उभरते खिलाड़ियों को आर्थिक मदद मुहैया कराने के लिए जिला ताइक्वांडो संघ और बंगलूरू की संस्था के सदस्यों की बैठक रविवार को लंका के एक निजी संस्थान में हुई। इस दौरान 26 खिलाड़ियों ने स्कॉलरशिप के लिए आवेदन किया। चयनित खिलाड़ियों की अंतिम सूची जून के अंत में जारी होगी।
वाराणसी जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव सत्यवर्द्धन सिंह ने बताया कि खिलाड़ी ऑनलाइन (https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLSdFgYhur0fvENmUbTOqVYHuw2BWGbpAE3I_UPmz4yYLnV6iEw/viewform) अथवा अपने कोच के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। बताया कि निजी संस्था ताइक्वांडों संघ की देखरेख में 10 खेलों के खिलाड़ियों के स्वर्ण पदक विजेता और विशेष रूप से अंडर-16 बालिका वर्ग के खिलाड़ियों को आर्थिक मदद देगा। 10 खेलों में शतरंज, कबड्डी, ताइक्वांडो, एथलेटिक्स, कुश्ती, हैंडबॉल, नेटबाल, हॉकी, हैंडबाॅल और फुटबाॅल शामिल हैं। बताया कि संस्था एक वर्ष तक हर महीने तीन हजार रुपये की आर्थिक मदद करेगी। आर्थिक मदद खिलाड़ियों को सीधे बैंक एकाउंट में भेजी जाएगी। संस्था द्वारा खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन कराया जाएगा। इस दौरान स्पोर्ट्स किट भी दी जाएगी। बैठक में अन्य खेलों के कोच भी शामिल हुए।
खेल प्रबंधन कार्यशाला में बताईं संघ की उपलब्धियां
बैठक के अलावा जिला ताइक्वांडो संघ की ओर से खेल प्रबंधन कार्यशाला भी आयोजित हुई। इस दौरान 60 कोच और पेशेवर शामिल हुए। संघ के अध्यक्ष आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश जिला ताइक्वांडो संघ के अच्छे कार्य दूसरे खेल संघों व अकादमी तक पहुंचाना है। साथ ही जिला ताइक्वांडो संघ के प्रबंधन और गतिविधियों को बेहतर बनाना है। बैठक में चंद्रभान पटेल, मनीष गोस्वामी, आशीष राय, योगेंद्र यादव, गीता जेटली आदि मौजूद रहे।