वाराणसी। राज्य महिला आयोग की सदस्य अर्चना ने बृहस्पतिवार को जिला महिला अस्पताल कबीरचौरा पहुंचकर यहां गर्भवती महिलाओं, नवजात बच्चों के इलाज की सुविधाओं की जानकारी ली। वार्ड में भर्ती महिलाओं से बातचीत कर जहां डॉक्टरों, कर्मचारियों के आने, खाना मिलने, समय-समय पर चादर बदले जाने आदि की हकीकत जानी वहीं ऑपरेशन थिएटर, एसएनसीयू में जाकर यहां भी सुविधाओं का जायजा लिया।
महिला अस्पताल में सुबह 11 बजे पहुंची आयोग की सदस्य अर्चना ने पहले एसआईसी डॉ. लिली श्रीवास्तव के साथ बैठक कर अस्पताल में सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की, इसके बाद वार्डों का दौरा किया।
रसोई घर में खाने के मेन्यू के साथ ही यहां काम करने वालों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। आयोग की सदस्य अर्चना ने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों की कमी है, इस बारे में शासन स्तर पर बातचीत कर इस कमी को भी पूरा कराया जाएगा। उन्होंने अस्पताल में चल रहे टीकाकरण का भी जायजा लिया।