वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र में पिछले दिनों सिगरेट नहीं देने पर बुजुर्ग दुकानदार की गोली मारकर हत्या के आरोपी को पुलिस और क्राइम ब्रांच ने बुधवार भोर में चोलापुर थाने क्षेत्र के बेला रोड के पास से मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से .32 बोर की अवैध पिस्टल, आठ गोली और एक बाइक मिली है। पुलिस की गोली से घायल बदमाश को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से उसे दोपहर बाद जेल भेज दिया गया। आरोपी मुखबिरी के शक में उगापुर के टिंकू यादव की हत्या करने जा रहा था।
एडीसीपी सरवणन टी. ने बताया कि आरोपी की पहचान चौबेपुर के उगापुर निवासी सुनील यादव के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में 13 केस दर्ज हैं। एसीपी सारनाथ अतुल अंजान त्रिपाठी के नेतृत्व में सुबह 4 बजे चौबेपुर थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा, चोलापुर थानाध्यक्ष ईश्वर दयाल दुबे और क्राइम ब्रांच प्रभारी मनीष मिश्रा ने टीम के साथ घेराबंदी की।
पुलिस मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
बाइक से आ रहे सुनील यादव को टीम ने रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। बाइक से गिरते ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बिरनाथीपुर गांव में 13 सितंबर की रात सिगरेट न देने पर पान विक्रेता शारदा यादव की सुनील और उसके साथियों ने हत्या कर दी थी। बेटे कन्हैया ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में सुनील के साथी मुलायम यादव और दोस्त आलोक यादव को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
गांव के टिंकू यादव को मारने जा रहा था संदीप
पूछताछ में संदीप ने बताया कि वह साथियों के साथ हाईवे पर बाबा ढाबा के आगे मोबाइल व सिगलुपुर अंडरपास पर चेन छीन चुका है। वारदात के रुपये से पिस्टल खरीदी। मालूम चला कि गांव के टिंकू यादव ने पुलिस से मुखबिरी की है तो उसे ठिकाने लगाने जा रहा था। धरसौना बाजार के पास पुलिस को आते देख भागने लगा और बाइक फिसल कर गिर गई। पुलिस से बचने के लिए फायरिंग कर दी।