फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News: झांसा देकर 34.32 लाख रुपये हड़पे, 25 हजार का इनामी गिरफ्तार; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें

Tue, 27 May 2025 07:14 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

News Update Today: वाराणसी में एक युवक को पेंट्रीकार का काम दिलाने के नाम पर लाखों रुपये हड़प लिए गए। वहीं, डकैती और हत्या के आरोप में वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने राजस्थान के नीम्बाहेड़ा से गिरफ्तार किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News Today: लहरतारा निवासी व्यापारी सोनू तिवारी को ट्रेन की पेंट्रीकार का काम दिलाने का झांसा देकर 34 लाख 32 हजार रुपये हड़प लिए गए। मामले को लेकर लखनऊ के कृष्णा नगर थाने में कृष्णा नगर स्थित कृष्णा इंटरप्राइजेज के प्रबंधक जितेंद्र चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

विज्ञापन


सोनू तिवारी ने पुलिस को बताया कि वह जनवरी 2025 में मैनपुरी के नागला जुला के रहने वाले जितेंद्र चौहान के संपर्क में आए। जितेंद्र ने बताया कि कृष्णा नगर स्थित उसकी फर्म कृष्णा इंटरप्राइजेज रेलवे में सूचीबद्ध है। वह ट्रेन में 35 लाख रुपये में पेंट्रीकार का काम दिला सकता है। 

जितेंद्र की बातों पर विश्वास कर उन्होंने 10 जनवरी से 10 फरवरी के बीच उसके खाते में 27 लाख 32 हजार रुपये ट्रांसफर किया। 14 फरवरी को उन्होंने जितेंद्र को सात लाख रुपये नकद दिया। 
विज्ञापन


इसके बाद पेंट्रीकार का काम दिलाने की बात पर जितेंद्र टालमटोल करने लगा। आजिज आकर 26 मार्च को उन्होंने जितेंद्र से अपना पैसा मांगा तो उसने गालीगलौज करते हुए लखनऊ में दिखने पर कटवा कर फेकवाने की धमकी दी। लखनऊ के पुलिस आयुक्त के निर्देश पर कृष्णा नगर थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

फायरिंग कर फैलाई दहशत हिस्ट्रीशीटर सहित दो गिरफ्तार
जंसा थाने के हिस्ट्रीशीटर तेंदुई गांव के नवनीत सिंह उर्फ राजा और उसके दोस्त रोहन सिंह उर्फ किशन को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोप है कि रविवार की रात नवनीत सिंह ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दहशत फैलाई। 

जंसा थाने की पुलिस ने उसके पास से .32 बोर की देसी पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया है। नवनीत के खिलाफ हत्या का प्रयास सहित अन्य आरोपों में आठ मुकदमे और रोहन के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में तीन मुकदमे दर्ज हैं।

तेंदुई गांव निवासी संजय सिंह ने रविवार को नाली से पानी बहने के विवाद को लेकर जंसा थाने में नवनीत, रोहन और रौनक सिंह उर्फ बिल्लू के खिलाफ जंसा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि मुकदमा दर्ज कराए जाने से नाराज होकर रोहन के ललकारने पर नवनीत ने संजय को जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। इससे गांव में दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया। डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि फायरिंग की सूचना पर जंसा थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद सिंह और उनकी टीम ने नवनीत और रोहन को गिरफ्तार किया। 

लॉर्ड विश्वेश्वर के केस में वाद मित्र की बहस पूरी
सिविल जज (सीनियर डिवीजन/फास्ट ट्रैक) भावना भारती की अदालत में सोमवार को ज्ञानवापी के वर्ष 1991 के लॉर्ड विश्वेश्वर के केस की सुनवाई हुई। मामले में लॉर्ड विश्वेश्वर के वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी की ओर से बहस पूरी कर ली गई है। अब इस मामले में अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से बहस की जाएगी। मामले की अगली सुनवाई 29 मई को होगी।

उधर, इस मामले की किसी अन्य कोर्ट में सुनवाई करने के लिए वादी रहे हरिहर पांडेय की तीन बेटियों की ओर से दी गई अर्जी पर जिला जज जय प्रकाश तिवारी की कोर्ट में 28 मई को सुनवाई होनी है। सोमवार को विजय शंकर रस्तोगी ने कहा कि उन्हें लॉर्ड विश्वेश्वर का वाद मित्र बनाए जाने पर सवाल खड़ा किया गया। 

डकैती-हत्या में 5 साल से वांछित 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
डकैती और हत्या के आरोप में पांच साल से वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश को लंका थाने की पुलिस ने राजस्थान के नीम्बाहेड़ा से गिरफ्तार किया है। बदमाश की पहचान बिहार के भागलपुर जिले के दिलगौरी के मूल निवासी और मध्य प्रदेश के नीमच स्थित चौकन्ना बालाजी के पास रहने वाले शिवा उर्फ राजू उर्फ शिवा पादरी के रूप में हुई है। 

पुलिस उसे राजस्थान की अदालत में पेश कर वारंट बी पर शहर ले आई। शिवा को जिला जेल में दाखिल कर दिया गया है। 14 अगस्त 2020 को इंदिरा नगर कॉलोनी, चितईपुर निवासी ब्रह्मानंद दूबे के घर में घुस कर बदमाशों ने लूटपाट की थी। इसके साथ ही उनके बेटे विशाल दूबे की हत्या कर दी थी। लंका थाने में छह बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। 

इस संबंध में लंका थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्र ने बताया कि विवेचना के दौरान आरोपियों की नामजदगी गलत पाई गई। बिरजू सिंह सहित 13 अभियुक्तों का नाम प्रकाश में आया। 10 अभियुक्त गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। वारदात में शिवा व उसका बहनोई बल्ला और उसका दोस्त सूरज वांछित था। 

वाराणसी विकास प्राधिकरण - फोटो : अमर उजाला
वीडीए ने ध्वस्त कराई अवैध प्लाॅटिंग 
वीडीए ने सोमवार को अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई। सिकरौल वार्ड के अटेसुआ में अज्ञात की ओर से बिना ले आउट स्वीकृत कराए अवैध प्लाॅटिंग विकसित की जा रही थी। पूर्व में नोटिस दिया गया था। जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा और अवर अभियंता रोहित कुमार की देखरेख में कार्रवाई की गई। 

केंद्रीय कारागार में 300 बंदियों के दांतों की हुई जांच
शिवपुर केंद्रीय कारागार में सोमवार को रोटरी क्लब रॉयल्स संस्था की तरफ से दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन हुआ। इसमें डॉ. रजत सिंह, डॉ. आदित्य सक्सेना और समन्यव शुक्ल ने 300 बंदियों के दांतों का परीक्षण कर उपचार किया। इस दौरान कारापाल अखिलेश कुमार, उपकारापाल अमित कुमार वर्मा मौजूद रहे।

धोखाधड़ी और कूटरचना के मामले में मुकदमा दर्ज करने का आदेश
धोखाधड़ी और कूटरचना कर फर्जी मुख्तारनामा दिखा कर मां द्वारा पहले सट्टा की गई जमीन को बेचने के मामले में अदालत ने इटही, मरूई निवासी आरोपी दयाशंकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश रोहनिया थाने की पुलिस को दिया है।

यह आदेश विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कृष्ण कुमार की अदालत ने कृष्ण कुमार सिंह की ओर से दिए गए आवेदन पर सुनवाई के बाद दिया। कृष्ण कुमार सिंह ने अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप है कि मुलिया देवी से रोहनिया क्षेत्र के खनाव में 8 मार्च 2013 को सुरेंद्र कुमार सिंह ने 12 बिस्वा जमीन का रजिस्टर्ड सट्टा कराया था। 

आरोपी छात्र नेता को मिली जमानत
रंजिश को लेकर दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने और दुकानदार पर हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्र नेता को राहत मिल गई। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (षष्ठम) अर्पित पवार की अदालत ने चंदन नगर, चितईपुर निवासी ऋषभ राजपूत को 20-20 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया। 

पक्षकार बनने की निगरानी अर्जी पर सुनवाई आज
वाराणसी। अपर जिला जज चौदहवां संध्या श्रीवास्तव की कोर्ट में मंगलवार को ज्ञानवापी प्रकरण में मुख्तार अहमद अंसारी द्वारा पक्षकार बनाने के लिए दी गई निगरानी अर्जी पर सुनवाई होनी है। पिछली तिथि पर कोर्ट में निगरानी अर्जी पर ज्ञानवापी के लॉर्ड विश्वेश्वर के केस के वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी ने बहस की थी। अभी भी उनकी बहस जारी है। 

अब मथुरा और अयोध्या में भी बनेगा अपना घर आश्रम
यूपी के दो प्रमुख धार्मिक शहर मथुरा और अयोध्या में भी अब गरीबों और निराश्रितों को अपना घर आश्रम के रूप में ठिकाना मिलेगा। वाराणसी में संचालित अपना घर आश्रम की तर्ज पर अब इन दोनों शहरों में भी आश्रम बनाया जाएगा। इस संबंध में आश्रम के संस्थापक डॉ. के. निरंजन की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात भी हुई।

डॉ. के. निरंजन ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी स्थित अपना घर आश्रम के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इस मॉडल को प्रदेश के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर भी विस्तारित करने की इच्छा जताई थी। मथुरा और अयोध्या में आश्रम स्थापित करने के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने सैद्धांतिक सहमति जताते हुए सहयोग का आश्वासन दिया।

संस्था मथुरा और अयोध्या में उपयुक्त जमीन की तलाश के लिए अभियान शुरू करेगी। जमीन मिलते ही आश्रम का निर्माण शुरू होगा। इन आश्रमों में निराश्रित, बेसहारा, मानसिक रूप से विक्षिप्त लोगों को निशुल्क आवास, भोजन, वस्त्र और चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। जो परिवार से बिछड़ गए हैं या जिनका कोई अपना नहीं है उन्हें भी आश्रम में जगह दी जाएगी। वर्तमान में संस्था की ओर से भारत में 63 से अधिक आश्रम संचालित किए जा रहे हैं। यहां हजारों बेसहारा लोगों की सेवा हो रही है। इनका मुख्य उद्देश्य नर सेवा, नारायण सेवा के भाव को चरितार्थ करते हुए जरूरतमंदों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है। 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय। - फोटो : amar ujala
सैन्य अफसरों पर टिप्पणी करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करे भाजपा : अजय 
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पहले मध्य प्रदेश के मंत्री ने महिला सैन्य अफसर के खिलाफ टिप्पणी की, फिर हरियाणा के सांसद सामने आ गए। इन मामलों में भाजपा ने कोई कार्रवाई नहीं की है। ऐसे नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। 

प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की मार्केटिंग हो रही है। ट्रेन के टिकटों पर ऑपरेशन सिंदूर की मार्केटिंग की जा रही है। सेना ने पराक्रम दिखाया है। दुश्मनों को घर में घुसकर मारा, फिर सीजफायर क्यों किया गया। इसका जवाब केंद्र सरकार को देना चाहिए। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, फसाहत हुसैन बाबू , गुलशन अली, नृपेंद्र नारायण सिंह मौजूद रहे। 

भाजपा ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को घेरा, कहा- गलत बयानबाजी कर रहे
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के बयान पर भाजपा नेताओं ने पलटवार किया। राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयान निंदनीय हैं। सेना के मनोबल गिराने वाले हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि और एमएलसी धर्मेन्द्र राय ने संयुक्त रूप से कहा कि अजय राय बार-बार मीडिया में बने रहने के लिए गलत बयानबाजी कर रहे हैं, जिससे वह जनता की नजरों में गिरते जा रहे हैं।

पूर्वांचल की जनता भलीभांति जानती है कि माफिया मुख्तार अंसारी ने उनके घर की महिला का सिंदूर उजाड़ दिया था। वे केवल आंखें दिखाते रहे, लेकिन कुछ कर नहीं पाए। अंततः योगी आदित्यनाथ की सरकार ही सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया। 

घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो में तोड़फोड़, हवाई फायरिंग की
चोलापुर के इमिलिया गांव में चार हमलावरों ने एक घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ कर हवाई फायरिंग की। हमलावरों की करतूत घर में लगे सीसी कैमरे में कैद हुई है। मामले की शिकायत पुलिस आयुक्त से की गई तो चोलापुर थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। घटना बीते 10 मार्च की रात की है।

चोलापुर थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव निवासी शुभम मिश्रा ने पुलिस को तहरीर दी। शुभम का आरोप है कि उनके घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ और हवाई फायरिंग सोयेपुर निवासी आशीष दूबे की ओर से रंजिश में कराई गई है। आशीष पहले उनका मित्र था, लेकिन अब दुश्मनी पर उतारू है। 

शुभम ने बताया कि आशीष ने पहले सोशल मीडिया के जरिये उन्हें और उनकी बहन को बदनाम करने की कोशिश की। यही नहीं 16 अप्रैल को हुई बहन की शादी में भी बाधा डालने की कोशिश की। उधर, इस संबंध में चोलापुर थाने के थानाध्यक्ष राकेश कुमार गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 

मैरिज लॉन और सर्विस सेंटरों के मालिकों को भी देना होगा यूजर चार्ज
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2016 के तहत नगर निगम की ओर से स्वच्छता उपविधि 2017 बनाई गई है। जिसमें आंशिक संशोधन किया गया है। इसके साथ ही नई यूजर चार्ज की दरें लागू की गई हैं। पहले इनमें 24 कैटेगरी थी।  जिसे बढ़ाकर 26 किया गया है। इस बार मैरिज लॉन और वाहन सर्विस सेंटर वालों से भी यूजर चार्ज लिया जाएगा। ये दरें नगर निगम की वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं।

पूर्व में जिन 24 कैटेगरी के लोगों से यूजर चार्ज लिया जाता था। उनमें मामूली बढ़ोतरी की गई है। पहले मैरिज लॉन और वाहन सर्विस सेंटर वालों से कोई यूजर चार्ज नहीं लिया जाता था। जबकि सबसे अधिक गंदगी और सड़कों को घेरने का काम यही लोग करते हैं। इसे देखते हुए नगर निगम की कार्यकारिणी से इन्हें भी यूजर चार्ज के दायरे में लाया गया है। 

बाइक चुराकर कबाड़ी को बेची, तीन गिरफ्तार
पत्थरगली विश्वेश्वरगंज से पड़ोसी की बाइक चुराकर दो लोगों ने पिशाचमोचन के एक कबाड़ी को 1500 रुपये में बेच दी। मामले को लेकर कोतवाली थाने की पुलिस ने बाइक चुराने वाले दोनों आरोपियों और कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बाइक के दो टायर, पेट्रोल टंकी, शाकर, साइलेंसर, हैंडल और 655 रुपये बरामद किए गए है। सीसी कैमरों की फुटेज से बाइक चुराने के आरोप में पीड़ित के पड़ोसी विवेक पाठक और उसके दोस्त गायघाट के फुल्लन तिवारी और कबाड़ी नितेश साहू को पकड़ा गया। 

बाउंड्रीवॉल गिराकर दी धमकी, 12 के खिलाफ केस
शिवपुर के सुद्धिपुर स्थित बृजेश कुमार सिंह की बाउंड्रीवॉल व गेट गिराकर उनके साथ गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। मामले को लेकर बृजेश की तहरीर पर शिवपुर थाने में अंकित सिंह, प्रहलाद सिंह और 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस संबंध में शिवपुर थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

नाचने से मना करने पर साले ने जीजा को पीटा 
फूलपुर थाना क्षेत्र के सराय गांव में रविवार की रात आई बरात में नाचने से मना करने पर साले ने जीजा की जमकर पिटाई कर दी। बचाव करने पहुंचे जीजा के भतीजे को भी पीट दिया। हरसोस, जंसा से बरात आई थी। नाचने के चलते देरी होने पर बरियासनपुर निवासी घनश्याम पटेल ने डीजे बंद करवा दिया। इसके साथ ही अपने चचेरे साले अजीत कुमार को नाचने से मना किया। इतने में अजीत ने जीजा घनश्याम की पिटाई कर दी। पुलिस के अनुसार, जीजा की तहरीर पर चचेरे साले के खिलाफ फूलपुर थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। 

अंडा विक्रेता और उसकी बेटी को पीटकर किया घायल
चौकाघाट लकड़ी मंडी में अंडे की दुकान लगाने वाले श्यामू चौहान और उसकी बेटी के साथ मारपीट की गई। इस मामले में अंडा विक्रेता ने चेतगंज थाने में लकड़ी मंडी के कौशल,  शिवा, रौशन और पेटहवा लंगड़ा के खिलाफ केस दर्ज कराया है। श्यामू ने पुलिस को बताया कि वह अंडा बेच कर घर जा रहा था। रास्ते में चारों युवक उससे विवाद करने लगे और उसे और उसकी बेटी को घायल कर दिया। चेतगंज थानाध्यक्ष के अनुसार केस दर्ज कर जांच की जा रही है। 

चोरी की 2 बाइक, 7 मोबाइल फोन के साथ तीन गिरफ्तार
सारनाथ थाने की पुलिस ने चोरी की दो बाइक और सात मोबाइल फोन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सारनाथ थानाध्यक्ष विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों की पहचान रसूलगढ़ पंचक्रोशी के चित्रांश खरवार उर्फ चीकू, चंद्रा चौराहा के नितेश चौरसिया और रसूलगढ़ के भुल्लन गौतम उर्फ विपिन कुमार के रूप में हुई है। चित्रांश के खिलाफ चोरी सहित अन्य आरोपों में 12, भुल्लन के खिलाफ दो और नितेश के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है। 

अंगूठा लगवाकर राशन नहीं देने का आरोप, केस
सिंधौरा थाना क्षेत्र के पतिराजपुर गांव में अंगूठा लगवाकर राशन नहीं देने के आरोप में वितरक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पतिराजपुर के धर्मा देवी, नगीना, बबीता, निर्मला ललिता,पवन, प्रमोद, धर्मेंद्र, कालू, श्वेता समेत लगभग 18 कार्ड धारकों ने राशन वितरक रमेश सिंह की एसडीएम से शिकायत की थी। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि जांच के आधार पर राशन वितरक रमेश सिंह के खिलाफ सिंधौरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। 

हिस्ट्रीशीटर जिलाबदर, एक थाने में लगाएगा हाजिरी
लोहता थाने के हिस्ट्रीशीटर कोरौत गांव निवासी सुनील यादव के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई की गई है। वहीं, लोहरापुर गांव के गौरव तिवारी को प्रत्येक 10 दिन में लोहता थाने में हाजिरी लगाने जाना होगा। यह आदेश पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दिया है। 

लोहता थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने सोमवार को बताया कि गौरव तिवारी को आगामी छह माह तक प्रत्येक 10 दिन पर आकर थाने में हाजिरी लगाने आनी होगी। वहीं, सुनील यादव को एक माह के लिए जिले की सीमा से बाहर जाने का आदेश दिया गया। इस अवधि में वह जहां भी रहेगा, इसकी सूचना उन्हें देगा। जिले में कहीं भी दिखाई देने पर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बुंदेलखंड एक्सप्रेस में महिला का पर्स लेकर भागा 
बनारस से ग्वालियर जाने वाली बुंदेलखंड एक्सप्रेस के एसी कोच से महिला यात्री का पर्स लेकर एक बदमाश भाग गया। पर्स में 4500 नकदी, डेबिट कार्ड समेत अन्य सामान थे। घटना सुरियावा स्टेशन के पास हुई। पीड़िता ने कैंट जीआरपी में केस दर्ज कराया।

बिहार के नालंदा के चांदी थाना क्षेत्र के लोधीपुर निवासी पीड़िता ममता ने जीआरपी को बताया कि 18 मई की शाम सुरियावा स्टेशन के पास युवक मेरा पर्स लेकर चलती ट्रेन से वह कूदकर भाग निकला। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। 

स्कॉर्पियो से तीन संरक्षित पशु मुक्त कराए
चौबेपुर थाने की पुलिस ने रविवार की रात भगतुआ तिराहे पर चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की घेराबंदी कर रुकवाया। स्कॉर्पियो को रोक कर चालक अंधेरे में भाग निकला। तलाशी में स्कॉर्पियो से तीन संरक्षित पशु मुक्त कराए।

चौबेपुर थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने बताया कि बलुआ घाट-पहड़िया मार्ग पर भदिवां गांव के सामने वह फोर्स के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान बलुआ घाट से जाल्हूपुर की ओर आ रही एक स्कॉर्पियो को रुकवाया गया तो उसका चालक पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। स्कॉर्पियो के अंदर से उसकी सीट निकाल कर तीन संरक्षित पशु ठूस कर भरे गए थे। स्कॉर्पियो पर आगे आर्मी लिखा बोर्ड लगा हुआ था। स्कॉर्पियो के चेसिस नंबर की मदद से उसके मालिक और चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। 

ट्रेन की चपेट में आने से ऑटो चालक की मौत
चौबेपुर के कादीपुर रेलवे स्टेशन और सारनाथ स्टेशन के बीच पर्वतपुर गांव के समीप रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से एक ऑटो चालक की मौत हो गई। सूचना पाकर चौबेपुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बीकापुर गांव निवासी ऑटो चालक हरिकिशन राम (32) सोमवार की सुबह पर्वतपुर गांव के समीप रेलवे लाइन पार कर रहा था। उसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गया। 

बैक परीक्षा न होने से छात्र भड़के, आरोप- प्रश्नपत्र ही नहीं छपा
बीएचयू के बीवोक कोर्स में तीसरे साल की बैक परीक्षा का प्रश्नपत्र ही नहीं पहुंचा। सोमवार सुबह 9 बजे से परीक्षा शुरू होनी थी। दो छात्र पहुंचे, लेकिन परीक्षा शुरू ही नहीं हुई। छात्रों ने आरोप लगाया कि हॉल में अभी तक उनका प्रश्नपत्र नहीं आया। बाद में बताया गया है कि उनका पेपर ही नहीं छपा है। कला संकाय में छात्रों ने नारेबाजी की और मामला काफी बढ़ने लगा। ऐसे में कोर्स को-ऑर्डिनेटर की ओर से आगामी तिथि घोषित करने का आश्वासन दिया गया है। 

31 तक 16 जगह मेगा कैंप लगाएगा बीएसएनएल
शहर के 16 जगहों पर भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) मेगा कैंप लगाएगा। ये कैंप 31 मई तक चलेगा। इस दौरान ग्राहक नए सिम खरीद सकते हैं। अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। कैंप दुर्गाकुंड, यूपी कॉलेज, संस्कृत विश्वविद्यालय, काशी विद्यापीठ, सिगरा, गुरुबाग, लंका बीएचयू गेट, लहरतारा चौराहा, बीएलडब्ल्यू गेट, रामनगर किले समेत 16 जगहों पर लगेंगे। बीएसएनएल का लक्ष्य इस कैंप के माध्यम से ग्राहकों तक सीधी पहुंच बनाना और उनकी जरूरतों को पूरा करना है। 

बच्चों में मधुमेह नियंत्रण के लिए लगेगा शुगर बोर्ड
बच्चों में तेजी से बढ़ रहे टाइप 2 मधुमेह और अन्य समस्याओं को देख सीबीएसई के स्कूलों में शुगर बोर्ड लगाए जाएंगे। बच्चों को जंक फूड, कोल्ड ड्रिंक्स जैसे खाद्य उत्पादों का सेवन नहीं करने के लिए जागरूक किया जाएगा। सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय के उपायुक्त डॉ. अजय कुमार मिश्र ने बताया एक दशक में बच्चों में टाइप 2 मधुमेह के मामलों में वृद्धि देखी गई है। अध्ययन से पता चला है कि 4 से 10 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए प्रतिदिन की कैलोरी सेवन में चीनी का हिस्सा 13% है। 11 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए यह 15% है। 

व्यापारियों की अपील-2 गज की दूरी, मास्क जरूरी
क्षेत्रीय व्यापार मंडल की वर्चुअल बैठक में सोमवार को हुई। इसमें कोविड के बढ़ रहे मामलों पर व्यापारियों ने दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी का स्लोगन अपनाने की अपील की। कहा कि दुकानों पर आने वाले ग्राहकों को मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने को कहें। स्वच्छता को प्राथमिकता दें। बैठक में वरुणा क्षेत्र व्यापार मंडल के सोमनाथ विश्वकर्मा, फर्नीचर एंड फर्निशिंग व्यापार मंडल के अजय गुप्ता, महामंत्री रमेश यादव, मनोज जायसवाल, पंकज अग्रवाल, सुजीत गुप्ता आदि मौजूद रहे। 

रेलवे इंप्लाॅइज एसोसिएशन के अध्यक्ष बने गजेंद्र सिंह
रेल मजदूर भवन में ऑल इंडिया रिटायर्ड रेलवे इंप्लाॅइज एसोसिएशन का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को हुआ। एसपी श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मुख्य अतिथि तिलक राज कपूर ने पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। कार्यकारी अध्यक्ष गजेंद्र सिंह, महामंत्री हरिशंकर सिन्हा, उपाध्यक्ष आरसी पांडेय, संगठन मंत्री हरिराम यादव व यूएस गुप्ता, ऑडिटर रत्नेश श्रीवास्तव और कोषाध्यक्ष रामप्रवेश ने शपथ ली। कार्यकारिणी सदस्य अनिल श्रीवास्तव, जियालाल यादव, यूसी लाल, एमएन पांडेय, मोहम्मद फहीम चुने गए। धन्यवाद ज्ञापित शाखा सचिव विंध्यवासिनी यादव ने दिया। 

एनआर के नवागत डीआरएम ने सीएम से की मुलाकात
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के नवागत डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की। इस दौरान लखनऊ मंडल समेत कैंट स्टेशन पर चल रही प्रमुख रेल परियोजनाओं, बुनियादी ढांचे के विकास, यात्री सुविधाओं में सुधार, स्टेशनों के सुंदरीकरण और आगामी महत्वाकांक्षी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। डीआरएम ने मुख्यमंत्री को विभिन्न क्षेत्रों में रेल संपर्क को सुदृढ़ करने के लिए किए जा रहे प्रयासों व भविष्य की योजनाओं की भी जानकारी दी। 

आज से अनशन पर बैठेंगे कार्यवाहक प्रधानाध्यापक
पूर्व माध्यमिक विद्यालय नरायनपुर के कार्यवाहक प्रधानाध्यापक अजय कुमार पांडेय को वेतन भुगतान नहीं हो रहा है। इससे क्षुब्ध होकर शिक्षक ने अनशन करने का निर्णय लिया है। शिक्षक ने आरोप लगाया है कि विद्यालय प्रबंधक और वित्त एवं लेखाधिकारी की मिलीभगत से उसका वेतन जारी नहीं हो रहा है।

इस मामले में शिक्षक ने उच्चाधिकारियों से भी गुहार लगाई थी। मंडलीय सहायक शिक्षा अधिकारी ने वेतन भुगतान का निर्देश दिया था। इसके बावजूद जनवरी 2024 से वेतन का भुगतान नहीं हो रहा है। शिक्षक का कहना है कि इससे क्षुब्ध होकर मंगलवार को  वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के बाहर अनशन करने का निर्णय लिया है। 

शिक्षा निदेशक से मिले शिक्षक संघ के पदाधिकारी
माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व शिक्षक विधायक चेतनारायण सिंह के नेतृत्व में शिक्षा निदेशक माध्यमिक से मुलाकात की। शिक्षकों से कई लंबित मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्य रूप से एनपीएस राज्यांश को ब्याज सहित अपडेट करने और ओपीएस में शामिल शिक्षकों की जीपीएफ में धनराशि स्थानांतरित करने की मांग उठाई। संघ ने स्थानांतरण नीति को सर्वसुलभ बनाने और चयन व प्रोन्नत वेतनमान को ऑनलाइन करने का मुद्दा भी उठाया।अनिरुद्ध त्रिपाठी, राकेश सिंह, महेश शर्मा शामिल रहे। 

लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में शुरू हुई लैप्रोस्कोपिक सर्जरी
रामनगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में दूरबीन विधि से लैप्रोस्कोपिक सर्जरी शुरू हुई है। इसके लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सीएसआर फंड से मशीन उपलब्ध कराई है। सोमवार को डॉक्टर्स की टीम ने 20 वर्षीय युवती का पहला ऑपरेशन किया।

युवती के पित्त की थैली में पथरी थी। जिसे डॉक्टर्स की टीम ने ऑपरेशन के जरिये निकाल दिया। युवती के पिता असलम पेशे से मजदूर हैं। सर्जरी करने वाली टीम में डॉ. रिचि सिन्हा, डॉ. प्रेशक द्विवेदी और निश्चेतक डॉ. पीआर मिश्र शामिल रहे। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गिरीश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि लैप्रोस्कोपिक सर्जरी शुरू होने से मरीजों को अब सहूलियत होगी।

स्टेशनों पर चला सफाई अभियान
वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) अभिषेक राय के नेतृत्व में सोमवार को बनारस, वाराणसी सिटी समेत अन्य स्टेशनों पर सफाई एक्सप्रेस चली। सर्कुलेटिंग एरिया, पार्क, प्लेटफाॅर्म और सार्वजनिक स्थलों पर श्रमदान किया गया। सभी को सफाई के प्रति जागरूक किया गया। यात्रियों को एकल उपयोग प्लास्टिक के उपयोग बंद करने को कहा। विश्व पर्यावरण पखवाड़े के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। वृक्ष लगाओ-पर्यावरण बचाओ के तहत नुक्कड़ नाटक हुए। स्टेशनों पर चौपाल, पौधा वितरण, सामूहिक श्रमदान किया गया। 

निजीकरण के खिलाफ किया प्रदर्शन
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति उत्तर प्रदेश के आह्वान पर सोमवार भिखारीपुर स्थित प्रबंध निदेशक कार्यालय पर निजीकरण के खिलाफ बिजलीकर्मियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने बिजलीकर्मी वीरेंद्र सिंह के बिजली करंट से झुलसने और विभागीय उच्चाधिकारियों द्वारा उसकी सुध न लिए जाने रोष जताया। 

सभा को संबोधित करते हुए आरके वाही ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि निजी कंपनियों की लापरवाही और सुरक्षा उपकरणों के अभाव में बिजलीकर्मी दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, लेकिन उनकी पीड़ा जानने न तो ऊर्जा मंत्री पहुंचे और न ही कोई बड़ा अधिकारी पहुंचा। इंजीनियर मायाशंकर तिवारी ने कहा कि ऊर्जा मंत्री केवल निजी कंपनियों के हितों की रक्षा के लिए विभाग का निजीकरण करना चाहते हैं। अध्यक्षता मदन श्रीवास्तव ने की। संचालन अंकुर पांडेय ने किया। इस अवसर पर एसके सिंह, रवि चौरसिया आदि ने विचार रखे। 

निगेटिव फीडबैक देने वालों को कर रहे संतुष्ट
वीडीए की ओर से आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण करने वाले अधिकारियों की माॅनीटरिंग की जा रही है। इसके तहत निगेटिव फीडबैक आने पर दोबारा से समीक्षा की जा रही है। तीन बार फोन से बातचीत कर निगेटिव फीडबैक देने वालों को संतुष्ट किया जा रहा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्य के लिए वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने अपर सचिव परमानंद यादव को जिम्मेदारी दी है। जिनकी ओर से साप्ताहिक समीक्षा की जाती है। 

विमान से मुंबई भेजी गई मुजफ्फरपुर की लीची
मुंबई के लोग भी मुजफ्फरपुर की लीची का स्वाद चख सकेंगे। रविवार की रात मुजफ्फरनगर की शाही लीची की पहली खेप विमान से मुंबई भेजी गई। बुधवार के बाद फिर से लीची की खेप भेजी जाएगी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट स्थित स्पाइसजेट के कार्गो इंचार्ज दिवाकर मिश्रा ने बताया कि हम कोशिश कर रहे हैं कि ज्यादा से ज्यादा लीची भेजें। 

इस साल 100 टन लीची अपनी फ्लाइट्स से देश के अन्य शहरों में भेजेंगे, इसके अलावा बनारसी लंगड़ा आम भी विभिन्न शहरों में भेजा जाएगा। पिछले वर्ष मुजफ्फरपुर की लीची दुबई भेजी गई थी, लेकिन दुबई जाने वाले एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान में कार्गो की क्षमता कम थी। इससे दिक्कत हो रही है। इसे देखते हुए स्पाइस जेट ने घरेलू उड़ानों से स्थानीय उत्पाद को देश के अन्य हिस्सों में भेजने की पहल की है। 

श्री काशी विश्वनाथ धाम में शनि जयंती मनाई
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम प्रांगण में विराजमान शनि देव का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। अर्चक जितेंद्र गिरि ने शनि देव के मंत्रों के साथ तैलाभिषेक किया। नूतन वस्त्र धारण कराके भव्य शृंगार किया गया। 11 किलो मिष्ठान का भोग लगाकर आरती उतारी गई। भक्तों ने दर्शन कर शनि दोष शांति की कामना की। देर रात तक शनि भगवान के दर्शन के लिए मंदिर में भीड़ लगी रही। ब्यूरो

हनुमान मंदिर का स्थापना दिवस मनाया गया
सेवापुरी के बीरमपुर गांव स्थित हनुमान मंदिर की स्थापना का 24वां वार्षिक उत्सव सोमवार को धूमधाम से मनाया गया। भजन-कीर्तन के साथ अखंड रामायण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंगलवार को वृहद भंडारे का आयोजन किया गया है। इस दौरान शीतला प्रसाद सिंह, अरुण सिंह लालचन, छेदी, राम दुलार सिंह, विशाल, महेंद्र बिंद का सहयोग रहा। 

केदारतीर्थ में पिंडदान से तरेंगी 101 पीढि़यां
भौमवती अमावस्या पर कोई केदारकुंड पर श्राद्ध करे तो उसे गया में श्राद्ध करने की जरूरत नहीं है। पुराणों के अनुसार भौमवती अमावस्या पर मंगलवार को काशीपुरी के केदारतीर्थ स्नान करके पिंडदान करने से 101 पीढि़यां महासागर से तर जाती हैं। उदयातिथि के अनुसार ज्येष्ठ मंगलवार को अमावस्या रहेगी। इस दौरान गौरी केदारेश्वर की यात्रा निकाली जाएगी। 

काशीपुरी के केदारक्षेत्र में स्थित केदारतीर्थ और श्रीकेदारेश्वर महालिंग के बारे में माता पार्वती से देवाधिदेव महादेव कहते हैं कि हे महादेवी जो श्रद्धालु भक्ति भाव से केदारतीर्थ में स्नान करके मेरे केदारेश्वर महालिंग का दर्शन-पूजन करेगा, वो अन्यत्र भी मृत्यु प्राप्त करता है तो मैं उसे मोक्षलक्ष्मी का दान देता हूं। वैदिक विद्वान चंद्रशेखर द्राविड़ और पं. अजय शर्मा ने बताया कि भौमवती अमावस्या पर गौरी केदारेश्वर के दर्शन, तीर्थ स्नान और तर्पण का विधान है। 

आज मां जगदंबा फूल बंगले में विराजमान होंगी 
महालक्ष्मी सिद्धिदात्री जगदंबा अष्टादशभुजा का 25वां प्राकट्योत्सव मंगलवार को मनाया जाएगा। ककरमत्ता पटिया स्थित माता के मंदिर को फूल बंगले की तरह सजाया जाएगा। माता को 56 भोग लगाया जाएगा और श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण देर रात तक वितरित किया जाएगा।

इस अवसर पर नर्मदेश्वर शिवलिंग का पुष्पार्चना, शिवार्चना, रजत आरती के साथ विभिन्न श्लोकों से जगदंबा की स्तुति की जाएगी। माता का मनोहारी शृंगार सुधांशु महाराज छोटे गुरुजी करेंगे। शाम 7:30 बजे हरिहर कृपालु त्रिपाठी महाराज महाआरती करेंगे। इस अवसर पर हरिहर कृपालु त्रिपाठी महाराज के हाथों महाग्रंथ हरिहरात्मा कल्पद्रुम का लोकार्पण भी होगा। 

जवानों ने चलाया स्वच्छता अभियान
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत नमामि गंगे गंगा विचार मंच, जीआर गंगा टास्क फोर्स और मीरा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में राजघाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। लोगों को गंगा निर्मलीकरण अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। अभियान का नेतृत्व शिवम अग्रहरि व सूबेदार देवेंद्र बसनेट ने किया।

शिवम ने बताया कि गंगा सेवा कार्यों में सामाजिक संस्थाएं भी बढ़चढ़ कर भागीदारी कर रही हैं। मीरा फाउंडेशन की ओर से संस्था को हैंड ग्लव्स दिए गए। इस दौरान सूबेदार जगदीश चंद, जय विश्वकर्मा, शिवांगी पांडेय, दीपशिखा, अजय, दिवाकर प्रसाद आदि मौजूद रहे। 

अर्चना सिद्धू के सितार से सजी प्रभाती
सुबह-ए-बनारस प्रभाती में जबलपुर की कलाकार व पूर्व सीओएस आर्मी मध्य भारत मेजर जनरल एसपीएस सिद्धू की धर्मपत्नी अर्चना सिद्धू का सितार वादन हुआ। सितार वादन का आरंभ राग बिलास खानी तोड़ी में आलापचारी के साथ विलंबित तीनताल में निबद्ध रचना से हुआ। इसके बाद मध्य तीनताल में निबद्ध रचना बजाकर राग की कोमलता को अभिव्यक्त किया। समापन लोकप्रिय भजन वैष्णव जन तो तेने कहिए... से किया। पं. रमेश तिवारी ने कलाकार को प्रमाणपत्र दिया। 

शिविर में बच्चों को कराया गया योगाभ्यास
महामना मालवीय इंटर कॉलेज बच्छाव में ग्रीष्मकालीन शिविर लगाया गया है। इसमें छठे दिन छात्रों को योगाभ्यास कराया गया। शारीरिक शिक्षा के अध्यापक डॉ. जितेंद्र पटेल ने बताया कि मासिक शिविर में 700 खिलाड़ी अलग-अलग खेलों के अलावा कंप्यूटर की जानकारी भी ले रहे हैं। इसके साथ ही कंप्यूटर शिक्षक आशीष सिंह, शिव सिंह और प्रदीप सिंह ने कंप्यूटर की बेसिक जानकारी दी। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. चंद्रमणि सिंह, आजाद पटेल, सूरज कुमार मौजूद रहे। 

रोज होगा 60 टन दही का उत्पादन
रामनगर स्थित पराग डेयरी ने अपने परिसर में प्रतिदिन 60 मीट्रिक टन (एमटी) दही उत्पादन क्षमता वाली एक नई इकाई स्थापित की है। इस इकाई में छाछ, लस्सी और दही का उत्पादन होगा। पराग डेयरी के विपणन अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि इस अत्याधुनिक इकाई को उच्च गुणवत्ता वाले दही और उसके उप-उत्पादों के उत्पादन के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। गर्मी के कारण दूध की आवक 20 प्रतिशत कम होने से उत्पादन अभी कम है। पहले डेयरी में एक लाख 20 हजार लीटर दूध की आवक थी अभी घटकर 98 हजार लीटर तक पहुंच गई है। 

अनिल प्रदेश सचिव, संगीता बनीं महानगर अध्यक्ष
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप ने सुंदरपुर के अनिल पटेल को प्रकोष्ठ का प्रदेश सचिव मनोनीत किया। वहीं, महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने संगीता पटेल को महानगर अध्यक्ष मनोनीत किया। दोनों नेताओं को जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, महानगर अध्यक्ष दिलीप डे, योगेंद्र यादव, डा बहादुर यादव, रामजी यादव, पूजा यादव ने बधाई दी। 

10 फीसदी छूट पर मिलेगा धान का बीज
धान की खेती को बढ़ावा देने के लिए जया सीड फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन (एफपीओ) किसानों को उन्नत प्रजातियों के बीज 10 प्रतिशत छूट पर देगा। इसके बाद उत्पादित बीज 20 फीसदी ज्यादा मूल्य पर खरीदेगा। एफपीओ के निदेशक शार्दुल विक्रम चौधरी ने बताया कि नाटी मंसूरी, सरजू 52, कुबेर, वारंगल दामिनी, तेलंगाना सोना, वसुधा जैसी उन्नत प्रजाति के धान के बीज उत्पादन के लिए जिले के किसानों को 10 प्रतिशत छूट पर दिया जाएगा। 

चिकित्सकों-व्यापारियों को मिलेगी सहूलियत
शिवपुर में निजी बैंक की 35वीं शाखा का उद्घाटन अपर नगर आयुक्त सविता यादव और विनोद कुमा गुप्ता ने किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि डॉ. एके टंडन ने कहा कि यह शाखा इस क्षेत्र के चिकित्सकों, व्यापारियों और उद्यमियों के लिए काफी सुविधाजन साबित होगा। मौके पर बैंक के जोनल हेड दिग्विजय सिंह, रिजनल हेड अखिल मिश्रा, शाखा प्रबंधक अतुल सिंह, उप शाखा प्रबंधक श्रेयासी वत्स आदि रहीं।

चंद्र प्रकाश मंडल अध्यक्ष, धीरेंद्र बने उपाध्यक्ष
अखिल भारतीय मनीषी परिषद काशी महानगर इकाई की बैठक पांडेयपुर में हुई। इस दाैरान धीरेंद्र पाठक को महानगर उपाध्यक्ष, अभिषेक उपाध्याय महानगर महासचिव, शेषधर चौबे को सचिव और कृष्ण चंद्र तिवारी को संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया। चंद्र प्रकाश दुबे को मंडल अध्यक्ष मनोनीत किया गया। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विद्यासागर पांडेय ने कहा कि सनातन संस्कृति की रक्षा, वेद वेदांत और शास्त्रों के प्रणय से लेकर सारे शोध कार्य मनीषियों ने ही किए हैं। राष्ट्रीय महासचिव दिवाकर द्विवेदी, नीरज चौबे और कपिल नारायण पांडेय माैजूद रहे। 

पूर्व पार्षद ने गोलंबर की खुद मरम्मत की
नई सड़क चौराहे के क्षतिग्रस्त गोलंबर की पूर्व पार्षद शाहिद अली खां मुन्ना ने मरम्मत कराई। पूर्व पार्षद ने बताया कि ट्रक की टक्कर से गोलंबर क्षतिग्रस्त हो गया था। उन्होंने साथियों की मदद से पांच हजार रुपये जुटाएं और गोलंबर की मरम्मत कराई। उन्होंने खुद मरम्मत का काम किया। 

संविधान की सुरक्षा करना सबकी पहली जिम्मेदारी
बाबा साहब भारत के संविधान के प्रमुख वास्तुकार थे और उनका संविधान के बारे में गहरा और व्यापक दृष्टिकोण था। उन्होंने संविधान को एक सामाजिक न्याय और स्वतंत्रता का साधन माना, और इसे समाज के विकास और उत्थान के लिए एक मार्गदर्शक दस्तावेज के रूप में देखा। 

ये बातें कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने कहीं। वह सोमवार को कांग्रेस की ओर से अखरी स्थित शीतलेश्वर महादेव मंदिर में संविधान बचाओ सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज संविधान की सुरक्षा करना हम सबकी पहली जिम्मेदारी है क्योंकि भाजपा संविधान की दुश्मन है। 

राहुल गांधी लगातार संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि यह देश संविधान से चलेगा, आरएसएस के विधान से नहीं चलेगा। देश की वर्तमान सरकार जितना भी चाहे संविधान कभी मिट नहीं सकता है। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, राघवेंद्र प्रताप सिंह, भगवती चौधरी, पंकज सोनकर आदि रहे। 

18 पदों के लिए 31 प्रत्याशी मैदान में
काशी पत्रकार संघ और वाराणसी प्रेस क्लब के द्विवार्षिक चुनाव 2025-2027 के लिए 26 मई को नामांकन वापसी के बाद संघ के 18 पदों के लिए कुल 31 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। वहीं, वाराणसी प्रेस क्लब के चुनाव के लिए कुल 15 प्रत्याशी मैदान में हैं।

निर्वाचन अधिकारी कृष्णदेव नारायण राय के अनुसार संघ व क्लब के द्विवार्षिक चुनाव के लिए मतदान एक जून को पराड़कर स्मृति भवन में पूर्वाह्न नौ बजे से अपराह्न चार बजे तक होगा। मतगणना दूसरे दिन दो जून को पूर्वाह्न 11 बजे से होगी। मतगणना समाप्ति के पश्चात परिणाम की घोषणा की जाएगी। 

रानी अहिल्याबाई ने महिलाओं को उनके अधिकार दिए
अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर भाजपा महानगर की ओर से मंगलवार को गुलाब बाग स्थित कार्यालय पर प्रदर्शनी लगाई गई। उद्घाटन करते हुए महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि रानी अहिल्याबाई ने अपने शासनकाल में बेहतर न्यायिक प्रशासन, महिला सशक्तीकरण, विधवाओं को संपत्ति में अधिकार, महिलाओं को अपनी बात राज दरबार में निसंकोच कहने का अधिकार दिलाया। 

अहिल्याबाई के नेतृत्व में इंदौर एक समृद्ध व्यापारिक और सैनिक केंद्र बना। उन्होंने गोहद का युद्ध बिना किसी बाहरी सहायता के अपनी रणनीति के बल पर जीता। महेश्वर में महिलाओं की निजी सेना तैयार रखी जो किसी भी आपदा के समय सक्रिय रूप से कार्य करने में सक्षम थी। उनके समय एक कुशल डाक सेवा की स्थापना की गई जिससे प्रशासनिक कामकाज अधिक प्रभावी बना। 

इस दौरान कुसुम पटेल, प्रज्ञा  पांडेय, मंजू सिंह, जगदीश त्रिपाठी, अशोक यादव, मधुकर चित्रांश, अशोक जाटव, डॉ. रचना अग्रवाल आदि रहीं। उधर, राजातालाब में संगोष्ठी हुई। भदोही के पूर्व विधायक रवींद्र त्रिपाठी, एमएलसी धर्मेंद्र राय, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुजीत सिंह, हर्ष वर्धन सिंह ने विचारा रखे। 

1180.95 करोड़ निवेश कर 48 कंपनियों ने शुरू किया कारोबार
पिछले आठ सालों में उद्योग क्षेत्र में काशी में 1180.95 करोड़ के निवेश से 48 कंपनियां शुरू हुई हैं। जिला उद्योग प्रोत्साहन और उद्यमिता विकास केंद्र के सहायक आयुक्त विनोद वर्मा ने बताया कि ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में आए 1180.95 करोड़ के निवेश से 48 प्रोजेक्ट ऑपरेशनल हो चुके हैं। इससे लगभग 3472 लोगों को रोजगार मिल रहा है। 

उन्होंने बताया कि 5702.18 करोड़ के 48 प्रोजेक्ट जल्द ही शुरू होंगे, जिससे लगभग 12110 लोगों को रोजगार मिलेगा। वाराणसी में एफडीआई वाली कंपनियों का उद्घाटन हो चुका है। इसमें कई राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियां हैं। उन्होंने बताया कि होटल, हैंडलूम, पर्यटन, फैब्रिक्स, वेलनेस सेंटर, आईटी इंडस्ट्री, एजुकेशन समेत 25 क्षेत्रों की कंपनी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में शामिल हुई थी। इनमें से कुछ इकाइयां ऑपरेशनल हैं और कुछ इकाइयां जल्द ऑपरेशनल होंगी। 

शोध संस्थान में लटका ताला आवास की हालत खराब
मुंशी प्रेमचंद विरासत बचाओ संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने लमही स्थित प्रेमचंद स्मारक, पैतृक आवास शोध संस्थान और सरोवर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान प्रेमचंद शोध संस्थान में ताला लटक रहा था और लंबे समय से साहित्यिक गतिविधियां बंद होने की भी जानकारी मिली है। 

आवास की हालत खस्ता हो चुकी है। जगह-जगह दीमक चाट रहे हैं। आवास से पंखे, ट्यूबलाइट गायब हो चुके हैं। समिति के सदस्य जब प्रेमचंद सरोवर पहुंचे तो वहां की हालत बहुत खराब मिली। वहीं, ग्रामसभा की बंजर भूमि पर कब्जे की शिकायत भी मिली। 

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की है कि फसली नक्शा के आधार पर ग्राम सभा की भूमि का सीमांकन कर बंजर भूमि, प्रेमचंद स्मारक से अवैध कब्जा तत्काल हटवाया जाए। प्रतिनिधिमंडल में विजय नारायण, अनिल श्रीवास्तव, अब्दुल्लाह खान, चौधरी राजिंदर, तपन घोष, ईश्वर चंद्र पटेल, डॉ. जयशंकर जय, दुर्गा प्रसाद, चंदन विश्वकर्मा, केडी श्रीवास्तव शामिल रहे। 

5.56 करोड़ से शहर में होंगे कई काम
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने सोमवार को 5.56 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास किया। वार्ड संख्या 47 बिरदोपुर में 2 नए नलकूप, पेयजल पाइप लाइन का विस्तार, पीलीकोठी में गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन के शेड के निर्माण का शिलान्यास किया गया। बिरदोपुर वार्ड में कमच्छा बटुक भैरव मंदिर के पास 600 एलपीएम नलकूप और पेयजल पाइप लाइन के विस्तार कार्य का शिलान्यास किया गया। बिरदोपुर वार्ड के एकता पार्क के पास एक बड़ा नलकूप 2000 एचपीएम नलकूप और पेयजल पाइपलाइन विस्तार कार्य का शिलान्यास किया गया। 

सामान्य पासपोर्ट के लिए 24 दिन बाद स्लॉट
महमूरगंज स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में इन दिनों पासपोर्ट बनवाने वालों की भीड़ बढ़ गई है। तत्काल पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वालों को एक दिन बाद का स्लॉट मिल रहा है। सामान्य प्रक्रिया के तहत आवेदन करने वालों को 24 दिनों का इंतजार करना पड़ रहा है। पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से रोजाना 800 से अधिक लोग पासपोर्ट बनवाने पहुंच रहे हैं। इसके कारण कार्यालय के पास भीड़ भाड़ देखने को मिल रही है। 

39.3 डिग्री पारा, तेज धूप ने किया बेहाल
दिन में तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है। सोमवार को तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री नीचे 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री ज्यादा 28.2 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। हवा में नमी 74 फीसदी तक आ गई। पुरवा हवा 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चली। मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि अगले 4-5 दिन तक जिले में बादल होने के साथ ही बूंदाबांदी भी हो सकती है। वहीं अगले दो दिन तक तापमान 2-3 डिग्री तक बढ़ सकता है। 

विद्यापीठ में शोधार्थियों के बीच हुआ संवाद
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शोधार्थियों के बीच शोध संवाद हुआ। हिंदी और अन्य भारतीय भाषा विभाग में कविता की रचना प्रक्रिया और भाषा पर एक दिवसीय व्याख्यान में कवि प्रो. दिनेश कुशवाहा ने जानकारियां दीं। कहा कि कविता मनुष्यता के इतिहास का जीवंत दस्तावेज है। वह मनुष्य के जय-पराजय, हताशा-आकांक्षा और भविष्य का आख्यान है। संचालन प्रो. निरंजन सहाय और धन्यवाद प्रो. अनुराग कुमार ने किया। 

ऑटोमैटिक सिलाई मशीन से रोजगार का प्रशिक्षण
बीएचयू के समन्वित ग्रामीण विकास केंद्र में ऑटोमैटिक सिलाई मशीन की कार्यशाला लगाई गई। सामाजिक विज्ञान संकाय में सिंगर इंडिया लिमिटेड के विशेषज्ञों ने ट्रेंडिंग डिजाइन तैयार करने की कला सिखाई। समन्वित ग्रामीण विकास केंद्र के कोऑर्डिनेटर डॉ. आलोक कुमार पांडेय निदेशक ने बताया कि यहां पर महिला सशक्तिकरण की दिशा में 44 साल से काम किया जा रहा है। प्रोजेक्ट ऑफिसर डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि थोड़े प्रयास से काफी कुछ सीख सकते हैं। 

रिसर्च लिखने के टूल पर 7 दिन की कार्यशाला
बीएचयू के कृषि अर्थशास्त्र विभाग में सात दिन तक रिसर्च लिखने की टूल और तकनीक पर कार्यशाला होगी। 5 से 11 जून के बीच कार्यक्रम किया जाएगा। एक्सिजेंसियस यूथ फाउंडेशन के सहयोग से कार्यक्रम चलेगा। स्नातक और स्नातकोत्तर के छात्रों, शोध विद्वानों, संकाय सदस्यों और प्रोफेशनल के लिए उपयुक्त होगा। एकेडमिक लेखन की दक्षता में बढ़ोतरी होगी। नैतिक विचार और साहित्यिक चोरी की रोकथाम के साथ ही रिसर्च स्ट्रेटजी पर भी विश्वस्तरीय बातें होंगी।

आईटीआई के 40 विद्यार्थियों को मिला टैबलेट
गीता प्राइवेट आईटीआई खालिसपुर में सोमवार को प्रदेश सरकार की तरफ से 40 विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद सशक्तीकरण अभियान के तहत टैबलेट दिया गया। मुख्य अतिथि बीडीओ पिंडरा डॉ. छोटेलाल तिवारी, विशिष्ट अतिथि एडीओ एसटी कैलाश यादव रहे। टैबलेट मिलने पर छात्रों के चेहरे पर खुशी दिखी। इस दौरान संस्थान के प्रबंधक सरोज कुमार चौबे, नंदन चौबे, अजय भारती, जितेंद्र पटेल और मनीषा कुमारी उपस्थित रहीं। 

आईटीआई में कल कैंपस प्लेसमेंट
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में 28 मई को सुबह 9.30 बजे से कैंपस प्लेसमेंट होगा। इसमें दिल्ली की एक कंपनी शामिल होगी। मेले में 50 वैकेंसी है। कैंपस सेलेक्शन प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि 19 से 32 साल के पुरुष अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकते हैं। फिटर वालों की वरियता दी जाएगी। 16 से 23 हजार रुपये तक सैलरी दी जाएगी। कंपनी की ओर से साक्षात्कार के बाद चयन किया जाएगा। अभ्यर्थी संस्थान में पंजीकरण करवाकर भाग ले सकते हैं। 

अंग्रेजी विभाग में व्यक्तित्व विकास पर कार्यशाला
काशी विद्यापीठ के अंग्रेजी और अन्य विदेशी भाषा विभाग में व्यक्तित्व विकास और रोजगार कौशल पर कार्यशाला हुई। मुख्य अतिथि समीर भट्टाचार्य ने कहा कि ये किसी भी व्यक्ति की सफलता के लिए बेहद अनिवार्य है। अध्यक्षता अंग्रेजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. निशा सिंह ने की। 

विद्यापीठ में 27 मई को मिड टर्म परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में समाज कार्य में स्नातक के छठवें सेमेस्टर की मिड टर्म परीक्षा 27 मई को होगी।  राजाराम शास्त्री सभागार में सुबह 11 बजे से पहले छात्रों को पहुंचना होगा। अन्य विषयों की भी मिड टर्म परीक्षा की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। इसकी तारीख घोषित होने पर छात्रों को सहूलियत होती। 

बीएचयू केवी में दूसरी पाली का प्रवेश 11वीं कॉमर्स में 15 सीटों पर आवेदन
बीएचयू परिसर के केंद्रीय विद्यालय में दूसरी पाली का प्रवेश आज से शुरू हो रहा है। प्रक्रिया में 11वीं कॉमर्स में 15 सीटें खाली रह गईं हैं। ऐसे में जो पहले से केवी के छात्र नहीं रहे हैं अब उनके लिए से फिर से प्रवेश होगा। 

27 से 31 मई तक दोबारा प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो रही है। इच्छुक अभ्यर्थी https://bhuvaranasi.kvs.ac.in/ वेबसाइट से रजिस्ट्रेशन फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं।  इसे 27 से 31 मई के बीच सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक स्कूल काउंटर पर जमा करना होगा। प्रवेश की प्रक्रिया केंद्रीय विद्यालय संगठन की प्रवेश नियमावली के अनुसार होगी। चयनित अभ्यर्थियों की सूची 6 जून को शाम 4 बजे तक स्कूल के सूचना पट्ट और वेबसाइट पर फ्लैश कर दी जाएगी। 

मांगे गए ये प्रमाण पत्र : कक्षा 10 की मार्कशीट और निवास प्रमाणपत्र हर एक अभ्यर्थी के लिए अनिवार्य है। लागू होने की शर्त में जाति प्रमाणपत्र, माता-पिता का सेवा प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, दिव्यांगता प्रमाणपत्र, प्रतिभागिता प्रमाण पत्र, एनसीसी सर्टिफिकेट और स्काउट-गाइड प्रमाण पत्र देने होंगे। 
विज्ञापन

संस्कृत विवि में 9 जून से शुरू होगी दाखिले की प्रक्रिया

एनसीसी एवं एनएसएस की गतिविधियां 30 अक्तूबर से 10 नवंबर तक होंगी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में दाखिले की प्रक्रिया नौ जून से शुरू हो जाएगी। शास्त्री, आचार्य के प्रथम सेमेस्टर और संस्कृत प्रमाणपत्रीय पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए आवेदन नौ जून से ऑनलाइन कर दिए जाएंगे। 24 जून को आवेदन की अंतिम तिथि है। 

छात्रसंघ निर्वाचन प्रवेश प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 15 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच दीक्षांत समारोह होगा। सोमवार को विश्वविद्यालय की ओर से सत्र 2025-26 के शैक्षणिक कैलेंडर के जरिये जानकारी मिली। कुलसचिव राकेश कुमार के अनुसार, 15 जुलाई को शास्त्री व आचार्य के प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की सूची प्रकाशित हो जाएगी। 16 से 20 जुलाई तक काउंसिलिंग की तिथि निर्धारित की गई है। एनसीसी एवं एनएसएस की गतिविधियां 30 अक्तूबर से 10 नवंबर तक होंगी। 

खेलकूद प्रतियोगिताएं 25 से 30 नवंबर तक होंगी। शास्त्री व आचार्य के तृतीय सेमेस्टर परीक्षाएं छह से 21 दिसंबर तक होंगी। परीक्षा फल का प्रकाशन 10 जनवरी को होगा। शास्त्री व आचार्य के द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर की कक्षाएं 22 दिसंबर से शुरू होंगी। नियमित कक्षाओं का समापन 25 अप्रैल 2026 को होगा। वार्षिक परीक्षाएं एक मई से 15 मई 2026, ग्रीष्मावकाश 16 मई से 30 जून और परीक्षा फल प्रकाशन 30 जून 2026 को होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें