15वें दौरे पर वाराणसी आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री के इस उपहार से काशी की सूरत बदल जाएगी। रिंग रोड, रामनगर मल्टी मॉडल टर्मिनल, बाबतपुर फोरलेन, दीनापुर एसटीपी, सीवरेज पंपिंग स्टेशन सहित अन्य परियोजनाओं का सीधा लाभ जनता को मिलेगा।
16 किलोमीटर लंबे रिंग रोड गाजीपुर के संदहा से आजमगढ़ को मुख्य मार्ग को क्रॉस कर जौनपुर के हरहुआ तक बनाई गई है। 261.09 करोड़ रुपये की योजना से कैंट पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ से दूसरे जिलों को जाने वाली गाड़ियों को कैंट होकर जाना पड़ता था। अब इन मार्गों से आने वाले वाहनों को दूसरे जिलों में जाने में आसानी होगी।
17.5 किमी बाबतपुर फोरलेन पर एक फ्लाईओवर भी है। बाबतपुर एयरपोर्ट से शहर आने वाले पर्यटकों को जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी। आने वाले दिनों में जब फुलवरिया फोरलेन का काम पूरा हो जाएगा तो बाबतपुर से बीएचयू जाने के लिए यह काशी की रफ्तार को और बढ़ा देगी। फिलहाल अभी कैंट और कचहरी होकर लोगों को शहर में आना पड़ेगा।
140 एमएलडी क्षमता के सीवेरज ट्रीटमेंट प्लांट दीनापुर से गंगा और वरुणा में मल जल मिलने से रोकने में मदद मिलेगी। इसी तरह रामनगर में इंटरसेप्सन, डायवर्जन ऑफ ड्रेन योजना से गंगा में प्रदूषण में कमी आएगी। ऐसे ही चौकाघाट सीवेज पंपिंग स्टेशन पर तीन पंपिंग स्टेशन, इंटरसेप्सन सीवर और पंपिंग मेन कार्य से घरेलू सीवेज को टैप कर पंपिंग स्टेशन तक पहुंचेगा। तेवर ग्राम में पाइप पेयजल योजना से गांव को शुद्ध पानी मिलेगा।
रामनगर मल्टी मॉडल टर्मिनल
- फोटो : अमर उजाला
हल्दिया से वाराणसी तक जल परिवहन के लिए रामनगर स्थित मल्टी मॉडल टर्मिनल की लागत 206 करोड़ रुपये है। इस माध्यम से आने वाला मालभाड़ा सड़क मार्ग से आने वाले मालभाड़े से कम होगा। यहां से हल्दिया तक जाने वाले मार्ग में जगह-जगह सामान उतारने के लिए सेंटर बनाए जाएंगे।
पूर्वांचल में काशी मुख्य सेंटर होगा, जहां से माल चढ़ाया और उतारा जाएगा। इसके अलावा रामनगर में हेलीपोर्ट निर्माण का शिलान्यास होगा। इससे पर्यटक घाटों व शहर के हेलीकाप्टर से दर्शन का आनंद ले सकेंगे। दूसरी ओर करौदी में वाहन चालकों को प्रशिक्षण देने के लिए केंद्र का शिलान्यास किया जाएगा। परिवहन विभाग यहां वाहन चालकों प्रशिक्षण देगा।
काशी ने मुझे अद्वितीय प्रेम दिया: प्रधानमंत्री
काशी आगमन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर अपने प्रति काशी के अनूठे प्रेम का इजहार किया है। प्रधानमंत्री ने तीन ट्वीट से काशी आने की जानकारी और विकास का भरोसा दिया। शनिवार को ट्वीट कर पीएम ने कहा, काशी ने मुझे अद्वितीय प्रेम दिया है। ये प्राचीन शहर को और मजबूती प्रदान करने के लिए जिन आधुनिक बुनियादी सुविधाओं की हकदार हैं, उसे वह देने का मैं हरसंभव प्रयास कर रहा हूं।
पीआईबी के ट्वीट को रिट्वीट कर लिखा है कि इस महीने के 12वें दिन मैं विकास परियोजनाओं का उद्घाटन के लिए काशी में रहने की उम्मीद करता हूं। इसमें शहर और शेष यूपी, विशेष रूप से पूर्वांचल पर एक परिवर्तनीय प्रभाव होगा। मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट एंड हाइवेज के ट्वीट पर लिखा एक प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजना, जो वाराणसी के लोगों के लिए आराम की सुविधा को बढ़ाएगी।