फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: वंदे भारत में बढ़ाए जाएंगे कोच, इंस्टाग्राम पर किया निर्माण का प्रचार, सील; पढ़ें खबरें

Sun, 31 Aug 2025 12:26 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वंदे भारत में सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है। मेरठ-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस में कोचों की संख्या बढ़ाई जाएगी। वहीं, इंस्टाग्राम पर रील बनाने के बाद अवैध निर्माण को सील कर दिया गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: बरेली होकर चलने वाली देहरादून-लखनऊ और मेरठ-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस में कोचों की संख्या आठ से बढ़ाकर 10 की जाएगी। दोनों गाड़ियों में दो-दो नए कोच लगाए जाएंगे। मेरठ-लखनऊ के बीच 60 फीसदी खाली सीटों के साथ दौड़ने वाली मेरठ-लखनऊ वंदे भारत को अयोध्या होते हुए वाराणसी तक विस्तार दिए जाने के बाद यह ट्रेन फुल होकर चल रही है।

विज्ञापन


अब तक आठ कोच की वंदे भारत में चेयरकार श्रेणी के सात कोच में 546 और एक्जीक्यूटिव श्रेणी के एक कोच में 52 सीटें हैं। दो नए कोचों में एक चेयरकार और एक एक्जीक्यूटिव श्रेणी का कोच होगा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पहले मेरठ-वाराणसी और इसके बाद देहरादून-लखनऊ वंदे भारत में कोच बढ़ाने की योजना है। देश भर में संचालित हो रहीं सभी वंदे भारत में कोचों की संख्या को बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा मार्च 2026 से पहले कुछ नई वंदे भारत और वंदे भारत स्लीपर का भी संचालन शुरू कर दिया जाएगा। 

पहले मेरठ वंदे भारत का संचालन केवल लखनऊ तक किया जा रहा था लेकिन यात्रियों की संख्या की कमी के कारण इस ट्रेन को वाराणसी तक बढ़ा दिया गया। अब इस ट्रेन में कोच की संख्या बढ़ जाने से यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा। यह रूट शुरू होने के बाद से ही काफी व्यस्त माना जा रहा है।

विज्ञापन

सिंहवार हत्याकांड : आठ संदिग्ध हिरासत में, महिला को छोड़ा
चौबेपुर थाना क्षेत्र के सिंहवार निवासी अनिल कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने सिंहवार और चांदपुर के आठ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। हिरासत में ली गई महिला को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। 

महिला ने पुलिस को बताया कि उसका अनिल से किसी तरह का कोई संपर्क नहीं था। थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की रात उस नेटवर्क में आए युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। बृहस्पतिवार रात सिंहवार गांव में अनिल कुमार भारती की घर से 100 मीटर खेत में सोते समय गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। 

उधर, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनिल के परिजनों से मुलाकात की। शिवपुर विधानसभा प्रभारी अशोक कुमार सिंह, राजीव कुमार राजू, बृजेश कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से परिजनों की मोबाइल पर बात कराई। अजय राय ने पुलिस आयुक्त से बात कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

इंस्टाग्राम पर किया अवैध निर्माण का प्रचार, सील
इंस्टाग्राम रील से अवैध निर्माण के प्रचार पर वीडीए ने एक्शन लिया है। नगवां वार्ड के गौतम नगर कॉलोनी में राहुल सिंह और अन्य लोग 190 वर्गमीटर क्षेत्रफल पर बिना मानचित्र पास कराए जी+4 के डुप्लेक्स का अवैध निर्माण करवा रहे थे। इसे इंस्टाग्राम की रील के माध्यम से प्रचार-प्रसार कर बेचा जा रहा था।

वीडीए की टीम ने तत्काल कार्रवाई कर भवन को सील कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया। उधर, शिवपुर वार्ड में वीडीए की टीम ने 2 अवैध निर्माण को सील कराया। बेलवरिया सिंधोरा रोड पर आरके यादव नाम के शख्स ने प्राथमिक विद्यालय के सामने 145 वर्ग मीटर में भूतल का स्लैब डालकर प्रथम तल पर शटरिंग का कार्य कराया था। वीडीए ने उसे भी सील कराया। 

कल काशी में होगा अधिवेशन
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उत्तर प्रदेश इंटक के अध्यक्ष अशोक सिंह ने शनिवार को सरकार पर श्रमिकों और कर्मचारियों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 31 अगस्त को रेलवे ऑडिटोरियम, लहरतारा, वाराणसी में इंटक का प्रदेश अधिवेशन होगा। इसमें इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जी संजीवा रेड्डी, पूर्व सांसद तारिक अनवर और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह होंगे।

बिजलीकर्मी की पिटाई, एक पर मुकदमा 
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गोकुल गाव (राने) में हाइटेंशन तार पर लटक रहे हरे वृक्ष की डाली को हटाने गए बिजलीकर्मी राजेश पटेल की पिटाई के मामले में आरोपी शीतल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मिर्जापुर के कछवा बाजार के नरायनपुर निवासी राजेश पटेल की पिटाई से क्षुब्ध बिजली कर्मियों ने लालपुर फीडर के जेई अखिलेश यादव के नेतृत्व में थाने में शीतला के खिलाफ केस दर्ज कराया। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

धमकी के मामले में दो छात्रों पर केस
बीएचयू में एलएलबी के छात्र सर्वेश त्रिपाठी को कैंपस में मारने की धमकी देने वाले दो छात्रों रवि यादव और दिव्यांशु दुबे पर लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। चाणक्य छात्रावास में रहने वाले सर्वेश का आरोप है कि आरोपियों ने धमकी दी है कि जब कैंपस में दिखोगे तब तुमको मारेंगे। इससे पहले दिव्यांशु ने उसे फोन कर बिड़ला स हॉस्टल के पास बुलाया। फिर धक्का दिया गया। आरोपियों ने कहा कि पिछली बार पुलिस के पास गए थे, वो मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकी। इसके बाद मारपीट की। लंका थानाध्यक्ष राज कुमार ने कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। 

मारपीट मामले में मुकदमा दर्ज
सदर तहसील में 28 अगस्त को अधिवक्ता और लेखपाल व चेनमैन राजस्व के बीच मारपीट के मामले में शनिवार को लेखपाल ने भी अधिवक्ताओं के खिलाफ केस दर्ज कराया। चेनमैन राजस्व राजस्व निरीक्षक कार्यालय फुलवरिया के शिवश्याम सिंह व लेखपाल सिरगोवर्धन के कुंदन सिंह, लेखपाल भरथना के मनु उपाध्याय की ओर से तीन लोगों के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज, जान से मारने की धमकी, सरकारी कार्य में बाधा, नक्शा फाड़ने के मामले में राजनाथ यादव, अभय यादव, जितेंद्र यादव पर केस कराया गया है। इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा ने बताया कि केस दर्ज मामले की जांच की जा रही है। 

आत्महत्या के मामले में पांचवा आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली थाना क्षेत्र में लूटपाट और आत्महत्या के मामले में वांछित पांचवें आरोपी हड़हासराय निवासी नरेंद्रनाथ को पुलिस ने चौक से गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर दया शंकर सिंह ने बताया कि छह अगस्त की रात सोराकुआं में किराये के मकान में रहने वाले आभूषण कारीगर सुमंत सामंत उर्फ बिट्टू ने खुदकुशी कर ली थी। नरेंद्रनाथ ने बताया कि वह अपने जीजा, बहन और भांजे के साथ पीड़ित के घर गया था। 

मां रेखा ने मुकदमा दर्ज कराया था कि ब्रह्मनाल निवासी संतोष सेठ और उसकी पत्नी, बेटा बेटी समेत आठ लोग घर में जबरन घुसे और तीसरी मंजिल पर सुमंत के साथ मारपीट की। आलमारी से आभूषण, सोना, चांदी समेत अन्य सामान लूट ले गए। संतोष ने सूद पर सुमंत को सोना दिया था, जिसका दोगुना दाम वसूल चुका था। इसके बावजूद भी सुमंत को सूद ले लिए प्रताड़ित करता था। 

दूध-छेना व्यवसायी के मकान में चोरी
कपसेठी थाना क्षेत्र के सरावा गांव में शनिवार रात दूध छेना व्यवसायी शिवसागर पाल के मकान में चोरी हो गई। शनिवार सुबह पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की। घर से 500 मीटर दूर सिवान में दो बॉक्स टूटे मिले। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 12 लाख नकदी और आठ लाख के आभूषण चोरी हुए हैं। 

शिवसागर पाल ने पुलिस को बताया कि रात में मकान के सामने लगे टिन शेड में पत्नी मंजू पाल के साथ सोए थे। बेटा विशाल व सनी दूसरे कमरे और बेटी दूसरे कमरे में सो रही थी। चोरों ने दो जगहों से सेंधमारी कर दो बॉक्स उठा लिए। विशाल जब बहन को उठाने पहुंचा तो देखा कि कमरे में दो जगह से दीवार तोड़ी गई थी। कपसेठी थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

शराब की दुकान में चोरी
कैंट थाना क्षेत्र के वरुणा पुल के कंपोजिट शराब की दुकान में शनिवार रात चोरी हो गई। दुकान की छत का पटिया खोलकर अंदर घुसे चोरों ने नकदी और शराब की बोतल चोरी कर ली। दयाशंकर राय के नाम से दुकान का संचालन विनय सिंह करते हैं। पीड़ित ने कैंट थाने में केस दर्ज कराया है। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। सीसी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। 

ऑटो और कार चालक में मारपीट
बनारस स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के सर्कुलेटिंग एरिया में शनिवार को क्रूजर और ऑटो में टक्कर हो गई। इस बीच दोनों में मारपीट हो गई। क्रूजर चालक का सिर फट गया। जीआरपी चौकी प्रभारी अशोक ओझा ने बताया कि सनोज गिरी निवासी खुटहा बाजार आरा बिहार और सूरज मौर्या निवासी चंदुआ छित्तूपुर, सोनू बिंद निवासी तुलसीपुर का चालान किया गया। 

प्रधान के लगाए खड़ंजे को उखाड़ फेंका
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बर्थरा खुर्द गांव में शुक्रवार को खड़ंजा उखाड़ने के मामले में प्रधान सुनील यादव ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। बर्थरा खुर्द के ग्राम प्रधान सुनील यादव ने पुलिस को बताया कि चौबेपुर बाबतपुर मार्ग चुमकुनी जय जवान जय किसान वाले मार्ग पर खडंजा बिछवा रहे थे। गांव के लोगों ने सरकारी खड़ंजे को उखाड़ फेंका। इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि प्रधान को लेखपाल से पैमाइश कराकर रास्ते के निर्माण कराने के लिए कहा गया है।

आंगनबाड़ी केंद्र का ताला तोड़कर चोरी
रोहनिया थाना क्षेत्र के मिल्कीचक गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में शनिवार रात चोरी हो गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नूतन यादव ने पुलिस को तहरीर में बताया कि एलईडी टीवी, इन्वर्टर की चार बैटरी, पंप का स्टार्टर व बर्तन समेत अन्य सामान चोरी हुए हैं। 

चोरी के फोन के साथ एक युवक गिरफ्तार
वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर शनिवार को जीआरपी ने चोरी के फोन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर प्रतापगढ़ निवासी मो. गुलफाम को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

किशोरी को अगवा करने का आरोपी गिरफ्तार 
किशोरी को शादी का झांसा देकर अगवा करने के आरोपी रोहित निवासी जयरामपुर को पुलिस ने शनिवार सुबह सारनाथ मुनारी मोड़ से गिरफ्तार किया। साथ ही किशोरी को भी बरामद किया। थाना क्षेत्र के एक गांव में 27 अगस्त को कोचिंग पढ़ने निकली छात्रा अगवा हो गई। किशोरी के पिता ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि किशोरी को बरामद कर लिया गया है। 

पति-पत्नी और बेटे की पिटाई, दी तहरीर
फूलपुर थाना क्षेत्र के समोगरा गांव में बीती रात मनबढ़ों ने महिला रेनू देवी की लात घूसों से जमकर पिटाई कर दी। बचाव करने पहुंचे पति और बेटे को भी मारा। पीड़िता ने फूलपुर थाने में तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात 11 बजे पुरानी रंजिश को लेकर उसके घर पर पड़ोसियों ने गालीगलौज की। विरोध किया तो उसे लात घूसों से मारने लगे। फूलपुर थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने बताया कि घायल महिला का इलाज पीएचसी पिंडरा में कराया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी। 

यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय। - फोटो : amar ujala
कांग्रेस मुख्यालय पर हमला डर का परिणाम : अजय
लहुराबीर कैंप कार्यालय में शनिवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने काली पट्टी बांधकर घटना पर विरोध जताया। कहा कि बिहार में कांग्रेस मुख्यालय पर हमला डर और बौखलाहट का परिणाम है। सत्य के लिए लड़ना हमेशा कठिन होता है, क्योंकि सत्य साहस और शांति से लड़ता है, जबकि असत्य फरेब और हिंसा का सहारा लेता है। भाजपा ने हिंसा को चुना और कार्यकर्ताओं को लहूलुहान किया। यह हमला बिहार की धरती पर लोकतंत्र पर हमला है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार तप, तर्पण, त्याग, प्यार और क्रांति की भूमि है। यहीं से महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा का आंदोलन शुरू किया था। आज उसी भूमि पर कांग्रेस मुख्यालय पर हमला न सिर्फ कांग्रेस पार्टी बल्कि पूरे लोकतंत्र पर हमला है। पूरे देश में जननायक राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को भारी जनसमर्थन मिल रहा है और इसी से भाजपा वाले घबरा गए हैं। राहुल गांधी ने ऐलान किया है कि वोट चोरी नहीं होने देंगे। 

जगतगंज तिराहे पर दो दुकानों में चोरी
चेतगंज थाना क्षेत्र के जगतगंज तिराहे पर शुक्रवार रात सीसीटीवी कैमरे समेत दो दुकानों में चोरी हो गई। मुकेश की सीसी कैमरे की दुकान से 65 हजार नकदी और प्रमोद की दुकान से 45 हजार नकदी,13 हार्ड डिस्क चोरी हुए। दोनों पीड़ितों ने चेतगंज थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। 

विदेशी महिला पर अभद्र टिप्पणी, युवक का चालान
अस्सी घाट की एक रील शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुई। एक इंस्टाग्राम यूजर विदेशी महिला पर्यटक को लेकर अभद्र टिप्पणी कर रहा था। भेलूपुर पुलिस ने आरोपी यूजर खोजवां निवासी रेयांश गुप्ता को गिरफ्तार कर शांति भंग में चालान कर दिया। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शांति भंग में चालान किया गया है। 

ट्रेन में चोरी के मामले में दोषी को 1 साल 10 महीने की सजा
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट उत्तर रेलवे अभिनव जैन की कोर्ट ने ट्रेन में यात्री के पौने दो लाख रुपये, गहने समेत अन्य सामान चोरी के मामले में चंदौली के मुगलसराय निवासी आरोपी बच्चा कुमार को दोषी पाया। 

साथ ही एक साल दस माह की सजा और दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया। हाजीपुर बिहार निवासी कौशिक पांडेय ने जून 2023 में जीआरपी कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 10 जून 2023 को पूर्वा एक्सप्रेस में ए 1 बोगी में वादी और उसकी पत्नी मीनू दिल्ली से यात्रा कर रहे थे। पत्नी के बैग से 1 लाख 83 हजार नकद, आभूषण, मोबाइल व डेबिट कार्ड चोरी कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से मोबाइल व 20 हजार रुपये बरामद किया था। 

फर्जी कॉल सेंटर से ठगी करने वाले 26 को जमानत 
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत ने फर्जी कॉल सेंटर चलाकर ठगी करने वाले 26 साइबर आरोपियों को 25-25 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया है। आरोपियों में किशन झा, शुभम, नीतीश, पवन, शुभम , ज्ञानेंद्र राय, सूर्यांश गुप्ता, चंदन पांडेय समेत 26 आरोपी शामिल है। 

ट्रक चालक का मिला शव, हत्या की आशंका
बिड़ाैली क्षेत्र के गांव पटनी परतापुर के मजरे आनंदपुर निवासी ट्रक चालक कमल कुमार (25) का शव बनारस के लंका थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। मृतक बसपा के मेरठ-सहारनपुर के पूर्व मंडल प्रभारी अमन सिंह का बेटा है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए बनारस पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

अमन सिंह ने बताया कि बनारस के लंका थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह करीब पौने दस बजे फोन पर बताया कि उनके पुत्र कमल की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। शव टोल टैक्स से पहले मिला है। शव के निकट ही उसके ट्रक में टायर भरे हुए हैं। सूचना मिलने पर मृतक के पिता अन्य परिजनों के साथ बनारस के लिए रवाना हो गए।

कैंटोंमेंट में आज दो घंटे नहीं रहेगी बिजली
जिले में बिजनेस प्लान 2024-25 के तहत बेहतर आपूर्ति को लेकर तार बदलने, ट्रांसफाॅर्मर लगवाने का काम चल रहा है। अधिशासी अभियंता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि 33 केवी एमईएस उपकेंद्र के तहत 31 अगस्त को दिन में दोपहर 12 से 2 बजे तक कैंटोंमेंट क्षेत्र, रेडिसन और आसपास के इलाके में बिजली गुल रहेगी।

33.8 डिग्री पहुंचा अधिकतम तापमान
बनारस में पूरे दिन तेज धूप खिली रही। उमस बाकी दिनों से कुछ कम महसूस की गई। 19 किमी प्रति घंटे की गति से पुरवा हवा बहने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री ज्यादा 33.8 डिग्री सेल्सियस गया।

न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री कम 27 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। हवा में नमी 90 फीसदी तक रही। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बनारस में तीन जून तक बारिश का अनुमान है, हालांकि अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इससे पहले शुक्रवार को शहर के कई हिस्सों में जमकर बारिश हुई थी। जबकि कई इलाके बिल्कुल सूखे रहे थे। शनिवार को बारिश नहीं हुई।

द्वादश ज्योतिर्लिंग आदित्य पीठ पुस्तक का लोकार्पण
सीएम योगी ने शनिवार को धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में काशी के द्वादश ज्योतिर्लिंग एवं आदित्य पीठ पुस्तक का लोकार्पण किया। पुस्तक वरिष्ठ पत्रकार डॉ. कृष्ण कुमार शर्मा ने लिखी है। इसमें काशी के मंदिरों की जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तक सबके लिए प्रेरणादायी है। इसे पढ़कर काशी के धार्मिक पहलुओं के बारे में नवीनतम जानकारियां प्राप्त की जा सकती हैं। श्रममंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र, विधायक अवधेश सिंह और एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा भी उपस्थित रहे। 

कल होगी एमएफए के लिए प्रायोगिक परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में एमएफए पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए 01 सितंबर को प्रायोगिक परीक्षा होगी। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक परीक्षा मानविकी संकाय में होगी। 

25 युवाओं को मिला जॉब ऑफर
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय चौंकाघाट परिसर में शनिवार को रोजगार मेला लगा। इसमें कुल 192 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। कुल 25 को जॉब ऑफर मिला। सहायक निदेशक (सेवायोजन) मुकेश कुमार ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी और तकनीकी शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।

रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने अभ्यर्थियों को ईमानदारी से अपनी कंपनी के लिए काम करने की सलाह दी। इस मेले में बीएचईएल, एसबीआई बैंक, कॉर्पोरेट सिक्योरिटी इंटेलिजेंस सर्विसेस और वालकरू इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड सहित कुल 7 कंपनियों ने हिस्सा लिया। सबसे अधिक 17,000 रुपये का मासिक वेतन ऑफर किया गया। 

सेबी के सुरक्षा मानकों को अपनाना होगा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के राजनीति विज्ञान विभाग में जागरूकता कार्यक्रम में लोगों को निवेश से जुड़ी जानकारी दी गई। मुख्य वक्ता सेबी के अनिल कुमार दूबे ने कहा कि निवेश के समय सेबी के सुरक्षा मानकों को अपनाना जरूरी है। इसके बारे में जितनी अधिक जानकारी होगी, उतना ही निवेशकों को लाभ होगा।

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में हुए स्मार्ट निवेशक जागरूकता कार्यक्रम में उन्होंने इंडियन कमोडिटी मार्केट विषय पर अपनी बात रखी। साथ ही निवेश के नए तरीकों को बताया। इस दौरान डॉ. रवि प्रकाश सिंह, डॉ. जयदेव पांडेय, डॉ. ज्योति त्रिपाठी, डॉ. प्रदीप कुमार मौजूद रहे। 

प्रसूति तंत्र विभाग की अध्यक्ष बनीं प्रो. दीपा
आईएमएस बीएचयू के आयुर्वेद संकाय के प्रसूति तंत्र विभाग का विभागाध्यक्ष प्रो. दीपा मिश्रा को बनाया गया है। शुक्रवार को विश्वविद्यालय के कुलसचिव कार्यालय की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया। प्रो. दीपा का कार्यकाल एक सितंबर से अगले तीन साल के लिए होगा। 

काशी विद्यापीठ में चार सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाज कार्य विभाग में एमए सम्पोषी ग्रामीण विकास में अतिथि अध्यापक पद के लिए चार सितंबर तक आवेदन किया जा सकेगा। समन्वयक प्रो. संजय ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन-पत्र को भरकर सभी शैक्षणिक अभिलेखों की छायाप्रति  संलग्न करके 4 सितंबर शाम 5 बजे तक सम्पोषी ग्रामीण विकास के कार्यालय में हार्ड कापी जमा कर सकते हैं।  

शिक्षकों को प्रश्नपत्र बनाने की दी जानकारी
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) सारनाथ में शनिवार को हिंदी और उर्दू भाषा पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू हुई। सभी विकासखंडों से 90 शिक्षकों को मूल्यांकन और प्रश्नपत्र निर्माण से संबंधित जानकारी दी गई। उद्घाटन डायट प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार शुक्ला ने किया। इसमें राष्ट्रीय परीक्षण सेवा के सदस्य डॉ. बीरेश कुमार, डॉ. अब्दुल हलीम, डॉ. गुलाम मोहिउद्दीन अंसारी, डॉ. पंकज द्विवेदी जैसे विशेषज्ञ शामिल रहे।  बीएचयू से आए प्रोफेसर आफताब अहमद भी अतिथि व्याख्याता के रूप में शामिल हुए। 

विद्यापीठ में जल्द ही खाली सीटों पर होगा प्रवेश 
काशी विद्यापीठ में यूजी, पीजी में दाखिले की प्रक्रिया अब अंतिम दौर में है। कितनी सीटें खाली है,इसको लेकर नए सिरे से सूची तैयार करवाई जा रही है। जल्द ही खाली सीटों पर प्रवेश को लेकर बड़ा फैसला होने की संभावना है। 

समर्थ पोर्टल का विरोध, शिक्षकों ने दिया धरना
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में समर्थ पोर्टल के विरोध में शनिवार को संस्कृत महाविद्यालय के शिक्षकों ने सांकेतिक धरना दिया। अंग्रेजी में बने पोर्टल पर प्रवेश आवेदन करने में हो रही दिक्कतों से शिक्षक आक्रोशित थे। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन ठप करके शिक्षक धरने पर बैठ गए। संस्कृत विद्यालय शिक्षक समिति के बैनर तले पूर्व शिक्षक विधायक डाॅ. प्रमोद कुमार मिश्र की अध्यक्षता में धरना शुरू हुआ। 

शिक्षकों ने कहा कि समर्थ पोर्टल पर आवेदन करने में तरह-तरह की दिक्कतें आ रही हैं। परीक्षा शुल्क के मद में 300 रुपये पहले ही विश्वविद्यालय द्वारा लिया जाता है। पोर्टल पर भी 200 रुपये शुल्क देने पड़ रहे हैं। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने दो से तीन दिनों में इन विषयों पर समाधान देने का आश्वासन दिया है। धरने में डाॅ. सुरेश, डाॅ. अभिषेक, डाॅ. अशोक, डाॅ. गोबिंद, डाॅ. प्रशांत, डाॅ. उमेश चंद्र आदि मौजूद रहे। 

चौरछहटवा में 50 से ज्यादा घर अंधेरे में
चौरछहटवा क्षेत्र में शनिवार को अंडर ग्राउंड केबल फाॅल्ट होने से शाम 4 बजे से बिजली गुल रही। इससे क्षेत्र के 50 से ज्यादा घरों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। कर्मचारियों की छह घंटे की मशक्कत के बाद रात दस बजे आपूर्ति बहाल हुई। पिछले तीन चार दिन से हर दिन करीब औसतन 50 से 70 मेगावाट अधिक बिजली खर्च हो रही है।

इस महीने में औसतन 600 से 650 मेगावाट बिजली की खपत हुई। ट्रांसफॉर्मर और तारों के लोड इसका लोड नहीं ले पा रहे हैं। इससे फॉल्ट की समस्या हो रही है। मुख्य अभियंता राकेश पांडेय का कहना है कि सभी उपकेंद्रों से जुड़े अधिकारियों को अभियान चलाकर ढीले तारों को सही करने, जर्जर तारों को बदलने को कहा गया है।

स्वास्थ्य केंद्रों पर भी आभा एप से करवा सकेंगे पंजीकरण
सरकारी अस्पतालों की तर्ज पर ही स्वास्थ्य केंद्रों पर भी आभा एप से पंजीकरण की व्यवस्था शुरू हो गई है। इससे दूर दराज से आने वाले मरीजों को लाइन लगाने से राहत हो गई है। आभा एप पर आईडी बनने के बाद दूसरी बार पर्चा बनवाने के लिए जाने पर लोगों को परेशानी का सामना करना नहीं पड़ेगा। सरकारी अस्पतालों में पहले से ही आभा एप से पंजीकरण की व्यवस्था है।

अब स्वास्थ्य केंद्रों पर भी लोग पंजीकरण करा सकते हैं। आभा एप के जरिये लोग यहां बारकोड स्कैन कर टोकन नंबर ले सकते हैं। इससे उनको ओपीडी का पर्चा तुरंत मिल जाता है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि मरीजों का समय से पंजीकरण हो सके, इसके लिए आभा एप से पर्चा बनवाने की व्यवस्था लागू की गई है। 

कृषि राज्यमंत्री ने इरी का किया दौरा
उत्तर प्रदेश के कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (आईसार्क) का दौरा किया। इस दौरान धान पर हो रहे अत्याधुनिक शोध कार्यों का जायजा लिया। आईसार्क के निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह ने मंत्री को संस्थान में चल रही गतिविधियों की जानकारी दी। राज्यमंत्री ने ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करने, पुनर्योजी कृषि और स्पीडब्रीड तकनीक से धान की उन्नत किस्में विकसित करने की प्रक्रिया देखी। 

नशामुक्त समाज के बारे में सोचना जरूरी
आईएमएस बीएचयू के मनोचिकित्सा विभाग की ओर से आयोजित सम्मेलन में शनिवार को नशे से जुड़ी बीमारियों पर विशेषज्ञों ने मंथन किया। सोसाइटी फॉर एडिक्शन साइकोलॉजी के चौथे वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि अच्युत मोहन दास ने कहा कि नशामुक्त समाज निर्माण समय की मांग है। इसके लिए सभी को सोचना होगा। केएन उडुप्पा सभागार में कार्यक्रम में अच्युत मोहन ने मानसिक स्वास्थ्य की प्रासंगिकता एवं आत्मनिर्भरता पर बात रखी। 

बीएचयू कार्यकारिणी समिति के सदस्य प्रो. यूपी शाही   ने कहा कि शिक्षा एवं मानसिक स्वास्थ्य से पीड़ित व्यक्तियों की देखभाल और पुनर्वास के साथ ही  समाज-नीतियों का विकास ही कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। इस दौरान आईएमएस निदेशक प्रो. एसएन संखवार, आधुनिक चिकित्सा संकाय के प्रमुख प्रो. संजय गुप्ता, प्रो. एलएन सुमन मौजूद रहे। 

बीएचयू : सीसीआई लैब के सर्वर में खराबी
बीएचयू अस्पताल के सीसीआई लैब में शनिवार को दिन में सर्वर में खराबी आने से मरीजों और तीमारदारों को परेशान होना पड़ा। मरीजों के सैंपल तो लिए जा रहे थे लेकिन जिन लोगों ने पहले जांच करवाई थी, उन्हें रिपोर्ट नहीं मिल सकी। बिना रिपोर्ट के कई लोगों को लौटना पड़ा। 

शनिवार को सुबह मरीज और उनके तीमारदार जांच रिपोर्ट लेने के लिए सीसीआई लैब के काउंटर पर खड़े थे। दोपहर करीब एक बजे लोगों को सर्वर में तकनीकी खराबी की वजह से रिपोर्ट न मिलने की जानकारी दी गई। 

बिहार से रिपोर्ट लेने आए हरेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को पत्नी की जांच का सैंपल दिया था। शनिवार को दोपहर में रिपोर्ट लेने आए तो पता चला कि सर्वर में खराबी की वजह से रिपोर्ट नहीं मिल सकती है। चंदौली से आए अविनाश तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट समय से मिल जाती तो डॉक्टर को दिखा लेते। काउंटर पर पूछने पर पता चला कि सर्वर सही होने के बाद रिपोर्ट मिल जाएगी।

लैब के प्रभारी प्रो. एसपी मिश्रा ने बताया कि लैब में जिस सर्वर पर काम होता है, उसमें शुक्रवार शाम से कुछ खराबी थी। इस वजह से कुछ मरीजों को रिपोर्ट देने में परेशानी हुई। अब सब सामान्य हो गया है, सभी मरीजों की जांच और रिपोर्ट भी मिल रही है। 

उद्यमिता में आईसीएसआई जैसी संस्थाओं की भूमिका अहम
भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (आईसीएसआई) की वाराणसी शाखा की ओर से शनिवार को सेमिनार हुआ। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने उद्यमिता और सुचारु प्रशासन की दिशा में आईसीएसआई जैसी संस्थाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। मुख्य वक्ता एमएसएमई बोर्ड के चेयरमैन राजीव बजाज ने कहा कि यह कार्यक्रम उद्यमियों को नियामक अनुपालन और सरकारी प्रोत्साहन की जानकारी देने का माध्यम है। 

उन्होंने कहा कि कंपनी सचिव इस क्षेत्र में उत्प्रेरक की भूमिका निभाते हुए स्टार्टअप्स और एमएसएमई को सही दिशा दिखा सकते हैं। वाराणसी चैप्टर के अध्यक्ष सुमित सिंह, उपाध्यक्ष नीरज कुमार तिवारी, सचिव सीएस ज्योति खत्री, कोषाध्यक्ष सीएस अपर्णा सिंह, सुशील कंदोई, अजय जायसवाल, नमिता उज्जवल और शशांक दुबे मौजूद रहे। 

सीएम के जनता दरबार में पहुंचे भाजपा नेता : कांग्रेस
कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी में पहली बार जनसुनवाई की है। सिर्फ भाजपा पदाधिकारियों को ही सुना गया। असली फरियादी गेट पर खड़े रह गए।सवाल यह है कि जब मुख्यमंत्री हर महीने काशी आते हैं, तब जनता से सीधा संवाद करने में इतने साल क्यों लग गए?

साथी पोर्टल से मिलेंगे बीज, मिलेगा प्रशिक्षण
रबी के सीजन में बीज विक्रेताओं को केंद्र सरकार के साथी पोर्टल से बीज खरीदने होंगे। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने बताया कि साथी पोर्टल पर बीज वितरण की प्रक्रिया की जानकारी और प्रशिक्षण दिया जाएगा। एक सितंबर को सदर तहसील और शहरी क्षेत्र के बिक्री केंद्र के विक्रेताओं और तीन सितंबर को राजातालाब एवं पिंडरा तहसील के बिक्री केंद्र के बीज विक्रेताओं को कलेक्ट्रीफार्म स्थित बहुउद्देशीय किसान कल्याण केंद्र के सभागार में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

पूर्वोत्तर रेलवे में पहली बार टीटीई सेवा शुरू
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में शनिवार को टीटीई के लिए बायोमेट्रिक साइन-ऑन/ऑफ प्रणाली शुरू हुई। दोपहर 1:40 बजे से वाराणसी लॉबी में यह प्रणाली लागू होने के साथ ही, वाराणसी मंडल यह प्रणाली शुरू करने वाला पूर्वोत्तर रेलवे का पहला मंडल बन गया है। इसने टीटीई के लिए यह आधुनिक तकनीक अपनाई है। इस पायलट प्रोजेक्ट के लिए वाराणसी टीटीई लॉबी को विशेष रूप से चुना गया था। 

बैठक में शिक्षकों की समस्याओं पर हुई चर्चा
शिक्षकों की समस्याओं को लेकर शनिवार को उदय प्रताप इंटर कॉलेज के प्राचीन छात्रावास में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक हुई। मंडल अध्यक्ष सुधाकर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश भर के शिक्षकों की लंबित समस्याओं पर गहन चर्चा की गई। पूर्व शिक्षक विधायक चेतनारायण सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर इन मुद्दों पर वार्ता की है। उन्होंने विषय विशेषज्ञ अध्यापकों के लिए पुरानी पेंशन योजना, ओपीएस में आए शिक्षकों की धनराशि जीपीएफ में लाने, वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय देने की मांग की। 

लालबाग के राजा की शोभायात्रा में शामिल होगा नासिक का ढोल-ताशा बैंड
काशी में विराजे लालबाग के राजा की तीन प्रतिमूर्ति की रविवार को विदाई होगी। नासिक से आए ढोल-ताशा के 80 कलाकारों के दल के साथ मराठी समाज की महिलाएं व पुरुष गणपति बप्पा मोरया... के जयघोष के साथ चलेंगे। पांच घोड़े और दो ऊंट पर भगवान शिव और श्रीराम दरबार के स्वरूपों की झांकी सजेगी। पांच हजार से अधिक लोगों की भीड़ होगी।

श्री काशी मराठा गणेश उत्सव समिति के बैनर तले दिव्य व भव्य गणेश उत्सव का समापन रविवार को लालबाग के राजा की प्रतिमूर्ति की शोभायात्रा के साथ होगा। समिति के संरक्षक सुहास पाटिल ने बताया कि नासिक से कलाकारों का दल शुक्रवार को देर शाम पहुंचा। इसमें 17 महिला कलाकार हैं। ढोल-ताशा की धुन पर मराठी सहित विभिन्न समाज के लोग शामिल होंगे। 

संकटमोचन का शृंगार कर लगाया भोग
संकल्प संस्था के संकल्प अन्न क्षेत्र के नेतृत्व में शनिवार चौक स्थित श्रीसंकटमोचन हनुमान मंदिर में शृंगार हुआ। खिचड़ी का भोग लगाया। विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने आए भक्तों और राहगीरों में प्रसाद बांटे गए। सहयोग में संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन, प्रो. अनिल कुमार द्विवेदी, शशि द्विवेदी, मृदुला अग्रवाल, गिरधर दास अग्रवाल आदि रहे। 

तीज क्वीन बनीं स्निग्धा अग्रहरि
अग्रहरि महिला समाज संस्था की ओर से भैरवनाथ स्थित होटल में तीजोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष नम्रता चौरसिया ने शुभारंभ किया। महिलाओं ने फिल्मी गीतों पर नृत्य किया। कार्यक्रम में गायन, नृत्य, वेशभूषा के आधार पर तीज क्वीन का खिताब स्निग्धा अग्रहरि को दिया गया। प्रीति अग्रहरि फर्स्ट रनर अप और वंदना अग्रहरि व रेखा अग्रहरि को आकर्षक व्यक्तित्व के लिए पुरस्कृत किया गया। अध्यक्ष हेमा अग्रहरि, कोषाध्यक्ष मोनी अग्रहरि, इंदु , सुनीता, श्वेता, मीरा, बबीता, सारिका आदि मौजूद रहीं। ब्यूरो

डांस, रैंप वॉक पर महिलाओं ने की खूब मस्ती
काशी महिला व्यापार प्रतिनिधिमंडल की ओर से शनिवार को तीजोत्सव का आयोजन लक्सा स्थित होटल में किया गया। सोलह शृंगार में सजी-धजी महिलाओं ने डांस, रैंप वॉक, गीत आदि पेशकर खूब मस्ती की। तीज ब्यूटी प्रतियोगिता में तीज क्वीन का खिताब उषा गुप्ता को मिला। प्रथम रनर अप प्रीति मिश्रा, द्वितीय रनर अप सुनीता सोनी रहीं। बेस्ट ड्रेस बबीता चंदेल व बेस्ट हेयरस्टाइल का खिताब शिखा रस्तोगी को मिला। 

काशी व्यापार मंडल के अध्यक्ष राकेश जैन, उपाध्यक्ष रविशंकर सिंह और केशरी नंदन उपाध्याय ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। सखी पैड बैंक संस्था की ओर से तीजोत्सव रंगीला राजस्थान का आयोजन महमूरगंत स्थित एक होटल में आयोजित किया गया। 

भाविप ने 48 मेधावियों का किया सम्मान
भारत विकास परिषद काशी प्रदेश प्रांत के नीलकंठ शाखा की ओर से राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता एवं गुरु वंदन छात्र अभिनंदन समारोह शनिवार को पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलदहिया में आयोजित किया गया। इस दौरान 48 मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया।

इसमें विपिन बिहारी इंटर कॉलेज प्रथम, लिटिल फ्लॉवर हाउस द्वितीय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तीसरे स्थान पर रहा। छात्राओं ने सेवानिवृत्त हो रहीं उप प्रधानाचार्या सिन्नी पाल और सहायक अध्यापिका गीता देवी का अभिनंदन किया। स्वागत प्रधानाचार्य डॉ. निशा यादव ने किया। संचालन प्रियंका मिश्रा और धन्यवाद ज्ञापन प्रदीप श्रीवास्तव ने दिया। इस मौके पर नंदिनी सिंह, कमल सिंह, राजीव गुप्ता, मंजू गौतम आदि रहे। 

छल-कपट व्यक्तित्व को कर देते हैं खंडित
पर्यूषण पर्व पर शनिवार को उत्तम आर्जव दिवस मनाया गया। भेलूपुर जैन मंदिर, भगवान सुपार्श्वनाथ की जन्मस्थली भदैनी दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र सहित सभी जैन मंदिरों में विविध अनुष्ठान हुए। अभिषेक और शांतिधारा के साथ दसलक्षण पूजन हुआ। भगवान श्रेयांशनाथ की जन्मभूमि सारनाथ में मस्तिकाअभिषेक हुआ। अजितनाथ जैन मंदिर में संस्कृत विवि के पूर्व प्रो. फूलचंद जैन प्रेमी ने कहा कि छल-कपट जैसे दोष हमारे व्यक्तित्व को खंडित कर देते हैं। पार्श्वनाथ जैन मंदिर में विदुषी डॉ. मुन्नी पुष्प जैन ने कहा कि मन और वचनों की सरलता से हम मानसिक रोगों से बच सकते हैं। 

श्वेता की टीम ने संभाली मित्रम की जिम्मेदारी
इनरव्हील क्लब वाराणसी मित्रम का पदग्रहण समारोह शनिवार को सिगरा स्थित एक रेस्टोरेंट में हुआ। नई टीम को शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि प्रिया नारायण (डिस्टि्रक्ट चेयरमैन 321) और संस्थापिका अंजलि अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलन कर नई टीम को पदभार ग्रहण कराया। श्वेता मिश्रा अध्यक्ष, प्रियंका दुबे सचिव और डॉ. ममता तिवारी कोषाध्यक्ष बनीं। आईएसओ पारुल पांडेय बनीं। उमा केशरी ने एडिटर की जिम्मेदारी संभाली। इस मौके पर सतरूपा केशरी, निशा अग्रवाल, पल्लवी केशरी, श्वेता कोला, सरोज राय, ममता पांड्या, मीना, रुचि, गीता, मंजू, सुषमा आदि रहीं। 

डॉ. अर्चना के सुरों से गणपति का शृंगार
गणेशोत्सव के चौथे दिन शनिवार को गणपति के पूजन-अर्चन के साथ सांगीतिक अनुष्ठान और प्रतियोगिताओं में प्रतिभाओं की चमक बिखरी। सुखदेव ने वायलिन और डॉ. अर्चना ने सुरों से गणपति का शृंगार किया। वहीं, समाज में श्रेष्ठ कार्य करने वाले 11 लोगों को छत्रपति शिवाजी महाराज सम्मान दिया गया। श्रीकाशी मराठा गणेश उत्सव समिति की ओर से ठठेरी बाजार स्थित शेरवाली कोठी में लालबाग के राजा की प्रतिमूर्ति की मराठी विधि से पूजा हुई। विजय वाल्मीकि ग्रुप के कलाकारों ने मां अन्नपूर्णा, दुर्गा आदि देवी-देवताओं की झांकी सजाई। 

मुख्य अतिथि प्रगतिशील किसान चंद्रशेखर सिंह ने छत्रपति शिवाजी महाराज सम्मान से पुरस्कृत किया। भजन गायिका पूजा पंड्या ने भजनों से गणपति की आराधना की। अगस्त्य कुंड स्थित शारदा भवन में राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ने गणेश की पूजा की। संगीत संध्या में डॉ. अर्चना म्हस्कर ने गणपति दरबार में शास्त्रीय संगीत के साथ मराठी भावगीत और अभंग भी पेश किए। दूसरी प्रस्तुति प्रसिद्ध वायलिन वादक पं. सुखदेव मिश्र की रही। 

गाइए गणपति जग वंदन... से की आराधना
बड़ागणेश मंदिर में शनिवार को सजी झांकी के दर्शन के लिए भक्तों भीड़ लगी रही। कलाकारों ने गणेश जी की महिमागान किया। देर रात तक भजन-कीर्तन के साथ दर्शन-पूजन चलता रहा। श्रीगणेश नवरात्र पर गणेश मंदिरों में चल रहे शृंगार और पूजन अर्चन के क्रम में लोहटिया स्थित बड़ागणेश मंदिर में शृंगार हुआ। महंत रामनाथ दुबे के आचार्यत्व में दोपहर में पंचामृत स्नान के बाद नवीन वस्त्र धारण कराया गया। सुगंधित फूलों व मालाओं से शृंगार कर वसंत पूजा हुई। भजन संध्या में मां आदि शक्ति भजन मंडल के कलाकारों ने भजनों से गणपति का महिमागान किया। 

मेरे गिनियो ना अपराध लाडली श्री राधे...
हरे कृष्ण हरे राम संकीर्तन सोसाइटी की ओर से श्रीराधाष्टमी का तीन दिवसीय आयोजन शनिवार से आरंभ हुआ। माहेश्वरी भवन में सुबह पांच बजे मंगला आरती के साथ अनुष्ठान शुरू हो गए। गुरु पूजा के बाद हरेकृष्ण महामंत्र का सामूहिक गायन हुआ। परम ईश्वर श्रीकृष्ण की भक्ति को प्रदान करने वाली श्री तुलसी देवी की अर्चना तुलसी कृष्ण प्रेयसी नमो नम: का गायन अमृता ने किया। नृसिंह वंदना राधा प्रीति, साधना, प्रियंका ने की। इसके बाद राधा गोविंद देव, भगवान जगन्नाथ, बलदेव, सुभद्रा के विग्रहों का मनोहारी शृंगार हुआ। श्री राधाकृष्ण के युगल अवतार चैतन्य महाप्रभु की आरती तारी गई। 

30 घंटे तक सवा 5 लाख ने लगाई मनौती की डुबकी
लोलार्क कुंड पर पहली बार 30 घंटे से ज्यादा श्रद्धालुओं ने मनौती की डुबकी लगाई। यह पहला मौका था जब रात 12 बजे कुंड का फाटक बंद होने के बाद भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। बचे हुए श्रद्धालुओं ने शनिवार को सुबह 10 बजे तक मनौती की तीन डुबकी लगाई। यह पहला मौका था जब श्रद्धालुओं की संख्या सवा पांच लाख तक पहुंच गई।

28 अगस्त की मध्यरात्रि से शुरू हुआ स्नान का सिलसिला 29 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक चलता रहा। मंदिर के पुजारी राधेश्याम पांडेय ने बताया कि हर साल से ज्यादा इस बार श्रद्धालुओं ने कुंड में डुबकी लगाई। सवा पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने इस बार कुंड में डुबकी लगाई है। 
विज्ञापन

चकाचौंध से दिग्भ्रमित हो रहा समाज 
अघोरेश्वर हमेशा हमारे साथ हैं। जैसा हम बोलते हैं, करना चाहते हैं, वह सुनते हैं। लेकिन, यह हमारा दुर्भाग्य है कि हम उनका अनुसरण नहीं करते। ये बातें बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम ने शनिवार को कहीं। वह पड़ाव स्थित श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम में अघोरेश्वर भगवान राम की 89वीं जयंती समारोह पर प्रवचन कर रहे थे।

गुरुपद संभव राम ने कहा कि जो चकाचौंध हम देख रहे हैं, इससे आज का समाज दिग्भ्रमित होता जा रहा है। पहले भी समस्याएं आने-जाने की थीं, रहने-करने की थीं, लेकिन वह हमें जीवन जीने की प्रेरणा देती थीं, उत्साहित करती थीं कि हम आगे बढें, मेहनत करें। वह हमारे आत्मबल को मजबूत करती थीं। आज जितनी आसानी से हमें चीजें उपलब्ध हो जा रही हैं, हम उतने ही कमजोर होते जा रहे हैं। 

अध्यक्षता डॉ. विजय प्रताप सिंह ने की। मुख्य अतिथि यूपी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह रहे। संचालन डॉ. बामदेव पांडेय और धन्यवाद हरिहर यादव ने किया। गोष्ठी में अवधूत भगवान राम नर्सरी विद्यालय के मेधावियों को मेडल दिया गया। श्री गुरुपद वाणी पुस्तक का लोकार्पण किया गया।

इससे पहले सुबह 5:30 बजे प्रभातफेरी निकाली गई। श्रद्धालु अघोरेश्वर महाविभूति स्थल पहुंचे। कलश में गंगाजल लिया और पड़ाव आश्रम वापस आए। भक्तों ने आश्रम परिसर में श्रमदान किया। सुबह आठ बजे औघड़ गुरुपद संभव राम ने अघोरेश्वर महाप्रभु के चिरकालिक आसन का पूजन किया। पृथ्वी पाल ने सफलयोनि का पाठ किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें