Varanasi News in Hindi: पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों से पूछा कि उत्तर प्रदेश के सबसे बड़ा पुलिस अधिकारी कौन है ?। आरक्षियों ने तुरंत डीजीपी का नाम लिया। उन्होंने प्रशिक्षुओं से उनको पढ़ाये जा रहे विषय के संबंध में जानकारी ली।
पुलिस आयुक्त ने पुलिस लाइन स्थित रेडियो शाखा, परेड ग्राउंड, अर्दलीरूम, आरटीसी, निर्माणाधीन थाना लालपुर-पांडेयपुर आदि का निरीक्षण किया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि जलनिकासी के लिए खुली नालियों को ठीक करा लें। परेड ग्राउंड में ट्रैक को ठीक करें। ग्राउंड को हॉकी ग्राउंड के रूप विकसित करने पर जोर दिया।
ट्रेन के चपेट में आने से युवती की मौत
वाराणसी-जफराबाद रेलप्रखंड पर त्रिलोचन महादेव स्टेशन के पूरब लहंगपुर अटहनू गांव के पास शुक्रवार को सुबह मालगाड़ी से कटकर एक युवती ने जान दे दी। ट्रेन जौनपुर से वाराणसी की तरफ जा रही थी। जलालपुर थाना के उप निरीक्षक विश्वनाथ सिंह ने बताया कि युवती की पहचान रुबी यादव (19) पुत्री राजकुमार यादव निवासी खरावनपुर थाना बड़ागांव जनपद वाराणसी के रूप में हुई।
उन्होंने बताया कि युवती ने पहले सड़क के किनारे अपनी स्कूटी खड़ी की। इसके बाद ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना परिवार के लोगों को दी गयी। युवती के आत्महत्या का कारण पता नहीं चल सका है।
किशोरी को अगवा करने के आरोपी गिरफ्तार, अपहृता बरामद
वाराणसी। शादी का झांसा देकर किशोरी को अगवा करने के आरोपी अंश पटेल को लंका पुलिस ने शुक्रवार को टेंगरा मोड़ चौराहा के पास से गिरफ्तार किया। चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र के मैनपुर निवासी अंश पटेल के कब्जे से किशोरी को पुलिस ने मुक्त कराया। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि पीड़ित पिता ने दो जुलाई को केस दर्ज कराया। अपहृता की बरामदगी के लिए टीम गठित हुई और सकुशल बरामद हुई। आरोपी अंश पटेल को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेजदिया गया।
बाथरूम के प्राइवेट वीडियो प्रकरण में आईआईटी बीएचयू की जांच पूरी, रिपोर्ट जमा
आईआईटी बीएचयू के प्राइवेट वीडियो प्रकरण में संस्थान की जांच पूरी हो गई है और कमेटी ने अपनी रिपोर्ट रजिस्ट्रार को सौंप दी है। सोमवार को इस रिपोर्ट को साझा किया जा सकता है। दरअसल शनिवार और रविवार को आईआईटी बीएचयू में अवकाश होगा। इस रिपोर्ट में मोबाइल से बाथरूम में नहाते हुए बनाए गए वीडियो इंटरनेट पर अपलोड हैं कि नहीं इसका भी खुलासा हो जाएगा।
वहीं, आरोपी एमटेक छात्र अपने माता-पिता के साथ ही रह रहा है। अब वह अपने हॉस्टल कभी नहीं जा सकेगा। लंका थाने की पुलिस ने आरोपी का मोबाइल और लैपटॉप फॉरेंसिक जांच के लिए भेजवा दिया है। इसकी भी रिपोर्ट जल्दी सामने आएगी।
चोरी के बाद सहमा परिवार, काॅलोनीवासी भी भयभीत
अमरा खैरा के शिवधाम नगर काॅलोनी में अधिवक्ता श्रीकांत दुबे के मकान में चोरी की घटना से काॅलोनी के लोग सहमे हुए हैं। सीसीटीवी फुटेज में हथियारबंद कच्छा पहने छह बदमाश कैद होने के बाद पुलिस से उन्हें चिह्नित करने में जुटी हुई है। शुक्रवार को छानबीन के लिए पुलिस नहीं पहुंचने से पीड़ित परिवार सहमा रहा। अधिवक्ता के मकान में बृहस्पतिवार की सुबह 4 बजे चोरी हुई थी।
अधिवक्ता के बेटे सोमेंद्र दुबे ने बताया कि दो बार अखरी पुलिस चौकी पर गया। कहा गया कि शाम तक आएंगे लेकिन रात तक कोई पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा। इस घटना से काॅलोनी के लोग सहमे हैं। मंकी कैप और कच्छा पहने बदमाश की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपी गई है। एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है।
बेटे और बहु ने मां को पीटा, केस दर्ज
सिगरा थाना क्षेत्र के छोटी गैबी में संपति विवाद को लेकर बेटे और बहू ने महिला की पिटाई कर दी। पीड़िता प्रिया श्रीवास्तव की तहरीर पर स्थानीय पुलिस ने दो बेटों और एक बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता ने सिगरा पुलिस को बताया कि वह छोटी गैबी स्थित मकान में अपने हिस्से के दुकान को किराये पर देने के लिए गई थी, जहां उनके दो बेटों और बहू ने उन्हें लाठी से पीटा। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि दो बेटों और बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
साड़ी कारोबारी और अधिवक्ता के खिलाफ केस दर्ज
उड़ीसा के व्यापारी को बंधक बनाकर एक लाख रुपये वसूलने के आरोपी साड़ी कारोबारी और उसके अधिवक्ता के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर गुरुवार की रात सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। उड़ीसा के गंजाम निवासी पीड़ित राजेश कुमार ने पुलिस को बताया कि साड़ी कारोबारी अशोक शाह से व्यापारिक लेन देन चलता था।
एक साल पहले माल में खराबी होने के कारण उसे वापस कर दिया, जिसके बाद से अशोक शाह के साथ व्यापारिक रिश्ते खत्म हो गए। तीन मई को महमूरगंज स्थित अशोक साड़ी फर्म कार्यालय में बुलाया गया। पैसे बकाया होने की बात कहकर अशोक शाह और उनके पुत्र ने उन्हें बंधक बना लिया। एक लाख रुपये तक वसूला गया। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज करते हुए विवेचना की जा रही है।
ई-रिक्शा चोरी का आरोपी गिरफ्तार
ई-रिक्शा चोरी के आरोपी सोनू गुप्ता को लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने बघवानाला के पास से गिरफ्तार किया। कब्जे से चाेरी का ई-रिक्शा बरामद हुआ। लालपुर-पांडेयपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया गिरफ्तार सोनू गुप्ता बिहार के सीतामढ़ी के सोनबरसा का निवासी है। बृहस्पतिवार की रात धर्मराज के घर के बाहर खड़ी ई-रिक्शा चोरी कर भाग निकला था।
जन्मदिन का केक काटते समय मारपीट, दो पर केस दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र के पत्रकारपुरम कॉलोनी के पास बृहस्पतिवार की रात जन्मदिन का केक काटते समय दो पक्षों में मारपीट में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। गिलट बाजार निवासी पीड़ित आदित्य सोनकर ने पुलिस को बताया कि चंदौली निवासी विक्की का जन्मदिन था। पत्रकारपुरम काॅलोनी के पास केक काट रहे थे। तभी कल्लू व प्रितम ने गाली गलौज करते हुए पिटाई की। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि कल्लू और प्रितम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पति समेत पांच पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
विवाहिता ने पति समेत ससुराल के पांच सदस्यों के खिलाफ शुक्रवार को लालपुर-पांडेयपुर थाने में दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया। पीड़िता नेहा सिंह ने बताया कि पहड़िया रमरेपुर निवासी पत्नी विवेकानंद सिंह समेत अन्य ने दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित किया। लालपुर-पांडेयपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पति विवेकानंद सिंह, श्यामसुंदर सिंह, इंदिरा सिंह, परमानंद सिंह और गुंजा सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत
सारनाथ के पंचकोशी रेलवे क्रॉसिंग के पास शुक्रवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि पंचकोशी रेलवे क्रासिंग के समीप सुबह 8:30 बजे रेलवे लाइन पार करते समय पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध मौत हो गई। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो सकी है। वृद्ध गुलाबी रंग की कमीज व मेहंदी रंग का लोवर पहने था।
छेड़खानी के विरोध में पिटाई से घायल पिता से मिले कैबिनेट मंत्री
सारनाथ के सलारपुर में बेटियों से छेड़खानी का विरोध करने पर पिता की पिटाई के मामले में शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने पीड़ित के घर जाकर मुलाकात की। सरायमोहना चौकी प्रभारी से प्रकरण में कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। चौकी प्रभारी ने बताया कि सभी पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पिछले दिनों दो बहनें सलारपुर बाजार में स्टेशनरी का सामान खरीदने गई थीं। एक युवक ने फब्तियां कसीं। सूचना पर पिता पहुंचे तो आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल पिता को बीएचयू स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से छुट्टी के बाद घर पहुंच चुके हैं।
बीएचयू के 50 छात्रों ने किया वीसी ऑफिस का घेराव
बीएचयू के 50 छात्रों ने शुक्रवार को सेंट्रल ऑफिस का घेराव कर कार्यवाहक कुलपति प्रो. संजय कुमार के इस्तीफे की मांग की। छात्रों ने कहा कि अस्पताल समेत कई अधिकारियों पर आरोप लगे लेकिन जांच नहीं की गई। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो वे सेंट्रल ऑफिस को बंद करा देंगे। छात्रों ने कुलपति कार्यालय में पत्रक दिया।
छात्रों ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर और सर सुंदरलाल अस्पताल के अधीक्षक को हटाने के लिए छात्र दो महीने से आंदोलन कर रहे हैं। स्थाई संसदीय समिति ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं इस मामले को संसद में भी उठाने का आश्वासन दिया गया। लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
डॉ. कुंवर पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि अस्पताल संबंधित विवादों को लेकर कुलपति ने बीते माह में एक जांच समिति का गठन किया गया था, जिसे सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी थी। लेकिन जानबूझकर रिपोर्ट नहीं सबमिट होने दी जा रही है। इस दौरान छात्र नेता अभय सिंह मिक्कू, डॉ. मृत्युंजय तिवारी आजाद समेत कई छात्र मौजूद रहे।
कैब चालकों को लिखना होगा नाम, नंबर
जिले में अब ई-रिक्शा, ओला, उबर, रैपिडो और ऑटो-रिक्शा सहित सभी सार्वजनिक परिवहन वाहनों के चालकों को अपनी जानकारी वाहन के भीतर लिखनी होगी। नए नियम के अनुसार चालकों को अपना नाम, मोबाइल नंबर और आधार नंबर वाहन के अंदर हिंदी में लिखना होगा। जहां यात्री उसे आसानी से देखकर पढ़ सकें। आरटीओ प्रशासन शिखर ओझा ने बताया कि 15 दिनों के अंदर सभी को लिखा लेना है। ऐसा न करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चोरी के पांच आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी भी पकड़ा गया
मकान में चोरी करने वाले पांच आरोपियों को भेलूपुर पुलिस ने शुक्रवार को अस्सी पुलिया से गिरफ्तार किया। इस दौरान एक बाल अपचारी भी पकड़ा गया। काशी जोन के एडीसीपी सरवणन टी. ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में भगवानपुर लंका निवासी अभिषेक राजभर उर्फ केतून, बाबू सोनकर उर्फ प्रियांशु सोनकर, नगवा निवासी करण सोनकर, शिवाला घाट का रहने वाला आशीष सोनी और राकेश पांडेय है।
आरोपियों के कब्जे से आभूषण और सामान बिक्री के 6,50,000 रुपये बरामद हुए। बाबू सोनकर उर्फ प्रियांशु सोनकर के खिलाफ 11 मुकदमे और अभिषेक राजभर उर्फ केतून राजभर के खिलाफ छह मुकदमे दर्ज हैं। वहीं बाल अपचारी के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं।
ढाबा संचालक समेत पांच को मिली जमानत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में स्थित एक ढाबे पर युवती का शव मिलने के मामले में आरोपी ढाबा संचालक समेत पांच लोगों को शुक्रवार को राहत मिल गई। सहायक पुलिस आयुक्त के न्यायालय ने आरोपी ढाबा संचालक प्रगट नारायण सिंह, उसके पुत्र विकास सिंह के साथ ही अनुराग सिंह, सूर्यबली यादव व विनय कुमार मिश्र को 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें एवं बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया है।
प्रकरण के अनुसार, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में स्थित एक ढाबे पर तीन जुलाई को एक युवती की शव मिला था। इस मामले में मृतका के परिजनों समेत अन्य लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए धरना प्रदर्शन किया था। पुलिस ने ढाबा संचालक समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आरोपियों ने अधिवक्ता के माध्यम से जमानत के लिए अर्जी दी थी, जिसे सुनवाई के बाद अदालत ने मंजूर कर लिया।
नगर निगम वाराणसी।
- फोटो : अमर उजाला
नगर निगम के 13 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस
बीते सात जुलाई को सोलर नहीं लगाने वालों का वेतन रोकने को लेकर कुछ कर्मचारियों ने नगर निगम में प्रदर्शन किया गया था। इस संबंध में कर्मचारी नेता मनोज कुमार सिंह समेत 13 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। उनसे तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है। कर्मचारियों से पूछा गया है कि उन्होंने किसके इशारे पर प्रदर्शन किया। जबकि वेतन रोकने के संबंध में कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।
कर्बला के 72 शहीदों के ताबूत की कल जियारत करेंगे अजादार
कर्बला के 72 शहीदों के ताबूत की जियारत के लिए पूर्वांचल भर के अजादारों का हुजूम उमड़ेगा। जुलूस के रूप में शहीदों के ताबूत रविवार को सदर इमामबाड़ा लाट सरैया में उठेंगे। इस दौरान उलेमा कर्बला के मंजर बयां करेंगे। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने बताया कि अंजुमन आबिदिया के जेरे इंतजाम और शहर की अंजुमनों के सहयोग से 72 ताबूत उठाए जाएंगे। जुलूस सदर इमामबाड़ा में दोपहर दो बजे उठेगा।
मजलिस को मौलाना गुलजार हुसैन जाफरी अजमेर खिताब करेंगे। जीशान आजमी ताबूत का तार्रुफ कराएंगे। शफीक हैदर के संचालन में शायर सलीम बलरामपुरी, फकरी मेरठी, बाकर बलियावी, कौसैन सुल्तानपुरी और रजब अली बनारसी कलम पेश करेंगे। आबिद अब्बास पवित्र कुरान की तिलावत करेंगे। नौहख्वानी अंजुमन अजादारे हुसैन करेगी।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ।
- फोटो : अमर उजाला
काशी विद्यापीठ में तीन दिन टली बीए की काउंसिलिंग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 2025-26 में बीए में दाखिले के लिए शनिवार से होने वाली काउंसिलिंग को टाल दिया गया है। अब काउंसिलिंग तीन दिन बाद 15 जुलाई से होगी। शुक्रवार को इसका आदेश विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी कर दिया गया है। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि बीए की काउंसिलिंग अब 15 से 19 जुलाई तक वाणिज्य एवं प्रबंधशास्त्र संकाय में होगी। बीए की 1650 सीटों के लिए 3840 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। कुलसचिव ने बताया कि काउंसिलिंग के बारे में विस्तृत जानकारी वेबसाइट से ली जा सकती है।
मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी भीड़
सावन के पहले दिन मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों से श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। सुबह से ही श्रद्धालु गंगा गोमती के संगम में स्नान कर बाबा को जलाभिषेक करते रहे। गोस्वामी समाज के गौरव गिरि ने बताया कि सावन के पहले दिन भीड़ सामान्य थी लेकिन जलाभिषेक करने वालों का क्रम जारी रहा। रविवार, सोमवार और त्रयोदशी पर भीड़ बढ़ेगी। इस दौरान स्पर्श दर्शन नहीं होगा।
जलाधारी से जलाभिषेक होगा। सावन के पहले दिन रुद्राभिषेक, सत्यनारायण भगवान की कथा, शिवपुराण का क्रम चलता रहा। सावन मेला के प्रभारी कैथी चौकी इंचार्ज अनिल यादव ने बताया कि सावन के लिए सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। ड्रोन कैमरे, सीसी कैमरे, मंदिर के गर्भगृह से लेकर मंदिर के प्रांगण व गंगा गोमती संगम घाट तक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
बनारस में बारिश।
- फोटो : अमर उजाला
बनारस में बारिश से 2 दिन में 10 डिग्री तक गिरा पारा
बनारस में शुक्रवार को पूरे दिन बादल छाए रहे और रुक रुककर बारिश होती रही। इससे जिले का तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। दो दिन में तापमान में 10 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। हवा भी 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली।
शुक्रवार को बनारस का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री कम 30.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री नीचे 26 डिग्री सेल्सियस तक पारा पहुंचा। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक बनारस में अगले 5 से 6 दिन तक बारिश होने के आसार हैं। मानसून भी सक्रिय है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के दक्षिणी और विंध्य इलाके में भारी बारिश होने का अनुमान है। इसका असर बनारस में भी देखने को मिल सकता है।
सारनाथ में खुले पैनल बॉक्स से जला रहे बिजली
बिजली निगम की लापरवाही की वजह से सारनाथ में जगह-जगह पैनल बॉक्स खुले हैं। इससे बरसात के मौसम में करंट का खतरा बना है। दूसरी ओर सुहेलदेव पार्क के सामने आकाशवाणी की बाउंड्री से सटे कई ठेले वाले खुले पैनल बॉक्स में तार जोड़कर बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं।
खुले पैनल बॉक्स से तार जोड़कर ठेले वाले डीप फ्रीजर, पंखा, लाइट, मिक्सर मशीन चल रहा है। जेई राजकुमार ने बताया कि नगर निगम ठेले वालों को टैरिफ के तौर पर कनेक्शन देता है। इसके लिए नगर निगम द्वारा जारी पत्रक देना अनिवार्य है। जहां तक बिजली का पैनल बॉक्स खुलने की बात है तो इसे सही कराया जाएगा।
लीकेज से दोबारा धंसी अतुलानंद के पास सड़क
लीकेज समस्या के चलते शुक्रवार को दोबारा अतुलानंद तिराहे के पास सड़क धंस गई है। यहां पर पिछले दिनों सीवर पाइप लाइन में लीकेज के कारण बारिश में गिलट बाजार स्थित अतुलानंद तिराहे के पास की सड़क अचानक धंस गई थी। पीडब्ल्यूडी के अधिकारी ने बताया कि सड़क धंसने के बाद मरम्मत का काम कराया गया है। पुलिस ने एहतियातन धंसने वाले स्थान के अगल बगल बैरिकेडिंग की है।
बताया कि नीचे सीवर लाइन है जो लीक कर रही है। इसके चलते आसपास की मिट्टी बैठने से सड़क धंसी है। इसकी मरम्मत कराई गई थी। फिर से देखा जा रहा है कहीं लीकेज तो नहीं है। बता दें कि आठ साल पूर्व कचहरी से एयरपोर्ट मार्ग चौड़ा किया जा रहा था। उस दौरान यहां नीचे सीवर लाइन पड़ी थी। जो लीक हो रही थी। इस मार्ग का इस्तेमाल बनारस आने वाले वीआईपी करते हैं। एयरपोर्ट से सर्किट हाउस जाने के लिए यही प्रमुख मार्ग है।
तनुज पुनिया ने अत्याचार व हत्या की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अनुसूचित जाति एवं जनजाति विभाग) के प्रांतीय अध्यक्ष सांसद तनुज पुनिया के शुक्रवार को कैंट स्थित नरेंद्र कुमार शास्त्री अनुसूचित जाति छात्रावास में पहुंचने पर उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास समिति स्वागत किया। तनुज पुनिया ने उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति और जनजातियों पर हो रहे अत्याचार, उत्पीड़न, हत्या, बलत्कार, लूट आदि घटनाओं पर चिंता जताते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर के संविधान से सामाजिक परिवर्तन और विकास हुआ। कांग्रेस पार्टी की सरकार में प्राथमिक विद्यालय, जूनियर हाई स्कूल खोलकर न केवल अनुसूचित जाति एवं जनजाति, पिछड़ी जाति बल्कि समाज के सभी वर्गों के लोगों को शिक्षा देने का प्रयास किया। स्वागत में समिति के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार चौधरी, डॉ. परमेंदर सिंह, पनधारी राम, बीएन राम, आरडी राम, राहुल राज रहे।
पुरे गांव के लोगों से पूरे सांसद एटी नाना पाटिल ने की मुलाकात
कछवां रोड के सेवापुरी ब्लॉक के प्रधानमंत्री सांसद आदर्श ग्राम पुरे गांव में शुक्रवार महाराष्ट्र के जलगांव संसदीय क्षेत्र के पूर्व भाजपा सांसद एटी नाना पाटिल पहुंचे। गांव के लोगों से मुलाकात कर गांव में हो रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। पूर्व सांसद एटी नाना पाटिल परमहंस आश्रम शक्तेशगढ़ में गुरु पूर्णिमा के पर्व पर स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के दर्शन के लिए आए थे।
आश्रम से बाबतपुर एयरपोर्ट जाने के दौरान रास्ते में प्रधानमंत्री सांसद आदर्श ग्राम पुरे गांव के नाम का बोर्ड देखकर प्रधानमंत्री सांसद आदर्श ग्राम पहुंचे। पूर्व सांसद का ग्राम प्रधान अमरावती मोड़ के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इसके बाद कछवा रोड बाजार में एक पान की दुकान पर पान खाने पहुंचे और व्यापारियों से मुलाकात कर क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों पर चर्चा की। पान खाने के बाद उन्होंने कहा कि बनारस के पान की चर्चा मुंबई में होती है इस अवसर पर व्यापारियों में प्रेमचंद जायसवाल, रामधनी केसरी, दशरथ यादव, सियाराम केसरी, मोहन गुप्ता मौजूद थे।
स्वास्थ्य सुविधाओं में अग्रणी दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल
पं. दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में प्रदेश में अग्रणी है। अस्पताल के सीएमएस डाॅ. बृजेश कुमार ने बताया कि ओपीडी में 1125590 और इनडोर सेवाओं में 58684 मरीजों का उपचार किया गया है। 129386 मरीजों को घर बैठे ही टेलिमेडीसिन के माध्यम से निःशुल्क परामर्श दिया गया। 60958 मरीजों को निशुल्क डायलिसिस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
एनसीडी क्लीनिक (नान-कम्युनिकेबल डिजीज) में आये मधुमेह एवं हाईपरटेंशन के 86088 मरीजों को ओैषधि परामर्श देते हुए उपचार किया गया। मरीजों के जांच में अग्रणी पैथोलाजी लैब टेस्टिंग जांच 7333635, एक्स-रे 185456, सी०टी० स्कैन 69947, अल्ट्रासाउंड 58915, आभा आईडी रजिस्ट्रेशन स्कैन एण्ड शेयर नेक्स्ट जेन अत्याधुनिक प्रौद्यौगिकी में अग्रणी रहते हुए विगत तीन वर्षो में कुल 540250 विशेष रूप से 2025 में 137000 एवं जुलाई में अब तक 10200 हुआ।
लैप्रोस्कोपिक (अत्याधुनिक विधि) सर्जरी करने में अग्रणी वर्ष 2025 में कुल 189 ऑपरेशन किए गए। इस वर्ष अब तक चिकित्सालय के चिकित्सकों के द्वारा शोध कार्य करते हुये शोध कार्य को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर JAMP में प्रकाशित किया गया। सीएमएस ने कहा कि यह समस्त उपलब्धियां प्रदेश में अग्रणी हैं।
जनसंख्या वृद्धि नीति निर्धारकों, सरकार के लिए चिंतनीय
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ सांख्यिकी विभाग में शुक्रवार को विश्व जनसंख्या दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने जनसंख्या से जुड़े बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की। बतौर मुख्य वक्ता प्रो. अभय कुमार तिवारी ने कहा कि जनसंख्या वृद्धि नीति निर्धारकों, सरकार के लिए चिंतनीय है। उन्होंने जनसंख्या प्रक्षेपण, जनसंख्या वृद्धावस्था, और आश्रित अनुपात पर चर्चा की। प्रो. बृजेश प्रताप सिंह ने 'जनसांख्यिकी मुद्दे और विश्लेषणात्मक कौशल' विषय पर अपनी बात रखी।
जनसांख्यिकी में मुद्रास्फीत वितरण, प्रतिगमन मॉडल एवं प्रायिकता मॉडल के अनुप्रयोग पर चर्चा की। कहा कि किसी भी मॉडल का चयन शोधकर्ता की आलोचनात्मक सोच और आंकड़ों के अवलोकन पर निर्भर करता है। अतिथियों का स्वागत विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार, संचालन शिल्पा और धन्यवाद ज्ञापन रोहित ने किया। इस अवसर पर प्रो. रमन पंत, डॉ. रवि कांत मौर्य, ऋधिमा, प्रज्ञा, अनीशा, अंशुमान आदि लोग मौजूद रहे।
तीन विकेट से जीती द क्रिकेट बॉय की टीम
खेल विभाग की ओर से जिलास्तरीय क्रिकेट मैच शुक्रवार को सिगरा स्टेडियम में खेला गया। उद्घाटन मैच में द क्रिकेट बॉय एकेडमी की टीम ने शिवपुर क्रिकेट एकेडमी की टीम को तीन विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर शिवपुर क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 75 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी द क्रिकेट बॉय की टीम ने 19 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। संचालन क्रिकेट कोच अमल चतुर्वेदी ने किया। इस अवसर पर सैफी अहमद, विवेक यादव आदि मौजूद रहे।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय।
- फोटो : अमर उजाला
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के शिक्षक व कर्मचारियों का वेतन संकट हुआ दूर
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का बजट अब तीन गुना हो गया है। विश्वविद्यालय के आर्थिक संकट को देखते हुए शासन ने अनुदान डी-फ्रिज किया है। शासन की ओर से विश्वविद्यालय को हर साल 33.07 करोड़ रुपये अनुदान मिलेगा। इसमें 31.56 कराेड़ रुपये वेतन एवं 1.51 करोड़ रुपये गैर-वेतन मद में प्राप्त होंगे।
कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 1998-99 से विश्वविद्यालय का अनुदान 10.50 करोड़ पर फ्रीज था। इसके कारण संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। शासन ने विश्वविद्यालय का अनुदान तीन गुना से अधिक की बढ़ोत्तरी करते हुए डी-फ्रीज किया। अब विश्वविद्यालय को वेतन के लिए दूसरे मद के पैसे का इस्तेमाल नहीं करना पड़ेगा। शासन का पत्र भी प्राप्त हो गया है।
विश्वविद्यालय को प्रतिमाह लगभग ढाई करोड़ रुपये वेतन देना होता है। कुलपति ने बताया कि हर साल वेतन देने में परेशानी का सामना करना पड़ता था। शासन को विश्वविद्यालय की परेशानियों से अवगत कराया गया था। इसको संज्ञान में लेते हुए शासन की ओर से अनुदान को डी-फ्रीज कर दिया गया है।
जगतपुर मैदान पर टेनिस क्रिकेट का ट्रायल कल
टी-10 टेनिस क्रिकेट प्रतियोगिता ओडिशा के पुरी में 11 से 14 सितंबर तक खेली जाएगी। खिलाड़ियों का चयन ट्रायल रविवार को जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान पर होगा। अब तक 145 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। आयोजन सचिव अभिषेक सिंह ने बताया कि ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण कराया जा सकता है। जगतपुर मैदान पर चयन ट्रायल सुबह दस बजे से शुरू होगा। चयनित खिलाड़ी सीनियर नेशनल टी-10 टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलेंगे।