सात साल की मासूम से दुराचार सहित अन्य मामलों के आरोपी पिता की गिरफ्तारी के लिए वाराणसी से लंका पुलिस की एक टीम उत्तराखंड के लिए रवाना हो गई है। पुलिस टीम वहां हल्द्वानी पुलिस की मदद से आरोपी को हिरासत में लेने के बाद वाराणसी ले आएगी।
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर की एक सीनियर रेजीडेंट ने हल्द्वानी निवासी अपने कार्डियोलाजिस्ट पति के खिलाफ दुराचार सहित अन्य आरोपों में लंका थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि 23 मार्च को वो उनकी बेटी को उसके पिता हल्द्वानी ले गए थे।
तीन अप्रैल को हल्द्वानी से वो बेटी को लेकर वापस आईं तो वो काफी सहमी हुई थी। काफी कुरेदने पर बेटी ने बताया कि पापा उसके साथ घिनौनी हरकत करते थे। विरोध करने पर मारते-पीटते थे। सीनियर रेजीडेंट ने बताया कि उन्होंने पति को फोन कर नाराजगी जताई तो उन्हें और बेटी को जान से मारने की धमकी दी गई।
सीनियर रेजीडेंट ने बताया कि घटनाक्रम से भयभीत होकर उन्होंने खुद और बेटी की सुरक्षा के लिए उन्होंने मुकदमा दर्ज करा कर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में इंस्पेक्टर लंका ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम को हल्द्वानी रवाना किया गया है।