घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अनुभव राजर्षि पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास मृतक के कपड़े भी बिखरे पड़े मिले, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
परिजनों के मुताबिक, बाला लखनदर 24 मई को घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका था। मृतक के पिता गोविंद राम ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर शव को खंडहर में फेंका गया है। उन्होंने बताया कि शव पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे और जलाने के भी साक्ष्य मिले हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर डटे रहे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।