सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के देवकली गांव के पास मंगलवार सुबह एक कमरे में सुरवा, बड़ागांव निवासी सब्जी व्यापारी प्रिंस मौर्य (30) का शव मिलने से सनसनी फैल गई। थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 8 बजे पुलिस टीम को सूचना मिली कि देवकली गांव के समीप एक कमरे में 30 वर्षीय युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलने पर पहुंची मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान वाराणसी के बड़ागांव के सुरवा गांव निवासी प्रिंस मौर्य के रूप में हुई। आसपास के लोगों ने बताया कि प्रिंस मौर्य सब्जी का कारोबार करते थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इलाज कराने गए छात्र को बाउंसर ने पीटा, वीडियो वायरल
बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में शनिवार को छात्र अमय कुमार की बाउंसरों ने पिटाई कर दी। अमय ने पुलिस को बताया कि वह 11 नवंबर को उपचार के लिए गैस्ट्रो ओपीडी की विभाग में पहुंचा। अस्पताल में तैनात एक सुरक्षा गार्ड ने बिना किसी कारण उसे रोक लिया और सार्वजनिक रूप से अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि गार्ड ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए हमला किया और अन्य सुरक्षा कर्मियों को बुलाकर पिटाई की। सूचना पर पहुंचे साथी को भी चोटें आईं। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
कॉल सेंटर संचालकों को थाने में देने होंगे कर्मचारियों के मोबाइल नंबर
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार शाम साइबर अपराध की समीक्षा की। कैंप कार्यालय पर बैठक में पुलिस आयुक्त ने साइबर अपराधों की रोकथाम, कॉल सेंटर संचालन व म्यूल अकाउंट से संबंधित दिशा-निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने निर्देशित किया कि जिले के सभी कॉल सेंटरों को अपनी जानकारी थाने में देनी होगी, जिसमें सेंटर का पता, संचालक और कर्मचारियों के नाम, संपर्क विवरण, कार्य का उद्देश्य व टेलीफोन नंबरों की सूची शामिल हो। संबंधित थाने द्वारा इन नंबरों की समय-समय पर साइबर क्राइम पोर्टल से जांच की जाएगी। अगर किसी नंबर के खिलाफ फ्रॉड की शिकायत पाई जाती है तो तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिन विक्रेताओं ने फर्जी सिम बेचे हैं और उनका उपयोग साइबर ठगी में हुआ है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना स्तर की साइबर टीमें ठगी में उपयोग बैंक खातों की पहचान कर उनका डेटाबेस तैयार करें। ऐसे खातों को फ्रीज कराएं और खाता धारकों की केवाईसी, ट्रांजेक्शन डिटेल और लिंक्ड खातों की जांच करें। दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करें।
दशाश्वमेघ घाट पर डूब रही दो महिलाओं को बचाया
दशाश्वमेघ घाट पर जल पुलिस चौकी के सामने मंगलवार को गंगा में स्नान के दौरान लीला देवी और सुशीला देवी को नाविकों ने डूबने से बचाया। लीला और सुशीला राजस्थान की रहने वाली हैं। दोनों एक ही परिवार की हैं। ब्यूरो
सड़क हादसे में घायल बाइक सवार की उपचार के दौरान मौत
करसड़ा में चार दिन पहले सड़क हादसे में घायल अनुप कुमार मौर्य (35) की उपचार के दौरान मंगलवार को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मिर्जापुर के अदलपुरा सुल्तानपुर निवासी अनूप कुमार मौर्य, गांव के शैलेश कुमार के साथ बाइक से मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर जा रहा था। करसड़ा में विपरीत दिशा से आ रही कार ने टक्कर मार दी थी, जिससे अनूप और शैलेंद्र घायल हो गए। अनूप के सिर में चोट के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अनूप की मौत पर पिता सुरेश, मां मनोरमा देवी और पत्नी जूही मौर्य का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
इसे भी पढ़ें; दालमंडी चौड़ीकरण: वीडीए की चेतावनी... मकान का नक्शा नहीं तो ध्वस्तीकरण , काशी नरेश की आठ दुकानों पर लाल निशान
अमेरिका की महिला पर्यटक की तबीयत बिगड़ी, सीएचसी में हुआ इलाज
सारनाथ घूमने आई अमेरिका की महिला पर्यटक और स्टाफ नर्स की मंगलवार दोपहर तबीयत बिगड़ गई। साथ आए गाइड ने महिला को सारनाथ शहरी सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) में भर्ती करवाया। दो घंटे तक प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिला को डिस्चार्ज कर दिया। अमेरिका की महिला पर्यटक तेनजिन (45) सारनाथ के पुरा अवशेषों को देखने आई थी। अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। सीएचसी अधीक्षक भरत भूषण शुक्ला ने बताया कि महिला को पेट में दर्द, उल्टी व दस्त हो रहे थे। इलाज के बाद उसे छोड़ दिया गया।
कोच और महिला खिलाड़ी में फीस के लिए नोकझोंंक
बड़ालालपुर स्टेडियम में मंगलवार को फीस कार्ड को लेकर कोच और महिला खिलाड़ी के बीच नोकझोंक हो गई। आरोप है कि कोच ने खिलाड़ी का कॉलर पकड़ कर उसे बाहर कर दिया। कोच के खिलाफ दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए महिला खिलाड़ी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। आरएसओ विमला सिंह ने बताया कि खिलाड़ी फीस जमा नहीं करती है। आखिरी बार मई में किया था। इसी बात को लेकर उसे टोका गया था। कार्यवाहक थाना प्रभारी अशोक सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में सुलह समझौता हो गया है।
छात्र के साथ मारपीट के आरोप में केस
भेलूपुर थाना क्षेत्र के कबीर नगर में स्काई ट्यूटोरियल के पास नीट की तैयारी करने वाले अर्जुन प्रताप सिंह की मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। सोमवार रात पीड़ित ने भेलूपुर थाने में केस दर्ज कराया। मूलरूप से बहारियाबाद, गाजीपुर और हाल पता साकेत नगर दुर्गाकुंड निवासी अर्जुन ने पुलिस को बताया कि लक्ष्य ठाकुर निवासी ब्रह्मानंद कॉलोनी, हर्ष मिश्रा सहित अज्ञात ने पिटाई की है। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।
चोरी की दवाओं और नकदी के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
आशापुर फ्लाईओवर के नीचे रेलवे क्रॉसिंग के पास से पुलिस ने मंगलवार को चोरी के दो आरोपियों अमन यादव और अभिषेक विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया। दोनों सारनाथ के रहने वाले हैं। उनके पास से नौ हजार रुपये नकद और चोरी की दवाएं बरामद हुईं। थानाध्यक्ष शिवानंद सिसौदिया ने बताया कि दोनों ने 10 नवंबर की रात आशापुर बाजार में एक दवा की दुकान में चोरी की थी।
सब्जी मंडी में खड़ी बाइक में लगी आग
कपसेठी थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी में मंगलवार सुबह 7 बजे खड़ी बाइक में आग लग गई। श्याम लाल गुप्ता ने अपनी बाइक सब्जी मंडी के पास खड़ी की थी। अचानक उसमें स्पार्क हुआ और बाइक जलने लगी। लोगों ने पानी फेंक कर आग पर काबू पाया। थानाध्यक्ष सधुवन राम गौतम ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी।
जुए का विरोध करने पर युवक पर ब्लेड से हमला
कोतवाली थाना क्षेत्र के सप्तसागर और भूत भैरव मंदिर के पीछे गली में लॉटरी के अवैध संचालन का विरोध करने पर एक युवक पर ब्लेड से हमला किया गया। पीड़ित नखास निवासी रितिक यादव ने सप्तसागर निवासी बच्चू यादव और उसके साथियों पर कोतवाली थाने में सोमवार रात केस दर्ज कराया। रितिक ने पुलिस को बताया कि बच्चू जुए का संचालन करता है। उसने बाहरी लोगों को भी शामिल किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उस पर ब्लेड से हमला किया गया। इंस्पेक्टर दया शंकर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
दुकानदार की पिटाई करने वालों पर केस
भेलूपुर थाना क्षेत्र के अस्सी घाट के पास दुकानदार सीर गोवर्धन निवासी राहुल यादव की आरोपियों ने पिटाई कर दी। सोमवार रात राहुल की तहरीर पर मठठा और युवराज सिंह पर मारपीट समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया। राहुल ने पुलिस को बताया कि 9 नवंबर को मठठा ने कॉल कर युवराज सिंह की दुकान पर बुलाया। वहां हाथ में पहने कड़े से चेहरे पर वार कर घायल कर दिया। साथ ही ईंट से हमला किया। थाना प्रभारी ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
युवती को नकाबपोश लेकर भागा, केस दर्ज
चोलापुर थाना क्षेत्र के उदयपुर निवासी एक युवती को भगाने के मामले में परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर केस दर्ज कराया। परिजन ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी सोमवार सुबह छोटी बहन के साथ टहलने निकली थी। रिंग रोड पहुंचने पर वह अचानक छोटी बहन का हाथ छुड़ाकर नकाबपोश युवक के साथ चली गई। पहले भी फरीदपुर, सारनाथ निवासी सूरज उसे बहला-फुसला ले गया था। परिजनों को संदेह है कि इस बार भी वही उसे लेकर गया है। इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
सुरक्षित लॉकर का नया डिस्प्ले मंडुवाडीह में लगाया गया
टियर-2 शहरों की तर्ज पर सुरक्षित डिजिटल लॉकर का नया डिस्प्ले शिवदासपुर के मंडुवाडीह पेट्रोल पंप के पास मंगलवार को लगाया गया। विषद मिश्रा ने कहा कि यहां मजबूत रूम सॉल्यूशंस, इलेक्ट्रॉनिक और मैकेनिकल लॉकिंग सिस्टम्स भी प्रदर्शित किए गए हैं, जो उच्च सुरक्षा वाले वातावरण के लिए ठीक हैं। इसकी मदद से सही सिक्योरिटी सॉल्यूशन का चयन कर सकेंगे।
जमीन देखने गए दो युवकों की पिटाई
थाना क्षेत्र के सिंहवार कमौली में शनिवार शाम जमीन देखने गए दो युवकों की पिटाई की गई। कमौली निवासी राजेंद्र यादव ने पुलिस को बताया कि मित्र उदय प्रताप यादव के साथ 10 नवंबर की शाम जमीन देखने ग थे। सिंहवार निवासी अमरजीत यादव ने लाठी से हमला कर दिया। जिसमें दोनों घायल हो गए। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
निर्माण कार्य हुआ नहीं और 73 हजार खर्च, केस
चौबेपुर थाना क्षेत्र के खेतलपुर गांव में आरसीसी के निर्माण कार्य में 73,404 रुपये के गबन मामले में ग्राम पंचायत सचिव शिवम शरण सोनकर और प्रधान सुनील कुमार यादव पर सोमवार रात केस दर्ज किया गया। निर्माण कार्य हुआ ही नहीं और रकम खर्च कर दी गई। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि सहायक विकास अधिकारी पंचायत कमलेश कुमार सिंह की तहरीर पर प्रधान और सचिव के खिलाफ गबन समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया है।
शादी तुड़वाने के लिए वायरल की फोटो, भाई ने दर्ज कराया केस
आदमपुर थाना क्षेत्र के ओमकारेश्वर निवासी एक युवक ने अपनी बहन को सोशल मीडिया पर बदनाम करने और शादी तुड़वाने की धमकी देने के मामले में चंदौली निवासी आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। ओंकारेश्वर निवासी पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बहन का डेडावल सकलडीहा निवासी सतीश प्रजापति से संपर्क था। बाद में दोनों का संबंध खत्म हो गया। इस बीच परिवार ने बहन की शादी तय कर दी। सतीश को पता चला तो उसने फेसबुक व इंस्टाग्राम पर बहन की पुरानी तस्वीरें अपलोड कर दीं। आरोपी धमकी दे रहा है कि वह बहन की शादी नहीं होने देगा। आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि मामला सोशल मीडिया उत्पीड़न और साइबर अपराध से जुड़ा है। केस दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है।
मदरसे से निकला 15 वर्षीय छात्र लापता, दो दिन से नहीं मिला सुराग
जैतपुरा थाना क्षेत्र के कमलगढ़हा के जामिया अरबिया मतलउल उलूम मदरसा में पढ़ने वाला 15 साल का छात्र जुनैद 9 नवंबर की शाम से लापता है। प्रिंसिपल नसीमुल्लाह ने पुलिस को बताया कि मिर्जापुर के पटवा टोला (अहरौरा) निवासी जुनैद हिफ्ज की पढ़ाई करता है। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि छात्र की गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश कर दी गई है।
नक्शे से संबंधित समस्या पर तुरंत दें सूचना
वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा की अध्यक्षता में मंगलवार को 2024-25 और 2025-26 में स्वीकृत होटलों के मानचित्र के संबंध में बैठक हुई। वीडीए वीसी ने होटले संचालकों से कहा कि निर्माण कार्यों से संबंधित किसी प्रकार की विधिक या तकनीकी समस्या पर तत्काल प्राधिकरण को सूचना दी जाए, ताकि उन्हें शीघ्र और प्राथमिकता के साथ निस्तारित किया जा सके। वीडीए वीसी ने बताया कि वाराणसी में होटल परियोजनाओं की प्रगति शहर की आर्थिक और पर्यटन गतिविधियों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
5600 पद समाप्त करने के विरोध में उतरे कर्मचारी
बिजली निगम में रिस्ट्रक्चरिंग के नाम पर लेसा (लखनऊ इलेक्टि्रसिटी सप्लाई एडमिनिसिस्ट्रेशन) से 5600 लोगों को निकाले जाने के विरोध में बिजलीकर्मियों ने प्रदर्शन किया है। मंडुवाडीह, कज्जाकपुरा, लेढूपुर ,पहड़िया,चौकाघाट, चिरईगांव बिजली कार्यालयो पर प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के मीडिया सचिव अंकुर पांडेय ने बताया कि बुधवार को इमलियाघाट के बिजली कर्मियों को जागरूक किया जाएगा। बिजलीकर्मी उपभोक्ताओं और किसानों के हितों के प्रति जागरूक हैं और सुधार के लिए सदैव तैयार हैं।