फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News: ऑटो चालक ने बेटे के गर्दन में मारा चाकू, तीन युवकों पर धारदार हथियार से हमला; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Tue, 10 Jun 2025 05:41 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में एक ऑटो चालक ने खुद के बेटे पर चाकू से हमला कर दिया। उसे हिरासत में ले लिया गया है। वहीं, आदमपुर थाना क्षेत्र में रंजिश को लेकर तीन युवकों पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला किया गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News Today: भेलूपुर थाने के सरायनंदन इलाके में सोमवार शाम शराब के नशे में धुत एक ऑटो चालक ने बड़े बेटे के गर्दन पर दाएं तरफ चाकू मार दिया। परिजनों ने युवक को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। युवक की मां से भेलूपुर थाने की पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर उसके पिता को हिरासत में लिया है। 

विज्ञापन


बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती 18 वर्षीय युवक की मां ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से नाटीइमली औसानगंज इलाके की रहने वाली हैं। सरायनंदन में किराये पर कमरा लेकर रहती हैं। उनके दो बेटे और एक बेटी है। उनका पति ऑटो चालक हैं और वह बीएलडब्ल्यू में प्राइवेट काम करती हैं। घायल बड़ा बेटा एक होटल में काम करता है।

कहा कि उनका पति जब भी शराब पीता है तो बच्चों के साथ मारपीट और गालीगलौज करता है। शाम के समय पति घर आया और बड़े बेटे से गालीगलौज कर गर्दन पर दाएं तरफ चाकू से वार कर दिया। भेलूपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक की हालत खतरे से बाहर है। उसका पिता हिरासत में है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

रंजिश में तीन युवकों पर धारदार हथियार से हमला
आदमपुर थाने के हनुमान फाटक में रविवार रात रंजिश में तीन युवकों पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला किया गया। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल शिवम ने तहरीर में बताया कि वह दो दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से घर जा रहा था। उसी दौरान दूसरे पक्ष के युवकों ने उन्हें बहेलिया टोला-कतुआपुरा मार्ग पर रोक लिया और हमला कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर भाग गए थे। आदमपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। 

अंडरपास के नीचे से पुलिस ने हटवाया अतिक्रमण
कछवा रोड अंडरपास के नीचे सोमवार को पुलिस ने अतिक्रमण हटवाया। पुलिस के अनुसार, अंडरपास के नीचे ऑटो खड़े होने से भारी वाहन के प्रवेश करने पर जाम लग जाता है। ठेला-पटरी व्यापारियों की दुकानें भी जाम का कारण बन रही थीं। ऑटो और अस्थायी दुकानों को हटवाकर अंडरपास को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। 

एग रोल लेने के दौरान विवाद, युवक पर लाठी-ईंट से हमला
हरहुआ बाजार में एग रोल लेने के दौरान एक युवक का कुछ लोगों से विवाद हो गया। गुस्साए लोगों ने युवक पर लाठी और ईंट से हमला कर घायल कर दिया। उपचार कराने के बाद घायल युवक ने बड़ागांव थाने में रविवार को चार नामजद और अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कराया। धनेसरी गांव निवासी सुरेश कुमार पटेल ने पुलिस को बताया कि छह जून की रात वह हरहुआ बाजार के पिलर नंबर-18 के पास एक दुकान से एग रोल ले रहे थे।

वहां पहले से खड़े अनौरा गांव निवासी अमन चौहान, रवि, राहुल और विकास के अलावा कुछ अज्ञात लोग अकारण ही गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी ने उस पर हमला कर दिया और मोबाइल फोन पटक कर तोड़ दिया। बड़ागांव थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

शव की अंत्येष्टि में गए युवक का पैसा चुराते हुए पकड़े गए
ससुर की मां के शव की अंत्येष्टि के बाद सिंधिया घाट पर एक युवक की जेब से 4500 रुपये चुराकर भागते हुए दो लोग पकड़े गए। दोनों को पकड़ कर चौक थाने की पुलिस को सौंप दिया गया। अहिरावीर, जगदीशपुर निवासी विनोद कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि वह रविवार को मणिकर्णिका घाट पर ससुर की मां की अंत्येष्टि के लिए गए थे।

अंत्येष्टि के बाद सिंधिया घाट पर गंगा स्नान के लिए कपड़े उतारे। उसी दौरान दो लोग उनकी जेब से 4500 रुपये चुरा कर भागते हुए पकड़े गए। चौक थानाध्यक्ष ने बताया कि लवकुश वर्मा और नंदबिहारी वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

10 लाख रुपये के लिए प्रताड़ित, पति सहित 7 पर केस
रमरेपुर पहड़िया की एक विवाहिता को 10 लाख रुपये के लिए प्रताड़ित करने के मामले में पति समेत सात लोगों के खिलाफ लालपुर पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मीणा मिश्रा ने पुलिस को बताया कि उनका विवाह 13 दिसंबर 2016 को कृष्णा नगर कॉलोनी, मंडुवाडीह निवासी नीरज मिश्रा के साथ हुआ था। 

शादी के बाद से पति नीरज, ससुर लालमणि, सास निर्मला देवी और ससुराल के चार अन्य लोग 10 लाख रुपये मायके से मंगवाने के लिए प्रताड़ित करने लगे। पति के साथ वह 12 अगस्त 2024 को आरा में थी, तो उसने उन्हें जमकर पीटा। इसके बाद वह मायके चली गई। ससुराल वालों ने मायके आकर गालीगलौज और मारपीट किया। लालपुर-पांडेयपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

निर्माणाधीन मकान से हजारों रुपये के तार चोरी, मुकदमा दर्ज
शिवपुर के देवपुरम कॉलोनी, बड़ालालपुर के नवनिर्मित मकान से 45 हजार के तार चोर चुरा ले गए। डिठोरी महल, अर्दली बाजार निवासी प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि देवपुरम कॉलोनी में उनका मकान बन रहा है। 29 मई की रात उनके मकान का ताला तोड़ कर चोर कीमती तार चुरा ले गए। घटना की सूचना उन्होंने सोमवार को शिवपुर थाने की पुलिस को दी तो मुकदमा दर्ज किया गया। शिवपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि सीसी फुटेज की मदद से जांच की जा रही है।

पुलिस ने बैग खोजकर किया वापस
डीआरएम बिल्डिंग के पास एक आदमी ने बैग ऑटो में छोड़ दिया। पुलिस ने उसका बैग खोजकर उसे वापस किया। प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि बिहार से वाराणसी आया था। जब वह मुगलसराय स्टेशन पर उतरा तो ऑटो पड़ कर वाराणसी कैंट आ गया। इस दौरान बैग ऑटो में छूट गया। सिगरा थाना के ट्रांसपोर्ट चौकी इंचार्ज और रोडवेज चौकी इंचार्ज पुष्कर द्विवेदी ने बैग खोजा।

नकली दवा बेचने के मामले में दो सगे भाइयों समेत तीन दोषमुक्त
नकली दवा बेचने के मामले में दो सगे भाइयों समेत तीन आरोपियों को कोर्ट से राहत मिल गई है। अपर जिला जज (चतुर्दश) संध्या श्रीवास्तव की अदालत ने नवापुरा, कोतवाली निवासी आरोपी उमेश चंद्र गुप्ता व दिनेश चंद्र उर्फ डिंपल गुप्ता और बिहार के रोहतास निवासी शशि कुमार उर्फ लड्डू गुप्ता को आरोप सिद्ध न होने पर संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया। 

अभियोजन पक्ष के अनुसार, तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक कोतवाली केडी मिश्रा 21 दिसंबर 2007 को क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। उन्हें सूचना मिली कि ओम कल्याणी फाॅर्मा के मालिक उमेश चंद्र गुप्ता घर के कमरे और सप्तसागर में दुकान में नकली दवा लेकर आया है। दवाओं पर फर्जी मुहर लगाकर बेचता है। 

सूचना पर पुलिस ने औषधि निरीक्षकों की टीम के साथ छापा मारा। विभिन्न कंपनियों की दवाएं, इंजेक्शन, टेबलेट व सीरप मिले। वहीं, पर बैठा एक व्यक्ति दवाइयों के पैकट व शीशी पर मुहर लगा रहा था। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम शशि कुमार उर्फ लड्डू बताया।

सिटी कमांड सेंटर में तैयार हो रही नोटिस, चालान में आई कमी
सिटी कमांड सेंटर से होने वाले वाहनों के चालान की संख्या में इन दिनों कम हुई है। पहले रोजाना 900 से 1000 चालान किए जाते थे। वहीं अब यह संख्या घटकर 600 से 700 रह गई है। इस कमी का मुख्य कारण पुलिसकर्मियों की कमी है। सिटी कमांड सेंटर में तीन शिफ्टों में 24 पुलिसकर्मी तैनात हैं। 

इन दिनों पुलिसकर्मी का अधिकतर समय चालान करने के बजाय नोटिस तैयार करने में बीत रहा है। इसके चलते वाहनों के खिलाफ अधिक चालान हुए हैं। सिटी कमांड सेंटर उन लोगों को नोटिस भेज रहा है। जिनके चालान ज्यादा हो गए है और जुर्माना जमा नहीं किया है। इन नोटिसों को तैयार करने में ही तीन से चार पुलिसकर्मी पूरे दिन लगे रहते हैं। 

वहीं दूसरी ओर सड़क पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई नहीं हो पा रही है। सिटी कमांड सेंटर फेस-1 के इंचार्ज दुर्गेश सरोज ने बताया कि ऑफिस से पुलिसकर्मियों की मांग की गई है। संख्या बढ़ने पर चालान की भी संख्या बढ़ जाएगा। यातायात नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।

हाथ में जंजीर और गले में बेड़ियां पहनकर मेरिट से प्रवेश का विरोध
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में गले में बेड़ियां और हाथ-पैर को जंजीर से बांधकर मेरिट से प्रवेश नियमों का विरोध किया गया। 28 दिनों से मेरिट से प्रवेश के खिलाफ धरने पर बैठे छात्रों ने पूरे शरीर को बांध दिया और खूब नारेबाजी की। कहा कि तीन सूत्रीय मांग को लेकर चार दिन से भूख हड़ताल पर हैं। मेरिट की जगह एंट्रेंस एग्जाम करवाने की मांग की जा रही है।

 यदि किसी का स्कोर ऐसा होगा तो ज्यादा उम्र वाले अभ्यर्थी को मौका मिल जाएगा, जबकि ये संवैधानिक नहीं है। छात्रों ने कहा कि विद्यापीठ में अनुच्छेद 14, 15, 16, 29 ए का उल्लंघन किया जा रहा है। इस विरोध प्रदर्शन के बाद भीषण गर्मी से धरनारत एक छात्र की तबीयत बिगड़ गई। प्रदर्शन करते हुए वह बेहोश हो गया। प्राथमिक उपचार कर उसे होश में लाया गया।

आईआईटी में परीक्षा के आधार पर प्रमोशन का विरोध
आईआईटी बीएचयू में कर्मचारियों ने प्रमोशन नियमों के विरोध में धरना दिया। कर्मचारियों ने कहा कि लिखित परीक्षा के आधार पर प्रमोशन नियम के खिलाफ हैं। हाईस्कूल स्तर की परीक्षा देकर वे प्रमोशन नहीं देंगे। उन्हें अनुभवों के आधार पर ही पदोन्नति चाहिए। इस दौरान कर्मचारियों ने यह आरोप भी लगाया कि एक समान पोस्ट पर कई लोगों को बड़े वेतनमान दिए जा रहे हैं।

इन्होंने कहा कि वे 1990 से बीएचयू में काम कर रहे हैं, लेकिन प्रमोशन का नया नियम अन्यायपूर्ण है। यह भी बताया कि एक कर्मचारी 30 जून को रिटायर हो रहे हैं और उनकी भी परीक्षा 20 जून को ही कराई जा रही है। चेतावनी दी कि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे हाईकोर्ट में आवाज उठाएंगे।

सारनाथ एक्सप्रेस से किशोरी बरामद
रेलवे सुरक्षा बल पूर्वोत्तर रेलवे ने सोमवार को वाराणसी सिटी स्टेशन से सारनाथ एक्सप्रेस के स्लीपर कोच से एक किशोरी को बरामद किया। किशोरी को आरपीएफ ने चाइल्ड लाइन को सौंप दिया। 

चलती ट्रेन से फिसली महिला, एसआई ने बचाई जान
कैंट स्टेशन पर सोमवार को प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर बनारस-विशाखापट्नम एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान महिला यात्री फिसलकर प्लेटफॉर्म पर गिर गई। आरपीएफ के एसआई रामनरेश गुर्जर ने महिला को ट्रैक पर गिरने से बचाया। कैंट आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि आंध्र प्रदेश की महिलाएं प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर बनारस-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस में सवार हो रही थीं। इस दौरान ट्रेन चल दी। लक्ष्मी देवी ने भी ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया और गिर गईं।

कपड़े की दुकान से 30 हजार रुपये और मोबाइल फोन ले भागे
चोलापुर थाना क्षेत्र के नियार बाजार में सोमवार को कपड़े की एक दुकान में घुसकर बाइक सवार दो युवक 30 हजार रुपये और मोबाइल फोन लेकर भाग गए। दिनदहाड़े हुई घटना सीसी कैमरे में कैद हुई है। दुकानदार की सूचना पर पुलिस घटना की जांच कर रही है।

गाजीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के गौरहट के अजीत गौतम की नियार बाजार में कपड़े की दुकान है। अजीत ने बताया कि दोपहर को वह दुकान में आराम कर रहे थे। उसी दौरान बाइक से दो नकाबपोश युवक आए। दोनों दुकान के भीतर घुसकर कैश बॉक्स से 30 हजार रुपये और मोबाइल फोन उठा ले गए।

दोनों के आने की भनक उन्हें लगी, तब तक वह बाइक स्टार्ट कर भाग गए थे। उन्होंने दुकान में लगे सीसी कैमरे की फुटेज देखी तो दोनों युवकों की करतूत उजागर हुई। चोलापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि सीसी फुटेज की मदद से मामले की जांच की जा रही है।

आरपीएफ के सेवानिवृत अधिकारी को धमकाया, केस दर्ज
जयप्रकाश नगर निवासी आरपीएफ के सेवानिवृत्त अधिकारी हरे राम सिंह की शिकायत पर सिगरा थाने की पुलिस ने पड़ोसी के खिलाफ धमकी का केस दर्ज किया है। हरेराम सिंह ने रविवार को पुलिस को बताया कि उन्होंने एक महिला का सामान पुलिस के कहने पर लौटाया था। महिला के जाने के बाद रुद्रेश सिंह उनके घर आए। उन्होंने उन्हें जाने को कहा तो वह जान से मारने की धमकी देने लगे। पूरा घटनाक्रम सीसी कैमरे में कैद है। सिगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

बस में महिला के ट्रॉली बैग से नकदी और गहने चुराए
प्रयागराज जा रही बस में कैंट स्टेशन से सवार हुई महिला के ट्रॉली बैग से उचक्कों ने गहने और नकदी चुरा ली। सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। झूंसी के पवन यादव ने बताया कि वह दिल्ली में एक प्राइवेट संस्थान में काम करते हैं। वैवाहिक आयोजन में शामिल होने पत्नी ममता यादव चोलापुर क्षेत्र के नियार में मायके गई थी।

14 मई को वापस आने के लिए वह कैंट स्टेशन पहुंची। वहां तीन-चार लोगों के बहकावे में आकर प्रयागराज जाने वाली एक बस में बैठ गई। इस दौरान ममता को भरोसा दिलाते हुए ट्रॉली बैग लेकर उनके पीछे की सीट पर बैठ गए। बीच रास्ते में चारों उतर गए। घर पहुंचने के एक दिन बाद ममता ने बैग खोलकर देखा तो सारे जेवर और नकदी गायब थे। सिगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि गत शनिवार को तहरीर मिली तो मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 

पति सहित छह लोगों पर दहेज उत्पीड़न का केस
सिगरा थाने में एक विवाहिता ने रविवार को दहेज उत्पीड़न और जबरन गर्भपात के आरोप में पति और ससुराल पक्ष के छह लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है। लल्लापुरा क्षेत्र की शादाब फातमा ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी पांच साल पहले प्रयागराज के रानी मंडी के हसन असकरी से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग मायके से पांच लाख रुपये मंगवाने के लिए प्रताड़ित करने लगे। ससुराल के लोगों ने जबरन गर्भपात करा दिया। सिगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

ट्रांसफार्मर के बगल में लगे दुकानों को हटाने का अल्टीमेटम
कछवा रोड स्थानीय बाजार के अंडरपास के दक्षिण में लगे 400 केवीए के ट्रांसफॉर्मर के पास दुकानों को हटाने के लिए बिजली विभाग ने अल्टीमेटम दिया है। ठटरा विद्युत उपकेंद्र की जेई दीक्षा सिंह ने सोमवार को अंडरपास के दक्षिण ट्रांसफार्मर के मरम्मत के दौरान दुकान हटाने का आदेश दिया। कहा कि ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकलने और तेल रिसाव के खतरा हो सकता है। आसपास के दुकानदारों की जिम्मेदारी स्वयं की होगी। ऐसे में उन्हें तत्काल दुकान हटाने को कहा गया है।

वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला
अवैध निर्माध ध्वस्त करने के खर्च की वसूली के लिए 4.06 लाख की आरसी जारी
बुद्ध विहार काॅलोनी में बनारस कोठी और रिवर पैलेस होटल के अवैध निर्माण ध्वस्त करने के खर्च की वसूली प्रक्रिया शुरू हुई। 4.06 लाख रुपये की वसूली के लिए आरसी जारी किया। वार्ड-सिकरौल स्थित भूखंड संख्या 18, 19, 20 पर बनी बनारस कोठी और भूखंड संख्या 21, 21ए-1, 22, 23, 24 पर बने होटल रिवर पैलेस पर अवैध निर्माण करने पर, उत्तर प्रदेश नगर नियोजन और विकास अधिनियम-1973 की सुसंगत धाराओं के तहत ध्वस्तीकरण आदेश पारित किया गया था। 

निर्माणकर्ता मो. जाफर अली खां ने अवैध निर्माण स्वयं नहीं हटाया। वीडीए ने 24 अप्रैल 2024 को आंशिक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। 16 अगस्त को प्राधिकरण कोष में जमा करने के लिए नोटिस जारी किया। आज तक कोई भुगतान नहीं किया गया है। सोमवार को वीडीए ने उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम, 1973 की धारा 40 के अंतर्गत उक्त राशि की राजस्व बकाये की भांति वसूली के लिए आरसी (RC) जारी किया। साथ संग्रह शुल्क अलग से देना होगा।

भदोही से भटक कर राजातालाब पहुंचीं तीन बालिकाएं
रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को तीन बालिकाएं रोती मिलीं। एक महिला की सूचना पर कस्बा चौकी प्रभारी ने बालिकाओं के भदोही निवासी परिजनों से संपर्क किया। परिजनों के आने पर पुलिस ने तीनों बालिकाओं को सौंप दिया। कचनार गांव की पूजा को स्टेशन के पास 15, 12 और 11 साल की बालिकाएं मिली थीं। 

पूजा ने बताया कि उन्होंने तीनों से रोने का कारण पूछा। बताया कि वह रास्ता भटक गई हैं। पूजा ने 112 नंबर पर फोन किया और तीनों को लेकर राजातालाब थाने पहुंची। वहां चौकी प्रभारी रोहित ने तीनों से पिता का नाम और पता पूछा। पूछताछ में सामने आया कि तीनों भदोही के गोपीगंज थाने के सुजातपुर गांव की हैं। 

चौकी इंचार्ज ने सुजातपुर गांव के प्रधान से संपर्क कर बालिकाओं के पिता को बुलाया। परिजनों ने बताया कि तीनों ज्ञानपुर स्टेशन पर किसी ट्रेन में चढ़ी थीं और उसी से राजातालाब स्टेशन पहुंच गईं। परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।

ई-रिक्शा चालक ने फंदा लगाकर जान दी
सारनाथ के सोनातालाब इलाके में किराये पर कमरा लेकर रहने वाले ई-रिक्शा चालक ने फंदा लगाकर जान दे दी। सोमवार को लोगों की सूचना पर पहुंची सारनाथ थाने की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। लालती देवी ने पुलिस को बताया कि उनके मकान में कानपुर के इनाव फत्तेपुर के निवासी राजेश जायसवाल का बेटा सोनू जायसवाल (22) किराये पर रहता था।

कमरे में पंखे के हुक में रस्सी का फंदा लगाकर उसने जान दे दी। सोनू को फंदे से लटका देख पुलिस को सूचना दी। सारनाथ थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक के परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। युवक की आत्महत्या की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

शिव और नंदी की मूर्ति की क्षतिग्रस्त, भड़के लोग
शिवपुर के चमाव कोईरान में दलित बस्ती के पास बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरे पर स्थापित शिव और नंदी की मूर्ति रविवार रात अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर झाड़ी में फेंक दी। सोमवार सुबह लोग भड़क गए। शिवपुर थाने की पुलिस ने सभी को समझा-बुझाकर शांत कराया। साथ ही नई मूर्ति मंगवाकर स्थापित कराई। तब जाकर स्थिति सामान्य हुई।

सोमवार सुबह बस्ती के लोग पूजा करने गए तो दोनों मूर्तियां क्षतिग्रस्त कर झाड़ी में फेंकी मिली। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सूचना 112 नंबर पर दी गई। शिवपुर थाने की फोर्स के साथ एसीपी कैंट पहुंचे। लोगों ने कहा कि बरगद के पेड़ के इर्द-गिर्द देर रात तक शराबियों का जमावड़ा रहता है। यह शराबियों की ही करतूत है। एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि पंडित को बुलाकर पुलिस ने नई मूर्ति स्थापित करा दी है। संदिग्ध गतिविधियों वाले इलाके के दो लोगों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

चिरईगांव में दो आंगनबाड़ी केंद्रों से चोरी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के अइली और जयरामपुर के दो आंगनबाड़ी केंद्रों को रविवार रात चोरी ने खंगाल डाला। सूचना पाकर सोमवार को चौबेपुर थाने की पुलिस ने दोनों आंगनबाड़ी केंद्रों का मुआयना किया। चिरईगांव ब्लॉक के सीडीपीओ विजय कृष्ण उपाध्याय ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र अइली से टीवी, आरओ मशीन, गैस सिलिंडर व चूल्हा, बर्तन, बैटरी, रजिस्टर और बच्चों का खिलौना सहित अन्य सामान चोर चुरा ले गए।

आंगनबाड़ी केंद्र जयरामपुर की खिड़की तोड़कर चोर चार बैटरी और अन्य सामान चुरा ले गए हैं। अइली की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गीता सिंह और जयरामपुर के ग्राम प्रधान दलसिंगार राजभर ने चौबेपुर थाने की पुलिस को तहरीर दी। थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने बताया कि चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

जान से मारने की देता है धमकी, केस दर्ज
बजरंग नगर कॉलोनी निवासी पवन कुमार टाक की तहरीर पर लालपुर पांडेयपुर थाने में आवास विकास कॉलोनी निवासी दिव्य प्रकाश चौहान के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पवन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने दिव्य प्रकाश के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज कराया था। वह उन्हें आए दिन जान से मारने की धमकी देता है। लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष ने सोमवार को बताया कि धमकाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

गैंगस्टर एक्ट के दो दोषियों को अदालत ने सुनाई सजा
भेलूपुर थाने से संबंधित गैंगस्टर एक्ट के दो अभियुक्तों को अदालत ने सोमवार को सजा सुनाई। सोनबरसा, इलाइची बाबा, बजरडीहा निवासी मोहम्मद हुसैन उर्फ लौटू के खिलाफ 2022 में भेलूपुर थाने में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज किया था। स्पेशल जज गैंगस्टर एक्ट की अदालत ने मोहम्मद हुसैन को दोषी पाते हुए तीन वर्ष एक माह की कारावास और छह हजार के अर्थदंड से दंडित किया है। 

इसके अलावा बजरडीहा निवासी वसीम अख्तर उर्फ बम के खिलाफ भी 2022 में भेलूपुर थाने में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया थ। स्पेशल जज गैंगस्टर एक्ट की अदालत ने वसीम अख्तर को दोषी पाते हुए तीन वर्ष एक माह की कारावास और छह हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। 

डीएम सत्येंद्र कुमार। - फोटो : अमर उजाला
डीएम ने पिंडरा तहसील में सुनीं समस्याएं, 11 का निस्तारण
डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को पिंडरा तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्हाेंने 119 शिकायतें सुनीं। इसमें से 11 का मौके पर ही निस्तारण किया। अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए अफसरों निर्देश दिए।

डीएम ने कानूनगो और लेखपाल को जमीन संबंधी मामले पुलिस टीम के साथ समन्वय कर निस्तारण कराने को कहा। उन्होंने कहा कि कुछ मामले दो या तीन विभागों के बीच के होते हैं। संपूर्ण समाधान दिवस पर एक ही दिन सभी अधिकारी मौजूद रहते हैं। ऐसे मामलों को समन्वय बनाकर निस्तारित करना सुनिश्चित करें। 

अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता जनार्दन की शिकायतें तहसील स्तर पर निस्तारित की जाए। जनता की समस्याओं का पुलिस और राजस्व अधिकारी संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण करते हुए निस्तारित कराएं। इस दौरान डीसीपी गोमती आकाश पटेल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन ) विपिन कुमार, एसडीएम प्रज्ञा मिश्रा, सीओ प्रतीक कुमार मौजूद रहे।

युवक का शव मिला, पहचान के प्रयास में जुटी पुलिस
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रवींद्रपुरी में लेन नंबर-14 के पास सोमवार सुबह युवक का शव मिला। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस शव की पहचान नहीं करा सकी। पूछताछ में पता चला कि युवक गुरुधाम चौराहे पर लेबर सट्टी में मजदूरी करता था। थानाध्यक्ष भेलूपुर गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि युवक की उम्र लगभग 35 साल है। पूछताछ में पता चला कि वह आजमगढ़ का रहने वाला था और उसे लोग विश्वकर्मा नाम से बुलाते थे। युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। आशंका है कि गर्मी के कारण उसकी मौत हुई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगी।

युवती घर से लापता, पिता ने दर्ज कराया केस
शिवपुर थाना क्षेत्र की 19 साल की युवती घर से लापता हो गई। खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं लगा तो पिता ने शिवपुर थाने में तहरीर दी। बताया कि उनकी बेटी पांच जून की रात दो बजे आशीष राजभर के साथ कहीं चली गई है। वह अपने साथ एक जोड़ी झुमका और एक जोड़ी पायल ले गई है। आशीष कहां का रहने वाला है, इसकी जानकारी नहीं है। शिवपुर थानाध्यक्ष राजू कुमार ने सोमवार को बताया कि मुकदमा दर्ज कर युवती और आरोपी की तलाश की जा रही है।

BHU - फोटो : अमर उजाला
बीएचयू में इस साल होंगे 14 अंतरराष्ट्रीय-राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस
बीएचयू ने इस साल के अपने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस, सेमिनार और वर्कशॉप की सूची जारी कर दी है। जून से दिसंबर तक कुल 14 अंतरराष्ट्रीय-राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस होंगे। जुलाई और अक्तूबर में तीन-तीन कार्यक्रम, जून में दो और दिसंबर में एक कार्यक्रम का विवरण आया है। बीएचयू के कुलसचिव कार्यालय की ओर से अधिसूचना जारी कर अपील की गई है कि इन तिथियों में अन्य कोई कार्यक्रम न करें। ताकि आवास और परिवहन का इंतजाम हो सके। 

बीएचयू में मशीन लर्निंग का जीआईएएन कोर्स पूरा
बीएचयू के विज्ञान संस्थान में जीआईएएन कोर्स में देशभर के युवाओं को मशीन लर्निंग और आरएनए सीक्वेंसिंग सिखाई गई। स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी में ओमिक्स डेटा विश्लेषण किया गया। मॉडल और अल्गोरिदम पर एक सप्ताह तक छात्र-छात्राओं को कई तकनीकी जानकारियां दी गईं।

अमेरिका के नॉर्थ टेक्सास विश्वविद्यालय में जैविक विज्ञान विभाग में प्रो. राजीव कुमार आजाद ने आरएनए सीक्वेंसिंग, जटिल जैविक और जैव चिकित्सा समस्याओं से निपटने, गणितीय और कंप्यूटेशनल विधियों के बारे में बताया। साथ ही मशीन लर्निंग को हल करने की विधियां बताईं। उन्होंने पाठ्यक्रम समन्वयक प्रो. प्रत्यूष शुक्ला के साथ व्याख्यान और ट्यूटोरियल भी दिए।

अविमुक्तेश्वर महादेव का हुआ रुद्राभिषेक
श्री काशी विश्वनाथ धाम में सोमवार को अविमुक्तेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक किया गया। मंदिर के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ ही श्रद्धालुओं ने भी इसमें हिस्सा लिया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सोमवार को भगवान शिव की पूजा करने से सभी कार्य सफल होते हैं। साथ ही, सोमवार का व्रत रखने से भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त होता है और जीवन के दुख और संकट दूर होते हैं।

विद्यापीठ में आपत्तिजनक पोस्टर लगाने पर होगी कार्रवाई
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर ने आपत्तिजनक पोस्टर लगाने पर कठोर कदम उठाने का फैसला किया है। बताया गया है कि किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक पोस्टर लगाना या चस्पा करना गैरकानूनी है। चीफ प्रॉक्टर प्रो. केके सिंह ने कहा कि ऐसा पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक और कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

काशी विद्यापीठ में बीए-एलएलबी की परीक्षा 16 जून को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बीए-एलएलबी की 10वें सेमेस्टर की परीक्षा 16 जून को होगी। विभागाध्यक्ष और संकायाध्यक्ष प्रो. रंजन कुमार ने बताया कि परीक्षा सुबह 11 बजे से विधि विभाग में होगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण और अनुकरण अभ्यास पुस्तिका के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। अन्यथा उनकी मौखिक परीक्षा संभव नहीं होगी।

सिंधी समाज की पुस्तिका का कल लोकार्पण करेंगे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद
मसंद सेवाश्रम रायपुर छत्तीसगढ़ के पीठाधीश, सिंधी समाज के संत साईं जलकुमार मसंद साहिब ने देश विदेश में बसे सिंधी समाज के गो सेवा अभियान पर पुस्तिका प्रकाशित कराई है। इस पुस्तिका का लोकार्पण ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती बुधवार को वाराणसी में करेंगे। साईं मसंद साहिब सोमवार को वाराणसी पहुंच गए।

साईं मसंद साहिब ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज के नेतृत्व में कार्यरत अंतरराष्ट्रीय हिंदू संगठन परम धर्म संसद 1008 के संगठन मंत्री भी हैं। भारत सहित विश्व के 108 देशों की कुल 1008 धार्मिक व सामाजिक प्रतिभाएं इस संगठन में शामिल हैं। संगठन भारत के चारों शंकराचार्यों के मार्गदर्शन में पिछले तीन वर्षों से गोमाता को राष्ट्रमाता स्वीकार किए जाने के लिए गो सेवा अभियान चला रहा है।

साईं मसंद साहिब ने बताया कि कार्यक्रम में वाराणसी सिंधी समाज की समस्त पूज्य सिंधी पंचायतों, धार्मिक व सामाजिक संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों और अन्य वरिष्ठ नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर शंकराचार्य को सम्मानित भी किया जाएगा।

एनएसयूआई यूपी ईस्ट के नेतृत्व निर्माण शिविर का शुभारंभ
एनएसयूआई यूपी ईस्ट के तीन दिवसीय नेतृत्व निर्माण शिविर बुनियाद का सोमवार को कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में हुआ। शिविर की शुरुआत सेवादल टीम ने ध्वजारोहण से किया। दिवाकर सिंह ने प्रशिक्षण के विषय के बारे में बताया। लेखक पियूष बबेले ने कहा कि महात्मा गांधी, भगत सिंह, आंबेडकर, सरदार वल्लभ भाई पटेल, सुभाष चंद्र बोस और नेहरू को लेकर कई तरह के भ्रामक प्रचार हो रहे हैं।

हमें इससे बचना होगा। शिविर के अंतर्गत आरटीआई, आरटीई, मनरेगा, खाद्य सुरक्षा और भूमि अधिग्रहण विधेयक जैसे कानूनों पर भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण शिविर के दौरान पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष विश्व विजय सिंह, जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल आदि मौजूद रहे। 

स्वर्ण पदक जीतने पर बरेका महाप्रबंधक ने दी बधाई
ताइवान एथलेटिक्स ओपन में स्वर्ण पदक जीतने पर रोहित यादव को बरेका के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बधाई दी। विद्युत विभाग में कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत रोहित ने 7 से 8 जून को ताइपेई, ताइवान में 74.42 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर पदक जीता है। 

जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि इस मौके पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर और बरेका खेलकूद संघ के अध्यक्ष एसके श्रीवास्तव, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर सुनील कुमार, उप महाप्रबंधक अनुज कटियार ने भी बधाई दी। महाप्रबंधक ने कहा कि यह सफलता उनके कठिन परिश्रम और अटूट लगन का परिणाम है। बरेका न केवल उच्च गुणवत्ता वाले रेल इंजनों के उत्पादन में अग्रणी है, बल्कि खेल प्रतिभाओं को प्रदर्शन करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। 

सातवें दिन जारी रहा बीएचयू के मनोचिकित्सक का धरना
बीएचयू के चिकित्सा विज्ञान संस्थान में डीन बनाने की मांग पर मनोचिकित्सक प्रो .संजय गुप्ता का सत्याग्रह सातवें दिन भी जारी रहा। सोमवार को उनके समर्थन में पहुंचे लोगों ने कहा कि फैकल्टी ऑफ मेडिसिन के सीनियर मोस्ट प्रोफेसर की अर्हता रखने वाले मशहूर प्रो. गुप्ता यूजीसी के नियमानुसार डीन पद के हकदार हैं। जबकि उनसे जूनियर को डीन- मेडिसिन बना दिया गया है।

यूजीसी के स्पष्टीकरण के बावजूद न्यायसंगत कार्यवाही नहीं की जा रही है। वहीं, प्रो. गुप्ता ने कहा कि उनकी लड़ाई न ही व्यक्तिगत है और न ही प्रतिष्ठा की चाह में है। उनकी आस्था पूज्य महामना के मूल्यों में अटूट है। 

सारनाथ जू में बतखों की जांच
बतखों में आजकल बर्ड फ्लू का संक्रमण देखने को मिल रहा है। इसी को देखते हुए सारनाथ मिनी जू में भी बतखों की जांच की गई। जांच के बाद सैंपल बरेली भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद पुष्टि की जाएगी। बतख से यह संक्रमण कौओं में फैल रहा है। बर्ड फ्लू के संक्रमण को देखते हुए मीट की दुकानों पर ध्यान देने का निर्देश दिया गया है।

जू के डॉक्टर ने बताया कि बतख फ्लू फैलाने वाले एच 5 एन 1 वायरस को 17 दिनों तक अपने साथ रख सकती हैं और फैला सकती हैं, जिससे अन्य पक्षियों के साथ-साथ मनुष्यों के लिए भी दीर्घकालिक खतरा पैदा हो सकता है। बतख में अक्सर यह बीमारी पाई जाती है। संक्रमित होने के बावजूद उनमें लक्षण नहीं दिखते। 

ई-कॉमर्स कंपनियों से सस्ते सामान के चक्कर में जिंदगी से न करें खिलवाड़
विशेश्वरगंज भैरवनाथ व्यापार मंडल की बैठक सोमवार को विशेश्वरगंज के कैंप कार्यालय में हुई। ई-कॉमर्स कंपनियों के घटिया सामान समेत अन्य बिंदुओं पर चर्चा हुई। अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता ने कहा कि ई-कॉमर्स कंपनियां ग्राहकों को ठग रही हैं। सस्ते विज्ञापन और छूट का छलावा देकर ग्राहकों को खराब गुणवत्ता और कम माल दिया जाता है। 

पिछले दिनों प्रमुख ऑनलाइन विक्रेता के यहां छापा मारा गया था। सस्ते सामान के चक्कर में अपनी जिंदगी के साथ खिलावाड़ न करें। व्यापारियों ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों से मांग की कि ऑनलाइन वाले बड़े व्यापारियों के यहां नियमित छापा मारा जाए। बैठक में अलखनाथ गोस्वामी, संतोष जायसवाल, शरद केसरी, आलोक सेठ, पंकज अग्रवाल, राजेश गुप्ता आदि रहे।

IIT BHU - फोटो : अमर उजाला
आईआईटी बीएचयू में हिंदी में कामकाज बढ़ाने के लिए कार्यशाला
आईआईटी बीएचयू में हिंदी में कामकाज बढ़ाने के लिए कार्यशाला हुई। इसमें भाषाई अशुद्धियों पर चर्चा की गई। सोमवार को एनी बेसेंट व्याख्यान कक्ष संकुल में संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों को हिंदी में काम करने की सीख दी गई। 'मानक शब्दावली, द्विभाषीकरण की जरूरत और लीला हिंदी टूल्स' तकनीक की ट्रेनिंग दी गई। राष्ट्रीय शर्करा संस्थान, कानपुर की सहायक निदेशक मल्लिका द्विवेदी ने मानक शब्द, शुद्ध, अशुद्ध शब्द और वर्तनी की शुद्धता पर व्याख्यान दिया। लीला हिंदी शिक्षण से ऑनलाइन टूल्स की जानकारी दी गई। कार्यशाला में कुल 40 प्रतिभागी पहुंचे।

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय। - फोटो : अमर उजाला
संविवि : 341 केंद्रों पर शास्त्री, आचार्य और मध्यमा की परीक्षाएं शुरू
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में मध्यमा, शास्त्री और आचार्य की परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहले दिन देशभर के 341 परीक्षा केंद्रों पर 19158 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। सोमवार की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षाएं 18 जून तक चलेंगी।

सोमवार को सुबह आठ से 11 बजे तक मध्यमा, शास्त्री तृतीय खंड, चतुर्थ सेमेस्टर, आचार्य द्वितीय सेमेस्टर और आचार्य चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं एक साथ शुरू हुईं। परीक्षा में संस्थागत, व्यक्तिगत, भूतपूर्व, बैक, श्रेणी सुधार के छात्र शामिल हुए। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया की विश्वविद्यालय परिसर में 1065 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। सभी केंद्राध्यक्षों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा में किसी भी प्रकार कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर मां गंगा का किया दुग्धाभिषेक
मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर सोमवार को नमामि गंगे ने महर्षि योगी वेद विज्ञान विद्यापीठ के वेदपाठी बटुकों के साथ सिंधिया घाट पर मां गंगा की आरती उतारी। मोदी सरकार के लिए बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से आशीर्वाद मांगा। भगवान भास्कर और मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर आत्मनिर्भर, विकसित और आरोग्य भारत के लिए गुहार लगाई।

सुशासन और गरीब कल्याण के लिए सरकार की कटिबद्धता के लिए गंगा को भोग, प्रसाद, फल अर्पित किया गया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि मोदी सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल की शपथ 9 जून 2024 को ली थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने स्वयं के बल पर अपनी सैन्य क्षमताओं का अभूतपूर्व विकास किया है।

समर कैंप में छात्राओं ने सीखा योग
महामना मालवीय इंटर कॉलेज बच्छाव में समर कैंप में छात्र-छात्राओं ने कई गतिविधियों में भाग लिया। शारीरिक शिक्षा के अध्यापक शिक्षक डॉ. जितेंद्र पटेल ने विद्यार्थियों को ताड़ासन, वृक्षासन, हलासन, शीर्षासन, सर्वांगासन, शवासन, वज्रासन, पश्चिमोत्तानासन के साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाती, और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया। इसके बाद, साहित्य के शिक्षक आत्माराम और सुरेंद्र बहादुर ने लोकगीतों का आयोजन किया। इसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान प्रधानाचार्य डॉ. चंद्रमणि सिंह, आजाद पटेल, सूरज कुमार, रामबली, सूर्यबली, अखिलेश पटेल मौजूद रहे।

बीमारी से प्राधनाध्यापक का निधन
विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय रामपुर में तैनात प्राधनाध्यापक संतोष दास (49) की रविवार रात लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। कुछ दिन पहले पूर्व दिल्ली में लीवर ट्रांसप्लांट कराया था। रविवार रात 10 बजे उनका निधन हो गया। सेंट्रल जेल रोड सिकरौल निवासी शिक्षक के दो लड़की और एक लड़का है। उनके निधन पर खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार मिश्रा समेत शिक्षको ने शोक संवेदना व्यक्त की।

धान की नर्सरी को गर्मी और लू से नुकसान
खरीफ सीजन की प्रमुख फसल धान की नर्सरी को हीट वेव और गर्मी से नुकसान हो सकता है। जून के पहले पखवाड़े में नर्सरी तैयार की जाती है। लगातार बढ़ते तापमान से खेतों की मिट्टी सूख रही है, जिससे नर्सरी में दरारें पड़ रही हैं और पौधे मुरझा रहे हैं। कृषि विशेषज्ञ अनिल सिंह और सीबी सिंह ने बताया कि मौसम की प्रतिकूलता से नर्सरी को नुकसान हो रहा है। तेज धूप और लू से नर्सरी कमजोर हो रही है। 

जिला कृषि अधिकारी संगम मौर्य ने किसानों को सलाह दी है कि नर्सरी डालने से पहले खेत में गोबर की सड़ी जैविक खाद के साथ फफूद और खरपतवारनाशी का प्रयोग करें। बीज शोधन अवश्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि नर्सरी से दिन में पानी निकाल देना चाहिए। सुबह-शाम हल्की सिंचाई करना बहुत जरूरी है, ताकि नमी बनी रहे और पौधे हीट वेव से सुरक्षित रहें।

बालिकाओं को फारवर्ड डिफेंस, और बैटिंग स्टांस की दी जानकारी
लालपुर में प्रशिक्षण शिविर में सोमवार को महिला क्रिकेटरों फॉरवर्ड डिफेंस, बैक फुट डिफेंस और सही बैटिंग स्टांस के बारे में बताया गया। इसके अलावा, कैच प्रैक्टिस और बैट पकड़ने की तकनीक का भी अभ्यास कराया गया। जीवन दीप पब्लिक स्कूल और महिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित शिविर के दूसरे दिन 25 बालिकाएं शामिल हुई। 

प्रशिक्षण सत्र में प्रदीप शुक्ला ने बल्लेबाजी की बुनियादी बातों पर ध्यान केंद्रित किया। महिला वाराणसी क्रिकेट एसोसिएशन की सचिव वंदना झा ने बताया कि जल्द ही कई अन्य जिलों में भी महिला क्रिकेट प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन करने की योजना है। जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को क्रिकेट के प्रति प्रोत्साहित किया जाए और उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिले।

सगुण भक्ति करने वालों को मिलती है पांच तरह की मुक्ति
बंगाल के कथावाचक जगद्गुरु वासुदेवाचार्य ने कहा कि मुख्य रूप से मुक्ति के छह प्रकार बताए गए हैं। पांच मुक्ति सगुण साकार रूप के जो भक्त हैं उनके लिए हैं। एक मुक्ति निर्गुण निराकार वालों की है। ये बातें उन्होंने सामनेघाट क्षेत्र के मदरवां स्थित अर्क विनायक मनोकामनेश्वर मंदिर की ओर से श्रीरुद्र महायज्ञ के निमित्त शिवमहापुराण कथा में सोमवार को कहीं। 

उन्होंने कहा कि मां पार्वती को कथा सुनाने के क्रम में भगवान शिव कहते हैं सगुण और निर्गुण, मेरे दो तरह के भक्त हैं। इन्हीं दो तरह के भक्तों में हमारी संपत्ति बंटती है। व्यासपीठ की आरती यजमान विकास पांडेय, रीना देवी, विपिन सिंह और डमरू बाबा ने उतारी। 

सुबह लाल बाबा के सानिध्य में हवन कुंड में वैदिक मंत्रों के साथ आहुतियां दी गईं। भजन संध्या अलख निरंजन के संयोजन में हुई। इसमें शेर बहादुर सिंह, शिवांगी सिंह, श्रियांसी पांडेय ने भजनों की प्रस्तुति दी। यज्ञ के प्रबंधक विपिन सिंह ने कलाकारों का सम्मान किया।

11 दिन में छह जिलों के 44 हजार किसानों से किया संवाद
आईआईवीआर के 50 से अधिक वैज्ञानिकों की 18 विशेषज्ञ टीमों ने 29 मई से 8 जून तक प्रदेश के 6 जिलों के 44,000 से अधिक किसानों से संवाद किया। भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अभियान 12 जून 2025 तक चलेगा।

इस अभियान में 36 प्रतिशत महिला सहभागिता उत्साहजनक है, यह कृषि क्षेत्र में ग्रामीण महिलाओं की बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। प्रतिदिन 54 किसान संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से 15 से अधिक ब्लॉक के 65 गांवों में व्यापक तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया है। इस दौरान मुख्य समस्याओं में नील-गाय सहित वन्यजीवों से फसल सुरक्षा, जल की कमी या अधिकता का कृषि पर दुष्प्रभाव रहा। 

कहा कि इनके समाधान के लिए संस्थान केवीके और राज्य सरकार की इकाइयों के सहयोग से एक व्यापक रणनीति तैयार कर रहा है। इस दौरान प्रधान वैज्ञानिक डी. पी सिंह, डॉ. राकेश दूबे, डॉ. नीरज सिंह, डॉ. नवीन कुमार सिंह उपस्थित रहे।

समस्याओं को लेकर उप शिक्षा निदेशक से मिले शिक्षक संघ के नेता
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष चेतनारायण सिंह के नेतृत्व में उप शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल से मिला। इस दौरान वाराणसी मंडल के चारों जिलों में 2025 में सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों के जीपीएफ और पेंशन के निस्तारण पर चर्चा की गई। पूर्व शिक्षक विधायक चेतनारायण सिंह ने जौनपुर जनपद में पेंशन निस्तारण की धीमी गति पर नाराजगी जाहिर की। 

उन्होंने मंडल अध्यक्ष सुधाकर सिंह और जौनपुर के जिलाध्यक्ष प्रमोद सिंह से कहा कि यदि 16 जून तक समस्या का समाधान नहीं होता है, तो क्रमिक धरना शुरू करें। समस्या का समाधान होने तक इसे जारी रखें। 

प्रदेश अध्यक्ष ने उप शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल को चारों जनपदों में काल्पनिक वेतनवृद्धि के निस्तारण के लिए कहा। उप शिक्षा निदेशक ने संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षकों को पत्र लिखकर समाधान करने का आश्वासन दिया। इस दौरान नरसिंह बहादुर सिंह, संत सेवक सिंह, बीरेंद्र सिंह, अशोक श्रीवास्तव, दिनेश सिंह मौजूद रहे।

अभिषेक के सुरों से सजी सांस्कृतिक संध्या
जिला प्रशासन की ओर से आयोजित होने वाले सांस्कृतिक संध्या में नमो घाट पर अभिषेक मौर्य का गायन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में सर्वप्रथम भजन माथे सोहे चंद्र लालम... से भगवान शिव की स्तुति हुई। तत्पश्चात कृष्ण भजन सांवरे आई जाइयो... और अंत में श्री राम भजन राम हो... प्रस्तुत कर श्रोताओं की तालियां बटोरी। संगतकर्ताओं में तबले पर रुद्राक्ष तथा हारमोनियम पर प्रवीण सिंह रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन तरुण कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम संयोजक अंशुमन महाराज रहे।

रिश्तों में परस्पर प्रेम बनाए रखने की सीख देती है मानस कथा
पूरी रामायण कथा हमें यह संदेश देती है कि इस घोर कलियुग में जहां रोज रामायण की चर्चा की जाती है, वहां सुख, शांति और समृद्धि स्वयं निवास करती है। रामचरितमानस की कथा सभी रिश्तों को आपस में सदैव परस्पर प्रेम बनाए रखने की सीख देती है। ये बातें पातालपुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरु नरहरियानंद बालक देवाचार्य महाराज ने कहीं। 

वह सोमवार को अखिल भारतीय सनातन न्यास की ओर से जैतपुरा स्थित मां बागेश्वरी देवी के प्रांगण में रामकथा समापन पर अंतिम दिन प्रवचन कर रहे थे। कथा के प्रथम वक्ता कथा वाचक पं. वेदप्रकाश मिश्र कलाधर ने कहा कि जहां जहां रामकथा होती है, वहां वैभव, ज्ञान, समृद्धि और खुशहाली बनी रहती है। संचालन राजेश सेठ ने किया। इस अवसर पर व्यास पीठ की आरती ज्ञानचंद मौर्य, संजय गुप्ता, विष्णु गुप्ता, मोहन लाल, जयशंकर गुप्ता, रवि प्रकाश, प्रमोद यादव आदि रहे।

चार्टर्ड एकाउंटेंट की प्रतियोगिता में जीते अभिनव और सुशील
दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की वाराणसी शाखा के सीए स्टूडेंट टैलेंट सर्च के तहत प्रश्नोत्तरी, भाषण और निबंध प्रतियोगिता सोमवार को हुई। प्रश्नोत्तरी में अभिनव टिबरेवाल और सुशील नवलानी की जोड़ी विजयी रही। वहीं, भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर दृष्टि पांडेय व द्वितीय स्थान पर श्रेया गुप्ता रहीं। निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर नूतन राणा व द्वितीय स्थान पर स्तुति चौधरी रहीं। 

शाखा अध्यक्ष सीए नीरज कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में 75 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में जीतने वाले प्रतिभागी को रीजनल लेवल की प्रतियोगिता, जिसमे सेंट्रल इंडिया रीजन के सात राज्यों के प्रतिभागी होंगे व क्षेत्रीय स्तर के जीते हुए प्रतिभागी को राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। निर्णायक सीए रश्मि केशरवानी, विशाल सिंह और रितेश बाजोरिया रहे। धन्यवाद ज्ञापन नमन कपूर ने दिया। कार्यक्रम में शाखा उपाध्यक्ष वैभव मेहरोत्रा, विकास द्विवेदी, रंजीत पांडेय, श्रीप्रकाश पांडेय आदि रहे। 

आज होगा ज्येष्ठेश्वर महादेव का जलाभिषेक, निकलेगी यात्रा
काशी के काशीपुरा में विराजमान ज्येष्ठेश्वर महादेव का मंगलवार को दर्शन-पूजन और जलाभिषेक होगा। ज्येष्ठ मास की शुक्लपक्ष की चतुर्दशी पर श्रद्धालु ज्येष्ठेश्वर महादेव का विधि-विधान से पूजन करेंगे। पुराणों के अनुसार ज्येष्ठ मास के शुक्लपक्ष की चतुर्दशी पर ही ज्येष्ठेश्वर महादेव का काशी में आगमन हुआ था।

ज्येष्ठेश्वर महादेव का मंदिर काशीपुरा में स्थित है। भगवान शिव ज्येष्ठेश्वर महादेव के स्वरूप में विराजमान हैं। मान्यता है कि ज्येष्ठेश्वर महादेव के दर्शन-पूजन और जलाभिषेक से कई जन्मों के पापों का नाश होता है। सिद्ध योग और अनुराधा नक्षत्र में ज्येष्ठेश्वर के दर्शन-पूजन और जलाभिषेक के सभी अनुष्ठान पूर्ण होंगे। 

श्रद्धालु ज्येष्ठवापी में स्नान करके पितरों का तर्पण करने के बाद ज्येष्ठेश्वर का दर्शन करेंगे। ज्येष्ठेश्वर के समीप सर्व सिद्धि प्रदायिनी ज्येष्ठा-गौरी भी विराजमान हैं। पुराणों के अनुसार जो ज्येष्ठमास में चतुर्दशी तिथि को श्रद्धा-पूर्वक ज्येष्ठेश्वर महादेव का पूजन करता है, वह चन्द्र-तारों की स्थिति-पर्यंत अग्निलोक में निवास करता है। 

ज्येष्ठ पूर्णिमा पर शंकराचार्य करेंगे विष्णु चरण पादुका का पूजन
ज्येष्ठ पूर्णिमा पर श्री विष्णु चरण पादुका का पूजन शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज करेंगे। श्री काशी तीर्थ पुरोहित सभा की ओर से बुधवार को पूजन-अर्चन का कार्यक्रम होगा। सभा के अध्यक्ष मनीष नंदन मिश्र ने बताया कि मणिकर्णिका तीर्थ व विष्णु चरण पादुका के महात्म्य का वर्णन शास्त्र पुराणों में मिलता है।

उन्होंने बताया कि भगवान विष्णु ने इसी स्थान पर सात हजार वर्षों तक तपस्या की थी। जिस स्थान पर भगवान विष्णु ने खड़े होकर कठोर तप किया, वह स्थान श्री विष्णु चरण पादुका के नाम से विख्यात हुआ। पं. मिश्र ने बताया कि बुधवार को ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज श्री विष्णु चरण पादुका का पंचोपचार पूजन, अर्चन व अनादि चक्रपुष्करिणी मणिकर्णिका तीर्थ का मार्जन करेंगे। 

जयपुर में चमके बनारस के दिलमित, मॉडलिंग में बने विजेता
जिले के एक कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ने वाले छह वर्षीय छात्र दिलमित सिंह ने जयपुर में आयोजित एक रियल्टी शो में अपना परचम लहराया है। दिलमित इस कार्यक्रम में मॉडलिंग में विजेता घोषित हुए। इससे उनके माता-पिता का सिर गर्व से ऊंचा हो गया। उन्होंने इस जीत का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है। दिलमित के पिता अजीत सिंह एक कपड़ा व्यवसायी हैं। उन्होंने बताया कि जल्दी ही यह कार्यक्रम कई टीवी चैनलों पर प्रसारित होगा।

भद्रप्रिया की बांसुरी से सजा सुबह ए बनारस का मंच
सुबह ए बनारस में बीएचयू के मंच कला संकाय के वाद्य विभाग की शोध छात्र भद्रप्रिया का बांसुरी वादन हुआ। आप के साथ तबला संगति ज्ञानस्वरूप मुखर्जी की रही। वादन का आरंभ राग चारुकेशी में विलंबित रूपक में निबद्ध रचना से हुआ। इसके उपरांत द्रुत तीन ताल में निबद्ध रचना से आनंदित किया। वादन का समापन राग मिश्र खमाज में निबद्ध धुन से हुआ। कलाकार को प्रमाण पत्र डॉ. पूर्णिमा मिश्रा ने दिया। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया।

हेड काउंट सर्वे में गड़बड़ी पर स्वास्थ्य अधिकारियों की नाराजगी
एएनएम से हेड काउंट में गड़बड़ी के चलते सर्वे में टीकाकरण से वंचित बच्चों का नाम छूटने का मामला सामने आया है। सोमवार को लोहता स्थित सीएचसी मिसिरपुर में पहुंचे माइक्रो प्लान के तहत अवलोकन कर हेड काउंट ठीक कराया। नियमित टीकाकरण के लिए बनने वाले माइक्रोप्लान को लेकर यहां पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ. एसएस कन्नौजिया और एसएमओ डाॅ. चेल्सी ने सभी एएनएम की समीक्षा बैठक की। अफसरों ने नाराजगी जताते हुए माइक्रोप्लान को फिर से अवलोकन के बाद ही आगे की कार्यवाही के लिए भेजने को कहा।

परीक्षा की निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष गठित
संस्कृत विश्वविद्यालय में चल रही शास्त्री और आचार्य की परीक्षाओं की निगरानी और समस्याओं के समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है। प्रेस विभाग में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र के निर्देशन में 10 सदस्यीय दल परीक्षा के दौरान केंद्रों पर होने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण करेगा। इसमें सहायक कुलसचिव परीक्षा हिमांशु शुक्ला, अधीक्षक उमेशमणि त्रिपाठी, कंप्यूटर आपरेटर महेश मणि त्रिपाठी, प्रभारी आशापति शास्त्री, उदय सरोज पांडेय व जगदीश प्रसाद समेत तीन परिचारकों की टीम शामिल है। 

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला
विद्यापीठ की काउंसिलिंग के लिए बने दो हेल्प डेस्क
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में प्रवेश की काउंसिलिंग के लिए दो हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। एक हेल्प डेस्क पंत प्रशासनिक भवन स्थित पुरातन छात्र प्रकोष्ठ कार्यालय में बनाया गया, जहां प्रवेश सेल के सदस्य प्रो. नलिनी श्याम कामिल और डॉ. राकेश कुमार तिवारी होंगे। वहीं, दूसरा हेल्प डेस्क छात्र कल्याण संकाय में बना है, जहां छात्र कल्याण संकाय अध्यक्ष के निर्देशन में प्रवेश सेल के सदस्य डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह प्रवेशार्थियों की समस्याओं का निवारण करेंगे। 

विद्यापीठ के आवेदन में 11-12 जून तक संशोधन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के ऑनलाइन प्रवेश आवेदन में 11 से 12 जून तक संशोधन हो सकेगा। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल https://mgkvpadmission.samarth.edu.in/ पर लॉगिन कर व्यक्तिगत और शैक्षणिक विवरण में संशोधन कर सकते हैं। कुलसचिव ने कहा कि इस अवधि के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन नहीं होगा।

पैदल गश्त कर अतिक्रमण हटवाने को कहा
अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून व्यवस्था) शिवहरी मीणा ने सोमवार शाम यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण हटवाने के लिए पैदल गश्त की। लकड़ी मंडी से सिटी स्टेशन, गोलगड्डा, धनेशरा, विश्वेश्वरगंज मंडी, मच्छोदरी होते हुए भैंसासुर घाट, भदऊं चुंगी, राजघाट, नमो घाट होते हुए रविदास मंदिर तक गए। थानाध्यक्षों को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ाई से कार्रवाई का निर्देश दिया। इस दौरान एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा, एसीपी कोतवाली प्रज्ञा पाठक, एसीपी चेतगंज गौरव कुमार और संबंधित थाना प्रभारी मौजूद रहे।

अभाविप कार्यकर्ताओं ने सुमेधा को बधाई दी
दक्षिण कोरिया में वर्ल्ड पैरा निशानेबाजी प्रतियोगिता में पदक विजेता सुमेधा पाठक को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद महानगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने बधाई दी। 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में सुमेधा ने एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक और मिक्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। अभाविप महानगर मंत्री शिवम तिवारी ने कहा कि सुमेधा की यह उपलब्धि काशीवासियों के लिए गौरव की बात है। वह देश की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कहा कि भविष्य में भारत को खेल जगत में नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए आठ बालिकाओं का चयन
राज्य स्तरीय महिला तैराकी प्रतियोगिता के लिए सोमवार को सिगरा स्टेडियम के स्वीमिंग पूल में जिला टीम के लिए चयन ट्रायल हुआ। इसमें 50 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें अनन्या पटेल, गायत्री, किरण साहनी, इजया सिंह, रिया पटेल, स्वाति साहनी, श्वेता साहनी का चयन किया गया है।

क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि जिले की आठ खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। मंगलवार को मंडल स्तरीय ट्रायल होगा। इसमें चंदौली, जौनपुर और गाजीपुर जिलों से तैराक शामिल होंगी। इनमें से फाइनल मंडल टीम चुनी जाएगी जो अगले सप्ताह सिद्धार्थनगर में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता हिस्सा लेंगी। 

औद्योगिक इकाइयों में अनुदानित यूरिया के प्रयोग पर छापे, कोई अनियमितता नहीं मिली
जिले में औद्योगिक इकाइयों में अनुदानित यूरिया के अवैध प्रयोग की जांच हेतु संयुक्त छापे मारे गए। जिलाधिकारी के आदेश पर गठित टीमों ने कैटल फीड, कुक्कुट फीड, साबुन, पेंट, वार्निश, मुद्रण स्याही, प्लाईवुड आदि के निर्माण से जुड़ी 5 औद्योगिक इकाइयों और उनके गोदामों का गहन निरीक्षण किया।

छापेमारी के दौरान कहीं भी अनुदानित यूरिया का प्रयोग नहीं पाया गया। सभी औद्योगिक संस्थाओं के प्रोपराइटरों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने उत्पादों में अनुदानित यूरिया का कदापि प्रयोग न करें। अवैध रूप से उर्वरकों की कालाबाजारी करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

हरियाली बढ़ाने के लिए ग्रीन चौपाल का होगा गठन
शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए अब गांवों में ग्रीन चौपाल का गठन होगा। चौपाल के जरिए पर्यावरण संरक्षण में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। विभिन्न विभागों के सहयोग से प्रत्येक ग्रामसभा स्तर पर ग्रीन चौपाल का गठन होगा। ग्राम प्रधान ग्रीन चौपाल के अध्यक्ष बनाए जाएंगे। ग्राम पंचायत अधिकारी इसके संयोजक बनाए जाएंगे। वहीं ग्रीन चौपाल की प्रत्येक माह में कम से कम एक बैठक अनिवार्य रूप से होगी।

साथ ही गांवों में ग्राम वन की भी स्थापना की जाएगी। जिला पर्यावरण समिति के सदस्य सचिव प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा प्रत्येक ग्रामसभा स्तर पर विभिन्न विभागों के सहयोग से ग्रीन चौपाल का गठन किया जाएगा।

सेक्शन/बीट अधिकारी सदस्य सचिव, ग्राम विकास अधिकारी संयोजक होंगे। इसके अलावा तीन ग्राम पंचायत सदस्य (न्यूनतम एक महिला सदस्य), स्वयं सहायता समूह की एक महिला प्रतिनिधि, प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक, आंगनबाड़ी सहायिका, प्रगतिशील किसान, पर्यावरणविद्/स्थानीय एनजीओ के प्रतिनिधि व जैव विविधता प्रबंधन समिति के प्रतिनिधि चौपाल के सदस्य होंगे।

तेलंगाना के यात्री को गंगा आरती के दौरान गिरने से लगी चोट
गंगा आरती में शामिल होने आए तेलंगाना के श्रद्धालु महेश्वर रेड्डी (32) गिरकर चोटिल हो गए। दशाश्वमेध घाट पर चबूतरे के ऊपर से गिरने के कारण उनके पैर की हड्डी टूट गई। पुलिस ने उन्हें मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। श्रद्धालु के घायल होने के कारण कुछ देर के लिए अफरा-तफरी रही। चौकी प्रभारी दशाश्वमेध अनुज मणि तिवारी, देवेंद्र प्रताप सिंह, दिनेश कुमार ने भीड़ को डायवर्ट कराकर एंबुलेंस को घाट के पास मंगाया। साथ ही घायल को मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया।

एचआरपी दिवस पर 288 मरीजों की हुई जांच
चिरईगांव एचआरपी दिवस पर पीएचसी पर शिविर में कुल 288 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान 162 गर्भवती महिलाओं की एएनसी (एंटीनेटल केयर) की जांच हुई। इसमें कुल 6 महिलाओं में हाई रिस्क प्रेगनेंसी के लक्षण पाए गए।

पीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज ने बताया कि एचआरपी के सभी मामलों को समुचित इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया है। महिलाओं को आवश्यक दवाइयों के साथ-साथ पौष्टिक फल और अन्य जरूरी पोषण सामग्री भी बांटी गई। इस दौरान डॉ. अनुरागिनी मौर्य, डॉ. संतोष, लैब टेक्नीशियन उमेश, दिनेश, फार्मासिस्ट जितेंद्र, स्टाफ नर्स प्रियंका सहित अन्य मौजूद रहे।

काशी समाचार पत्र विक्रेता समिति ने संस्थापक को दी श्रद्धांजलि
काशी समाचार पत्र विक्रेता समिति के संस्थापक महेंद्र प्रसाद की चौथी पुण्यतिथि पर उनके आवास पर श्रद्धांजलि दी गई। पत्र विक्रेताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष सतीश प्रसाद, शंकर, मदन प्रसाद, चंद्रभान, विशाल, व्यास तिवारी, गंगाराम, सुनील मिश्रा, राजकुमार, मनोज पटेल, छोटू दीक्षित, मुन्ना, सतेंद्र प्रसाद, दीपक गुप्ता, सुभाष, नरेश तिवारी, सूरज, काजू, राजेश पांडेय समेत कई उपस्थित रहे।

हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति पहुंचे राजकीय संप्रेक्षण गृह
कस्बे में राजकीय संप्रेक्षण गृह (बालक), राजकीय बाल गृह (बालक) और राजकीय बाल गृह (बालिका) का सोमवार को जेजेसी के चेयरमैन और इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अजय भनोट ने निरीक्षण किया। उन्होंने भवनों के रखरखाव और व्यवस्थाओं सहित गर्मी से बचाव के उपायों को देखा। बालक-बालिकाओं से मिलकर शिक्षा, स्वास्थ्य और भोजन संबंधी सुविधाओं की जानकारी ली। 

संप्रेक्षण गृह के अध्यक्ष ने न्यायमूर्ति को बताया कि आठ बच्चे हैं जो हत्या और दुष्कर्म से संबंधित मामलों में दो से ढाई साल से हैं। उनकी जमानत नहीं हो रही है। इस पर न्यायमूर्ति ने आश्वासन दिया कि जल्द ही समाधान कराया जाएगा। बालक-बालिकाओं ने उन्हें पेंटिंग और कलाकृतियां दिखाईं। इस दौरान जिला जज जय प्रकाश तिवारी, सीडीओ हिंमाशु नागपाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुधाकर शरण पांडेय, प्रभारी राजकीय संप्रेषण गृह कमलेश पांडेय रहे।
विज्ञापन

बालिकाओं को दिया गया शतरंज का प्रशिक्षण
सरस्वती कन्या इंटर कॉलेज, नीलकंठ में नौ दिवसीय शिविर में 6 से 16 वर्ष की बालिकाओं को शतरंज का प्रशिक्षण दिया गया। खत्री हितकारिणी सभा वाराणसी और पुष्पा खन्ना मेमोरियल निरोग ग्राम चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में 1 जून से शुरू हुआ था। विद्यालय के अध्यक्ष राजकुमार धवन के नेतृत्व में मुख्य प्रशिक्षक दीपक सैगल, अशोक सिंह, दिनेश दत्त पाठक, सरफराज अहमद और चंचल कुमार गांगुली ने बालिकाओं को शतरंज की बारीकियां सिखाईं।

इस दौरान शतरंज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली पांच बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि मुकुंद लाल टंडन रहे। खत्री हितकारिणी सभा के अध्यक्ष दीपक बहल ने बताया कि सभा समाज के उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है। संयोजन डॉ. नीरज खन्ना और छवि खन्ना ने वहीं संचालन गोपाल सेठ ने किया। स्वागत आनंद नारायण कपूर ने और धन्यवाद शम्मी खत्री ने किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें