ड्राई डे पर शराब बिक्री में आरोपी गिरफ्तार, 81 पेटी बरामद
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर घोषित ‘ड्राई डे’ के उल्लंघन में मंगलवार की सुबह शराब बिक्री के आरोपी नीतिश कुमार शाह को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 81 पेटी शराब बरामद हुई है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि बेनीपुर स्थित बीयर व अंग्रेजी शराब की कंपोजिट दुकान के बगल वाले कमरे से शराब की बिक्री की जा रही थी। गिरफ्तारी के दौरान कमरे से 81 पेटी शराब बरामद हुई। बिक्री के 5100 नकदी बरामद हुई। शराब की अनुमानित कीमत 3.5 लाख रुपये है। आरोपी रामपुर पटना बिहार निवासी नीतीश कुमार शाह है।
युवती के अपहरण के आरोप में दो पर प्राथमिकी दर्ज
संदहा गांव में एक युवती को अगवा के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि 11 अप्रैल की सुबह निखिल राजभर ने बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
धारदार हथियार से हमला करने का अरोपी गिरफ्तार
धारदार हथियार से राजन कुमार पर हमला के आरोपी पड़ोसी रोहित कुमार को पुलिस ने मंगलवार को जगतपुर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी जगतपुर का निवासी है। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि पीडि़त की पत्नी मीरा देवी ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
नाबालिग से छेड़खानी और मारपीट में आरोपी गिरफ्तार
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में नाबालिग से छेड़खानी और मारपीट के आरोपी अमित कुमार बिंद को पुलिस ने रखौना अंडरपास से मंगलवार को गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद पांडेय ने बताया कि सोमवार को पीड़िता के चाचा ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोपी ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उसकी पिटाई कर झाड़ियों में फेंक भाग निकला था।
मारपीट और चेन छीनने का आरोप
वीडीए कॉलोनी बड़ालालपुर में पम्मी यादव की पार्क में टहलने को लेकर पड़ोसी से मारपीट हो गई। सोमवार की घटना के बाबत पम्मी ने महिला समेत पांच पर मारपीट और चेन छीनने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि सोनू नामक महिला ने सोने की चेन छीन ली। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि चेन स्नेचिंग, मारपीट, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
रिंग रोड पर ट्रक चालक की पिटाई कर 30 हजार की लूट
लोहता थाना क्षेत्र के रिंग रोड फेज-2 सभईपुर गांव के सामने अंडरपास के नजदीक पर मंगलवार की अलसुबह कार सवार मनबढ़ों ने ट्रक चालक उमेश कुमार की पिटाई कर 30 हजार रुपये लूट लिए। इस दौरान ट्रक चालक का शीशा भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस आसपास के सीसी कैमरे को खंगाल रही है।
अंबेडकरनगर बहादुरपुर बलुआ गांव निवासी ट्रक चालक उमेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह डेहरी जा रहा था। रिंग रोड फेज -2 सभईपुर गांव के सामने पहुंचा कि चार पहिया वाहन से तीन से चार की संख्या में युवकों ने ओवरटेक कर रोक लिया। इस दौरान पत्थरबाजी कर शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया। पास में रखा 30 हजार रुपये छीन ली। एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा ने बताया की ओवर टेक को लेकर मारपीट हुईथी। एक टीम गठित की गई है। सीसी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।
गुमटी तोड़कर चोरी
केशरीपुर निवासी सुरेश राजभर की केशरीपुर लोहता मार्ग स्थित दिग्घा मार्केट में गुमटी की दुकान में सोमवार की रात चोरी हो गई। पीड़ित ने रोहनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस आयुक्त ने 12 किमी तक की गश्त
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को यातायात व्यवस्था के तहत प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आशापुर चौराहा, पांडेयपुर चौराहा से चौकाघाट तक लगभग 12 किलोमीटर पैदल गश्त करते हुए यातायात संचालन, सड़क सुरक्षा व मार्गों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस बीच थानेदारों और चौकी इंचार्ज को हिदायत दी कि यातायात व्यवस्था में किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए।निरीक्षण के दौरान बिना नंबर प्लेट वाहन, रांग साइड चलने, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि जिस थाना क्षेत्र में अतिक्रमण पाया जाएगा, उसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी की होगी। अवैध ऑटो रिक्शा स्टैंडों को चिह्नित कर तत्काल हटाने, सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। ब्यूरोसड़क पर अतिक्रमण और रास्ता बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। निरीक्षण में अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार, एडीसीपी लिपि नागयाच, डीसीपी यातायात अनिल यादव, एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर, एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्र आदि रहे।