नकली दवाओं के अंतरप्रांतीय कारोबार के मामले में रोहनिया पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एसटीएफ की कार्रवाई में मुख्य सप्लायर अभिषेक सिंह, हाशिम और मोनू की गिरफ्तारी के बाद रोहनिया पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस हिमाचल प्रदेश और मेरठ से जुड़े आरोपियों को वाराणसी लाने की तैयारी में जुटी है। इसके लिए प्रकरण से जुड़े हाशिम और मोनू के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस दोनों को वारंट बी के जरिये वाराणसी लाने के लिए साक्ष्य और जरूरी दस्तावेज दुरुस्त कर रही है। टीम को अगले 48 घंटे के अंदर निकलना था लेकिन पुलिस दस्तावेज और साक्ष्यों को मजबूत करने के बाद अब मेरठ जाएगी साथ ही हिमाचल प्रदेश में भी जरूरत पड़ने पर पूछताछ करेगी।
कुछ दिनों पहले हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ क्षेत्र में एसटीएफ मेरठ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने किराये के मकान में संचालित फैक्टरी पर छापा मारा था। यहां से दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया।
दोनों के खिलाफ मेरठ में प्राथमिकी दर्ज कराया जाएगा। इसी कारोबार से जुड़े मुख्य सरगना अभिषेक सिंह को एसटीएफ ने वाराणसी के चितईपुर से गिरफ्तार किया था। इस मामले में रोहनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
टीम जल्द ही दोनों आरोपियों से पूछताछ के लिए मेरठ भेजी जाएगी। पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के साथ नकली दवाओं की सप्लाई से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। दस्तावेज और साक्ष्यों को मजबूत किया जा रहा है। - अवधेश विश्वकर्मा, एसीपी रोहनिया