लोकसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक जिले में पुलिस 12120 लोगों को पाबंद कर चुकी है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और जिले के अति संवेदनशील 11 मजरों में इसे लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। वहीं, जिले के 10661 लाइसेंसी असलहों में से 4632 पुलिस द्वारा जमा कराए जा चुके हैं।
आम चुनाव के लिए केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने 10 मार्च को आदर्श आचार संहिता लागू की थी। तब से अब तक जिले की पुलिस ने 34 अवैध असलहे और 60 कारतूस जब्त किए। 55 के खिलाफ गुंडा एक्ट व नौ के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई कर दो लोगों को जिलाबदर किया गया। इस बीच 127 वारंटियों की धरपकड़ के साथ ही 6200 लीटर देशी और 11300 लीटर अंग्रेजी अपमिश्रित शराब बरामद की गई।
लोकसभा चुनाव के मतदान के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगने का सिलसिला शुरू हो गया है। आईजी लॉ एंड आर्डर प्रवीण कुमार ने दो टूक कहा है कि नशे के आदी, अनुशासनहीन, बीमार, 55 वर्ष की उम्र से ज्यादा के पुलिसकर्मियों की ड्यूटी चुनाव में न लगाई जाए। वहीं, जिन पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं, उनकी ड्यूटी भी चुनाव में नहीं लगाई जाएगी।
उधर, चुनाव के पहले चरण में 14 अप्रैल को होने वाले मतदान के मद्देनजर जिला पुलिस के 125 दरोगा गाजियाबाद के लिए और 143 हेड कांस्टेबल व 968 सिपाही सहारनपुर जिले के लिए मांगे गए हैं। वहीं, दूसरे चरण में 18 अप्रैल को होने वाले मतदान के मद्देनजर जिला पुलिस के 125 दरोगा, 143 हेड कांस्टेबल व 1160 कांस्टेबल अमरोहा जिले के लिए मांगे गए हैं।