Varanasi News in Hindi: जंसा थाना क्षेत्र के बरनी गांव के पास सुबह 11 बजे गड्ढे की वजह से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। बाइक सवार समृद्धि देवी (55) गिरकर घायल हो गईं। लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कपसेठी थाना क्षेत्र के सकलपुर निवासी समृद्धि देवी बेटे प्रमोद यादव के साथ हरहुआ में रिश्तेदार के यहां जा रही थीं। थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत
जंसा थाना क्षेत्र के सजोई गांव के पास मंगलवार सुबह 6 बजे गंगाराम पटेल (70) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गंगाराम पटेल रोज की तरह नित्य क्रिया के लिए ट्रैक की तरफ गए थे। लौटते समय ट्रेन की चपेट में आ गए। उन्हें कम सुनाई देता था। तीन पुत्रों के पिता गंगा राम किसानी करते थे। पत्नी का दो माह पहले ही निधन हुआ था। जंसा थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
एक लाख की साइबर ठगी के मामले में मुकदमा दर्ज
यूपीआई मशीन का केवाईसी अपडेट करने के नाम पर एक लाख रुपये की साइबर ठगी में केस दर्ज किया गया। फूलपुर के नयेपुर ठठरा निवासी सतीश कुमार ने पुलिस को बताया कि उनका होलापुर में किराना स्टोर है। 20 अगस्त सुबह 11 बजे एक युवक ने यूपीआई मशीन का केवाईसी करने पर भुगतान नहीं कटने की बात कही। फिर चला गया। शाम 5 बजे दुकान पर दोबारा पहुंचा।
धोखे से यूपीआई मशीन का सिम, आधार की फोटो व सिम ले गया। बाद में सिमकार्ड ब्लॉक कराया। 22 अगस्त को मेल पर पिरामल फाइनेंस लिमिटेड से 2.86 लाख रुपये का लोन पास होने का मेसेज आया। उसमें से एक लाख रुपये निकाल लिए गए। ऑनलाइन साइबर सेल में शिकायत की है। शिवपुर इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।
ऑटो सवार महिलाओं ने चेन उड़ाई
कैंट रेलवे स्टेशन के पास ऑटो में सवार पांच महिलाएं और बच्ची ने शाश्वती पांडेय की सोने की 10 ग्राम की चेन चोरी कर ली। 14 जुलाई की घटना के बाबत पीड़िता ने सोमवार रात सिगरा थाने में केस दर्ज कराया। प्रयागराज के फाफामऊ निवासी शाश्वती ने पुलिस को बताया कि वह लोहता जाने के लिए 14 जुलाई को कैंट स्टेशन पहुंची। पिलर संख्या 65 से ऑटो में बैठीं। ऑटो में 5 महिलाएं और एक बच्ची भी थी। महिलाओं ने गले से चेन निकाल ली। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि ऑटो की पहचान कराई जा रही है। जल्दी ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
बच्चे को दिखाकर घर लौट रही महिला की चेन चोरी
जिला अस्पताल में बच्चे को दिखाकर घर लौट रही वैष्णवी बरनवाल के गले सोने की चेन मंगलवार दोपहर ई-रिक्शा से चोरी हो गया। पीड़िता ने अर्दली बाजार चौकी में शिकायत की। चोलापुर थाने के दानगंज निवासी वैष्णवी बरनवाल ने पुलिस को बताया कि वह बेटे प्रणव का जिला अस्पताल में उपचार कराने के बाद घर लौट रही थी। पांडेयपुर पहुंचने के दौरान ई-रिक्शा में सवार तीन महिलाओं ने चेन चोरी की है। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सीसी टीवी फुटेज के माध्यम से आरोपी की पहचान कराई जा रही है।
पति के खिलाफ दर्ज कराया केस
विवाहिता ने पति विभुकांत सिंह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस सिगरा थाने में सोमवार रात को दर्ज कराया। भगवान दास कॉलोनी निवासी पीड़िता देवाश्री सिंह ने पुलिस को बताया कि बंगलूरू के देवराविशनहल्ली निवासी पति विभुकांत शादी के बाद से प्रताड़ित करता है। ससुराल में मारपीट की और वाराणसी लाकर मायके में छोड़ दिया गया। फोन नंबर तक ब्लॉक लिस्ट में डाल दिया है। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।
नई बस्ती में दो पक्षों में मारपीट, केस दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के नई बस्ती में मंगलवार को मारपीट के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। नई बस्ती निवासी बंटी कुमार ने पुलिस को बताया कि रोज कुछ युवक नशा कर गालीगलौज करते हैं। विरोध करने पर परिवार से मारपीट की गई। बहन चांदनी घायल हो गई। दूसरी ओर शोभनाथ पटेल ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी सुभाष कुमार के बेटे राजकमल, सूर्यकमल व उनके पिता ने गालीगलौज कर परिवार से मारपीट की। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।
युवक ने कुएं में कूदकर दी जान
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के बैजनाथ इंटर कॉलेज नई बस्ती के पास मंगलवार सुबह कुएं में कूदकर करण कुमार (21) ने जान दे दी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि नई बस्ती निवासी करण का मानसिक अस्पताल में उपचार चल रहा था।
रात के अंधेरे में उड़े एक साथ पांच ड्रोन
गजेंद्र, रामनगर कोर्रा, ओदार समेत आसपास पांच से छह ड्रोन उड़े। गजेंद्र के प्रधान विनोद पांडेय ने पुलिस को बताया कि पांच से अधिक ड्रोन उड़ते दिखे। ओदार गांव के शराफत अली ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले भी गांव में ड्रोन दिखाई पड़े थे। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जांच कराई जा रही है।
डाफी के पास ट्रक पलटा, चालक समेत तीन घायल
लंका थाना क्षेत्र के डाफी टोल प्लाजा के पास मंगलवार को अनियंत्रित ट्रक पलट गया। हदसे में चालक रोहित, सह चालक बंटी और हारून घायल हो गए। पुलिस ने सभी को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार, चालक को झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा।
बुलंदशहर के अहमदगढ़ निवासी रोहित, मेरठ के भवाना निलोदा निवासी बंटी और रामपुर के सेपनी निवासी हारुन तीनों दिल्ली से फर्नीचर लेकर कोलकाता रवाना हुए। डाफी टोल प्लाजा के पास रोहित को झपकी आ गई। एक अन्य ट्रक को बचाने के चक्कर में उसका ट्रक पलट गया। इससे जाम की स्थिति हो गई। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि घायलों की हालत खतरे से बाहर है। ट्रक को हटवाकर आवागमन सुचारू रूप से कराया गया।
ओवरब्रिज का निर्माण डेढ़ महीने से बंद, ग्रामीण नाराज
चौबेपुर के कादीपुर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पिछले डेढ़ महीने से बंद है। कई बार आवाज उठाने के बाद भी जब काम नहीं शुरू हुआ तो ग्रामीण विरोध पर उतर आए। मंगलवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जल्द से जल्द काम शुरू कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे की ओर से ट्रेन संचालन रोकने के लिए ब्लॉक समय निर्धारित नहीं किया, जिसके कारण 60 मीटर लंबे बो-स्टिंग गर्डर लगाने का काम शुरू नहीं हो सका। इससे लोगों को कई किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है। इस कार्य को सितम्बर तक पूरा कर लेना था लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हो पाया है।
नाबालिग को अगवा करने का आरोपी गिरफ्तार
नाबालिग को अगवा करने के आरोपी विकास सोनकर को पुलिस ने मंगलवार को मिनी स्टेडियम के पास से गिरफ्तार किया। सुल्तानपुर के कुंडवार थाना क्षेत्र के इसरौली निवासी विकास पर 18 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
एसएससी सीजीएल परीक्षा में नकल परीक्षार्थी सहित पांच के खिलाफ केस
शिवपुर थाना क्षेत्र के मीरापुर बसही के एशियनसन इंफोटेक में सोमवार को एसएससी सीजीएल परीक्षा के दौरान नकल के आरोप में परीक्षार्थी द्विजेंद्र त्रिपाठी, सेंटर मालिक तुलसी प्रसाद समेत पांच के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया।
कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया डिफेंस कॉलोनी निवासी आशुतोष कुमार पांडेय ने पुलिस को बताया कि वह एक्जीक्यूटिव मैनेजर हैं। सोमवार को परीक्षा के दौरान पर्यवेक्षक रुपेश कुमार सिंह लैब में राउंड पर थे। उन्होंने देखा कि परीक्षार्थी द्विजेंद्र का सिस्टम रिमोट पर उठा हुआ था। उसका उत्तर कोई और दे रहा था। उस दौरान वह अचेत हो गया। तभी पर्यवेक्षक के संज्ञान में लाया गया।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में संदेह हुआ कि इनविजिलेटर, सहायक कर्मचारी, आईटी मैनेजर मृत्युंजय कुमार शामिल हैं। इनविजिलेटर से पूछताछ हुई तो कबूल किया कि सेंटर मालिक तुलसी प्रसाद के कहने पर परीक्षार्थी को नकल करवा रहा था। कैंट एसीपी नितिन तनेजा ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है।
सराफा कारोबारी से मारपीट में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष समेत 14 पर केस
सर्राफा कारोबारी से मारपीट के मामले में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष समेत 14 आरोपियों पर मिर्जामुराद थाने में सोमवार रात मुकदमा दर्ज हुआ। ठटरा गांव निवासी ऋषि राज चौरसिया ने पुलिस को बताया कि वह सराफा व्यवसायी है।
घर से दुकान जाने के लिए कार से निकल रहा था। घर से कुछ ही दूरी पर गांव के लोगों ने उन्हें रोका और लाठी डंडे से पिटाई की। दो लाख नकदी और सोने की चेन छीन ली। मां विमला और पिता सुरेश को भी मारा पीटा। आरोपियों में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अजय सिंह, पूर्व भाजपा नेता अरविंद सिंह, शरद सिंह, अभिनव सिंह, रितिक सिंह, शिवांश सिंह, शशांक सिंह, ऋषभ सिंह, हर्ष सिंह समेत अन्य अज्ञात हैं। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जांच की जा रही हैं।
14 सितंबर को सोलर लाइट के लिए गड्ढा खोदने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी, जिसमें एक पक्ष से भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष के बड़े भाई अरविंद सिंह और दूसरे पक्ष से अधिवक्ता पवन चौरसिया के पिता सुरेश चौरसिया की तहरीर पर दोनों पक्ष के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट में मुकदमा दर्ज किया गया था। शांति भंग की आशंका में दोनों पक्ष का चालान किया गया था।
डीपीएच के संविदा लाइन मैन की मौत के मामले में एसडीओ भी निलंबित
मंडुवाडीह डीपीएच पर तैनात संविदा कर्मी मनोज प्रजापति की मौत के मामले में सोमवार को जेई के निलंबन के बाद अब एसडीओ जितेंद्र प्रसाद को निलंबित कर दिया गया है। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक ने प्रथम दृष्टया कार्य में लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की है। एसडीओ को बस्ती के मुख्य अभियंता कार्यालय से संबद्ध् किया गया है। उधर जेई के बाद एसडीओ के निलंबन को लेकर जूनियर इंजीनियर्स संगठन नाराज हो गया है। प्रदर्शन कर अभियंताओं ने कार्रवाई को गलत बताया।
1187 करोड़ से सीवरेज और पेयजल योजना को शासन से मिली मंजूरी
मुख्य सचिव उप्र शासन की अध्यक्षता में वाराणसी के लिए 1187 करोड़ की कई परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। नवविस्तारित रामनगर क्षेत्र में कुल 292 करोड़ की लागत से जलापूर्ति योजना और सीवर नेटवर्क व हाउस कनेक्शन का कार्य किया जाएगा।
इस धनराशि से पहली बार रामनगर में सीवरेज और पेयजल पाइपलाइन बिछाने का काम किया जाना है। नव विस्तारित क्षेत्र सूजाबाद डोमरी में 37 करोड़ की लागत से पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाने और पेयजल आपूर्ति का काम किया जाएगा। दूसरी तरफ नगर निगम के पुराने 18 वार्डों में 858.63 करोड़ की लागत से पेयजल लाइन और सीवरेज लाइन बिछाने के लिए शासन ने स्वीकृति दी है।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि रामनगर, सूजाबाद, 18 वार्डों शिवाला, नगवॉ, बागाहाड़ा, जंगमबाड़ी, बंगालीटोला, दुर्गाकुण्ड, नरिया, सरायनन्दन, जोल्हा उत्तरी, भेलूपुर, कृतिवाशेश्वर, हुकुलगंज, नईबस्ती, शिवपुरवा, तुलसीपुर, बिरदोपुर, काजीपुरा में सीवरेज, पेयजल लाइन का काम होगा।
आज होगी टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक
नगर निगम सभागार में बुधवार को नगर आयुक्त की अध्यक्षता में टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक सुबह 11 बजे होगी। राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन महासचिव अभिषेक निगम ने बताया कि अधिक संख्या में वेंडिंग जोन बनाए जाने से ही फेरी पटरी ठेला वालों की आजीविका सुरक्षित होगी। बैठक में तमाम मुद्दों पर बात होगी।
15 दिसंबर को लगेगी पेंशन अदालत
पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के पेंशनरों/ पारिवारिक पेंशनरों की पेंशन से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए 15 दिसंबर को पेंशन अदालत लगेगी। वाराणसी मंडल के पेंशनर शिकायत 31 अक्तूबर तक कार्यालय में दे सकते हैं।
वाराणसी कोर्ट
- फोटो : Amar Ujala
ज्ञानवापी मामले में अब सात को सुनवाई
इलाहाबाद हाईकोर्ट में वाराणसी स्थित ज्ञानवापी मस्जिद के अंदर कथित शिवलिंग को छोड़कर कथित वजूखाने का सर्वेक्षण कराने की मांग में दाखिल याचिका पर अब सात अक्तूबर को सुनवाई होगी। मंगलवार को मामले की सुनवाई शुरू हुई तो कोर्ट को बताया गया कि मुस्लिम पक्ष के वकील अस्वस्थ हैं और सुनवाई में शामिल नहीं हो सकते।
इस पर कोर्ट ने सुनवाई स्थगित कर दी। राखी सिंह ने वाराणसी की अदालत में सर्वे की मांग में याचिका दाखिल की थी। जिला अदालत ने इसे 21 अक्तूबर 2023 को खारिज कर दिया था। इस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती देते हुए पुनरीक्षण अर्जी दाखिल की है।
आईं 10 शिकायतें, एक का भी नहीं हुआ निस्तारण
नगर निगम में मंगलवार को नगर आयुक्त अक्षत वर्मा की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। इसमें 10 शिकायतें आईं, लेकिन एक का भी निस्तारण नहीं हुआ। शक्तिपीठ कॉलोनी निवासी सुनील ने बताया कि नाली चोक होने से सड़क पर पानी बह रहा है। दशाश्वमेध के संजय ने मंदिर के रास्ते में अतिक्रमण होने, छित्तूपुर के अजीत ने फर्जी तरीके से हो रहे नामांतरण, शिवदासपुर के रवि ने सीवर लाइन और इंटरलॉकिंग के संबंध में शिकायत की। निशांत ने नौकरी दिलाने की मांग की।
आईजीआरएस : शिकायतों का तत्काल करें निस्तारण
वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को प्राधिकरण के पांच जोन के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में आईजीआरएस, आरटीआई और सीएमएस से प्राप्त शिकायतों और प्रार्थना-पत्रों के निस्तारण की स्थिति पर चर्चा की गई। उन्होंने खराब आईजीआरएस की रैंकिंग पर नाराजगी जताई। निर्देश दिए कि पोर्टल पर आने वाली सभी शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण करें।
सारनाथ के अन्वेषक को लेकर उठाए सवाल
सारनाथ को यूनेस्को विश्व धरोहर बनाने की प्रक्रिया तेज पर होने को बीएचयू के एक प्रोफेसर ने इसे आर्कियो पॉलिटिकल मामला बताया है। प्रो. एमपी अहिरवार ने आरोप लगाया कि जिसने प्राचीन स्तूपों को खोदवाया, उसका उद्देश्य ऐतिहासिक खोज नहीं, बल्कि ईंट और पत्थर निकालकर महल और बाजार बनवाना था। खोदाई में मिले कई बौद्ध अवशेष और प्रतिमाएं या तो गंगा में फेंक दिए गए या उसके निवास परिसर में रखे गए। एक किताब में किसी को सारनाथ का पहला अन्वेषक घोषित कर दिया गया। यह उचित नहीं है।
आजम खां की रिहाई पर सपाइयों ने बांटी मिठाई
सपा नेता आजम खां के जेल से बाहर आने पर सपाइयों ने खुशी जाहिर की। चंदौली से सपा के सांसद वीरेंद्र सिंह को पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाई। सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ के नेतृत्व में मुस्लिम समुदाय के लोग उनके घर पहुंचे। सांसद ने कहा कि मोहम्मद आजम खां का कद पार्टी में बहुत बड़ा है। वह उप्र के मुस्लिम समुदाय के सबसे बड़े चेहरे हैं। इस मौके पर पूर्व विधायक अब्दुल समद अंसारी, पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, अनवारुल हक अंसारी, उमेश यादव, राहुल बरनवाल समेत अन्य मौजूद रहे। भेलूपुर कार्यालय पर दिलीप डे की अध्यक्षता में जश्न मनाया गया। इस मौके पर योगेंद्र यादव, राजू यादव, कमल पटेल मौजूद रहे।
छुट्टी पर विशेषज्ञ, मरीज नहीं करवा सके अल्ट्रासाउंड
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड करने वाले विशेषज्ञ के छुट्टी पर जाने की वजह से मरीजों की जांच मंगलवार को नहीं हो सकी। लिहाजा बिना जांच के ही मरीजों को लौटना पड़ा। ये समस्या बुधवार को भी बनी रहेगी। अल्ट्रासाउंड में जांच करने वाले विशेषज्ञ दो दिन की छुट्टी पर चले गए हैं। इस कारण 23 सितंबर को जांच नहीं हो सकी। 24 सितंबर को भी मरीजों की जांच नहीं हो पाएगी। वैकल्पिक व्यवस्था न होने की वजह से ही इस तरह की समस्या आए दिन होती रहती है।
स्मार्ट गवर्नेंस तक ही न सीमित हो स्मार्ट सिटी
बीएचयू के पर्यावरण और धारणीय विकास संस्थान में जलवायु अनुकूल शहर : सतत भविष्य के लिए, विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला हुई। मुख्य अतिथि पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ के प्रो. रविंद्र खाईवाल ने कहा कि स्मार्ट सिटी को जलवायु के बदलावोें के मुताबिक भी तय किया जाए। ऐसा शहरी मॉडल विकसित हो जो सस्टेनेबिलिटी, परिवर्तन और इक्विटी के बीच संतुलन बनाए।
प्रो. खैवाल ने कहा कि स्मार्ट सिटी का अर्थ सिर्फ स्मार्ट गवर्नेंस तक सीमित न हो, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्यादा सुरक्षित, सतत और समावेशी हो। बीएचयू की प्रो. मधुलिका अग्रवाल ने कहा कि स्मार्ट शहरों को जरूरत के अनुसार बनाए गए दृष्टिकोणों को अपनाना होगा। प्रो. एएस रघुवंशी, डॉ. अनुराग ओहरी, डॉ. कृपा राम, प्रो. राजीव आदि मौजूद रहे।
स्वयंसेवक इंदुभूषण के निधन पर पीएम ने भेजा शोक संदेश
राम मंदिर आंदोलन और इमरजेंसी में जेल गए स्वयंसेवक इंदुभूषण (80) के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने शोक संदेश भेजा है। राजातालाब के असवारी के रहने वाले संघ के आजीवन स्वयंसेवक रहे। सोमवार रात हृदयघात से मौत हो गई। देर रात हरिश्चंद्र घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि बड़े बेटे शशिभूषण ने दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शोक संदेश भेजने के साथ संघ के पदाधिकारी और क्षेत्र के सम्मानित लोग उनके आवास और घाट पर पहुंचे और संवेदना प्रकट की।
जीएसटी लागू करने का निर्णय था असांविधानिक
अखिल भारतीय युवक कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव डॉ. मनीष कुमार उपाध्याय ने कहा कि केंद्र सरकार जीएसटी संशोधनों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही है। संशोधनों को उत्सव के रूप में मनाने के लिए देशवासियों को प्रेरित करने का प्रयास कर रही है।
इससे यह स्पष्ट हो गया है कि सरकार द्वारा पूर्व में जीएसटी लागू करने का निर्णय असांविधानिक और गलत नीतियों का परिणाम था। आठ साल पहले के इस निर्णय से देशवासियों से 22 लाख करोड़ रुपये की लूट सरकार ने की। जीएसटी के नाम पर देशवासियों के साथ हुई लूट की भरपाई देश और प्रदेशों की सरकार किस प्रकार से करेगी यह अपने आप में यक्ष प्रश्न है।
आप के प्रांतीय उपाध्यक्ष रमाशंकर पटेल कांग्रेस में शामिल
आम आदमी पार्टी के प्रांतीय उपाध्यक्ष रमाशंकर पटेल व पूर्व महानगर अध्यक्ष अखिलेश पांडेय सहित कई पदाधिकारियों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। राष्ट्रीय सचिव एवं सह प्रभारी राजेश तिवारी ने सदस्यता ग्रहण कराते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी आदर्श और संघर्ष की वह धारा है जिसने देश को आजादी दिलाई और संविधान दिया।
आज जो साथी कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं, वे इसी विचारधारा से प्रेरित होकर जनता की सेवा करने आए हैं। नए साथियों का जुड़ना कांग्रेस की ताकत को दोगुना करेगा। ऐसे में कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है जो सांविधानिक मूल्यों की रक्षा कर सकती है। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे,अनिल श्रीवास्तव, रमाशंकर पटेल, प्रो. अखिलेश पांडेय उपस्थित रहे।
सभी बीएलओ जिम्मेदारी के साथ करें काम
पिंडरा ब्लॉक सभागार में एसडीएम प्रतिभा मिश्रा ने बीएलओ के साथ बैठक की। एसडीएम ने कहा कि बीएलओ एक चुनाव अधिकारी नहीं बल्कि गांव से जुड़े एक जिम्मेदार नागरिक की भी भूमिका में है। इसलिए आप लोग पूरी ईमानदारी से डोर टू डोर सर्वे कर नए वोटरों को जोड़ने के साथ मृत और पलायन कर चुके वोटरों को हटा दें। सभी बीएलओ हर हाल में सर्वे कार्य 29 सितंबर तक पूरा कर लें। प्रशिक्षण के दौरान 378 बूथों के 136 बीएलओ और 30 सुपरवाइजर को ई-बीएलओ एप के माध्यम से नए मतदाताओं को पंजीकृत करने का आह्वान किया।
महायज्ञ पंडाल में राष्ट्र की प्रगति की हुई कामना
श्री शतचंडी महायज्ञ पंडाल में नवरात्र के दूसरे दिन राष्ट्र के सुख समृद्धि की कामना की गई। काशी सेवा शोध समिति की ओर से आयोजित इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में मंत्रोच्चार के साथ प्रार्थना हुई। समिति के सचिव डॉ. ठाकुर प्रसाद सिंह ने बताया कि आध्यात्मिक अनुष्ठान राष्ट्रीय हित और लोगों के आध्यात्मिक उत्थान के लिए आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान यहां पर सुरेंद्र बहादुर सिंह, राधा सिंह, सुहानी, अंश, पीयूष, मंगलेश आदि मौजूद रहे।
1100 कलाकारों ने सजीव किया विकसित भारत
विकसित भारत की थीम पर उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, संस्कृति मंत्रालय की ओर से मंगलवार को निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज में चित्रकला प्रतियोगिता हुई। इसमें 1100 कलाकारों ने डिजिटल क्रांति, यूपीआई, आधार, चंद्रयान-3, आदित्य-एल1, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत की थीम कैनवास पर उकेरी। मुख्य अतिथि डॉ. राजेश्वर आचार्य, विशिष्ट अतिथि प्रो. एस. प्रणाम सिंह और डॉ. सुनील विश्वकर्मा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दाैरान कल्पना सहाय, डॉ. आनंद प्रभा सिंह आदि मौजूद रहीं।
विद्यार्थी समिति का शारदोत्सव 27 सितंबर से
1939 में स्थापित विद्यार्थी शारदोत्सव समिति का 87वां शारदोत्सव 27 सितंबर से तीन अक्तूबर तक ब्रह्माघाट स्थित मंगल भवन (आंग्रे का बाड़ा) में मनाया जाएगा। प्रबंध समिति के अध्यक्ष संतोष सोलापुरकर ने बताया कि 27 सितंबर को मां शारदा की स्थापना की जाएगी। उसी दिन रंगोली प्रतियोगिता होगी। 28 को चित्रकला व वीर रस गीत प्रतियोगिता होगी। शाम को गरबा होगा। 29 को महालक्ष्मी, 30 को सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता होगी। एक अक्तूबर को नवचंडी पाठ, दो अक्तूबर को नाटक चिड़ियाघर का मंचन होगा। तीन अक्तूबर को शारदोत्थापन होगा।
हसन असकरी की विलादत तीन अक्तूबर को
रबी-उल-अव्वल की 30 तारीख यानी मंगलवार को हिजरी कैलेंडर के चौथे माह रबी-उस्सानी का चांद दिखा। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने बताया कि 11वें इमाम हसन असकरी की विलादत का जश्न तीन अक्तूबर को पूरी अकीदत के साथ मनाई जाएगी। कच्चीसराय में महफिल होगी जामा मस्जिद दारानगर, जामा मस्जिद मीर गुलाम अब्बास अर्दली बाजार, जामा मस्जिद रहमत अली बाजरडीह, जामा मस्जिद रामनगर आदि मस्जिदों में भी महफिलें सजाई जाएंगी।
नवरात्र में 250 छात्राओं को मिली साइकिल
नवरात्र के पर्व पर मंगलवार को ओदार स्थित मां राधिका बालिका इंटर कॉलेज में 250 छात्राओं को निशुल्क साइकिल बांटी गई। साइकिल मिलने से छात्राओं के चेहरे पर खुशी दिखी। भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक विपिन पाठक ने बताया कि भारत सरकार के उपक्रम जेएनपीए एवं मानव वेलफेयर सोसायटी के सहयोग से कॉलेज में साइकिल बांटी गई। छात्राओं को साइकिल मिलने से सहूलियत मिलेगी जो पैदल स्कूल आती है। इस दौरान समाजसेवी नंदलाल तिवारी, अजय शुक्ला, रामाज्ञा वर्मा, मनोज कुमार व निहाल पाठक माैजूद रहे।
मां के चरणों में अर्पित किए संगीत के पुष्प
शारदीय नवरात्र की द्वितीया पर कबीरचौरा स्थित पद्मविभूषण पं. किशन महाराज के आवास पर मां दुर्गा नवरात्रि उत्सव का आयोजन हुआ। मंगलवार को आयोजित छठवें नवरात्रि उत्सव में कलाकारों ने मां दुर्गा के चरणों में संगीत के पुष्प अर्पित किए।
मंगलवार की शाम को उत्सव की शुरूआत भगीरथ जालान के गायन से हुई। दूसरी प्रस्तुति तनु मिश्रा के गायन की रही। इसके बाद गौरव मिश्रा व पंकज मिश्रा का गायन हुआ। संगत कलाकारों में ललित कुमार, शशि भूषण मिश्र, हर्षित उपाध्याय और जय मिश्र रहे। अतिथियों का स्वागत अंजलि मिश्रा और संयोजन अमरेंद्र मिश्रा ने किया।
बच्चों को आयुर्वेद के मूल सिद्धांत बताने की जरूरत
आईएमएस बीएचयू के आयुर्वेद संकाय में 10वें आयुर्वेद दिवस पर हुुए कार्यक्रम में कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि आयुर्वेद को आगे बढ़ाने के लिए स्कूली बच्चों को इसका मूल सिद्धांत बताना होगा, जिससे वह आयुर्वेदिक की महत्ता को जान सके। स्वतंत्रता भवन में हुए कार्यक्रम में प्रो. चतुर्वेदी ने कहा कि राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का उद्देश्य व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक स्तर पर आयुर्वेद के महत्व को समझना और बढ़ावा देना है। पूर्व संकाय प्रमुख प्रो. मनोरंजन साहू, निदेशक प्रो. एसएन संखवार, प्रो. प्रदीप गोस्वामी, धन्यवाद ज्ञापन प्रो. केएन मुर्ति ने किया।
एजीआर ऑटोमोबाइल में मारुति सुजुकी की विक्टोरिस कार लांच
एजीआर ऑटोमोबाइल महमूरगंज में मंगलवार को मारुति सुजुकी की नई विक्टोरिस कार ब्रिगेडियर अनिर्बन दत्त, निदेशक गोपाल गुप्ता व राजीव कुमार गुप्ता ने लांच की। यह नई मिड-साइज एसयूवी मारुति के एरिना डीलरशिप नेटवर्क के तहत पेश की गई है।
विक्टोरिस को ग्लोबल 5-स्टार सुरक्षा रेटिंग मिली है और इसमें कई प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं। मारुति विक्टोरिस बेस मॉडल की एक्स शोरूम कीमत 10.50 लाख से शुरू है और टॉप मॉडल की कीमत 19.99 लाख तक है। इस अवसर पर एजीआर ऑटोमोबाइल के निदेशक राजीव कुमार गुप्ता, जीएम सेल्स हरिहरन, सेल्स मैनेजर त्रिपुरेश दुबे, राज कुंवर उपाध्याय, मयंक सेठ आदि उपस्थित रहे।
हरे कृष्णा ज्वेलर्स पर किसना डायमंड के लकी ड्रॉ में सुनील ने जीती एक्टिवा
चंदौली (वि)। हरे कृष्णा ज्वेलर्स में मंगलवार को किसना डायमंड लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया। इसमें सुनील केसरी ने एक्टिवा स्कूटी जीती। किसना डायमंड ज्वेलरी की 25000 रुपये या उससे अधिक की खरीद पर ग्राहकों को लकी ड्रॉ कूपन प्रदान किया जाता है। इसमें स्कूटी या कार जीतने का सुनहरा अवसर मिलता है। शोरूम के प्रवक्ता ने बताया कि आने वाले प्रत्येक सप्ताह हरे कृष्णा ज्वेलर्स पर दो स्कूटी के लकी ड्रॉ आयोजित किए जाएंगे। साथ ही दिवाली तक कुल 18 स्कूटी और 3 कारों के लकी ड्रॉ पूरे किए जाएंगे। किसना डायमंड हरे कृष्णा ग्रुप विश्व की अग्रणी डायमंड निर्माता कंपनी है।
अस्सी घाट से क्रीं कुंड तक हुआ हेरिटेज वॉक
विश्व पर्यटन सप्ताह के तहत वाराणसी टूरिज्म गिल्ड की ओर से मंगलवार को अस्सी घाट से होटल ब्रॉडवे तक हेरिटेज वाॅक का आयोजन किया गया। वॉक में प्रमुख होटेलियेर्स, टूर ऑपरेटर्स, ट्रेवल एजेंट, गाइड और बीएचयू के पर्यटन विभाग के विद्यार्थी शामिल हुए। हेरिटेज वाॅक सुबह सात बजे अस्सी घाट से शुरू होकर जगन्नाथ मंदिर, रानी लक्ष्मी बाई जन्मस्थली, तुलसी घाट, लोलार्क कुंड होते हुए क्रीं कुंड तक पहुंची।
इस दौरान सभी ने बनारस के लकड़ी के खिलौनों की प्राचीन विधा की कारीगरी भी देखी। मुख्य अतिथि कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि प्रो. प्रवीण राणा माैजूद रहे। वाराणसी टूरिज्म गिल्ड के अध्यक्ष सुभाष कपूर, सचिव सौरभ पांडेय, उपाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह, जैनेंद्र राय, रंजीत श्रीवास्तव, गजेंद्र चौबे, सुशील तिवारी, माजिद खान, विनय सिंह, अनूप प्रसाद आदि मौजूद रहे।
कालभैरव वार्ड में चला स्वच्छता अभियान
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर मंगलवार को कालभैरव वार्ड में जोनल स्वच्छता अधिकारी गजेंद्र चौहान और डाॅक्यूमेंट मैनेजर प्रीति सिंह के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में बिपिन गुजराती विद्या मंदिर इंटर कालेज, कालभैरव में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत विद्यालय स्तरीय गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान छात्रों एवं शिक्षकों ने स्वच्छता शपथ ली।
754 शिक्षकों को एफएलएन प्रशिक्षण
बीआरसी चोलापुर में पांच दिवसीय आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मकता (एफएलएन) प्रशिक्षण का समापन मंगलवार को हुआ। चोलापुर ब्लाॅक के प्राथमिक संवर्ग के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, शिक्षामित्र सहित कुल 754 शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया।
बीएचयू के छात्रों ने मंत्री को दिया ज्ञापन
बीएचयू के छात्रों ने मंगलवार को एलडी गेस्ट हाउस में केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री सुकांत मजूमदार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। नाराजगी जताते हुए मांग रखी कि विश्वविद्यालय प्रशासन में कई अधिकारी और कर्मचारी पिछले तीन वर्ष या उससे अधिक समय से एक ही पद पर बने हुए हैं। छात्रों का दावा है कि इस स्थिति से कार्यकुशलता प्रभावित हुई और अनियमितता बढ़ रही है।
छात्र प्रतिनिधि डॉ. कुंवर पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यह छात्रों और समाज का भरोसा विश्वविद्यालय प्रशासन से उठ जाएगा। डॉ. मृत्युंजय तिवारी ने कंप्यूटर सेंटर में अनियमितता का आरोप लगाकर उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच की मांग की। छात्र अश्विनी राय और अभय सिंह ने कहा कि एक ही पद पर वर्षों तक टिके रहना भ्रष्टाचार को जन्म देता है। इसे तत्काल रोका जाना चाहिए। शुभम तिवारी, अभय सिंह मिक्कू ने ट्रामा सेंटर का मुद्दा उठाया।
शारदोत्सव में आईआईटी बीएचयू के बंगाली प्रोफेसरों से मिले केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार
आईआईटी बीएचयू में मंगलवार को पहुंचे केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने बांग्ला समूह के प्रोफेसरों और नेताओं से मुलाकात की। उनसे कहा कि शिक्षा और सांस्कृतिक धरोहर देश की एकता और अखंडता की आधारशिला हैं। इसे बनाए रखें।
केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. गोपाल त्रिपाठी ऑडिटोरियम में शारदोत्सव और बंगीय प्रवुद्ध जन सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें पहुंचे सुकांत मजूमदार ने कहा कि यहां पर सांस्कृतिक उत्सव और शैक्षिक गरिमा का अद्वितीय संगम रहा। इस दौरान भाजपा महानगर इकाई प्रदीप अग्रहरि, आईआईटी-बीएचयू के प्रो. एनके मुखोपाध्याय समेत बड़ी संख्या में बंगाली समाज के लोग मौजूद रहे। डॉ. सुकांत मजूमदार 16 अक्तूबर को होने वाले आईआईटी बीएचयू के 14वें दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि भी हैं।
सब्जी की खेती कर किसान बढ़ाएं आय
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान शहंशाहपुर की ओर से अनुसूचित जाति उप-योजना के तहत गाजीपुर में किसानों को सब्जियों के बीज, कृषि इनपुट वितरण और जैविक रूप से सब्जियों की खेती का प्रशिक्षण दिया गया। संस्थान के क्रियान्वयन निदेशक डॉ. राजेश कुमार के निर्देशन में प्रशिक्षण में 126 किसानों ने हिस्सा लिया। इसमें 76 महिला किसान शामिल रहीं।
प्रधान वैज्ञानिक डॉ. डीपी सिंह ने सब्जी उत्पादन के जरिये आयवृद्धि के महत्व बारे में बताया। कहा कि किसान सब्जी की खेती कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं। डॉ. अच्युत कुमार सिंह ने सब्जियों की रोग प्रतिरोधक किस्मों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान किसानों को सब्जी बीज, ग्रेन्युल, ह्यूमिक बाल, पॉट मिक्स कम्पोस्ट का किट दिया गया। वैज्ञानिक डॉ. विजय बहादुर चौहान ने अच्छे बीजों के लाभ के बारे में विस्तार से बताया।
वैज्ञानिकों ने बताया कि आधुनिक कृषि उपकरणों के प्रयोग से श्रम और समय की बचत होने के साथ ही उत्पादन लागत में भी कमी आएगी। अध्यक्षता कर रहीं एफपीओ की अध्यक्ष अंजू चतुर्वेदी ने कहा कि सब्जी उत्पादन के साथ परिवार की पोषण सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा और किसानों की और आय बढ़ेगी। इससे महिलाएं भी सशक्त होंगी।
युवाओं को सांकेतिक भाषा का प्रशिक्षण दिया
पीएडी ऑर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में मंगलवार को विकास भवन के सभागार में वाराणसी, भदोही और जौनपुर समेत 10 जिलों के करीब 180 मूक-बधिर युवाओं को कम्युनिकेशन और सांकेतिक भाषा का प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनर आकांक्षा यादव और अब्दुल मतीन ने अधिकारियों के संबोधन को सांकेतिक भाषा में अनुवाद कर प्रतिभागियों को समझाया।
काॅकपिट को खोलने के प्रयास का मामला, छोड़े गए नौ यात्री
एयर इंडिया के विमान में गलती से कॉकपिट के दरवाजे को खोलने के प्रयास में नौ यात्रियों को पुलिस ने पूछताछ के बाद सोमवार को छोड़ दिया। फूलपुर पुलिस, एटीएस, आईबी, एमआई समेत अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने पूछताछ और पूरी तरह से जांच के बाद बंगलूरू पुलिस से आश्वस्त होने पर छोड़ने का फैसला किया। यात्रियों ने मंगलवार को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन किया।
बंगलूरू से काशी दर्शन के लिए पहुंचे नौ यात्रियों के समूह में एक मणिआर ने गलती से कॉकपिट के दरवाजे को कोड डालकर खोलने का प्रयास किया था। सोमवार सुबह उड़ान के दौरान घटना के बाद यात्रियों को वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचने पर हिरासत में लिया गया।
डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि पूछताछ के दौरान कहीं से भी संदिग्ध गतिविधि नहीं पाई गईं। बंगलूरू पुलिस से भी तस्दीक कराई गई। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने भी छानबीन की। देर रात सभी को छोड़ दिया गया। वह अपने होटल गए और सुबह में श्रीकाशी विश्वनाथ के दर्शन पूजन भी किया।
वेबसाइट और सोशल मीडिया अपडेट करने में वाराणसी एयरपोर्ट फिसड्डी
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट भले ही अपनी अच्छी सेवा के लिए देश भर में जाना जाता हो, लेकिन सोशल मीडिया और वेबसाइट अपडेट करने के मामले में फिसड्डी है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की वेबसाइट के आॉफिशियल एक्स हैंडल पर पिन है, उस पर रिटायर होने के दो साल बाद भी आर्यमा सान्याल ही निदेशक बनी हुई हैं।
एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ाने भरी जाती हैं, लेकिन ऑफिशियल एक्स हैंडल पर अंतिम जानकारी 15 सितंबर तक अपडेट है। वाराणसी एयरपोर्ट का ऑफिशियल एक्स हैंडल @एएआईवीएनएसएयरपोर्ट है। विमान व एयरपोर्ट की किसी भी जानकारी को इसी हैंडल से साझा किया जाता है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से इन दिनों हैंडल पर जानकारियां साझा करने में लापरवाही बरती जा रही है। वर्तमान में एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता हैं। प्रभारी निदेशक एयरपोर्ट पीके गर्ग ने इस मामले से अनभिज्ञता जताई। कहा कि अभी जानकारी मिली है। इसे अगले कार्यदिवस पर सही कराया जाएगा। साथ ही निरंतर जानकारियां भी साझा कराने को कहेंगे।
रेशम कटरा के पास एबीसी में लगी आग
शहर के चौक उपकेंद्र के अंतर्गत रेशम कटरा इलाके में मंगलवार को एबीसी यानी एरियल बंच कंडक्टर में आग लग गई। इससे खंभे से गुजरने वाले केबल और वाईफाई के तार भी जल गए। व्यापारियों ने फोन कर बिजली सप्लाई बंद कराकर और आग बुझाई। लोगों ने घरों की छत पर चढ़कर बाल्टियों से पानी डाला और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हरि केशरी सहित अन्य व्यापारियों ने बताया कि रेशम कटरा मार्केट में तारों का मकड़जाल फैला हुआ है। गली पतली होने से कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। कई बार एसडीओ से कहने के बाद भी समस्या जस की तस है।
प्रो. उपेंद्र ग्रांट एड कमेटी के सदस्य नामित
बीएचयू में वैदिक विज्ञान के पूर्व समन्वयक प्रो. उपेंद्र कुमार त्रिपाठी को शिक्षा मंत्रालय के संस्कृत संवर्धन का ग्रांट एड कमेटी (योजना अनुदान सहायता समिति) का सदस्य नामित किया गया है। संस्कृत संवर्धन योजना का नाेडल सेंटर नई दिल्ली के केंद्रीय संस्कृत विवि को बनाया गया है। प्रो. त्रिपाठी बीएचयू में वेद विभाग के पूर्व अध्यक्ष भी रहे हैं। समिति का अध्यक्ष केंद्रीय संस्कृत विवि के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेडी को बनाया गया है। इसमें 10 से ज्यादा सदस्य हैं। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान से वेद पंडित पुरस्कार, विशिष्ट पुरस्कार, उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान से भगवान दास सम्मान भी प्राप्त हुआ है।
अभिव्यक्ति की क्षमता का विकास जरूरी
काशी विद्यापीठ के मनोविज्ञान विभाग में आयोजित कॅरिअर काउंसिलिंग कार्यशाला में विद्यार्थियों को सफल कॅरिअर से जुड़ी जानकारी दी गई। विश्वविद्यालय सेवायोजन सूचना एवं मंत्रणा केंद्र और कैंपस प्लेसमेंट सेल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कॅरिअर काउंसेलर डॉ. अर्चना गोस्वामी ने कहा कि सफल कॅरिअर के लिए विद्यार्थियों में भाषा, अभिव्यक्ति की क्षमता का विकास जरूरी है।
विद्यापीठ से संबद्ध कॉलेजों में कल से परीक्षा
काशी विद्यापीठ से संबद्ध वाराणसी समेत अन्य जिलों के विद्यार्थियों की सेमेस्टर परीक्षाएं 25 सितंबर से शुरू होंगी। इसके लिए जिलेवार बनाए गए केंद्र पर परीक्षा के दिन ही पेपर मिलेगा। विश्वविद्यालय से निगरानी की जाएगी। िवविकी ओर से बीए, बीएड के दूसरे, चौथे, पांचवें और आठवें सेमेस्टर की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम पांच बजे तक होगी।
प्रमोशन के लिए कुलाधिपति से गुहार
काशी विद्यापीठ में शिक्षकों ने प्रमोशन के लिए कुलाधिपति से गुहार लगाई है। कुलाधिपति को भेजे गए पत्र में अंग्रेजी, संस्कृत विभाग के शिक्षकों ने प्रमोशन के लिए आवेदन न कर पाने का जिक्र किया है। बताया है कि समर्थ पोर्टल बंद होने की वजह से आवेदन नहीं कर सके हैं। अब जबकि तिथि बीत चुकी है और विभागीय चयन समिति भी जल्द ही होने वाली है, ऐसे में शिक्षकों ने समर्थ पोर्टल खुलवाकर आवेदन करवाने और प्रमोशन की प्रक्रिया में शामिल करवाने की गुहार लगाई है।
जैम से जुड़ी जानकारी दी गई
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जैम परीक्षा से जुड़ी बारीकियां बताई गईं। संकायाध्यक्ष डॉ. अखिलेश चंद्र यादव ने बताया कि जैम परीक्षा आईआईटी की ओर से पोस्ट पीजी में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जाती है। ब्यूरो
मॉरीशस के राष्ट्रपति ने अशोका इंस्टीट्यूट के डॉ. अमित मौर्य को किया सम्मानित
अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के वाइस चेयरमैन डॉ. अमित मौर्य को दिल्ली में नेशनल इंटिग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट एंड एक्टिविस्ट (निफा) की ओर आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। रविवार को मुख्य अतिथि मॉरीशस के राष्ट्रपति धर्मवीर गोखूल ने डॉ. मौर्य को अवाॅर्ड और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। डाॅ. मौर्य को शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और प्रयोगधर्मिता के लिए सम्मानित किया गया। नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में निफा का 25वां स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। निफा 2000 में स्थापित एक संस्था है जिसके दुनियाभर में 70 हजार से ज्यादा सदस्य हैं।
आकाश और प्रिया को 11-11 हजार की छात्रवृत्ति
बीएचयू के हिंदी विभाग में मंगलवार को छात्र आकाश सिंह और छात्रा प्रिया निराला को डॉ. अलका पांडेय छात्रवृत्ति मिली। इसके तहत दोनों को 11-11 हजार रुपये और सम्मान पत्र भी दिया गया। एमए हिंदी के पहले वर्ष में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर रामधारी सिंह दिनकर की जयंती पर बीएचयू की पूर्व शोध छात्रा के नाम बने डॉ. अलका पांडेय मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से छात्रों को यह छात्रवृत्ति दी गई।
हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. वशिष्ठ अनूप ने कहा कि डॉ. अलका पांडेय छात्रवृत्ति विद्यार्थियों के प्रेरणा का आधार बनेगी। फाउंडेशन के निदेशक सुशील पांडेय ने कहा कि वह हिंदी विभाग के विद्यार्थियों को हर प्रकार से अपना सहयोग देते रहेंगे। मुख्य अतिथि प्रो. राजेश्वर आचार्य ने कहा कि युवाओं की हर संवेदनाओं को समझने का प्रयास करना होगा।