Varanasi News: बड़ागांव थाना क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत के बाद वाहनों में तोड़फोड़ व जाम लगाने के मामले में 60 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
वाराणसी-बाबतपुर मार्ग पर जमालपुर स्थित एलपीजी बॉटलिंग प्लांट के पास सोमवार को सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी। युवक की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बाटलिंग प्लांट के आसपास खड़े मालवाहकों में तोड़फोड़ के साथ ही सड़क पर जाम लगा दिया था। मामले को लेकर एक ट्रक के चालक की तहरीर पर बड़ागांव थाने में 60 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
बड़ागांव थाना क्षेत्र के जमालपुर स्थित एलपीजी बाटलिंग प्लांट के पास एक ट्रक की चपेट में आने से बाइक से जा रहे दो आकाश सिंह उर्फ मोनू (19) की मौत हो गई थी। आकाश के साथ बाइक पर सवार विपिन सिंह घायल हो गया था। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने घटनास्थल के पास दुकानों को बंद करा कर सड़क पर जाम लगा दिया था। इसके बाद वहां खड़े और आने-जाने वाले मालवाहकों में तोड़फोड़ की थी।
मामले को लेकर जमालपुर गांव निवासी ट्रक चालक चंद्रजीत यादव और प्रयागराज जिले के झूंसी थाना क्षेत्र के नरायनदासपुरा निवासी ट्रक चालक अनिल कुमार ने बड़ागांव थाने की पुलिस से शिकायत की। बताया कि उनके ट्रक में तोड़फोड़ कर गैस सिलिंडर लूटने का प्रयास किया गया।
उधर, इस संबंध में बड़ागांव थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक चालक चंद्रजीत की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।