बीडीए सीमा में डेढ़ बीघा की प्लॉटिंग करने वालों की पार्क अनिवार्य रूप से देना होगा। यह आदेश बीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा की ओर से जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि डेढ़ बीघा क्षेत्रफल का न्यूनतम 15 प्रतिशत भाग पार्क के लिए आरक्षित होना अनिवार्य होगा। इन मानकों की पूर्ति होने पर ही लेआउट को स्वीकृति प्रदान की जाएगी। सभी प्लॉटिंगकर्ताओं से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग से पूर्व यह सुनिश्चित कर लें कि प्रस्तावित लेआउट में नौ मीटर चौड़ी सड़क हो और संबंधित भूमि का भू-उपयोग आवासीय हो। बिना लेआउट स्वीकृत कराए प्लॉटिंग न करें। जिन लोगों ने पूर्व में प्लॉटिंग की है, वे शीघ्र ही लेआउट स्वीकृत कराएं। इसके बाद ही भूखंडों की बिक्री करें। सभी जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध कार्रवाई करें।
इसे भी पढ़ें; Magh Mela 2025: काशी में महाकुंभ जैसी ट्रैफिक व्यवस्था, पांच थाना क्षेत्रों में 12-12 घंटे रोके जाएंगे वाहन
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर घायल
चौबेपुर थाना क्षेत्र के उमरहां स्थित स्वर्वेद महामंदिर धाम के सामने वाराणसी–गाजीपुर राजमार्ग पर रविवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हरदोई जनपद के बेनीगंज अंतर्गत कोडरा सरैया गांव निवासी सुरेंद्र सिंह (50) चौबेपुर के चुमकुनी हंडियाडीह निवासी कैलाश प्रसाद (50) के यहां रिश्तेदारी में आए थे। रविवार की शाम दोनों बाइक से वाराणसी शहर की ओर जा रहे थे। स्वर्वेद महामंदिर के सामने पहुंचे थे कि सामने से अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे सुरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे कैलाश प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
इलाज के दौरान आठ साल के बच्चे की मौत, प्राथमिकी दर्ज
फूलपुर थाना क्षेत्र के नयेपुर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान आठ वर्षीय बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को बाबतपुर–कठिराव मार्ग पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त कराया। तहरीर के आधार पर फूलपुर पुलिस ने आरोपी चिकित्सक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
बीकापुर बराई गांव निवासी विनोद राजभर ने बताया कि उनके बेटे पियूष राजभर (8) को पेट दर्द की शिकायत पर रविवार भोर में नयेपुर स्थित क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि सुबह करीब 11 बजे डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद से पियूष की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद चिकित्सक उसे अपनी कार से बाबतपुर स्थित एक नर्सिंग होम ले गए, जहां डॉक्टरों ने पियूष को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद चिकित्सक ने बसनी चौराहे पर शव को ऑटो-रिक्शा से परिजनों के साथ घर भिजवा दिया। इस बात से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोपहर करीब डेढ़ बजे नयेपुर में सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार और इंस्पेक्टर फूलपुर अतुल कुमार सिंह ने परिजनों को उचित कार्रवाई का भरोसा देकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने मृतक की मां संगीता देवी की तहरीर पर चिकित्सक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पियूष असवारी स्थित एक स्कूल में कक्षा एक का छात्र था।
शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानीपुर में रविवार सुबह लगभग 10:30 बजे वरुणा नदी में अज्ञात व्यक्ति का शव पाया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से शिनाख्त कराई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है।
वीडियो एडिट कर किया वायरल, विरोध करने पर मारपीट
ग्राम पंचायत तोफापुर में वीडियो वायरल करने को लेकर विवाद हुआ। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राहुल यादव ने आरोप लगाया कि गांव निवासी अमरजीत यादव उर्फ भोथू पुत्र बीरबल यादव ने पंचायत से जुड़े कार्यों और निर्वाचन प्रक्रिया में संबंधित एक वीडियो एडिट कर वायरल किया। विरोध करने पर अमरजीत यादव अज्ञात साथियों के साथ राहुल यादव के घर पहुंचा और मारपीट की। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि राहुल यादव की तहरीर पर आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें; Panchayat Chunav: इस बार भी यूपी में वोट डालेंगे बिहार के 150 मतदाता, लगभग 50 लोगों के नाम पर की गई थी आपत्ति
प्रार्थना सभा को लेकर विवाद, चार हिरासत में
बड़ागांव थाना क्षेत्र के दुनियापुर गांव में रविवार को एक मकान में आयोजित ईसाई धर्म से जुड़ी प्रार्थना सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर विश्व हिंदू परिषद सहित अन्य हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंच गए और आयोजन का विरोध शुरू कर दिया। लखमीपुर बेलवा निवासी रवि जोसेफ ने बताया कि न तो किसी को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया गया और न ही किसी प्रकार का प्रलोभन दिया गया। पूछताछ के दौरान ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने रवि जोसेफ समेत उसके तीन अन्य सहयोगियों को हिरासत में लेकर बड़ागांव थाने भेज दिया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
गेस्ट हाउस का एडवांस नहीं लौटाने पर मकान मालिक पर प्राथमिकी दर्ज
सचिवालय के आदेश के बाद लक्सा थाने में रामापुरा निवासी मकान मालिक दिपतांशु वर्मा के खिलाफ किरायेदार को एडवांस रकम नहीं लौटाने और धमकी मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित लखनऊ के गोमती नगर खरगापुरके कौशलपुरी निवासी नील कमल मिश्रा ने पुलिस को बताया कि गेस्ट हाउस संचालन के लिए रामापुरा निवासी दिपतांशु वर्मा का मकान किरायेदारी पर एग्रीमेंट के तहत लिया था। बाद में कई अड़चनों के बाद किरायेदारी समाप्त किए जाने के बाद एडवांस के तौर पर 8.20 लाख रुपये दिपतांशु वर्मा द्वारा नहीं लौटाया जा रहा है। लक्सा थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि सचिवालय से भी पत्र आया था और प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ओवरटेक पड़ा भारी, चलती ट्रक में कार ने पीछे से मारी टक्कर, चालक घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के तमाचाबाद स्थित हाईवे पर रविवार को प्रयागराज की ओर से आते समय ओवरटेक करते समय कार चलती ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। जिसमें मिर्जापुर जिले के कछवा थाना क्षेत्र के प्रेम के पूरा गांव के रहने वाले प्रेम कुमार यादव कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को सरकारी एंबुलेंस बुलाकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडे ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल को सरकारी एंबुलेंस से अस्पताल भेजा है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं।
सेब लदी मैजिक पलटी, चालक बचा
मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर स्थित ओवरब्रिज पर शनिवार की देर शाम वाराणसी से प्रयागराज की तरफ जा रही सेब लदी मैजिक का टायर फट गया। इस बीच पीछे से आए अज्ञात वाहन की टक्कर से मैजिक पलट गई। चालक बाल-बाल बच गया। हालांकि सेब सड़क पर बिखर गए। पुलिस की मदद से मैजिक वाहन को हटवाया गया।
भेलूपुर थाना क्षेत्र के बड़ी गैबी में एक जनवरी को वाहन टकराने के बाद मारपीट हुई। पीड़ित सचिन कुमार सोनकर निवासी बड़ी गैबी की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। सचिन कुमार सोनकर का आरोप है कि एक जनवरी शाम करीब 6:45 बजे बाइक से जा रहा था। बड़ी गैबी स्थित पानी की टंकी के पास एक टोटो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टोटो सवार गोल्डी मौर्या, राहुल समेत कुछ अज्ञात लोगों मारना पीटना शुरू कर दिया। हमले में मुझे और मामा के बेटे दिव्यांशु को गंभीर चोट आई। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मड़हे में लगी आग, गाय-भैंस झुलसी
ग्राम महंगीपुर में रामनरेश के मड़हे में आग लगने से दो गाय और एक भैंस झुलस गई। गृहस्थी का सामान भी जलकर राख हो गया। घटना के समय परिवार के सदस्य मड़हे के बाहर थे। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। पीड़ित परिवार प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग कर रहा है।
रोहनिया थाने में 13 वाहनों की नीलामी
ऑपरेशन क्लीन के तहत रोहनिया थाने में 13 वाहन नीलाम किए गए, जिनमें छह तीन पहिया और सात चार पहिया वाहन शामिल थे। सभी वाहनों का मूल्यांकन सम्भागीय परिवहन अधिकारी द्वारा पहले से किया गया था। नीलामी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई। इस दौरान एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा और प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह मौजूद रहे।
तालाब पर अवैध कब्जा, मोहांव–चौबेपुर मार्ग किया जाम
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बर्थरा खुर्द गांव में ग्राम सभा के तालाब पर अवैध कब्जा और जल निकासी बाधित होने के कारण ग्रामीणों ने रविवार को मोहांव–चौबेपुर मार्ग पर चक्काजाम कर धरना-प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है, जिससे नालियों का पानी तालाब में जाने के बजाय सड़क पर बह रहा है। समस्या के निस्तारण के लिए बीडीओ और जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि लोगों को समझाकर जाम समाप्त करा दिया गया है। धरना-प्रदर्शन में विनोद प्रजापति, महेश, अरुण, किशनलाल, मेवालाल, राधेश्याम सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।