वाराणसी के करधना गांव निवासी आजाद कुमार गौतम को मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार किया। आजाद कुमार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
करधना गांव के रामकुमार ने मिर्जामुराद थाने की पुलिस से शिकायत की थी। रामकुमार के अनुसार, आजाद कुमार किसी मंदिर की मूर्ति पर पैर रख कर अपने मोबाइल से फोटो खींचा है। उस फोटो को वह ग्रामीणों को दिखाता है और गांव में घूम-घूम कर देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी करता है। इसके साथ ही अपनी फेसबुक पेज पर देवी के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट करता है।
इसे लेकर ग्रामीणों में खासी नाराजगी है और आजाद कुमार लगातार सभी की धार्मिक भावनाएं आहत कर रहा है। इंस्पेक्टर मिर्जामुराद सुनील दत्त दूबे ने बताया कि शिकायत के आधार पर दरोगा बृजेश सिंह ने आजाद कुमार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वह मोबाइल भी बरामद किया गया है, जिसके माध्यम से वह लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत कर रहा था।