चेन लूट मामले में किया थाने का घेराव
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी जिले के चितईपुर थाना अंतर्गत सोमवार को चेन स्नेचिंग की घटना से आक्रोशित करौंदी वार्ड के पार्षद श्याम भूषण शर्मा मंगलवार को अपने साथियों के साथ थाने का घेराव करने पहुंचे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर पुलिस का विरोध किया।
पार्षद श्याम भूषण शर्मा ने अपने साथी सुसुवाही वार्ड के पार्षद सुरेश पटेल, गुड्डू सराय नंद वार्ड के पार्षद मदन गोपाल तिवारी सहित अन्य भाजपा नेताओं के साथ चितईपुर थाने का घेराव कर दिया। उनकी प्रमुख मांग है कि घटना का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए। चितईपुर थाना प्रभारी को हटाया जाए। हैदराबाद गेट के पास पुलिस की ड्यूटी लगाई जाए।
पार्षद श्याम भूषण का आरोप है कि थाना प्रभारी के नंबर पर व्हाट्सएप और फोन करने पर इनका फोन नहीं उठता है। कहा कि करौंदी, महामानपुरी कॉलोनी, नासीरपुर पार्कों के पास पुलिस की तैनाती की जाए।
उधर, थाने पर धरना प्रदर्शन की सूचना के बाद एसीपी भेलूपुर डॉक्टर ईशान सोनी, एडीसीपी टी सरवणन सहित काफी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रही। मेयर अशोक तिवारी ने पार्षदों से फोन पर बात करके कारवाई का आश्वासन देकर धरना खत्म कराया।
ये है मामला
चितईपुर थाना क्षेत्र के नासीपुर इलाके में स्थित महामना पूरी कॉलोनी में रहने वाली 70 वर्षीय बृजबाला देवी के गले से लूटेरों ने चेन छीन लिया औक फरार हो गए। जानकारी होने पर बृजबाला देवी के भतीजे करौंदी वार्ड पार्षद श्यामभूषण शर्मा ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर चितईपुर थानाध्यक्ष निकिता सिंह, एसीपी भेलूपुर ईशान सोनी ने पहुंचकर मामले की जानकारी ली थी।