35 हजार छीने, दो लाख वसूलने की कोशिश का आरोप
अपहरण कर बंधक बनाकर पिटाई के मामले में पांच दिन बाद पुलिस ने फॉर्च्यूनर सवार पांच युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आयर बाजार में कार टकराने के मामूली विवाद में रोहित सिंह को आरोपियों ने अगवा कर लिया और बंधक बनाकर पिटाई की। 35 हजार रुपये भी लूट लिए। फूलपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी रोहित सिंह ने पुलिस को बताया कि 20 मई को सिंधोरा बाजार से वाराणसी जा रहा था। प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम ने बताया कि आरोपियों की तलाश है।
धर्म परिवर्तन के मामले में आरोपी गिरफ्तार
धर्म परिवर्तन के मामले में वांछित शेख मुजीब को चोलापुर पुलिस ने मंगलवार को मोहांव ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी बड़ागांव के लल्लापुर का रहने वाला है। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि पीड़िता ने 21 मई को प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता से गालीगलौज, फोटो, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर धर्म परिवर्तन करने और शादी का आरोपी दबाव बना रहा था।
युवक को छह युवकों ने पीटा
सेवापुरी के कपसेठी थाना क्षेत्र के दिलावलपुर नहर पुलिया के पास प्रेम प्रसंग में युवक की सोमवार रात बाइक सवार युवकों ने पिटाई कर दी। आरोप है कि घायल युवक से 8400 रुपये लूट लिए गए। एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ा और पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा। इसरवार गांव निवासी पीड़ित अच्छे लाल यादव ने पुलिस को बताया कि वह रात 7.30 बजे शहर जा रहे थे। नहर पुलिया के पास बाइक सवार 6 युवकों ने बाइक में टक्कर मार दी।
हेलमेट पर लाठी से वारकर जमीन पर गिरा दिया और पिटाई कर 8400 रुपये और मोबाइल लूट लिया। थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि लूट का मामला नहीं है। प्रेम प्रपंच में युवक की पिटाई की गई है। चार नामजद और अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। युवक का शांति भंग की आशंका में चालान किया गया।
विवाद में बेटे और पोतों ने बुजुर्ग को लाठी से पीटा
शिवपुर थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव (कठवतिया सुद्धिपुर) में पारिवारिक और जमीन के विवाद को लेकर बेटे और पातों ने बुजुर्ग दादा की लाठी से पिटाई की। बाउंसरों के साथ आए बेटे, पोतों ने बीचबीच करने आए चाचा भी को भी घायल कर दिया। बुजुर्ग ने थाने में तहरीर देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
तेज बहादुर उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि वह अपने मकान और आम के बगीचे की देखरेख व साफ-सफाई कर रहे थे। उनका मझला बेटा और उसके दो लड़के पहुंचे और गालीगलौज कर पिटाई की। छोटा बेटा देवतानंद बीचबचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटा। बताया कि उनके तीन बेटे हैं। 10 फरवरी 2023 को 22 बिस्वा जमीन और उनकी पत्नी जडावती देवी की जमीन पर अपार्टमेंट बनाने के लिए बिल्डर राजेश मिश्रा व उनके छोटे भाई नागेंद्र मिश्रा के साथ एक एग्रीमेंट किया था।
एग्रीमेंट के तहत प्रॉपर्टी में अपनी स्वेच्छा से उन्होंने सभी लड़कों को बराबर-बराबर की हिस्सेदारी दी थी। मझला बेटा हिस्सेदारी पर एतराज जता रहा है और दो वर्षों से उसने बिल्डर का काम शुरू नहीं होने दिया है। इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है।
ग्राहक बनकर आए युवक ने गल्ले से उड़ाए 35 हजार
गोला दीनानाथ मंडी में मंगलवार को ग्राहक बनकर आए एक युवक ने किराना दुकान के गल्ले से 35 हजार रुपये पार कर दिए। रितेश किराना स्टोर पर दोपहर एक युवक ग्राहक बनकर पहुंचा। वह दुकान पर सामान देखने और खरीदारी की बात करने लगा। मौका पाकर उसने गल्ले में रखे नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर पूरी वारदात दिखाई दी। वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस से घटना की शिकायत की है। कोतवाली एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है।
पानी की सप्लाई की पाइपलाइन कटी, लोग परेशान
काशी विद्यापीठ विकास खंड के चंदापुर गांव सभा में मंगलवार को गैस पाइप लाइन बिछाने के दौरान जल निगम की पाइप कई जगह कट गई। जिसकी वजह से पानी की सप्लाई बंद हो गई है। पीने के पानी के लिए लोग परेशान हैं। पंकज सिंह, सतीश गुप्ता, मनीष राव, प्रभात, रोहन ने बताया कि शिकायत भी की है। अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
छात्रों ने बंद कराया प्रशासनिक और परीक्षा भवन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मंगलवार को छात्रों ने प्रशासनिक भवन और परीक्षा भवन बंद कराकर प्रदर्शन किया। स्नातक की सेमेस्टर परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए छात्रों ने परेशान करने की शिकायत की। उनकी सुरक्षाकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। विश्वविद्यालय में दोपहर 1 बजे प्रशासनिक भवन पहुंचे छात्रों ने पहले चैनल गेट बंद किया और किसी को अंदर से बाहर नहीं जाने दिया। इसके बाद परीक्षा भवन पहुंचे।
कर्मचारियों को बाहर निकाला और वहीं गेट पर धरने पर बैठ गए। छात्रों का कहना था कि परीक्षा देने के बाद भी बड़ी संख्या में अनुपस्थित दिखाया गया है। इसके पीछे कॉपी में रोल नंबर को गलत भरा जाना वजह बताया गया है। कुलानुशासक प्रो. केके सिंह ने बताया कि छात्रों ने परिणाम में अनुपस्थित दिखाने की शिकायत की है। जिस पर परीक्षा विभाग से जुड़े लोगों से बातचीत कर नियमानुसार समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया गया।
लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी बने अतुल सिंह
घमहापुर में मनीष सिंह हत्याकांड की खींचतान में निलंबित फूलपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल सिंह को दो दिन बाद ही लालपुर-पांडेयपुर थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया। वहीं, लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह को फूलपुर थाने की कमान सौंपी गई है।
पुल से छलांग लगाने जा रही नाबालिग को बचाया
मालवीय पुल से गंगा में छलांग लगाने पहुंची नाबालिग को रामनगर पुलिस ने मंगलवार को बचा लिया। उसे परिजनों को सौंपा। रामनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार मित्रा ने बताया कि कंट्रोल की सूचना पर मालवीय पुल पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह बालिका को समझाया। वह मालवीय पुल से गंगा में छलांग लगाने जा रही थी। इस बीच उसे समझाया गया। वह परिजनों की डांट से काफी परेशान थी।
अमानत में खयानत के मामले में दोषी को तीन साल की सजा
विशेष न्यायाधीश (एससी एसटी) सुधाकर राय की कोर्ट ने अमानत में खयानत के मामले में दोषी राजेश वर्मा को तीन साल की सजा सुनाई है। साथ ही 13 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माने में से 12.50 लाख रुपये चार प्रतिशत ब्याज के साथ देने का आदेश दिया है। भुल्लनपुर निवासी वादी मनोज कुमार ने मंडुवाडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप लगाया कि उसकी हार्डवेयर की दुकान भुल्लनपुर में थी। कई बैंकों और साहूकारों से उसके अच्छे संबंध थे।
दुकान पर भुल्लनपुर निवासी राजेश वर्मा काम करता था। अपना व्यापार करने की इच्छा जाहिर की। तब उसे बैंक और कई लोगों से लोन लेकर 18 लाख रुपये दिए। उसका आईसक्रीम का काम भी अच्छा चल रहा था। काफी दिनों के बाद पैसा देने से इन्कार कर दिया। धमकी भी दी। थाने पर पंचायत हुई।
साढ़े पांच लाख दिए, लेकिन उसके बाद पैसे नहीं दिए। उधर, 48 लाख के सोने के आभूषण गायब करने के मामले में कर्मचारी सकलदीप यादव, उसकी पत्नी और बेटे सोनू यादव को अग्रिम जमानत नहीं मिली। विशेष न्यायाधीश द्वितीय (पॉक्सो एक्ट) रचना सिंह की अदालत ने तीनों आरोपियों की अग्रिम जमानत अर्जी निरस्त कर दी। ठठेरी बाजार में नारायण दास सर्राफ ज्वेलर्स के कारोबारी ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
ट्रॉमा सेंटर में पकड़ा दलाल, दो चिकित्सकों के व्हाट्सएप चैट दिखाए
बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में मंगलवार को निरीक्षण के दौरान एक दलाल को पकड़ा गया। वरिष्ठ सुरक्षा पर्यवेक्षक ने दलाल को पकड़ा और हिदायत दी। आरोप है कि सिक्योरिटी सुपरवाइजर से ही दलाल उलझ गया और गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। दलाल ने ट्रॉमा सेंटर के दो चिकित्सकों के इशारे पर दवा बिक्री करने का दावा किया।
इस दौरान दोनों चिकित्सकों से व्हाट्सएप चैट पर हुई बात का स्क्रीन शॉट भी दिखाया। वरिष्ठ सुरक्षा पर्यवेक्षक ने दलाल समेत दोनों चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लंका थाने की पुलिस को तहरीर दी है। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है। सीसी कैमरे के फुटेज और व्हाट्सएप चैट की भी जांच की जा रही है।
40 से ज्यादा बार नियम तोड़ने वाले 531 वाहनों का पंजीकरण निलंबित
सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ और 40 बार यातायात नियम तोड़ने वाले 531 वाहनों का पंजीकरण निलंबित कर दिया गया। सहायक संभागीय परिवहन (प्रशासन) ने जिले में पहली बार इतनी बड़ी कार्रवाई की है। इन वाहनों में दो पहिया, तीन पहिया, चार पहिया और कामर्शियल और प्राइवेट शामिल हैं। चार दिन पहले जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह ने एआरटीओ और यातायात पुलिस को निर्देशित किया था।
एआरटीओ (प्रशासन) मनोज प्रसाद वर्मा ने बताया कि सड़क पर सुरक्षा से खिलवाड़ कर अपनी और दूसरों की जान खतरे में डालने वाले वाहनों का पंजीयन निलंबित किया गया। पहले चरण में इतनी कार्रवाई हुई है। दूसरे चरण में भी अन्य वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी। शहर के अंदर, रिंग रोड और हाईवे पर लापरवाही से वाहन संचालन में यातायात पुलिस और एआरटीओ की ओर से चालान की कार्रवाई की जा रही है।
उधर, सिगरा पुलिस ने मंगलवार को अतिक्रमण अभियान चलाते हुए 65 वाहनों का चालान किया। 6 बिना नंबर की गाड़ियों को सीज किया गया और 10 जगह से अतिक्रमण हटाया गया। समन शुल्क के रूप में 145000 रुपये ऑनलाइन जमा कराए गए। इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि अतिक्रमण करने वालों को हिदायत दी गई है।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई चौकसी
गंगा दशहरा और बकरीद त्योहार को देखते हुए मंगलवार को पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने मिंट हाउस नदेसर और अर्दली बाजार और पक्की बाजार समेत अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
गश्त के दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में लोगों से संवाद कर शांति और सौहार्द रखने की अपील की। डीसीपी के निर्देश पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच भी की गई। कई स्थानों पर वाहन चेकिंग चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
वहीं, मौके मौके पर अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में अगर इस तरह का काम किया गया तो प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जीएगी। निरीक्षण में एडीसीपी लिपि नागायच, एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय, कैंट थाना प्रभारी राज किशोर पांडेय आदि रहे।
अस्पताल पहुंचे चार शव, कार्डियक अरेस्ट से मौत की आशंका
वाराणसी जिले में 43.4 डिग्री तापमान के बीच मंगलवार को मंडलीय अस्पताल के मॉर्चरी में चार शव पहुंचे। जिनमें दो शव लावारिस थे। इनकी शिनाख्त का प्रयास किया गया है। एसआईसी डॉ. बृजेश कुमार ने लावारिस शवों की मौत भीषण गर्मी के बीच कार्डियक अरेस्ट से होने की आशंका जताई है। हालांकि, पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की असली वजहाें का पता लग पाएगा। एक शव आदमपुर थाना क्षेत्र में पानी में डूबने वाले युवक की है। एक मरीज का इलाज चल रहा था, इस दौरान मौत हुई है। दो शवों की शिनाख्त के लिए पुलिस को सूचना दे दी गई है।एक शव दशाश्वमेध क्षेत्र से लावारिस आया था, जो कि बाबा के वेश में था।
नमो घाट पर सुरक्षाकर्मियों की रोज ब्रीफिंग, चौकी इंचार्ज करेंगे सत्यापन
नमो घाट पर राजेश जायसवाल उर्फ चिंटू की हत्या के बाद कोतवाली पुलिस ने घाट की सुरक्षा को लेकर कार्ययोजना तैयार की है। सुरक्षाकर्मियों की अब सुबह और शाम ब्रीफिंग होगी। आदमपुर चौकी इंचार्ज और पर्यटक चौकी की ओर से सुबह और शाम सुरक्षाकर्मियों का सत्यापन करेंगे। घाट परिसर में जगह-जगह पंफलेट चस्पा कराए जाएंगे, जिसमें पर्यटकों की सुरक्षा से जुड़ी बातें होंगी।
एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने मंगलवार को भी नमो घाट समेत आसपास क्षेत्रों का निरीक्षण किया। घाट पर लाइट और कुछ जगहों पर सीसी कैमरों की संख्या बढ़ाने की भी रिपोर्ट तैयार की गई है। एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि नमो घाट पर पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर पंफलेट चस्पा कराए जाएंगे। जिसमें थाना, चौकी इंचार्ज के मोबाइल नंबर भी दर्ज होंगे। शिकायत या सुझाव पर पर्यटक सीधे आदमपुर पुलिस से संपर्क कर सकेंगे। नई सिक्योरिटी एजेंसी के सुरक्षाकर्मियों से संवाद किया गया। चौकी इंचार्ज को निर्देशित किया गया है कि सुबह और शाम कर्मियों का सत्यापन करें।
लोहता उपकेंद्र में मरम्मत, कटेगी बिजली
लोहता उपकेंद्र से इनकमिंग दो की मरम्मत का कार्य बुधवार को किया जाएगा। बिजली निगम के योगेश यादव ने बताया कि इस दौरान सुबह 6:30 से 7:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसके चलते औद्योगिक आस्थान वन और टू, चांदपुर और ईरो फीडर बंद रहेगा।
पीएम और सीएम का पुतला फूंका, प्राथमिकी
सर्किट हाउस के सामने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला और चित्र जलाने के आरोप में कांग्रेस और सपा के अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। भाजपा युवा मोर्चा वाराणसी के कोषाध्यक्ष सुयश कुमार अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि जिला मुख्यालय के पास प्रशासन की मौजूदगी में पुतला दहन किया गया। इस तरह की गतिविधि असांविधानिक और आपराधिक श्रेणी में आती है। कैंट इंस्पेक्टर राज किशोर पांडेय ने बताया कि वीडियो फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर संबंधित की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मनीष हत्याकांड में एनएसए और गैंगस्टर एक्ट लगेगा
फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर में युवा उद्यमी मनीष सिंह की हत्या के आरोपियों पर एनएसए और गैंगस्टर एक्ट लगाया जाएगा। जेल में बंद आरोपियों की हिस्ट्रीशीट भी खोली जाएगी। मंगलवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मामले की समीक्षा की। वांछित आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और विवेचना को गुणवत्ता और साक्ष्यों के आधार पर जल्द पूरा कर आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल करने और केस को प्रभावी व मजबूत पैरवी से फास्ट ट्रैक कोर्ट में दोषियों को कठोर दंड दिलाने के निर्देश दिए।
पिंडरा सर्किल की समीक्षा करने पहुंचे पुलिस आयुक्त ने बड़ागांव, फूलपुर और सिंधौरा थाने का निरीक्षण किया। कानून-व्यवस्था, विवेचना, तकनीकी पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 300 वाहनों के खिलाफ थाना फूलपुर की ओर से सीज की कार्रवाई को सराहा।
गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर नहीं जाएंगी 12 ट्रेनें
गोरखपुर जंक्शन पर प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 पर एफओबी बनवाया जा रहा है। इस वजह से वाराणसी से होकर गोरखपुर जाने और गोरखपुर से वाराणसी होकर अहमदाबाद, पुणे, बांद्रा, लोकमान्य तिलक तक जाने वाली 12 ट्रेनें गोरखपुर रेलवे स्टेशन से पहले गोरखपुर कैंट तक ही संचालित होंगी। इसमें बनारस-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के साथ ही गोरखपुर अहमदाबाद एक्सप्रेस आदि ट्रेनें शामिल हैं।
लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 3 जून को 11081 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस गोरखपुर की जगह भटनी तक ही चलाई जाएगी। यह ट्रेन भटनी-गोरखपुर के बीच निरस्त रहेगी। 5 जून को 11082 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस भटनी से अपराह्न 3:42 बजे चलेगी। गोरखपुर और भटनी के बीच यह ट्रेन नहीं चलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि बनारस से 29 मई से 7 जून तक 15104 बनारस-गोरखपुर एक्सप्रेस गोरखपुर की जगह गोरखपुर कैंट तक चलेगी। वापसी में 29 मई से 7 जून तक 15103 गोरखपुर-बनारस एक्सप्रेस गोरखपुर कैंट से चलेगी।
धूप से बचाव के लिए छाता और दुपट्टे का सहारा लेती युवतियां।
- फोटो : अमर उजाला
रात 3 बजे 44 किमी/घंटे की गति से चलीं हवाएं 28 से 30 तक आंधी और बारिश का अलर्ट
काशी में सोमवार के बाद रात को तीन बजे अचानक मौसम बदला। रात तीन बजे 44 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने लगीं। मंगलवार रात भी हवा चली। ख् रात में काफी देर तक आंधी की वजह से हवा में धूल मिट्टी का गुबार उड़ता रहा। बादल भी छाए, लेकिन बारिश नहीं हो सकी। दूसरी ओर मौसम विज्ञान विभाग ने चेताया है कि 28, 29 और 30 मई को आंधी के साथ भारी बारिश हो सकती है। हवा 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से बहेगी।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते स्थिति बनेगी। इससे तापमान भी 8 डिग्री तक नीचे गिर सकता है। मंगलवार को सूर्योदय होते ही हवा की गति 44 किमी प्रति घंटे से कम होकर 20 किमी प्रति घंटे पर आ गई। इससे तापमान तेजी से ऊपर चला गया। सुबह छह बजे तक पारा 30 डिग्री तक था, वहीं दोपहर 12 बजे तक यह 40 डिग्री को पार कर गया।
मंगलवार को काशी का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री कम 29.2 डिग्री सेल्सियस चला गया। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से 28, 29 और 30 मई को आंधी के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी है।
हनुमत प्रभु का शृंगार कर किया सुंदरकांड का पाठ, मंदिरों पर बंटे मालपुए-इमरती
ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगल को भी शहर से लेकर गांव तक हनुमान मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भीड़ रही। सुबह से लेकर रात तक दर्शन के लिए मंदिरों में शृंगार कर हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ हुआ। 900 से ज्यादा मंदिरों और प्रतिष्ठानों में भंडारा हुआ। गर्मी से बचाव के लिए लोगों में बेल और फालसा के शरबत का वितरण हुआ। संकटमोचन मंदिर में काफी भीड़ रही।
मंगलवार को सुबह से हनुमान जी का शृंगार कर हनुमान चालीसा, सुंदरकांड का पाठ और भजन कीर्तन हुआ। संकटमोचन मंदिर में भोर में चार बजे के बाद से ही दर्शन-पूजन शुरू हो गया। शयन आरती तक भीड़ रही। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्त हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ कर रहे थे। वहीं, भजनों की टोलियां भजन-कीर्तन कर हनुमत प्रभु का गुणगान कर रही थीं। हनुमान सेना आह्वान पर संस्थाएं, व्यापारियों और समाजसेवियों ने जगह-जगह मंदिरों में शृंगार और भंडारा हुआ।
संस्था के अध्यक्ष सुधीर सिंह ने बताया कि शहर के 900 से अधिक मंदिरों और प्रतिष्ठानों के बाहर भंडारे में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में 50 हजार अधिक हनुमान भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। हनुमान जी को मालपुआ, इमारती, घुघनी-हलवा, पूडी-सब्जी और शरबत आदि का भोग लगाकर वितरण हुआ। सेवा में विजय कपूर, मुकेश जायसवाल, बचाऊ जायसवाल, मार्कंडेय तिवारी, शंकर सेठ, विजय पाठक, विनोद कुंवर, संजय जोशी, मनीष गुप्ता,पप्पू यादव आदि रहे।
सब कुछ इक दिन खोते हैं लोग, इतने सपने फिर क्यूं बोते हैं लोग...
सुबह-ए-बनारस आनंद कानन के साहित्यिक प्रकल्प काव्यार्चन की 62वीं कड़ी में मंगलवार को रचनाकारों ने मां से गंगा मां तक को समर्पित रचनाओं का पाठ किया। डॉ. शबनम खातून ने शेर सुनाया, जिंदगी ठहरती है तो खत्म हो जाती है, जैसे रुके पानी में महक आ जाती है...। उन्होंने पढ़ा, माफ करना भी एक इबादत है हफीज, सबको माफ कर दो माफ करने में क्या रखा है...।
कुमार महेंद्र ने इंसान की नीयत पर सवाल उठाते हुए सुनाया, सब कुछ इक दिन खोते हैं लोग, इतने सपने फिर क्यूं बोते हैं लोग, खूबसूरत जिस्म में छिपाकर नियत बुरी, बस चेहरों को रोज रोज धोते हैं लोग...। झरना मुखर्जी ने सुनाया, सबके घर का शृंगार बेटी है, बाप-मां का दुलार बेटी है, दख्ल शरहद पे जाके देखो तो, दुश्मनों पर ये वार बेटी है...।
सुबह-ए-बनारस आनंद कानन के संस्थापक सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा ने संयोजन व वरिष्ठ कवि अरविंद मिश्र ने संचालन किया। इस अवसर पर डॉ. नसीमा निशा, डाॅ. जयप्रकाश मिश्र, डॉ. ओमप्रकाश श्रीवास्तव, पं. सूर्यकांत त्रिपाठी, पं. प्रियानाथ पांडेय, गिरीश पांडेय, डॉ. महेंद्र तिवारी, अखलाक खान, एड.रुद्रनाथ त्रिपाठी, डॉ. नागेश शांडिल्य, प्रो. वत्सला श्रीवास्तव, राजलक्ष्मी मिश्रा, जगदीश्वरी आदि ने रचनाएं सुनाईं। संवाद
पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर हुआ मंगल यज्ञ
प्रधानमंत्री व काशी के सांसद नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर आचार्य हृदयानंद पांडेय ने मंगल यज्ञ किया। इसमें पीएम के शतायु होने और उनके सहित पूरे भारत के प्रति सुख, शांति और समृद्धि के लिए मंत्र जाप, हवन आदि किया गया। इस मंगल यज्ञ में आचार्य की अगुआई में काशी के लब्ध प्रतिष्ठित याज्ञिकों और कर्मकांड के विशिष्ट बटुकों ने भाग लिया। आचार्य ने पीएम के 12 वर्षों में राष्ट्र हित के लिए किए कार्यों के लिए काशी के कण कण में बसे भोले बाबा के अशेष आशीर्वाद को पहुंचाने के लिए वेद मंत्रों से आवाह्न किया।
कल मस्जिदों में अदा होगी बकरीद की नमाज
ईद-उल-अजहा की नमाज 28 मई को मस्जिदों और ईदगाहों में अदा की जाएगी। नमाज सुबह 5:45 से नमाज अदा होगी। इसके बाद खुदा की राह में कुर्बानी दी जाएगी। तीन दिनों तक यह पर्व मनाया जाएगा। ज्ञानवापी में सुबह 7:30 बजे, जामा मस्जिद नदेसर में सात बजे, काशी विद्यापीठ बड़ी ईदगाह में 7:30 बजे नमाज होगी।
इसी तरह लाट मस्जिद सरैयां में 8:30 बजे, बड़ी मस्जिद ककरमत्ता में 7:15 बजे, मस्जिद लाटशाही में 7:00 बज, बिचली मस्जिद कचहरी में 7:15 बजे, मस्जिद गफूरी कचहरी में 7:30 बजे, धरहरा मस्जिद में 7 बजे, ईदगाह पुरानापुल में 7:45 बजे, ईदगाह गोगा की बाग जलालीपुरा में 6:45 बजे, ईदगाह लंगर मस्जिद में 6:45 बजे, जामा मस्जिद ख्वाजापुरा में 6:45 बजे बकरीद की नमाज होगी।
इसी तरह मस्जिद शहीद बाबा सरैया में 6:45, ईदगाह सदरबाग में 7:15 बजे, मस्जिद शाम मूसा शाह में 7:15, वरुणा पुल मस्जिद में 6:45 बजे, खरबूजा शहीद में 6:45, मस्जिद कुतबन शहीद में 5:45, मस्जिद काजी सादुल्लाहपुरा में 7, मस्जिद उस्मान गनी ककरमत्ता में 7:00, नूरी मस्जिद ककरमत्ता में 7:00, ढाई कंगूरा मस्जिद में 7:30 बजे, बीबी रजिया में 8 बजे नमाज होगी। लंगर ईदगाह में 7:30 बजे, अबु हनीफा में 5:45 बजे और लंगड़ा हाफिज मस्जिद में सबसे आखिर में 10 बजे नमाज होगी।
जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने बाबा के किए दर्शन
गंगा दशहरा पर चित्रकूट से काशी आए जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर और संकट मोचन मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने कहा कि मां गंगा भारतीय संस्कृति आस्था और आध्यात्मिक चेतना की जीवनधारा हैं। ये भी कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने विश्वनाथ मंदिर का कायाकल्प कर सनातन के लिए बहुत बड़ा काम किया है। यहां अब रोजगार और पर्यटन का केंद्र बन गया है। इस दौरान भक्तों के साथ तस्वीरें खिंचाई और लोगों को आशीर्वाद भी दिया।
नारद नाम से नारायण नाम के रहस्य का दर्शन
श्री कृष्ण उत्सव सेवा समिति की ओर से रामकटोरा स्थित धर्मशाला में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में मंगलवार को महंत बालक देवाचार्य ने नारद नाम के रहस्य का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि ना का अर्थ नारायण, र का रहस्य और द का अर्थ दर्शन है। नारद की कही गई बात कभी न रद्द हो, हर बात सत्य हो। कथाव्यास ने ध्रुव चरित्र, मां अनसुइया, जड़ भरत, अजामिल चरित्र, भक्त प्रहलाद आदि प्रसंगों का भी सुंदर वर्णन किया। इस मौके पर अध्यक्ष अशोक कसेरा, केदारनाथ झल्लु, अनिल कसेरा, सोनू कसेरा, विजय, भानु कसेरा आदि रहे।
देश के टॉप-50 प्रतिभा में काशी की वसुधा
वर्ष 2026 के लिए देश भर से चयनित 50 उत्कृष्ट प्रतिभाओं में काशी की 10 साल की वसुधा भट्टराई को स्थान मिला है। तुलसी विद्या निकेतन नगवां में कक्षा चौथी की छात्रा वसुधा का चयन कला और संस्कृति के क्षेत्र में उनकी अद्वितीय प्रतिभा और असाधारण स्मरण शक्ति के आधार पर किया गया है।
वसुधा को 2024 में ही संपूर्ण अमरकोष के 12,000 से ज्यादा शब्दों का कंठस्थ ज्ञान है। कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उन्होंने पहला स्थान प्राप्त किया है। पाणिनी अष्टाध्यायी के लगभग 3,996 सूत्रों का सीधा और उल्टा दोनों क्रमों में कंठस्थ हैं। संस्कृत, नेपाली, हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं का कंठस्थ ज्ञान है। वसुधा को ये पुरस्कार छह जून को अहमदाबाद में दिया जाएगा।
सद्गुरु की शरण में भक्ति का मार्ग : सर्वानंद
परमहंस आश्रम में मंगलवार को स्वामी परमानंद महाराज की 57वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। आश्रम में एक भंडारे और संत समागम भी हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से पधारे परमहंस संप्रदाय के संतों ने स्वामी परमानंद महाराज की समाधि/धुनी पर दंडवत प्रणाम कर आशीर्वाद लिया।
मुख्य वक्ता स्वामी सर्वानंद महाराज (पूर्व साधु बाबा) ने कहा कि मनुष्य को सद्गुरु की शरण में जाने से ही सच्ची ईश्वर भक्ति का मार्ग मिलता है। सद्गुरु मानव जीवन के कल्याण के लिए ओम या राम नाम के जप के माध्यम से परमात्मा तक पहुंचने का सहज मार्ग बताते हैं। मुख्य पीठ परमहंस आश्रम शक्तेषगढ़ (मिर्जापुर) से स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के शिष्यों का एक दल भी विशेष यथार्थ गीता रथ के साथ आश्रम प्रांगण पहुंचा।
कांग्रेस परिवार ने की मां गंगा की पूजा
गंगा दशहरा पर कांग्रेस परिवार की ओर से मंगलवार को शीतला घाट स्थित शीतला मंदिर परिसर में मां गंगा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन और दुग्धाभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अर्चकों ने मां गंगा की पूजा कराने के साथ चुनरी अर्पित कर देशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और जनकल्याण की मंगलकामना की।
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की पत्नी रीना राय ने मां गंगा के चरणों में काशीवासियों व समस्त प्रदेशवासियों के सुखद भविष्य, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की खुशहाली, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की प्रार्थना की। कार्यक्रम का संयोजन वरिष्ठ नेता मनीष मोरोलिया ने किया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, ओमप्रकाश ओझा, पूनम कुंडू, प्रमोद वर्मा, चंचल शर्मा, प्रेमजी तिवारी, आकाश मल्होत्रा, रोहित दुबे, आशीष गुप्ता आदि मौजूद रहे।
प्रो. प्रवेश लिस्बन में भारत-पुर्तगाल संबंधों पर करेंगे शोध
बीएचयू के इतिहासकार प्रो. प्रवेश कुमार श्रीवास्तव लिस्बन विश्वविद्यालय पुर्तगाल में भारत और पुर्तगाल के ऐतिहासिक संबंधों पर शोध करेंगे। प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष और यूजीसी-एचआरडीसी के पूर्व निदेशक प्रो. श्रीवास्तव को लिस्बन विवि के कला संकाय की ओर से छह सप्ताह की विशेष शोध और शैक्षणिक कार्यशाला में हिस्सेदारी करेंगे। यह शोध प्रवास 9 जून से शुरू होगा। इसके अंतर्गत वह पुर्तगाली अभिलेखों के प्राथमिक स्रोतों के आधार पर भारत–पुर्तगाल ऐतिहासिक तथ्यों के पुनर्निर्माण विषय पर रिसर्च करेंगे।
जून से नमस्ते बीएचयू एप या स्मार्ट कार्ड से लाइब्रेरी में प्रवेश
बीएचयू की सेंट्रल लाइब्रेरी में जून महीने से नमस्ते बीएचयू एप या स्मार्ट कार्ड से ही प्रवेश और बाहर जाने की अनुमति मिलेगी। ये नियम साइबर लाइब्रेरी भी लागू रहेगा। लाइब्रेरियन के नाम से नोटिस बोर्ड पर जारी नई सूचना के मुताबिक नमस्ते बीएचयू ऐप या स्मार्ट कार्ड का प्रयोग अनिवार्य कर दिया गया है। प्रवेश के साथ ही बाहर जाने पर भी विद्यार्थियों को ये दिखाना होगा। विद्यार्थियों से कहा गया है कि सेंट्रल लाइब्रेरी और साइबर लाइब्रेरी स्टडी सेंटर में आने वाले सभी नमस्ते बीएचयू ऐप अपने स्मार्टफोन में डाउनलोड कर लें। पिछले सप्ताह बीएचयू की सेंट्रल लाइब्रेरी में धक्कामुक्की के बाद टाइमिंग आधा घंटा पहले की गई है।
प्रो. रजनीकांत मिश्रा को एबीआरएफ फेलोशिप
बीएचयू के जंतु विज्ञान विभाग के प्रोफेसर रजनीकांत मिश्रा को प्रतिष्ठित एफएबीआरएफ फेलोशिप से सम्मानित किया गया। प्रयागराज के एशियन बायोलॉजिकल रिसर्च फाउंडेशन की ओर से यह फेलोशिप दी गई। इंटरनेशनल कांफ्रेंस ऑन नेचर एंड नेचुरल साइंस के दौरान सिक्किम एल्पाइन यूनिवर्सिटी, नामची में हुए समारोह में दिया गया। डॉ. सद्गुरु प्रकाश ने सम्मान देते हुए डॉ. मिश्रा के शोध कार्य की सराहना की।
बीएड में दाखिले के लिए 106 केंद्रों पर 48218 अभ्यर्थी देंगे प्रवेश परीक्षा
काशी विद्यापीठ और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में होने वाले बीएड में दाखिले के लिए 31 मई को 106 केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। दो पालियों में होने वाली परीक्षा में 48218 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए विवि की ओर से परिसर और उसके बाहर के महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है।
बीएड प्रवेश परीक्षा कराने की जिम्मेदारी शासन स्तर से बुंदेलखंड विवि झांसी को दी गई है। झांसी विवि की ओर से काशी विद्यापीठ को नोडल सेंटर बनाया गया है। यहां से सभी केंद्रों पर केंद्राध्यक्ष सहित अन्य जिम्मेदार लोगों की तैनाती भी कर दी गई है। 31 मई को पहली पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से 12 बजे तक जबकि दूसरी पाली 2 से 5 बजे तक होगी।
इस बीच विवि स्तर से परीक्षा व्यवस्था की निगरानी को लेकर कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. एके त्यागी पिछले दो दिन से विवि परिसर के बाहर बने केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
दो दिन पहले झांसी से आएंगे पर्यवेक्षक : कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि आयोजक बुंदेलखंड विवि झांसी की ओर से परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की निगरानी तेज कर दी गई है। दो दिन पहले विवि की ओर से पर्यवेक्षक भी आ जाएंगे। पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में स्थानीय स्तर पर जिला, पुलिस प्रशासन, केंद्राध्यक्षों सहित परीक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों के साथ बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
533 एनसीसी कैडेट्स 10 दिन तक लेंगे सैन्य प्रशिक्षण
बच्छाव स्थित सनबीम सनसिटी विद्यालय परिसर में 100 यूपी बटालियन एनसीसी के 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। 10 दिन तक चलने वाले इस शिविर में वाराणसी-चंदौली जिले के विद्यालयों के 533 कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण मिलेगा। कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल राकेश रोशन ने कहा कि प्रशिक्षण शिविरों में मिली जानकारी व्यावहारिक जीवन में भी उपयोगी होती है। डिप्टी कैंप कमांडेंट संजेश राय ने विचार रखे। पूर्व एनसीसी अधिकारी मेजर डॉ. अरविंद कुमार सिंह, एनसीसी अधिकारी देवनारायण सिंह, ऊषा बालचंदानी, मयंक सिंह, भीमशंकर मिश्रा, सुनील कुमार, राजकुमार जायसवाल मौजूद रहे।
एआई से वित्तीय डेटा का होता है सटीक विश्लेषण
दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की ओर से लगाई गई कार्यशाला में मंगलवार को सीए छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस(एआई) की उपयोगिता बताई गई। मुख्य वक्ता विशाल बी अशर और विपुल ने बताया कि वित्तीय डेटा का सटीक विश्लेषण करने में एआई तकनीक बहुत उपयोगी साबित हो रही है। सीए वाराणसी शाखा में विशाल ने कहा कि वित्तीय समीक्षा वित्तीय स्थिति की जांच और विश्लेषण की एक प्रक्रिया है। विपुल ने कहा कि एआई का आधार या बुनियाद सबसे महत्वपूर्ण होता है। स्वागत शाखा अध्यक्ष वैभव मेहरोत्रा और धन्यवाद ज्ञापन रंजीत कुमार पांडेय ने किया। विकास द्विवेदी, नमन कपूर, श्रीप्रकाश पांडेय रहे।
बीएचयू-मेडिकल यूनिवर्सिटी रूस के बीच वैज्ञानिक सहयोग बढ़ाने के लिए एमओयू
बीएचयू और नार्दन स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी रूस के शैक्षिक, वैज्ञानिक सहयोग के लिए एमओयू हुआ। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी की मौजूदगी में विवि की ओर से प्रो.अरुण कुमार सिंह और रूसी यूनिवर्सिटी से कार्यवाहक रेक्टर बाइलोवा एनए ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। रूसी मेडिकल यूनिवर्सिटी की ओर से हुए इस समझौते के बारे में कुलपति प्रो. चतुर्वेदी ने कहा कि यह समझौता दोनों विवि की संयुक्त शैक्षणिक और वैज्ञानिक गतिविधियों को बनाए रखने, सुदृढ़ करने,विस्तार देने में मददगार साबित होगा।
रूसी मेडिकल यूनिवर्सिटी की ओर से डीन नतालिया अनीकिना ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए विकास व उत्कृष्टता के नए मार्ग खोलेगी। नॉर्दर्न स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी रूस में लगभग 1,500 भारतीय विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। कार्यक्रम में प्रो. राजेश कुमार सिंह, प्रो. संजय कुमार, आईएमएस बीएचयू निदेशक प्रो. एसएन संखवार, प्रो.विश्वंभर सिंह मौजूद रहे।
छात्रों ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग की
आईएमएस बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में आयुष्मान योजना के खर्च पर सवाल उठाते हुए मंगलवार को छात्रों ने कुलपति को ज्ञापन सौंपा। 26 मार्च को जो लोकायुक्त से शिकायत की गई थी, उसे लेकर कार्रवाई की मांग की। छात्रनेता डॉ. मृत्युंजय तिवारी के नेतृत्व में केंद्रीय कार्यालय पहुंचकर जो ज्ञापन दिया है, उसमें बताया है कि 29 अप्रैल को उप लोकायुक्त की ओर से एक पत्र भेजकर ट्रॉमा सेंटर प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह से आख्या मांगे जाने का हवाला दिया। इसमें जांच चलने तक प्रभारी को पद से हटाए जाने की मांग की।
इस दौरान हर्ष त्रिपाठी, सुजीत पासवान, कृष्णकांत पाठक मौजूद रहे। हालांकि, तीन दिन पहले ही साेशल मीडिया में उप लोकायुक्त का पत्र वायरल होने के बाद ट्रॉमा सेंटर प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह ने स्पष्ट कर दिया था कि जिस राजनारायण मौर्य नामक व्यक्ति के पत्र पर लोकायुक्त ने आख्या मांगी है। इसी व्यक्ति की शिकायत को लोक आयुक्त ने फरवरी में यह कहकर समाप्त कर दिया था कि यह उनके क्षेत्राधिकार से बाहर है। इसके बाद भी जानबूझकर फर्जी शिकायतें कराई जा रही हैं।
पीएम आवास योजना की विधायक ने की समीक्षा
रोहनिया से अपना दल विधायक डॉ. सुनील पटेल ने मंगलवार को सर्किट हाउस में बैठक की। उन्होंने रोहनिया विधानसभा के वार्डों के पार्षदों और डूडा की अधिकारी के साथ वार्डों में हो रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। कहा कि रोहनिया में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत आवेदन कर्ताओं का सत्यापन जल्द से जल्द पूरा कराएं। पार्षदों और सत्यापन समिति की ओर से चयनित सभी लाभार्थियों की प्रथम किस्त (धनराशि) अवमुक्त कराएं। इस दाैरान कल्लू पहलवान, गोपाल पटेल, कमलेश पाल, सुरेश पटेल आदि मौजूद रहे।
बाबा कीनाराम स्थल पीएनजी नेटवर्क से जुड़ा
बाबा कीनाराम मठ रविंद्रपुरी में मंगलवार को पीएनजी की आपूर्ति शुरू हो गई। इससे प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का प्रसाद आसानी से बन सकेगा। इससे पहले यहां की रसोई में पहले हर महीने 60 एलपीजी सिलिंडरों की खपत होती थी। अब पीएनजी सेवा शुरू होने से यह रसोई एलपीजी सिलिंडरों से पूरी तरह मुक्त हो गई है। उद्घाटन गेल के जीएम सुशील कुमार ने किया। इस दौरान उप महाप्रबंधक (परियोजना) नवाजिश अली अंसारी और विपणन (मार्केटिंग) अधिकारी प्रवीण गौतम आदि मौजूद रहे।
बेरोजगारी पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं : कांग्रेस
युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विकास सिंह ने मंगलवार को बयान जारी किया। कहा कि देश में पिछले कुछ वर्षों से महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। सरकार का इस पर कोई नियंत्रण नहीं है। तीन बार पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी हुई है। बेरोजगारी दिनोंदिन बढ़ रही है। नौकरी के लिए युवा भटक रहा है और हमारे देश का शीर्ष नेतृत्व इन युवा पीढ़ी को रोजगार देने में पूरी तरह से निष्क्रिय है।
संभव की जनसुनवाई में आईं दो शिकायतें
नगर निगम में मंगलवार को संभव की जनसुनवाई अपर नगर आयुक्त अमित कुमार ने की। इस दौरान दो शिकायतें आईं। हुकुलगंज की प्रमिला ने अपर नगर आयुक्त से नामांतरण के संबंध में शिकायत की। इसी तरह संजू ने नाली, अवैध स्लोप से जुड़ी शिकायत की। अपर नगर आयुक्त ने दोनों शिकायतों के समाधान का आश्वासन दिया।
कैंप में डॉक्टरों ने जमा कराए 40 लाख रुपये
आईएमए परिसर में नगर निगम की ओर से टैक्स जमा करने के लिए लगाए गए कैंप में दो दिन में कुल 40 लाख रुपये का टैक्स डॉक्टरों ने जमा किया। इसमें अनुज्ञा शुल्क/ हाउस टैक्स/ सीवर टैक्स जमा किया गया। इस दौरान नगर निगम की ओर से यह भी बताया गया है कि 15 जुलाई तक टैक्स जमा करने वालों को 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी।
इसके अलावा डिजिटल ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 2026-27का ऑनलाइन भुगतान करने पर 2 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट दी जा रही है। आईएमए के सचिव डा. अरुण कुमार त्रिपाठी ने नगर निगम की ओर से इस तरह के पहल की सराहना करते हुए आगे भी इस तरह के कैंप लगाए जाने की बात कही।
अपर नगर आयुक्त अमित सिंह ने बताया कि जल्दी ही भुगतान की संशोधित दरों को एप के माध्यम से जमा करने की सुविधा उपलब्ध करा दी जाएंगी, जिससे लोग भुगतान घर बैठे ही कर सकेंगे। इस दौरान आईएमए अध्यक्ष डाॅ. अनुराग टंडन, पूर्व अध्यक्ष डाॅ. एसपी सिंह, डाॅ. भानु शंकर पांडेय आदि मौजूद रहे।
बीएचयू अस्पताल में राहुल गांधी के नाम का कटवाया पर्चा
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रायबरेली में जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया था। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडेय ने कहा कि राहुल गांधी मानसिक रूप से बीमार हैं। उनकी बीमारी को देखते हुए भाजपाइयों ने सर सुंदर लाल चिकित्सालय बीएचयू में राहुल गांधी के मानसिक इलाज के लिए पर्चा कटवा ली है।
राहुल गांधी को ये पर्चा कूरियर के माध्यम से जल्द ही भेजेंगे, ताकि उनका जल्द से जल्द इलाज हो सके। कहा कि मालवीय ने भिक्षाटन कर बीएचयू बनवाया, हम भिक्षाटन कर राहुल गांधी का उसी बीएचयू में इलाज कराएंगे। इस दौरान अनुराग शर्मा, अजय सिंह मुन्ना, शैलेंद्र मिश्रा, राकेश विंद, सुनील मिश्र रहे।
भाजपाइयों ने फूंका अजय राय का पुतला: भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सेंट्रल जेल रोड पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का पुतला फूंका। इस दौरान विवेक पांडेय, अरविंद सिंह मास्टर, नीतेश मौर्य, उमेश पटेल, भूपेंद्र सिंह, राजेश कुमार, पवन जायसवाल, सूरज सेठ मौजूद रहे।
पुण्यतिथि पर गुरुभक्तिमालिका का हुआ लोकार्पण
बीएचयू में आचार्य वासुदेव द्विवेदी शास्त्री की 22वीं पुण्यतिथि मनाई गई। भारत अध्ययन केंद्र में मंगलवार को संस्कृत भाषा, भारतीय ज्ञान परंपरा को याद किया गया। ‘गुरुभक्तिमालिका’ नाम के पुस्तक का लोकार्पण करते हुए कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि आचार्य शास्त्री जैसे महान मनीषियों की लेखनी और चिंतन समाज को दिशा देने वाली अमूल्य धरोहर हैं। दूसरे सत्र में कवि सम्मेलन हुआ। इसकी अध्यक्षता प्रो. राजाराम शुक्ल ने की।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष बने अमित
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद वाराणसी का द्विवार्षिक अधिवेशन एवं निर्वाचन पिपलानी कटरा स्थित खंड शिक्षा अधिकारी सभागार में हुआ। जिसमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अमित कुमार सिंह को अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। लोक निर्माण विभाग के चंद्रशेखर को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रावधिक शिक्षा विभाग के जंग बहादुर विश्वकर्मा को जिला मंत्री तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के रामकिंकर को कार्यकारिणी पदाधिकारी चुना गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व महामंत्री श्रीकांत पांडेय ने की, जबकि राष्ट्रीय सचिव (पेंशन एसोसिएशन) एन.पी. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। चुनाव अधिकारी अमरेन्दु सिंह की देखरेख में जनपद शाखा की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चुनाव कराया गया।
बीएचयू में 42 एजेंडों पर आज ईसी की बैठक, नहीं होंगे नव नियुक्त कुलसचिव
यहीं हो रही ईसी की बैठक।
- फोटो : संवाद
बीएचयू में इस साल की पहली एग्जीक्यूटिव काउंसिल की बैठक बुधवार को होगी। इसमें 42 एजेंडों पर करीब छह से सात घंटे तक मंथन चल सकता है। होलकर हाउस भवन में सुबह 11 बजे से बैठक शुरू हो जाएगी। इसमें बीएचयू के हालिया नियुक्त कुलसचिव राजन श्रीवास्तव नहीं, बल्कि पुराने कुलसचिव प्रो. अरूण सिंह सचिव होंगे। बताया जा रहा है कि राजन श्रीवास्तव अगले सप्ताह तक जाॅइन करेंगे।
बीएचयू में मेडिकल सुप्रीटेडेंट की नियुक्ति, शिक्षकों के विरोध प्रदर्शन, सविंदा कर्मचारियों के धरना प्रदर्शन और स्थाई नियुक्ति, पिछले नौ महीने में हुईं नियुक्तियों, काडर आधारित प्रमोशन, परिसर की सुरक्षा, हॉस्टलों की व्यवस्था और सुविधाएं बढ़ाने के साथ ही दो एकेडमिक काउंसिल के फैसलों पर मुहर लगाई जाएगी। इसके अलावा कुलसचिव और परीक्षा नियंता की नियुक्तियों पर भी अनुमोदन दिया जाएगा। बीएचयू में हालिया हुए फैसलों को लेकर ईसी के सदस्य बने जन प्रतिनिधियों की खास नजर होगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र पांडेय, मेयर अशोक तिवारी, भाजपा के काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल कई तीखे सवाल पूछ सकते हैं और उनका जवाब भी तलब करेंगे। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी की अध्यक्षता में सभी सदस्य बैठक में शामिल रहेंगे। तीनों नेताओं के साथ ही दिल्ली विवि के कुलपति प्रो. योगेश सिंह, समाजशास्त्र विभाग के प्रो. ओम प्रकाश भारतीय और प्रो. श्वेता प्रसाद, प्रो. बेचन लाल और रेडियोथेरेपी विभाग के प्रो. उदय कुमार शाही सदस्य भी होंगे।