वाराणसी। किक बॉक्सिंग फेडरेशन (वाको इंडिया) की ओर से आयोजित ऑनलाइन राष्ट्रीय प्रतियोगिता में काशी के सात खिलाडि़यों ने दो रजत और पांच कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में देशभर के 19 राज्यों से सैकड़ों खिलाडि़यों ने हिस्सा लिया। जिसमें अलग-अलग आयु वर्ग के 39 स्वर्ण पदकों में से सर्वाधिक 24 स्वर्ण पदक जीतने वाला राज्य महाराष्ट्र रहा। जबकि यूपी के खाते में एक भी स्वर्ण पदक नहीं है।
किक बॉक्सिंग एसोसिएशन के प्रदेश सचिव गोपाल जी सेठ ने बताया कि 17 मई से प्रत्येक रविवार को ऑनलाइन नेशनल प्रतियोगिता व्हाट्सएप ग्रुप एवं जूम एप के माध्यम से हुई। जिसमें 19 राज्यों से 421 खिलाडि़यों ने हिस्सा लिया। अंतिम परिणाम सात जून रविवार को फाइनल मुकाबले के बाद घोषित किया गया। यूपी से काशी की अंजली कुमारी ने सॉफ्ट स्टाइल वेपन लॉन्ग स्टिक स्पर्धा में रजत और हार्ड स्टाइल वेपन लॉन्ग स्टिक स्पर्धा में आंचल सिंह ने रजत पदक पर कब्जा जमाया। वहीं तांशी अरोड़ा, दिव्या मिश्रा, वेदिका सिंह, दीपक थपलियाल और कमल गुरुंग ने कांस्य पदक जीता। ऑनलाइन प्रतियोगिता में पहली बार हिस्सा लेने वाली आंचल ने बताया कि उन्होंने इस प्रतियोगिता के लिए पहले व्हाट्सएप ग्रुप पर दो मिनट का वीडियो बनाकर भेजा जिसके आधार पर आंचल का फाइनल के लिए चयन हुआ।