फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: नामी कंपनियों के सिम देकर फ्राॅड करता था, अरेस्ट, घर से दो लाख की चोरी; वाराणसी की खबरें

Sat, 23 Aug 2025 05:56 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में सिम प्रमोटर को गिरफ्तार किया गया है। वह लोगों के साथ धोखाधड़ी करता था। वहीं, शिवपुर थाना क्षेत्र में रिटायर्ड फौजी के घर चोरी हो गई। बंद मकान के ताले की कुंडी काटी गई थी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: नामी कंपनियों के नाम पर सिम देकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले एक सिम प्रमोटर को रेलवे स्टेशन मार्ग से पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके पास से 900 रुपये नकद, 9 सिम, मोबाइल और एक ई-टॉप सिम बरामद किया गया। थानाध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बनवांग, तरवा (आजमगढ़) निवासी संतोष पांडेय सारनाथ स्टेशन पर आने वाला है। 

विज्ञापन


पूछताछ में बताया कि वह नई बस्ती पांडेयपुर में किराये के मकान में रहता था। धोखाधड़ी में उसके साथ सारनाथ अकथा बेनीपुर के सोनू यादव और रुस्तमपुर, गोरखपुर निवासी विपिन गिरी भी शामिल हैं। सिम का डिस्ट्रीब्यूटर विपिन गिरी है। सोनू व सौरभ मर्चेंट और जियो फाइबर के नाम पर पैसे लेते हैं। 

शौक पूरे करने के लिए करते थे लूट, दो गिरफ्तार
वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र के नासीपुर के गणेशपुरी कॉलोनी की पुष्पा देवी की चेन लूटने वाले आरोपियों को चितईपुर पुलिस ने गौतम नगर कॉलोनी के मोड़ से शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक चितईपुर प्रवीण कुमार ने बताया कि आरोपी विकास जायसवाल किरहिया जिवधीपुर और अमन यादव खोजवा किरहिया का रहने वाला है। विकास पर भेलूपुर थाने में गैंगस्टर सहित 6 केस हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि शौक पूरा करने के लिए लूट को अंजाम देते थे। दोनों के पास से लूटी गई चेन और मोटरसाइकिल बरामद हुई।

विज्ञापन

बिना नक्शा पास कराए बनाया दो मंजिला मकान, ध्वस्त
भेलुपुर जोन के नगवां वार्ड अंतर्गत ककरमत्ता में 700 वर्गफीट में अवैध निर्माण शुक्रवार को वीडीए प्रवर्तन दल ने ध्वस्त कराया। यहां बिना नक्शा पास कराए ग्राउंड फ्लोर के साथ दो मंजिला बिल्डिंग बनाई जा रही थी। अधिकारियों ने मौके पहुंच कर निर्माण को ध्वस्त कराया और मकान मालिक को चेतावनी दी।

चोरी की 17 पेंट की बाल्टी के साथ 3 गिरफ्तार
रोहनिया थाना क्षेत्र के केशरीपुर निवासी जोखन राम की हार्डवेयर की दुकान से 18 अगस्त को 17 बाल्टी पेंट की चोरी हो गई थी। शुक्रवार को चोरी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक गंगापुर मोड़ पर पेंट की बाल्टी लेकर खड़े हैं। आरोपी उन्हें बेचने की फिराक में हैं। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी भागने लगे। मनियारीपुर निवासी अभिषेक राय, बलिरामपुर निवासी अनुराग मौर्य, रमेश पटेल उर्फ बाबू को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

लापता महिला, दो माह के बच्चे को किया बरामद
लालपुर पांडेयपुर चौकी क्षेत्र से लापता महिला व उसके दो माह के बच्चे को शुक्रवार को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। शैलेंद्र बिंद पुत्र गुड्डू निवासी हुकुलगंज, पांडेयपुर ने पुलिस को बताया था 19 अगस्त से उनकी पत्नी निर्मला अपने छोटे बच्चे के साथ कहीं चली गई है। इस पर चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक प्रवीण सचान और महिला उपनिरीक्षक आकांक्षा मिश्रा ने सर्विलांस की मदद से रिश्तेदारों से संपर्क साधा।

पूछताछ में महिला ने बताया कि पति से छोटे-मोटे विवाद के चलते वह नाराज होकर सबक सिखाने के इरादे से अपने मामा के घर इमिलिया, आजमगढ़ चली गई थी और मामा से कह रखा था कि यदि कोई पूछे तो बता दें कि वह यहां नहीं आयी।

हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सौंपा ज्ञापन
गाजीपुर के मोहम्मदाबाद निवासी आदित्य वर्मा की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक गाजीपुर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। अध्यक्ष सत्यनारायण सेठ ने पीड़ित परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया। इस दौरान धर्मेंद्र वर्मा (बबलू), जनार्दन वर्मा, सतीश वर्मा उपस्थित रहे।

मारपीट की दो घटनाओं में पांच घायल
बड़ागांव थाना क्षेत्र के चंगवार गांव में 20 और 21 अगस्त को मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं में चार लोग घायल हो गए। राजेश वर्मा ने आरोप लगाया है कि ओम वर्मा, गौरव, जय वर्मा और अशोक 20 अगस्त को घर के पास पुलिया पर बैठे थे। शाम को गांव के ही विपक्षी किशन, राजेश, जगदीश, प्रिंस और मुन्ना सहित अज्ञात ने उन्हें मारपीट कर घायल कर दिया। इसी गांव में 21 अगस्त की शाम 6 बजे भट्ठे पर काम कर घर लौट रहे दीपचंद सरोज को गांव के ही विपक्षी प्रिंस यादव, किशन और अज्ञात ने बिना कारण जातिसूचक गालियां दीं। साथ ही मारपीट कर घायल कर दिया।

रिटायर्ड फौजी के घर 2 लाख की चोरी
शिवपुर के लक्ष्मी नगर कॉलोनी के चमाव कोईरान में रिटायर्ड फौजी राजेश यादव के घर चोरी हो गई। बंद मकान के ताले की कुंडी काटकर चोर घर में रखा दो लाख का सोना, चांदी के आभूषण, 7000 नगद और सीसी कैमरे की डीवीआर तक उठा ले गए। राजेश ने बताया कि 17 अगस्त की सुबह पैतृक गांव रसूलपुर बड़ागांव गए थे। पुलिस आसपास के सीसी कैमरे की जांच कर चोरों का पता लगा रही है। 

दो दुकानों का ताला तोड़कर चोरी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के घसियारी टोला मोड पर दो दुकानों का ताला तोड़कर चोर नकदी और सामान उठाकर ले गए। घसियारी टोला के सुनील कुमार साहनी और मनोज कुमार निषाद गुमटी में चाय-पान के साथ जनरल सामान बेचते हैं। सुनील की दुकान से चोर 3000 नकद और सामान उठा ले गए। जबकि मनोज निषाद की दुकान से सामान उठा ले गए। दुर्गाकुंड चौकी प्रभारी विकास मिश्रा ने बताया कि दोनों दुकानों पर जांच की गई है। 

बिना इजाजत चलाई गाड़ी, कर दिया एक्सीडेंट, केस
मालिक की इजाजत के बिना गाड़ी चलाने और एक्सीडेंट करने के मामले में मैकेनिक के खिलाफ कैंट थाने में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। लोहता के युसूफ ने तहरीर में बताया कि 10 जून को उन्होंने अपनी गाड़ी नदेसर पानी टंकी के पास मोगली की वर्कशॉप में पेंट करने के लिए दी थी। एक जुलाई को गाड़ी लेने पहुंचे तो न मोगली मिला न गाड़ी। 

खोजबीन करने पर पता चला कि मोगली ने 30 जून की रात गाड़ी का एक्सीडेंट कर दिया था। गाड़ी मंडुवाडीह थाने में खड़ी है और मोगली हिरासत में है। जिसके बाद पुलिस से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। हारकर अदालत की शरण ली। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। 

65 यात्रियों से 38,130 जुर्माना वसूला
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में शुक्रवार को वाराणसी सिटी पर टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 15104 बनारस-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, 55131 बलिया-प्रयागराज रामबाग मेमू, 15018 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस , 15159 छपरा-दुर्ग एक्सप्रेस , 15111 छपरा-वाराणसी सिटी, 12562 नई दिल्ली-जय नगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस सहित विभिन्न एक्सप्रेस व विभिन्न ट्रेनों में चेकिंग अभियान चला। 

इसमें बिना टिकट यात्रा और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले कुल 65 यात्रियों को पकड़ा गया और 38,130 जुर्माना वसूला गया। छह यात्रियों को जुर्माना नहीं चुकाने पर रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। जांच अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक डीके सिंह के साथ 15 टिकट जांच कर्मचारी, 3 रेलवे सुरक्षा बल के जवान मौजूद रहे।

थानों में खड़े लावारिस वाहनों का करें निस्तारण
मिर्जामुराद थाना परिसर में शुक्रवार को डीसीपी गोमती जोन आकाश कुमार पटेल ने वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने बैरक व रजिस्टर का रखरखाव, शस्त्रागार में रखे असलहों, कारागार, दफ्तर, कंप्यूटर कक्ष, आगंतुक कक्ष, बैरक व पुलिस उपस्थित पंजिका, अपराध रजिस्टर, बीट रजिस्टर को देखा। सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब व मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय से कहा कि थाना परिसर में रखे लावारिस वाहनों का जल्द से जल्द निस्तारण करें। 

श्रमजीवी से मवेशी की टक्कर, कई ट्रेनें आउटर में रोकी गईं
शिवपुर यार्ड में शुक्रवार शाम श्रमजीवी एक्सप्रेस की एक मवेशी से टक्कर हो गई। जिसके चलते अप-डाउन लाइनें घंटों बाधित रहीं। 19314 पटना–इंदौर एक्सप्रेस, 14863 मरुधर एक्सप्रेस, 13239 पटना–कोटा एक्सप्रेस और 54263 वाराणसी–सुल्तानपुर पैसेंजर ट्रेन को आउटर पर रोकना पड़ा। इस रुकावट से यात्रियों को गर्मी और असुविधा झेलनी पड़ी। सूचना पर तकनीकी कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हिस्से को दुरुस्त करने के बाद ट्रैक को क्लियर किया गया। शाम करीब 6.30 बजे तक ट्रेनों का परिचालन सामान्य हो पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में जनहानि नहीं हुई। 

संदिग्ध हाल में घायल युवक की 9 दिन बाद मौत
जैतपुरा थाना क्षेत्र के शैलपुत्री इलाके में संदिग्ध हाल में घायल हुकुलगंज निवासी सूरज सोनकर (28) की बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। सूरज के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ जैतपुरा बृजेश मिश्रा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 14 अगस्त को सूरज को उसके दोस्त घायल अवस्था में लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंचे थे। सूरज को पेट, पीठ और सीने पर गंभीर चोट लगी थी। 

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया था। नौ दिन इलाज के बाद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि उस पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला किया गया है। एसओ जैतपुरा ने बताया कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद युवक की मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

जानलेवा हमले के मामले में आरोपित को मिली जमानत
रंजिश में अंडा विक्रेता को जान से मारने की नियत से गोली मारने के मामले में आरोपित को कोर्ट से राहत मिल गई। विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तृतीय) पूनम पाठक की अदालत ने बरवां, सिंधौरा निवासी आरोपित जितेंद्र उर्फ सोनू तिवारी को 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया। 

अभियोजन पक्ष के अनुसार, राजेंद्र पटेल 27 जुलाई 2025 को 11 बजे सुरेंद्र तिवारी के साथ बाजार से अपने घर आया। सुरेंद्र का बेटा दीपक वादी के घर आकर उसे मारने लगा। वादी ने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी देते हुए चला गया। शाम को सात बजे जब दुकान खोली तब सोनू एक व्यक्ति के साथ आया और गोली से मारने की धमकी देकर चला गया। 

एक घंटे बाद चारपहिया वाहन से विनीत सिंह, दीपक तिवारी और एक-दो अज्ञात आए और गोली चलाई। पुलिस ने 28 जुलाई 2025 को सिंधौरा थाने में दीपक तिवारी, सोनू तिवारी, विनीत सिंह व एक अन्य अज्ञात पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सोनू को जेल भेज दिया था। आरोपित के पास से घटना में प्रयुक्त असलहा बरामद किया था।

सागौन का पेड़ हाईटेंशन तार पर गिरा, ग्रामीणों ने हटाने की मांग की
चौबेपुर क्षेत्र के बनकट गांव मे एक विशाल सागौन का पेड़ लगभग एक सप्ताह पहले आई आंधी के दौरान 11000 वोल्ट की सप्लाई लाइन पर गिर गया था। यह पेड़ अभी भी तारों पर लटका हुआ है। इससे हाई वोल्टेज तार जमीन के बेहद करीब आ गए हैं। ग्रामीण राहुल और सुभाष ने मांग की है कि अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर पेड़ को हटवाएं और लाइन को सुरक्षित कराएं।

देह व्यापार के मामले में संचालक समेत दो को मिली जमानत
अनैतिक देह व्यापार के मामले में दो आरोपितों को कोर्ट से राहत मिल गई है। न्यायिक मजिस्ट्रेट (द्वितीय) प्रियल शर्मा की अदालत ने आरोपित टिंकू शर्मा व शेख साकिर हुसैन को 25-25 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया।

दहेज में कार के लिए बहू को पीटकर घर से निकाला
दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने पर बहू को ससुरालियों ने पीटकर घर से निकाल दिया। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर महिला थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को पति और सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गुगौली गांव निवासी राधा ने शिकायत में बताया कि वाराणसी जिला भेलपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर निवासी अनिल के साथ बड़ी बहन सुमन की शादी हुई थी। वर्ष 2021 में सुमन की मौत हो गई। 

परिजनों की सहमति पर उसकी शादी 22 अप्रैल 2022 को बहनोई अनिल के साथ हुई। शादी के बाद से ससुराली दहेज में कार की मांग करने लगे। कई बार मायके और ससुरालियों के बीच पंचायत हुई। आरोप है कि पति और सास लक्ष्मी ने दो माह पहले उसे लात-घूसों व बेल्ट से पीटकर घर से निकाल दिया। महिला थानाध्यक्ष संगीता यादव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पति और सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या
आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया निवासी विशाल यादव (25) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया। विशाल घर के पास दूध और मलाई की दुकान चलाता था। मामले में इंस्पेक्टर आदमपुर वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

लूट के 15 दिन बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
फूलपुर थाना क्षेत्र के कैथौली के पास ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रहे युवक की बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन व मोबाइल छीन ली। घटना के 15 दिन बाद सीपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस कमिश्नर को दिए प्रार्थना पत्र में संदीप दीक्षित निवासी बेलवा फूलपुर ने बताया कि वह 6 अगस्त की शाम बजे 7 ट्यूशन पढ़ाकर साइकिल से घर जा रहा था। कैथौली से 300 मीटर आगे पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने असलहा सटाकर गले से चेन व फोन लूट लिया।

जर्जर मकान की ईंट गिरी, मीरघाट का रास्ता बंद
मीरघाट तिराहे पर जर्जर मकान से शुक्रवार दोपहर में बारिश के दौरान अचानक ईंट व पटिया गिरने लगी। मकान गिरने की आशंका को देख श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की सुरक्षा में पॉइंट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने मीरघाट जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया। मोहल्ले वालों की आवाजाही के लिए डेढ़मल गली की तरफ से रास्ता मोड़ दिया गया। हालांकि, गेट नंबर दो जाने वाला मार्ग चालू है। 

शुक्रवार को मीरघाट तिराहे पर बंद मकान से एक-दो ईंटे गिरी तो सामने चाय लगाने वाले मोनू यादव ने सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी। जर्जर मकान अरुण शर्मा का है। इसमें शिवालय भी है। कई दशक पूर्व अरुण शर्मा मकान में ताला बंद कर परिवार के साथ हरियाणा शिफ्ट हो गए हैं। साल-दो साल में देखभाल करने कोई न कोई आता रहता है। साथ ही मकान की देखभाल की जिम्मेदारी सामने तेलवाली कोठी के आरकेबीके वालों की दी है।

चोरी की दो बाइक के साथ दो गिरफ्तार
कैंट थाना पुलिस ने शुक्रवार को चोरी के दो आरोपियों को बाइक के साथ गिरफ्तार किया। अब्दुल्ला शेख उर्फ सम्राट निवासी नई बस्ती पांडेयपुर को गुरुवार देर रात हजरत बाबा अली मजार के पास से गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र ने बताया कि आरोपी पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। थाना कैंट और थाना सिगरा में दर्ज मुकदमों में वह वांछित था। 

शराब के साथ एक युवक गिरफ्तार
कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को जीआरपी और आरपीएफ ने 48 शीशी अंग्रेजी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर गश्त के दौरान जहानाबाद, बिहार के निवासी दीपक को एक पिट्ठू बैग में शराब के साथ पकड़ा गया। शराब की कीमत 7200 रुपये है।

अस्पतालों से जुटाएंगे बच्चों का डाटा, खोलेंगे सुकन्या समृद्धि खाता
डाक विभाग अस्पतालों और विभागों से बच्चों का डाटा लेगा। इसके बाद उनका सुकन्या समृद्धि सहित विभिन्न तरह के लाभकारी योजनाओं से जोड़कर उनके खाते खोले जाएंगे ताकि उनकी पढ़ाई, शादी में आर्थिक दिक्कतों का सामना न करना पड़े। 

वाराणसी डाक परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कर्नल विनोद कुमार ने शुक्रवार को कैंटोमेंट स्थित कैंट डाकघर के पीएमजी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि स्कूलों में जाकर बच्चों को मुंशी प्रेमचंद, जयशंकर प्रसाद, भारतेंदु हरिश्चंद्र, आचार्य रामचंद शुक्ल जैसे साहित्यकारों के बारे में जानकारी दी जाएगी। कर्नल विनोद के वाराणसी परिक्षेत्र की जिम्मेदारी संभालने के एक साल पूरे होने पर उन्होंने अपने काल में डाक विभाग में आए बदलाव और विकास के बारे में बताया।

शिविर में पेनाल्टी को गोल में बदलने का किया अभ्यास
प्रादेशिक हॉकी प्रतियोगिता में खेलने वाली वाराणसी मंडल की महिला टीम का शिविर लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में लगाई गई है। शिविर में 20 महिला खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। कोच इदरीस अहमद और अंकित गुप्ता की देखरेख में ये शिविर में खिलाड़ियों को पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलने का अभ्यास कराया जा रहा है।

शिविर में खिलाड़ियों को अलग-अलग कोण से पर शॉट लगाने और अपने टीम के खिलाड़ी को पास करने का अभ्यास कराया। शिविर में खिलाड़ियों को बॉल लेकर दौड़ लगाने अलावा स्ट्रैंथनिंग के लिए वर्कआउट कराया गया। इसके अलावा फॉरवर्ड खिलाड़ियों से शूटिंग कराई गई। उसमें उनको इस बात की जानकारी दी गई कि सेंटर और लेफ्ट विंग से हिट किस कोण से लगाना है।

गोवर्धनधारी मंदिर में मनाया गया षष्ठी महामहोत्सव
गोवर्धनधारी मंदिर में षष्ठी महामहोत्सव का आयोजन किया गया। गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार की सुबह आरती के पश्चात गोवर्धनधारी को पंच भोग अर्पित किया गया। शाम को आरती, छप्पन भोग, दुग्धाभिषेक के साथ ही श्री कृष्ण जीवन से जुड़ी कथा का वाचन किया गया।

शुक्रवार को नमो घाट स्थित गोवर्धन धाम में कथाचार्य स्वामी भजनानंद ने कथावाचन किया। इसके बाद रास लीला ने लोगों को खूब रिझाया। इस्कॉन भजन मंडली के भजन की गूंज रही। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष ने 2025-26 के लिए अपनी नई कमेटी की घोषणा की। इसमें जय प्रकाश यादव को महामंत्री, पारस यादव को उपाध्यक्ष बनाया गया।

अभय स्वाभिमानी, अशोक यादव, मनोज यादव, रामनरेश यादव एवं सुजीत यादव को मंत्री बनाया गया। इस दौरान पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, गोपालजी यादव, मेयर अशोक तिवारी, डॉ शिवनाथ यादव, पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी मौजूद रहे।

काशी विद्यापीठ में 91 विद्यार्थियों ने लिया दाखिला
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में शुक्रवार को बीए पेड सीट और एमबीए में 91 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग कराई। शनिवार को भी बीए की काउंसिलिंग होगी। प्रवेश सेल के सदस्य प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग के लिए ईमेल एवं मेसेज भेजे गए हैं। ई-मेल में दिए गए लिंक पर जाकर अभ्यर्थी अपना ई-मेल एवं जन्मतिथि लिखकर अभ्यर्थी अपना गेट पास डाउनलोड कर सकते हैं। बिना गेट पास के काउंसिलिंग सेंटर में अभ्यर्थियों का प्रवेश प्रतिबंधित होगा।

रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक आज आएंगे वाराणसी
रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (जन शिकायत) विकास कुमार जैन शनिवार को वाराणसी आएंगे। वह सुबह स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस से कैंट स्टेशन पहुंचेंगे। इसके बाद वह कैंट और काशी स्टेशनों का निरीक्षण करेंगे। वहां चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा मालवीय पुल के पास प्रस्तावित सिग्नेचर ब्रिज के लिए प्रस्तावित जगह का भी मुआयना करेंगे। उनका यह दौरा रेलवे के बुनियादी ढांचे और यात्री सुविधाओं में सुधार पर केंद्रित होगा। रविवार को वह धनबाद-फिरोजपुर गंगा-सतलज एक्सप्रेस से अयोध्या धाम के लिए रवाना हो जाएंगे।

ऊर्जा आधारित भट्टों से संवरेगा ईंट उद्योग
ईंट निर्माता परिषद और एलायंस फॉर एनर्जी एफिशिएंट इकॉनमी (एईईई) के संयुक्त तत्वाधान में शुक्रवार को छावनी स्थित एक होटल में ईंट उद्योग में ऊर्जा दक्षता, प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण विषय पर कार्यशाला हुई। इसमें ईंट उद्योग को अधिक प्रतिस्पर्धी और पर्यावरण के अनूकूल बनाने पर चर्चा हुई। 

शुभारंभ ईंट निर्माता परिषद के अध्यक्ष कमलकांत पांडेय, उद्योग विभाग के अपर आयुक्त उमेश कुमार सिंह, एईईई के अध्यक्ष डॉ. सतीश कुमार, एमएसएमई के संयुक्त निदेशक एलबीएस यादव और बीएचयू पर्यावरण विभाग के निदेशक अखिलेश सिंह रघुवंशी ने किया। कार्यशाला में एईईई की ओर से ईंट क्लस्टर में किए गए सर्वे के निष्कर्ष, एसओपी दस्तावेज और सर्वे रिपोर्ट फाइंडिंग्स का औपचारिक लॉन्च हुआ। 

कमलकांत पाण्डेय ने कहा कि जिगजैग तकनीक एवं स्वच्छ ऊर्जा आधारित भट्टों को अपनाने से ईंट उद्योग ऊर्जा की बचत करेगा। उद्योग विभाग के अपर आयुक्त उमेश कुमार सिंह ने इसे समय की आवश्यकता बताया। उद्यमी मित्र पूजा चाैबे, एमएसएमई के संयुक्त निदेशक एलबीएस यादव, डॉ. सतीश कुमार मौजूद रहे। 

पार्थेनियम उन्मूलन और जागरूकता कार्यक्रम का समापन
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान में सप्ताह भर चले पार्थेनियम (गाजर घास) उन्मूलन और जागरूकता कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को इस हानिकारक खरपतवार से होने वाले खतरों और इसके नियंत्रण के तरीकों के बारे में शिक्षित करना था। 

कार्यवाहक निदेशक डॉ. नागेंद्र राय ने बताया कि यह घास फसलों की पैदावार को 35 से 45 प्रतिशत तक कम कर सकती है। इसके परागकण से सांस और त्वचा संबंधी बीमारियां हो सकती हैं। डॉ. राय ने कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। संस्थान के शोध क्षेत्र में प्रधान वैज्ञानिक डॉ. सिद्धार्थ कुमार सिंह की देखरेख में एक सामूहिक श्रमदान अभियान भी चलाया गया। 

खरीफ में उर्वरक की खपत की जांच
मंडल में खरीफ सीजन में यूरिया की अधिक खपत की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान डॉ. कुमार ने बिक्री रजिस्टर से किसानों का सत्यापन किया और उनसे सीधे बात की। दोनों दुकानों पर भौतिक सत्यापन में स्टॉक सही पाया गया। 

इफको ई-बाजार में 43 मीट्रिक टन यूरिया और 18.8 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध था, जबकि मिनाल ट्रेडिंग कंपनी में 203.03 मीट्रिक टन यूरिया और अन्य उर्वरक सही मात्रा में पाए गए। इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. रमेश कुमार ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि सरकार यूरिया और डीएपी पर भारी सब्सिडी देती है। इनका वितरण जीओएस मशीन से किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई विक्रेता अनावश्यक रूप से उर्वरक बेचता है या कालाबाजारी करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। निरीक्षण के समय संयुक्त कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार, उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल और जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौजूद रहे। 

कैंट स्टेशन की सही हुई घड़ी
कैंट रेलवे स्टेशन की पहचान बड़ी घड़ी शुक्रवार को सही हो गई। यह घड़ी पिछले एक महीने से अधिक समय से खराब थी। यह घड़ी तकनीकी कारणों से दस मिनट लेट चल रही थी। कई लोगों ने इसे लेकर शिकायत भी की। मामले की जानकारी होने पर स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने संबंधित कर्मचारियों को इसे जल्द सही कराने के निर्देश दिए।

पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने का किया अभ्यास
प्रादेशिक हॉकी प्रतियोगिता में खेलने वाली वाराणसी मंडल की महिला टीम का शिविर लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में लगाया गया है। शिविर में 20 महिला खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। कोच इदरीस अहमद और अंकित गुप्ता की देखरेख में ये शिविर में खिलाड़ियों को पेनल्टी काॅर्नर को गोल में बदलने का अभ्यास कराया जा रहा है। शिविर में खिलाड़ियों को अलग-अलग कोण से शॉट लगाने और अपने टीम के खिलाड़ी को पास करने का अभ्यास कराया। 

350 विद्यार्थियों ने गायन, वादन व पेंटिंग में दिखाई प्रतिभा
राष्ट्रीय एकता पर्व पर केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से केंद्रीय विद्यालय बीएचयू में एक भारत श्रेष्ठ भारत एवं कला उत्सव पर दो दिवसीय प्रतियोगिता शुरू हुई। छह संकुल के 350 छात्र व अनुरक्षक शामिल हुए। उन्होंने समूह नृत्य, गायन, डिस्प्ले ऑफ आर्ट एफेक्ट्स और ऑन द स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभा दिखाई। 

मुख्य अतिथि बीएचयू के कुलगुरु प्रो. संजय कुमार, विद्यालय प्रबंध समिति के नामित अध्यक्ष प्रो. एसएम सिंह, केवि वाराणसी संभाग के उपायुक्त डाॅ. अजय कुमार मिश्र, शालिनी दीक्षित, उप प्राचार्य शैलेंद्र कुमार, आशुतोष पाण्डेय ने प्रतिभागियों को बधाई दी। स्वागत प्राचार्य एके सिंह एवं संचालन एसपी मिश्र ने किया।

मृतक के परिजनों से मिले सपाई
समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मृतक महेंद्र गौतम के परिजनों से मुलाकात की। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ के नेतृत्व में सपा नेताओं ने मृतक के परिवार से संवेदना व्यक्त की। उन्होंने हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम पर है। प्रतिनिधिमंडल में सत्यप्रकाश सोनकर सोनू, पूर्व पार्षद वरुण सिंह व आनंद यादव शामिल रहे। 

गंगा तट पर हुआ शांतिपाठ, गंगा आरती और पुष्पांजलि अर्पित
गंगोत्री सेवा समिति के महाप्रबंधक स्व. मनीष शंकर दुबे की द्वितीय पुण्यतिथि पर शुक्रवार को दशाश्वमेध घाट पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गंगा के तट पर शांति पाठ, गंगा आरती और पुष्पांजलि अर्पित करके नमन किया गया। श्रद्धांजलि सभा में पं. किशोरी रमन दुबे बाबू महाराज ने कहा कि मनीष शंकर दुबे का पूरा जीवन मां गंगा की सेवा, समाजहित और सनातन धर्म के उत्थान को समर्पित रहा। पुण्यतिथि पर गंगा तट पर पांच ब्राह्मणों ने शांतिपाठ, गंगा आरती और पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान दिनेश शंकर दुबे, मयंक दुबे, संदीप दुबे सोनू आदि मौजूद रहे। 
विज्ञापन

आठ करोड़ की लागत से 37 मार्गों का होगा निर्माण
वाराणसी के कंदवा क्षेत्र में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की ओर से 10 वार्डों में 37 मार्गों के निर्माण और जल निकासी का एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा और रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने किया। इसकी कुल लागत आठ करोड़ से ज्यादा बताई गई है। इस दौरान पार्षद राजेश कन्नौजिया, बबलू सोनकर, कमलेश पाल, सलगू मौजूद रहे।

इमाम के पचासे पर आज से उठेंगे जुलूस
शहीदाने कर्बला और इमाम हुसैन के पचासे का पहला जुलूस शनिवार को रात नौ बजे से नई सड़क फाटक शेख सलीम से उठाया जाएगा। अंजुमन हैदरी की निगरानी में अलम, दलदल और ताबूत का जुलूस अपने कदीमी रास्तों से होकर देर रात दरगाहे फातमान पहुंचकर ठंडा होगा। वहीं, दोषीपुरा में रविवार को जुलूस उठाया जाएगा। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने बताया कि दोषीपुरा और चौहट्टा लाल खां से दो बड़े जुलूस उठेंगे। जुलूस सदर इमामबाड़ा लाटसरैया पहुंचकर समाप्त होंगे। तीन दिनों तक जुलूस का सिलसिला चलेगा।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें