मा, संध्या चौहान, आराध्या पांडेय, काजल बेहतरीन प्रदर्शन किया। वाराणसी मंडल की टीम में गाजीपुर की शिवांगी मौर्या और संध्या चौहान शामिल थीं।
लगातार दूसरे वर्ष वाराणसी मंडल का किया प्रतिनिधित्व
इस मुकाबले में बीते साल प्रादेशिक खेल चुकी मुस्कान विश्वकर्मा और काजल ने लगातार दूसरे वर्ष वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व किया। टीम की गेंदबाज काजल यूपीसीए प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा ले चुकी हैं। इसका लाभ टीम को मिला है। टीम की कप्तान प्रियंका चौरसिया और उपकप्तान प्रिया पटेल ने सभी मैचों शानदार बल्लेबाजी की।
25 वर्षीय खिलाड़ी ने अंडर-19 में लिया हिस्सा, डिबार
प्रादेशिक विद्यालयीय शतरंज प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल के एक खिलाड़ी को डीबार कर दिया गया है। इस प्रतियोगिता में रितुल गुप्ता का चयन वाराणसी मंडल की अंडर-19 शतरंज टीम में हुआ था। अलीगढ़ में पात्रता जांच में उसकी आयु 25 साल मिली। माध्यमिक स्कूली खेलों के मंडलीय सचिव विनोद सिंह यादव ने बताया कि रितुल जोन और जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खेलकर मंडल में पहुंचा था। उसके प्रमाणपत्रों की जांच प्राथमिक स्तर पर नहीं हुई थी। इस प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की टीम ने तीन पदक जीते हैं।
काशी विद्यापीठ ने जीता कबड्डी का कांस्य
अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की टीम ने कांस्य पदक जीता है। प्रतियोगिता ग्रेटर नोएडा के गलगोटिया विश्वविद्यालय में खेली गई। कबड्डी टीम के प्रभारी डॉ. अमरेंद्र सिंह और कोच डॉ. अमित गौतम ने बताया कि क्वार्टर फाइनल में विद्यापीठ की टीम ने सुहेल देव विश्वविद्यालय को हराया।