Varanasi News in Hindi: फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम कुलदीप सिंह की अदालत में सोमवार को सामूहिक दुष्कर्म मामले में पीड़ित आईआईटी बीएचयू की छात्रा की गवाही नहीं हो सकी। कोर्ट ने आईआईटी बीएचयू में सामूहिक दुष्कर्म के दौरान मौजूद छात्रा के दोस्त को तलब किया है। 31 जुलाई को एक मात्र चश्मदीद गवाह का कोर्ट में बयान होगा। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने आरोपी कुणाल पांडेय की स्थगन याचिका खारिज कर दी।
आईआईटी बीएचयू की छात्रा के साथ 31 अक्तूबर 2023 को सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। 18 जुलाई 2024 से कोर्ट में ट्रायल शुरू हुआ। 22 अगस्त 2024 को पहली बार पीड़िता ने कोर्ट में अपने बयान दर्ज कराए। पिछली दस तिथि पर पीड़िता कोर्ट में पेश हो चुकी है। चोटिल होने के कारण छात्रा पिछली तारीख पर कोर्ट में नहीं पेश हो सकी। कोर्ट में पीड़ित छात्रा की वर्चुअल पेशी की अर्जी भी स्वीकार हो चुकी है।
रिक्शा चालक बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए पिता ने बहू के खिलाफ दी तहरीर
पिछले माह 13 जून को भेलूपुर थाना क्षेत्र के आईपी विजया के सामने सुरेंद्र सिंह के मिले शव मामले में पिता ने सोमवार को भेलूपुर थाना में बहू के खिलाफ तहरीर दी। पिता का आरोप है कि बहू ने बेटे की हत्या कराई है।
चंदौली के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के परसिया गांव निवासी लाल बहादुर ने पुलिस को बताया कि तीसरे नंबर का बेटा सुरेंद्र सिंह बीते 13 जून को आईपी विजया के सामने मृतक हालत में मिला था। पिता लालबहादुर ने बताया कि बेटा-बहू और दो बच्चों के साथ किराए पर रहकर रिक्शा चलाता था।
बेटे की मौत के बाद बहू दो बच्चों और घर के सभी सामान, पैसा समेत गायब हो गई। आरोप है कि उनके बेटे की मौत के मामले में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बहू का हाथ है। प्रभारी निरीक्षक भेलूपुर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के मामले की जांच की जाएगी। पीएम रिपोर्ट देखा जाएगा, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
वेद भवन गुरुकुल से लापता हुआ छात्र
चौक थाना क्षेत्र के वेद भवन गुरुकुल से 13 साल का छात्र करण तिवारी 7 जुलाई की सुबह से लापता है। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। बिहार के सिवान के बस्तीपुर थाना क्षेत्र के उजयना गांव निवासी जितेंद्र तिवारी ने पुलिस को बताया कि करण दो साल से मणिकर्णिका घाट के वेद भवन गुरुकुल में अध्ययन कर रहा था। 7 जुलाई की सुबह 6 से 7 बजे के बीच वह अचानक बिना किसी को कुछ बताए चला गया। गुरुकुल के प्रबंधन ने सूचना दी। चौक इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि छात्र की तलाश की जा रही है।
बस की डिग्गी में ला रहे थे प्रतिबंधित तोते के 28 बच्चे, तीन गिरफ्तार
कैंट थाना क्षेत्र के अंधरापुल के पास वन विभाग ने एक प्राइवेट बस की डिग्गी से प्रतिबंधित तोते के 28 शिशु बरामद किए। विभाग ने बस मालिक को नोटिस जारी कर एक लाख का जुर्माना लगाया है। बस चालक और दो परिचालकों को गिरफ्तार कर लिया है। वन विभाग ने शिशुओं को चिकित्सीय अभिरक्षा में सौंपा है।
डबलडेकर बस झारखंड से वाराणसी आ रही थी। आरोपी चालक धनंजय सिंह झारखंड के पलामू छतरपुर, बस परिचालक अभय सिंह उर्फ कन्हैया चंदौली के अलीनगर और दूसरा परिचालक आरिफ कोतवाली थाना क्षेत्र के हसनपुरा, विशेश्वरगंज के रहने वाले हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जांच की जा रही है। बस मालिक रवींद्र कुमार सिंह ने जुर्म स्वीकार किया है।
जमीन खरीदने के नाम पर हड़पे 21 लाख, तीन पर केस दर्ज
जमीन खरीदने के नाम पर 21 लाख रुपये हड़पने में तीन आरोपियों के खिलाफ सोमवार को पुलिस आयुक्त के आदेश पर मिर्जामुराद थाने में केस दर्ज किया गया। प्रतापपुर गांव निवासी पीड़ित संतोष कुमार पटेल ने पुलिस आयुक्त को शिकायती पत्र में कहा कि जमीन खरीदने के लिए 21 लाख देने के बाद भी भदोही के खमहरिया (लसमड़िया) निवासी शिवमंगल सिंह, हरिमंगल सिंह व मिर्जापुर के अनिरुद्दपुर गांव निवासी धीरज कुमार जमीन की रजिस्ट्री नहीं कर रहे हैं। पैसे लौटाने की बात पर धमकी देते हैं। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
गंगा आरती के दौरान पति पर हमला, अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के राजेंद्र प्रसाद घाट पर गंगा आरती के दौरान महिला के पति पर हमला हो गया। महिला के साथ धक्कामुक्की की गई। 19 जुलाई की घटना के बाबत पीड़िता ने मुकदमा दर्ज कराया है। मुंबई के घनसोली की ऋचा चौधरी ने पुलिस को बताया कि वह परिवार के साथ राजेंद्र प्रसाद घाट पर गंगा आरती देख रही थी। उसी दौरान कुछ युवकों ने पति पवन पर अचानक हमला कर दिया।
आरोप है कि उन्हें सीढ़ियों की ओर धक्का दिया गया। साथ ही बेरहमी से पीटा गया। हमले में उनके चश्मे टूट गए, जूते गुम हो गए। अन्य महिलाओं से भी दुर्व्यवहार किया गया। दशाश्वमेध इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
बाइक और ऑटो की टक्कर में दूसरा युवक ऑटो लेकर भागा
आदमपुर थाना क्षेत्र के भदऊ चुंगी तिराहे के पास सोमवार सुबह ऑटो और बाइक की टक्कर हो गई। विवाद के दौरान ऑटो लेकर दूसरा कोई भाग निकला। पुलिस जांच कर रही है। पड़ाव निवासी ऑटो चालक रिजवान ने बताया कि वह सुबह पड़ाव से गोलगड्डा की ओर जा रहा था।
रास्ते में भदऊचुंगी तिराहे के पास अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया, जिससे उसका ऑटो टकरा गया। टक्कर के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और कुछ लोगों ने घेर लिया। इसी दौरान, धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर एक अज्ञात युवक ऑटो लेकर भाग निकला। रिजवान ने बताया कि शोर मचाने के बाद भी किसी ने नहीं रोका। इंस्पेक्टर वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
अहिरौली में युवक का मिला शव
चोलापुर थाना क्षेत्र के अहिरौली में सोमवार दोपहर आयर गांव निवासी अरविंद मिश्रा उर्फ बंदे (28) का शव पुलिस ने बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि अरविंद मिश्रा उर्फ बंदे के परिवार में कोई नहीं है, वह गांव में घूमकर लोगों से मांग कर जीविकोपार्जन करता था। लोगों ने पूछताछ में बताया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था।
बुजुर्ग हिस्ट्रीशीटरों की खत्म होगी हिस्ट्रीशीट
जंसा थाने पर सोमवार अपराह्न हिस्ट्रीशीटरों की परेड हुई। अधिकतर हिस्ट्रीशीटरों ने अपराध नहीं करने की शपथ ली। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों को सामाजिक और अच्छे कार्यों में भागीदारी के लिए जोर दिया। डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि जंसा थाना क्षेत्र में 58 हिस्ट्रीशीटर हैं जिसमें कुछ दूसरे राज्यों में नौकरी कर रहे हैं, संबंधित का वीडियो भी मंगाया गया। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग हिस्ट्रीशीटरों की हिस्ट्रीशीट खत्म होगी।
जमीन विवाद में मारपीट का आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी को भी पकड़ा
जमीन के विवाद को लेकर मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने सोमवार को एक आरोपी को कबीरचौरा से गिरफ्तार किया। एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि रविवार को नयापुरा कबीरचौरा क्षेत्र में एक ही परिवार के सदस्यों के बीच जमीन बंटवारे को लेकर मारपीट हुई थी। किशन प्रजापति (30) और किशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
असलहा तस्करी के दो आरोपियों को मिली जमानत
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट /फास्ट ट्रैक कोर्ट भावना भारती की अदालत ने असलहा तस्करी के आरोपी समर बहादुर सिंह उर्फ मोनू व भोला कुमार को 50-50 हजार की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, एसटीएफ वाराणसी इकाई के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह को सूचना मिली कि मुंगेर, बिहार से फैक्ट्री मेड पिस्टल बनाकर वाराणसी और गोरखपुर में अपराधियों के पास भेजा जाता है।
17 जुलाई को घेराबंदी कर बावन बीघा रिंगरोड के पास एक गाड़ी को रोका और उसमें से समर बहादुर सिंह उर्फ मोनू और भोला कुमार मिले। गाड़ी में झोले से 4 मैगजीन लगी पिस्टल और 3 मैगजीन अलग से बरामद हुई। पूछताछ के बाद आरोपियों के खिलाफ लालपुर-पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया।
घाट पर अव्यवस्था से भड़की महिला श्रद्धालु
सावन के दूसरे सोमवार को दर्शन के लिए बनारस पहुंची महिला श्रद्धालु भड़क उठी। महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने महिला का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि काशी में फोटो के लिए गुलाब की पंखुड़ियां उड़ाई जा रही हैं लेकिन जमीन पर हकीकत बदबू मार रही है। भक्तों पर फूल बरसाना इवेंट मैनेजमेंट है, व्यवस्था सुधारना नहीं। नीचे से ऊपर तक अधिकारी और नेता सिर्फ दिखावे में लगे हैं।
वीडियो में लखनऊ से आई महिला श्रद्धालु नीलम सिंह ने व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। महिला ने वीडियो में कहा कि इतना घुमाकर ले जा रहे हैं। इस बार की व्यवस्था बहुत गंदी है। नहाने के लिए लाइन लगानी पड़ रही है। सब जगह बल्ली लगी हुई है हम लोग कैसे निकलकर जाएं। अपना हाथ पैर तोड़कर जाएं, पुलिस की भी व्यवस्था नहीं है। इतना कहकर महिला रोने लगी।
पशु तस्करी का आरोपी गिरफ्तार, संरक्षित मवेशी मिला
चिरईगांव के चौबेपुर थाना क्षेत्र के बभनपुरा पुल पर चेकिंग के दौरान सोमवार को पुलिस ने पशु तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार किया। इस दौरान पिकअप वाहन में एक संरक्षित पशु मिला। चौबेपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के सराय का निवासी दीपक कुमार है।
रिकवरी के नाम पर व्यापारी की पिटाई
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज निवासी बर्तन व्यापारी को फाइनेंस कर्मियों ने रिकवरी के नाम पर पिटाई की। साथ ही दुकान का सामान भी फेंक दिया। व्यापारी ने सोमवार को थाने में तहरीर दी। हुकुलगंज निवासी गोपी चौहान ने पुलिस को बताया कि शाम को माइक्रो फाइनेंस के चार कर्मचारी दुकान पर आए और बिना कुछ कहे बर्तन फेंकने लगे। मना करने पर गालीगलौज की और धमकी दी। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में जांच की जा रही है।
मां के साथ छेड़खानी और बेटे को पीटा, चार पर केस
पांडेयपुर में सोमवार सुबह महिला से घर में घुसकर छेड़खानी और बेटे पर जानलेवा हमले के मामले में चार के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज किया गया। पीड़िता के अनुसार, सुबह 9 बजे श्रवण यादव, संयम यादव, लाल बहादुर यादव और विवेक यादव जबरन घर में घुस आए और गालीगलौज की। विरोध करने पर छेड़खानी और मारपीट की। बेटे ने बीचबचाव किया तो उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पेशकार को अगवा करने की उड़ी अफवाह
कचहरी में अधिवक्ताओं के एक मामले में एक पेशकार को अगवा करने की अफवाह से कैंट पुलिस सोमवार शाम को परेशान हुई। जांच में मालूम चला कि दान पात्र के मामले को लेकर दो पक्ष आपस में टकराए थे।
ट्रक चालक की इलाज के दौरान मौत, मुकदमा दर्ज
मिर्जामुराद के मेंहदीगंज गांव में नेशनल हाईवे पर पांच दिन पहले ट्रक और डंपर की टक्कर में घायल ट्रक चालक साहुन की मौत हो गई। रविवार रात ट्रक मालिक इमाम हसन निवासी शिवनगर अलवर (राजस्थान) ने मिर्जामुराद थाने में डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। बुधवार को प्रयागराज से वाराणसी की तरफ जा रहे ट्रक और गिट्टी लदी डंपर में टक्कर हो गई थी। हादसे में ट्रक चालक साहुल निवासी (अलवर, राजस्थान) घायल हो गया था। डंपर चालक किशन पाल और खलासी विनोद को मामूली चोटें आई थीं।
शिव पार्वती मंदिर से 3 घंटे चोरी
सारनाथ के शक्तिपीठ आश्रम पर श्री शिव पार्वती मंदिर के तीन घंटे रविवार रात चोरी हो गए। व्यवस्थापक अजय भारद्वाज ने सोमवार सुबह पुलिस को तहरीर दी। पुलिस को बताया कि एक सप्ताह पूर्व मंदिर से दानपेटी चोरी हो गई थी। थाना प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। उधर, सारंगनाथ महादेव के दर्शन के लिए कतारबद्ध अवसानगंज की शिवांगी जायसवाल का मोबाइल चोरी हो गया।
घर से सोने का ब्रेसलेट चोरी, केस दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज तराधाम कॉलोनी लेन नंबर 2 में सुशील हाइट्स 103 में रहनी वाली सुष्मिता तिवारी का ब्रेसलेट चोरी हो गया। तहरीर के आधार पर सोमवार को केस दर्ज किया गया। सुष्मिता ने पुलिस को बताया कि 11 जुलाई को अलमारी से गोल्ड का 10 ग्राम का ब्रेसलेट लापता है। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि घर में काम करने वाली के ऊपर शक है। उससे पूछताछ की जाएगी।
दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज
विवाहिता ने पति समेत चार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस सारनाथ थाने में दर्ज कराया। गोला की बबिता यादव ने पुलिस को बताया कि चोलापुर के रौना खुर्द निवासी पति रामचंद्र यादव, ससुर दासु यादव, सास लालमणि देवी व ननद दहेज में तीन लाख रुपये के लिए प्रताड़ित करते हैं। मारपीट कर घर से निकाल दिया है। थाना प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है।
सुबह टहलने निकले बुजुर्ग की चारपहिया वाहन के धक्के से मौत
फूलपुर थाना क्षेत्र के रामपुर ओवरब्रिज के पास सोमवार सुबह रामआधार (65) की चारपहिया के धक्के से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वाहन चालक वाराणसी की ओर भाग निकला। रामपुर दलित बस्ती निवासी रामआधार सुबह टहलने के बाद सड़क किनारे खड़े थे, तभी तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने ओवरटेक करने के दौरान उन्हें धक्का मार दिया।
घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घर के पास हादसे की सूचना मिलते ही परिजन पहुंच गए। पुत्र राजेश ने पुलिस को सूचना दी। फूलपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सीसी कैमरों की मदद से जांच की जा रही है।
रास्ते को कब्जा करने और धमकी के मामले में केस दर्ज
रमना में रास्ते पर कब्जा करने और गालीगलौज, धमकी के मामले में सोमवार को लंका थाने में केस दर्ज किया गया है। रमना निवासी पीड़ित अधिवक्ता विशाल कृष्णमूर्ति ने पुलिस को बताया कि 18 जुलाई की सुबह 9.30 बजे पिता के साथ खेत की सफाई करने गया था। सफाई के दौरान बगल के रहने वाले आरोपी मनोज पटेल और पत्नी रेखा देवी आमजन के रास्ते को निजी बताते हुए घेरने लगे। विरोध करने पर गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी।
सद्भावना एक्सप्रेस में गूंजी किलकारी, महिला ने शिशु को दिया जन्म
सद्भावना एक्सप्रेस में रेलवे स्टाफ की मदद से सोमवार को महिला यात्री ने शिशु को जन्म दिया। जच्चा व बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि महिला यात्री खुशबू 14016 सद्भावना एक्सप्रेस में आनंद विहार टर्मिनल से चकिया की यात्रा कर रही थी।
शिवपुर स्टेशन के पास स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। टीटीई स्टाफ मो. परवेज अंसारी, जमील आलम ने वाराणसी स्टेशन से समन्वय स्थापित किया, जिससे ट्रेन के पहुंचने से पूर्व ही वहां चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो गई। जन्म के बाद 108 पर कॉल कर एंबुलेंस व स्ट्रेचर मंगवाकर यात्री को अस्पताल भिजवाया गया।
ट्रैक्टर से धूल उड़ने पर चालक समेत मजदूरों को पीटा, केस दर्ज
चौबेपुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव के पास ईंट लेकर जा रहे ट्रैक्टर से धूल उड़ने से नाराज लोगों ने चालक समेत मजूदरों की रविवार को पिटाई कर दी। चालक ने चार के खिलाफ केस दर्ज कराया है। मुनीर के रहने वाले ट्रैक्टर चालक वीरेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह काव्या ईंट भट्ठे से ईंट लेकर 20 जुलाई को दोपहर वाराणसी जा रहा था।
जयरामपुर गांव के पास ट्रैक्टर से धूल उड़ने पर बबलू यादव ने गालीगलौज की और ट्रैक्टर रुकवा कर चार अन्य मजदूरों को पाटा। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि बबलू यादव, गोलू यादव, राम लखन यादव, रजत यादव निवासी मुनारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बीएचयू के डॉक्टर ने केजीएमयू लखनऊ में पीजी कोर्स पर दी सलाह
आईएमएस बीएचयू के डॉ. संजय यादव ने लखनऊ में भारतीय आर्थोपेडिक एसोसिएशन के पीजी कोर्स में सुझाव दिए हैं। डॉ. यादव ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में आर्थोपेडिक्स में रेडियोलॉजी को अप्लाई करने और उसे समझने की बात कही। कार्यक्रम में मौजूद 100 डॉक्टरों ने प्रस्तुति को सराहा।
टीम ने जानकारी को भविष्य के अभ्यास और परीक्षाओं के लिए प्रासंगिक और व्यावहारिक भी बताया। डॉ. यादव ने कूल्हे की समस्या पर चर्चा की जिसमें आर्थोपेडिक अभ्यास में आने वाली जटिलताओं और चुनौतियों को बताया गया। इस सत्र में स्नातकोत्तर के छात्रों को अमूल्य शिक्षण अनुभव दिया गया।
यूपी कॉलेज प्रवेश परीक्षा में कम नंबर तो दूसरे कोर्स में मिलेगा प्रवेश
उदय प्रताप कॉलेज में बीएससी (ऑनर्स) कृषि और बीकॉम की प्रवेश परीक्षा में कम अंक आने से जिन अभ्यर्थियों को एडमिशन नहीं मिल सका उन्हें दोबारा मौका दिया जा रहा है। इसके तहत प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को चयनित कोर्स को बदलना होगा। कॉलेज की ओर से वेबसाइट पर सूचना जारी की गई है।
इच्छुक अभ्यर्थी बीएससी (फिजिक्स, मैथ) और बीए में प्रवेश ले सकते हैं। बीए के लिए 22 जुलाई और बीएससी के लिए 23 जुलाई को विज्ञान भवन के कक्ष संख्या 15 और 20 में पहुंचना होगा। यहां फीस जमा कर प्रवेश लिया जा सकता है।
पोषण सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए महिला किसानों को किया जागरूक
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) की ओर से सोमवार को फार्मर फर्स्ट परियोजना के तहत ग्राम पनियरा स्थित रिन्यू हब परिसर में पोषण सुरक्षा एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम समन्वयक और प्रधान वैज्ञानिक, डॉ. नीरज सिंह ने महिला किसानों के संतुलित आहार के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन प्रत्येक व्यक्ति को अपने भोजन में 350 ग्राम पत्ती, जड़ और फली वाली सब्जियां शामिल करनी चाहिए। प्रधान वैज्ञानिक, डॉ. डी.आर. भारद्वाज ने गृह वाटिका (किचन गार्डन) स्थापित करने के लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गृह वाटिका से न केवल बचत होती है बल्कि परिवार का स्वास्थ्य भी उत्तम रहता है। डॉ. भारद्वाज ने कहा कि महिलाएं समूहों में फूल, माला, अचार, मसाले और बीज प्रसंस्करण जैसे कार्य अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकती हैं।
प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एस. के. सिंह ने जैविक खेती के तरीकों पर जानकारी दी। उन्होंने सब्जियों को कार्बनिक विधि से उगाने, केंचुआ खाद बनाने और कीटों और पतंगों के नियंत्रण के लिए नीम का तेल, ट्रैप और प्रकाश प्रपंच (लाइट ट्रैप) जैसे प्राकृतिक तरीकों का उपयोग करने के बारे में बताया। इस अवसर पर उपस्थित महिला किसानों को सहजन के पौधे और किचन पैकेट बांटे गए।
जिले में बनेंगे दो नए अपना घर आश्रम
सामने घाट स्थित अपना घर आश्रम का विस्तार हाेने वाला है। यहां महिलाओं के लिए एक अलग आश्रम बनाने की तैयारी है। इसके लिए सामने घाट क्षेत्र में ही 24 बिस्वा जमीन चिन्हित कर ली गई है। आश्रम संचालक के. निरंजन ने बताया कि रामनगर में पीपीपी मॉडल पर बन रहे वृद्धाश्रम में भी अपना घर आश्रम के लिए जगह की मांग की गई है। सीडीओ हिमांशु नागपाल के माध्यम से जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार को पत्र दिया गया है।
के. निरंजन ने बताया कि सामने घाट स्थित आश्रम में 552 भिक्षुकों को जगह दी गई है। इनमें 207 महिलाएं हैं। बीते शनिवार को नोडल अधिकारी रमाशंकर पांडेय ने आश्रम के निरीक्षण के दौरान आश्रम के विस्तार के निर्देश दिए थे। इसके बाद रविवार को कमेटी की बैठक में जिले में दो और नए आश्रम बनाने के निर्णय पर मुहर लगी है।
नया आश्रम बन जाने से पुरुष और महिलाओं का आश्रय स्थल अलग-अलग होगा। इसमें 500 महिलाओं के रहने की व्यवस्था होगी। यहां महिलाओं की काउंसिलिंग के लिए अलग से काउंसलर नियुक्त होंगे। के. निरंजन ने बताया कि रामनगर में बन रहे वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को शिफ्ट किया जाएगा।
शिविरों में कांवड़िया को कराए जलपान, कांवड़ियों के धोए
सावन के दूसरे सोमवार को जगह-जगह कांवड़िया के अलावा सेवा शिविर भी लगे थे। संस्थाओं की ओर से शिविर में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को फलहार, भोजन व पानी आदि वितरण हुआ। राजातालाब मार्ग पर लगे शिविर में उनके पांव धोए।
मारवाड़ी युवा मंच वाराणसी के विजय खेमका के नेतृत्व में गोदौलिया पर कांवरियों को पूड़ी सब्जी और पानी पिलाए। मैदागिन, चौका, बांसफाटक, गोदौलिया, गिरजाघर, लक्सा, रथयात्रा, महमूरगंज, मंडुवाडीह, चांदपुर, रोहनिया, चितरईपुर, राजातालाब सहित सभी कांवड़ यात्रा मार्गों पर लगे शिविरों में कांवड़ियों की खासी भीड़ रही।
वहीं, मार्कंडेय महादेव में दर्शन पूजन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को गौरीशंकर महादेव मंदिर ढाका में स्वयंसेवी कार्यकर्ताओं ने फलाहार, मिष्ठान आदि दिया। सेवा में भाजपा नेता पवन चौबे, परेश पांडेय, परमानंद गिरी प्रधान, यशवंत गुप्ता, सौरभ पांडेय आदि लगे थे।
20 ग्राम पंचायतों में मिशन मोड पर होगा काम
मॉडल विकासखंड अभियान के तहत 20 ग्राम पंचायतों में मिशन मोड पर काम होगा। इन पंचायतों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्ययोजना बनाई गई है। इस कार्ययोजना के तहत पंचायतों में स्वच्छता कार्यक्रम किए जाएंगे। सभी ग्राम पंचायत को प्लास्टिक मुक्त घोषित करने का कार्य, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्ट करने का कार्य किया जाएगा।
सभी ग्राम पंचायतों में जन चौपाल के माध्यम जन योजना जैसे पेंशन, स्पॉन्सरशिप, कन्या सुमंगला, मातृ वंदना जैसी योजनाओं का लाभ लोगों को दिलाया जाएगा। सफाई कर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाकर हर गांव में 5-6 सफाई कर्मियों के माध्यम से बृहद अभियान चलाकर सफाई कराई जाएगी। सड़कों-गलियों को गड्ढा मुक्त कराया जाएगा, एक पेड़ मां के नाम से वृहद पौधरोपण कार्यक्रम कराया जाएगा।
जिले से बूथ तक कमेटी को मजबूत करने का लिया संकल्प
महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से संगठन सृजन के अंतर्गत कैंट विधानसभा के बनारसी मंडल की बैठक रामेश्वरी गोयल बालिका विद्यालय में सोमवार को हुई। इस दौरान पूर्व मंत्री स्व.रुस्तम सैटिन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का जन्मदिन भी धूमधाम से मनाया गया।
बैठक में महानगर कांग्रेस कमेटी,ब्लॉक कमेटी, मंडल कमेटी, बूथ कमेटी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का संयोजन महानगर महासचिव प्रमोद वर्मा और अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने की। इस दौरान गणेश शंकर पांडेय, दिग्विजय सिंह, वकील अंसारी, अरुण कुमार सोनी, अतुल मालवीय मौजूद रहे।
वाराणसी में उमस भरी गर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
हवा में 91 फीसदी नमी ने बढ़ाई उमस
बनारस की हवा में सोमवार को अधिकतम 91 फीसदी तक नमी दर्ज की गई। इससे उमस इतनी बढ़ गई कि पूरे दिन उलझन सी महसूस होती रही। वहीं, दिन और रात के तापमान का अंतर भी कम होकर महज 10 डिग्री रह गया है। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री ऊपर 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य के समान 26.5 डिग्री सेल्सियस तक चला गया।
हवा 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से बही। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को भी इसी तरह से उमस बनी रह सकती है, क्योंकि हवा में 90 फीसदी तक नमी बरकरार रहने का अनुमान लगाया गया है। वहीं, 24 से 27 जुलाई तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। बिजली गिरने और बादल गरजने संग बारिश होने की संभावना है।
नाविकों को पर्यटकों से व्यवहार का प्रशिक्षण देगा पर्यटन विभाग
काशी आने वाले पर्यटक यहां की अच्छी स्मृतियों और जानकारी देने के लिए पर्यटन विभाग संबंधित लोगों को प्रशिक्षण देगा। इसके तहत 200 नाविकों को राजघाट पर मंगलवार को प्रशिक्षण दिया जाएगा। संयुक्त निदेशक पर्यटन विभाग दिनेश सिंह ने बताया कि काशी में लगातार पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है।उन्होंने कहा कि काशी की संस्कृति और पर्यटन को बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण शुरू किया जा रहा है।
अच्छे बर्ताव और शालीन व्यवहार का प्रशिक्षण पर्यटन विभाग देगा। पहले दिन गंगा में नौका संचालन करने वाले नाविकों को राजघाट पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। मान्यवर कांशी राम पर्यटन प्रबंध संस्थान के सहायक प्रोफेसर प्रखर तिवारी ने बताया कि पर्यटन क्षेत्र रोजगार सृजन का काम करता है। इसे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण का माॅडल तैयार किया गया है।
पहले चरण में नाविकों को यहां के पर्यटन स्थलों से संबंधित कहानियों को कहने के तरीके बताए जाएंगे। इसके लिए एनडीआरएफ के अधिकारी और चिकित्सक गंगा में रेस्क्यू, प्राथमिक चिकित्सा की जानकारी देंगे। आईडीबीआई बैंक की अधिकारी यूपीआई से सुरक्षित लेनदेन की जानकारी देंगी।
60.74 लाख की लागत से 17 गलियों का होगा काया कल्प
दक्षिणी विधानसभा के हनुमानफाटक वार्ड में विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने 17 गलियों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। 60.74 लाख की लागत से करीब एक किमी तक गली की मरम्मत की जाएगी। गलियों में नया पत्थर बिछाने से पहले पीसीसी की मोटी परत बिछाई जाएगी। फिर उसके ऊपर नया पत्थर लगाया जाएगा। विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने मौके पर उपस्थित कार्यदायी संस्था के अधिकारी को तय समय में पूरी गुणवत्ता से काम करने के निर्देश दिए। इस दौरान बंटी गुप्ता, संदीप चौरसिया, रोहित जायसवाल, बृजेश जायसवाल उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में काशी के खिलाड़ियों ने जीते 37 पदक
लखनऊ के चौक स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय फेडरेशन कप कराटे प्रतियोगिता में वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकान कराटे अकादमी के 26 खिलाड़ियों ने 37 पदक जीते। चीफ कोच दिलीप सैनी ने बताया कि काता और कुमिते स्पर्धा यहां के खिलाड़ियों ने 14 स्वर्ण सेमत कुल 37 पदक जीतने में सफल रहें।
इसमें रितिका यादव, चंद्रभान मिश्र, शिवाय कुशवाहा, हर्षिता जायसवाल, यशस्वी मिश्र, शीतल सिंह चौहान, अनंत मौर्य, राजवीर सिंह, अनुराग यादव, आस्था कुमारी, अभिषेक चौहान, अंशिका मिश्रा, आयुषी मौर्या, आशुतोष मिश्रा ने जमाया। रजत पदक जीतने में आंचल पाल, अंजली शर्मा, वेदिका सैनी, अवंतिका सिंह, सूर्यांश यादव, अमन शर्मा, कार्तिकेय मिश्रा सफल रहे। विजेता खिलाड़ियों को राज्य कराटे संघ के महासचिव जसपाल सिंह ने बधाई दी। कहा कि आगामी प्रतियोगिता गोवा में आयोजित होगी।
समाज के जरूरतमंद वर्ग सशक्त बनाना लक्ष्य : ललित मोदी
रोटरी क्लब वृंदा का शपथ ग्रहण समारोह कैंटोमेंट के एक होटल में संपन्न हुआ। नए अध्यक्ष ललित मोदी की टीम को शपथ दिलाई गई। शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, गणेश वंदना और राष्ट्रगान से हुआ। इसके बाद डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. आशुतोष अग्रवाल और डिस्ट्रिक्ट की फर्स्ट लेडी डॉ. अनु अग्रवाल के आतिथ्य में ललित मोदी ने कार्यभार संभाला। राधा अग्रवाल सचिव, मीना सिंह कोषाध्यक्ष सहित कार्यकारिणी की टीम ने दायित्व ग्रहण किया।
रोटरी वृंदा की उन महिला सदस्यों को सम्मानित किया गया जो फर्स्ट लेडी ऑफ डिस्ट्रिक्ट पर कार्यरत हैं। डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने नई टीम को बधाई दी और क्लब के सेवा कार्यों की सराहना की। इस दौरान जन सेवा की योजनाओं की घोषणा की गई। ललित मोदी ने बताया कि रक्तदान शिविर, पौधरोपण, सर्वाइकल कैंसर जागरूकता और टीकाकरण अभियान चलेगा। कहा कि हमारी प्राथमिकता हमेशा समाज के सबसे ज्यादा जरूरतमंद लोगों की मदद करना है।
सेवा से समाज को सशक्त बनाना है। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी रोटेरियन दिनेश गर्ग, संजय अग्रवाल, प्रमोद कुमार ने भी नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएं दी। संचालन चार्टर प्रेसिडेंट अलका पोद्दार और धन्यवाद ज्ञापन अलका जैन ने किया। इस मौके पर श्वेता, रचना, पूनम, रीना, पूर्णिमा, ऊषा, स्वाति, सपना खंडेलवाल, रीनू, अदिति, अंजलि, साशी श्रीवास्तव, नीरजा रहीं।
नाव संचालन से रोकने पवर राजू केवट ने सीएम से लगाई गुहार
गंगा में नौका संचालन करने से रोके जाने के विरोध में मुकीमगंज निवासी राजू केवट ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है। उन्हाेंने बताया कि वे तेलियानाला और सक्का घाट पर कई पीढ़ियों से नौका संचालन करते आ रहे हैं। नगर निगम द्वारा लाइसेंस भी मिला है।
इसके बावजूद यहां के दबंग लोग नौका संचालन में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने शिवाला घाट के प्रमोद मांझी पर समाज को गुमराह करने का आरोप लगाया है। वहीं, प्रमोद मांझी ने कहा कि ये उनका पारंपरिक पेशा है। कोई दूसरे समाज का व्यक्ति यहां नाव नहीं चला सकता।
हरिश्चंद्र कॉलेज में तीन कोर्स की मेरिट लिस्ट जारी, 24 से काउंसिलिंग
हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में बीए, बीकॉम, बीएससी (गणित और बायो वर्ग) में प्रवेश के लिए सोमवार को मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई है। इसकी काउंसिलिंग 24 से 31 जुलाई तक होगी। बीए की पहली मेरिट में 44 से ज्यादा, वहीं पहली वेटिंग लिस्ट में 40 से ज्यादा अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। इनकी काउंसिलिंग 24 जुलाई को होगी। दूसरी वेटिंग मेरिट लिस्ट के 36 आवेदकों की काउंसिलिंग 25 जुलाई को होगी।
रिपोर्टिंग का समय सुबह 10.30 बजे : बीकॉम की काउंसिलिंग 29 से 30 जुलाई तक होगी। बीएससी (बायो और गणित वर्ग) की काउंसिलिंग 31 जुलाई को कराई जाएगी। महाविद्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सभी बुलाए गए अभ्यर्थियों को प्रवेश उपलब्ध सीटों के अनुसार ही मिलेगा। काउंसिलिंग में शामिल होने का मतलब प्रवेश मिलना नहीं है। रिपोर्टिंग का समय सुबह 10.30 बजे तय किया गया है। सीट आवंटित होने के बाद फीस ऑनलाइन कॉलेज के पोर्टल पर ही जमा करनी होगी।
कंपोजिट विद्यालय में बच्चों को बांटी गई खेल सामग्री
लोहता। काशी विद्यापीठ विकास खंड के कंपोजिट विद्यालय महेशपुर में सोमवार को स्कूली बच्चों को खेल सामग्री बांटी गई। बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक विमल कुमार चौधरी और उनके सहयोगियों ने बच्चों को कैरम बोर्ड, बैट-बॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन और लूडो जैसे खेलों के उपकरण दिए।
इस मौके पर वरिष्ठ प्रबंधक ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद भी आवश्यक है। इससे उनके मन और मस्तिष्क का विकास होता है। इस दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य शीला यादव, प्रोफेशनल लर्निंग कमेटी के सदस्य अमिताभ मिश्र, बैंक प्रबंधक प्रवीण कुमार मौजूद रहे।