फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: अस्पताल से उन्नाव जेल का बंदी भागा, करंट की चपेट में आया युवक; पढ़ें खबरें

Sat, 04 Oct 2025 05:51 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में मानसिक अस्पताल से बंदी के भाग जाने से हड़कंप मच गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम तैनात कर दी गई। वहीं, पोल में उतर रहे करंट से युवक उसकी चपेट में आ गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: पांडेयपुर स्थित मानसिक अस्पताल से शुक्रवार की शाम उन्नाव जिला जेल का बंदी भाग निकला। अस्पताल के पीछे उत्तरी दीवार फांदकर भागे कैदी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस सीसी कैमरे खंगाल रही है।

विज्ञापन


उन्नाव जेल के बंदी चंदन पासी उर्फ चंदा को कुछ दिनों पहले ही मानसिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मानसिक अस्पताल के कर्मचारी सुभाष शर्मा की ड्यूटी के दौरान शाम के समय उत्तरी दीवाल फांदकर चंदन पासी भाग निकला। वह उन्नाव जेल में मारपीट, विद्रोह समेत धमकी मामले में विचाराधीन था। मानसिक अस्पताल के निदेशक डॉ. सीपी मल्ल ने बताया कि कैंट पुलिस सहित उन्नाव पुलिस को सूचना दी गई है। अपने स्तर से भी खोजबीन की जा रही है।

पिपलानी कटरा पर करंट की चपेट में आया युवक, हालत गंभीर
पिपलानी कटरा स्थित कबीरमठ गली में एक पोल में करंट उतरने से युवक चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह मंडलीय अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी है। सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे परिजन युवक को लेकर महमूरगंज स्थित एक निजी अस्पताल लेकर आए।

रात करीब 9 बजे पिपलानी कटरा से कबीरमठ जाने वाले रास्ते पर पानी लगा था। इधर से बाइक से गुजर रहे बड़ी पियरी निवासी हिमांशु सिंह (32 वर्ष) को करंट लग गया। लोगों ने मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। अधिशासी अभियंता सौरभ झा ने बताया कि जिस पोल में करंट उतरा, वो नगर निगम की स्ट्रीट लाइट का पोल था। इस बारे में नगर निगम को सूचित किया जाएगा। उधर, नगर निगम के पीआरओ संदीप श्रीवास्तव का कहना है कि जिस समय घटना हुई, उस समय स्ट्रीट लाइट बंद थी।

आठ लाख के आभूषण पर चोरों ने किए हाथ साफ
सिंधोरा थाना क्षेत्र के ऊदपुर गांव में बीती रात चोरों ने सभाजीत यादव के मकान को निशाना बनाया। आठ लाख मूल्य के आभूषण समेत अन्य सामान चोर समेट ले गए। तीन माह पूर्व सभाजीत यादव के बेटी की शादी हुई थी। शादी में मिले आभूषण भी चोरी हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने छानबीन की है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि पीछे की दीवार के सहारे घर की छत के रास्ते अंदर घुसे चोरों ने आभूषण के अलावा पांच हजार नकदी पर भी हाथ साफ किया। सिंधोरा थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि जांच की जा रही है।

दालमंडी से श्रीकाशी विश्वनाथ धाम तक पुलिस आयुक्त ने किया पैदल रूट मार्च
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को दालमंडी से श्रीकाशी विश्वनाथ धाम होते हुए गोदौलिया तक रूट मार्च किया। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन, भरत मिलाप और शुक्रवार की नमाज को देखते हुए कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को परखा। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने अतिक्रमण की स्थिति का निरीक्षण कर यातायात को सुचारु रखने के निर्देश दिए। नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं से सहयोग एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की। इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध शुभम कुमार सिंह आदि रहे। 

अवैध असलहा रखने के दो आरोपी गिरफ्तार
अवैध असलहा रखने के दो आरोपियों दीपक राजभर और साहिल को सिगरा पुलिस ने शुक्रवार को अमूल डेयरी रेलवे फाटक पार्क के पास से गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से देशी तमंचा 0.315 बोर व 1 पिस्टल 0.32 बोर, 2 कारतूस 0.32 बोर का बरामद हुआ। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में दीपक राजभर आजमगढ़ के देवगांव थाना क्षेत्र के ओगनी पाल्हना और जालंधर के पठानकोट बुलंदपुर का निवासी साहिल है। 

माइक्रो क्रेडिट कंपनी के ब्रांच अफसर से लूट का आरोपी बंगलूरू से गिरफ्तार
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के तमाचाबाद पुलिस चौकी के पास माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड शाखा से पांच माह पूर्व हुई 26 हजार लूट मामले में आरोपी सुमित यादव को पुलिस ने बंगलूरू से गिरफ्तार किया। शुक्रवार की शाम ट्रांजिट रिमांड पर सुमित को लेकर पहुंची पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया।

मिर्जामुराद थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भदोही के कोइरौना थाना क्षेत्र के झरिहरपुर गांव का निवासी सुमित यादव है। 28 अप्रैल को बाइक सवार सुमित यादव और उसके साथी ने ब्रांच ऑफिसर अंकित सिंह को आतंकित कर 26 हजार रुपये लूट कर भाग निकले थे। आरोपी के खिलाफ भदोही में हत्या समेत गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है।

बंदी के दिन देशी शराब बेचने का आरोपी गिरफ्तार
विजयादशमी पर अवकाश होने के बावजूद अवैध तरीके से देशी शराब की बिक्री में आरोपी कुंदन उर्फ गोलू को कैंट पुलिस ने गुरुवार को महावीर मंदिर के पास अर्दली बाजार से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 21 बोतल शराब बरामद हुई। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि गौतम बिहार काॅलोनी शिवपुर का निवासी कुंदन है। 

सिलिंडर में लिकेज से लगी आग, गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट
चौबेपुर थाना क्षेत्र में तरयां की राजभर बस्ती के धर्मेन्द्र राजभर के मकान में गुरुवार की रात गैस सिलिंडर में रिसाव से आग लग गई। आसपास के लोगों ने पानी फेंक आग पर काबू पाया। इस दौरान घर गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। धर्मेन्द्र राजभर ने पुलिस को बताया कि पत्नी सुनीता देवी रात में खाना पका रही थी। अचानक गैस सिलिंडर के रेगुलेटर से गैस लीक होने लगी और आग लग गई। पत्नी बच्चों के साथ घर से बाहर निकल गई। पड़ोस के लोगों ने पानी फेंक आग पर काबू पाया। हर्ष यादव ने चौबेपुर पुलिस को सूचना दी।

पिटाई के बाद युवक की काटी जीभ, केस दर्ज
सिगरा थाना क्षेत्र के जयप्रकाश नगर में मनबढ़ों ने युवक की पिटाई कर दी। पीड़िता मां ने दो आरोपियों बृजेश और नन्का के खिलाफ बृहस्पतिवार को केस दर्ज कराया। जयप्रकाश नगर की रहने वाली पीड़िता निर्मला देवी ने पुलिस को बताया कि 26 सितंबर को बृजेश और नन्का ने मिलकर बेटे अनिल कुमार को बेरहमी से पीटा। जान से मारने की धमकी दी। धारदार हथियार से बेटे की जीभ काट डाली। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है। 

पति समेत तीन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में विवाहिता ने पति समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज कराया। रामापुर (हथिवार) गांव निवासी पीड़िता कुसुम ने पुलिस को बताया कि पति अनिल कुमार गोड़ दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हैं। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पति समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज है। 

किशोरी को अगवा करने का आरोपी गिरफ्तार
किशोरी को अगवा करने के आरोपी को पुलिस ने गुरुवार की रात सिंहपुर अंडर पास से गिरफ्तार किया। किशोरी को बरामद किया। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने गिरफ्तार आरोपी किशन राजभर निवासी छांही का है। पीड़िता के परिजनों ने केस दर्ज कराया था। किशोरी को बाल संरक्षण गृह भेजा गया है।

विवाहिता की मौत पर पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा 
फूलपुर पुलिस ने विवाहिता की मौत मामले में पिता की तहरीर पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है। शिवपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर निवासी उमानाथ राजभर ने पुलिस को बताया कि पुत्री संजू देवी की शादी फूलपुर के लखमीपुर बेलवां निवासी सर्वेश कुमार राजभर के साथ की थी। 

दहेज की मांग को लेकर ससुराल के लोग उसे प्रताड़ित करते थे। 1 अक्तूबर को उसके ससुराल से फोन आया कि संजू देवी को काजी सराय स्थिति निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब अस्पताल पहुंचे तो पुत्री संजू की मौत हो चुकी थी। सिर्फ जेठानी थी और अन्य परिजन मौके से गायब थे। संजू देवी के गले पर चोट का निशान था।

फूलपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पिता उमानाथ राजभर की तहरीर पर पति सर्वेश राजभर, ससुर श्याम नारायन राजभर, राधेश्याम राजभर, जेठानी सावित्री देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दुर्गापुर के लिए सीधी विमान सेवा 28 अक्तूबर से
से दुर्गापुर के बीच सीधी विमान सेवा 28 अक्तूबर से शुरू होगी। इसके लिए इंडिगो एयरलाइंस ने डीजीसीए से अनुमति ले ली है और शेड्यूल भी जारी कर दिया है। टिकट की बुकिंग भी शुरू हो गई है। एयरलाइंस के अधिकारियों के मुताबिक विमान 6 ई 7504 दोपहर 1:45 बजे दुर्गापुर से उड़ान भरकर अपराह्न तीन बजे वाराणसी पहुंचेगा। फिर यही विमान 6 ई 7505 बनकर 3:30 बजे वाराणसी से उड़ान भरकर 4:35 बजे दुर्गापुर पहुंचेगा। एक तरफ का किराया 4800 के करीब है। दोनों शहरों के बीच विमान सेवाएं शुरू होने से व्यापार और पर्यटन में वृद्धि होगी।

ट्रेन से तार काटने वाले दो गिरफ्तार
वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन के वाशिंग पिट परिसर में ट्रेन के एसी कोच में तार चोरी करने वाले दो युवकों को आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने पकड़ा। 15131 गोरखपुर वाराणसी सिटी के एसी कोच से तार काटने की सूचना आरपीएफ टीम को एक अक्तूबर को मिली। आरपीएफ इंस्पेक्टर भुवनेश्वरी उपाध्याय ने बताया कि जैतपुरा थाने के शक्करतालाब निवासी जमील अहमद (38) और तेलियानाफाटक के बबलू अंसारी (30) को पकड़ा गया है। इनके पास से चोरी की 68 मीटर वायर और करीब 1.5 किलोग्राम जला कॉपर वायर बरामद किया गया है। इसकी कीमत 17,000 रुपये हैं। 

ट्रेन से कटकर किसान की मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार की रात ट्रेन से कटकर अखिलेश ऊर्फ गुड्डू पांडेय (50) की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। उगापुर कटेसर गांव निवासी अखिलेश पांडेय चंद्रावती रामलीला देखकर रात 11 बजे घर लौट रहे थे। कादीपुर रेलवे स्टेशन से औड़िहार रेलवे स्टेशन की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अखिलेश किसान थे। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। 

ढाबा संचालक ने फंदे पर लटक दी जान
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भुल्लनपुर में बृहस्पतिवार को पंकज कपूर (36) ने फंदे पर लटक जान दे दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंपा। फॉरेंसिक टीम ने भी छानबीन की है। भुल्लनपुर के लखनपुर निवासी पंकज कपूर ने कमरे में पंखे की कुंडी में बिजली के तार के सहारे लटक जान दी। मंडुवाडीह थाना प्रभारी अजयराज वर्मा ने बताया कि पंकज ढाबा का संचालन करता था। खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

आंगनबाड़ी का ताला तोड़कर चोरी
लोहता थाना क्षेत्र के केराकतपुर गांव के आंगनबाड़ी केन्द्र में बुधवार की रात चोरी हो गई। सबमर्सिबल पंप और बैटरी पर चोरों ने हाथ साफ किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रमिला देवी ने पुलिस को बताया कि बच्चों के खिलौने सहित बैटरी, सबमर्सिबल समेत अन्य सामान चोरी है। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया की आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है। 

साड़ी पहनकर दुर्गा पूजा पंडाल में घुसे दो युवक को ग्रामीणों ने पीटा
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में बृहस्पतिवार को साड़ी पहनकर घुसे दो युवकों की हरकतों से नाराज ग्रामीणों ने पिटाई कर दी। मीना बाजार में घूमते हुए महिला के वेश में दोनों युवकों ने महिला दर्शनार्थियों से अभद्रता की। शिकायत पर ग्रामीणों ने उनकी पिटाई की। मिर्जामुराद इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि छानबीन के दौरान मालूम चला कि दोनों युवक पंडाल के पास ही किसी अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौटे थे। मेला घूमने के चक्कर में जल्दबाजी में साड़ी पहने ही रह गए। 

भोजूबीर तिराहे पर महिलाओं से छेड़खानी का आरोपी पकड़ाया
कैंट थाना क्षेत्र के भोजूबीर तिराहे पर दुर्गा पूजा पंडाल के पास गुरुवार की देर रात महिलाओं से छेड़खानी में आरोपी को कैंट पुलिस ने गिरफ्तार किया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मंगरु सोनकर निवासी नक्खीघाट रोड, सारनाथ है। पूछताछ के दौरान उसने महिलाओं से छेड़खानी और अभद्र गाना गाने की बात स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी है। 

आभूषण चोरी करने की आरोपी महिला गिरफ्तार
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के काली माता मंदिर के पास गुरुवार की शाम पुलिस ने चोरी की आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। कब्जे से आभूषण और नकदी बरामद हुई। लालपुर-पांडेयपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार महिला प्रयागराज के धूमनगंज निवासी गुड्डी देवी है। महिला ने जिला अस्पताल और पीडीडीयूनगर दुर्गा पूजा मेले से आभूषण चोरी किया था। इससे पहले वह चंदौली और इटावा में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुकी है।

खड़े डंपर में टकराकर बुलेट सवार युवक की मौत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेहंदीगंज गांव के समीप नेशनल हाईवे पर बुधवार की देर रात खड़े डंपर में टकराकर बुलेट सवार विवेक सिंह 28 वर्ष की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। बृहस्पतिवार को दाह संस्कार किया गया। लोहता थाना क्षेत्र के विशुनपुर निवासी विवेक सिंह मिर्जामुराद से घर लौट रहा था। मेहंदीगंज गांव के समीप नेशनल हाईवे पर खड़े डंपर में टकरा गया। 

घायल विवेक को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एक साल पहले ही विवेक की शादी हुई थी। मिर्जामुराद इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

टोल प्लाजा के टेंडर के नाम पर 60 लाख की धोखाधड़ी, मुकदमा दर्ज
फर्जी फर्म बनाकर टोल प्लाजा टेंडर के नाम पर पार्टनरशिप का झांसा देकर 60 लाख रुपये की ठगी में कोर्ट के आदेश पर सारनाथ थाने में बृहस्पतिवार को केस दर्ज किया गया। गाजीपुर के शादियाबाद के गोला धरिकला निवासी अभय कुमार यादव ने बताया कि वह सारनाथ के लेढ़ूपुर में रहते हैं। 

चौबेपुर के रमचन्दीपुर निवासी पूर्व परिचित शिव गोपाल यादव ने टेंडर में पार्टनरशिप में काम करने का विश्वास दिलाकर कूटरचित कर परमहंस ब्रिक्स फील्ड कम्पनी तैयार कर वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर कैथी टोल प्लाजा पर वसूली का टेंडर निकलने का विश्वास दिलाया। कई बार में एएम ज्वेलर्स एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी के खाते में 28 दिसंबर 2020 तक 60,25000 रुपये लिया। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कूटरचित व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।

मारपीट मामले में केस दर्ज
सारनाथ थाना क्षेत्र के लेढ़ूपुर में पारिवारिक विवाद में दो पक्षों में गुरुवार को मारपीट हो गई। पीड़ित शिवा दुबे ने पुलिस को बताया कि परिवार के ही योगेश पांडेय ने दोनों बच्चों को जान से मारने की धमकी दी है। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मारपीट व धमकी में केस दर्ज किया गया।

कैंट रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट पकड़े गए 83 लोग
कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को अभियान चलाकर 83 लोगों को बिना टिकट यात्रा करते पकड़ा गया। यात्रियों से 57500 रुपये राजस्व की वसूली भी की गई। मुख्य टिकट निरीक्षक (इंचार्ज) जनार्दन सिंह के नेतृत्व में चले अभियान में 24 लोगों की टीम ने सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक अभियान चलाकर चेकिंग की। उन्होंने बताया कि बिना टिकट पकड़े गए लोगों को भविष्य में टिकट लेकर यात्रा करने की हिदायत दी गई। इस दौरान मुख्य टिकट निरीक्षक संजय कुमार सिंह, प्रवीन कुमार, आशा देवी, राजेश कुमार तिवारी, राजहंस सोनकर मौजूद रहे।

जलभराव का जायजा लेते मेयर अशोक तिवारी। - फोटो : अमर उजाला
जलभराव की समस्या दूर कराने देर रात सड़क पर मेयर और नगर आयुक्त
जलभराव की समस्या दूर कराने के लिए शुक्रवार की आधी रात मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा सड़क पर निकले। सिगरा से सिद्धगिरी बाग, रथयाया, गुरुबाग, लक्सा, गिरजाघर, महमूरंगज मार्ग का निरीक्षण किया। मेयर ने कहा कि पानी निकालने की व्यवस्था कराई। कई जगहों की लाइनों को क्लीयर कराया जा रहा है। बारिश के चलते सिगरा से सिद्धगिरीबाग मार्ग पर एक जर्जर मकान गिर गया। 

पूर्व में नगर निगम ने नोटिस दिया था। मौके से गाड़ी लगाकर मलबा हटवाया जा रहा है। कहा कि बारिश बहुत अधिक हुई है। सीवर लाइन के ऊपर पानी बह रहा है। गिरिजाघर पर रोपवे का काम चल रहा है। इसके चलते मेन लाइन पूरी रफ्तार से पानी नहीं खींच रहा है। इसे दूसरी ओर डायवर्ट किया जा रहा है। बारिश बंद होने के दो से तीन घंटे में पूरा पानी निकल जाएगा। इसके पूर्व निगम में हुई बैठक में सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई।

सारनाथ में टैक्स अधिवक्ताओं का सेमिनार आज
सारनाथ स्थित टूरिस्ट बंगलो में शनिवार को अधिवक्ता संघ चंदौली द्वारा एक दिवसीय सेमिनार एवं उत्तर प्रदेश टैक्स बार एसोसिएशन की बैठक होगी। संघ के अध्यक्ष विनायकांत मिश्रा और सचिव उमेश सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री रविंद्र जायसवाल करेंगे। इस दौरान टैक्स बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आने वाले समय में किए

जाने वाले कार्यों की रूपरेखा भी तैयार होगी। सेमिनार में जीएसटी में हो रहे परिवर्तनों की जानकारी एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1, जोन द्वितीय, मिथिलेश शुक्ला और दिल्ली व कानपुर से आए जीएसटी विशेषज्ञ देंगे। वह अधिवक्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान भी करेंगे।

बीएचयू आयुर्वेद संकाय की ओपीडी में नोकझोंक
बीएचयू अस्पताल के आयुर्वेद संकाय में शल्यतंत्र विभाग की ओपीडी में एक मरीज के तीमारदार और ड्यूटी पर तैनात पैरामेडिकल स्टाफ से नोकझोंक हुई। इसकी शिकायत कुलपति, अस्पताल के एमएस, आईएमएस के निदेशक से ईमेल के माध्यम से की है। 

महमूरगंज के शिवपुरवा निवासी डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी बेटी का इलाज बीएचयू आयुर्वेद संकाय में चल रहा है। इसी सिलसिले में वह ओपीडी में नंबर लगवाने शुक्रवार को गए थे। उन्होंने वहां मौजूद स्टाफ से नंबर के बारे में जानकारी मांगी। इसपर कर्मचारी ने दुर्व्यवहार किया और देख लेने की धमकी दी। इसकी सूचना चीफ प्रॉक्टर को दी। इसके बाद डिप्टी चीफ प्रॉक्टर ने संपर्क किया। उनको भी पूरी घटना की जानकारी दी गई।

जयंती पर एयरपोर्ट पर 10 लोगों ने किया रक्तदान
महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गुरुवार को वाराणसी एयरपोर्ट पर रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। इसमें 10 यूनिट रक्तदान हुआ। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता के नेतृत्व में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के बाद एयरपोर्ट परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। एएआई, सीआईएसएफ के जवानों और अन्य कर्मियों ने मिलकर परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

अशोक विजयादशमी पर सम्राट अशोक को किया नमन
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रदीप कुमार मौर्य के आवासीय कार्यालय टड़िया में बृहस्पतिवार को अशोक विजयदशमी मनाया गया। इस अवसर पर सम्राट अशोक को श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। मौर्य, कुशवाहा, शाक्य व सैनी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार मौर्य ने कहा कि अशोक विजयादशमी शब्द उस ऐतिहासिक उत्सव से लिया गया है जो कलिंग युद्ध में सम्राट अशोक की जीत के दस दिन बाद हुआ था। 

इसी दिन सम्राट अशोक ने बौद्ध धम्म का मार्ग शुरू किया था, जो उनके जीवन में एक परिवर्तनकारी क्षण था। कार्यक्रम जिला प्रवक्ता संतोष यादव, संजय प्रधान, जयप्रकाश यादव मूसे, पूर्व पार्षद इरशाद अहमद, मनोज मौर्या, सुरेंद्र यादव, अशोक मौर्या, सुधाकर दूबे, सुमित मौर्या, रिंकू पटेल, बलदेव मौर्या एवं सोनू मौर्य आदि मौजूद रहे।

महिलाओं के लिए ड्राइविंग लाइसेंस कैंप आज
मिशन शक्ति के तहत करौंदी स्थित सहायक संभागीय कार्यालय में शनिवार को महिलाओं के लिए ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया जाएगा। ड्राइविंग माई ड्रीम्स (मेगा इवेंट) के तहत आयोजित शिविर में महिलाएं, युवतियां आधार कार्ड लेकर जाएं और अपना लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवाएं। एआरटीओ प्रशासन मनोज प्रसाद वर्मा ने बताया कि कम से कम 100 महिलाओं, बालिकाओं को प्रशिक्षित करते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस बनवाए जाने का लक्ष्य है। 

श्री रामचरित मानस नवाह्न पाठ महायज्ञ 28 अक्तूबर से
श्री रामचरितमानस नवाह्न पाठ महायज्ञ समिति ज्ञानवापी की ओर से श्री रामचरितमानस नवाह्न पाठ महायज्ञ और मानस सम्मेलन 28 अक्तूबर से पांच नवंबर तक काशी विश्वनाथ धाम में होगा। शुक्रवार को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बैठक लक्सा स्थित कार्यालय में हुई। संस्था के मंत्री अजय खेमका ने बताया कि 70 साल से ये पाठ होता आ रहा है। 

इसकी स्थापना आचार्य शिवनारायण व्यास, स्व. दामोदर शर्मा, नंदू प्रहलादिका, मोहनलाल केडिया, बनारसी लाल सारस्वत, ऋषिकेश सराफ ने संयुक्त रूप से की थी। बैठक में सर्वसम्मति से कौशल शर्मा को अध्यक्ष और अजय खेमका महामंत्री बनाए गए। 

अध्यक्ष कौशल शर्मा ने अपनी कमेटी गठित की इसमें उपाध्यक्ष विश्वनाथ पोद्दार, महेश चौधरी, उप मंत्री विजय मिश्रा, पंडाल मंत्री महेंद्र शर्मा, राहुल शर्मा प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान, कोषाध्यक्ष संजय प्रह्लाद, सह कोषाध्यक्ष राजेश बाजोरिया बनाए गए। बैठक संस्था के संरक्षक अशोक सर्राफ और विजय सारस्वत की देखरेख में हुई।

देवरहवा बाबा के शिष्य स्वामी रामकृष्ण दास की मनी पुण्यतिथि
असि स्थिति द्वारकाधीश मंदिर देवरहवा बाबा आश्रम में शुक्रवार को अनंत विभूषित योगीराज ब्रह्मर्षि देवरहवा बाबा के शिष्य स्वामी रामकृष्ण दास महाराज की 13वीं पुण्यतिथि मनाई गई। स्वामी श्यामसुंदर दास महाराज के संयोजन में उनके चित्र पर पर माल्यार्पण कर चरण पादुका का पूजन किया गया। इस अवसर पर श्रीरामचरितमानस का पाठ, श्रीमद् भागवत गीता का पाठ सहित विविध धार्मिक अनुष्ठान हुए।

इस अवसर पर आयोजित विद्वत गोष्ठी में उपस्थित विद्वानों ने स्वामी रामकृष्ण दास महाराज को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह सही अर्थों में योगीराज देवरहवा बाबा के शिष्य थे। सनातन धर्म के उत्थान के लिए वह हमेशा लगे रहते थे और सबसे यही कहते थे कि दीन दुखियों की सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है। इस दौरान स्वामी हरिराम दास, स्वामी अनंत दास, स्वामी रामदास, डॉ. हरिहराचार्य महाराज, स्वामी दामोदरदास, स्वामी राम अभिलाष दास उपस्थित थे। इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया।

बारिश से किरतपुर की रामलीला आठ अक्तूबर तक स्थगित
बारिश की वजह से श्री रामलीला समिति किरतपुर की ओर से चार अक्तूबर को लगने वाला मेला आठ अक्तूबर के लिए स्थगित कर दिया गया है। समिति के महामंत्री अरविंद चौहान ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से रामलीला मैदान में पानी भर जाने और आठ अक्तूबर तक मौसम विभाग द्वारा प्रदेश में गरज चमक के साथ बिजली गिरने, आंधी चलने, भारी बारिश की चेतावनी के बाद समिति ने रामलीला को स्थगित करने का निर्णय लिया है। 

नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी। वहीं, लोहता की रामलीला में शुक्रवार को भरत मिलाप की रामलीला होनी थी। बारिश के कारण ये लीला अब शनिवार को होगी। यह जानकारी कमेटी के अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ दुबे ने दी।

शतचंडी महायज्ञ के समापन पर हुआ पांच कन्याओं का विवाह
श्री शतचंडी महायज्ञ की समाप्ति के बाद भिखारीपुर में पांच कन्याओं का विवाह हुआ। कन्यादान महादान कार्यक्रम के तहत समिति के सचिव डॉ. ठाकुर प्रसाद सिंह ने कन्यादान किया। इसके बाद भंडारे का आयोजन हुआ। भंडारे में लोगों ने महाप्रसाद प्राप्त किया। इस दौरान डॉ. हर्षिता राय, दीपचंद बिंद, राधा सिंह, रीमा, वंदना ने सहयोग किया।

आज चार घंटे नहीं होगी बिजली आपूर्ति
बिजली की बेहतर आपूर्ति के लिए चौबेपुर के उपकेंद्रों पर शनिवार को तार बदले जाने और पेड़ों की कटाई-छंटाई करवाई जाएगी। इस कारण सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता कार्यालय की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र गरथौली के 11 केवी पिपरी फीडर, 33/11 केवी उपकेंद्र रौनाकला के 11 केवी अईली फीडर पर काम करवाया जाएगा। इस कारण दोनों फीडरों से जुड़े गांवों में आपूर्ति बाधित रहेगी।
विज्ञापन

राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिता में खेलेंगे काशी के दो फुटबॉलर
69वीं राष्ट्रीय स्कूली फुटबाॅल प्रतियोगिता जम्मू में छह से दस अक्टूबर तक खेली जाएगी। अंडर-19 बालक वर्ग में वाराणसी के दो खिलाड़ी खेलेंगे। दोनों खिलाड़ी यूपी टीम में वाराणसी का प्रतिनिधित्व करेंगे। अभिषेक कुमार स्टॉपर और निखिल कुमार स्ट्राइकर पोजीशन पर खेलते हैं। दोनों फुटबॉलर विकास इंटर काॅलेज के छात्र हैं। यह खिलाड़ी इरशाद अहमद से डॉ भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में प्रशिक्षण लेते हैं। 

महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की मनाई जयंती
पितर कुंडा तिराहे पर डर्बी शायर क्लब की अध्यक्ष शकील अहमद 'जादूगर' के नेतृत्व में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 121वीं जयंती मनाई गई। गांधीजी के योगदान और शास्त्रीजी के जय जवान-जय किसान नारे को याद कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में शकील अहमद ने स्वच्छता पर जोर देते हुए लोगों से सड़कों पर थूकने व खुले में शौच-यूरिन न करने की अपील की। मौके पर गुफरान अहमद, हाजी असलम, समीम खान, मोहम्मद अली, पप्पू खान, बल्ले शर्मा, नारायण शर्मा, अतिकुर रहमान, लकी हुसैन, हैदर मुलाई सहित कई लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें