विवाहिता का फंदे पर लटका मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर में विवाहिता प्रतिभा सिंह उर्फ गुंजन (23) ने बुधवार की देर शाम कमरे में फंदे पर लटक जान दे दी। मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रोहनिया के गंगापुर बसंतपट्टी निवासी प्रतिभा की शादी भगवानपुर निवासी राहुल राय से 21 अप्रैल 2024 को हुई थी। प्रतिभा के भाई प्रिंस का आरोप है कि बहन की योजनाबद्ध तरीके से हत्या के बाद शव पंखे की कुंडी से दुपट्टे के सहारे लटका दिया गया। पंखे की ऊंचाई लगभग चार फीट है। पंखे का तार भी काट लिया गया था कि कोई चला न सके। बहन की दहेज की मांग को लेकर हत्या की गई है। पति राहुल के छोटे भाई शुभम ने शाम 6 बजे मां सीमा सिंह को फोन पर सूचना दी कि भाभी ने खुदकुशी कर ली है।
मां सीमा सिंह ने पुलिस को बताया कि बेटी डेढ़ माह की गर्भवती भी थी। उसे मारा गया है। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
चाय बेचने वाले ने कुएं में कूदकर दी जान
सिगरा थाना क्षेत्र के शिवपुरवा के गांधी चबूतरा में कुएं में बुधवार दोपहर बबलू गुप्ता (42) ने कूदकर जान दे दी। पत्नी से मनमुटाव के बाद बबलू ने यह कदम उठाया। एनडीआरएफ ने कुएं से शव को बाहर निकाला और पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बबलू की महमूरगंज पुलिस चौकी के पास चाय की दुकान थी।
महमूरगंज तुलसीपुर का रहने वाला बबलू गुप्ता दोपहर डेढ़ बजे कुएं के पास पहुंचा। पास में कुछ बच्चे खेल रहे थे। बबलू बिना किसी से कुछ कहे 60 फीट गहरे कुएं में कूद गया। बच्चों ने आसपास के लोगों को सूचना दी। लोगों ने रस्सी फेंकी, लेकिन बबलू ने उसे नहीं पकड़ा। पार्षद सिंधू सोनकर की सूचना पर पुलिस और एनडीआरएफ ने शव बाहर निकाला। पर्स में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की और परिजनों को सूचना दी गई। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि पत्नी से मनमुटाव के बाद बबलू ने कदम उठाया।
पति के खिलाफ दर्ज कराया केस
पति के खिलाफ पत्नी ने कैंट थाने में मंगलवार रात उत्पीड़न का केस दर्ज कराया। जुली सिंह ने पुलिस को बताया कि जौनपुर के सुरेरी काकोपुर निवासी पति ओमप्रकाश सिंह उर्फ बंटी काफी प्रताड़ित करते हैं। तंग आकर पांडेयपुर के लक्ष्मीनगर कॉलोनी में किराये के मकान में रहने लगी। 22 जुलाई को पति कमरे पर आए और मारपीट की। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
जलनिगम की टंकी पर लगी 12 बैटरी चोरी
लोहता थाना क्षेत्र के लखमीपुर गांव में जल जीवन मिशन के पंप से मंगलवार रात 12 बैटरी चोरी हो गई। ऑपरेटर दीपचंद पटेल ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह सात बजे जब ट्यूबवेल पहुंचा तो देखा 24 बैटरी में से 12 चोरी थी। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है।
रेस्टोरेंट संचालक के कमरे का ताला तोड़कर चोरी
शिवपुर थाना क्षेत्र के खुशहाल नगर सेक्टर-ए लेन नंबर दो में मंगलवार की रात रेस्टोरेंट संचालक आलोक कुमार सिंह के किराये के कमरे का ताला तोड़कर चोरी हो गई। पीड़ित के अनुसार 20 हजार नकदी और पांच लाख के आभूषण चोरी हुए। बुधवार को पहुंची पुलिस ने छानबीन की है।
पीड़ित शिवम सिंह ने पुलिस को बताया कि जीजा आलोक कुमार सिंह और दीदी 18 जुलाई को मथुरा घूमने गई। बुधवार की सुबह किराये के मकान पर पहुंचा तो दरवाजे की कुंडी तोड़कर चोरी की गई। आलमारी में 20 हजार नगद व 5 लाख के कीमती आभूषण नदारद थे। शिवपुर इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा ने बताया कि सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
दुकान का ताला तोड़कर चोरी
जंसा थाना क्षेत्र के शंभूपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास किराने की दुकान में मंगलवार रात चोरी हो गई। 10 हजार नकद और मोबाइल चोरी हुई। पीड़ित दुकानदार शंभूपुर गांव निवासी कुंदन मिश्रा ने बुधवार को थाने में तहरीर दी।
बभनपुरा में जुआ के अड्डे पर पुलिस का छापा, जुआड़ी भागे, बुलेट-बाइक बरामद
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बभनपुरा गंगा नदी किनारे जुए के अड्डे पर बुधवार देर शाम पुलिस ने छापा मारा। मौके से पुलिस ने एक युवक को पकड़ा। बुलेट समेत तीन बाइक बरामद की। बभनपुरा गांव में रिंगरोड के पास एक अर्द्धनिर्मित मकान के बाहर बाइक खड़ी कर कुछ लोग अंदर पहुंचे और खेल शुरू हो गया। ग्रामीणों ने चौकी प्रभारी चांदपुर को सूचना दी। पुलिस जब पहुंची तो सभी भाग निकले। एक बुलेट सहित तीन बाइक जब्त कर पुलिस ने एक युवक को पकड़ा।
मार्कंडेय महादेव मंदिर में महिला की चेन छीनी
चौबेपुर के मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए आए खलीलाबाद संत कबीरनगर के निवासी सबल मित्र की पत्नी की चेन छीन ली। बुधवार शाम जलाभिषेक के लिए वह पहुंची थी। पीड़िता ने बताया कि चेन 10 ग्राम की थी। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे की मदद से जांच की जा रही है।
गैर इरादतन हत्या में वांछित भेजा गया जेल
गैर इरादतन हत्या में वांछित विशाल यादव उर्फ़ बंगड़ू निवासी तांतेपुर को पुलिस ने मिल्कोपुर अंडरपास के पास से बुधवार को गिरफ्तार किया। उसे जेल भेज दिया गया। पिछले 20 जुलाई को गंगा नदी में नाव पर जाते वक्त दो पक्षों में वाद विवाद हो जाने के कारण वह अपने साथी विक्रम को गंगा नदी में फेंक दिया था, जिसका थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि गैर इरादतन हत्या के मुकदमे में विशाल फरार चल रहा था।
अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार
चौबेपुर के राजवारी गांव से बुधवार को एक युवक को 10 लीटर कच्ची शराब के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक प्रदीप कुमार निवासी धौरहरा का है।
रामाशंकर यादव।
- फोटो : अमर उजाला
हेड कांस्टेबल का हार्टअटैक से निधन, गार्ड ऑफ ऑनर दिया
चौबेपुर थाना क्षेत्र के छितौना निवासी यूपी पुलिस में हेड कांस्टेबल रामाशंकर यादव (49) का मंगलवार रात एक निजी अस्पताल में हार्ट अटैक से निधन हो गया। वर्तमान में वह सोनभद्र में तैनात थे। परिजनों ने बताया कि एक सप्ताह पहले 20 दिन की छुट्टी लेकर रामाशंकर घर आए थे। सुबह सीने में अचानक तेज दर्द हुआ।
शहर के एक निजी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया। बुधवार को सरसौल बलुआ घाट पर उनका अंतिम संस्कार हुआ। चौबेपुर पुलिस ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। चौकी प्रभारी लल्लन सिंह के नेतृत्व में साथी पुलिसकर्मियों ने शस्त्र उल्टा कर गार्ड ऑफ ऑनर दिया। पुत्र अभिनव ने मुखाग्नि दी। पत्नी आशा देवी और पुत्री निधि बेसुध रहीं।
बालिका के संग छेड़खानी, मुकदमा दर्ज
चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार शाम दस साल की बच्ची से छेड़खानी का मामला सामने आया है। बालिका की मां ने युवक के खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी उपेंद्र प्रसाद निवासी शिवदशां के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
चोरी के माल के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश
चोरी के दो आरोपियों को रामनगर पुलिस ने मंगलवार रात भीटी ढूंढराज के पास से गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से चोरी का माल मिला। बुधवार को एसीपी कोतवाली प्रज्ञा पाठक ने बताया कि दोनों आरोपी साहित्यनाका बघेली टोला निवासी मोहम्मद सुहेल और करन पटेल है। तीसरा आरोपी मो. शाहरुख उर्फ शमीम अनवर है, जो लोहे की रिंग्स स्कॉर्पियो में ले जाते हुए सीसीकैमरे में कैद हुआ है।
पुलिस उसकी तलाश कर रही है। दोनों के कब्जे से चोरी की दो वेल्डिंग मशीन, एक ग्राइंडर मशीन व एक कटर मिला है। 28 जून को थाना क्षेत्र के बघेली टोला में वेल्डिंग करने वाले राजकुमार गुप्ता के निर्माणाधीन मकान में चोरी हुई थी। आरोपियों ने वेल्डिंग मशीन कटर सहित अन्य सामान पार कर दिए थे।
पीएसी जवानों ने गंगा में डूब रहे व्यक्ति को बचाया
36वीं वाहिनी पीएसी रामनगर के जवानों ने बुधवार को सिद्धार्थ डे (25) को सिंधिया घाट में डूबने से बचाया। पश्चिम बंगाल के सोनारपुरा निवासी सिद्धार्थ डे अचानक डूबते हुए सिंधिया घाट की ओर पहुंच गए थे।
पांच किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त, 6 हजार का जुर्माना
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर रामनगर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। क्षेत्रीय स्वास्थ्य निरीक्षक राजनाथ सिंह यादव और मैनेजर प्रीति सिंह ने बताया कि क्षेत्र में कई दुकानदार प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग कर रहे हैं।
नगर निगम की टीम ने 5 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त कर 6 हजार का जुर्माना लगााया। स्वच्छता टीम ने घर-घर जाकर सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ का नारा देकर लोगों को जागरूक किया। सड़क पर कूड़ा न फेंकने की अपील की गई। 300 घरों में गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग रखने के बारे में बताया।
जल निगम की टंकी पर लगी 12 बैटरी चोरी
लोहता थाना क्षेत्र के लखमीपुर गांव में जल जीवन मिशन के पंप से मंगलवार रात 12 बैटरी चोरी हो गई। ऑपरेटर दीपचंद पटेल ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह सात बजे जब ट्यूबवेल पहुंचा तो देखा 24 बैटरी में से 12 चोरी थी। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है।
रेस्टोरेंट संचालक के कमरे का ताला तोड़कर चोरी
शिवपुर थाना क्षेत्र के खुशहाल नगर सेक्टर-ए लेन नंबर दो में मंगलवार रात रेस्टोरेंट संचालक आलोक कुमार सिंह के किराये के कमरे का ताला तोड़कर चोरी हो गई। पीड़ित के अनुसार, 20 हजार नकदी और पांच लाख के आभूषण चोरी हो गए। बुधवार को पहुंची पुलिस ने छानबीन की है।
पीड़ित शिवम सिंह ने पुलिस को बताया कि जीजा आलोक कुमार सिंह और दीदी 18 जुलाई को मथुरा घूमने गई थी। बुधवार सुबह किराये के मकान पर पहुंचा तो दरवाजे की कुंडी तोड़कर चोरी की गई। अलमारी में 20 हजार नगद व 5 लाख के कीमती आभूषण लापता थे। शिवपुर इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा ने बताया कि सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
रोडवेज बस स्टैंड से 8 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार
देसी शराब की तस्करी के आरोपी को सिगरा पुलिस ने मंगलवार रात रोडवेज बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 40 पाउच देसी शराब कुल आठ लीटर बरामद हुई। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जौनपुर सराय ख्वाजा थाना खम्हौरा का शोभा सोनकर है। वह देसी शराब की खेप बिहार ले जाने की फिराक में था। पूछताछ में शोभा ने कबूला कि वह बिहार में ऊंचे दाम पर देसी शराब की बिक्री करता, लेकिन उससे पहले पकड़ा गया।
पशु तस्करी गिरोह का सरगना गिरफ्तार
पशु तस्कर और गैंगस्टर के मुकदमे के आरोपी चक्रपानपुर मिर्जामुराद निवासी राजन बिंद को पुलिस ने बुधवार को भदवर से गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि गैंगस्टर का आरोपी राजन बिंद पशु तस्कर है और गिरोह का सरगना है।
ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी से गालीगलौज
काशी विश्वनाथ मंदिर की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड विजय कुमार पाठक को ड्यूटी के दौरान बुधवार को अज्ञात नंबर से फोन कर गालीगलौज की गई। विजय ने चौक पुलिस को बताया कि वह काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 पर ड्यूटी पर तैनात था। फोन करने वाले ने खुद को सूरज मिश्रा बताया और बातचीत के दौरान लगातार गालीगलौज करता रहा। चौक इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि अनजान नंबर की जांच कराई जा रही है।
दो बाइक की टक्कर में तीन कांवड़िये घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजुरी गांव में नेशनल हाइवे के कांवडिया आरक्षित लेन पर बुधवार शाम डाक बम कांवरियों की दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। बाइक सवार तीन कांवड़िये घायल हो गए। कछवा रोड निवासी आयुष मोदनवाल (15) , पवन मोदनवाल (18) और कुशवंत बिंद (22) को खजुरी के निजी अस्पताल भर्ती कराया गया। यह बाबा विश्वनाथ को जल चढ़ाकर घर लौट रहे थे।
धोखाधड़ी के मामले में तीन के खिलाफ केस दर्ज
संपत्ति विवाद को लेकर धोखाधड़ी, कूटरचना और न्यायालय के आदेश की अवमानना के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ लालपुर पांडेयपुर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित गौतमबुद्ध नगर कॉलोनी, पहड़िया निवासी जयप्रकाश मिश्र ने केस दर्ज कराया। जयप्रकाश ने बताया कि उनके भाई श्री प्रकाश मिश्र और ओमप्रकाश मिश्र व उनकी पत्नी रीता के बीच पारिवारिक समझौते के आधार पर मकान के बंटवारे को लेकर न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया गया था।
न्यायालय ने 17 दिसंबर 2018 को आदेश में स्पष्ट किया कि मकानों में तीनों पक्षों का अंश निर्धारित होगा। आरोप है कि आदेश के अनुपालन में उन्होंने नगर निगम, वरुणा पार में संबंधित मकानों पर अपना नाम दर्ज करा लिया था, लेकिन इसी दौरान श्रीप्रकाश, कुसुम और रिषभ ने षड्यंत्र रचकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और पूरी संपत्ति को अपने नाम कराने का प्रयास किया, जो न्यायालय के आदेश की अवमानना है। लालपुर-पांडेयपुर इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।
धोखाधड़ी मामले में तीन के खिलाफ केस दर्ज
संपत्ति विवाद को लेकर धोखाधड़ी, कूटरचना और न्यायालय के आदेश की अवमानना के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ लालपुर पांडेयपुर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित गौतमबुद्ध नगर कॉलोनी, पहड़िया निवासी जयप्रकाश मिश्र ने केस दर्ज कराया। पीड़ित जयप्रकाश मिश्र ने पुलिस को बताया कि उनके भाई श्रीप्रकाश मिश्र और ओमप्रकाश मिश्र व ओमप्रकाश की पत्नी रीता मिश्र के बीच पारिवारिक समझौते के आधार पर मकान के बंटवारे को लेकर न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया गया था।
न्यायालय ने 17 दिसंबर 2018 को पारित आदेश में स्पष्ट किया कि संबंधित मकानों में तीनों पक्षों का अंश निर्धारित होगा। जयप्रकाश का आरोप है कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में उन्होंने नगर निगम, वरुणापार में संबंधित मकानों पर अपना नाम दर्ज करा लिया था, लेकिन इसी दौरान श्रीप्रकाश मिश्र, कुसुम मिश्र और रिषभ मिश्र ने षड्यंत्र रचकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और पूरी संपत्ति को अपने नाम कराने का प्रयास किया, जो न्यायालय के आदेश की अवमानना है।लालपुर-पांडेयपुर इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।
हरदतपुर स्टेशन पर बिना टिकट 200 यात्री पकड़े
वाराणसी के हरदतपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को जांच अभियान में 200 यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते पकड़ा गया। बनारस–प्रयागराज रामबाग रेल खंड पर चलने वाली चौरीचौरा एक्सप्रेस, बनारस-पुणे ज्ञानगंगा एक्सप्रेस, नई दिल्ली-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस, बनारस-लोकमान्य तिलक सुपरफास्ट एक्सप्रेस में अभियान चलाया गया। सहायक वाणिज्य प्रबंधक डीके सिंह ने बताया कि अभियान में 78,540 रुपये का जुर्माना वसूल कर छोड़ दिया गया।
प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों से मिले पुलिस आयुक्त
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने अनुभव साझा किए। भारत दर्शन कार्यक्रम के तहत कमिश्नरेट प्रणाली और पुलिसिंग के गुर समझाएं। कमिश्नरेट की संरचना, कार्यपद्धति, प्रमुख इकाइयों जैसे यातायात प्रबंधन, डॉयल 112, तकनीकी रूप से सशक्त एसओजी व सर्विलांस टीम, ड्रोन और एंटी-ड्रोन प्रणाली, वीवीआईपी सुरक्षा आदि की जानकारी साझा की।
प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। साइबर अपराध के नए तरीकों से निपटने के लिए तकनीकी दक्षता और अपराधियों से एक कदम आगे सोचने की आवश्यकता पर जोर दिया। पुलिस आयुक्त ने प्रशिक्षुओं अधिकारियों को बताया कि प्रशिक्षण के दौरान जिलों व मुख्यालयों का भ्रमण, चुनौतियों से जूझने की तैयारी का आधार बनता है।
भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर त्वरित कार्यवाही और प्रभावी पैरवी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होती है। कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त (अपराध) सरवणन टी., अपर पुलिस उपायुक्त (वरूणा जोन) नीतू, ईशान सोनी मौजूद रहे।
आठ में सात सदस्य स्थानीय, विधि क्षेत्र से कोई नहीं
बीएचयू की ईसी में आठ में से सात सदस्य स्थानीय हैं। विधि विशेषज्ञ भी नामित नहीं किए गए। एक पूर्व प्रोफेसर ने बताया कि बीएचयू में हर तीन साल में ईसी के सदस्यों को चुनने की परंपरा रही है। हर बार देखा गया कि पांच सदस्य बाहर से आते थे, बाकी तीन स्थानीय थ्ते थे। इस बार दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह को छोड़कर बाकी सभी सदस्य बनारस के ही हैं। ईसी में एक सदस्य विधि क्षेत्र का होता है। एक महिला, ओबीसी और एससी-एसटी का भी प्रतिनिधित्व होता है। ये परंपरा 60 साल पहले से गोदालियर कमेटी की रिपोर्ट के बाद शुरू की गई थी लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ।
सामान्य से भी 3.2 डिग्री ज्यादा रहा तापमान
बनारस में उमस भरी गर्मी अपने चरम पर है। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री ऊपर 36.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री ऊपर 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे दिन तीखी धूप ने सूखे मौसम से भी ज्यादा बेहाल किया। हवा में नमी 90 फीसदी तक दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बनारस में अगले 5 दिनों तक हल्की बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। बनारस में एक जून से 23 जुलाई के बीच 391.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह सामान्य के मुकाबले 30 फीसदी ज्यादा ही है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो दिन तक बेहद छिटपुट बरसात ही हो सकती है।
माध्यमिक शिक्षक संघ ने ऑफलाइन स्थानांतरण सूची जारी करने की मांग की
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व शिक्षक विधायक और प्रदेश अध्यक्ष चेतनारायण सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) से लखनऊ में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों के ऑफलाइन स्थानांतरण की सूची घोषित करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सूची जारी न होने से शिक्षकों के बीच अनिश्चितता और भ्रम की स्थिति बनी है।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी विवेक कुमार सिंह ने संघ ने एनपीएस (राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली) को अपडेट करने और लंबित भुगतानों को तुरंत जारी करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने एनपीएस से ओपीएस (पुरानी पेंशन योजना) में स्विच करने वाले शिक्षकों के लिए जीपीएफ (सामान्य भविष्य निधि) खाते खोलने और एनपीएस कटौती को स्थानांतरित करने जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं पर चर्चा की।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय।
- फोटो : अमर उजाला
संस्कृत विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षा देंगे 14710 विद्यार्थी
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं 25 जुलाई से देश भर में बने 356 केंद्रों पर करवाई जाएगी। इसमें 14710 विद्यार्थी शामिल होंगे। विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा केंद्रों की सूची फाइनल करने के साथ ही केंद्रों को कॉपी, पेपर भिजवा दिया गया है। बुधवार को 230 केंद्रों से आए केंद्राध्यक्ष पेपर सहित अन्य गोपनीय सामग्री ले गए।
विश्वविद्यालय की ओर से सत्र 2024-2028 के चार वर्षीय आठ सेमेस्टर वाले पाठ्यक्रम के द्वितीय सेमेस्टर और सत्र 2022-2025 के तीन वर्षीय छह सेमेस्टर वाले संस्थागत/ व्यक्तिगत/ भूतपूर्व/ बैंक/ श्रेणी सुधार/ एकविषयक विद्यार्थियों की परीक्षा 25 जुलाई से 6 अगस्त तक चलेगी। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश और इसके बाहर के राज्यों में कुल 356 केंद्र बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को 230 केंद्राध्यक्ष/प्राचार्य विश्वविद्यालय आए और कॉपी, पेपर सहित अन्य गोपनीय सामग्री लेकर गए। इसमें राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, सिक्किम, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, बिहार, जम्मू-कश्मीर के साथ ही यूपी के विभिन्न जिलों के केंद्राध्यक्ष और प्राचार्य विश्वविद्यालय पहुंचे। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि सभी को जरूरी कागजात दिए गए। बृहस्पतिवार को भी गोपनीय थैला व अन्य सामग्री दी जाएगी।
काशी विद्यापीठ।
- फोटो : अमर उजाला
काशी विद्यापीठ के समाज कार्य की पीजी सेमेस्टर परीक्षा 30 से
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाज कार्य विभाग में स्नातकोत्तर की सेमेस्टर परीक्षाएं 30 जुलाई से शुरू होंगी। पीजी डिप्लोमा इन ह्यूमन रिसोर्स डेवलपमेंट की परीक्षा 30 जुलाई से शुरू होकर 7 अगस्त तक चलेगी। विभागाध्यक्ष और संकायाध्यक्ष प्रो. एमएम वर्मा ने बताया कि एमएसडब्ल्यू और एमए (आईआरपीएम) द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 2 से 12 अगस्त तक और एमएसडब्ल्यू और एमए (एसआरडी) चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं 6 से 13 अगस्त तक कराई जाएगी। बताया कि सभी परीक्षाएं 11 से दोपहर 1 बजे तक समाज कार्य संकाय में होंगी। इस बारे में विस्तृत जानकारी विभाग से प्राप्त की जा सकती है।
अमेरिका से पदक जीतकर लौटी पूजा का हुआ स्वागत
अमेरिका में आयोजित विश्व पुलिस खेल में भट्ठी गांव की बेटी पूजा यादव ने कुश्ती में शानदार प्रदर्शन करते हुए 62 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है। बुधवार को वापस गांव आने पर स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। प्रतियोगिता में भारत से कुल तीस पहलवानों ने हिस्सा लिया था। पूजा ने बताया कि वह राष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती में 15 पदक जीत चुकी हैं। वह वर्तमान में हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं।
पूजा ने बताया कि गांव के ही अंतरराष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी राम आसरे यादव से प्रेरणा मिली। चार भाई और चार बहनों के में छठे नंबर की पूजा यादव ने वर्ष 2021 में हरियाणा पुलिस में भर्ती हुईं। अपनी नौकरी के साथ ही उन्होंने कुश्ती के अभ्यास को भी जारी रखा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त की। भट्ठी से सिगरा तक 14 किलोमीटर वह रोज साइकिल से प्रैक्टिस के लिए जाती थीं। इस मौके पर सपा के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव और पूजा यादव और प्रशिक्षक गोरख यादव ने सम्मानित किया।
15 अगस्त तक पूरा कराएं कांजी हाउस का काम
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बुधवार को ग्राम ऐढ़े में बन रहे निर्माणाधीन कांजी हाउस का निरीक्षण किया। निर्माणाधीन कांजी हाउस में पशुओं के छाया के लिए शेड, चरनी, इंटरलाॅकिंग, पानी के लिए सबमर्सिबल पंप इत्यादि का निर्माण किया जा रहा है।
नगर आयुक्त ने उद्यान अधीक्षक को परिसर में छायादार पौधे लगाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने मौके पर उपस्थित सहायक अभियंता को हर हाल में 15 अगस्त तक समस्त कार्य पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। उसके पश्चात नगर आयुक्त ने बाबतपुर में स्थित अस्थायी गो आश्रय स्थल का निरीक्षण किया।
गो आश्रय स्थल के संचालक शिवम जायसवाल को नगर आयुक्त द्वारा निर्देशित किया कि आश्रय स्थल के परिसर में साफ-सफाई नियमित रूप से की जाए। बीमार एवं कमजोर गोवंशों को अलग करते हुए उन्हें हरा चारा एवं चोकर खिलाएं। उनके उपचार के लिए संबंधित चिकित्सक से सलाह लें। निरीक्षण के समय पशु कल्याण अधिकारी डाॅ. संतोष पाल, सहायक अभियंता, उद्यान अधीक्षक मौजूद रहे।
काशी में पुलिस कमिश्नर और डीएम ने भक्तों पर की पुष्पवर्षा
सावन में काशी आ रहे शिव भक्तों पर बुधवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और डीएम सत्येंद्र कुमार ने हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की। पुष्पवर्षा से आह्लादित शिव भक्तों ने हर हर महादेव... का गगनभेदी उद्घोष किया। हेलीकॉप्टर ने पुलिसलाइन से उड़ान भरी, जिसमें पुलिस कमिश्नर और सवार थे। उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर के पास शिवभक्तों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं।
पहलवान धनंजय 14 दिन में लेटकर पहुंचे बाबा के धाम
जौनपुर निवासी और राष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती में कास्य पदक विजेता पहलवान धनंजय यादव 14 दिनों में लेटकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। वह पहली बार बाबा के दरबार में जलाभिषेक कर अभिभूत हुए। धाम परिसर में भी भ्रमण किया। जौनपुर से काशी विश्वनाथ मंदिर की दूरी करीब 70 किमी है। वह 11 जुलाई यानी सावन के पहले दिन ही यहां के लिए रवाना हो गए। उनके साथ और श्रद्धालु भी चल रहे थे।
उन्होंने बताया कि लेटकर ही बाबा के दरबार में दर्शन का संकल्प लिया था। इसके अलावा बागपत के स्पर्श राठी ने 140 किमी दौड़ लगाकर काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक किए। उन्होंने बताया कि वह हरिद्वार की हर की पौड़ी से गंगाजल भरकर चले थे।
अगस्त में होगी प्रदेश स्तरीय खो-खो और टेबल टेनिस प्रतियोगिता
खेल विभाग की ओर से महिला खेल समारोह के तहत अगस्त में प्रदेश स्तरीय खो-खो और टेबल टेनिस की प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। इसके लिए जिले के खिलाड़ियों का चयन 26 जुलाई से शुरू होगा। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि खो-खो प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय टीम का चयन 26 जुलाई को लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल में किया जाएगा। वहीं मंडल स्तरीय चयन 29 जुलाई को होगा।
इसकी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 11 से 13 अगस्त तक जौनपुर में होगी। टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए ट्रायल सिगरा स्टेडियम में होंगे। जिला स्तरीय ट्रायल 4 जबकि मंडल स्तरीय ट्रायल 5 अगस्त को होगा। इसकी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 17 से 19 अगस्त तक प्रयागराज में होगी। इन दोनों प्रतियोगिताओं में वाराणसी मंडल की टीमें हिस्सा लेंगी।
पशुपालन मंत्री ने पराग डेयरी का किया दौरा
उत्तर प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बुधवार को रामनगर स्थित पराग डेयरी का दौरा किया। पराग डेयरी के प्रबंध निदेशक एस चंद्रशेखर ने मंत्री को डेयरी के प्रदर्शन और हालिया उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने परिसर में नवनिर्मित बायोगैस और फर्मेंटेड प्लांट का भी दौरा कराया। प्रबंध निदेशक बताया कि डेयरी में नवंबर 2021 में प्रतिदिन 3,800 लीटर दुग्ध उत्पादन की तुलना में, जून 2025 तक यह बढ़कर 1,10,000 लीटर प्रतिदिन हो गया है।
दुग्ध प्रसंस्करण भी 11,000 लीटर प्रतिदिन से बढ़कर 2,35,000 लीटर प्रतिदिन हो गया है। तरल दूध की बिक्री 8,500 लीटर प्रतिदिन से बढ़कर 24,000 लीटर प्रतिदिन पहुंच गई है। दौरे में प्रमुख सचिव अमित कुमार घोष, पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक वैभव श्रीवास्तव, दुग्ध आयुक्त आरके मिश्रा और एनडीडीबी के कार्यकारी निदेशक एस रघुपति मौजूद रहे।
BHU
- फोटो : अमर उजाला
पांच अगस्त से बीएचयू में क्रिकेट प्रशिक्षकों की कार्यशाला
क्रिकेट प्रशिक्षकों की चार दिवसीय कार्यशाला 5 से 8 अगस्त तक बीएचयू में होगी। क्रिकेट कोच अरूण भारद्वाज की निगरानी में प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला में प्रशिक्षकों को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मानकों और तकनीकों के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।
आयोजक राजीव झा ने बताया कि पूर्वांचल में पहली बार बीसीसीआई से मान्यता प्राप्त विशेषज्ञ कार्यशाला में क्रिकेट कोचिंग के नए तौर-तरीकों, तकनीकियों का प्रशिक्षण देंगे। इससे बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग और विकेट कीपिंग की तकनीक के साथ ही चोटों से बचाव, खिलाड़ियों के पोषण और उनकी मानसिक तैयारी जैसे विषयों पर भी जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण में हिस्सा लेने के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 30 जुलाई तक आवेदन करने का मौका दिया गया है।
हरियाली अमावस्या: आज स्नान-दान व पितरों का करेंगे तर्पण
श्रावण मास कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि 'हरियाली अमावस्या' गुरुवार को मनाई जाएगी। श्रद्धालु स्नान-दान व श्राद्ध कर पितरों को नमन करेंगे। पीपल वृक्ष की 108 परिक्रमा करेंगे। मनोकामना पूर्ण भगवान शिव, विष्णु जी की पूजा करेंगे।
ज्योतिषविद् विमल जैन के अनुसार श्रावण कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि बुधवार की रात में 2:29 बजे से बृहस्पतिवार की रात 12:41 बजे तक रहेगी। पुनर्वसु नक्षत्र बुधवार को शाम 5:55 बजे से बृहस्पतिवार को शाम 4:44 बजे तक रहेगा। हरियाली अमावस्या पर श्रद्धालु स्नान-दान कर अपने पितरों का श्राद्धकर्म करते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन्हें पितृदोष होता है वे कर्मकाण्डी ब्राह्मण से पितृदोष का निवारण करवाते हैं। इस तिथि पर भगवान विष्णु और शिव जी के अलावा दुर्गाजी एवं हनुमान जी की भी पूजा होती है। शिवजी का रुद्राभिषेक करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। दम्पति के जीवन में सुख-समृद्धि, खुशहाली आती है।
पुलिस ने कांवड़ियों को दिए फल, एबीवीपी ने शिवलिंग दिया
प्रयागराज से त्रिवेणी का जल लेकर आ रहे डाक बम का व्यापारियों ने कछवां बाजार स्थित अंडरपास के पास स्वागत किया। उन्हें फल और पानी दिया। उनके लिए फलाहार की भी व्यवस्था की। ठटरा और शहावाबाद के 20 से अधिक डाक बम बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने काशी पहुंचे हैं। उधर, राजातालाब में पुलिस ने स्टाॅल लगाकर कांवड़ियों को फल दिए।
वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जिला संयोजक राजमंगल सिंह और विनय पांडेय के नेतृत्व में मोहनसराय में शिविर लगाकर कांवड़ियों को शिवलिंग दिया। शहर में मंडुवाडीह, महमूरगंज, रथयात्रा, लक्सा, गिरजाघर आदि इलाकों में लगे शिविर में पानी, मिठाई, फल का वितरण कांवड़ियों में किया गया।
विकसित भारत के निर्माण के लिए मौलिक चिंतन, लेखन जरूरी
बरेका में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) की बैठक में राजभाषा को बढ़ावा देने से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा हुई। महाप्रबंधक बरेका नरेश पाल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए तकनीकी क्षेत्र में मौलिक चिंतन और लेखन जरूरी है। बनारस लोकोमोटिव वर्कशॉप के प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित बैठक में बतौर अध्यक्ष नरेशपाल सिंह ने कहा कि हिंदी अत्यंत सरल और प्रभावशाली भाषा है।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक ने मंडल रेल प्रबंधक/वाराणसी विनीत कुमार श्रीवास्तव ने नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की ओर से ई-पत्रिका बनारस दर्पण का लोकार्पण किया। मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी मंडल की ओर से राजभाषा के लक्ष्यों का अनुपालन किया जा रहा है। मंडल में सारे कार्य हिंदी में कराए जा रहे हैं।अतिथियों का स्वागत मुख्य राजभाषा अधिकारी बरेका प्रवीण कुमार ने किया।
आईएमएस बीएचयू में थायरॉइड की सर्जरी का होगा सजीव प्रसारण
आईएमएस बीएचयू के नाक, कान, गला विभाग में बृहस्पतिवार से आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला में थाॅयराइड सर्जरी का सजीव प्रसारण होगा। इस कार्यशाला में देश के विभिन्न जगहों से 30 विशेषज्ञ जुटेंगे। कार्यशाला के आयोजन के लिए गठित समिति में आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार को संरक्षक बनाया गया।
आयोजन समिति अध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार और सचिव प्रो. विश्वंभर सिंह ने बताया कि वर्कशॉप में 20 थायरॉइड मरीजों का ऑपरेशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बीएचयू में हर महीने 20-25 थायरॉइड मरीजों का ऑपरेशन किया जाता है। वर्कशॉप के माध्यम से विभिन्न जगहों से आए डॉक्टरों को सर्जरी से जुड़ी बारीकियां बताई जाएंगी।
एक दिन में 11 डिलीवरी कर डॉक्टरों ने बनाया रिकॉर्ड
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल परिसर स्थित एमसीएच विंग में डॉक्टरों ने एक दिन में 11 डिलीवरी कर नया रिकॉर्ड बनाया है। इसमें नौ महिलाओं की सिजेरियन डिलीवरी हुई। वहीं, दो का सामान्य प्रसव हुआ। अब तक एक दिन में औसतन 4 से 5 डिलीवरी होती थी। जिला अस्पताल के सीएमएस ने डॉक्टरों को बधाई देते हुए संस्थागत प्रसव को बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
सीएमएस डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि एमसीएच विंग में मंगलवार को जिन नौ महिलाओं की सिजेरियन डिलीवरी करवाई गई, उसमें तीन का जटिल ऑपरेशन हुआ। सीएमएस ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है जब एक दिन में 11 डिलीवरी हुई। इसमें एनेस्थीसिया से डाॅ. एसके शाही, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रजेश कुमार सिंह के साथ ही डॉ. ज्योति ठाकुर, डॉ. आरती दिव्या, डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. आरके यादव, डॉ. दिव्या का सहयोग रहा।
बीएचयू में छात्र-छात्राओं ने मनाई चंद्रशेखर आजाद की जयंती
बीएचयू में कई जगहों पर 200 से ज्यादा छात्र और छात्राओं ने पंडित चंद्रशेखर आजाद की जयंती मनाई गई। छात्र अधिष्ठाता कार्यालय स्थित प्रतिमा पर संस्कृत विद्या धर्मविज्ञान संकाय के आचार्य अभिनव शंकर और प्रसून चतुर्वेदी समेत सभी विद्यार्थियों ने वेदमंत्रों के साथ श्रद्धासुमन अर्पित कर अमर बलिदानी को नमन किया।
मुरारी यादव समेत एनएसयूआई ने स्वतंत्रता सेनानी बाल गंगाधर तिलक और चंद्रशेखर आजाद के जयंती एक साथ मनाई। दिशा छात्र संगठन द्वारा आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत बुधवार को बीएचयू के वीटी पर सभा का आयोजन किया गया। साथ ही डीएसडब्ल्यू परिसर में स्थित आजाद की प्रतिमा पर हाथ जोड़कर प्रणाम और माल्यार्पण किया गया।
सभा के दौरान दिशा छात्र संगठन के ध्रुव ने बात रखते हुए कहा कि ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि हमारे देश की एक बड़ी आबादी आजाद के नाम से तो परिचित है लेकिन उनके विचारों के बारे में नहीं जानती है। बनारस में ही 15 साल की उम्र में उन्होंने अपने क्रांतिकारी जीवन की शुरुआत की थी। इस दौरान बबिता , स्वीटी रानी मुर्मू, रुचि आदि मौजूद थी।
शंभुनाथ को आज मिलेगा प्रो. शुकदेव सिंह स्मृति सम्मान
इस वर्ष का प्रो. शुकदेव सिंह स्मृति सम्मान आलोचक डॉ. शंभुनाथ को दिया जाएगा। बीएचयू के हिंदी विभाग की ओर से उन्हें बृहस्पतिवार को सम्मानित किया जाएगा। बीएचयू और कबीर विवेक परिवार की ओर से उन्हें ये सम्मान दिया जाएगा। ये जानकारी न्यासी भगवंती सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि शंभुनाथ प्रतिष्ठित आलोचक, साहित्यकार, कोशकार और संपादक रहे हैं। वर्तमान में वह भारतीय भाषा परिषद कोलकाता के निदेशक हैं। उन्हें प्रतिष्ठित देवीशंकर अवस्थी सम्मान और आचार्य रामचंद्र शुक्ल सम्मान से नवाजा जा चुका है।
प्रदेश स्तरीय बॉक्सिंग में चांदनी पहले स्थान पर
स्वर्गीय मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम गणेशरा में तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बुधवार को हुआ। फाइनल में मेरठ की टीम विजेता वहीं गोरखपुर की टीम उपविजेता बनी। इसमें वाराणसी की 35-37 किलोग्राम में बनारस के रूजदा जावेद दूसरे, 46-49 किग्रा में चांदनी ने पहला स्थान हासिल किया। 52-55 किलोग्राम भार वर्ग में कीर्ति कौर और 67-70 किग्रा वर्ग में एंगिल यादव दूसरे स्थान पर रहीं। जिला क्रीड़ा अधिकारी राकेश कुमार यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में 13 मंडलों के 80 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
सड़क चौड़ीकरण के लिए दालमंडी में दूसरे दिन भी हुई नापी
सड़क चौड़ीकरण के लिए दालमंडी में दूसरे दिन बुधवार को भी नापी की गई। पुलिस और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के अनुसार सड़क के दोनों ओर बची हुई नापी की गई है। इस दौरान मकानों पर नंबरिंग भी की गई। इस दौरान जिन मकानों का मुआवजा दिया जाना है। उनका नाम पता पूछकर रजिस्टर में नोट किया जा रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि यहां की सड़क 60 फुट की होगी। 30 फुट सड़क होगी और सड़क के दोनों ओर 15-15 फुट की पटरी होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों काशी दौरे पर कहा था कि बारिश के बाद दालमंडी के चौड़ीकरण का काम शुरू कराएं। इसी क्रम में पुलिस प्रशासन की देखरेख में पीडब्ल्यूडी की टीम ने नापी की। पहले जिन लोगों की जमीन सड़क चौड़ीकरण में जाएगी उन्हें मुआवजा दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें अपने निर्माण को तोड़ने की मोहलत दी जाएगी।
जमीन समतल करने का काम हुआ पूरा, पहुंचने लगा टेंट का सामान
प्रधानमंत्री की जनसभा स्थल के लिए समतल की जा रही जमीन का काम बुधवार को पूरा कर लिया गया। बुधवार को टेंट कंपनी ने सामान पहुंचाना शुरू कर दिया है। मुजफ्फरनगर की एक कंपनी को टेंट लगाने की जिम्मेदारी दी गई है।
टेंट कंपनी के कर्मचारी बुधवार को पूरे दिन टेंट लगाने के लिए निरीक्षण करते रहे। कई जगहों पर निशान लगाए। बृहस्पतिवार से कंपनी टेंट लगाने का काम शुरू कर सकती है। वहीं एडीसीपी वैभव बांगर, एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव ने भी निरीक्षण किया। पार्किंग स्थल, रास्ते और हेलीपैड वाले स्थान का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए।
दूसरी ओर भाजपा नेताओ ने 50 हजार भीड़ बुलाने का लक्ष्य रखा है तो उसी हिसाब से डोर टू डोर संपर्क कर ग्रामीणों को जनसभा में आने का आमंत्रण पत्र दे रहे हैं। सेवापुरी क्षेत्र में पहली बार प्रधानमंत्री की जनसभा हो रही है। इसे लेकर क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं के साथ आसपास के ग्रामीणों में भी उत्साह है।
सावन की शिवरात्रि पर मंदिर मार्ग 24 घंटे तैनात रहे सफाई कर्मी
सावन की शिवरात्रि पर बुधवार को श्री काशी विश्वनाथ जाने वाले मंदिर मार्ग पर 24 घंटे सफाई कर्मचारी तैनात रहे। जहां शिफ्टवार सफाई चल रही है। होगी। प्रमुख रूप से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, श्री केदारेश्वर मंदिर, तिलभाडेश्वर मंदिर, कालभैरव आदि स्थानों पर सीवर, नाला की समस्या के लिए 24 घंटे सीवर कर्मी शिफ्टवार तैनात रहे।
इससे कभी समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल समस्या का निस्तारण कराया जा रहा है। शिव मंदिर जाने वाले मार्गों को दुरुस्त कराया जाएगा। सड़कों को पैचलेस किया गया। यहां की लाइटों को ठीक कराया गया। शिव मंदिरों से निकलने वाले निर्माल्य को निस्तारित किया गया।
सड़क चौड़ीकरण के लिए पांडेयपुर में पीडब्ल्यूडी ने जेसीबी लगाकर तोड़े निर्माण
सड़क चौड़ीकरण में बाधक बने निर्माण को पीडब्ल्यूडी ने बुधवार को पांडेयपुर से सारनाथ मार्ग पर तीन सौ मीटर क्षेत्र में जेसीबी लगाकर तोड़ा। अधिकारियों ने बताया कि इस सड़क को चौड़ा किया जाना है ताकि यहां जाम न लगे। इसके लिए सड़क के दोनों ओर बने निर्माणकर्ताओं को पूर्व में मुआवजा दिया गया था।
इन लोगों ने मंगलवार तक अपने निर्माण हटवाने की बात कही थी। बुधवार को जब निर्माण हटाने पहुंची पीडब्ल्यूडी की टीम से तीन दिन की मोहलत मांगी। अधिकारियों ने उन निर्माण स्थलों को तोड़ दिया जो खालथे। जिसमें लोगों के सामान थे उन्हें हटवाने के लिए तीन दिन की मोहलत दी है। जल्द ही यहां दोबारा निर्माण तोड़े जाएंगे।
यात्रियों को बड़ी सौगात : 27 जुलाई से हापुड़ में रुकेगी वंदे भारत
रेलवे ने यात्रियों को बड़ा तोहफा दिया है। मेरठ से लखनऊ तक चलने वाली वंदे भारत ट्रेन 27 जुलाई से हापुड़ रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी। रेलवे ने इस ट्रेन को 27 अगस्त से लखनऊ से आगे अयोध्या होते हुए वाराणसी तक भेजने का निर्णय लिया है। विस्तार के चलते हापुड़ जंक्शन पर ठहराव के समय में भी बदलाव किया गया है।
इसके तहत नमो भारत ट्रेन संख्या 22489 जो 27 अगस्त को वाराणसी से मेरठ सिटी के लिए आएगी वह आते समय हापुड़ जंक्शन पर शाम 8:10 बजे पहुंचेगी और 8:12 बजे मेरठ के लिए रवाना होगी। रेलवे के इस निर्णय से रेल यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। अभी तक वंदे भारत एक्सप्रेस संख्या 22489 व 22490 ट्रेन मेरठ से लखनऊ तक चलती है। जिसको काफी समय से वाराणसी तक करने और हापुड़ में ट्रेन का स्टॉपेज करने की मांग चल रही थी।
फिलहाल लखनऊ से चलकर नमो भारत ट्रेन संख्या 22489 हापुड़ जं. पर रात्रि 8:58 बजे पहुंच रही है। यहां से मेरठ सिटी के लिए 9:00 बजे रवाना हो रही है। उधर मेरठ सिटी स्टेशन से लखनऊ जाते समय वंदे भारत एक्सप्रेस संख्या 22490 हापुड़ जंक्शन पर सुबह 7:08 मिनट पर पहुंचेगी। जो दो मिनट रुकने के बाद 7:10 बजे लखनऊ की तरफ रवाना हो जाएगी।
विद्यार्थियों को रोजगार मुहैया करवाएगा कैंपस प्लेसमेंट सेल
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कैम्पस प्लेसमेन्ट सेल की बुधवार को हुई बैठक में विद्यार्थियों को रोजगार मुहैया करवाने पर चर्चा हुई। दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ में हुई बैठक के बारे में सेल की निदेशक प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने बताया कि बैठक में विश्वविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के स्किल्स डेवलपमेंट के लिए प्रशिक्षण कार्यशालाओं के आयोजन एवं सेल द्वारा अधिकाधिक विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। बैठक में कैम्पस प्लेसमेन्ट सेल सदस्य के डॉ. प्रतिभा सिंह, डॉ. शिल्पी गुप्ता, डॉ. दिलीप कुमार सिंह, डॉ. अभिषेक कुमार सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बनारसी व्यंजनों का उठाया लुत्फ
अमरनाथ यात्रा के लिए पहलगाम में लगे बनारस के भंडारे में मंगलवार को जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी पहुंचे। उनके साथ 150 आला अधिकारी भी थे। उपराज्यपाल ने बनारस के व्यंजनों का लुत्फ उठाया। उन्होंने मुख्य संचालक दिलीप सिंह बंटी से पूर्वांचल का हालचाल जाना। उन्होंने शिविर में सहयोग का आश्वासन दिया।
गृहकर बकायेदारों को भेजा जाएगा मेसेज
नगर निगम की ओर से काॅल सेंटर से गृहकर के बकायेदारों की निगरानी काशी इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर से की जा रही है। इसे लिए एक अहमदाबाद के एक संस्था का चयन किया गया है। संस्था की ओर से गृहकर बकायेदारों को काॅल सेंटर के माध्यम से एसएमएस व व्हाट्स एप भेजकर कर बिल जमा करने के लिए कहा गया है। सबसे पहले भेलूपुर और दशाश्वमेध सबजोन में व्यवस्था लागू कर दी गई है। दोनों सबजोन में कुल 6200 भवन स्वामी ऐसे हैं जिन पर 16 करोड़ का कर बकाया है।
एसी कोच के दरवाजे खोलकर यात्रियों ने किया सफर
ट्रेनों में एयरकंडीशन फेल होने के मामले नहीं थम रहे। बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस की एसी बोगी में कूलिंग ठप होने से यात्रियों को दरवाजे खोलकर सफर करना पड़ा। यही हाल गोरखपुर हमसफर एक्सप्रेस का भी रहा।
गाड़ी संख्या 14236 बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस की सेकंड एसी बोगी ए-1 की सीट संख्या 22 पर सफर कर रहे यात्री हिमांशु भदौरिया ने उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा से एसी कूलिंग ठप होने की शिकायत दर्ज कराई है। कहा है कि इसकी शिकायत अटेंडेंट से भी की गई, लेकिन उसने अनसुना कर दिया।
गर्मी व उमस से हाल यह हो गया कि बोगी का गेट खोलकर सफर करना पड़ा। यात्री संदीप शर्मा ने अपनी शिकायत में बताया कि वह गाड़ी संख्या 12596 गोरखपुर हमसफर एक्सप्रेस की थर्ड एसी बोगी बी-8 में यात्रा कर रहे थे। कूलिंग ठप होने से यात्रियों का हाल बेहाल हो गया। मजबूरन गेट खोलकर यात्रा करनी पड़ी।