ऐसा तो नहीं होगा कि मोदीजी ने घर में झगड़ा करा दिया...? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह बात सुनकर काशी की महिलाएं अपनी हंसी नहीं रोक पाईं। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार की दोपहर करखियांव स्थित बनास डेयरी में गीर गाय पालने वाली 51 महिलाओं से मुलाकात की थी। काशी से जाने के बाद पीएम ने शनिवार को एक्स पर महिलाओं से बातचीत का वीडियो पोस्ट किया।
माताओं ने कहा-अच्छा लग रहा, मोदीजी को आशीर्वाद
प्रधानमंत्री ने महिलाओं से पूछा कि गांव में और लोगों के बीच बात हो रही है कि नहीं? लोगों को अच्छा लग रहा है कि मोदीजी कुछ अच्छा काम कर रहे हैं? माताओं का आशीर्वाद रहेगा मोदीजी को? इस पर सभी महिलाओं ने कहा कि सभी को अच्छा लग रहा है और हमारा आशीर्वाद साथ है।
गीर गाय आने से 15 वर्ष पुराने जमीन विवाद का निपटारा हुआ
एक महिला ने बताया कि हमारे घर पर गीर गाय आने से 15 वर्ष पुराने जमीन विवाद का निपटारा हुआ। गीर गाय के दूध के सेवन से हमारे कमर और पैर का पुराना दर्द भी सही हो गया। इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि सब दुखों की एक दवा गीर गाय...। प्रधानमंत्री ने महिलाओं को बताया कि टीकाकरण का काम सरकार के साथ ही बनास डेयरी की ओर से भी कराया जाता है।