Varanasi News Today: पीएम श्री योजना का विरोध करने पर केरल सरकार और एसएफआई के विरोध में बीएचयू सिंह द्वार पर छात्रों ने पुतला फूंका। एबीवीपी संगठन की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया। काशी प्रांत के मंत्री अभय प्रताप सिंह ने कहा कि वामपंथी छात्र संगठन एसएफआई की ओर से एबीवीपी के कार्यकर्ताओं पर किया गया हमला कायराना है। इस दौरान केरल सरकार मुर्दाबाद और वामपंथियों शर्म करो के नारे लगाए गए। प्रदर्शन के दौरान ओमकार शास्त्री, अभिषेक, समीर श्रीवास्तव, अंकित यादव, कृष्णकांत, दिलीप मुर्मू आदि मौजूद रहे।
मां ने बेटे-बहू पर दर्ज कराया केस
जद्दूमंडी, रामकुंड में रहने वाली शकुंतला यादव की तहरीर पर लक्सा थाने में बेटे और बहू के खिलाफ रविवार को मुकदमा दर्ज किया गया। शकुंतला यादव ने पुलिस को बताया कि उनके पति का निधन हो गया है। उसके बाद से उनका बेटा दामू यादव उर्फ जितेंद्र और बहू वंदना उन्हें बहुत परेशान करते हैं। दोनों ने उनके आंगन का पानी जाम कर दिया। इसके चलते आंगन में पानी भर गया है। लक्सा थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
काजीसराय में छत्तीसगढ़ के सीएम का काफिला फंसा जाम में
लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को शहर जाने के दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का काफिला काजीसराय में जाम में फंस गया। काफिले के साथ चल रहे सुरक्षा कर्मियों की सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने रास्ता खाली कराया। इसके बाद जाकर उनका काफिला शहर की ओर बढ़ा।
बाबतपुर एयरपोर्ट से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का काफिला शहर के लिए निकला तो ट्रैफिक जीरो कर दिया गया था। उनसे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का काफिला एयरपोर्ट से शहर के लिए रवाना हुआ था। केंद्रीय गृह मंत्री का काफिला गुजर गया तो काजीसराय में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी आराम की मुद्रा में आ गए। इसके चलते सड़क से आमजन सामान्य तरीके से आने-जाने लगे और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का काफिला जाम में फंस गया।
दूसरे की फोटो पर ली एनओसी, स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को किया सील
स्वास्थ्य विभाग ने दूसरे की तस्वीर पर एनओसी लेने वाले एक निजी अस्पताल को सील कर दिया। पांडेयपुर के मां गौरी हॉस्पिटल ने दूसरे की तस्वीर लगाकर बायोवेस्ट और पॉल्यूशन बोर्ड की एनओसी ले ली और अस्पताल का धड़ल्ले से संचालन किया। ये तस्वीर गाजीपुर के युवक और छात्र नेता विवेकानंद सिंह की थी। पता चलते ही विवेकानंद ने पुलिस आयुक्त कार्यालय में अस्पताल की शिकायत की और कार्रवाई की मांग उठाई।
विवेकानंद ने सीएमओ को भी फोन कर सूचित किया। कुछ ही देर के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और जांच कर पूरे अस्पताल को सील कर दिया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में एक कर्मचारी ने बताया कि न तो कोई डॉक्टर था और न ही उसके पास कोई पत्रावली है। टीम ने अस्पताल के चेंबर और वार्ड की फोटो भी ली। टीम में स्वास्थ्य केंद्र सारनाथ के अधीक्षक डॉ. बीबी शुक्ला, वरिष्ठ सहायक विंध्यवासिनी राय और वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. पुनीत सिंह शामिल थे।
छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस से यात्री का आभूषण से भरा सूटकेस चोरी, केस
15053 छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस के बी वन कोच में सफर के दौरान रविवार रात यात्री का सूटकेस चोरी हो गया। सूटकेस में कीमती आभूषण और अन्य सामान थे। पीड़ित ने कैंट जीआरपी में केस दर्ज कराया। आजमगढ़ के मेंहनाजपुर के अकबालपुर निवासी जितेंद्र यादव ने बताया कि वह परिवार के साथ औड़िहार स्टेशन से लखनऊ के लिए छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस में जा रहे थे। कैंट स्टेशन पहुंचने से पहले ही सामान चोरी हो गया। सूटकेस में पत्नी और बच्चों का आभूषण समेत जरूरी सामान थे। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
बस से गिरकर खलासी की मौत, कंडक्टर पर गिराने का आरोप
चौबेपुर के गौरा ऊपरवार मोड़ के पास सोमवार भोर में एक प्राइवेट बस से गिरकर खलासी की मौत हो गई। खलासी के भाई ने कंडक्टर पर उसे बस से नीचे धकेलने का आरोप लगाया। आजमगढ़ के तरवा थाना क्षेत्र के कम्हरिया का रहने वाला चंद्रशेखर सिंह (50) खलासी था। चंद्रशेखर के भाई सिद्धनाथ सिंह ने चौबेपुर थाने की पुलिस को तहरीर दी। बताया कि चंद्रशेखर का बस के कंडक्टर से विवाद हुआ था। उसी विवाद को लेकर कंडक्टर ने चंद्रशेखर को बस से धकेल दिया।
इसकी जानकारी ड्राइवर को हुई तो वह चंद्रशेखर को ऑटो से मंडलीय अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। चौबेपुर थानाध्यक्ष रविकांत मलिक ने बताया कि चंद्रशेखर की मौत लहरतारा के अस्पताल में हुई थी। परिजन चौबेपुर थाने आए थे। उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए लहरतारा पुलिस चौकी भेजा गया है।
छत से फिसलकर गिरे ऑटो चालक की मौत
चोलापुर के रौनाखुर्द (चिलबिलवां) में घर की छत से फिसल कर गिरे ऑटो चालक अरुण यादव (40) की सोमवार को मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि अरुण घर की छत से नीचे उतर रहे थे। बारिश के चलते फिसलन के कारण संतुलन बिगड़ गया और वह घर के पास बने खड़ंजा मार्ग पर जा गिरे।
अरुण को गोसाईपुर मोहांव के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान अरुण की मौत हो गई। एक बेटे और बेटी के पिता अरुण की मौत के बाद उनकी पत्नी ललिता यादव का रो-रोकर बुरा हाल था।
पंखे में करंट उतरा, किसान की मौत हुई
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के सिखड़ी खंधक गांव निवासी किसान शिवकुमार यादव (32) की रविवार शाम करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद मिर्जापुर जिले के बरैनी स्थित गंगा घाट पर शव की अंत्येष्टि की। शिवकुमार के परिजनों ने बताया कि वह पंखे का प्लग स्विच बोर्ड में लगा रहे थे। उसी दौरान पंखे में करंट उतरा और वह उसकी चपेट में आकर झुलस गए। अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। तीन पुत्रियों और एक पुत्र के पिता शिवकुमार के पिता खेत्तल यादव की मौत 22 जून 2024 को हुई थी।
मदरसा जाने के लिए घर से निकली छात्रा लापता
जैतपुरा थाना क्षेत्र के पुराना पुल इलाके की 16 साल की छात्रा लापता हो गई। परिजनों ने जैतपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी शनिवार दोपहर सरैया के मदरसे में दो छोटी बहनों के साथ पढ़ने गई थी।
शाम पांच बजे जब परिजन उसे लेने गए तो पता चला कि वह मदरसा गई ही नहीं थी। छात्रा की काफी तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं लगा। परिजनों ने किशोरी के साथ अनहोनी की आशंका जताई है। थानाध्यक्ष जैतपुरा बृजेश कुमार मिश्रा ने सोमवार को बताया कि केस दर्ज कर छात्रा की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर में ताला तोड़कर चोरी
आराजी विकासखंड के कुरौना गांव के जन आरोग्य मंदिर का ताला तोड़कर रविवार रात इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित अन्य जरूरी रजिस्टर समेत अन्य अभिलेख चोर उठा ले गए। सोमवार सुबह जब स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात सीएचओ अनुपम मौर्य ने ताला खोला तो उसे चोरी का पता चला। दूसरे कमरे में फ्रिज, प्रिंटर मशीन, इनवर्टर बैटरी, कुर्सी, सीसी कैमरे का मॉनिटर, डीवीआर, कूलर, जरूरी रजिस्टर सहित अन्य अभिलेख नहीं थे। उच्च अधिकारियों को जंसा पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
नौकरानी ने चुराए गहने और नकदी, केस
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर, मढ़वा में एक घर में काम करने वाली नौकरानी ने बैग में रखी नकदी और आभूषण चोरी कर लिए। भुक्तभोगी कैलाशनाथ सिंह ने पुलिस को बताया कि 18 जून को उनकी पत्नी के पर्स से सोने की दो चेन, एक अंगूठी और 10 हजार रुपये चोरी हो गए। कहा कि घर में काम करने वाली मढ़वा की संगीता ने चोरी की है। 19 जून से वह काम करने नहीं आ रही है। लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष ने सोमवार को बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
किशोरी से दोस्ती कर अपहरण करने का आरोप गिरफ्तार
इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर किशोरी का एक युवक ने अपहरण कर लिया। लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस ने सर्विलांस की मदद से किशोरी और युवक को गुड़िया गांव के पास से पकड़ लिया। गिरफ्त में आया आरोपी भदोही के ज्ञानपुर थाने के भदोही बाजार, सेरावत सलामत खान निवासी मुमताज अहमद उर्फ अरमान है। लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष ने सोमवार को बताया कि अरमान ने 21 जून को किशोरी का अपहरण किया था। पूछताछ में उसने बताया कि उसने गलत इरादे से किशोरी का अपहरण किया था।
जेल में मृत डॉक्टर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट लेने पहुंचे भाई
जिला जेल में मृत बलिया के डॉ. वेंकटेश मौआर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट लेने के लिए उनके भाई रंकटेश सोमवार सुबह लालपुर पांडेयपुर थाने पहुंचे। पुलिस की ओर से पोस्टमार्टम रिपोर्ट एसीपी कैंट के कार्यालय से मिलेगी। वीआईपी मूवमेंट होने के नाते सभी अधिकारी व्यस्त रहे। इसके चलते रंककटेश वापस बलिया लौट गए।
डॉ. वेंकटेश 20 हजार रुपये घूस लेने के आरोप में 12 जून को सतर्कता अधिष्ठान की टीम की ओर से बलिया, बांसडीह सीएचसी से गिरफ्तार किए गए थे। 16 जून को बुखार और सांस लेने में दिक्कत होने के कारण उन्हें मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
शिवपुर के सरसवां की रीना की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। रीना के अनुसार, सरसवां के विजय कुमार यादव उर्फ लल्ला, विजय शंकर सिंह व प्रवीण कुमार सिंह उर्फ टिंकू और जौनपुर के अमित कुमार सिंह ने उनकी दो बीघा जमीन फर्जी तरीके से नाम करवा ली।
जमीन नाम कराने के लिए आरोपियों ने पति अनिल कुमार की जगह विजय कुमार यादव की फोटो इस्तेमाल की। आरोप है कि इसमें विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की भी मिलीभगत है। शिवपुर थानाध्यक्ष ने सोमवार को बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
बनारस स्टेशन पर वाहन पार्किंग को लेकर नोकझोंक
पूर्वोत्तर रेलवे के बनारस स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर कार पार्किंग को लेकर कर्मचारी और यात्री के बीच नोकझोंक हुई। कार सवार का आरोप है कि स्टैंड के बाहर ही परिवार के सदस्य को छोड़ा गया, तब तक वाहन पार्किंग के कर्मचारी ने 30 रुपये की पर्ची थमा दी। दो मिनट भी गाड़ी खड़ी नहीं हुई थी। जबरदस्ती 30 रुपये लिए गए। यात्री विवेक श्रीवास्तव ने इसकी शिकायत एक्स पर रेल आलाधिकारियों से की है। यात्री का आरोप है कि पिक एंड ड्रॉप व्यवस्था का पालन नहीं हो रहा है।
वीआईपी रूटों पर दिन भर सफाई, 31 गोवंश कांजी हाउस भेजे
वीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रख नगर निगम की ओर से सोमवार को प्रमुख रूटों पर सफाई अभियान चलाया गया। मंदिर, बीएचयू, बरेका जाने वाले रूटों पर सुबह से शाम तक सफाई कर्मी झाड़ू लगाते रहे। पांच हजार सफाई कर्मचारियों को बारी-बारी से लगाया गया। सड़क किनारे से न केवल सफाई कराई गई बल्कि अतिक्रमण भी हटवाए गए। सामान भी जब्त किए गए। मंदिर के अलावा घाटों और रूटों पर एनाउंसमेंट किया गया कि किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें।
कुछ जगहों पर मलबा हटवाए गए। सुबह से शाम तक छह बार सफाई की गई। नगर निगम की 49 सदस्यों की सात टीम ने 31 गोवंशों को कांजी हाउस भेजा। कई रूटों पर पानी का छिड़काव भी कराया गया। डिवाइडरों को धोया गया। सड़क किनारे के पेड़ पौधों की पत्तियों पर जमी धूल पर स्प्रिंकलर से छिड़काव कराया गया। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त सविता यादव की देखरेख में सफाई कराई गई।
युवक ने मोबाइल और नकदी छीनने का आरोप लगाया
सेवापुरी के कतवारूपुर गांव के ठेका से शराब लेकर जा रहे एक युवक ने सोमवार को मोबाइल फोन और नकदी छीनने की शिकायत जंसा थाने की पुलिस से की। जौनपुर के हमजापुर (बसालतपुर) निवासी राहुल बनवासी ने बताया कि वह आदमपुर में अपने ससुराल आया था। वहां से कतवारुपुर ठेके से शराब लेकर वह सड़क पर पहुंचा।
पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने उसकी शर्ट की जेब से मोबाइल फोन और 400 रुपये छीन लिए। इसके बाद वह जंसा बाजार की तरफ भाग निकला। वह जब तक शोर मचाता तब तक बदमाश आंख के सामने से ओझल हो चुका था। जंसा थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने वीआईपी ड्यूटी में व्यस्तता का हवाला देते हुए कहा कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
सब इंस्पेक्टर और कांस्टेबल लाइन हाजिर
हरहुआ पुलिस चौकी के सब इंस्पेक्टर अमर चंद्र शुक्ला और कांस्टेबल उपेंद्र कुमार को डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने लाइन हाजिर कर दिया। दोनों पुलिस कर्मियों पर दीवानी कचहरी के एक अधिवक्ता से दुर्व्यवहार का आरोप था। डीसीपी गोमती जोन ने सोमवार को बताया कि 16 जून को कोइराजपुर में अधिवक्ता अलीम खान से दुर्व्यवहार का मामला सामने आया था। मामले की जांच में दोषी पाए जाने पर एक सब इंस्पेक्टर और कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
दहेज हत्या के आरोप में पति सहित तीन गिरफ्तार
लोहता पुलिस ने दहेज हत्या के आरोप में बखरिया गांव निवासी एक युवक और उसके मां-बाप को गिरफ्तार किया है। लोहता थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने सोमवार को बताया कि विवाहिता नेहा का शव गांव बखरिया में शनिवार देर रात रेलवे ट्रैक पर मिला था। पिता भदोही के औराई थाना क्षेत्र के द्वारिकापुर गांव निवासी लालजी ने रविवार को दामाद सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में नेहा के पति विनय कुमार, ससुर दूधनाथ और सास शकुंतला को गिरफ्तार किया गया है।
दानापुर-उधना में पानी बिक्री को लेकर मारपीट
दानापुर-उधना एक्सप्रेस में रविवार रात बोतल बंद पानी बिक्री को लेकर अवैध वेंडरों ने यात्रियों के साथ मारपीट की। कोच के अंदर और ज्ञानपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर भी मारपीट हुई। एक्स पर रेल अधिकारियों से शिकायत की गई। कैंट जीआरपी ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है।
गंगा में डूब रही दो महिलाओं को पीएसी के जवानों ने बचाया
अहिल्याबाई घाट पर सोमवार को गंगा में स्नान करने के दौरान दो महिलाएं डूबने लगीं। ड्यूटी पर तैनात 36वीं वाहिनी पीएसी क जवान अभिषेक कुमार यादव और जितेंद्र चौधरी ने गंगा में छलांग लगा दी। दोनों ने महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल कर प्राथमिक उपचार किया। बिहार के जमुई की पिंकी (22) और खुशी (20) परिजनों के साथ दर्शन-पूजन के लिए काशी आई हैं। सुबह 10.30 बजे अहिल्याबाई घाट पर गंगा में स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने के कारण दोनों डूबने लगीं। दोनों जवानों की तत्परता और साहस की घाट पर लोगों ने सराहना की।
किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार
रोहनिया थाने की पुलिस ने सोमवार को एक किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में मिसिरपुर निवासी 28 साल के सतीश कुमार कौशल को गिरफ्तार किया। रोहनिया थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि रविवार को किशोरी के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया था।
बताया था कि उनकी 15 साल की बेटी के साथ सतीश छेड़खानी करता था। उसी दौरान उसकी कुछ फोटो-वीडियो बना लिए। उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे रोहनिया क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। सतीश के खिलाफ इससे पहले भी दुष्कर्म सहित अन्य आरोपों में रोहनिया थाने में तीन मुकदमे दर्ज हैं।
कृषि उत्पादन आयुक्त ने इरी का किया दौरा
प्रदेश के कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (आइसार्क) का दौरा किया। राज्य के किसानों के लिए कृषि अनुसंधान, नए और टिकाऊ धान उत्पादन को बढ़ावा देने वाली योजनाओं की समीक्षा की। आयुक्त ने आइसार्क की अत्याधुनिक स्पीड ब्रीड प्रयोगशाला और कई प्रायोगिक क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
उन्होंने वैज्ञानिकों के साथ जीआईएस और रिमोट सेंसिंग तकनीक के माध्यम से जलवायु अनुकूल और पोषक तत्वों से भरपूर धान की प्रजातियों को तेजी से विकसित करने, उत्पादन और बीज प्रणालियों को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जोर दिया। आयुक्त ने धान की सीधी बोआई (डीएसआर) के प्रायोगिक क्षेत्रों का भी दौरा किया और धान उत्पादन की टिकाऊ तकनीकों को बढ़ावा देने में आइसार्क द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
बीएचयू हाॅर्टिकल्चर के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र प्रसाद का निधन
बीएचयू में हॉर्टीकल्चर के पूर्व विभागाध्यक्ष और प्रो. सुरेंद्र प्रसाद सिंह का 73 वर्ष की आयु में निधन हो गया। सोमवार को सुंदरपुर के गणेश धाम स्थित उन्होंने अपने निवास पर अंतिम सांस ली। बीते कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और एक बेटी है। सबसे बड़े बेटे आनंद विक्रम ने हरिश्चंद्र घाट पर मुखाग्नि दी। प्रो. सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने वर्ष 1984 में बीएचयू के कृषि विज्ञान संस्थान अपनी सेवाएं शुरू की। 2017 में वह सेवानिवृत्त हुए और 2022 तक इमेरिट्स प्रोफेसर के रूप में अपनी सेवाएं दी।
बीएचयू के प्रोफेसर को भूटान में मिला विशिष्ट चिकित्सा सेवा रत्न पुरस्कार
बीएचयू में एनेस्थिसियोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजीव कुमार दुबे को भूटान में विशिष्ट चिकित्सा सेवा रत्न पुरस्कार दिया गया। यह सम्मान उन्हें राजधानी थिंपू में आयोजित छठे भारत-भूटान मैत्री शिखर सम्मेलन में दक्षिण एशियाई उत्कृष्टता पुरस्कार कार्यक्रम के दौरान मिला।
भूटान की नेशनल असेंबली के सदस्य दासो बीरेंद्र चिमोरिया और भूटान पर्यटन परिषद के कार्यवाहक निदेशक ताशी तेनजिन ने सेवा रत्न से नवाजा। प्रो. दुबे लेखक भी हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान उनके कार्यों, सार्वजनिक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा में उनके योगदान के लिए यह पुरस्कार दिया गया है।
सुमेधा पाठक।
- फोटो : अमर उजाला
पैरा शूटर सुमेधा पाठक सम्मानित
जिला ओलंपिक संघ के सदस्यों ने सोमवार को विश्व निशानेबाजी में पदक जीतकर लौटी पैरा शूटर सुमेधा पाठक से मुलाकात कर सम्मानित किया। इस माैके पर निशानेबाजी संघ के सदस्य पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि काशी में खेल सुविधाओं का विकास हुआ है।
उन्होंने कहा कि राइफल क्लब में जिला और प्रादेशिक स्तर की प्रतियोगिता कराने के प्रयास तेज किए जाएंगे। काशी के खिलाड़ी निशानेबाजी में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके अलावा जिला ओलंपिक संघ सचिव डॉ. शम्स तबरेज शंपू ने कहा कि काशी में खेल स्पर्धाओं में तेजी आई है। इस मौके पर हैंडबाॅल संघ की विभव सिंह, मार्शल आर्ट के गोपालजी सेठ आदि मौजूद रहे।
वाराणसी विकास प्राधिकरण।
- फोटो : अमर उजाला
वीडीए में हेल्प डेस्क के नवीनीकरण कार्य का हुआ उद्घाटन
विकास प्राधिकरण परिसर में हेल्प डेस्क के नवीनीकरण कार्य का उद्घाटन सोमवार को वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग और सचिव डॉ वेद प्रकाश मिश्र ने किया। यहां लोगों को प्राधिकरण से जुड़ी जानकारी मिल सकेंगी। इसके अलावा वीडीए से जुड़ी हर प्रकार की सहायता मिलेगी।
चंडीगढ़ में खेलेंगी फुटबॉल नर्सरी की तीन बालिकाएं
बरेका फुटबॉल नर्सरी के तीन खिलाड़ियों का चयन चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के लिए हुआ है। फुटबॉल कोच भैरव दत्त ने बताया कि तीनों खिलाड़ी पंजाब के चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के छात्रवृत्ति पर फुटबॉल के साथ पढ़ाई भी करेंगी। चयनित तीनों बालिकाएं उत्तर प्रदेश टीम में वाराणसी का प्रतिनिधित्व करते हुए कई राष्ट्रीय मुकाबलों में खेल चुकी है। चयनित खिलाड़ियों में सुलेखा कनौजिया, प्रतिमा कुमारी और शालिनी वर्मा शामिल हैं। खिलाड़ियों के चयन पर फुटबॉल खिलाड़ियों ने खुशी का इजहार किया है।
बारकोड से वन विभाग करेगा पौधरोपण की निगरानी
वन विभाग 1 जुलाई से पौधरोपण अभियान शुरू करेगा। इसके लिए विभाग कमांड सेंटर बनाकर पौधरोपण कि निगरानी करेगा। हर विभाग को बारकोड वाला एक लेटर जारी किया जा रहा है। जिसके माध्यम से ही पौधा दिया जाएगा। कमांड सेंटर में पौधा लेने के लिए आवेदन आने लगे हैं। वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि हर विभाग के लिए बारकोड बनाया गया है।
विभाग के लोग कमांड सेंटर से बारकोड लेकर पास की नर्सरी में एंट्री कराकर पौधा ले सकते है। साथ ही इसे स्कैन करने पर सारी जानकारी उपलब्ध हो जाएगी। जो भी विभाग पौधे ले जाएंगे उसे सभी पौधे लगाने होंगे और उसकी टैगिंग कर वन विभाग को सूचना दी जाएगी। प्रभागीय वनाधिकारी स्वाति ने बताया कि कमांड सेंटर बनाकर तैयार हो गया है। कमांड सेंटर से पौधरोपण की निगरानी की जाएगी।
अधिवक्ता हरिशंकर जैन को हिंदू राष्ट्ररत्न पुरस्कार
सनातन संस्था की ओर से सनातन धर्मश्री और हिंदू राष्ट्ररत्न पुरस्कार दिया गया। इसकी घोषणा गोवा में आयोजित सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव में की गई थी। दिल्ली स्थित हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस के अध्यक्ष अधिवक्ता हरिशंकर जैन को हिंदू राष्ट्ररत्न सम्मान दिया गया। वहीं, दिल्ली के कला व सांस्कृतिक मंत्री कपिल मिश्रा, निर्माता-निर्देशक विपुल शाह, हिंदू विधिज्ञ परिषद के राष्ट्रीय सचिव अधिवक्ता संजीव पुनाळेकर, गीता भवन के गौरीशंकर मोहता और मूर्तिकार प्रमोद कांबळे को सनातन धर्मश्री सम्मान ने नवाजा गया।
मंदिर मुक्ति के लिए संघर्ष कर रहे अधिवक्ता हरिशंकर जैन को हिंदू जनजागृति समिति के राष्ट्रीय मार्गदर्शक सद्गुरु (डॉ.) चारुदत्त पिंगळे ने दिल्ली में हिंदू राष्ट्ररत्न पुरस्कार देकर सम्मानित किया। हरिशंकर जैन ने कहा कि यह पुरस्कार प्राप्त होने से नया कार्य करने की ऊर्जा मिली है। जब तक जीवन है, तब तक अनेक मंदिरों की मुक्ति का कार्य करना यह मेरी जिम्मेदारी मानकर मैं उसे पूर्ण करूंगा।
मल्लिका और बाबू श्यामसुंदर दास पर हुआ व्याख्यान
वाराणसी। एलटी कॉलेज स्थित राजकीय पुस्तकालय में साहित्यिक संघ और विद्याश्री न्यास की ओर से सोमवार को व्याख्यानमाला का आयोजन किया। कार्यक्रम में लेखिका मल्लिका और बाबू श्यामसुंदर दास पर चर्चा की गई। साहित्यकार डॉ. नीरजा माधव ने मल्लिका के योगदान को रेखांकित करते हुए उन्हें 19वीं सदी की गुमनाम लेकिन महत्वपूर्ण लेखिका बताया। कहा कि उनकी रचनाओं को हिंदी साहित्य के ओझल नारी इतिहास में शामिल किया।
उन्होंने बताया कि मल्लिका ने उपन्यास, कहानियां और बांग्ला गीतों का संग्रह लिखा। डॉ. प्रभात मिश्र ने बाबू श्यामसुंदर दास को हिंदी भाषा, साहित्य के प्रचारक और उन्नायक के रूप में याद किया। प्रो. श्रद्धानंद ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम में बाबू श्यामसुंदर दास के वंशज अशोक खन्ना और भारतेंदु के वंशज दीपेश चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस मौके पर डॉ. दयानिधि मिश्रा, नरेंद्र नाथ मिश्रा आदि मौजूद रहे।
जनकल्याण के लिए मार्कंडेय महादेव मंदिर में हुआ सामूहिक रुद्राभिषेक
मार्कंडेय महादेव मंदिर में विश्व जनकल्याण के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक रुद्राभिषेक आरंभ हुआ। रुद्री के मंत्रों से मंदिर का प्रांगण शिवमय हो उठा। मंदिर पहुंचे श्रद्धालु भगवान शिव के पंचाक्षरी मंत्रों का जाप कर रहे थे। सोमवार को मुख्य यजमान रामानंद पांडेय, सुजीत विश्वकर्मा व अन्य यजमानों का पूजन कार्यक्रम आचार्य पं. शोभित मिश्र की देखरेख में हुआ। इसके बाद लोगों ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया।
आचार्य पं. मिश्र ने कहा कि रुद्राभिषेक से आसपास का वातावरण शुद्ध होता है। रुद्राभिषेक संसार की आवश्यकता है। आयोजक आशीष पांडेय ने बताया कि रात में सुंदरकांड का पाठ हुआ। मंगलवार को भी सुंदरकांड और भंडारे का आयोजन किया गया है। इस दौरान बबलू, सच्चिदानंद, राजन, दीपक विनय मौजूद रहे।
रथयात्रा मेला : डोली यात्रा में लहराएगा जगन्नाथपुरी ध्वज
रथयात्रा मेला इस बार और दिव्य और भव्य होगा। इस बार पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर से 201 ध्वज आएंगे। 26 जून को भगवान जगन्नाथ की निकलने वाली डोली यात्रा में ये ध्वज लहराए जाएंगे। भजन-कीर्तन, डमरूदल, शंखनाद के साथ ध्वज लेकर भक्त चलेंगे। मेला 27 जून से शुरू होगा।
अज्ञातवास में गए भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलभद्र को अभी काढ़े का भोग लग रहा है। स्वस्थ होने पर तीनों 26 जून को डोली से नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे। एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों और मुहल्लों से होकर ये डोली यात्रा गुजरेगी। श्रीजगन्नाथ ट्रस्ट के सचिव शैलेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि इस बार 201 ध्वज पुरी से मंगाए गए हैं। दो दिन में ये ध्वज आ जाएंगे। इसमें एक बड़ा ध्वज होगा जो सबसे आगे चलेगा। बाकी छोटे ध्वज भक्त लेकर चलेंगे। ध्वज अर्धचंद्राकार होगा जो जगन्नाथपुरी के मेले में शामिल होता है।
बीएचयू अस्पताल में मेमोग्राफी न होने से मरीज परेशान
बीएचयू अस्पताल में ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग के लिए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसकी मुख्य वजह यहां मेमोग्राफी जांच न होना है। डॉक्टरों के जांच लिखने के बाद भी मरीजों को सुविधा नहीं मिल रही। इससे परेशान होकर उन्हें बाहर से जांच करानी पड़ रही है।
बीएचयू अस्पताल के रेडियोथेरेपी और सर्जिकल आंकोलाॅजी विभाग की ओपीडी में हर दिन 100 से अधिक मरीज आते हैं। इसमें ऐसी महिलाएं जो स्तन में गांठ की समस्या लेकर आती हैं, उनको कैंसर है कि नहीं इसका पता लगाने के लिए डॉक्टर मेमोग्राफी की जांच लिखते हैं। यह एक्सरे की तरह की जांच होती है। बाहर जांच करवाने में मरीजों को 2000 से अधिक रुपये खर्च करने पड़ते हैं। ऐसे में बीएचयू अस्पताल में मेमोग्राफी जांच शुरू होने से मरीजों को राहत मिलेगी।
आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो.एसएन संखवार ने बताया कि आईएमएस में एम्स जैसी सुविधा के लिए हाल ही में दिल्ली में हुई बैठक में 100 करोड़ रुपये मिलने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। इससे अस्पताल में कई तरह की जांच सुविधा शुरू होंगी। अस्पताल में मेमोग्राफी की मशीन भी मंगाई जाएगी।
कब्रिस्तान की जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग
रामापुरा कब्रिस्तान पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। तहसील कर्मचारियों से साठगांठ कर कब्रिस्तान की जमीन पर नाम भी चढ़वा लिया गया है। इतना ही नहीं कब्रिस्तान की जमीन को आबादी की जमीन भी बताई जा रही है। अहमद जमाल ज्ञानी ने सोमवार को पराड़कर भवन में बताया कि जांच का आदेश इस मामले में दिया गया था, लेकिन कब्रिस्तान पर रास्ता निकालने के नाम पर विपक्षियों ने दीवार उठवाकर कब्जा करवा दिया है। यह वक्फ का कब्रिस्तान है। देखरेख के लिए सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने एक कमेटी बना रखी है।
चकरोड निकालने के नाम पर बाउंड्री करवाकर कब्जा करा दिया गया है। मांग है कि कब्रिस्तान पर अवैध निर्माण कार्य व कब्जे की कार्रवाई रोकी जाए। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि इंसान से लेकर श्मशान और कब्रिस्तान तक सुरक्षित नहीं है। हम सरकार से मांग करते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो व दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। कांग्रेस पीड़ितों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी।
जियो के नेटवर्क ना आने से लोगों की बढ़ी परेशानी
गोला दीनानाथ किराना मार्केट, कबीर चौरा, भूत भैरो नखास समेत आसपास क्षेत्रों में जियो नेटवर्क के नहीं होने से लोग परेशान हैं। पांच महीने पहले जियो के नेटवर्क हटा लिए जाने से यह समस्या बनी हुई है। काशी किराना व्यापार मंडल के अध्यक्ष व काशी व्यापार प्रतिनिधिमंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद गुप्त ने बताया कि कबीर चौरा क्षेत्र स्थित गंगा मार्केट व होटल के छत पर से जियो कंपनी का मोबाईल नेटवर्क का टावर हटा लिया गया है। इसलिए यहां के जियो उपभोक्ताओं को नेटवर्क की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डिजिटल लेनदेन पर भी इसका असर पड़ा है। ऑनलाइन आर्डर नहीं ले पा रहे हैं। जियो नेटवर्क से जुड़े जिम्मेदारों से शिकायत के बाद कोई समाधान नहीं है।
बीएचयू में पीएम विद्यालक्ष्मी योजना के लिए सर्कुलर जारी
बीएचयू ने प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना के प्रचार-प्रसार के लिए अपने सभी विभागों, संकायों, संस्थानों और कॉलेजों को सर्कुलर भेज दिया है। निदेशक, डीन, विभागाध्यक्ष, प्राचार्य, समन्वयक आदि से इसमें कहा गया है कि ज्यादा से ज्यादा छात्र और छात्राओं को इस योजना का लाभ मिल सके, इसके लिए कक्षा और विभाग स्तर पर छात्र और छात्राओं को सूचित करें। सूचना पट्ट पर इसे चस्पा भी कराएं। इस योजना की मदद से छात्रों को शिक्षा लोन मिलता है।
भागवत प्रकाश की बांसुरी से सजा सुबह ए बनारस का मंच
सुबह-ए-बनारस के मंच पर महाराष्ट्र के युवा कलाकार भागवत प्रकाश पाठक का बांसुरी वादन हुआ। बांसुरी वादन की शुरूआत राग अहीर भैरव में निबद्ध मध्य तीन ताल में निबद्ध रचना अलबेला सजन से हुई। समापन उन्होंने राम भजन की अवतारणा से किया। तबला संगति श्रीकांत मिश्रा की रही। कलाकार को प्रणाणपत्र सुबह ए बनारस के संस्थापक सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा ने दिया।
पॉलिटेक्निक का रिजल्ट जारी, 27 जून से होगी काउंसिलिंग
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश (जेईईसीयूपी) की ओर से हुई पॉलिटेक्निक की प्रवेश परीक्षा का परिणाम सोमवार को जारी कर दिया गया। परीक्षा परिणाम परिषद की आधिकारिक वेबसाइट (www.jeecup.admissions.nic.in) पर लॉगइन कर देखा जा सकता है। इस साल यह कंप्यूटर आधारित परीक्षा पांच जून से 13 जून तक आयोजित की गई थी। इस बार 13 केंद्रों पर परीक्षा में कुल 48 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों का सेंटर बनाया गया था।
वहीं के6 ग्रुप में वाराणसी की अवंतिका ने टॉप किया है। जिले में कुल 45 पॉलिटेक्निक संस्थान संचालित हैं, जिनमें एक राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, सुंदरपुर, और पिंडरा में राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान है। इसके अलावा जिले में 43 निजी पॉलिटेक्निक संस्थान संचालित हैं। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक प्रधानाचार्य प्रमोद सिंह ने बताया कि मंगलवार को काउंसलिंग को लेकर बैठक होगी, इसके बाद आगे की जानकारी शासन की तरफ से दी जाएगी।
सामाजिक विकास, पर्यावरण, कानून व्यवस्था समेत तमाम मुद्दों पर होगी बात
मंगलवार की सुबह 11 बजे से नदेसर स्थित ताज होटल में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक होगी। बैठक में सामाजिक विकास, परिवहन सीमा विवाद, कानून व्यवस्था, पर्यावरण और अल्पसंख्यकों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। सोमवार की बैठक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
यूपी, एमपी, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों के साथ इन प्रदेशों के मुख्य सचिव, डीजीपी और नीति आयोग के अलावा गृह मंत्रालय के अफसर भी मौजूद रहेंगे। बैठक में उन मुद्दों पर भी चर्चा होगी जो बिना केंद्र की सहायता के मुद्दे राज्य सुलझा नहीं सकते हैं। इसमें राज्य की संपत्ति, पानी विवाद या सीमा विवाद से जुड़े मामले भी हो सकते हैं। यदि ऐसा कोई मामला होगा तो राज्यों के मुख्यमंत्रियों की ओर से रखा जाएगा। इसके अलावा सामाजिक विकास, पर्यावरण, कानून व्यवस्था समेत कई अन्य मुद्दों पर भी बात की जाएगी।
पीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम सिटी को सौंपा
संयुक्त पेंशनर्स कल्याण समिति की ओर से सोमवार को एडीएम सिटी आलोक वर्मा को ज्ञापन दिया गया। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन के जरिये मांग की गई। इसके पूर्व पीडब्ल्यूडी परिसर में बैठक हुई। अध्यक्षता मंडल संयोजक एसडी मिश्र ने की। संचालन विजय शंकर श्रीवास्तव ने किया। आठवें वेतन आयोग की ओर से पेंशनर्स के बीच भेद किया जा रहा है। सातवें वेतन में पेंशनर्स के बीच भेद नहीं किया गया था। ज्ञापन देने वालों में आरपी मिश्र, नृपेंद्र सिंह शामिल रहे।
पेंशनर्स ने डीएम कार्यालय में सौंपा ज्ञापन
आठवां वेतन आयोग की संस्तुतियों को लागू कराने और कई मांगों को लेकर वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। संस्थान के जिलाध्यक्ष राजेश्वर पांडेय के नेतृत्व में पेंशनर्स का दल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। पेंशनर्स ने पूर्व में पीएम-सीएम को भेजे गए पत्र का हवाला दिया।
साथ ही वित्त विधेयक 2025 के प्रतिकूल संशोधनों को वापस लेने और कोरोना काल में फ्रीज महंगाई भत्ता का भुगतान करने की मांग की गई। रेलवे में पूर्व की भांति किराए में छूट के लिए भी कहा। इस दौरान आनंद लाल, जयराज बहादुर सिंह, उमेश बहादुर सिंह, एके सिंह, केआर शास्त्री आदि मौजूद रहे।
डीआरएम ने किया काशी प्रतिबिंब पत्रिका का विमोचन
मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सोमवार को भारतेंदु सभागार कक्ष में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक हुई। काशी प्रतिबिंब पत्रिका का विमोचन हुआ। इसके अलावा सीपीआर विषय पर व्याख्यान किया गया। मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष कुमार गुप्ता ने बताया कि सीपीआर को कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन कहते है।यह एक आपातकालीन प्रक्रिया है जो किसी व्यक्ति के दिल और फेफड़ों को फिर से चालू करने के लिए की जाती है, जब वे काम करना बंद कर देते है।
अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी व अपर मंडल रेल प्रबंधक (आपरेशन) राजेश कुमार सिंह ने कहा कि वाराणसी मंडल ने पहली बार नाट्य दल अखिल रेल स्तर पर भागीदारी की है। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक इन्फ्रा अजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. रुप ज्योति चौधुरी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) राकेश रंजन, एस रामाकृष्णन, राजेश कुमार सिंह मौजूद रहे।
सब्जी पौधशाला के लिए किसानों को दिया गया प्रशिक्षण
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) ने अनुसूचित जाति के किसानों को आर्थिक सशक्तिकरण के लिए नवचेतना फाउंडेशन के सहयोग से प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को सब्जी पौधशाला के लिए प्रशिक्षित किया गया।
संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि किसानों से संस्थान की ओर से विकसित उन्नत सब्जी की प्रजातियों को अपनाकर व्यावसायिक खेती करने के लिए प्रेरित किया गया। मिर्च की पौधशाला के उत्पादन तकनीक पर सभी का ध्यान केंद्रित रहा। किसानों को काशी रत्ना मिर्च के बीज, पोर्ट ट्रे, कोकोपिट और वर्मीकुलाइट जैसी खेती की आवश्यक सामग्री निशुल्क दी गई।
मंडलायुक्त ने गंगा पुल का किया निरीक्षण, काम में तेजी लाने के निर्देश
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने सोमवार को संदहा से चंदौली तक गंगा नदी पर बन रहे पुल का औचक निरीक्षण किया। एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया गया कि सड़क की लंबाई 25.528 किमी का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। गंगा नदी पर बनाए जा रहे पुल की लंबाई 1.742 किमी का निर्माण कार्य जारी है। बताया कि सोमवार को मुख्यालय की ओर से गठित ब्रिज एक्सपर्ट समिति का निरीक्षण प्राधिकरण के अधिकारियों, संवेदक गैमन इंजीनियर्स, सलाहकार के साथ हुआ है।
अधिकारियों और एक्सपर्ट समिति की ओर से बताया गया कि ब्रिज के निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सेफ्टी मानकों का पालन किया गया है। ब्रिज के राइडिंग सरफेस का सुधार एक्सपर्ट कमेटी के सुझाव के आधार पर किया जाएगा। मंडलायुक्त ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को बारीकी से देखा। कहा कि बचे कार्यों को शीघ्र पूरा करा लिया जाए, ताकि लोगों को सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके।
शहर के कई क्षेत्रों में चला स्वच्छता अभियान
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर सोमवार को शहर के कई वार्डों में स्वच्छता का महाअभियान चलाया गया। आईईसी एक्सपर्ट सरिता तिवारी और डाॅक्यूमेन्ट मैनेजर प्रीति सिंह के नेतृत्व में इसे अंजाम दिया गया। नगर निगम एवं जागरूकता टीम की ओर से रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, दूरदर्शन केन्द्र के पास सार्वजनिक स्थानों पर पेशाब करने वालों एवं पान, गुटका खाकर थूकने वालों को ताली बजाकर एवं माला पहना कर शर्मिन्दा किया गया।
साथ ही उन्हें आसपास बने शौचालयों, यूरिनल के बारे में बताया गया। सारनाथ चौखंडी स्तूप, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने के लिए लोगों को जागरूक किया गया। इसके लिए क्षेत्रीय दुकानदारों, रेहड़ी पटरी के व्यवसायियों को समझाया गया कि शहर की स्वच्छता और पर्यावरण की सुरक्षा में योगदान के लिए वे अपने व्यवसाय में प्रतिबंधित पाॅलिथीन का प्रयोग ना करें। नगर निगम की टीम ने पिशाच मोचन, कृतिवाशेश्वर, मदनपुरा, रामनगर, रानीपुर, शिवराज नगर कालोनी के 500 घरों में जाकर निवासियों को बताया कि अपने घर में 2 डस्टबिन का इस्तेमाल करें।
रालोद को पूर्वांचल में मजबूत बनाएंगे, काशी से शंखनाद : जयंत
नरिया लंका के रामनाथ चौधरी लॉन में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी मुख्य अतिथि रहे। शुभारंभ रालोद संस्थापक चौधरी चरण सिंह को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। वाराणसी जिलाध्यक्ष हृदयानंद यादव ने कमेटी के साथ जयंत चौधरी का स्वागत किया। प्रदेश सचिव धर्मेंद्र सिंह ने अगली सभा को और भव्य बनाने की बात कही।
जयंत चौधरी ने कहा कि पूर्वांचल रालोद का गढ़ रहा है और इसे मजबूत करना लक्ष्य है। शुरुआत काशी से हो चुकी है। विश्वास जताया कि काशी से हुआ शंखनाद दूर तक जाएगा। उन्होंने छात्रों, युवाओं और बुद्धिजीवियों की समस्याओं को भी सुना। राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी और प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। कहा कि चौधरी चरण सिंह के प्रेमी आज भी पूर्वांचल के घर-घर में बसते हैं। संचालन प्रदेश महासचिव गणेश शंकर चतुर्वेदी ने किया।
नगर निगम वाराणसी।
- फोटो : अमर उजाला
नगर निगम कर रहा सर्वे, बनेंगे नए यूरेनल
सार्वजनिक स्थानों पर यलो स्पॉट चिह्नित किए जा रहे हैं। ये वह स्थान हैं जहां पर लोग खुले में यूरेनल करते हैं। नगर निगम की ओर से यलो स्पॉट की न केवल सफाई कराई जाएगी बल्कि जरूरत के अनुसार निर्माण भी कराया जाएगा। आंकड़ों के अनुसार 250 से अधिक शौचालय और 450 से अधिक यूरेनल का निर्माण कराया गया है। बावजूद लोग सड़कों पर गंदगी कर रहे हैं। जिसे साफ कराने में नगर निगम को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
सबसे अधिक दिक्कत मंदिर व बाजार के पास होती है। मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके सिंह ने बताया कि यलो स्पॉट चिह्नित करने के लिए निगम की ओर से शहर में सर्वे चल रहा है। जहां जरूरत होगी वहां नए यूरेनल का निर्माण कराया जाएगा। गंदगी करने वालों को जागरूक किया जाएगा कि खुले में यूरेनल न करें।
शहर को हरित बनाने की वीडीए ने की पहल
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के निर्देश पर शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाने के उद्देश्य से उद्यान प्रशिक्षण नामक कार्यशाला शुरू की जा रही है। 30 जून को पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क, 07 जुलाई को वीडीए पार्क, डीआईजी कॉलोनी में और 15 जुलाई को रविदास पार्क में सुबह 11 बजे से कार्यशाला होगी।
इस पहल का उद्देश्य प्रकृति प्रेमियों, बागवानी के प्रति उत्साही नागरिकों एवं नर्सरी स्थापना में रुचि रखने वाले लोगों को व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करना है। साथ ही वीडीए ने नागरिकों से अनुरोध किया कि वे इस प्रशिक्षण अभियान से जुड़कर अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों को हरा-भरा बनाने में योगदान दें।
मानसरोवर घाट पर ओपीडी, 24 मरीजों की जांच-इलाज
घाट वॉक ओपीडी के अंतर्गत मानसरोवर घाट पर 24 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच हुई। इनका बीपी, शुगर, मिर्गी सहित कई रोगों का निशुल्क इलाज हुआ। आईएमएस बीएचयू के न्यूरोलॉजिस्ट प्रो. विजयनाथ मिश्र की ओर से ये ओपीडी लगाई गई। ओपीडी में प्रमुख रूप से बीपी (ब्लड प्रेशर), डायबिटीज, मिर्गी, खुजली, खांसी, पेट दर्द और उल्टी जैसी शिकायतों से पीड़ित मरीजों की जांच की गई। प्रो. मिश्र ने हर एक रोगी को व्यक्तिगत चिकित्सकीय सलाह दी और जीवनशैली में सुधार के लिए कई दिशा-निर्देश भी दिए।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शुरू हुई दाखिले की प्रक्रिया
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शास्त्री और आचार्य में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई। विश्वविद्यालय ने शास्त्री और आचार्य में प्रवेश के लिए आवेदन पत्र को ऑनलाइन जारी कर दिया है। छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने बताया कि छात्र वेद, व्याकरण, ज्योतिष, साहित्य, पुराण, धर्मशास्त्र, न्याय, वेदांत, पालि एवं थेरवाद आदि पारंपरिक विषयों में स्नातक-स्नातकोत्तर की उपाधि ले सकेंगे। छात्र 10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट https://www.ssvv.ac.in/ पर अधिक जानकारी ले सकते हैं।
माउंट मून पीक अभियान के लिए बीएचयू पर्वतारोहण टीम रवाना
बीएचयू के पर्वतारोहण केंद्र के 13 सदस्यीय छात्र-छात्रा दो महीने की ट्रेनिंग के बाद सोमवार को माउंट मून पीक अभियान के लिए निकल गए। ये हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से अपने आरोहण की शुरुआत करेंगे। फिर यहां से मैक्लोडगंज और त्रिउंड होते हुए लाका ग्लेशियर पहुंचेंगे। यहां पर प्रशिक्षण अभ्यास के बाद माउंट मून पीक की चढ़ाई शुरू होगी। माउंट मून, धौलाधार पर्वत श्रृंखला में स्थित है और इसकी ऊंचाई समुद्र तल से लगभग 15,129 फीट है। ये अभियान पूरा कर टीम तीन जुलाई को बनारस पहुंचेगी।
आयोजन में उपस्थित संतगण।
- फोटो : अमर उजाला
काशी में जगद्गुरु स्वामी गोपालाचार्य महाराज की प्रथम पुण्यतिथि मनाई
अस्सी-लंका मार्ग स्थित श्री लक्ष्मीनारायण दिव्य देश रामानुजकोट मठ में सोमवार को पूजा-अनुष्ठान का आयोजन हुआ। अनन्त: श्री विभूषित काशी पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी गोपालाचार्य जी महाराज की प्रथम पुण्यतिथि का आयोजन था। इस दाैरान काशी ही नहीं आसपास के जिले से भी संत और शिष्यगण पहुंचे थे। मठ परिसर में वृहद भंडारे का भी आयोजन किया गया।
आषाढ़ कृष्ण पक्ष त्रयोदशी पर महंत जगद्गुरु स्वामी रामप्रपन्नाचार्य महाराज के नेतृत्व में यह आयोजन हुआ। इस दाैरान जगद्गुरु स्वामी श्री नृसिंहाचार्य जी महाराज, जगद्गुरु स्वामी श्री संपत कुमाराचार्य जी महाराज, डॉक्टर श्रवण दास जी महाराज, अंजनी बाबा, राजेश राय, दिवाकर पांडे, रौशन दुबे, गोविंद त्रिपाठी, निशांत बाबा, रितेश राय, विकास मिश्र, नितेश तिवारी आदि भक्त उपस्थित रहे।