फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...छह लोगों की मौत, सीबीआई अफसर बनकर किया डिजिटल अरेस्ट; खबरें

Sat, 11 Apr 2026 06:11 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी के मिर्जामुराद, मंडुवाडीह, लालपुर-पांडेयपुर, चौबेपुर और मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में हुए विभिन्न हादसों में छह लोगों ने अपनी जान गंवा दी। वहीं, मिर्जामुराद निवासी शिक्षक को साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट कर 66 हजार रुपये की ठगी कर ली। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव में रिंग रोड पर सर्विस लेन के किनारे शुक्रवार को वृद्ध का शव मिला। राहगीरों व ग्रामीणों ने वृद्ध को सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोगों के अनुसार, मृतक कई दिनों से क्षेत्र में घूमकर लोगों से मांगकर खा रहा था। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। बुजुर्ग की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। वह रंग-बिरंगे लाल कंबल में लिपटा हुआ था। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने के प्रयास जारी हैं। 

विज्ञापन


विषाक्त पदार्थ खाने वाली विवाहिता की उपचार के दौरान मौत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेहंदीगंज गांव में पारिवारिक कलह के चलते विषाक्त पदार्थ खाने वाली कविता (30) की 10 दिन बाद इलाज के दौरान शुक्रवार की दोपहर मौत हो गई। शव घर पहुंचने पर मायके पक्ष ने ससुराल के सदस्यों पर जहर देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मेहंदीगंज निवासी कमला शंकर की पत्नी कविता (30) ने करीब 10 दिन पूर्व पारिवारिक विवाद के चलते विषाक्त पदार्थ सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे शहर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां 10 दिन बाद शुक्रवार की दोपहर उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले आए। 
विज्ञापन


इसी दौरान दामोदरपुर (कछवां बाजार) निवासी मायके पक्ष के लोग पहुंच गए और ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया। मायके वालों का आरोप रहा कि शादी के 10 वर्ष बाद भी संतान न होने को लेकर ससुराल पक्ष के लोग कविता देवी को प्रताड़ित करते थे और ताना मारते थे। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही होगी।

युवक ने फंदे से लटक कर दी जान
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के तारकेश्वर नगर कॉलोनी में शुक्रवार को एक युवक ने फंदे से लटक कर जान दी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। तारकेश्वर नगर कॉलोनी निवासी शादिल (25) ने मकान के प्रथम तल पर फंदा लगा लिया। शुक्रवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर उन्हें संदेह हुआ। कई बार आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर पहुंचने पर देखा कि शादिल फंदे के सहारे लटका हुआ है। थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि साक्ष्य संकलन के बाद आत्महत्या की वजह की जांच की जा रही है।

वरुणा नदी में अज्ञात युवक का मिला शव
लालपुर-पांडेयपुर थाना में तिवारी स्वीट हाउस के पीछे वरुणा नदी में एक अज्ञात युवक का शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 32 साल के आसपास है। युवक की पहचान उसके पहने हुए कपड़ों के आधार पर कराने का प्रयास किया जा रहा है। मृतक ने आसमानी रंग की फूलदार टी-शर्ट, उसके ऊपर हाफ इनर, नीले रंग का लोअर और काला इनर पहन रखा था। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पहचान कराने की कोशिश हो रही है। शिनाख्त के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हाईवे पार करते समय बाइक की टक्कर से महिला की मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। पनिहरी निवासी सुलाबी देवी (55) शुक्रवार दोपहर तीन बजे हाईवे पार कर रही थीं। तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी और भाग निकला। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस की मदद से महिला को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि जांच की जा रही है और बाइक सवार की तलाश की जा रही है।

ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के करवत गांव के समीप मुगलसराय-वाराणसी मार्ग पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चला रहे तरुष कुमार की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक बाल-बाल बच गया। इसके बाद चालक ट्रेलर लेकर मौके से भाग गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वाराणसी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के भीटी के रहने वाले अरविंद कुमार के बेटे तरुष कुमार (20) मिर्जापुर के परसोधा के रहने वाले अपने साथी के साथ बाइक से पीडीडीयू नगर से पड़ाव होते हुए अपने घर जा रहे थे। पीडीडीयू नगर से पड़ाव मार्ग स्थित दुलहीपुर करवत के पास पहुंचे थे कि पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक तरुष कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर बैठा उसका साथी बाल-बाल बच गया। घटना के बाद चालक ट्रेलर लेकर भाग निकला। युवक की जेब में मिले मोबाइल फोन नंबर से हादसे की सूचना परिजनों को दी गई। रोते बिलखते परिजन थाने पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में मुगलसराय प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया हादसे को अंजाम देने वाले वाहन को ट्रेस कर लिया गया है। चालक को जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

नाबालिग को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी दोषी, 10 साल की सजा
फास्ट ट्रैक (द्वितीय) के न्यायाधीश सुनील कुमार की अदालत ने नाबालिग लड़की को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में अभियुक्त राजेश्वर कुमार वर्मा को दोषी ठहराते हुए 10 साल की कठोर कारावास और 20,000 अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड न देने पर एक महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। वादी पिता ने 14 अक्तूबर 2019 को थाना जंसा में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि अभियुक्त ने वादी की 16 साल की बेटी का शोषण किया। मामला उजागर होने के बाद 13 अक्तूबर 2019 को लड़की को बहला-फुसलाकर बुलाया और साथ जी नहीं सकते तो साथ मर सकते हैं कहकर उसे जहर खिला दिया।

पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर उसे हेरिटेज हॉस्पिटल, मोहनसराय ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अभियुक्त पक्ष की ओर से पीड़ित परिवार पर प्राथमिकी न करने के लिए दबाव और धमकी देने का भी आरोप लगा। विवेचना के बाद पुलिस ने आरोप पत्र न्यायालय में पेश किया। मुकदमे के विचारण के दौरान अभियोजन की ओर से एडीजीसी पवन जायसवाल व वादी के अधिवक्ता ने पैरवी की। कुल 9 गवाह पेश किए गए, जिसके आधार पर अदालत ने अभियुक्त को दोषी करार दिया।

सीबीआई अधिकारी बनकर किया डिजिटल अरेस्ट, शिक्षक से 66 हजार की साइबर ठगी
मिर्जामुराद क्षेत्र के चक्रपानपुर गांव निवासी शिक्षक चंद्रशेखर बिंद को साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट कर 66 हजार रुपये की ठगी कर ली। साइबर ठगों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर डराया-धमकाया और कार्रवाई का भय दिखाकर पैसे ऐंठ लिए। पुलिस को तहरीर में चंद्रशेखर बिंद ने बताया कि बृहस्पतिवार को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। 

कहा कि उनके नंबर से एक फर्जी सिम जारी कर करोड़ों रुपये की ठगी की गई है, जिसमें उन्हें आरोपी बनाया गया है। इसके बाद एक महिला ने खुद को जांच एजेंसी से जुड़ा बताया और फिर एक अन्य व्यक्ति ने सीबीआई अधिकारी बनकर जेल भेजने की धमकी दी। ये बात किसी को न बताकर डिजिटल अरेस्ट कर लिया। ठगों ने लगातार मानसिक दबाव बनाते हुए मामला रफा-दफा करने के नाम पर 66 हजार रुपये की मांग की। 

भयभीत होकर पीड़ित ने दो किस्त में पहले 20 हजार और फिर 46 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। पूरी बातचीत व्हाट्सएप कॉल से कराई गई, जिससे ठग अपनी पहचान छिपाने में सफल रहे। रुपये भेजने के बाद जब कॉल बंद हो गए तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। शुक्रवार को मिर्जामुराद थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।

सब्जी मंडी से चार वारंटी गिरफ्तार
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर में किसान सब्जी मंडी से शुक्रवार को पुलिस ने चार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोपियों में गोपाल (59), रमेश सोनकर (41) , पतली सरोज (32) निवासी कछवा रोड सब्जी मंडी और संजय कुमार (47) निवासी ग्राम अमिनी मिर्जामुराद के हैं। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि चारों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित अधिनियम के तहत गैर-जमानती वारंट जारी था। पुलिस ने सभी को मंडी परिसर से गिरफ्तार किया। 

25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, हत्या मामले में दो और दबोचे गए
मोबाइल चोरी के शक में किशोर की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे घमहापुर निवासी रोहित कुमार पटेल और हरदत्तपुर घमहापुर निवासी गोविंद पटेल को जगतपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया। दोनों पर 25 हजार रुपये का इनाम था। 29 मार्च को पंडितपुर निवासी 16 साल के सोनू अली की हत्या के मामले में आरोपी नामजद है। इस मामले में मृतक की माता शहाना की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मुख्य आरोपी रमेश उर्फ बबलू को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया गया था। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया। बाकी की तलाश की जा रही है।

फर्जी कागजों से जमीन हड़पने का प्रयास, पूर्व चौकी प्रभारी समेत 5 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
चौबेपुर थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज की मदद से जमीन कब्जाने और दबाव बनाने के मामले में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर पूर्व चौकी प्रभारी चिरईगांव समेत चार नामजद व एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित बीरेंद्र कुमार मौर्य निवासी बराई ने तहरीर में बताया कि आरोपी लक्ष्मीना देवी, लालजी, उमाशंकर मिश्रा व अन्य ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर खरीदी गई जमीन पर कब्जा करने की साजिश रची। 

आरोप है कि फर्जी स्टांप और हस्ताक्षरों के आधार पर न्यायालय में गलत दस्तावेज प्रस्तुत किए गए, जिससे नामांतरण प्रक्रिया प्रभावित हुई। मामले में तत्कालीन चौकी प्रभारी चिरईगांव उपनिरीक्षक पंकज कुमार राय पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित का कहना है कि शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया गया और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। 

सूचना के अधिकार के तहत दस्तावेज में अनियमितताएं सामने आने के बाद पूरे प्रकरण का खुलासा हुआ। इसके बाद पीड़ित ने जिलाधिकारी व पुलिस कमिश्नर से शिकायत की, जहां प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने की बात सामने आई। बताया गया कि न्यायालय ने पहले पेश किए दस्तावेज को संदिग्ध मानते हुए पहले के आदेश को निरस्त कर दिया है। एसीजेएम- 6 के आदेश पर चौबेपुर थाने में आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई। प्रभारी निरीक्षक बीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

799 वाहनों का चालान, 74 वाहन सीज, आठ पर प्राथमिकी दर्ज
शहर में जाम की समस्या कम करने के लिए शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने लहुराबीर से चेतगंज, बेनियाबाग, नई सड़क, रामापुरा, गोदौलिया, मदनपुरा, सोनारपुरा, अस्सी और लंका चौराहे तक यातायात व्यवस्था देखी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बिना नंबर प्लेट, रांग साइड और तीन सवारी जैसे मामलों में 799 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 74 वाहन सीज किए गए। 

15.94 लाख रुपये का समन शुल्क वसूला गया और आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस आयुक्त ने अवैध ऑटो रिक्शा स्टैंडों को तत्काल हटाने और व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सड़कों पर जाम की स्थिति न बने। साथ ही सड़क किनारे ठेला-खुमचा लगाकर यातायात बाधित करने वालों और अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। 

कहा कि लगातार अभियान चलाकर नियमों का पालन कराया जाएगा और आमजन को बेहतर सुविधा देने का प्रयास जारी रहेगा। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, डीसीपी यातायात अनिल यादव रहे।

शंकराचार्य को धमकी के मामले में प्राथमिकी नहीं हुई दर्ज
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को मोबाइल पर मिली धमकी के मामले में भेलूपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। आश्रम के परमात्मानंद ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई तो उच्चाधिकारियों का घेराव और कोर्ट का दरवाजा खटखटाने के लिए विवश होना पड़ेगा। शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी से मुलाकात के बाद तहरीर दी है। इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है।

नशीला स्प्रे मारकर ट्रक चालक और खलासी से लूट
मिर्जामुराद के रखौना गांव में रिंग रोड के पास बृहस्पतिवार देर रात चोरों ने ट्रक में सो रहे चालक और खलासी पर नशीला स्प्रे छिड़कक र नकदी और मोबाइल लूट लिया। देवरिया के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के कोटवा मोड़ निवासी ट्रक चालक भुरिक यादव और खलासी दुर्गेश यादव निवासी बरनई, मंडुवाडीह बृहस्पतिवार रात रखौना गांव के रिंग रोड पर एक ढाबे पर भोजन के बाद ट्रक के केबिन में शीशा बंद कर सो गए। 

देर रात अज्ञात चोरों ने कटर से ट्रक की खिड़की का शीशा काटकर अंदर घुसपैठ की और दोनों के चेहरे पर नशीला स्प्रे छिड़क दिया, जिससे वे अचेत हो गए। इसके बाद चोरों ने चालक की जेब से 6 हजार रुपये और एंड्रॉयड मोबाइल फोन पार कर दिया। शुक्रवार सुबह जब दोनों की नींद खुली तो खिड़की का शीशा कटा देख उनके होश उड़ गए और जेब से नकदी व मोबाइल गायब मिला। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

साड़ी फर्म में 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी व गबन के मामले में आरोपी की जमानत खारिज
सुविधा साड़ी फर्म में 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी व गबन के मामले में आरोपी सौरभ गुप्ता को अदालत से राहत नहीं मिली। अपर जिला जज (षष्ठम) आलोक कुमार की अदालत ने उसकी जमानत अर्जी खारिज कर दी। कज्जाकपुरा आदमपुर निवासी सौरभ गुप्ता फर्म में अकाउंटेंट था। अर्दली बाजार निवासी वादी देवानंद सेवारमानी (सप्पू) ने कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

वादी ने बताया कि 26 जनवरी 2020 से सौरभ गुप्ता को सीए संजय कुमार गुप्ता की सिफारिश पर नियुक्त किया गया था। फर्म में विभिन्न राज्यों से आने वाले साड़ी व्यापारियों के भुगतान की जिम्मेदारी सौरभ के पास थी, जो चेक पर वादी के हस्ताक्षर के बाद विवरण भरकर भुगतान करता था। 

जांच में सामने आया कि सौरभ गुप्ता ने कथित रूप से कानपुर के ग्रीन सैल्यूशन, स्काई लाइन वेव सैल्यूशन और स्प्रिंट एशिया नामक फर्जी फर्मों के खातों में 70 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए, जबकि वादी का इन फर्मों से कोई व्यावसायिक संबंध नहीं था। बैंक स्टेटमेंट की जांच के बाद मामले का खुलासा हुआ। पूछताछ के दौरान सौरभ गुप्ता टालमटोल करने लगा और बाद में मोबाइल बंद कर भाग गया। वादी ने आरोप लगाया कि इस पूरे षड्यंत्र में सौरभ गुप्ता, उसके पिता राजेश गुप्ता और सीए संजय गुप्ता की मिलीभगत है।

घर में चोरी, प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के सुदामापुर निवासी बबलू सोनकर के घर में तीन अप्रैल की रात चोरी हुई। अलमारी से जेवरात, पीतल का हंडा और गैस सिलिंडर चोरी कर ले गए। घटना के दौरान छत पर दौड़ने की आहट से परिजनों की नींद खुली, लेकिन चोर बाहर से दरवाजा बंद कर भाग गए। शुक्रवार को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जांच की जा रही है।

पांच पर प्राथमिकी दर्ज, पांच वाहन सीज, 30 का चालान
कैंट पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। भोजूबीर चौराहे से वीरेंद्र सिंह पेट्रोल पंप तक सड़क पर अतिक्रमण करने वाले कई दुकानदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। न्यू दिल्ली जूस एंड सेक, न्यू अग्रवाल स्पोर्ट्स, मेगा माल कचहरी, ओमानिया पुलिस लाइन चौराहा और अग्रवाल स्पोर्ट्स भोजूबीर शामिल हैं। 

पुलिस ने माइक से अनाउंसमेंट कर दुकानदारों को चेतावनी दी कि ग्राहकों के वाहन सड़क पर खड़े न होने दें। ऐसा पाए जाने पर दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि वाहन चेकिंग भी की गई। इस दौरान बिना नंबर प्लेट के मिले पांच वाहनों को सीज किया गया जबकि 30 का चालान किया गया। 

दहेज उत्पीड़न और मारपीट में प्राथमिकी दर्ज
शिवपुर थाना क्षेत्र के अहमदपुर में विवाहिता ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मामला दर्ज कराया है। कविता राय के अनुसार, कम दहेज को लेकर ससुराल पक्ष उसे प्रताड़ित करता था। आरोप है कि 9 अप्रैल की रात पति व जेठ ने कमरे में घुसकर उसके साथ मारपीट की और बचाने आए उसके दो छोटे बच्चों को भी पीटा। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि पति राधेश्याम, विजय भारद्वाज, संजय भारद्वाज सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

टीबी सुपरवाइजर पर दवा के लिए रुपये लेने का आरोप
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सेवापुरी पर तैनात टीबी सुपरवाइजर पर मरीज ने पैसे लेकर दवा देने का आरोप लगाया है। भिटकुरी गांव निवासी सूरज यादव ने आरोप लगाया कि वह टीबी के मरीज हैं। नियमित रूप से अस्पताल से दवा लेते हैं। शुक्रवार को भी दवा लेने अस्पताल पहुंचे थे, जहां तैनात सुपरवाइजर ने बाहर से दवाएं लेने के लिए दबाव बनाया। आरोप लगाया कि 500 रुपये की मांग भी की। उन्होंने विरोध किया तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और आगे से दवा न देने की धमकी भी दी। पीएचसी सेवापुरी प्रभारी डॉ. अमित सिंह ने पूछे जाने पर बताया कि लिखित शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। 

रोडवेज व रेलवे स्टेशन क्षेत्र से 10 महिलाएं गिरफ्तार
रोडवेज बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन के आसपास की सड़कों पर राहगीरों और श्रद्धालुओं को परेशान करने के आरोप में पुलिस ने 10 महिलाओं को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, महिलाएं यात्रियों को असुविधा पहुंचाने, अनुचित तरीके से भीड़ एकत्र करने और सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था फैलाने में शामिल थीं। स्थानीय नागरिकों और यात्रियों से लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। पूछताछ के बाद प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

नायब तहसीलदार की शिकायत पर पिलर तोड़ने वालों पर प्राथमिकी
नगर निगम के नायब तहसीलदार शेषनाथ यादव की तहरीर पर चितईपुर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोप है कि बीएचयू क्षेत्र के मौजा में बंजर सरकारी भूमि को पिलर लगाकर घेरा गया था, जिसे अज्ञात लोगों ने तोड़ दिया। घटना से सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंची है। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पिलर तोड़ने वालों की तलाश की जा रही है।

फार्च्यूनर सवारों ने दुकानदार को पीटा, तीन आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। सोनारपुरा हरिश्चंद्र घाट मोड़ के पास शुक्रवार की शाम फार्च्यूनर सवारों की खानपान दुकानदार जितेंद्र सिंह से मारपीट हो गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों से भी फार्च्यूनर सवार उलझ गए। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निरीक्षण के दौरान सतर्क रही पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। फार्च्यूनर भी सीज कर दी गई है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है।

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड रांखी के चुटिया निवासी अमन कुमार, चुटिया अमरावती निवासी हर्ष सिंह और बिहार रोहतास के विक्रमगंज निवासी शिवम कुमार है। सभी काशी दर्शन को आए थे। फार्च्यूनर से वह सोनारपुरा पहुंचे और दुकानदार केदारघाट निवासी जितेंद्र सिंह से रुपये लेनदेन को लेकर उलझ गए। दोनों पक्ष में मारपीट हो गई। इस दौरान पुलिस समझाने गई तो युवक पुलिस से भी उलझ गए। आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गाड़ी भी कब्जे में ली गई है।

नशेड़ी बेटे के आतंक से परेशान पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई
लंका थाना क्षेत्र के डाफी के शिवशक्ति नगर निवासी योगेश्वर उपाध्याय ने अपने ही बड़े बेटे दिव्यांशु उपाध्याय के खिलाफ मारपीट, गाली, धमकी और जानलेवा हमले के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पिता का आरोप है कि उनका बेटा नशे का आदी है। चरस, गांजा, हेरोइन व शराब का सेवन करता है। नशे में घर में विवाद करता है और परिजनों के साथ मारपीट करता है। हाल ही में दिव्यांशु ने कट्टे से पिता पर जानलेवा हमले की कोशिश की।

किसी तरह योगेश्वर अपनी जान बचाकर घर से निकल गए। आशंका जताई है कि उनकी पत्नी और घर में काम करने वाले कर्मचारियों की जान भी खतरे में है। यह भी आरोप लगाया है कि दिव्यांशु के दो साथी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। वही उसे नशा व हथियार उपलब्ध कराते हैं। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

लापरवाही से बस चलाने के आरोप में चालक के खिलाफ प्राथमिकी
काठमाड़ू से वाराणसी जा रही टूरिस्ट बस नौसारा के पास डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी। हादसे में दो महिला तीर्थयात्रियों की मौत व 38 यात्री घायल हो गए थे। इस मामले में शुक्रवार को नंदगंज पुलिस ने लापरवाही पूर्वक बस चलाने के आरोप में वाराणसी निवासी चालक कुलदीप उपाध्याय पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। इधर, पुलिस ने देर शाम दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजन शवों का अंतिम संस्कार करने के लिए वाराणसी चले गए।

थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि थाने के उपनिरीक्षक धनंजय प्रसाद मिश्रा ने तहरीर दी थी। इसमें बताया था कि बृहस्पतिवार की सुबह करीब 11 बजे मैरिज लाॅन नैसारा के सामने एनएच 31 हाईवे पर टूरिस्ट बस पलटने की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। टूरिस्ट बस क्षतिग्रस्त हो गई थी। लोगों ने बताया कि चालक बस को तेज व लापरवाही पूर्वक चलाते हुए गाजीपुर से वाराणसी की तरफ जा रहा था।

हादसे में बुलढाणा महाराष्ट्र की सरस्वती (70), अकोला निवासी अन्नपूर्णा (50) की मौत हो गई थी। उपनिरीक्षक ने बताया कि बस चालक वाराणसी के जंसा थानाक्षेत्र के घाम छमऊना निवासी कुलदीप उपाध्याय के लापरवाही से वाहन चलाने से यह हादसा हुआ। थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि उपनिरीक्षक की तहरीर पर बस चालक कुलदीप उपाध्याय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

असम के सीएम का पुतला फूंकने जा रहे कांग्रेस नेताओं को किया नजरबंद
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान के विरोध में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा का पुतला दहन करने का कार्यक्रम तय था। जानकारी मिलने पर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा समेत कई कांग्रेस नेताओं को उनके आवास पर ही नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया। इस कार्रवाई के चलते तय कार्यक्रम को बाधित कर दिया गया। 

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि वरिष्ठ और सम्मानित नेता के खिलाफ अमर्यादित, अशोभनीय और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया है, वह न केवल कांग्रेस पार्टी बल्कि देश की लोकतांत्रिक परंपराओं और राजनीतिक मर्यादाओं का भी अपमान है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति इस स्तर की भाषा का उपयोग कर रहा है। असम के मुख्यमंत्री अपने अमर्यादित बयान के लिए तत्काल देश की जनता और कांग्रेस अध्यक्ष से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। जब तक वह माफी नहीं मांगते, कांग्रेस पार्टी का विरोध और आंदोलन तेज किया जाएगा।
विज्ञापन

एआई चैटबॉट भेजेगा व्हाट्सएप पर गृहकर का बिल
गृहकर, जलकर और सीवरकर की वसूली और सूचना तंत्र को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से निगम जल्द ही एआई चैटबॉट (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चैटबॉट) के माध्यम से हाउस टैक्स का बिल भेजेगा। यह एआई आधारित सिस्टम सीधे भवन स्वामी के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर व्हाट्स एप के माध्यम से डिमांड नोटिस और कर संबंधी सूचनाएं स्वतः (ऑटोमैटिक) भेज देगा। निगम के इस कदम से शहर के लगभग 2.32 लाख से अधिक भवन स्वामियों को सीधा लाभ मिलेगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें