वाराणसी। बनारस रेलइंजन कारखाना के रंगाशाला में आयोजित 65वां रेल सप्ताह पुरस्कार वितरण समारोह मंगलवार को धूमधाम से मना। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य
करने वाले 67 अधिकारियों व कर्मियों को महाप्रबंधक अंजली गोयल ने पुरस्कृत किया। इसके साथ ही विद्युत, यांत्रिक व भंडार विभाग की 8 अनुभागों व कार्यशालाओं को विशेष अवार्ड से नवाजा गया।
महाप्रबंधक अंजली गोयल ने बताया कि भारतीय रेल में रेल सप्ताह समारोह प्रतिवर्ष अप्रैल माह में मनाया जाता है लेकिन वर्ष 2020 में कोविड-19 के कारण रेल सप्ताह समारोह समय पर नहीं मनाया जा सका था। अधिकारियों व कर्मियों ने कोरोना काल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बरेका का मान बढ़ाया है।
इस विषम परिस्थिति में लॉकडाउन के बावजूद बरेका के कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने अपनी कार्यक्षमता से न केवल उत्पापदन को बनाए रखा बल्कि गत वर्ष के मुकाबले अधिक लोकोमोटिव का उत्पादन भी किया। मुख्य जन संपर्क अधिकारी विजय कहा कि इस ऐतिहासिक यात्रा के 167 वर्ष पूरे हो रहे हैं और भारतीय रेल की विकास यात्रा आज भी जारी है। बरेका अब तक 8845 से अधिक रेल इंजन बना चुका है। धन्यवाद ज्ञापन जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार व संचालन अमलेश श्रीवास्तव ने किया।