वाराणसी। गुजरात के कच्छ की तर्ज पर अब बनारस में भी काशी महोत्सव के लिए शासन से अनुमति मांगी गई है। गंगा पार रेती पर इस महोत्सव के आयोजन कराने के पीछे प्रशासन की मंशा है कि गंगा पार शहर का विस्तार हो जिससे प्रमुख आयोजनों में भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। पर्यटन विभाग ने टेंट सिटी बसाकर काशी से जुड़े लोकल आयोजनों व कलाकारों को विश्व मंच पर लाने की पहल इस आयोजन के जरिए की है। इसके लिए व्यापक प्लानिंग की जा रही है। इसके लिए गत महीने सर्वे पूरा करते हुए डीएम के जरिए शासन को पत्र भेजकर यहां आयोजन कराने की मंजूरी मांगी गई है।
पर्यटन विभाग की ओर से कछुआ सेंक्चुरी वाले इलाके में ही आयोजन कराया जाएगा। इसके लिए राजघाट से लेकर विश्व सुंदरी पुल के समक्ष रामनगर तक करीब नौ किलोमीटर का दायरा चिन्हित किया गया है। हालांकि अब कछुआ सेंक्चुरी का वजूद यहां नहीं है और उसे वन विभाग ने किवारी मेजा गंगा से प्रयागराज की सीमा तक करीब 30 किलोमीटर के एरिया में शिफ्ट कर दिया है।