मिर्जामुराद के लालपुर में दिखा मगरमच्छ, दहशत
मिर्जामुराद के लालपुर गांव में बुधवार पहर मगरमच्छ दिखने से हड़कंप मच गया। लोगों ने बताया कि मछली व्यापारी धीरज सोनकर साथियों के साथ तालाब से मछली पकड़ने गए थे। उसी समय बाहा के पास 5 फीट का मगरमच्छ भी पकड़ा गया। लोगों ने जाल में फंसे मगरमच्छ को गांव में एक पेड़ के पास लाकर रस्सी से बांध दिया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग ने मगरमच्छ को पकड़ा।
डीएफओ स्वाति श्रीवास्तव ने बताया कि मगरमच्छ मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लालपुर गांव के नहर के पास पकड़ा गया। उसे चंदौली के चंद्रप्रभा डैम में छोड़ा गया। गांव में चर्चा रही कि सोनभद्र के घोरावल के एक तालाब में जाल लगाकर मछली पकड़ते समय जाल में वह फंस गया। जो लालपुर गांव चला आया था।
गंगा में डूब रहे किशोर और युवक को एनडीआरएफ के जवानों ने बचाया
गंगा में दो अलग-अलग स्थान पर बुधवार को डूब रहे एक किशोर और एक युवक को 11 एनडीआरएफ के जवानों ने बचा लिया। जवानों की तत्परता और साहसिक कार्य की घाट पर लोगों ने सराहना की। हरदोई के रामनिवास राठौर (17) मान मंदिर घाट पर गंगा में स्नान करते समय गहरे पानी में चले गए। रामनिवास को डूबते देख कर एनडीआरएफ के जवान ने गंगा में छलांग लगा दी।
जवान ने रामनिवास को गंगा से सुरक्षित निकाला। इसके बाद उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। इसी तरह से गंगा को तैर कर पार करने के चक्कर में जौनपुर निवासी शुभम तिवारी थक कर डूबने लगे। पेट्रोलिंग कर रहे एनडीआरएफ के जवानों ने शुभम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दुकान खोल रहे युवक पर लाठी-डंडे से हमला, हथेली फटी
चौबेपुर के गौराकलां में कपड़े की दुकान खोल रहे एक युवक पर मनबढ़ों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। युवक के दाएं हाथ की हथेली फट गई। चौबेपुर थाने में दो नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मढ़नी गांव निवासी सुरेश यादव ने बताया कि बेटा अशंग यादव बुधवार सुबह सात बजे गौराकलां में कपड़े की दुकान खोल रहा था। उसी दौरान दो युवकों और दोस्तों ने उसके साथ गालीगलौज कर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में वह बेहोश हो गया। लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तब तक हमलावर मौके से भाग निकले थे।
सुरेश यादव की तहरीर पर चौबेपुर थाने में जानी, जयबीर उर्फ अभिषेक यादव और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। चौबेपुर थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
किशोरी लापता, अपहरण का मुकदमा दर्ज
चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 साल की युवती घर से लापता हो गई। पिता ने चोलापुर थाने में गड़सरा निवासी प्रकाश गौड़ पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। चोलापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि किशोरी और अपहरण के आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।
धोखाधड़ी करके जमीन बेचने के आरोप में मुकदमा
अदालत के आदेश पर चितईपुर थाने में बुधवार को धोखाधड़ी करके जमीन बेंचने, खरीदने और बेचवाने वालों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रयागराज के धूमनगंज, राजरूपपुर की मूल निवासी और नोएडा स्थित सेविटेक स्टेडियम सेक्टर की रहने वाली अंजना राय के अनुसार अप्रैल 1999 में तीन लाख पचास हजार रुपये की दर से वह 4095 वर्ग फीट जमीन नेवादा सुंदरपुर में खरीदी थी।
जमीन बेचने वाले केशव उर्फ केसर पाल ने धोखाधड़ी करके एक साल पहले सरैनी, कुरैना के निवासी विनीत कुमार पांडेय को उनकी जमीन की रजिस्ट्री कर दी। जबकि 26 साल पहले ही अंजना ने जमीन की रजिस्ट्री करा ली थी। इस मामले में धोखाधड़ी करने के मामले में नेवादा के रहने वाले केशव उर्फ केसर पाल, श्यामदेई, कमला पाल, अनिल कुमार, विनीत कुमार पांडेय, विपिन नारायण सिंह, मोती कुमार पटेल, संदीप सिंह, ब्रजेश कुमार सिंह और अतुल कुमार दूबे के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। चितईपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाइक की चपेट में आने से मोर घायल
रोहनिया के दाउदपुर गांव में बुधवार सुबह 7 बजे गंगापुर रोहनिया रोड पर बाइक की चपेट में आने से राष्ट्रीय पक्षी मोर घायल हो गया। भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला मंत्री प्रमोद पटेल ने उप जिलाधिकारी राजातालाब और डायल 112 को सूचना दी। वन विभाग के उपनिरीक्षक अनिल कुमार श्रीवास्तव ने काशी विद्यापीठ ब्लॉक के पशु चिकित्सक से इलाज कराकर मोर को सारनाथ जू में भेज दिया।
उप प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि विभाग को जैसे ही मोर घायल होने की सूचना मिली। विभाग की ओर से मौके पर पहुंचकर इलाज के बाद सारनाथ मिनी जू में उसे भेज दिया गया है। जब तक वह स्वस्थ नहीं होगा, तब तक जू में रहेगा।
पीएसी और पुलिस की मौजूदगी में रास्ता अतिक्रमण मुक्त कराया गया
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर पीएसी और पुलिस तैनात कर बुधवार को छित्तमपुर ग्राम सभा में सरकारी जमीन और सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। पिछले महीने रास्ते की पैमाइश के दौरान विवाद उत्पन्न हो गया था। मारपीट में ग्राम प्रधान और किसान घायल हो गए थे।
कार्रवाई के दौरान ग्राम सभा की जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाकर रास्ते और बंजर भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। इस दौरान सीमांकन स्थल पर मौजूद कुछ काश्तकारों ने विरोध करते हुए कहा कि नया रास्ता उनके चक से होकर निकाला जा रहा है, पहले वह बाहर से गुजरता था।
मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर सीमांकन किया जा रहा है। यदि किसी को आपत्ति हो तो वह जिलाधिकारी के यहां प्रार्थना पत्र दे सकते हैं। वहीं, अनिल चौरसिया, मदन चौरसिया, दिनेश चौरसिया, राम जन्म यादव और रामावतार यादव ने आरोप लगाया कि न्यायिक प्रक्रिया जारी होने के बावजूद प्रशासन द्वारा पैमाइश कराना अन्यायपूर्ण है।
पति समेत ससुराल के लोगों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज
सारनाथ थाने में विवाहिता को ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ित करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। सत्संग नगर काॅलोनी, बेनीपुर की सोनी जायसवाल ने बताया कि उसकी शादी जौनपुर के अहियापुर निवासी विकास आनंद के साथ 14 मई 2021 को हुई। शादी के कुछ समय बाद पति विकास आनंद, ससुर विद्या चंद्र, सास रीता देवी, ननद और देवर मानसिक शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। इस संबंध में सारनाथ थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया है।
किशोर को ढूंढ़कर पुलिस ने परिजनों को सौंपा
कोतवाली थाना क्षेत्र से बुधवार को लापता किशोर को पुलिस ने महज दो घंटे में ढूंढ़कर परिजनों को सौंप दिया। बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया। कतुआपुरा (अंबियामंडी) निवासी किशोर घर के पास मस्जिद में नमाज पढ़ने गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने खोजबीन के बाद कोतवाली थाने की पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सीसी फुटेज खंगालने के साथ ही क्षेत्र में पूछताछ शुरू की। पुलिस ने दो घंटे में किशोर को जैतपुरा थाना क्षेत्र के बड़ी बाजार से खोज निकाला। पिता को कोतवाली थाने बुलाकर सुपुर्द कर दिया।
सारनाथ में देखा गया जंगली जानवर
सारनाथ के अनमोल नगर कॉलोनी में बुधवार सुबह जंगली जानवर देखा गया। जिसे लोग तेंदुआ समझा। इलाके में तेंदुए होनी का जानकारी होते ही हलचल बढ़ गई। लोगों ने बताया कि घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में दौड़ते भागते एक जानवर की गतिविधियां देखी गईं। फुटेज में तेंदुए जैसे दिखाई दे रहा था। इसकी सूचना कुछ देर में लोगों को हो गई, जिससे लोग भयभीत हो गए। सूचना पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेंजर दिवाकर ने बताया कि वह तेंदुआ नहीं है, जंगली जानवर है। लोग फर्जी खबरों पर ध्यान न दे।
बीएचयू छात्रनेताओं ने उठाया अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर में अव्यवस्था का मुद्दा
आईएमएस बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में अव्यवस्थाओं का मुद्दा छात्रनेताओं ने बुधवार को प्रमुखता से उठाया है। इसके लिए अस्पताल के चिकित्साधीक्षक और ट्रॉमा सेंटर प्रभारी को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है। पराड़कर भवन में प्रेस कांफ्रेंस कर छात्रनेता डाॅ.मृत्युंजय तिवारी आजाद, अभिषेक कुमार सिंह, अभय सिंह मिक्कू ने कहा कि कार्रवाई न होने पर 8 जून को मौन जुलूस निकाला जाएगा।
प्रेस कांफ्रेंस में छात्रनेताओं ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर के साथ ही अस्पताल में भी आए दिन मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसकी शिकायत भी की जाती है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती है। साथ ही दोनों जगहों पर बाउंसर की तैनाती भी की गई है, जिससे मरीजों, छात्रों, शिक्षकों को परेशानी होती है। यह भी बताया कि ट्रॉमा सेंटर प्रभारी का पद आईएमएस निदेशक को सौंपा जाए, साथ ही ट्रॉमा सेंटर में पिछले दिनों शिक्षकों के अपमान मामले की जांच करवाने की मांग की है। अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर से बाउंसर हटाकर पूर्व सैनिकों को तैनात किया जाए।
बीएचयू की कैंटीन में नहीं होता ऑनलाइन पेमेंट, दिया धरना
एनएसयूआई बीएचयू इकाई के सदस्यों ने बीएचयू के मैत्री जलपान गृह के बाहर बुधवार को धरना दिया। छात्रों की पांच प्रमुख मांगें रहीं। खाद्य गुणवत्ता में सुधार, ऑनलाइन भुगतान की सुविधा, रिक्त सीटों पर कर्मचारियों की जल्द बहाली, स्वच्छता और हाइजीन मानक का पालन और हर एक फैकल्टी में नई जलपान गृह की व्यवस्था की जाए।
छात्रों ने कहा कि एग्रो कैफे में 90 फीसदी खाद्य सामग्री नहीं मिलती। 50 से ज्यादा कर्मचारी 100 से ज्यादा वैराइटी बनाने वाले मैत्री जलपान गृह में मुश्किल से आधा दर्जन कर्मचारी ही बचे हैं। इनके सहारे किसी तरह रोज करीब 150 प्लेट ही पूरी सब्जी चावल बन पा रही है।
आईएमएस बीएचयू में डीन पद पर फैसले का इंतजार, शांति आंदोलन जारी
आईएमएस बीएचयू में यूजीसी के नियमानुसार डीन पद पर तैनाती की मांग को लेकर मंगलवार से शांति आंदोलन करने वाले मनोचिकित्सा विभाग के प्रो. संजय गुप्ता दूसरे दिन भी निदेशक कार्यालय के बाहर बैठे रहे। उनका कहना है कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से यूजीसी के नियम के अनुसार उन्हें मेडिसिन फैकल्टी का डीन बनाने का आदेश जारी नहीं किया जाता, तब तक शांति आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होने कहा कि यूजीसी ने पिछले दिनों बहुत स्पष्ट आदेश दिया था। इसके बाद भी मेडिसिन फैकल्टी के डीन पद को लेकर उन आदेशों का पालन नहीं किया गया। प्रो. संजय गुप्ता ने बताया कि शांति आंदोलन शुरू करने से पहले ही उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को इसकी सूचना दे दी थी।
वीडीए बोर्ड की बैठक में 9 को बिल्डिंग बाइलाज पर होगी वृहद चर्चा
आगामी 9 जून को मंडलायुक्त एस राजलिंगम की अध्यक्षता में वीडीए बोर्ड की बैठक प्रस्तावित है। इसमें बिल्डिंग बाइलाज नियमावली और कमिश्नरी में बनने वाले एकीकृत मंडलीय कार्यालय को लेकर आ रही रुकावटों को दूर किया जाएगा। चितरंजन पार्क में ग्रीन स्पेस विकसित करने पर चर्चा होगी। पटरी व्यवसायियों के लिए विकल्प तलाशा जाएगा। बाढ़ के उच्चतम बिंदु और गंगा किनारे जर्जर भवनों को की मरम्मत की दिशा तय की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि वीडीए की ओर से नक़्शा पास कराए जाने के लिए बिल्डिंग बाईलॉज़ एवं नियमावली का प्रचार प्रसार कर लागू किया जाएगा। इसकी जानकारियों को पम्फलेट, बैनर आदि के माध्यम से ज़ोनल कार्यालयों, हेल्प डेस्क आदि पर उपलब्ध कराये जाएंगे। आर्किटेक एवं अभियंताओं की मासिक ट्रेनिंग कराई जाएगी। वीडीए ने आवंटित भूमि संबंधित समस्याओं के निस्तारण कैम्प लगाकर किए जाने का भी फैसला लिया जाएगा।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के भारतीय भाषा ग्रीष्मकालीन शिविर में कला और संस्कृति का दी जानकारी
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय 39 गोरखा प्रशिक्षण केंद्र कैंट में चल रहे भारतीय भाषा ग्रीष्मकालीन शिविर के तीसरे दिन छात्रों को कला विषयक प्रशिक्षण दिया गया। संगीत साधिका और विविध भाषाओं की जानकार डॉ. सुचरिता गुप्ता ने छात्रों को प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान, डॉ. सुचरिता ने छात्रों को क्षेत्रीय गीत और नृत्य शैलियों से भी परिचित कराया, जिससे उन्हें भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को समझने में मदद मिली। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सीबीपी वर्मा ने अपनी उपस्थिति से छात्रों का उत्साह और शिविर के महत्व को बढ़ाया। शिविर के संयोजक विद्यालय के शिक्षक एचएन त्रिपाठी और डॉ. बीएन मिश्र उपस्थित रहें।
दीवानी न्यायालय परिसर में होगा पौधरोपण, जिला जज भी लगाएंगे पौधे
विश्व पर्यावरण दिवस पर दीवानी न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के ओर से पौधरोपण किया जाएगा। इस कार्यक्रम का शुभारम्भ गुरूवार को जिला जज जय प्रकाश तिवारी करेंगे। इसकी जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर सत्र न्यायाधीश आलोक कुमार ने दी।इस दौरान लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए जागरूक भी किया जाएगा। कार्यक्रम में जनपद न्यायिक अधिकारी एवं मजिस्ट्रेट के साथ अधिवक्ता भी भाग लेंगे।
आरपीएफ को मिली हौजपाइप, आग से बचाव में मिलेगी राहत
कैंट रेलवे स्टेशन पर अग्निशमन प्रबंध के तहत 30 मीटर हौज पाइप और नोजल को आरपीएफ को सुपुर्द किया गया। इसकी मदद से आग बुझाने में सहूलियत होगी। यह यूनिवर्सल कपलिंग के साथ युक्त पाइप वाराणसी जंक्शन स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से नौ तक स्थित 20 हाइड्रेंट पॉइंट पर लगाए जा सकते हैं। इसे आग लगने पर आसानी से इस्तेमाल में लाया जा सकेगा। आगामी दिनों में लगभग 300 मीटर हौज पाइप और दिया जाएगा।
डीएम से खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराने की मांग
गरीब सहायक एवं उत्थान समिति ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर हरहुआ ब्लाॅक के भगवानपुर में खराब हैंडपंपों की मरम्मत और रिबोर की मांग की। संस्थापक महिवाल कश्यप ने मांग की है कि खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत और रिबोर करवाकर लोगों को पेयजल संकट से राहत दिलाएं। उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर के बाहर सरकारी हैंडपंप सालों से खराब है। यह हैंडपंप पहले मरीजों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्थानीय बस्ती के लोगों के लिए पेयजल का मुख्य स्रोत था।
स्केटिंग रैली से पर्यावरण के प्रति जागरूकता अभियान आज
विश्व पर्यावरण दिवस पांच जून, को स्केटिंग स्कूल वाराणसी और अग्रसेन सेवा समिति के संयुक्त पहल के तहत पर्यावरण जन जागरण स्केटिंग रैली निकाली जाएगी। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए जागरूक किया जाएगा। प्रशिक्षक राजेश डोगरा रोलर ने बताया कि रैली में 150 बच्चे भाग लेंगे। ये सभी स्केटर्स पर्यावरण के प्रतीक, हरे परिधान में होंगे।
वो स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को स्वच्छ और हरित भविष्य के लिए प्रेरित करेंगे। रैली सुबह वनिता पब्लिक स्कूल, लहुराबीर से पिपलानी कटरा, कबीर चौरा, लोहटिया से मैदागिन होते हुए टाउन हॉल स्थित अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में समाप्त होगी। इस दौरान रास्ते में पड़ी पॉलीथिन को इकट्ठा करते हुए चलेंगे।
पांचवें इमाम बाकिर की शहादत का मनाया गम
पांचवें इमाम बाकिर की शहादत का गम बुधवार को मनाया गया। नौहा और मातम के साथ खिराज-ए-अकीदत पेश किया गया। इसके साथ ही इमाम के रौजे के निर्माण की मांग उठाई गई। इमाम की 1332वीं शहादत का गम पूरे शहर में 28 अंजुमनों ने अपने-अपने क्षेत्र में नौहा मातम व मजलिस के साथ मनाते हुए खिराज-ए-अकीदत पेश की।
शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने काली महल में तकरीर करते हुए कहा कि इमाम मोहम्मद बाकिर ने 57 साल की जिंदगी में दुनिया को इल्म की रोशनी देने में गुजारी। इमाम चौथे इमाम जैनुल आबेदीन के बेटे और इमाम हुसैन के पोते थे। इमाम ने अपने जीवन में पूरी दुनिया को अपने पिता की तरह इल्म की रोशनी से नवाजा। इस अवसर पर पहली मजलिस मस्जिद कायम भेलूपुर में आयोजित हुई। इसके अलावा अर्दली बाजार, शिवपुर, शिवाला, दालमंडी, दोषीपुरा, कच्चीबाग, पितरकुंडा में भी मजलिस हुई।
अफसर और कर्मचारी समय से आएं कार्यालय
अफसर और कर्मचारी समय से कार्यालय आएं। कार्यालयों में साफ-सफाई पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाए। पुलिसकर्मी मानक के अनुसार ही वर्दी धारण करें। ये निर्देश नवागत अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने बुधवार को ट्रैफिक पुलिस लाइन में निरीक्षण के दौरान दिए।
अपर पुलिस आयुक्त सुबह 10 बजे ट्रैफिक पुलिस लाइन स्थित अपने कार्यालय पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने ट्रैफिक पुलिस लाइन परिसर स्थित कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई और रजिस्टर के रखरखाव के साथ ही पुलिस अफसरों और कर्मियों की उपस्थिति की जानकारी ली। देरी से आने वाले कर्मचारियों को उन्होंने चेताया कि गुरुवार से समय से ही ड्यूटी पर आएं। अन्यथा की स्थिति में अनुशासनात्मक कार्रवाई में देरी नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायत लेकर आने वाले फरियादियों के साथ पुलिसकर्मी अच्छे से पेश आएं और यथासंभव उनकी मदद करें।
बीएचयू में पीएचडी सुपरवाइजर न मिलने पर तालाबंदी
बीएचयू के सामाजिक विज्ञान संकाय में पीएचडी प्रवेश में अनियमितता का आरोप लगाकर बुधवार को कार्यालय की तालाबंदी कर छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों की मांग है कि इन्हें मेन कैंपस में पीएचडी सुपरवाइजर नहीं दिया जा रहा है। लगातार दूसरे दिन धर्म एवं दर्शन विभाग के बाहर गेट पर ताला बांधकर छात्रों ने अपने आप को कैद कर लिया है।
रोस्टर के अनुसार शहर के कई मार्गों पर मशीन से हो रही सफाई
शहर की कई सड़कों पर मशीन से सफाई चल रही है। सफाई के लिए सप्ताहवार का रोस्टर बना है। जर्मनी की अत्याधुनिक मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीन से सड़कों की बेहतर और जल्दी सफाई हो रही है। ये मशीन सफाई के साथ-साथ डिवाइडर और किनारों पर जमी धूल को भी निकालती है। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार शहर में फैली कई किलोमीटर सड़कें 24 घंटे में कई बार साफ कराई जाती हैं।
मशीनें कम समय में ज्यादा से ज्यादा सड़कों की सफाई करने में सक्षम हैं। इसके जरिये 22 किलोमीटर क्षेत्र में सड़कों की सफाई की जा रही है। नगर निगम के पास पहले से दो ऑटोमेटिक स्वीपिंग मशीनें हैं। इन मशीनों से सड़क की सफाई और वैक्यूमिंग के जरिये धूल हटाने के साथ-साथ सड़कों की धुलाई भी की जा सकती है।
राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान ने शुरू किए दो नए सर्टिफिकेट कोर्स
फैशन डिजाइनिंग में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर है। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान के ओर से दो नए कोर्स शुरू किए गए हैं। इंडियन मेंसवियर और ब्रांडिंग एंड डिजिटल मार्केटिंग कोर्स में प्रवेश शुरू हो चुके हैं। इसके अलावा पुराने कोर्सेज में डिजिटल डिजाइन फॉर टेक्सटाइल व फैशन एंड क्लोथिंग टेक्नोलॉजी में भी प्रवेश चल रहे हैं।
चौकाघाट स्थित राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान के एडमिन आकाश केशरी ने बताया कि इन कोर्सेज में 30 सीटों पर एडमिशन होने हैं। इसमें इंटरमीडिएट पास छात्र आवेदन कर सकते हैं। इंडियन मेंस वियर की फीस 49560 रपुये और ब्रांडिंग एंड डिजिटल मार्केटिंग की फीस 33040 रुपये है। इन दो नए काेर्सेज के शुरू होने से फैशन डिजाइनिंग में रूचि रखने वाले छात्रों को काफी लाभ मिलने वाला है।
जेईई एडवांस्ड के उत्तीर्ण मेधावियों से संवाद करेगा आईआईआई बीएचयू, 11 को ओपन हाउस सेशन
जेईई एडवांस्ड 2025 में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए आईआईटी बीएचयू में 11 जून को ओपन हाउस सेशन रखा गया है। निदेशक प्रो. अमित पात्रा समेत कई प्रोफेसर और पदाधिकारी दोपहर 3.30 बजे से शाम 6.30 बजे तक इस परीक्षा में सफल विद्यार्थियों से ऑनलाइन संवाद करेंगे।
डीन, मुख्य प्रॉक्टर, चेयरमैन, काउंसिल ऑफ वार्डन और जेईई एडवांस्ड के चेयरमैन प्रोफेसर एपी हर्षा भी रहेंगे। अभ्यर्थियों को संस्थान में प्रवेश प्रक्रिया, छात्रावास की सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और कैंपस जीवन से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जाएंगी। इसके अलावा, अभ्यर्थियों के सभी सवालों का जवाब भी दिया जाएगा।
10 जून तक रजिस्ट्रेशन का मौका : अभ्यर्थियों को दिए गए गूगल फॉर्म लिंक (https://forms.gle/konz7bdWuuqscSFTA) पर पंजीकरण करना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों के पास 10 जून को शाम 6 बजे तक रजिस्ट्रेशन का मौका है। 11 जून को सिर्फ वे ही छात्र गूगल मीट के माध्यम से इस ऑनलाइन सत्र में शामिल हो सकते हैं।
निगम ने बकरीद पर साफ सफाई की बनाई कार्ययोजना
आगामी सात जून को बकरीद को ध्यान में रखकर नगर निगम ने साफ सफाई की पूरी कार्ययोजना बनाई है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एसके चौधरी को जिम्मेदारी दी है। मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में साफ सफाई के अलावा घरों से निकलने वाले जानवरों के अपशिष्ट का निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए अलग से कंटेनर रखा जाएगा। जिसमें कुर्बानी के बाद जानवरों के अपशिष्ट रखे जाएंगे। जिनका निस्तारण बेहतर तरीके से होगा।
इसके अलावा ईदगाह और मस्जिदों के आसपास भी सफाई कराई जाएगी। वहां चूने का छिड़काव होगा। इसकी निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी। सभी जोन के मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में बकरीद के एक दिन पूर्व विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए सभी जोनल अधिकारियों को मानीटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए नगर आयुक्त ने जोनल स्वच्छता अधिकारियों को भी लगातार भ्रमणशील रहने को कहा है।
सीआरपीएफ ने ग्रीन आर्मी संग मिलकर किया पौधरोपण
विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर सीआरपीएफ और होप वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से बुधवार को काशी विद्यापीठ ब्लाक के तारापुर गांव में पौधरोपण किया गया। सीआरपीएफ 95 बीएन के सेकेंड इन कमांडेंट आलोक कुमार, असिस्टेंट कमांडेंट आशुतोष साहू और होप वेलफेयर ट्रस्ट के संस्थापक रवि मिश्रा ने ग्रीन आर्मी की महिलाओं के बीच पर्यावरण की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
सीआरपीएफ अधिकारी आशुतोष साहू और आलोक कुमार ने कहा कि आज बढ़ते ग्लोबल वार्मिंग के पीछे मानव ही जिम्मेदार है। विकास की अंधी दौर में मानव ने सब कुछ पाया सिवाय पर्यावरण स्थिरता के। होप के संस्थापक रवि मिश्रा ने इस बात पर कहा कि हर व्यक्ति अपने जीवन में एक पौधा जरूर लगाकर उसका संरक्षण करें।
सीआरपीएफ के अधिकारियों और होप ट्रस्ट द्वारा गठित ग्रीन आर्मी की महिलाओं ने तारापुर गांव के सामूहिक स्थान पर पौधे लगाए और उनकी देख रेख का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस मुंबई से इंटर्नशिप करने आए छात्रों ने ग्रीन आर्मी के कार्यों को नजदीक से देखा और समझा। इस दौरान सचिव दिव्यांशु उपाध्याय, ट्रस्टी संदीप गुप्ता, श्यामाकांत, विकास दीक्षित, नीतेश, शिपू, कुल्लू मौजूद थे।
लाइट एंड साउंड शो का संचालन 7.15 बजे से
पुरातात्विक उत्खनित स्थल परिसर स्थित धमेख स्तूप पर संचालित होने वाले लाइट एंड साउंड शो का संचालन शाम 7.15 बजे से किया जाएगा। इसकी जानकारी उपनिदेशक पर्यटन आर के रावत ने बुधवार को दी। उन्होंने बताया कि लाइट एंड साउंड शो देखने के लिए पर्यटकों को पुरातात्विक उत्खनित स्थल परिसर में शाम 6.45 बजे प्रवेश दिया जाएगा। शो का संचालन शाम 7.15 बजे से होगा। इससे पहले पर्यटकों को 6:30 बजे प्रवेश दिया जाता है और शो सात बजे से शुरू होता था।
गंगा दशहरा पर गंगा के लिए जुड़ेंगे हाथ से हाथ बनेगी मानव श्रृंखला
गंगा दशहरा व विश्व पर्यावरण दिवस पर गंगा किनारे वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 137 सीईटीएफ 39 जीआर गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार देवेंद्र बसनेट व नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में अभियान के माध्यम से लोगों को गंगा निर्मलीकरण अभियान से जोड़ा जाएगा।
राजघाट पर सुबह 7 बजे से स्वच्छता कार्यक्रम से जुड़ी कई चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 95 बटालियन एनसीसी के कैडेट्स, अखंड हिंद फौज, नगर निगम, ग्रीन पीस नेचर, मीरा फाउंडेशन सहित कई संगठनों के तीन सौ से अधिक लोग मानव शृंखला का निर्माण कर एकजुटता का संदेश देंगे। गंगा किनारे श्रमदान, रैली सहित विविध आयोजन किए जाएंगे।
एयरइंडिया के विमान से पहुंचा भगवान बुद्ध का पावन अस्थि कलश
भगवान बुद्ध का अस्थि कलश लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयरइंडिया के विमान से पहुंचा। बुधवार को विमान संख्या एआई 2623 दिल्ली के विमान से पहुंचे अस्थि कलश को विमान से सुरक्षित टर्मिनल भवन में लाया गया। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने श्रद्धा के साथ विधि विधान पूर्वक अस्थि कलश पर पुष्प अर्पित कर पूजन किया।
टर्मिनल भवन से पूरी सुरक्षा के साथ बुद्ध के पावन अस्थि अवशेष कलश को सड़क मार्ग से सारनाथ ले जाया गया। बता दें की बीते 30 अप्रैल को अस्थि कलश को विमान द्वारा दिल्ली ले जाया गया था। इसे दिल्ली से वियतनाम दर्शन पूजन के लिए भेजा गया था। हवाई अड्डे पर अस्थि कलश के दर्शन पूजन के लिए उप जिलाधिकारी पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, एडीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल, बाबतपुर चौकी प्रभारी सत्यजीत सिंह मौजूद रहे।
फुलवरिया तिराहे से सेंट्रल जेल रोड से हटवाए अतिक्रमण
फुलवरिया तिराहा से सेंट्रल जेल रोड के किनारे अतिक्रमण हटाया गया। बुधवार को वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के निर्देश पर संयुक्त अभियान चलाकर ठेला-खोमचे वालों को हटाया गया। वेंडिंग जोन के बाहर कारोबार करने पर रोक लगाई गई। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से वीडीए की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ठेला-खोमचों को हटाकर व्यवस्थित किया गया। इस दौरान अवैध ढंग से दुकान लगाकर व्यवसाय करने वालों के साथ सड़क किनारे पार्किंग किए वाहनों का चालान भी किया गया।
इसका नेतृत्व अपर सचिव गुणाकेश शर्मा ने किया। ट्रैफिक इंस्पेक्टर अनुराग त्यागी ने यातायात नियंत्रित करते हुए अतिक्रमण हटवाने में सहयोग किया। वीडीए अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा और जो भी व्यक्ति पुनः अतिक्रमण करेगा, उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सपा प्रदेश अध्यक्ष का पार्टी नेताओं ने किया जोरदार स्वागत
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल बुधवार को गाजीपुर से सड़क मार्ग से चलकर शाम 5:00 बजे कैथी टोल प्लाजा पहुंचे। जहां पर सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ के नेतृत्व में पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बुके देकर, माला पहनाकर उनका स्वागत किया। उनके साथ पूर्व मंत्री रामबृक्ष यादव भी थे।
वाराणसी के बाबतपुर स्थित एक लॉन में विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव के पुत्र एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री रामगोविन्द चौधरी की भतीजी की शादी समारोह में उपस्थित होकर वर वधु को आशीर्वाद दिया। इस दौरान जिला महासचिव आनंद मौर्य, डॉ. ज्ञानेंद्र यादव ज्ञानू, जिला प्रवक्ता संतोष यादव, महेंद्र पाल, आकाश मौर्या आदि मौजूद रहे।
समर कैंप में बच्चे सीखेंगे कपड़े बनाने की कलात्मक तकनीक
राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान के ओर से बड़ा लालपुर स्थित ट्रेड ट्रेड फैसिलिटेट सेंटर में पांच दिवसीय डिज़ाइन समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप 16 से 20 जून तक चलेगा। इस समर कैंप में 13 से 18 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थी शामिल होंगे।
इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को रचनात्मकता और डिज़ाइन के विभिन्न आयामों से परिचित कराना है। इस समर कैंप में प्रतिभागी मोबाइल फोटोग्राफी, टेराकोटा ज्वेलरी निर्माण, डिस्चार्ज प्रिंटिंग तकनीक, फैब्रिक मैनिपुलेशन (कपड़े बनाने की कलात्मक तकनीक) से अवगत होंगे। इसके लिए तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।
प्लास्टिक प्रदूषण को हराने पर पोस्टर और कोलाज मेकिंग कार्यक्रम
विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर बीएचयू में प्लास्टिक प्रदूषण को हराने की थीम पर कार्यक्रम हुआ। कैंपस स्थित पर्यावरण एवं सतत विकास संस्थान में पोस्टर और कोलाज मेकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दोनों प्रतियोगिताओं में 25 से ज्यादा छात्रों की हिस्सेदारी रही। कलाकृतियों के माध्यम से पर्यावरण के प्रति चिंता और जागरूकता को बड़ी सच्चाई के साथ प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और उत्साह भी दिखाया। समापन सत्र में डीन ऑफ स्टूडेंट्स ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।
दूसरे दिन संकाय का गेट बंद कर धरने पर बैठे पीएचडी छात्र
बीएचयू के धर्म एवं दर्शन विभाग में पीएचडी सीट न मिलने से नाराज छात्रों ने लगातार दूसरे दिन बुधवार को धरना दिया। अबकी बार सामाजिक विज्ञान संकाय के पीछे का मुख्य द्वार बंद कराकर पोस्टर और पंफलेट लेकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों की मांग है कि उनको तत्कल प्रवेश दिया जाए, जिससे उनकी रुकी फेलोशिप आ सके। धरने में मौजूद तीन छात्रों श्रौत चंद चतुर्वेदी, नवीन कुमार और नवनीत कुमार यादव का प्रवेश मेन कैंपस में न मिलने से प्रवेश नहीं हो सका है। इन छात्रों का कहना है कि इनकी रैंकिंग अच्छी है। लेकिन विभाग से प्रवेश नहीं मिल रहा है।
सचिन, विराट, रोनाल्डो और ललित उपाध्याय के नाम पर रोपे गए पाैधे
परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर पाैधरोपण कार्यक्रम में क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, फुटबॉलर मैसी, रोनाल्डो और ओलंपियन ललित उपाध्याय के नाम पर पाैधे रोपे गए। हॉकी, रग्बी फुटबाॅल, टेबल टेनिस और हैंडबॉल की महिला खिलाडियों ने आम, अमरूद, अंजीर, अनार और मौसमी फल के बीस से अधिक पौधे लगाए। इन पौधों पर इन खिलाड़ियों का फोटो भी लगा हुआ था।
कार्यक्रम संयोजक हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने कार्यक्रम में इन खिलाड़ियों के बारे मे जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को बताया कि अब भारत में स्पोर्ट्स कल्चर बढ़ रहा है। परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में सौ से अधिक बालिकाएं हॉकी, टेबल टेनिस, हैंडबॉल और रग्बी फुटबॉल का प्रशिक्षण लेती हैं। अब तक यहां से 53 राष्ट्रीय खिलाड़ी निकल चुकी हैं।
आरआई के निरीक्षण में चार प्रदूषण जांच केंद्रों में मिली खामिया, होंगे निलंबित
सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) पियूष कुमार और सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) प्रमेन्द्र कुमार संतप्त ने शहर के प्रदूषण जांच केंद्रों का निरीक्षण कर यहां की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इसमें शहर के चार प्रदूषण जांच केंद्र मानक के खिलाफ संचालित पाए गए हैं। अब इन सभी चार केंद्रों को निलंबित करने की तैयारी चल रही है।
वाहनों से निकलने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण के उद्देश्य से शहर में अलग-अलग जगहों पर प्रदूषण जांच केंद्र खोला गया है। बुधवार को हकीकत का जायजा लेने निकलने आरआई ने जांच की तो खामियां मिली। आरटीओ (प्रशासन) शिखर ओझा ने बताया कि जमालपुर के साई समाज कल्याण सेवा समिति, आरएसपी प्रदूषण जाँच केन्द्र, ओम साई पर्यावरण सेवा समिति और मां प्रभावती समाज कल्याण सेवा समिति में खामिया मिली हैं।
प्रदूषण जांच केंद्रों द्वारा नियम विरूद्ध कार्य प्रणाली अपनाने एवं कार्यों में अनियमितता मिली है। इसके दृष्टिगत उनके निलम्बन के लिए उप परिवहन आयुक्त (न्यायाधिकरण), कार्यालय परिवहन आयुक्त को संस्तुति पत्र भेजा गया हैं।
वर्कशॉप में युवा सीखेंगे सिनेमा बनाने के हुनर
काशी में युवा अब फिल्म मेकिंग का हुनर सीखेंगे। युवाओं को सिनेमा बनाने की तकनीक की बारीकियां सिखाई जाएंगी। अपनी इंडस्ट्री अपना सिनेमा के ओर से सात दिवसीय कार्यशाला का आयोजन बृहस्पतिवार से होगा। इसमें शॉर्ट फिल्म बनाने से लेकर फीचर फिल्म बनाने की कला बताई जाएगी।
आयोजक उज्ज्वल पांडेय ने बताया कि इसका शुभारंभ अस्सी घाट पर किया जाएगा। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह बंद कमरे में न होकर खुले जगहों पर होगी। इसके लिए काशी के प्रमुख स्थानों का चयन किया गया है। इसमें कैमरा स्टार्ट करने से लेकर एडिटिंग और एंडिंग तक की कला बताई जाएंगी।
बीएचयू के 4 हॉस्टलों में नए वार्डेन और एडमिन
बीएचयू के चार हॉस्टलों में छह नए अधिकारी बनाए गए हैं। बिड़ला ए हॉस्टल में डॉ. सत्य प्रकाश सिंह को एडमिन वार्डेन और डॉ. अमित कुमार थापा को वार्डेन नियुक्त किया गया है। वहीं, डॉ. दिवाकर साहू को मूना देवी हॉस्टल का एडमिन वार्डेन और डॉ. शरद धर शर्मा को वार्डेन बनाया गया है।
डॉ. मनोज कुमार वर्मा को राजा राम मोहन राय हॉस्टल का वार्डेन नियुक्त किया गया है। बंगाली विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अंतरा दास यमुना हॉस्टल का एडमिन वार्डेन बनी हैं। इन्हें बीएचयू में अगले तील साल यानी कि 2028 तक नियुक्त किया गया है। इनका कार्यकाल एक जून से लेकर 31 मई 2028 तक होगा।
30 जून से 10 जुलाई तक होगी अग्निवीर की लिखित परीक्षा
अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा 30 जून से 10 जुलाई तक होगी। इस पर जनरल ड्यूटी, तकनीशियन ट्रेड के दो वर्ग और क्लर्क पद के लिए लिखित परीक्षा आयोजित कराई जा रही है। इस बार 58645 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। वहीं, 10243 अभ्यथीZ दोनों ट्रेड की परीक्षा में शामिल होंगे।
वहीं, एक सप्ताह के अंदर एडमिड कार्ड जारी कर दिया जाएगा। अभ्यर्थी सेना की वेबसाइट पर अपडेट देखते रहें। परीक्षा से जुड़ी सभी जानकारी वेबसाइट पर दी जा रही है। वाराणसी परिक्षेत्र में मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, भदोही, सोनभद्र, चंदौली, आजमगढ़, देवरिया और गोरखपुर जिले के अभ्यर्थी आते हैं।
महिलाओं को अपनी क्षमता, पहचानने और तराशने की आवश्यकता
पं. दीनदयाल उपाध्याय जिला चिकित्सालय स्थित वन स्टॉप सेंटर में बुधवार को कार्यशाला का आयोजन हुआ। यह आयोजन डॉ. शंभूनाथ सिंह रिसर्च फाउंडेशन ने अपनी सहयोगी संस्थाओं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन और महिला कल्याण विभाग वाराणसी के सहयोग से किया।
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध एवं सुरक्षा) नम्रता श्रीवास्तव ने कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए कहा कि महिलाओं में अपार क्षमताएं होती हैं। इन्हें पहचानने और तराशने की आवश्यकता है। जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद्र दुबे ने अपने विभाग से संबंधित विभिन्न छात्रवृत्ति, पेंशन, भरण पोषण, विवाह योजनाएं और आवासीय विद्यालयों की जानकारी दी।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना था। इस दौरान रश्मि दुबे, श्वेता, रश्मि, सपना, प्रिया आदि उपस्थित थे।
फंड को दूसरे काम में खर्च करने की मिले अनुमति: मेयर
लखनऊ में बुधवार को 16 वें वित्त आयोग की बैठक हुई। इसमें भाग लेने गए मेयर अशोक कुमार तिवारी ने नगर निगम का पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि वहां अधिकारियों से कहा गया कि जो फंड मिलता है। उसका दायरा बढ़ाना चाहिए। कई बार फंड जिस काम के लिए मिलता है। वह पूरा करने के बाद भी फंड बचता है। जिसे दूसरे कार्य में खर्च नहीं कर पाते हैं।
इस चक्कर में फंड वापस चला जाता है। फंड को दूसरे काम में भी खर्च करने की अनुमति मिलने के बारे में बताया गया। इसके अलावा नगर निगम सीमा की का दायरा बढ़ने के बाद नवविस्तारित इलाकों में सीवर और पेयजल की बड़ी समस्या के बारे में बताया गया।
इसके लिए नई लाइन बिछाने के लिए फंड रिलीज करने को कहा गया। इसके अलावा नगर निगम की ओर से किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया गया। बांड के अलावा बनने वाले कॉम्प्लेक्स के बारे में बताया गया।
पॉलिटेक्निक की प्रवेश परीक्षा आज से
पॉलिटेक्निक संस्थान में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा 5 से 13 जून तक होगी। जिले में प्रवेश परीक्षा के लिए 13 केंद्र बनाए गए हैं। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक सुंदरपुर के प्राचार्य प्रमोद सिंह ने बताया कि परीक्षा कंप्यूटर-आधारित परीक्षण (सीबीटी) होगी। जिले में पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा के 13 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 8 से 10:30 बजे, दूसरी दोपहर 12 से 2:30 बजे तक और तीसरी पाली शाम 4 से 6:30 बजे तक होगी। परीक्षा केंद्रों पर समुचित बैठने की व्यवस्था, पेयजल, इंटरनेट, पावर बैकअप आदि की व्यवस्था के लिए केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दे दिए गए हैं।
संस्कृत विश्वविद्यालय में 16 से 20 जून के बीच होगा नैक मूल्यांकन
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में नैक पियर टीम 16 से 20 जून के बीच आएगी। विश्वविद्यालय ने नैक मूल्यांकन को देखते हुए गंगा दशहरा, निर्जला एकादशी के साथ ही आठ और 15 जून के अवकाश निरस्त कर दिए हैं। विश्वविद्यालय में ग्रीष्मावकाश 23 जून से 15 जुलाई तक घोषित किया गया है।
कुलसचिव राकेश कुमार के अनुसार नैक पियर टीम 16 से 20 जून के बीच निरीक्षण के लिए विश्वविद्यालय आएगी। इसकी सूचना मिल चुकी है और तैयारियां पूरी हैं। विश्वविद्यालय में चार जून से 20 जून के बीच स्वीकृत व आवेदित सभी अवकाश को निरस्त किया गया है। विश्वविद्यालय में ग्रीष्मावकाश 23 जून से 15 जुलाई और महाविद्यालयों में ग्रीष्मावकाश एक जून से 30 जून तक रहेगा। ग्रीष्मावकाश अवधि में परीक्षा संबंधी कार्य एवं विशेष बैठक आयोजित होने पर संबंधित आचार्य उपस्थित रहेंगे। अवकाश अवधि में मुख्यालय से बाहर जाने पर कुलपति की स्वीकृति प्राप्त करना अनिवार्य है।
डिप्लोमा इन गाइडेंस साइकोलॉजी के लिए 7 जुलाई तक करें आवेदन
मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र की ओर से नए सत्र में डिप्लोमा इन गाइडेंस साइकोलॉजी कोर्स शुरू किया जा रहा है। इसके लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि सात जुलाई है। अभ्यर्थी केंद्र की आधिकारिक वेबसाइट www.bureauofpsychologyup.org से फॉर्म डाउनलोड करके ऑफलाइन भरकर डाक के माध्यम से कार्यालय में भेज सकते हैं।
इसकी कक्षाएं प्रयागराज स्थित मनोविज्ञानशाला में चलेंगी। मंडलीय मनोवैज्ञानिक नवीन कुमार पाठक ने बताया कि इस कोर्स के लिए केवल 15 सीटें हैं। इसमें एडमिशन के लिए विद्यार्थियों का ग्रुप डिस्कशन होगा। उसके बाद मेरिट के आधार पर एडमिशन होंगे। यह कोर्स पूरी तरह नि:शुल्क है।
गंगा दशहरा की तैयारियों की समीक्षा की
नवागत अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने बुधवार को अपने कार्यालय में कमिश्नरेट के तीनों जोन के डीसीपी के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने गंगा दशहरा के मद्देनजर गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। कहा कि उचक्कों और जेबकतरों पर पुलिस की विशेष नजर रहे। एंटी रोमियो स्क्वॉड गंगा घाटों पर सक्रिय रहे।
25वें दिन भी वकीलों ने किया प्रदर्शन
एसडीएम पिंडरा व एसडीएम न्यायिक के खिलाफ चल रही हड़ताल 25वें दिन भी जारी रही। एसडीएम पोर्टिको में जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और वकीलों ने भ्रष्टाचार खत्म होने तक विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया। मंगलवार को आयोजित महापंचायत के बाद बुधवार को भी वकीलों में जोश दिखा और लड़ाई को अंतिम अंजाम तक पहुंचाने की घोषणा की।
धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता बार अध्यक्ष कृपा शंकर पटेल व संचालक महामंत्री सुधीर कुमार सिंह ने किया। इस दौरान पूर्व बार अध्यक्ष शिव पूजन सिंह, पंधारी यादव, राजेश पटेल, उदयनाथ भारती, प्रीत राज माथुर, विपुल कुमार मिश्रा समेत तमाम अधिवक्ता उपस्थित रहे।
मुखबिर की सूचना पर दो वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
बड़ागांव पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार को हरहुआ पंचकोशी रोड के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। ये अभियुक्त एक हिंदी दैनिक अखबार के पत्रकार के ऊपर हमला करने के मामले में वांछित चल रहे थे। थाना प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि कुछ दिनों पहले एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे अवनीश कुमार मिश्र के साथ मनबढ़ो ने मारपीट कर उनके चार पहिया वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस मामले में ओजस पटेल,अरूण यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
बरेका जीएम से ट्रेनी अधिकारियों ने की मुलाकात
सिविल सेवा परीक्षा 2023 के भारतीय रेल प्रबंधन सेवा (ट्रैफिक) के ट्रेनी अधिकारियों ने महाप्रबंधक बरेका नरेशपाल सिंह से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान महाप्रबंधक ने उनसे अपने आधिकारिक जीवन के अनुभव साझा किए। उन्हें रेल व राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया। भेंट के दौरान सचिव अनुज कटियार, ओएसडी वी कुमावत, अर्पित गुप्ता, शिवानी वासेकर, डिंपल कौशिक, जय वत्स और अनुराग किशोर गौतम मौजूद रहे।
सिंचाई विभाग के 4000 पदों की समाप्ति के विरोध में धरना प्रदर्शन
14 मई के शासनादेश के खिलाफ सिंचाई विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बुधवार को तीसरे चरण का आंदोलन किया। सिंचाई विभाग कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर वाराणसी में मुख्य द्वार पर 17 मान्यता प्राप्त संघों के सदस्यों ने धरना प्रदर्शन किया।
अध्यक्षता शशिकांत श्रीवास्तव र नीरज कुमार सिंह ने संचालन किया। मुख्यमंत्री और सिंचाई मंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि प्रज्ञा सिंह (एसीएम 3) और वाराणसी संसदीय कार्यालय को सौंपा गया। शशिकांत श्रीवास्तव ने चेतावनी दी कि शासनादेश रद्द नहीं हुआ तो 20 जून 2025 को लखनऊ में प्रमुख अभियंता कार्यालय पर पूरे प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारी धरना देंगे। इस प्रदर्शन में कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
नगर निगम वाराणसी।
- फोटो : अमर उजाला
संपत्तिकर के बकायेदारों की काॅल सेंटर से निगरानी
नगर निगम की ओर से संपत्तिकर के बकायेदारों की काॅल सेंटर से निगरानी की जा रही है। एसएमएस, व्हाट्सएप से अब तक 885 बकायेदार भवन स्वामियों को संपत्तिकर जमा करने के लिए मैसेज भेजा गया। इसके लिए काशी इन्टीग्रेटेड कमांड सेंटर में काॅल सेंटर की स्थापना की गई है।
यह जिम्मेदारी अहमदाबाद की एक संस्था को दी गई है। सबसे पहले भेलूपुर सबजोन और दशाश्वमेध सबजोन के कई सालों के बकायेदारों को कर जमा करने के लिए एसएमएस व व्हाट्सएप करने की जिम्मेदारी दी गई है। यहां कुल 5300 भवन स्वामियों पर 16 करोड़ का संपत्तिकर बकाया है।
संस्था की ओर से आठ दिनों में 885 भवन स्वामियों को मैसेज भेजा गया है। जिसमें से 13 भवन स्वामियों की ओर से 66000 रुपये जमा किया गया है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि सफल होने पर यह व्यवस्था पूरे नगर क्षेत्र में लागू की जाएगी।
नालों पर से हटावाए अतिक्रमण, वसूला जुर्माना
नगर निगम की ओर से नालों, नालियों पर से अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी है। बुधवार को सिगरा के आसपास से अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान कुछ लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए दो दिन की मोहलत दी गई।
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर जोनल अधिकारी दशाश्वमेध जितेंद्र आनंद के नेतृत्व में नगर निगम की ओर से पूर्व निर्धारित समय के अनुसार सुबह 10 बजे से अभियान शुरू हुआ। कई जगहों पर टीम को विरोध का सामना भी करना पड़ा। नालों पर अतिक्रमण करने वालों से जुर्माना वसूला गया। नगर आयुक्त ने अतिक्रमण करने वालों को अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी।