जिला आमंत्रण जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता सोमवार को परमानंदपुर खेल मैदान पर हुई। राउंड रॉबिन लीग के आधार पर खेली गई इस प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में रॉयल क्लब ने यूथ क्लब को 3-0 से हराया। मैच का उद्घाटन हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
मैच शुरू होते ही रॉयल क्लब की टीम ने आक्रामक रणनीति नीति अपनाते हुए मैदान के दोनों छोर से लगातार हमले किए। खेल के सातवें मिनट में बाईं तरफ से फॉर्वर्ड खिलाड़ी सोनल सिंह ने यूथ क्लब की डिफेंस लाइन को काटते हुए गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। आठ मिनट बाद सत्या ने स्वाति प्रजापति के सटीक पास पर सधा हुआ गोल कर टीम का स्कोर 2-0 कर दिया। दो मिनट बाद आस्था यादव ने सेंटर में राधिका चौहान से मिली गेंद को गोल कर टीम का स्कोर 3-0 कर दिया। यूथ क्लब की तरफ रोशनी और अनु पाल ने बढ़िया प्रदर्शन किया लेकिन एक भी गोल नहीं कर सकीं। इदरीश अहमद और जावेद ने निर्णायक की भूमिका निभाई।