पुलिस के गिरफ्त में दोनों आरोपी (ब्लू माक्क में)
- फोटो : पुलिस
वाराणसी के पहड़िया मंडी के पास से ट्रक चुराकर उसके पार्ट्स को अलग-अलग कर चोरों के अंतरराज्यीय गिरोह ने बिहार के छपरा में बेच दिया। लालपुर-पांडेयपुर थाने की पुलिस ने ट्रक के अलग-अलग पार्ट, एक कार, 83, 100 रुपये और मोबाइल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान चोलापुर थाने के अटेसुआ के विकास उर्फ लाले यादव और बिहार के छपरा के पूर्वी रौजा के बहादुर राय के रूप में हुई है। मामले में तीन आरोपियों की पुलिस को तलाश है।
चित्रगुप्त नगर कॉलोनी, रमरेपुर निवासी रविकांत सिंह ने छह जुलाई को तहरीर में बताया था कि पहड़िया मंडी के पास से उनका खाली ट्रक चोरी हो गया है। डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीणा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर थाना प्रभारी राजकुमार ने जांच शुरू की। टीम के दरोगा राम केवल यादव, प्रदीप यादव व विद्यासागर और हेड कांस्टेबल सुरेंद्र मौर्या व सिपाही मनीष तिवारी ने सीसी कैमरों की फुटेज की जांच की।
पता चला कि ट्रक की आखिरी लोकेशन छपरा थी। सर्विलांस की मदद से विकास उर्फ लाले यादव और बहादुर राय चिह्नित हुए। दोनों को गोइठहां के रिंग रोड मोड़ से पुलिस ने पकड़ा।