वाराणसी में 27 किलो चांदी लूटकांड में ईरानी गैंग के एक और आरोपी प्रशांत जेवियर तिकी को चौक पुलिस ने रविवार को मालगोदाम, इंग्लिशिया लाइन के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से लूट की 6.950 किलोग्राम चांदी बरामद हुई। घटना के बाद प्रशांत ने ईरानी गैंग के मोहम्मद अली उर्फ शाबिर, मासाअल्लाह, हाफिज और जुल्फकार को अपनी बलेनो कार से प्रयागराज तक छोड़ा था। प्रयागराज से जबलपुर की बस पकड़कर आरोपी भोपाल भागे। मोहम्मद अली उर्फ शाबिर और मासाअल्लाह को चौक पुलिस और एसओजी ने पिछले सप्ताह सोमवार की रात लंका के लौटूवीर में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। प्रशांत की यह तीसरी गिरफ्तारी है।
डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी झारखंड के लातेहार का निवासी है। पुलिस की छानबीन में सामने आया था कि ईरानी गैंग के मोहम्मद अली उर्फ शाबिर और मासाअल्लाह ने मुंबई में रहने वाले अपने साथियों हाफिज और जुल्फकार के जरिये लूट की पूरी कहानी रची थी।
झारखंड के रांची में रहने वाले अमान अली को भी इसमें शामिल किया गया। अमान अली के माध्यम से हाफिज और जुल्फकार ने झारखंड रजिस्ट्रेशन नंबर की बलेनो कार बुक कराकर वाराणसी पहुंचे।