फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News: किशोरी से दुष्कर्म के दोषी को कठोर कैद, 12 लाख रुपये लेकर नहीं दी जमीन; पढ़ें वाराणसी की प्रमुख खबरें

Sat, 07 Jun 2025 05:26 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: नौकरी दिलाने का झांसा देकर साथ ले जाने और दुष्कर्म के मामले में आरोपी को सात साल की कठोर सजा सुनाई गई है। वहीं, सिंधौरा थाने में एक व्यक्ति ने 12.75 लाख रुपये ठगने और धमकाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News Today: किशोरी को नौकरी दिलाने का झांसा देकर साथ ले जाने और दुष्कर्म के मामले में विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट द्वितीय) नितिन पांडेय की अदालत ने फतेहपुर के गाजीपुर निवासी अभियुक्त मनोज कुमार को दोषी पाया है। अदालत ने अभियुक्त को सात वर्ष के कठोर कारावास और 6500 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। 

विज्ञापन


अभियोजन पक्ष के अनुसार, पीड़िता के मामा ने मंडुवाडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि उनकी भांजी सात सितंबर 2017 को घर से पढ़ाई के लिए लोहता रोड के एक महाविद्यालय के लिए निकली थी। चांदपुर चौराहे पर गाड़ी से उतरने के बाद उसका पता नहीं लगा। 

विवेचना के दौरान आरोपी का नाम प्रकाश में आने पर उसे गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद किया गया था। मेडिकल रिपोर्ट में पीड़िता के साथ दुष्कर्म की पुष्टि होने पर अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया था।
विज्ञापन


देह व्यापार के अवैध धंधे के खिलाफ पोस्टर लगाने का वीडियो वायरल
कैंट रेलवे स्टेशन के पास परेड कोठी इलाके में देह व्यापार के अवैध धंधे के खिलाफ स्थानीय लोगों द्वारा अपने घर पर पोस्टर लगाने का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पोस्टर पर लिखा था कि सार्वजनिक स्थान व सड़क पर हो रही खुलेआम वेश्यावृत्ति पर रोक लगाएं।

इस संबंध में एसीपी चेतगंज गौरव कुमार ने कहा कि कैंट स्टेशन क्षेत्र के होटलों और गेस्ट हाउस का औचक निरीक्षण कर लगातार कार्रवाई की जाती है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को देखकर फोर्स को मौके पर भेजा गया था। पुलिस को किसी भी घर पर कोई पोस्टर लगा नहीं मिला।

12 लाख रुपये लेकर नहीं दी जमीन, अब दे रहा धमकी
सिंधौरा थाने में दशरथपुर गांव निवासी भुल्लन प्रसाद राजभर ने 12.75 लाख रुपये ठगने और धमकाने के आरोप में गुरुवार रात मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी दशरथपुर गांव निवासी बुलंदर यादव उर्फ बुलेंदर के खिलाफ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। भुल्लन ने पुलिस को बताया कि वह महाराष्ट्र के राजीव नगर, गोरेगांव ईस्ट में रहते हैं। उन्होंने बुलंदर से 2,40,000 रुपये प्रति बिस्वा की दर से दशरथपुर में जमीन खरीदने की बात तय की थी। 

19 सितंबर 2018 को 12 लाख 75 हजार रुपये बुलंदर के बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते में ट्रांसफर किए। लंबे समय बीत जाने के बाद भी न उन्हें जमीन का बैनामा किया गया और न पैसे वापस किए गए। पैसे मांगने पर बुलंदर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता है। सिंधौरा थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बेटी ने बुजुर्ग मां की पिटाई की, घर से निकाला
शिवपुरवा क्षेत्र में संपत्ति के लिए एक बुजुर्ग महिला के साथ बेटी ने मारपीट की। इसके बाद घर से निकाल दिया। बुजुर्ग महिला की तहरीर पर सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। 72 वर्षीय विमलेश कुमारी श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी पुत्री आराध्या ने धन और संपत्ति के लालच में सहयोगियों के साथ इकलौते पुत्र अनूप को घर से बाहर निकाल दिया था। इसके बाद उसकी नजर संपत्ति पर पड़ी। 

आराध्या ने धोखे से पॉवर अटॉर्नी अपने नाम करा ली। इसके बाद बुरी तरह से पिटाई की। फिर अनूप के घर के पास लावारिस हाल में छोड़ दिया। सिगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि वृद्धा की तहरीर पर आराध्या और उसके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

पति पर देह व्यापार कराने का आरोप लगाया, केस दर्ज
सिगरा थाने में गुरुवार को एक महिला ने पति पर देह व्यापार कराने और प्रताड़ना के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला के अनुसार उनकी शादी 29 मई 2010 को हुई थी। दोनों का एक बेटा और एक बेटी है। शादी के कुछ वर्षों के बाद पति के व्यवहार में परिवर्तन आने लगा।

पता लगा कि पति का कई महिलाओं से अनैतिक संबंध है। जानकारी हुई कि उनका पति लड़कियों की खरीद-बिक्री कर उनसे देह व्यापार कराता है। विरोध करने पर पति उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है। सिगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

समस्या सुनाने आए लोगों के बीच पहुंचे एसडीएम ने की सुनवाई
उप जिलाधिकारी राजातालाब ने शुक्रवार को तहसील में खड़े होकर लोगों की समस्याएं सुनीं। एसडीएम राजातालाब शांतनु कुमार के कक्ष के बाहर लोग खड़े थे। भीड़ देख वह उनके बीच पहुंच गए। एक एक कर लोगों के बीच समस्याएं सुनीं और निस्तारण का आदेश दिया।

कई मामलों में उन्होंने मौके से फोन कर समस्याओं का निस्तारण कराया। कहा कि वह तहसील क्षेत्र की जनता की समस्या के समाधान के लिए तत्पर हैं। शासन की मंशा के अनुरूप लोगों की समस्याओं के निस्तारण का कार्य किया जा रहा है।

कार सवार मनबढ़ों ने दो युवकों पर हॉकी और रॉड से किया हमला
फूलपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के पास बाइक सवार दो युवकों पर गुरुवार रात कार सवार मनबढ़ों ने रंजिश को लेकर रॉड और हॉकी से हमला कर दिया। एक युवक की हालत गंभीर है। जौनपुर के रेहटी, त्रिलोचन निवासी राहुल सरोज ने पुलिस को बताया कि वह बरात में कपसेठी गया था। वहां से बाइक से वापस घर जा रहा था। रात लगभग 12.30 बजे कुआर-रामपुर मार्ग पर रामपुर गांव के पास पीछे से आए कार सवार लोगों ने बाइक रुकवाई।

इसके बाद उसे और उसके दोस्त आनंद मोदनवाल पर रॉड और हॉकी से हमला किया। राहुल ने बताया कि हमलावर उसके गांव के ही हैं और रंजिश को लेकर हमला किया। हाथ, पैर और सिर में चोट लगी है। घायल आनंद मोदनवाल की हालत गंभीर है। फूलपुर थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सड़क किनारे बेहोश मिले युवक की अस्पताल में मौत
चौबेपुर के संदहा गांव के समीप सड़क के किनारे गुरुवार की दोपहर एक युवक बेहोश पड़ा मिला। पुलिस ने उसे सरकारी एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर में भर्ती कराया। उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। इस संबंध में चौबेपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक की पहचान नहीं हो पाई है।

स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया है कि वह बसों के आने पर उनमें यात्रियों को बैठने के लिए कहता था। उसकी उम्र 40 वर्ष से ज्यादा प्रतीत हुई है। उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा कर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

वीडीए ने छह बीघे की अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई
वीडीए ने शुक्रवार को मुगलसराय में अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई गई। वार्ड मुगलसराय के अलीनगर में बिना ले आउट स्वीकृत कराए 6 बीघे जमीन पर प्लाॅटिंग कराई जा रही थी। जोनल अधिकारी गौरव जयप्रकाश की अगुवाई में कार्रवाई की गई। 

चेनपुलिंग से 55 मिनट कैंट के यार्ड में खड़ी रही फरक्का एक्सप्रेस
माल्दा टाउन-बठिंडा फरक्का एक्सप्रेस शुक्रवार की शाम कैंट स्टेशन के यार्ड में चेनपुलिंग की वजह से 55 मिनट खड़ी रही। कैंट स्टेशन से शाम 6.10 बजे ट्रेन रवाना हुई थी लेकिन यार्ड में पहुंचने पर ऑपरेशनल कारणों से इसे लगभग 25 मिनट तक रोक दिया गया। 6.40 बजे यह ट्रेन चली तो थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल कोच समेत पेंट्रीकार में चेनपुलिंग हुई। स्टेशन से टीएक्सआर स्टाफ को भेजा गया। कर्मचारी ने प्रेशर ठीक कर शाम 7.25 बजे ट्रेन को रवाना किया। यात्रियों ने एक्स पर भी इसकी शिकायत दर्ज कराई।

11 साल के अमृत काल की सेवा घर घर पहुंचाएंगे
भाजपा काशी क्षेत्र कार्यालय केशरीपुर रोहनिया में शुक्रवार को केंद्र में मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 साल विषयक पर जिला स्तरीय कार्यशाला हुई। मुख्य अतिथि भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर 11 साल के अमृत काल की सेवा पहुंचाएंगे जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने बताया कि सरकार की उपलब्धियों से संबंधित बुकलेट घर-घर जाकर लोगों को दी जा रही है। संचालन प्रवीण सिंह गौतम ने किया। इस अवसर पर काशी क्षेत्र के विस्तारक नागेश्वर देव पांडेय, संजय सोनकर, सुरेंद्र पटेल, सुरेश सिंह, पवन सिंह, अरविंद पटेल, दिनेश मौर्य आदि मौजूद रहे। 

नगर निगम के सदन भवन का निर्माण इसी महीने शुरू होने की उम्मीद
नगर निगम के नए सदन भवन का निर्माण इसी महीने शुरू होने की उम्मीद है। सीएंडडीएस के अधिकारियों ने निगम के अधिकारियों से संपर्क किया है। इसकी लागत 106 करोड़ रुपये है। यह भवन डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के पिछले गेट के सामने से लेकर नगर आयुक्त कार्यालय के बगल तक बनेगा। इसके चलते नगर निगम के उत्तरी तरफ की बिल्डिंग का कुछ हिस्सा तोड़ा जाएगा। इसमें 300 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। 

इसमें अंडरग्राउंड पार्किंग, प्रशासनिक भवन, पशुपालन विभाग, इंजीनियरिंग, स्वास्थ्य, पुलिस चौकी, सचिव दफ्तर होंगे। यहां पर हरियाली का विशेष ध्यान रखा गया है। परिसर के चारों ओर पौधरोपण कराया जाएगा। सोलर पैनल से इस पूरे परिसर को लैस किया जाएगा। सदन भवन कॉरिडोर के जरिये सीधे नगर निगम की बिल्डिंग से जुड़ा रहेगा। 70 हजार स्क्वायर फीट में इसका निर्माण होगा।

कैंट और काशी स्टेशन की परियोजनाओं को आज परखेंगे नवागत डीआरएम
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के नवागत डीआरएम एसके वर्मा शनिवार को कैंट स्टेशन और काशी स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों को परखेंगे। कैंट स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया परिसर में बन रहे रोपवे स्टेशन के बारे में भी स्थानीय अधिकारियों संग मंथन करेंगे।

काशी विद्यापीठ में कल तक भरा जा सकेगा प्रवेश फार्म
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में सभी व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 7 और 08 जून को बढ़ा दी गई है। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी के आदेशानुसार छात्रहित में समर्थ पोर्टल पर आवेदन की तिथि बढ़ाई गई है। पहले फार्म भरने की अंतिम तिथि 31 मई थी।

15 महीने बाद ईएसआईसी अस्पताल में शुरू हुई इंडोस्कोपी
राज्य कर्मचारी बीमा निगम अस्पताल (ईएसआईसी) अस्पताल में मरीजों को इंडोस्कोपी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। यहां 15 महीने बाद गैस्ट्रोलॉजी विभाग की सेवा शुक्रवार से शुरू हो गई। अब मरीज यहां पर इंडोस्कोपी भी करा सकेंगे। यह सुविधा मार्च 2024 से बंद थी।

गैस्ट्रोलॉजी विभाग में डॉक्टर मंगलवार, बुधवार और शुक्रवार को लोगों को परामर्श देंगे। वहीं, सप्ताह में एक दिन हर गुरुवार को इंडोस्कोपी होगी। सहायक चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. प्रभास कुमार रॉय ने बताया कि पेशेंट बढ़ने पर डॉक्टर के परामर्श के दिन भी बढ़ाए जाऐंगे। 

वित्त आयोग के अध्यक्ष ने विश्वनाथ मंदिर में किया जलाभिषेक
केंद्रीय वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढि़या ने बीएचयू स्थित नए विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। पत्नी के साथ विधि विधान से बाबा का जलाभिषेक कर आशीर्वाद मांगा। वहीं, विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर स्थित मुमुक्षु भवन का भी दौरा किया। तारा संस्थान द्वारा चलाए जाने वाले इस मुमुक्षु भवन के निवासियों को उपहार देकर उनके बेहतर जीवन की कामना की। 

फिल्म सिटी की मांग को लेकर निकाली पदयात्रा
बहुजन समता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश आजाद के नेतृत्व में शुक्रवार चितईपुर चौराहे से बीएलडब्ल्यू पेट्रोल पंप तक पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा के माध्यम से उन्होंने वाराणसी में आईटी हब और फिल्म सिटी की स्थापना की मांग की। साथ ही अलग पूर्वांचल राज्य के गठन का भी मुद्दा उठाया।

राजेश आजाद ने कहा कि इससे क्षेत्र में बेरोजगारी, गरीबी और पलायन को रोका जा सकेगा। जब तक सरकार अलग पूर्वांचल राज्य का गठन नहीं करती, तब तक उनकी पार्टी का आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा। इस मुहिम में चिन्मय चटर्जी चिन्मयानंद, डॉ. रश्मि अग्रवाल, रश्मि चित्रांशी, अंजना श्रीवास्तव मौजूद रहे।

पदकों के लिए आज भिड़ेंगे काशी के आठ मुक्केबाज
प्रादेशिक मुक्केबाजी प्रतियोगिता में अपने-अपने मुकाबले जीतकर काशी के आठ खिलाड़ी जीत की अगले चरण में पहुंच गए हैं। झांसी में हो रही प्रतियोगिता में मंडलीय टीम में 22 खिलाड़ी शामिल हैं। पुरुष वर्ग में 13 और महिला वर्ग में 9 खिलाड़ी हैं। मुक्केबाजी कोच दीपिका तिवारी ने बताया कि संध्या पटेल, कुसुम यादव, नीतू, जागृति, वीर यादव, सतीश पटेल, विशाल कुमार, दिग्विजय साहनी अपना दम दिखा रहे हैं।

अजगरा विधायक ने चौबेपुर-बाबतपुर मार्ग का किया निरीक्षण
चौबेपुर के अजगरा के भाजपा विधायक त्रिभुवन राम ने शुक्रवार को चौबेपुर से बाबतपुर मार्ग के मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। विधायक ने बताया कि बाबतपुर एयरपोर्ट से पलहीपट्टी तक की सड़क पूर्ण रूप से ठीक है। इस पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। इस मार्ग में मिक्स बिटुमिन की कमी पाई गई। इससे सड़क टूटने की आंशका बनी रहेगी।

इस मार्ग पर ट्रैफिक कंट्रोल की व्यवस्था नहीं है। उन्होंने मौके पर लोकनिर्माण विभाग के मातहतों को फटकार लगाई। कहा कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मार्ग में अनियमितता मिलने पर लोकनिर्माण विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर शिकायत की जाएगी। 

काशी विद्यापीठ में बीएफए की परीक्षाएं 17 जून से
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, एनटीपीसी, गंगापुर परिसर और विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय के बीएफए प्रथम, द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ वर्ष की सैद्धांतिक प्रश्न-पत्र की परीक्षाएं 17 से 20 जून तक होंगी। ललित कला विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि परीक्षाएं सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक चलेंगी। मुख्य परिसर के विद्यार्थियों की परीक्षा मानविकी संकाय में होगी। परीक्षा की विस्तृत समय सारिणी वेबसाइट पर अपलोड है। 

पीएम के सांसद निधि से दो मार्ग के इंटरलाकिंग कार्य का हुआ शिलान्यास
पीएम नरेंद्र मोदी के सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से शुक्रवार को रोहनिया विधानसभा के कंदवा वार्ड नंबर 19 में इंटरलाकिंग कार्य का शिलान्यास किया गया। विधान परिषद सदस्य व भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने दो मार्ग के इंटरलाकिंग का शिलान्यास किया।

कंदवा दक्षिणीपुरा में 3.29 लाख की लागत से 55 मीटर इंटरलाकिंग और तुलसी नगर काॅलोनी में 5.24 लाख लागत से 76 मीटर की इंटरलाकिंग कराई जाएगी। उनके साथ में मंडल अध्यक्ष जय प्रकाश सिंह पटेल, गोपाल पटेल, जितेंद्र केशरी, अनिल सिंह, प्रभु पटेल आदि मौजूद रहे। 

बीएचयू में 14 स्टार्टअप वाले प्राेजेक्ट का हुआ मूल्यांकन
बीएचयू के एआईसी में इंक्यूबेशन सेलेक्शन कमेटी की बैठक में 14 इनोवेशन प्रोजेक्ट को स्टार्टअप के तौर पर विकसित करने के लिए चिह्नित किया गया। एआईसी महामना फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप की बैठक में ज्यूरी के तौर पर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के डॉ. आरके प्रभाकर और एआईसी के डॉ. नंदलाल ने प्रोजेक्ट का मूल्यांकन किया। 

काशी विद्यापीठ में 16 जुलाई से पीएचडी कोर्स वर्क की चलेंगी कक्षाएं
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ मनोविज्ञान विभाग में प्री पीएचडी कोर्स वर्क की कक्षाएं 16 जुलाई से शुरू होंगी। विभागाध्यक्ष प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने बताया कि सुबह 10.30 से 4 बजे तक मनोविज्ञान विभाग में कक्षाएं चलाने संबंधी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सत्र 2022-23 और 2023-24 के नव प्रवेशित विद्यार्थियों की कक्षाओं में समय से उपस्थिति अनिवार्य है।

आईआईटी बीएचयू में नेशनल पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप में आवेदन शुरू
आईआईटी बीएचयू में नेशनल पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप में आवेदन शुरू हो गए हैं। फार्मास्यूटिकल, बायो टेक्नोलॉजी और लाइफ साइंस में रूचि रखने वाले प्रवेश ले सकते हैं। संस्थान के न्यूरोसाइंस एंड पेस रिसर्च ग्रुप की ओर से आवेदन मंगाया गया है। इसके तहत रिसर्चर को 80 हजार रुपये महीने की फेलोशिप मिलेगी।

दो वर्ष के लिए दो लाख का रिसर्च ग्रांट भी मिलेगा। देश भर के जाने माने एकेडमिक और रिसर्च इंस्टीट्यूट में काम करने का मौका मिलेगा। इस पोस्ट के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है। इच्छुक आवेदनकर्ता अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन और आईआईटी बीएचयू के वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। 

बरेका महिला कल्याण संगठन ने किया पौधरोपण
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को बरेका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा हीमा चौहान सिंह ने पदाधिकारियों संग पौधारोपण किया। पौधारोपण में गौरी श्रीवास्तव, गुरमीत कौर, चित्रा सिंह, पूनम सिंह, राखी गुप्ता, अंजू गुप्ता, श्वेता श्रीवास्तव, रश्मि सिंह आदि रहीं।

आज मनाया जाएगा भगवान सुपार्श्वनाथ का जन्मोत्सव
भगवान सुपार्श्वनाथ का जन्म जयंती महोत्सव शनिवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रार्थना 7:30 बजे होगी। भव्य शोभायात्रा भेलूपुर दिगंबर जैन मंदिर से निकलकर भेलूपुर, रविंद्रपुरी, शिवाला होते हुए भदैनी स्थित छेदीलाल दिगंबर जैन मंदिर पर पहुंचकर समाप्त होगी।

यात्रा समापन के बाद विश्व शांति के लिए भगवान का 16 रजत कलशों के जल से पूजन और अभिषेक होगा। शोभायात्रा 9:30 बजे जैन मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद भगवान का पूजन और अभिषेक संपन्न होगा। यह सूचना दिगंबर जैन समाज काशी के उपसभापति राकेश जैन ने दी। 

काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला
काशी विद्यापीठ में छह दिन होगी व्यवसायिक कोर्स की प्रवेश परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 2025-26 में विभिन्न पाठयक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। स्नातक में ऑनलाइन आवेदन पूरा हो चुका है जबकि स्नातकोत्तर और डिप्लोमा में आवेदन 30 जून तक किया जा सकेगा। इस बीच व्यावसायिक कोर्स की प्रवेश परीक्षा 20 से 25 जून तक करवाई जाएगी। विश्वविद्यालय की ओर से तिथि घोषित कर दी गई है। 

स्नातक, स्नातकोत्तर और डिप्लोमा कोर्स में तो मेरिट से दाखिला लिया जाएगा, लेकिन व्यवसायिक पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा कराने का फैसला लिया गया है। व्यवसायिक कोर्स की प्रवेश परीक्षा की तिथि फाइनल कर दी गई है। 20 से 25 जून तक प्रवेश परीक्षा करवाई जाएगी। इसके बाद 10 जून से संबंधित कोर्स में काउंसिलिंग होगी। प्रवेश की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय की ओर से नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए 21 जुलाई से कक्षाएं चलवाई जाएंगी।

हनुमान मंदिर में श्री रामचरित मानस पाठ और भंडारा
मिर्जामुराद के पुरानी बाजार स्थित हनुमान मंदिर में वार्षिक शृंगार कार्यक्रम में शुक्रवार को श्री रामचरित मानस पाठ और प्रसाद वितरण के साथ ही भंडारा कार्यक्रम चला। इस अवसर पर परमानंद लाल श्रीवास्तव, शीतल गुप्ता, प्रह्लाद गुप्ता, नवीन श्रीवास्तव, केशव सेठ, श्रीप्रकाश आदि शामिल रहे। 

लमही में शिवाजी महाराज के राजनैतिक आदर्श पर संगोष्ठी
बीएचयू और विशाल भारत संस्थान की ओर से 9 जून को छत्रपति शिवाजी पर छत्रपति शिवाजी महाराज के राजनैतिक आदर्श विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी होगी। लमही स्थित सुभाष भवन में आयोजित कार्यक्रम में महाराष्ट्र से साइंस एंड कॉमर्स कॉलेज बदनापुर के प्राचार्य प्रो. जाकिर पठान मुख्य वक्ता होंगे। महाराष्ट्र जलगांव के इतिहासकार प्रो. पीडी जगताप, नेताजी सुभाष चंद्र बोस रिसर्च सेंटर से निदेशक आभा रघुवंशी और विशाल भारत संस्थान के अध्यक्ष राजीव सहित बीएचयू के प्रोफेसर मौजूद रहेंगे।

उंदी ताल परियोजना के लिए मिट्टी की खोदाई शुरू
वीडीए की उंदी ताल परियोजना के लिए शुक्रवार को बैठक हुई। अधीक्षण अभियंता अजय पवार ने कहा कि तहसील पिंडरा के ग्राम उंदी में 110000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में उंदी ताल का विकास कार्य कराया जाना है। प्रथम चरण में वीडीए की ओर से मिट्टी की खोदाई का कार्य एटीई चंद्रा फाउंडेशन ने शुरू किया है। 

वर्तमान में उंदी ताल से 50 सेमी की खोदाई की जा रही है। 53 किसानों की ओर से मिट्टी खेतों में ले जाई जा रही है। जो कि उनकी भूमि की उर्वरता बढ़ाने में मदद करेगी। 5000 घन मीटर का उपयोग 53 किसानों की ओर से किया जा रहा है। 146 किसानों की ओर से एटीई चंद्रा फाउंडेशन फर्म में अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। 

वित्त आयोग के सदस्यों ने देखा सारनाथ
16वे केंद्रीय वित्त आयोग के 15 सदस्यीय दल ने शुक्रवार को सुबह 7 बजे सारनाथ में बुद्ध की पूजा कर उनके इतिहास को समझा। वित्त आयोग के चेयरमैन डॉ अरविंद पनगढ़िया के नेतृत्व में 15 सदस्यीय दल सारनाथ पुरातात्विक खंडहर परिसर पहुंचा। उन्होंने अशोक की लाट, प्राचीन मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर के अवशेष देख कर धमेख स्तूप की परिक्रमा कर उसके इतिहास को समझा। इसके बाद सीधे मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर पहुंचे। इस दौरान पर्यटन उपनिदेशक आर के रावत सहित अन्य मौजूद रहे। 

यूपी कॉलेज में अपार आईडी बनाना जरूरी
यूपी कॉलेज के छात्रों को 12 अंकों की अपार ऑटोमेटेड (परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री) आईडी जरूरी कर दिया गया है। ऑनलाइन मार्कशीट के साथ ही भविष्य के जितने भी जॉब और भारत सरकार की ओर से सर्टिफिकेट मिलेंगे उनका वेरिफिकेशन इसी अपार आईडी से ही होगा।

कॉलेज की ओर से सेमेस्टर रिजल्ट प्राप्त करने के लिए छात्रों को एक दिशा निर्देश जारी किया गया है। वेबसाइट पर स्टूडेंट लॉगिन और पासवर्ड के माध्यम से विद्यार्थी अपनी ग्रेड मार्कशीट और अंकों की मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं। पोर्टल पर एक अपार आईडी भी बनाएंगे। इनका वेरिफिकेशन महाविद्यालय द्वारा होगा।

वैज्ञानिकों ने किसानों से किया संवाद, सुनीं समस्याएं
विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) के वैज्ञानिकों ने किसानों से सीधा संवाद किया। इसमें किसानों ने फसलों में लगने वाले रोग और छुट्टा पशुओं से होने वाले नुकसान के बारे में बताया। हरहुआ ब्लॉक में डॉ. अच्युत सिंह, डॉ. पी कर्मकार और डॉ. आशुतोष राय की टीम ने भोहर, गुरवत और औरा गांव में किसानों से संवाद किया। 

किसानों ने बैंगन और भिंडी में फ्रूट बोरर, सब्जियों में माइट, आम में मीली बग, नीलगाय की समस्या, धान में खैरा रोग और आयरन की कमी जैसी चुनौतियों को उठाया। ऐसे ही सेवापुरी ब्लॉक में डॉ. विद्या सागर और डॉ. ज्योति देवी की टीम ने बरकी, पुरे बरियारपुर और रामपुर गांव में कार्यक्रम किए। 

विद्यापीठ ब्लॉक में डॉ. केके पांडेय और डॉ. रामेश्वर सिंह ने हरहरपुर, माधोपुर और छितौनी गांव में 192 किसानों से संवाद किया। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि अभियान के अंतिम तीन दिनों में इन सभी समस्याओं के व्यापक समाधान प्रस्तुत किए जाएंगे। 12 जून को समापन समारोह में इस अभियान के परिणामों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। 

हेल्पलाइन नंबर से लें वृद्धा पेंशन की जानकारी
समाज कल्याण विभाग की ओर से जारी कंट्रोल समांड सेंटर से लोग योजना के लिए आवेदन, वृद्धापेंशन संबंधी समस्या के संबंध में जानकारी ले सकते हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीशचंद्र दुबे ने बताया कि इसके लिए जारी टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14568 पर फोन कर लोग शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि वृद्धा पेंशन के लिए उम्र 60 वर्ष, आय प्रमाण पत्र ग्रामीण क्षेत्र में 46080 रुपये और शहरी क्षेत्र में 56460 हजार रुपये वार्षिक होना चाहिए।

किसानों से किया संवाद, बताए योजनाओं के लाभ
विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत नौवें दिन शुक्रवार को कृषि वैज्ञानिक और कृषि विभाग के तकनीकी कर्मचारियों ने किसानों से संवाद किया। काशी विद्यापीठ ब्लाॅक के हरिहरपुर में भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. केके पांडेय ने सब्जी की खेती और उसमें लगने वाले कीट रोग के बारे में बताया। कृषि विज्ञान विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. श्रीप्रकाश ने मृदा जॉच, उद्यान और कृषि विभाग के अधिकारियों ने योजनाओं से किसानों को अवगत कराया। 

फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड, फार्मर रजिस्ट्री के लाभ के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड में किसानों को मात्र चार प्रतिशत ब्याज पर खेती के लिए ऋण मिलता है। मुख्य अतिथि डायरेक्टर ऑफ एग्रीकल्चर एंड स्टेटिक्स उत्तर प्रदेश सुमिता सिंह ने किसानों को वैज्ञानिक विधि से खेती करने के लिए प्रेरित किया। उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल, बालकेश्वर सिंह पटेल, रामनरेश, विनोद कुशवाहा आदि मौजूद रहे। 

सहजन के सेवन से मिलता है विटामिन, आयरन, पौधा लगाना जरूरी
सहजन (मोरिंगा) के सेवन से विटामिन, आयरन की कमी दूर होती है। ऐसे में स्वासथ्य केंद्रों के साथ ही घर के आसपास इसका पौधा लगाने की अपील स्वास्थ्य विभाग की ओर से की जा रही है। सीएमओ डॉ.संदीप चौधरी ने बताया कि सहजन एक आरोग्य वृक्ष है। इसकी पत्तियों, फलियों और बीजों में अत्यधिक पोषक तत्व पाए जाते हैं। 

इसमें विटामिन ए, सी, कैल्शियम, पोटैशियम, प्रोटीन और आयरन की प्रचुर मात्रा होती है। सहजन में विटामिन्स, एंटीऑक्सीडेंट्स, दर्द निवारक तत्व और अमीनो एसिड्स होते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। ऐसे में जिले के सभी सीएचसी पीएचसी, एवं स्वास्थ्य उपकेन्द्रो पर दो-दो सहजन के वृक्ष लगाए जाने को प्रभारियों को कहा गया है। 

राष्ट्रीय परिवार सर्वेक्षण के मुताबिक देश के करीब 32 फीसद बच्चे अपनी उम्र के मानक वजन से कम (अंडरवेट) हैं। कुछ बच्चे ऐसे हैं जो अलग-अलग वजहों से एनीमिया (खून की कमी) से पीड़ित हैं। इन बच्चों के साथ ही किशोरियों में खून की कमी को पूरा करने में सहजन वरदान साबित हो सकता है।

अब सीधे खाते में जाएगी वस्त्र और किताबों की राशि
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से जिले के सभी संस्कृत माध्यमिक विद्यालय के अध्यापक और कर्मचारियों को वस्त्र तथा छात्रों को पाठ्यपुस्तकें दी जाएंगी। इसके लिए न्यास की ओर से सीधे लाभार्थी के खाते में धनराशि जारी की जाएगी। इसके लिए खातों की जानकारी 20 जून तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी।

जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से संस्कृत माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को दो-दो सेट वस्त्र व पाठ्यपुस्तकों के लिए धनराशि खाते में भेजी जाएगी। विद्यालय के अध्यापक व कर्मचारियों को दो-दो सेट वस्त्र की धनराशि खाते में भेजी जाएगी।

जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से न्यास को छात्रों, शिक्षकों व कर्मचारियों की सूची उपलब्ध करा दी गई है। सभी प्रधानाचार्य को निर्देश दिया गया है कि वह सूची के अनुसार छात्रों, अध्यापकों व कर्मचारियों का बैंक विवरण साफ्ट तथा हार्ड कापी पेनड्राइव के साथ 20 जून तक उपलब्ध करानी होगी।

सांसद निधि से तीन कार्यों का हुआ शिलान्यास
पीएम नरेंद्र मोदी की सांसद निधि से होने वाले तीन कार्यों का शिलान्यास भाजपा के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने किया। 479 मीटर सड़क निर्माण कार्य तीन स्थानों पर 31.14 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। नदेसर वार्ड में सड़क की इंटरलॉकिंग 2.18 लाख रुपये से होगी।

रमरेपुर वार्ड नंबर 59 के भक्ति नगर कॉलोनी में 20.18 लाख रुपये से इंटरलॉकिंग होगी। वहीं, शिवपुर वार्ड नंबर 9 में कुंदन नगर कॉलोनी शिवपुर से एके वर्मा के घर तक पिच रोड 8.78 लाख रुपये बनवाई जाएगी। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अतुल सिंह, विवेक पांडे, मनोज सोनकर, सुशील गुप्ता, शैलेंद्र श्रीवास्तव, संदीप श्रीवास्तव, अजय गुप्ता आदि मौजूद रहे।

BHU - फोटो : अमर उजाला
बीएचयू ने योग कोर्स की अधिसूचना से दिव्यांग वाली लाइन हटाई
बीएचयू ने अपने अंशकालिक योग सर्टिफिकेट कोर्स की अधिसूचना में संशोधन कर दिव्यांग वाली लाइन हटा दी है। पुरानी अधिसूचना में कहा गया था योग सर्टिफिकेट कोर्स एक आंगिक विन्यासगत विधा होने के कारण इसमें दिव्यांग अभ्यर्थी प्रवेश के योग्य नहीं होते। इस पूरी लाइन को डिलीट कर फिर से प्रवेश की अधिसूचना जारी कर दी गई है।

यानी कि अब दिव्यांगों को योग कोर्स में प्रवेश लेने पर कोई रोक नहीं है। मालवीय भवन में चलने वाले योग साधना केंद्र समन्वयक प्रो. राजाराम शुक्ला ने कहा कि 22 तरह की दिव्यांगता होती है। इसी आधार पर अब योग की क्रियाएं और आसन भी तय कर दिव्यांगों को भी योग कराया जाएगा। 

दिवंगत अधिवक्ता के पुत्र को दिया तीन लाख रुपये का चेक
सिगरा निवासी दिवंगत अधिवक्ता बृषभान गिरि के पुत्र चंद्रभान गिरि को बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के पूर्व चेयरमैन व सदस्य हरिशंकर सिंह ने शुक्रवार को तीन लाख रुपये का चेक दिया। परिजनों ने सभी का आभार जताया। हरिशंकर सिंह ने बताया कि पहले सहायता राशि 10 हजार रुपये दी जाती थी। वह जब चेयरमैन चुने गए तो उन्होंने बढ़ोतरी करा कर सहायता राशि को दो लाख रुपये कराया। 

बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश की तरफ से अधिवक्ताओं की चिकित्सा सुविधा के लिए सहायता राशि दी जाती है। उन्होंने वरुण कुमार, अजीत कुमार पांडेय, संदीप कुमार, सुनीता पांडेय, विजय शंकर मिश्रा, रमेश चंद्र श्रीवास्तव, हेमंत कुमार जौहरी, सुषमा सिंह चौहान, रईसा बानो, विंध्यवासिनी पाठक, कमल प्रकाश, कमल चंद्र श्रीवास्तव, अशोक कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार गौतम और गिरीश चंद मिश्रा को भी चेक दिया। एडीजीसी मिथिलेश पांडेय, प्रभाकर मिश्रा, हरिओम त्रिपाठी, मिथिलेश मिश्रा, विशाल यादव, संघर्ष प्रकाश तिवारी मौजूद थे।

काशी विद्यापीठ में 13 से शुरू होगी योग कार्यशाला
काशी विद्यापीठ छात्र कल्याण संकाय की ओर से आयोजित सात दिवसीय योग कार्यशाला का शुभारंभ 13 जून को होगा। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि कार्यशाला का आयोजन दर्शन एवं योग विज्ञान विभाग, योगाभ्यास कक्ष, मानविकी संकाय में हर दिन 10 से 12 बजे तक किया जाएगा।

कठिन साधना से साधक करते हैं खुद को शुद्ध
जनार्दन स्वामी आश्रम परिवार में अनुष्ठान व श्रमदान मूल आधार है। यहां पर सभी को सात दिन की कठिन साधना करनी पड़ती है। साधक को जमीन पर सोना, बिना अन्न, जल और फल के व्रत का पालन या फलाहार, दुग्धाहार और जलाहार के माध्यम से सवालाख जपकरके जीवन एवं आत्मा की शुद्धि करनी होती है। 

साधक को सात दिन मौन रहना पड़ता है। ये बातें आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहीं। वह शुक्रवार को डोमरी स्थित आश्रम में आयोजित अनुष्ठान समारोह को संबोधित कर रहे थे। भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राकेश त्रिवेदी ने बताया कि आश्रम में भक्तों के रहने और भोजन की निशुल्क व्यवस्था है। 

गोशाला में गोमाता की सेवा की जाती है। बाबा शांति गिरि महाराज के सानिध्य में पूरे देश में कहीं न कहीं अनुष्ठान के माध्यम से एक वर्ष में लगभग 10 हजार भक्तों की अनुष्ठान कराकर शुद्धि की जाती है। साधक शराब, व्यसन, झूठ न बोलने और कोई भी गलत कार्य नहीं करने का व्रत लेता है। इसके पूर्व भक्तों ने काशी के कोतवाल और बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन किया। शाम को भक्तों ने गंगा आरती भी देखी। इस दौरान राकेश सिंह अलगू, आरसी कुशवाहा, अशोक यादव, ब्रजेश चौरसिया व रामानंद मौजूद रहे।

शहर के 25 स्थानों से हटवाए गए अवैध होर्डिंग
नगर निगम ने शुक्रवार को शहर के कई इलाकों में अतिक्रमण अभियान चलाया। पाथवे की साफ-सफाई के साथ ही 25 स्थानों से अवैध होर्डिंग हटवाए गए। नदेसर के होटल से जेपी मेहता, कचहरी, सर्किट हाउस, गिलट बाजार, शिवपुर तरना, हरहुआ रिंग रोड चौराहा और वापस गिलट बाजार, सर्किट हाउस, भोजूबीर होटल ताज तक अतिक्रमण हटवाए। रोड के दोनों साइड अवैध वेंडिग, होडिंग, तिरपाल, पन्नी हटवाए। लंका मेन गेट से नरिया रोड के पाथवे पर ठेला, चाय की दुकानें हटवाईं।

नगर आयुक्त ने 16वें वित्त आयोग से मांगे 2000 करोड़ रुपये
16वें केंद्रीय वित्त आयोग की टीम के सामने नगर निगम की ओर से नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने अपना पक्ष रखा था। बीते बृहस्पतिवार को हुई बैठक में नगर आयुक्त ने नगर निगम की ओर से प्रजेंटेशन किया। उन्होंने बताया कि 15 वें वित्त में निगम को 724 करेाड़ रुपये मिले थे। अब निगम क्षेत्र दोगुना हो गया है।

उन्होंने बताया कि इसके बुनियादी ढांचे का विकास, हरित क्षेत्र का बढ़ाना, शत-प्रतिशत कूड़ा निस्तारण, सीवर एवं जल की शत-प्रतिशत व्यवस्था, वायु प्रदूषण की गुणवत्ता में सुधार, कैपिसिटी बिल्डिंग, जनजागरूकता, एक्सपोजर विजिट, जन हितकारी कार्य के लिए 2000 करोड़ की धनराशि की आवश्यकता अगले पांच साल में होगी। इसके अलावा उन्होंने सड़क और हरित विकास, सीवर एवं जल व्यवस्था, स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन में नवाचार, स्मार्ट काशी और डिजिटल समाधान, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट प्रबंधन, भविष्य के लिए सुझाव आदि के बारे में प्रजेंटेशन दिया।

मौनी बाबा आश्रम में राज्यपाल ने सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना
निर्जला एकादशी पर असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य ने लक्सा स्थित मौनी बाबा आश्रम में दर्शन-पूजन किया। राज्यपाल ने आश्रम में विराजित सभी विग्रहों का पूजन और अभिषेक किया और भारत की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि आज भारत तेजी से विश्व शक्ति बन रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया का सबसे शक्तिशाली नेता बताते हुए आभार व्यक्त किया। कहा कि अब भारत को कोई आंख नहीं दिखा सकता। इस दौरान आश्रम के व्यवस्थापक धीरेंद्र शर्मा, ट्रस्टी मोहनलाल शर्मा, अनूप जायसवाल, सोमनाथ विश्वकर्मा, दीपक आर्य, शिव हरी, सुजीत गुप्ता, आदित्य गोयनका उपस्थित थे।

191 केंद्रों को बांटी गई परीक्षा की गोपनीय सामग्री
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में मध्यमा, शास्त्री और आचार्य की परीक्षाओं के लिए शुक्रवार से गोपनीय सामग्री का वितरण शुरू हुआ। पहले दिन पूर्वांचल समेत देश भर के 191 परीक्षा केंद्र के केंद्राध्यक्षों को परीक्षा सामग्री बांटी गई। सात जून को बाकी बचे परीक्षा केंद्र के केंद्राध्यक्षों को परीक्षा सामग्री का वितरण होगा। परीक्षा नियंत्रक प्राे. सुधाकर मिश्र ने बताया कि परीक्षा सामग्री का वितरण शांतिपूर्ण ढंग से किया गया।

शनिवार को भी शेष केंद्रों को परीक्षा सामग्री दी जाएगी। इसमें राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, सिक्किम, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, बिहार, जम्मू कश्मीर को गोपनीय सामग्री बांटी जाएगी। इसके अलावा बरेली, पीलीभीत, सहारनपुर, बागपत, मेरठ, सीतापुर, फतेहपुर, फिरोजाबाद, अलीगढ़, बिजनौर, एटा, इटावा, औरैया, प्रयागराज और अयोध्या के परीक्षा केंद्रों को गोपनीय सामग्री का थैला दिया गया।

गीता सोसायटी ने बाल संरक्षण गृह में बांटी पुस्तकें
श्रीश्री गीता सोसायटी की ओर रामनगर के साथ ही शहर के अन्य स्थानों पर स्थित बाल संरक्षण गृह में शुक्रवार को अकादमिक पुस्तकों का वितरण किया गया। इसके साथ ही स्टेशनरी से संबंधित अन्य वस्तुएं प्रदान की गईं। पठन-पाठन सामग्री का वितरण कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।

श्रीश्री गीता सोसयटी के संस्थापक अध्यक्ष स्वामी त्रिगुणातितनंद के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य वस्तुओं का भी वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति के चलते बच्चे अपने उज्जवल भविष्य से भटक जा रहे हैं।

इसके चलते शहरों में अन्य कार्यों में लिप्त होकर जीवन को बेकार कर रहे हैं। ये बच्चे भारत के भविष्य हैं, ये कही भी रहें इनका ज्ञान अर्जित होना अति आवश्यक है। इसी उद्देश्य से इन सभी को पठन पाठन की सामग्री का वितरण किया गया है। संस्था की मां वृंदाप्राणा ने बताया कि संस्था की ओर से लगातार ऐसे कार्य जारी रहेंगे।

बांग्लादेश के तुहिन ने सुबह ए बनारस के मंच पर किया बांसुरी वादन
सुबह ए बनारस के मंच पर शुक्रवार को बांग्लादेश के कलाकार तुहिन पार का बांसुरी वादन हुआ। तबला संगति ज्ञान स्वरूप मुखर्जी की रही। वादन का आरंभ राग -अहीर भैरव में आलाप के साथ मध्य लय रूपक ताल में निबद्ध बंदिश से हुआ।

इसके उपरांत मध्य लय तीनताल में निबद्ध रचना प्रस्तुत कर आनंदित किया। उसी क्रम में द्रुत तीनताल में झाला बजा कर प्रभावित किया। समापन राग भटियार में निबद्ध धुन से हुआ। कलाकार को प्रमाणपत्र संतोष भारती ने दिया। संचालन डॉ. प्रेम नारायण ने किया।

राज्यमंत्री ने सांसद निधि के 9.31 लाख के दो कार्य का किया शिलान्यास
प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने शुक्रवार को 9.31 लाख के दो कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने शहर उत्तरी विधान सभा के वार्ड जगतगंज व रमरेपुर में पीएम नरेंद्र मोदी के सांसद विकास निधि योजना वर्ष 2024-25 के तहत 9.31 लाख की लागत के कार्य का शिलान्यास किया। 

राज्यमंत्री ने लच्छीपुर कॉलोनी नदेसर में सड़क पर पिच, विवेकानंद नगर कॉलोनी में नवीन पांडेय से डा. उधम सिंह के मकान होते हुए बृजेश पांडेय के मकान से खंझाती राम के घर तक इंटरलॉकिंग के कार्य का उद्घाटन किया।

उन्होंने कहा कि सरकार आम जनमानस के बुनियादी सुविधाओं का विशेष ध्यान रख रही है। सड़क निर्माण के साथ-साथ गालियों के निर्माण कार्य, पेयजल एवं विद्युत आदि की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित की जा रही है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अतुल सिंह, मनोज सोनकर, पूर्व मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह, पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, संजय जायसवाल, सुशील गुप्ता योगी आदि मौजूद रहे।

वाराणसी की गंगा में डूब रहे युवकों को बचाया। - फोटो : अमर उजाला
गंगा में डूब रहे तीन युवकों को जल पुलिस ने बचाया
अस्सी घाट के पार की ओर गंगा में स्नान कर रहे तीन युवक गहरे पानी में जाकर डूबने लगे। लोगों की चीख-पुकार सुनकर मोटरबोट से पेट्रोलिंग कर रहे जल पुलिस कर्मियों ने नाविकों की मदद से तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

गंगा से सुरक्षित बाहर निकाले गए युवकों में लंका का अभिषेक सिंह और बिहार के कैमूर का आयुष्मान सिंह व आयुष तिवारी हैं। बचाव दल का नेतृत्व कर रहे जल पुलिस के सब इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार ओझा ने नाविक दीपक साहनी, राहुल साहनी और लवकुश साहनी की सराहना की।

पुरानी रंजिश में एक युवक पर चढ़ाया ट्रैक्टर
कपसेठी थाना क्षेत्र के ओदरहा गांव में रंजिश को लेकर एक युवक ने दूसरे युवक पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। लोगों ने बताया कि चालक सुमित नामक ट्रैक्टर चालक ने अवनीश कुमार के मड़हे में ट्रैक्टर घुसा दिया। अवनीश गाय को चारा डाल रहा था। इसमें वह घायल हो गए। घटना के बाद चालक मौके पर ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। पीड़ित अवनीश कुमार ने थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष अरविंद सरोज ने बताया कि शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ट्रक से 25 मवेशी मिले, चालक गिरफ्तार
चेतगंज थाने की पुलिस ने गुरुवार रात संस्कृत विश्वविद्यालय के पास एक ट्रक से 25 मवेशी बरामद किए गए। मवेशियों के साथ बिहार के गया जिले के सेरगाठी निवासी मोहम्मद रमजान को गिरफ्तार किया गया है। एसीपी चेतगंज गौरव कुमार ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस टीम लकड़ी मंडी तिराहा के पास चेकिंग कर रही थी।

उसी दौरान एक ट्रक आया तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। इस पर चालक ट्रक को लकड़ी मंडी तिराहा से अमर उजाला तिराहा मार्ग की ओर घुमाकर भागा। हालांकि पुलिस टीम ने ट्रक को संस्कृत विश्वविद्यालय के पास रुकवा कर चालक को पकड़ लिया। 

बीएचयू दर्शन विभाग का ताला खुला, धरना समाप्त
बीएचयू में चार दिन से दर्शन एवं धर्म विभाग के बाहर चल रहा धरना समाप्त हो गया। मुख्य परिसर में लिखित आश्वासन पर छात्रों ने विभाग के गेट पर बंद ताला भी खोल दिया। प्रभारी कुलपति के आदेश के बाद विभागाध्यक्ष ने दिया है कि इसी मामले को लेकर 9 जून को डीआरसी की बैठक होगी। बेहतर रैंक के बावजूद तीन छात्रों को पीएचडी के लिए मुख्य परिसर में सीट आवंटित न होने से धरना चल रहा था। छात्रों ने कुलपति सभी प्रोफेसरों का आभार जताया है। 

नियारडीह में 7.50 करोड़ की लागत से बनेगा उपकेंद्र
दानगंज के चोलापुर विद्युत उपकेंद्र से हटकर अब नियारडीह विद्युत उपकेंद्र अलग बनाया जाएगा। इसके माध्यम से 22 गांव की बिजली आपूर्ति की जाएगी। उपकेंद्र बनाए जाने में करीब 7.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शुक्रवार की शाम बिजली निगम के अधिकारियों ने अजगरा के विधायक त्रिभुवन राम के साथ नियारडीह में जमीन देखी।

खाली पड़ी जमीन पर विद्युत सब स्टेशन बनाने की विधायक ने स्वीकृति दी। सहायक अभियंता अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उपकेंद्र के निर्माण पर साढ़े सात करोड़ रुपये की लागत आएगी। अलग उपकेंद्र बनने से ओवरलोड और तार टूटने की समस्या दूर होगी। जल्दी भूमि पूजन कराकर कार्य शुरू करवाया जाएगा।

प्राधिकरण के सचिव ने जिला कारागार वाराणसी का लिया जायजा
अपर जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विकास वर्मा ने शुक्रवार को जिला कारागार वाराणसी का जायजा लिया। उन्होंने महिला और पुरुष बैरकों का हाल जाना। जेल अस्पताल में बंदियों के इलाज व दवाइयों की जानकारी ली। चिकित्सकों को निर्देश दिया कि बंदी मरीजों को समय पर दवा दी जाए। 

पाकशाला में भोजन की गुणवत्ता व स्वच्छता पर ध्यान देने का निर्देश दिया। जेल में निरूद्ध महिला बंदियों की समस्याओं के बारे में जाना। उनके साथ रह रहे बच्चों के शिक्षा की भी जानकारी ली, साथ ही बंदियों को फ्री लीगल एडवाइजरी के बारे में जानकारी दी। डिफेंस काउंसिल को निर्देश दिया कि जिन बंदियों की जमानत सक्षम न्यायालय से खारिज हो चुकी है। 

उन बंदियों को चिन्हित करें और उनकी जमानत के लिए उच्च न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल करे। उन्होंने जेलर को निर्देश दिया कि कानूनी सहायता लेने के इच्छुक बंदियों की सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराएं, ताकि ऐसे लोगो को कानूनी सहायता दी जा सके।

छुटा पशुओं को पकड़ें व लू से बचाएं: डॉ. ओमप्रकाश
पशुपालन विभाग के अपर निदेशक (ग्रेड-2) डॉ. ओमप्रकाश सोनकर शुक्रवार को गोशालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने बड़ागांव ब्लाॅक के मधुमखिया, पिंडारा के थाना और चोलापुर के सिंधोरा के गोशालयों की व्यवस्था का जायजा लिया। मानक के अनुसार सभी व्यवस्थाओं को परखें। मधुमखिया में खराब पड़े गोबर से लकड़ी बनाने वाली मशीन को ठीक कराने के निर्देश दिए।

पशुओं को चारा खिलाने को कहा। जिन पशु आश्रय केंद्रों में चारागाह के लिए जमीन खाली नहीं है। वहां सीडीओ को खाली कराने को कहा। डॉ. ओपी सोनकर ने नगर निगम को छुट्टा पशुओं पकड़कर निकट के पशुआश्रय केंद्रों में रखने के लिए निर्देश दिए। सभी गोआश्रय केंद्रों को धूप, लू से बचाने के लिए पानी, टीन शेड व पर्दे लगाकर छाए की व्यवस्था आदि करने को कहा। उनके साथ डॉ. आलोक पांडेय मौजूद रहे।

हार्ट अटैक से अनुसेवक की हुई मौत, तहसील में शोक
हार्ट अटैक से अनुसेवक की हुई मौत, तहसील में शोकसंवाद न्यूज एजेंसी पिंडरा। तहसील पिंडरा में सामयिक संग्रह अनुसेवक के रूप में तैनात 43 वर्षीय शत्रुघ्न सिंह का हार्ट अटैक से शुक्रवार को अस्पताल में निधन हो गया। उन्हें सांस की बीमारी थी और 5 दिन पूर्व हार्ट अटैक आया था। उनके परिवार वालों ने कलेक्ट्री फ़ॉर्म चांदपुर में स्थित साईश्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया था।

इलाज के दौरान शुक्रवार की शाम साढ़े सात बजे मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही तहसील के अधिकारियों व कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। अनुसेवक की मौत की सूचना पर अमीन संघ के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अमीन विजय प्रताप सिंह ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ लहरतारा के समीप रहते थे। उनके दो छोटे पुत्र हैं।
विज्ञापन

दो भाइयों और भयोह पर दर्ज कराया मुकदमा
लालपुर-पांडेयपुर थाने में विश्वनाथपुरम कॉलोनी निवासी डॉ. बृजेंद्र कुमार तिवारी ने जानलेवा हमला और संपत्ति हड़पने के प्रयास के आरोप में अपने छोटे भाई देवेंद्र कुमार तिवारी और आनंद तिवारी व उसकी पत्नी बीना पर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

डॉ. तिवारी ने पुलिस को बताया कि वह गत चार जून को अपने कमरे में टीवी देख रहे थे। उसी दौरान आनंद आया और उनसे अकारण ही मारपीट शुरू कर दिया। थोड़ी देर बाद उसकी पत्नी बीना भी आई और मारपीट में शामिल हो गई। इसके पीछे उनके एक अन्य भाई देवेंद्र की साजिश है। मारपीट में घायल होने के बाद अस्पताल में उन्होंने इलाज कराया।

डॉ. तिवारी के अनुसार उनका भाइयों से पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों भाई उन्हें लगातार धमकी देते हैं और हत्या कर संपत्ति हड़पने की साजिश रच रहे हैं। वह अपनी बुजुर्ग मां के साथ अकेले रहते हैं। इस संबंध में लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें