Varanasi News : कैंट स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब यात्री हंगामा करने लगे। वजह वंदे भारत का निरस्त होना बताया जा रहा था। वहीं, माैके पर कोई भी जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहंचा।
वंदे भारत एक्सप्रेस निरस्त होने से नाराज यात्रियों ने बुधवार की अपराह्न कैंट स्टेशन पर हंगामा किया। प्लेटफार्म संख्या एक स्थित निदेशक कक्ष में निदेशक के नहीं मिलने पर आक्रोशित यात्रियों ने ट्रैक पर उतरकर कामायनी एक्सप्रेस रोक दी। 15 मिनट तक कामायनी रूकी रही और यात्री नारेबाजी किए। आरपीएफ और जीआरपी ने किसी तरह यात्रियों को समझा बुझाया। देर शाम तक यात्रियों का समूह कैंट स्टेशन पर विरोध दर्ज कराया।
विज्ञापन
प्रयागराज रामबाग रेलखंड पर निर्माण कार्य के चलते वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन बदले मार्ग से किया जा रहा है। सुबह अचानक रेलवे ने वाराणसी से प्रयागराज के बीच 22436 वंदे भारत एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया। सुबह 11.32 बजे मोबाइल पर मैसेज मिलने पर यात्रियों ने अपना टिकट रिफंड कर दिया, जिन्हें मोबाइल पर मैसेज नहीं मिला वह स्टेशन पहुंच गए। 50 से 60 की संख्या में यात्री कैंट निदेशक कार्यालय पहुंचे और अपनी नाराजगी जताई।
निदेशक अर्पित गुप्ता के कार्यालय में नहीं मिलने पर यात्री आक्रोशित हो गए। निदेशक कक्ष के कर्मियों ने भी सही जानकारी नहीं दी। इससे भड़के यात्रियों ने प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी कामायनी एक्सप्रेस को रोक दिया। निदेशक को बुलाने की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी।
विज्ञापन
कामायनी एक्सप्रेस के खड़ी होने की सूचना मिलते ही कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत कुमार सिंह और आरपीएफ निरीक्षक संदीप यादव ने यात्रियों को समझाया बुझाकर शांत कराया। इसके पूर्व यात्रियों को डिप्टी एसएस कार्यालय और सीआईटी कार्यालय भी धमके। वहां सीआईटी जनार्दन सिंह को भी घेर लिया था। शाम तक यात्रियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो सका।