फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: इमामबाड़े के दस्तावेजों की हो रही जांच, डिजिटल अरेस्ट कर 80 हजार रुपये कराए ट्रांसफर

Tue, 26 Aug 2025 05:56 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: इमामबाड़े का सिटी मजिस्ट्रेट ने निरीक्षण किया था। इसके बाद तहसील में इसके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। वहीं, साइबर जालसाजों ने युवक को डिजिटल अरेस्ट के जरिए 80 हजार रुपये ट्रांसफर कराए। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: दुर्गाकुंड पुलिस चौकी के पीछे 240 वर्ग मीटर सरकारी जमीन पर बने इमामबाड़े के दस्तावेजों की जांच तहसील सदर में चल रही है। एक दिन पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट रविशंकर सिंह ने यहां जनाना कुआं और अन्य चीजों का निरीक्षण किया था। इसके आधार पर तहसील के पुराने रिकार्ड से मिलान किया जा रहा है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

विज्ञापन


सोमवार को लोगों की आवाजाही लगी रही। तहसील के लेखपाल जमीन से जुड़े पुराने दस्तावेज भी खंगाल रही है ताकि कानूनी अड़चन न आने पाए। राजस्व से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि यह जमीन सरकारी अभिलेख में नगर निगम की है। पास में जोनल कार्यालय है। 

नगर निगम की ओर से लगातार अभियान चलाकर सरकारी जमीनों को कब्जे में लिया जा रहा है। निगम अपना बोर्ड भी लगा रही है। जल्द ही बेदखली की कार्रवाई होगी। एडीएम सिटी आलोक वर्मा के निर्देश के बाद इमामबाड़े से जुड़े लोगों को मौका दिया गया है। दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

विज्ञापन

बाइक एजेंसी में चोरी, चोरों ने हथौड़ी से तोड़े पांच सीसीटीवी कैमरे
जैतपुरा थाना क्षेत्र के बकरिया कुंड (अलईपुरा) रोड स्थित टीवीएस बाइक शोरूम में रविवार की रात चोरी हो गई। छत के रास्ते घुसे चोरों ने आलमारी 42,500 नकदी समेत एक मोबाइल फोन पर हाथ साफ किया। सोमवार की सुबह पहुंचे शोरूम मालिक ने जैतपुरा थाने में तहरीर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की है।

चेतगंज थाना क्षेत्र के नाटी इमली निवासी एजेंसी संचालक मनीष जायसवाल ने पुलिस को बताया कि चोर छत तोड़ कर अंदर घुसे और शोरूम में लगे पांच सीसीटीवी कैमरों को हथौड़े से क्षतिग्रस्त कर दिया। अलमारी तोड़कर उसमें रखी 42,500 नकद और एक मोबाइल फोन चोरी किए। फर्नीचर को भी तोड़ दिया। 

शोरूम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक चोर छत के रास्ते एजेंसी के छत पर चढ़ते और उसका एक साथी बाहर निगरानी करते हुए नजर आ रहा है। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि एजेंसी संचालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसी फुटेज में नजर आ रहे युवकों की पहचान की जा रही है।

डिजिटल अरेस्ट के जरिए खाते से 80 हजार रुपये कराए ट्रांसफर
साइबर जालसाजों ने मनी लांड्रिंग केस की धमकी देकर युवक को डिजिटल अरेस्ट के जरिए 80 हजार रुपये ट्रांसफर कराए। पीड़ित ने रविवार की रात लंका थाने में साइबर जालसाजी का केस दर्ज कराया।

लंका थाना क्षेत्र के सीरगोवर्धनपुर निवासी तेज बहादुर ने पुलिस को बताया कि एक अगस्त की सुबह 9.30 बजे मोबाइल पर फोन आया और केनरा बैंक में मनी लांडि्रंग का पैसा जमा होने की बात कहते हुए धमकी दी। बाद में सहयोग की बात कहते हुए व्हाट्सएप कॉल करके सीबीआई व सुप्रीम कोर्ट लिखा दस्तावेज भेजा और बैंक खाते की जांच करने की बात कही। 

इस बीच डराते हुए 80 हजार रुपये ले लिए। यह पैसा यूपीआई के माध्यम से हेमंत राठौड़ नामक व्यक्ति को गया। 3 घंटे तक जांच के नाम पर जालसाज परेशान किए। शिकायत पर 25 दिन बाद केस दर्ज किया गया।

1.27 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी, केस दर्ज
युवक के बैंक खाते से बिना डेबिट कार्ड और बिना किसी ओटीपी के 1.88 लाख रुपये निकल गए। पीड़ित ने रविवार को थाने में साइबर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया। थाना क्षेत्र के इन्दरखापुर निवासी रितेश गिरी ने पुलिस को बताया कि एसबीआई खाते से 114001 और आईसीआईसीआई बैंक खाते से 13992 रुपये 15 अगस्त को निकाला गया। इसकी जानकारी मोबाइल पर मैसेज आने के बाद हुई। न तो कोई ऑनलाइन खरीदारी की और न ही किसी से बैंक संबंधी विवरण साझा की। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। 

मोटर बोट बनाने के नाम पर 3.80 लाख रुपये की धोखाधड़ी, केस दर्ज
मोटरबोट बनाने के नाम पर 3.80 लाख रुपये की धोखाधड़ी मामले में रविवार की रात भेलूपुर थाने में दो भाईयों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवाला निवासी सोनू कुमार और कुंदन कुमार ने पुलिस को बताया कि मोटरबोट बनाने के लिए सारनाथ के सराय मोहना निवासी सतन कुमार और रतन कुमार को वर्ष 2024 में 3 लाख 80 हजार रुपये दिए थे।

6.40 लाख में सौदा तय हुआ था। 3.80 लाख रुपये लेने के बाद आरोपियों ने मोटर बोट बनाने का काम नहीं शुरू किए। जबकि तीन माह में ही मोटरबोट हैंडओवर करना था। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर दोनों भाईयों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

शिक्षक पति पर दर्ज कराया मारपीट का केस
भदोही में शिक्षक पति सूर्यनाथ खरवार के खिलाफ पत्नी ने रविवार को लंका थाने में मारपीट समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया। लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट निवासी वर्षा कुमारी ने पुलिस को बताया कि पति सूर्यनाथ खरवार ने शनिवार को बेरहमी से मारा पीटा। जान से मारने की धमकी दी है। इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि पति के खिलाफ मारपीट मामले में केस दर्ज किया गया है।

भतीजी के साथ मारपीट में चार पर केस दर्ज
भतीजी के संग मारपीट मामले में भेलूपुर पुलिस ने रविवार को चार के खिलाफ केस दर्ज किया है। भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज तुलसीपुर मोतीझील निवासी झूलेलाल सोनकर ने पुलिस को बताया कि क्षेत्र के रहने वाले बीरू यादव, बजरंगी यादव, विक्की यादव, सरोज यादव ने शनिवार की रात 10 बजे भतीजी से गाली गलौज और मारपीट की। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। 

भारी वाहन से दबकर दो पशुओं की मौत
राजातालाब बाजार में सोमवार की रात भारी वाहन की चपेट में आने से दो पशुओं की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई और कहा कि रात में नो एंट्री खुलने के पहले यहां पर बड़े वाहनों का जमावड़ा लग जाता है। तेज गति से वाहनों को आगे निकालने की होड़ में पशुओं को रौंद दिया जाता है। नो एंट्री के पहले बड़े वाहन रात में आते हैं और दो से तीन लाइन लगाकर वाहन खड़े होते हैं। लोगों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

अतिक्रमण और रास्ता जाम करने वालों पर करें कार्रवाई
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार की दोपहर लंका का निरीक्षण किया। रविदास चौराहे से लंका मालवीय चौराहे तक पैदल गश्त किया। इस दौरान अतिक्रमण किसी भी दशा में नहीं होने का निर्देश दिए। सड़क किनारे पटरी पर लगी अस्थायी दुकानों को हटवाने और रास्ता जाम का कारण बनने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिए। 

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार, इंस्पेक्टर राजकुमार समेत फोर्स के संग लंका स्थित शिवम कांप्लेक्स के सामने से सड़क खराब होने और जलभराव पर नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से पत्राचार के लिए कहा। 

अपराध नियंत्रण और कार्रवाई के लिए दिए निर्देश
अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी. समेत अन्य अधिकारियों संग बैठक की। लूट, नकबजनी, चोरी, हत्या व अन्य एसआर केस के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। सीएम डैशबोर्ड, जनसुनवाई की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। हिस्ट्रीशीटरों, गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के आरोपियों की गतिविधियों की निगरानी करें। 

बारिश में कच्चा मकान गिरा, बाइक क्षतिग्रस्त
शिवपुर थाना क्षेत्र के सरसवा गांव में सोमवार की दोपहर 12 बजे बारिश के दौरान कच्चा मकान ढह गया। मलबे से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। कोई घायल नहीं हुआ। पीड़ित राजीव रंजन श्रीवास्तव उर्फ राजन श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि मकान का मलबा पड़ोस में दीवाकर विश्वकर्मा के दरवाजे पर गिर गया। इससे खड़ी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की है। 

फूलपुर थाने का किया निरीक्षण
पुलिस उपायुक्त गोमती आकाश पटेल ने सोमवार को फूलपुर थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर की साफ-सफाई, शस्त्रों के रखरखाव की स्थिति को जाना। लावारिस वाहनों व मालों के निस्तारण पर जोर दिया। रजिस्टरों, अभिलेखों को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिए। निरीक्षण बाद डीसीपी आकाश पटेल ने फूलपुर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। 

चिकित्सक का एक लाख नकदी और मोबाइल चोरी
कैंट थाना क्षेत्र में चिकित्सक डॉ. श्रीप्रकाश सिंह का एक लाख नकदी और मोबाइल चोरी हो गया। कैंट पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ सोमवार को केस दर्ज किया। पीड़ित डॉ. श्रीप्रकाश सिंह ने पुलिस को बताया कि वह आयुष विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। शिवपुर स्थित डी-6 गुरु कृपा अपार्टमेंट में रहते हैं। 20 अगस्त की शाम 4 बजे इंडियन बैंक भोजूबीर शाखा से दो लाख रुपये निकाले। 

इसमें से एक लाख रुपये उन्होंने रिश्तेदार को देने के लिए स्टेट बैंक मुख्य शाखा, कचहरी परिसर में जमा कराने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी कारणों से लेन-देन संभव नहीं हो सका। इसके बाद वह रकम लेकर अपने परिचित दीपक कुमार गुप्ता की दुकान पहुंचे। वहीं दुकान पर बैठे रहने के दौरान एक अज्ञात युवक बातचीत में उलझाकर नकदी से भरा बैग लेकर भाग निकला। बैग में एक लाख रुपए नकद और मोबाइल फोन था। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सीसी कैमरे के जरिए आरोपी की पहचान कराई जा रही है। 

पति समेत छह पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
विवाहिता ने पति समेत छह के खिलाफ सोमवार को कैंट थाने में दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया। पीड़िता नाजिया उस्मान ने पुलिस को बताया कि पति मोहम्मद फैसल, सास नसरीन, ससुर जीनुस, जेठ दानिश, बुआ नूरजहां और मामा ससुर रफीकुद्दीन दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हैं। ससुराल पक्ष से तलाक की धमकी दी जा रही है। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। 

मकान से नकदी और आभूषण चोरी
थाना क्षेत्र के गिलट बाजार में रविवार की रात चोरों ने विजय जायसवाल के मकान को निशाना बनाया। आभूषण और नकदी चोरी हुई है। सोमवार को पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है। पीड़ित विजय जायसवाल की पत्नी मुन्नी जायसवाल ने पुलिस को बताया कि छह हजार नकदी और आभूषण चोरी हुए हैं। पति मजदूरी करते हैं। मकान के ऊपर किरायेदार रहते हैं। बड़ी मुश्किल से बेटे की शादी के लिए आभूषण बनवाए थे, जो चोरी हो गए। शिवपुर इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा ने बताया की सीसी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। 

आरपीएफ ने तीन पर दर्ज किया मुकदमा
कैंट रेलवे स्टेशन पर सोमवार को रेलवे सुरक्षा बल एवं डॉग स्क्वॉड ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफाॅर्म और टिकट घर की सघन चेकिंग की गई। अभियान में नो पार्किंग करने एवं अवैध वेंडिंग पर 3 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरपीएफ थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि 3 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी कैमरे से लगातार निगरानी कर कार्रवाई की जा रही है।

कैंट आरपीएफ को मिला अपना बैरिकेड
कैंट रेलवे स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल को पहली बार बैरिकेड दिया गया है। अभी तक आरपीएफ बैरिकेड बनारस रेल कारखाना या सिविल पुलिस से मांगकर भीड़ और ट्रैफिक को कंट्रोल करती थी। वहीं इनमें से कुछ बैरिकेड इंजीनियरिंग विभाग ले लेता था, जिसकी वजह से परेशानी होती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए 80 बैरिकेड मिले हैं। स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि महाकुंभ के दौरान यात्रियों के उमड़े जन सैलाब को देखते हुए भी नए बैरिकेड की आवश्कता पड़ी थी। इसके बाद 13 लाख रुपये के 80 बैरिकेड मिले।

झूलेलाल साईं की निकली चालिया शोभायात्रा
पूज्य झूलेलाल भक्त सेवा समिति की ओर से भगवान झूलेलाल का चालिया महा महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। 40 दिनों तक भगवान झूलेलाल की नित्य जोत जलाकर भजन कीर्तन हुआ। भगवान को सिंधी व्यंजनों का भोग लगाया गया। चालिया महोत्सव के समापन के अवसर पर भव्य शोभा यात्रा लक्सा स्थित झूलेलाल मंदिर से राजेंद्र प्रसाद घाट तक निकाली गई।

शोभा यात्रा का स्वागत जगह-जगह विभिन्न संगठन के लोगों ने किया। दशाश्वमेध व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुरेश तुलस्यान, सचिव दीपक वासवानी ने सदस्यों के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे जो रास्ते भर भजन कीर्तन करते हुए चल रहे थे। घाट पहुंचने पर पर भगवान झूलेलाल के छायाचित्र की भव्य आरती की गई एवं मां गंगा का पूजन किया गया। चालिया महोत्सव में अनिल शर्मा, जय प्रकाश बलानी, सतीश छाबड़ा, गोपाल सचदेवा, शशि छाबड़ा, सुशीला खत्री, मुस्कान शर्मा, हिमांशु चंदानी, मोनिका अठवानी ने सहयोग दिया।

वेंडरों को मिलेगा क्यूआर कोड वाला पहचान पत्र
कैंट रेलवे स्टेशन पर भी अब वेंडरों को नए डिजाइन, तकनीक और क्यूआर कोड वाले पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। इसके लिए सोमवार को रेलवे बोर्ड तथा मंडल कार्यालय के आदेश पर कार्य शुरू हो गया है। नया पहचान पत्र स्टैंडर्ड फॉर्मेट में है जिसे विभिन्न इकाईयों के संचालकों द्वारा अपने कर्मचारियों के लिए बनवाया जाएगा। नए पहचान पत्रों में फोटो का आकार बढ़ाया गया है। सभी जानकारी कार्ड पर छपे क्यूआर कोड में होगी जिसे स्कैन कर के आसानी से देखा जा सकता है।

कराटे प्रतियोगिता में खेलने में काशी के सात खिलाड़ी नेपाल रवाना
अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता नेपाल 26 से 28 अगस्त के बीच होगी। इस प्रतियोगिता के लिए वाराणसी के सात खिलाड़ियों का दल सोमवार की सुबह नेपाल रवाना हो गया। वाराणसी कराटे एसोसिएशन के अविनाश गुप्ता ने बताया कि कुमिते और काता के बालक वर्ग में मानस श्रीवास्तव, अनिकेत सिंह, ओम सिंह और सिद्धांत सिंह का चयन हुआ है जबकि बालिका वर्ग में आराध्या श्रीवास्वत, अदीना फातमा और समृद्धि सोनी का चयन टीम में हुआ है। यह प्रतियोगिता नेपाल के कनकपुर स्टेडियम में खेली जाएगी।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के पांच साल पूरे होने पर हुई चर्चा
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनइपी) के 5 साल पूरे होने पर बाबतपुर स्थित एक निजी संस्थान विद्यालय में परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की महात्मा काशी विद्यापीठ इकाई की ओर से किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए, इकाई के महामंत्री डॉ. उमाकांत सिंह ने बताया कि एनईपी ने भारतीय शिक्षा को एक नई दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि यह केवल शिक्षा सुधार की योजना नहीं है, बल्कि यह भारत के भविष्य निर्माण का एक ठोस खाका है। इस नीति की सबसे बड़ी विशेषता इसकी समग्रता है, क्योंकि यह पूर्व-प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा और शोध तक, हर स्तर पर बदलाव और सुधार लाने का प्रयास है। परिचर्चा में संस्थान के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

बरेका में स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में सोमवार को स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरे परिसर में जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से, प्रशासनिक भवन में स्वच्छता और कूड़ा-मुक्ति के संबंध में क्या करें/ क्या न करें नोटिस प्रदर्शित किए गए। इन नोटिसों का उद्देश्य कर्मचारियों, अधिकारियों और आगंतुकों को स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

इस अभियान के दौरान परिसर की व्यापक सफाई की गई। कर्मचारियों ने इस पहल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसी क्रम में कर्मशाला परिसर में सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पब्लिक एड्रेस सिस्टम) के माध्यम से स्वच्छता संदेशों का प्रसारण किया गया। कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों के पालन की भी अपील की गई, ताकि कार्यस्थल दुर्घटना मुक्त रहें।

अधीनस्थ कृषि सेवा संघ ने डिजिटल क्रॉप सर्वे का किया विरोध
अधीनस्थ कृषि सेवा संघ के कर्मचारियों ने प्रांतीय आह्वान पर डिजिटल क्रॉप सर्वे (खसरा पड़ताल) का काम कृषि विभाग के प्राविधिक सहायकों को सौंपे जाने का विरोध किया है। उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा और फैसले को वापस लेने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम पहले राजस्व विभाग के लेखपाल करते थे। अब यह कार्य कृषि विभाग को दे दिया गया है। इस अतिरिक्त कार्यभार के कारण उनका मूल काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद सोनकर और कोषाध्यक्ष परमहंस कुशवाहा भी मौजूद रहे। 

श्रम मंत्री ने पानी की टंकी का किया उद्घाटन
श्रम मंत्री अनिल राजभर ने सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेढूपुर के समीप 16 लाख लीटर व नौ लाख लीटर की पानी की टंकी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप हर घर में नल जल और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का कार्य हो रहा है। सरकार की इस योजना से जहां हर तबके के लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है वहीं उन्हें स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि दीनापुर, सलारपुर, लेढूपुर व संदहा सहित पांच वार्ड में 171 करोड़ की लागत से 10 पानी की टंकी निर्माणाधीन हैं।

मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से जुड़ रहे युवा
स्मॉल इंडस्ट्री मैन्युफैक्चर क्लब के राष्ट्रीय संयोजक चाणक्य त्रिपाठी ने छावनी स्थित एक होटल में प्रांतीय बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार देने के लिए सक्षम हो चुकी है। पहले लोग रोजगार योजनाओं का ऋण लेकर अन्य कार्यों में खर्च कर देते थे। लेकिन मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना एक उत्तम योजना है जो आपको न सिर्फ ऋण देती है, आपको उद्योग करने की ओर अग्रसर भी कर देती है।

क्लब के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि क्लब के तहत वोकल टू लोकल अभियान को और तेज करने के लिए नई कार्यकारिणी के गठन हेतु कार्य शुरू कर दिया है। संचालन निवर्तमान जोनल अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने एवं धन्यवाद ज्ञापन नीरज गुप्ता ने किया। बैठक में रोहित राय, संदीप जायसवाल, पंकज चतुर्वेदी समेत कई लोग मौजूद रहे।

रक्तदान अभियान में 126 यूनिट हुआ रक्तदान
ब्रह्माकुमारीज़ की ओर से एक लाख से ज्यादा यूनिट रक्त संकलन की संकल्पना के साथ चलाए जा रहे रक्तदान अभियान के अन्तिम दिन व्यापक जनसहभागिता रही। सारनाथ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया।

संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 18वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में संस्था की क्षेत्रीय निदेशिका सुरेंद्र दीदी के साथ क्षेत्रीय प्रबंधक दीपेन्द्र, पूर्व सी एम ओ वी वी सिंह, डा. के पी जायसवाल, हरहुआ ब्लाक प्रमुख विनोद उपाध्याय, गौरव राठी, डॉ हरदत्त शुक्ला,वरिष्ठ समाजसेवी पवन पाण्डेय आदि ने दादी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। 

आयुष मंत्री ने कहा कि रक्त का एक-एक बूंद अमृत तुल्य जीवनदायिनी है। क्षेत्रीय प्रबंधक दीपेंद्र, मोटीवेशनल ट्रैनर तापोशी, अनिता, प्रियंका, परी, मनिशा, पूजा ने अतिथियों का स्वागत किया। शिविर आयोजन कमेटी के सचिव डाॅ. केपी जायसवाल ने ब्रह्माकुमारीज़ के रक्तदान शिविर लगाने के लिए आभार जताया। कार्यक्रम में गंगाधर, संदीप, दिनेश, रामेश्वर तिवारी, बनारसी, समेत कई लोग शामिल रहे।

पानी टंकी की पाइपलाइन फटने से जलापूर्ति बाधित
कादीपुर स्टेशन क्षेत्र में जल जीवन मिशन की पाइपलाइन फट जाने से पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। पाइपलाइन फटने से आधे से अधिक पानी बर्बाद हो रहा है, और बस्तियों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कौवापुर में नियमित जल आपूर्ति हो रही है, लेकिन कादीपुर स्टेशन से सटे मोहल्लों में कई दिनों तक पानी नहीं मिलता।

सिविल सर्विसेज प्रादेशिक के लिए 94 खिलाड़ियों ने किया क्वालिफाई
खेल विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से राज्य कर्मचारियों के सिविल सर्विसेज मंडल स्तरीय चयन ट्रायल सोमवार को सिगरा के डाॅ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम लिया गया। इसमें 94 खिलाड़ियों ने प्रादेशिक चयन ट्रायल के लिए क्वालिफाई किया है।

क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि चयन ट्रायल में हाॅकी में एक, एथलेटिक्स में सात, क्रिकेट में 13, कुश्ती में दो, बैडमिंटन में आठ, कबड्डी में दो, शतरंज में चार, तैराकी में दो, टेबल टेनिस में एक, फुटबाॅल में तीन, पावरलिफ्टिंग में एक और लाॅन टेनिस में एक खिलाड़ी का चयन हुआ है। ये खिलाड़ी तीन और चार सितंबर को प्रदेश स्तरीय चयन ट्रायल में हिस्सा लेंगे।

वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला
स्कूल का मानचित्र वीडीए ने किया स्वीकृत
वीडीए ने कोईराजपुर में 9940.87 वर्ग मीटर के भूखंड पर प्रस्तावित सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल (उच्चतर माध्यमिक विद्यालय) भवन योजना के मानचित्र को स्वीकृति प्रदान की। इस स्वीकृति के उपरांत क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने वाली संस्था के स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो सकेगा। स्कूल भवन में 27 कक्षाओं का प्रावधान किया गया है। स्कूल की ओर से रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सोलर पावर सिस्टम का प्रावधान तथा ठोस अपशिष्ट के नियमानुसार उचित निस्तारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

अवैध प्लाॅटिंग कराई ध्वस्त
वीडीए ने सोमवार को शिवपुर में अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई। होलापुर संत अतुलानंद स्कूल के पास छेदी पटेल की ओर से बगैर वीडीए की अनुमति के 800 वर्ग मीटर में अवैध प्लाॅटिंग की जा रही थी। जिसे नोटिस दिया गया था। इसके खिलाफ ध्वस्तीकरण आदेश पारित हुआ था। जिसे ध्वस्त कराया गया। मौके पर जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा की देखरेख में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

सीडीओ ने परखी बड़ागांव ब्लॉक की योजनाओं हकीकत
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने सोमवार को बड़ागांव ब्लॉक के ग्राम प्रधानों और अधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक में सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। सीडीओ ने ग्राम प्रधानों से स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति, आंगनबाड़ी केंद्रों में पुष्टाहार वितरण, अपात्र अंत्योदय कार्ड धारकों के राशन कार्ड निरस्त करने, बिजली, सड़क, जल जीवन मिशन और ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था पर चर्चा की।

उन्होंने स्पॉन्सरशिप योजना, टीबी मुक्त पंचायत, फैमिली आईडी, पीएम सूर्य घर जैसी योजनाओं से पात्र लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए प्रधानों को प्रोत्साहित किया। सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी उमेश कुमार कौशल को ब्लॉक परिसर की नियमित सफाई, फाइलों को सही तरीके से रखने और बेकार फाइलों की नियमानुसार छंटनी करने के लिए कहा। 

डीएल की वैधता अवधि 30 दिन बढ़ी
आम नागरिकों की सहूलियत और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मोटर वाहन अधिनियम 1988 में बदलाव किया गया है। इन बदलावों का सीधा असर ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) की वैधता और नवीनीकरण में पड़ेगा। नए संशोधन के तहत, यदि कोई व्यक्ति तय समय सीमा के भीतर अपने डीएल का नवीनीकरण नहीं करा पाता है, तो उसे अब 30 दिन की अतिरिक्त वैधता मिलेगी। एआरटीओ मनोज प्रसाद वर्मा ने बताया कि लोगों की सुविधाओं को देखते हुए 30 दिन का अतिरिक्त समय दिया जा रहा है। 

संस्कृति में नहीं हो रहा पर्याप्त निवेश, चीन की तरह प्रचार भी नहीं
बीएचयू के मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र में सोमवार को भारत की सांस्कृतिक चुनौतियों और अवसरों पर व्याख्यान हुआ। इसमें पहुंचे भारत के पूर्व सांस्कृतिक सचिव, आईएएस और विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन के सीनियर फेलो राघवेंद्र सिंह ने कहा कि देश की संस्कृति पर पर्याप्त निवेश नहीं हो रहा है। जबकि हमारे देश के पास कई समृद्ध सांस्कृतिक विरासत हैं। जिस तरह चीन अपनी सांस्कृतिक विशेषताओं का आक्रामक तरीके से प्रसार कर रहा है, हम नहीं कर पा रहे हैं। इनसे भी आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

हमारी शिल्पकला, संगीत, व्यंजन, कृषि उत्पाद आदि सभी हमारे सांस्कृतिक विमर्श का हिस्सा हैं। इनका उचित प्रसार होना चाहिए। केंद्र के समन्वयक प्रो. संजय कुमार ने कहा कि राघवेंद्र सिंह कई मंत्रालयों में कार्य कर चुके हैं। कई संग्रहालयों, सांस्कृतिक और पुरातात्विक महत्व के स्थलों के संरक्षण और विकास में अपना योगदान दिया है। उन्होंने कई किताबों का लेखन भी किया है। अंतर-सांस्कृतिक अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. राजकुमार, प्रो. अर्चना कुमार, प्रो. अजय सिंह, डॉ. ज्योति रोहिल्ला राणा, डॉ. संजीव सर्राफ मौजूद रहे।

बीएचयू में कैलिग्राफी, हस्तलिपि और टाइपोग्राफी कोर्स शुरू
बीएचयू में कैलिग्राफी, हस्तलिपि और टाइपोग्राफी के दो सप्ताह के मॉड्यूल कोर्स की शुरुआत की गई। बीएचयू के दृश्य कला संकाय के व्यावहारिक कला विभाग में बीएफए तीसरे वर्ष के छात्र-छात्राओं को पहले दिन कैलिग्राफी, हस्तलिपि और टाइपोग्राफी के बीच अंतर बताया गया। 30 अगस्त तक चलने वाली इस कार्यशाला में आकर्षक शब्द प्रोजेक्ट, बनारस में टाइप वॉक, पोस्टर डिजाइन और डिजिटल वेक्टराइजेशन जैसे अतिरिक्त विषयों पर ट्रेनिंग दी जाएगी।

दो सप्ताह का यह कोर्स हस्तलिपि और टाइपोग्राफी का बेहतर अध्ययन कराएगा। हस्तलिपि संस्थान की मदद से शुरू हुए इस कार्यक्रम में डिजाइन और संचार में उनकी भूमिकाओं के साथ ही छोटे अक्षरों के निर्माण पर चर्चा की गई। आयोजन समिति में संयोजक कृष्णा सिंह, सह-संयोजक डॉ. आशीष कुमार गुप्ता, सृष्टि प्रजापति और ज्ञानेंद्र के. कनुजा शामिल हैं। 

विद्यापीठ में इनवर्टर से जुड़ेंगे सभी सीसी कैमरे
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में लगे सभी सीसी कैमरे 24 घंटे रिकॉर्डिंग करेंगे। सभी सीसी कैमरों को इनवर्टर से जोड़ा जाएगा। कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन को बनाए रखने के लिए ये फैसला लिया गया है। विद्यापीठ प्रशासन की ओर से कहा गया है कि यदि कैंपस में कोई भी आकस्मिक घटना होती है तो उसका फुटेज मिल सकेगा। 

चीफ प्रॉक्टर प्रो. केके सिंह ने कहा कि यदि किसी भी संकाय, विभाग या अन्य किसी भी जगह पर कोई समस्या आती है या रिकॉर्डिंग नहीं हो पा रही है तो संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष या संबंधित अधिकारी तत्काल इंजीनियरिंग विभाग को लिखित पत्र और समर्थ पोर्टल के माध्यम से अवगत कराया जाए।

सीबीएसई जोनल शतरंज में आर्यन इंटरनेशनल बना चैंपियन
सीबीएसई की जोनल शतरंज प्रतियोगिता में सोमवार को आर्यन इंटरनेशनल स्कूल ओवरऑल विजेता बना। अंडर-14 कैटेगरी में आर्यन इंटरनेशनल के छात्रों ने सात चक्रों में जीत हासिल की। खिलाड़ियों ने 14 अंकों के साथ 100 प्रतिशत प्रोग्रेसिव अंक पाए। ईस्ट जोन क्लस्टर में यूपी, बिहार और झारखंड के 200 स्कूलों के 1200 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अंडर 11-बालक वर्ग में विद्यालय की टीम उपविजेता बनी।

प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलेंगे। व्यक्तिगत स्पर्धा में श्रेयस मिश्र, प्रणव रुंगटा तथा शिवाय सिंह को प्रथम बोर्ड विजेता का पुरस्कार मिला। टीम में मनस्वी पांडेय, विश्वंभर दयाल, शिवाय सिंह, युवराज तिवारी, तेजस्व तिवारी रहे। टीम के कोच विनीत राज तिवारी और विद्यालय समूह के चेयरमैन विनीत चोपड़ा, निदेशिका सुबीना चोपड़ा ने जीत पर खिलाड़ियों को बधाई दी।

रैली निकालकर नेत्रदान के लिए किया जागरूक
नेत्रदान जागरूकता के लिए सोमवार को विशाल रैली निकाली गई। लाॅयंस क्लब वाराणसी सिटी, खत्री हितकारिणी सभा के ओर से पियरी से कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल तक निकाली रैली में 400 लोग शामिल हुए। रैली को जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी भोलेंद्र प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में 2000 से अधिक लोगों को नेत्रदान के लिए संकल्प पत्र बांटे गए।

स्वागत मंडलीय अस्पताल की वरिष्ठ बाल रोग चिकित्सक डॉ. मृदुला मालिक ने किया। नेत्र विशेषज्ञ डॉ. अनुराग टंडन ने बताया कि पूरे उत्तर प्रदेश में लाॅयंस आई बैंक की ओर से सबसे अधिक कॉर्निया का संग्रह किया जा रहा है। इस दौरान डॉ. शालिनी टंडन, डॉ. शेखर, डॉ. सुदेश खन्ना, डॉ. वी. कृष्ण कुमार शामिल रहे।

डॉ. शिप्रा को सलाहकार बनाए जाने पर दी बधाई
डॉ. शिप्रा धर को राष्ट्रीय महिला आयोग की सलाहकार सदस्य बनाए जाने पर महानगर उद्योग व्यापार समिति (युवा मंच) ने उनका अभिनंदन किया। संगठन के सदस्यों ने सोमवार को डॉ. शिप्रा के आवास पर मुलाकात कर उन्हें बधाई दी।

अध्यक्ष सुजीत गुप्ता और महामंत्री देवांश चौबे ने कहा कि आज काशी के लिए यह गर्व की बात है कि हमारे बीच की एक डॉक्टर को राष्ट्रीय महिला आयोग में सलाहकार सदस्य के रूप में सेवा करने का अवसर मिला है। युवा मंच और संपूर्ण व्यापारी समाज ने डॉ. शिप्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान विश्वास जायसवाल, मोहित अग्रहरि, नीरज श्रीवास्तव, उत्कर्ष श्रीवास्तव, विकास कुमार, सूरज अग्रहरि मौजूद रहे। 

बरेका कुश्ती व्यायामशाला में खिलाड़ियों ने किया अभ्यास
आगामी कुश्ती प्रतियोगिता के लिए बरेका के खिलाड़ियों ने सोमवार शाम बरेका व्यायामशाला में अभ्यास किया। यहां खिलाड़ियों को कुश्ती कोच रविंद्र मिश्रा ने साल्तों, बनारसी मुल्तानी, धेबी पाट दाव साधने की तरकीब बताई। मौके पर राष्ट्रीय और प्रादेशिक प्रतियोगिता में पदक जीत चुके खिलाड़ियों ने चार घंटे अभ्यास किया। कुश्ती कोच ने बताया कि 26 अगस्त को कुश्ती की अलग-अलग स्पर्धाएं होंगी। कोई भी खिलाड़ी मैच को बाधित नहीं कर सकता है। अब कुश्ती में दाव लागने पर ही अंक दिया जाता है।

राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े का शुभारंभ
राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े का 40वां संस्करण सोमवार को नेत्रदान जनजागरण अभियान रैली के साथ शुरू हुआ। रैली का शुभारंभ शास्त्री पार्क सिगरा से हुआ। इसका नेतृत्व मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन, पीयूष मोर्डिया ने किया। इस जनजागरण अभियान में रोटरी क्लब गंगा, शिवगंगा और बनारस, ग्रीन पीस नेचर फाउंडेशन, भारत विकास परिषद आनंदम सहित वाराणसी इन्स्टीट्यूट ऑफ ऑप्टोमेट्री के सदस्यों ने भागीदारी की। शहीद उद्यान में रैली के समापन पर विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों ने नेत्रदान को सामाजिक आवश्यकता बताया। 

जागरूकता के उद्देश्य से 400 से अधिक लोगों के मोबाइल पर स्टीकर लगाए। कार्यक्रम का संचालन दीपक अग्रवाल ने किया, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुनील साह ने दिया। इस अवसर पर नेत्रदाता परिवार के पांच सदस्यों को सम्मानित किया गया।

कर्मचारी संघ ने जीएम मुलाकात कर बताई समस्या
पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ वाराणसी मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष और जोनल सचिव (एनएफआईआर) रमेश मिश्रा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जीएम सौम्या माथुर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। संघ ने बताया कि वाराणसी मंडल में ट्रेन मैनेजर सहित कई पद रिक्त हैं। इसके कारण कार्यरत कर्मचारियों पर अत्यधिक दबाव पड़ रहा है।

संघ ने तर्क दिया कि लंबी ड्यूटी से इन कर्मचारियों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे अस्पतालों को राज्य के अस्पतालों के साथ एकीकृत कर नियंत्रण राज्य सरकार को सौंपने के आदेश को वापस लेने की प्रक्रिया की मांग की गई है। इस दौरान परमिंदर श्रीवास्तव, पीडी श्रीवास्तव, श्याम कुमार झा, संजय तिवारी, रामप्यारे शर्मा रहे। 

डीएवी इंटर कॉलेज में मेधावी सम्मानित
डीएवी इंटर कॉलेज में सोमवार को कॉलेज के पूर्व प्रबंधक पीएन सिंह यादव की 21वीं पुण्यतिथि पर मेधावियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. प्रदीप चौरसिया ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान कॉलेज के 12 प्रतिभावान छात्रों को उनके उत्कृष्ट अकादमिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

पुरस्कार के रूप में छात्रों को स्मृति चिह्न, प्रमाणपत्र, पुस्तकें और नकद राशि प्रदान की गई। इस दौरान कॉलेज के प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव, कोषाध्यक्ष हरिबंश सिंह, पाणिनी कन्या महाविद्यालय की उपाचार्य डॉ. प्रीति विमर्शिनी और नित्यानन्द वेद महाविद्यालय के प्राचार्य रामानंद तिवारी, कार्यवाहक प्रधानाचार्य अरुण कुमार सिंह, नरेंद्र कुमार सिंह मौजूद रहे। 

काशी विश्वनाथ दल बनवाएगा समाज के हर वर्ग के लिए धर्मशाला
पराड़कर स्मृति भवन में सोमवार को काशी विश्वनाथ दल का पांचवां स्थापना दिवस मनाया गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जंत्रलेश्वर यादव के नेतृत्व में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। संगठन के विशिष्ट सदस्य विशाल पांडेय ने काशी विश्वनाथ दल के लिए एक धर्मशाला बनाने की घोषणा की, जिसके निर्माण के लिए एक वर्ष का समय तय किया गया है। 

मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध तबला वादक पंडित कृष्ण महाराज के पुत्र पंडित पूरण महाराज ने काशी विश्वनाथ दल को सर्वसमाज के लिए उपयोगी बताया। अध्यक्षता पद्मश्री डॉ. राजेश्वर आचार्य ने की। इस दौरान ज्योत्सना चतुर्वेदी, डॉ. राजेश गौतम, संबित भूषण यादव, नीलू मिश्रा, रेखा चौरसिया, राकेश रौशन आदि को काशी विश्वनाथ अलंकरण स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। विशिष्ट अतिथियों में मानवाधिकार आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यादव, समाजसेविका एवं पूर्व प्रत्याशी कैंट विधानसभा पूजा यादव, मदन यादव, विशाल पांडेय, और पंडित विजय शंकर मिश्रा शामिल रहे। 

700 कर्मचारी मिलकर 24 अक्तूबर तक सभी घाटों को करेंगे साफ
नगर निगम की कार्ययोजना पर पानी फिर गया है। बगैर टेंडर कराए नगर निगम अपने संसाधनों से घाटों को साफ करेगी। निगम ने 84 घाटों को 24 अक्तूबर तक साफ करने का लक्ष्य रखा था। इसके लिए 700 कर्मचारियों की तैनाती केवल घाट के लिए की गई है। जिन्हें विशेष जिम्मेदारी दी गई है कि वे गंगा का जलस्तर नीचे होने पर अपने अपने आवंटित घाट से सिल्ट हटाएंगे। 

इसके लिए प्रमुख स्नान और भीड़ भाड़ वाले गंगा घाटों के लिए बड़े पंप और पांच पांच घाटों पर एक पंप एलाट किया है। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि इस बार डाला छठ से पहले सभी प्रमुख घाट साफ होंगे। देव दीपावली तक जहां जहां दीप जलाए जाते हैं वे सभी घाट जगमाएंगे।

भारत की परंपरा नहीं रहा जाति आधारित न्याय
डीएवी कॉलेज के पूर्व प्रबंधक स्व. पीएन सिंह यादव की 21वीं पुण्यतिथि पर संगोष्ठी हुई। पाणिनी कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने वेदपाठ किया। इसके बाद श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम शुरू हुआ। शहर दक्षिणी विधायक नीलकंठ तिवारी ने कहा कि भारतीय परंपरा में सामाजिक न्याय कभी जाति आधारित रहा ही नहीं, बल्कि यह व्यक्ति आधारित रहा है।

कहा कि स्व. पीएन सिंह यादव का सामाजिक न्याय सबके उत्थान के लिए रहा। महाविद्यालय के प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव ने कहा कि स्व. बाबू जी की सामाजिक न्याय की लड़ाई तभी सफल मानी जाएगी जब जातिगत भावना से परे सबको एक साथ जोड़ कर रखा जाए। 

शहर के कई इलाकों में कीचड़, जलभराव, गंदगी से लोग परेशान
सामनेघाट से मदरवां मार्ग पर कीचड़ से लोग परेशान हैं। इसी प्रकार भगवानपुर एसटीपी जाने वाला मार्ग क्षतिग्रस्त है। इसमें जलभराव हो गया है। लंका से ट्रामा सेंटर जाने वाले मार्ग पर कीचड़ है। बौलिया से चांदपुर जाने वाले मार्ग का चौड़ीकरण करने के बाद नाले का निर्माण पूरा नहीं किया गया है। नाले पर रखे पटरे से लोग आ जा रहे हैंं। कैंट स्टेशन के सामने विजयानगरम मार्केट के आगे कूड़ा डंप किया जा रहा है। लहरतारा रेलवे कालोनी में जलजमाव से लोग परेशान हैं।

पाणिनी भवन में प्रो. हरेराम त्रिपाठी को अर्पित की गई श्रद्धांजलि
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी व उनकी पत्नी के आकस्मिक निधन पर सोमवार को विवि में शोकसभा हुई। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा की अध्यक्षता में पाणिनी भवन सभागार में पूर्व कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी एवं उनकी पत्नी बदामी देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

शोक सभा में उनकी आत्मा की शांति के लिए बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना कर दो मिनट का मौन रखा गया। शोक सभा के बाद विश्वविद्यालय बंद कर दिया गया। इस दौरान प्रो. रामपूजन पांडेय, प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल, प्रो. जितेन्द्र कुमार, प्रो. सुधाकर मिश्र, प्रो. रमेश प्रसाद, प्रो. हीरक कांत चक्रेवर्ती, इंजीनियर रामविजय सिंह, सुशील तिवारी उपस्थित रहे। 

बस स्टैंड परिसर में जलभराव से यात्री परेशान
बारिश के बाद लहरतारा स्थित प्राइवेट बस स्टैंड के पास जलभराव होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के बाद विभिन्न गंतव्य पर जाने वाली बसें अपने निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंच सकीं। बसों को परिसर में अन्य स्थानों पर खड़ा करने से यात्रियों को जलभराव के बीच से गुजरकर बस तक पहुंचना पड़ा। यात्रियों को अपने रूट पर जाने वाली बसों की पहचान करने में भी परेशानी हुई। इस प्राइवेट बस स्टैंड से 100 से अधिक बसों का संचालन होता है लेकिन यहां सुविधा के नाम पर कुछ नहीं है। 

रोहिणी समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
बीएचयू के कला संकाय स्थित जलपान गृह में तीसरे पिछड़े आयोग की रोहिणी समिति की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग उठी। सोमवार को दूसरे मंडल कमीशन के अध्यक्ष बीपी मंडल की जयंती पर आयोजित गोष्ठी में बीएचयू छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री डॉ. सूबेदार सिह ने कहा कि विश्वनाथ प्रताप सिंह यदि प्रधानमंत्री न बनते तो बिंदेश्वरी प्रसाद की पूरी मेहनत फाइलों में धूल फांकती रह जाती। दोनों महापुरुषों का नमन किया जाना चाहिए।

डॉ. शम्मी कुमार ने कहा कि दूसरे पिछड़े आयोग के अध्यक्ष बीपी मंडल को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब तीसरे पिछड़े आयोग रोहिणी समिति की रिपोर्ट संसद और जनता के सामने प्रस्तुत हो। इसके बाद वर्तमान सरकार इसकी संस्तुतियों को लागू करे। यूपी के पूर्व मंत्री डॉ. बहादुर यादव ने भी विचार रखे। 

यूपी कॉलेज में धरने के सातवें दिन बुद्धि-शुद्धि यज्ञ
उदय प्रताप कॉलेज में अनिश्चितकालीन धरने के सातवें दिन सोमवार को बुद्धि-शुद्धि यज्ञ किया गया। हॉस्टल आवंटन करने की मांग कर रहे छात्रों ने कहा कि कॉलेज प्रशासन की सद्बुद्धि के लिए छात्रों ने एकजुट होकर हवन किया। ये भी कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं हो जाती वे धरने से नहीं हटेंगे। दिन कितना भी लगे वो हॉस्टल आवंटन की मांग पर अड़े रहेंगे। 

स्कूलों मे ली जाएगी पंच प्रण की शपथ
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ओर से 1 सितंबर को हमारा विद्यालय हमारा स्वाभिमान अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत देशभर के पांच लाख विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यार्थियों को पंच प्रण की शपथ दिलाई जाएगी। वाराणसी में संयुक्त शिक्षा निदेशक दिनेश सिंह ने सोमवार को अभियान के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया। पोस्टर में पंच प्रण का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों को स्वच्छ, अनुशासित, हरित और प्रेरणास्पद बनाना है। पोस्टर विमोचन के अवसर पर शिक्षा सेवा आयोग के सदस्य डॉ. हरेंद्र राय, महासंघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष प्रो. उदयन मिश्र, और अभियान के प्रदेश संयोजक शशांक रहे। 

27 जून को होटलों में मांसाहार न परोसने की अपील
श्री जैन श्वेतांबर तीर्थ सोसाइटी की ओर से संवत्सरी पर्व पर 27 जून को सभी संस्थानों, होटल और पीजी व हॉस्टल से एक दिन के लिए मांसाहार न परोसने और उसका सेवन न करने की प्रार्थना की गई। संवत्सरी जैन धर्म का सबसे पवित्र दिन होता है और इसी दिन पर्युषण पर्व का समापन होता है। यह दिन आत्मशुद्धि, क्षमा, जीवदया और पूर्ण अहिंसा को समर्पित होता है। 

सोसाइटी के सचिव राहुल गांधी ने बताया कि सोसाइटी ने नगर निगम प्रशासन से अनुरोध किया है कि 27 अगस्त को शहर में मांस, मछली, अंडा, पोल्ट्री आदि जीव हत्या संबंधित सभी दुकानों को बंद रखने का निर्देश जारी किया जाए। इसके साथ ही बीएचयू, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, केंद्रीय तिब्बती संस्थान एवं अन्य सभी शिक्षण संस्थानों, छात्रावासों, होटल व रेस्तरां से निवेदन किया गया है कि वे 27 अगस्त को अपने परिसर में मांसाहारी भोजन न परोसें। 

वाराणसी कोर्ट। - फोटो : Amar Ujala
ज्ञानवापी के वर्ष 1991 के पुराने मुकदमे में 29 अगस्त को सुनवाई
सिविल जज (सीनियर डिवीजन फास्टट्रैक) भावना भारती की कोर्ट में सोमवार को ज्ञानवापी के वर्ष 1991 के पुराने मुकदमे में सुनवाई हुई। वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी और अंजुमन इंतजामिया मसाजिद की ओर से मो रईस अहमद अंसारी ने बहस पूरी की। 

इस मामले में अगली सुनवाई 29 अगस्त की तिथि नियत की है। इस मामले में पिछले तिथि पर वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी को उक्त पद से और मुकदमे से हटाने के प्रार्थना पत्र में पारित आदेश में संशोधन के लिए दाखिल प्रार्थना पत्र अपना पक्ष रखा। बहस जारी रखते हुएं अगली सुनवाई की तिथि नियत की है।
विज्ञापन

कांग्रेस नेता राहुल गांधी मामले में चार सितंबर को होगी सुनवाई
एसीजेएम चतुर्थ/(एमपी-एमएलए) नीरज कुमार त्रिपाठी की अदालत में सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के मामले की सुनवाई हुई। राहुल गांधी के अधिवक्ताओं ने प्रार्थना पत्र के साथ अदालत को हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों की कॉपी भी उपलब्ध कराई। इस पर अदालत ने सुनवाई की अगली तिथि 4 सितंबर तय कर दी।

विशेष न्यायाधीश (एमपी/एमएलए) की अदालत ने अवर न्यायालय को कानून के सिद्धांतों के अनुसार इस मामले को दोबारा सुनने का आदेश दिया था। इसी मामले की सुनवाई चल रही है। अभियोजन के मुताबिक, कांग्रेस नेता ने अमेरिका में भड़काऊ बयान दिया था। कहा था कि सिखों के लिए भारत में माहौल अच्छा नहीं है। इस बयान को आधार बनाकर ही तिलमापुर सारनाथ निवासी नागेश्वर मिश्र ने वाद दाखिल किया है। नागेश्वर का आरोप है कि राहुल गांधी गृह युद्ध भड़काने की साज़िश रच रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें