फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: ज्ञानवापी...पुराने केस की सुनवाई पूरी, बिना अनुमति उड़ रहे चार ड्रोन सीज; पढ़ें खबरें

Tue, 04 Nov 2025 05:50 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी की अदालत में ज्ञानवापी से जुड़े वर्ष 1991 के केस की सुनवाई हुई। अब इस मामले में सात नवंबर को आदेश आ सकता है। वहीं, एंटी ड्रोन प्रणाली से चार ड्रोन को पकड़ा गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: सिविल जज (सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक) भावना भारती की अदालत में सोमवार को ज्ञानवापी से जुड़े वर्ष 1991 के पुराने मुकदमे की सुनवाई हुई। अदालत ने दोनों पक्षों की अर्जियों पर सुनवाई की और आदेश सुरक्षित कर लिया है। इस मामले में सात नवंबर को आदेश आ सकता है। बेटियों ने पक्षकार बनने की अर्जी भी लगाई है।

विज्ञापन


पुराने मुकदमे के वादी रहे स्वर्गीय हरिहर पांडेय की बेटियों की तरफ से वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी से संबंधित दो दस्तावेज मांगे गए हैं। इसमें एक दस्तावेज हाईकोर्ट में दाखिल याचिका और दूसरा सत्र न्यायालय में दाखिल निगरानी अर्जी से संबंधित है। इसे मुकदमे की पत्रावली में शामिल करने की मांग की गई थी। वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी ने इन दस्तावेजों को शामिल किए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई। इससे पहले अदालत वादमित्र को पद से हटाने संबंधी प्रार्थना पत्र खारिज कर चुकी है।

बिना अनुमति उड़ रहे चार ड्रोन सीज, मुकदमा दर्ज
देव दीपावली को लेकर उड़ान भरे रहे चार निजी ड्रोन को पुलिस ने सोमवार को एंटी ड्रोन प्रणाली से नीचे उतारकर सीज कर दिया। ड्रोन उड़ाने वाले चार युवकों पर दशाश्वमेध पुलिस ने दर्ज किया गया। डीसीपी क्राइम सरवणन टी ने बताया कि देव दीपावली पर गंगा क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। पुलिस ने आरोपी आशुतोष कुमार निवासी पटना (बिहार), शौर्या कुमार निवासी बक्सर (बिहार), अंकित संजय निवासी जलगांव (महाराष्ट्र) और सुवोदीप अदक निवासी पश्चिम बंगाल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 

विज्ञापन

गंगा का क्षेत्र बना नो फ्लाईजोन, ड्रोन उड़ाने पर रोक
देव दीपावली पर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर सोमवार को कैंप कार्यालय में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बैठक कर तैयारियों का खाका खींचा। बैठक में वीआईपी आगमन, भीड़ प्रबंधन, नौका संचालन, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर निर्देशित किया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सभी प्रमुख घाटों पर सुनियोजित बैरिकेडिंग करने, प्रवेश और निकास मार्ग चिह्नित करने को कहा। गंगा घाट क्षेत्र को नो-फ्लाई जोन घोषित किया। ड्रोन संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया। नौका संचालन को लेकर नाविकों को निर्धारित सवारी सीमा, नाव पर सवार लोगों को लाइफ जैकेट का अनिवार्य रूप से पालन कराना है। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को अनुभवी नाविकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिया।

रिश्वत लेते पकड़ी गईं महिला इंस्पेक्टर और आरक्षी की जमानत अर्जी खारिज
विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) पूनम पाठक की अदालत ने रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार महिला इंस्पेक्टर सुमित्रा देवी और महिला आरक्षी अर्चना राय की जमानत अर्जी सुनवाई के बाद खारिज कर दी। 17 अक्तूबर को भ्रष्टाचार निवारण वाराणसी की टीम ने दोनों पुलिसकर्मियों को 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। महिला थाने में दर्ज रिपोर्ट में नाम हटाने के लिए इंस्पेक्टर ने 20 हजार रुपये मांगे थे, पहले दस हजार देने पर नाम हटाने का आश्वासन दिया गया था। 

गाड़ी का तोड़ा शीशा केस दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के जवाहर नगर एक्सटेंशन निवासी कौशल चौधरी की कार का शीशा तोड़ने वाले अराजकतत्वों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष भेलूपुर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 25 अक्तूबर की सुबह 4 बजे कुछ लोगों ने कार के आगे और पीछे के शीशे पर पत्थर मारकर तोड़ दिया। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी। 

ससुराल से घर लौट रहे युवक की पिटाई, केस
भेलूपुर थाना क्षेत्र के ककरमत्ता इलाके में ससुराल से घर लौट रहे युवक की पिटाई की मामले में भेलूपुर पुलिस ने काली सोनकर, उत्कर्ष सिन्हा, सिद्धार्थ तिवारी, हार्दिक पांडेय, सूरज पंडित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ककरमत्ता निवासी विशाल शर्मा की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। 

ट्रॉली से दो सिलिंडर चोरी
सारनाथ थाना क्षेत्र के हिरामनपुर में सारनाथ गैस एजेंसी के गोदाम के पास सोमवार सुबह ट्रॉली से दो भरे हुए सिलिंडर चोरी हो गए। चालक राजकुमार पाल निवासी लेढ़ूपुर ने सारनाथ थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शिवानंद सिसौदिया ने बताया चौकी प्रभारी को जांच सौंपी गई है।

असलहा दिखाकर बच्चे को डराया, केस दर्ज
चौबेपुर के चांदपुर गांव में कुछ युवकों ने 12 साल के बच्चे को असलहा दिखाकर धमकाया और गालीगलौज की। पुलिस ने केस दर्ज जांच शुरू कर दी है। संजय सोनकर ने बताया कि 27 अक्तूबर की शाम गांव के बसंता, काजू सोनकर और हिमांशु उसके घर आकर झगड़ने लगे। बसंता ने असलहा दिखाकर उनके बेटे को डराया। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर नर्सिंंग की छात्रा से 3.50 लाख रुपये की ठगी
चौबेपुर के कैथी में नर्सिंग कॉलेज की छात्रा संगीता कुमारी से ऑनलाइन ठगी हो गई। साइबर ठगों ने विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3.50 लाख रुपये ले लिए। रामचंदीपुर निवासी छात्रा ने बताया कि 25 अक्तूबर की रात आठ बजे मोबाइल पर एक व्यक्ति का संदेश आया। खुद को विदेश में डॉक्टर बताया और कहा कि उसे मेडिकल क्षेत्र में नौकरी दिला सकता है। झांसे में आकर उसने रुपये दे दिए। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। 

रंजिश में युवक की पिटाई, छह पर मुकदमा दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के डंगहरिया गांव में रंजिश के चलते विवाद के मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। विजय कुमार का आरोप है कि 27 अक्तूबर को भेड़हा गांव निवासी अरविंद सिंह, मनीष सिंह समेत चार अज्ञात लोगों ने उसकी पिटाई दी। थाना प्रभारी मिर्जामुराद प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। 

बाजार के लिए निकली छात्रा लापता, केस दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव से बाजार निकली 11वीं की लापता हो गई। परिजनों ने अपहरण का केस दर्ज कराया। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार शाम वह बाजार जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन रात तक नहीं लौटी। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दोस्तों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।

गृहकर के लिए 400 से अधिक भवनों को नोटिस
नव विस्तारित इलाके के भवनों पर गृहकर तय करने का काम शुरू किया गया है। इसके लिए मांडवी जोन के 400 से अधिक भवनों को नोटिस भेजा जा चुका है। यह नोटिस जोनल अधिकारी इंद्र विजय सिंह की ओर से भेजा गया है। नोटिस में नगर निगम की ओर से अपील की गई है कि वे अपने भवन से संबंधित अभिलेख लेकर ऋषि मांडवी जोन पर उपलब्ध कराकर अपने भवनों का पंजीकरण कराएं। 20 से अधिक भवनों के स्वामियोें ने पंजीकरण कराया है। नोटिस के बाद 15 दिन का समय दिया गया है।

साइन सिटी इंफ्रा कंपनी के मालिक समेत दो पर धमकाने का केस दर्ज
जमीन की ठगी और धमकी देने के मामले में साइन सिटी इंफ्रा कंपनी के डायरेक्टर राशिद नसीम और उसके सहयोगी राजू चौरसिया के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर कैंट थाने में सोमवार को दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज हुए हैं। 

कबीरनगर निवासी उपेंद्र कुमार जायसवाल का आरोप है कि कंपनी के डायरेक्टर पर 27 अक्तूबर 2024 को पहले से केस दर्ज है। उसके बाद से ही राशिद और राजू चौरसिया फोन और व्हाट्सएप पर धमकी दे रहे हैं। चंदौली के शास्त्रीनगर निवासी रेखा गुप्ता ने आरोप लगाया कि 27 अक्तूबर 2024 को जमीन की धोखाधड़ी के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद राशिद और राजू ने उन्हें और उनके परिवार को धमकी दी है। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है।

अलमारी तोड़कर गहने, मोबाइल और नकदी चोरी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के सोयेपुर में रविवार रात चोरों ने एक घर को खंगाल डाला। चोर अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के गहने, छह हजार की नकदी और मोबाइल लेकर भाग गए। आदित्य पांडेय ने बताया कि रात दो बजे के बाद चोरी ने घर में घुसकर वारदात की। सूचना पर पहुंची लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने जांच पड़ताल की। आसपास सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को भी खंगाला। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।

जलकल में महाप्रबंधक के विरोध में कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश जलकल कर्मचारी महासंघ और उत्तर प्रदेश जल संस्थान कर्मचारी महासंघ ने सोमवार को जलकल विभाग में प्रदर्शन किया गया। कर्मचारियों ने जलकल के महाप्रबंधक की बुद्धि शुद्धि के लिए हनुमान चालीसा का पाठ किया। वक्ताओं ने कहा कि संघ ने जलकल के राजस्व कर्मचारियों को बिना किसी शासनादेश के नगर निगम के अधीन करने पर विरोध जताया और महाप्रबंधन को कई बार पत्र लिखा। इसके बावजूद ये मामला अब तक सुलझाया नहीं जा सका। प्रदर्शन में अवधेश नारायण चतुर्वेदी, ओमप्रकाश शर्मा, सुरेंद्र श्रीवास्तव, मणिभूषण शुक्ला, नागेंद्र प्रताप सिंह, आलोक भट्टाचार्य आदि शामिल रहे।

मार्कंडेय महादेव मंदिर के 83वें वार्षिकोत्सव पर उमड़े श्रद्धालु
कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर का वार्षिकोत्सव सोमवार को कार्तिक शुक्ल पक्ष त्रयोदशी पर धूमधाम से मनाया गया। वार्षिकोत्सव पर मार्कंडेय महादेव मंदिर, गर्भगृह, परिसर की विधिवत सफाई कर रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। पूर्वांचल के वाराणसी, गाजीपुर,मऊ, बलिया, गोरखपुर, देवरिया समेत कई जनपदों के श्रद्धालुओं की भीड़ त्रयोदशी व बाबा के 83वें वार्षिकोत्सव में पहुंची। 

मार्कंडेय महादेव गोस्वामी समाज की ओर से बाबा का भव्य शृंगार रात आठ बजे हुआ। मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर स्वामी भवानी यतीनंदन महाराज रहे। इसके बाद मार्कंडेय महादेव शृंगार का झांकी दर्शन शुरू हुआ। इसके बाद रैन बसेरे में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। पूर्वांचल के जिलों से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। परिसर में मुख्य अतिथि के प्रवचन के उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। इसमें पूर्वांचल के कलाकार शामिल हुए।

रामचरितमानस पाठ के बाद हुआ भंडारा
चेतगंज स्थित प्राचीन सिद्धपीठ सत्ती माता मंदिर में दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का सोमवार को समापन हुआ। प्रथम दिवस की शुरुआत सत्यनारायण कथा से हुई थी। इसके बाद श्रीरामचरितमानस का पाठ हुआ। मंदिर के प्रधान पुजारी महेंद्र गिरी महाराज ने बताया कि आयोजन मंदिर में प्रत्येक रविवार को होने वाले सुंदरकांड पाठ के एक साल पूरे के उपलक्ष्य पर किया जाता है। अनुष्ठान के द्वितीय दिवस पर यज्ञ, पूजन और भंडारा हुआ। महंत महेंद्र गिरि महाराज के साथ श्री चेतगंज रामलीला समिति के अध्यक्ष अजय गुप्ता, राजेश निगम, गौरव निगम, अजीत निगम, शक्ति निगम, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, अजय राय उपस्थित रहे। 

सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष का काशी में हुआ स्वागत
सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व फतेहपुर सांसद नरेश उत्तम पटेल का सोमवार को कछवा बाजार में व्यापारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कछवा रोड युवा उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के नेतृत्व में माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने ग्रामीणों व व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। 

उन्होंने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती से वंचित 18 हजार अभ्यर्थी धरना प्रदर्शन कर रहे हैं और पुलिस उन पर लाठी बरसा रही है। आने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के पक्ष में समर्थन करने की अपील की। इस अवसर पखंडी बिंद, अमरनाथ यादव, रितेश केसरी, कमालुद्दीन, प्रेमचंद जायसवाल, दशरथ यादव, मोहन गुप्ता, पुजारी बिंद आदि मौजूद रहे। 

सीडीओ ने किया सगुनहा का औचक निरीक्षण
सीडीओ प्रखर कुमार सिंह ने सोमवार को सगुनहा ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालय और प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए एक दिन में शौचालय की सफाई और सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए। टिन शेड की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए मरम्मत कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान डीपीआरओ आदर्श, एडीओ पंचायत सुनील कुमार सिंह मौजूद रहे।

बीएचयू के प्रोफेसर को मुंबई में मिला एकेडमी ल्यूमिनरी अवार्ड
बीएचयू के राजीव कुमार दुबे को मुंबई में इंडिया ऑथर्स एकेडमी ल्यूमिनरी अवार्ड 2025 पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान टाइम मैनेजमेंट पर लिखी किताब क्लॉक-वाइज: स्किल्स एंड स्टेटिज फॉर इफेक्टिव टाइम मैनेजमेंट के लिए दिया गया। डॉ. दुबे बीएचयू अस्पताल में एनेस्थिसियोलॉजी और क्रिटिकल केयर में प्रोफेसर हैं। उन्होंने कविता, आध्यात्मिकता, नेतृत्व और मानसिक कल्याण पर कई किताबें लिखी हैं।

24 घंटे में 13 सेंटीमीटर बढ़ा गंगा का जलस्तर
गंगा के जलस्तर में एक बार फिर बढ़ोतरी होने लगी है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 13 सेमी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। रात 9 बजे गंगा का जलस्तर 62.41 मीटर दर्ज किया गया था। गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी जारी है। दो नवंबर को जलस्तर 62.28 मीटर रहा।

गंगा घाटों पर अब पर्यटकों और सैलानियों के लिए मुश्किलें बढ़ गई है। घाटों का आपस में एक बार फिर संपर्क टूट गया है। भदैनी घाट से लोग अब जानकी घाट तक नही जा पा रहे है। वहीं निषाद राज घाट पर गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण बहुत ही कम जगह बची है। जिससे देव दीपावली पर भीड़ बढ़ने के कारण हादसे होने की आशंका बढ़ गई है। शिवाला घाट से हनुमान घाट के बीच भी दिक्कतें बढ़ गई है। पंपवा घाट से भदैनी घाट के बीच बैरिकेडिंग लगाई गई है।

वसंत महिला महाविद्यालय में छात्राएं सीख रहीं लिखने की कला
राजघाट के वसंत महिला महाविद्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के परिप्रेक्ष्य में कॅरिअर उन्नयन के लिए आलेख लेखन विषय पर एमएड पहले सेमेस्टर की छात्राओं के लिए दो दिवसीय कार्यशाला शुरू हुई। इस कार्यशाला में छात्राओं को लेखन संबंधी व्यवहारिक कार्य दिए गए। इसकी समीक्षा दूसरे दिन विशेषज्ञ करेंगे। 

कॉलेज के शिक्षा विभाग और राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की ओर से हुए इस कार्यक्रम में प्रो. सुनील कुमार सिंह ने वर्तमान शिक्षा नीति की पृष्ठभूमि में छात्राओं को बेहतर लेखनी की बारीकियां और शैक्षणिक अभिव्यक्ति सिखाई। एनसीईआरटी की प्रो. वरदा मोहन निकलजे ने प्राइमरी टीचर शोध पत्रिका में प्रकाशन के लिए जरूरी बिंदुओं को उदाहरण सहित स्पष्ट किया। विभाग की प्रमुख प्रो. सुजाता साहा और प्रो. जय सिंह ने वक्ताओं को सम्मानित किया। प्रो. आशा पांडेय सहित शिक्षा विभाग के सभी 12 प्राध्यापक कार्यशाला में उपस्थित थे।

देव दीपावली पर काशी में होंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
देव दीपावली पर इस बार भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी पहुंचेंगे। पुलिस प्रशासन के मुताबिक वह पांच नवंबर को दोपहर बाद बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से पुलिस लाइन और फिर सर्किट हाउस पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। इसके बाद शाम को क्रूज से वह देव दीपावली का नजारा देखेंगे। 

इसी से वह गंगा आरती देखेंगे। देव दीपावली कार्यक्रम के बाद श्रीकाशी विश्वनाथ और बाबा काल भैरव का दर्शन पूजन करेंगे। छह नवंबर की सुबह वह प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों को परखेंगे और शाम को लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
विज्ञापन

दिन-रात में तापमान में 11 डिग्री का फर्क
पछुआ हवा के प्रभाव से जिले में रात के दौरान ठंड बढ़ गई है। दिन और रात के बीच तापमान का फर्क 11 डिग्री सेल्सियस तक हो गया है। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री ज्यादा 31.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री नीचे 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा 9 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बही। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिन में बनारस प्रदेश का पांचवां सबसे गरम जिला रहा। मौसम साफ रहने का अनुमान है। 

आज से 6 नवंबर तक होगी बिजली कटौती
लहरतारा से रविंद्रपुरी होते हुए विजया सिनेमा तक सड़क चौड़ीकरण का काम किया जाएगा। जगह जगह यूटिलिटी शिफ्टिंग जैसे खंभे, ट्रांसफाॅर्मर और तारों को शिफ्ट किया जाएगा। इस कारण आज से 6 नवंबर तक सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक बिजली कटौती की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें