पेट्रोल और डीजल के दामों में हो रही बेतहाशा बढ़ोतरी के विरोध में समाजवादी युवजन सभा की ओर से शनिवार को शाम शास्त्री चौक पर अनूठे ढंग से धरना दिया गया। नेताओं ने बाइक को सड़क पर लिटा कर उस पर सफेद कफन डाल कर फूल मालाएं चढ़ाई और उसके बाद धरना शुरू किया।
युवजन सभा के प्रदेश सचिव जितेंद्र यादव मलिक ने कहा कि सरकार गरीबों पर चौतरफा वार कर रही है। कोरोना ने हर किसी की कमर तोड़ कर रख दी है ऊपर से डीजल की कीमतों में रोज वृद्धि की जा रही है। जिसका सीधा असर लोगों की जेब पर पड़ेगा। किसान परेशान हैं। मजदूर परेशान हैं। नौकरी करने वाले परेशान हैं। गृहणियां घर का बजट गड़बड़ा जाने के चलते परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि अविलंब इस मूल्य वृद्धि को वापस लिया जाय।
उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन रामनगर थाना प्रभारी नरेश कुमार सिंह को सौंपने के बाद धरना समाप्त किया। धरने में जितेंद याद मलिक, दिलदार खान, इंजमामूल खान, राहुल यादव, गोविंद यादव, आकाश सिंह आदि कार्यकर्ता शामिल थे। धरने के दौरान रामनगर, लंका और आदमपुर थाने से पुलिस फोर्स मंगा ली गई थी।